If someone even by mistake presses the button for RJD, Congress or INDI alliance, his vote is sure to be wasted: PM Modi in Hajipur
The priority of RJD and Congress is not you, the people, but their own vote bank, says PM Modi while addressing the public in Hajipur

हाजीपुर, बिहार

भारत माता की जय

भारत माता की जय

भारत माता की जय

पूरा दुनिया के गणतंत्र के मतलब बतावे...आ सिखावे वाला हाजीपुर के ई महान धरती के...परनाम करइत हती। आज देश में चौथे चरण के लिए मतदान हो रहा है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वो ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोटिंग करें। ये चुनाव, लोकतंत्र का एक महापर्व होता हैं...और ज्यादा मतदान, इसकी शोभा और बढ़ा देता है और आपका एक-एक वोट लोकतंत्र का गहना बन जाता है।

साथियों,

ये भगवान महावीर की धरती है...ये भगवान बुद्ध की धरती है..और ये वो धरती है, जहां लोकतंत्र की भी जड़ें हैं...और ये वो धरती है जहां रामचौरा मंदिर भी है...मान्यता है कि यहां हमारे प्रभु श्रीराम के चरण पड़े थे। इसलिए हाजीपुर आकर आपसे आशीर्वाद लेना...मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।

साथियों,

ये पहला लोकसभा चुनाव है जब हम स्वर्गीय रामविलास पासवान जी की अनुपस्थिति में लड़ रहे हैं। रामविलास जी, सामाजिक न्याय के सच्चे साधक थे और हाजीपुर के प्रति उनका लगाव और समर्पण हमेशा याद रहेगा। हाजीपुर के लिए उनके सपनों को पूरा करने के लिए हम सब संकल्पबद्ध हैं।

साथियों,

4 जून बहुत दूर नहीं है। 4 जून को सुबह के इस समय सबकी नजर टीवी पर होगी...रेडियो पर होगी। सोशल मीडिया खंगालते होंगे और आप जो आशीर्वाद दे रहे हैं। वो 4 जून को एक के बाद एक भाजपा-एनडीए के विजय की ओर आगे बढ़ता जाएगा और चुनाव के परिणाम क्या कहेंगे....? चुनाव के परिणाम क्या कहेंगे....? फिर एक बार....मोदी सरकार ! फिर एक बार....मोदी सरकार ! फिर एक बार....मोदी सरकार !

एनडीए को दिया आपका वोट केंद्र में मोदी की मजबूत सरकार बनाएगा। RJD…कांग्रेस...या इंडी अलायंस को तो किसी ने गलती से भी बटन दबा दिया ना तो उसका वोट बेकार जाना तय है और बिहार के लोग तो समझदार हैं, वो बेकार जाने वाली चीज कभी करते ही नहीं है। इसलिए अपना वोट सरकार बनाने के लिए दीजिए, देश बनाने के लिए दीजिए, आपके भविष्य के लिए, आपके बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए दीजिए। आपका वोट एनडीए को दीजिए।

साथियों,

बिहार के लोगों के सामर्थ्य औऱ समझदारी का मैं बहुत सम्मान करता हूं। लेकिन मुझे ये देखकर दुख भी होता है कि सामाजिक न्याय के नाम पर लालटेन वालों ने बिहार में कितनी अंधेरगर्दी फैलाई। इन लोगों ने बिहार के लोगों को गरीबी और अभाव में धकेल दिया, जंगलराज दिया। इन लोगों ने सबको बर्बाद किया और खुद अपने आलीशान महल खड़े कर लिए। क्या ऐसे लोग बिहार का कभी भला कर सकते हैं? आरजेडी-कांग्रेस में बिहार को आगे बढ़ाने की इच्छाशक्ति ही नहीं है। वो तो सोच रहे हैं अभी जितना समय बचा है खुद का, जितना लूट सको लूट लो। वो अपने बच्चों को सेट करने में लगे हैं, उनको आपके बच्चों की परवाह नहीं है। आप लोग यहां एक कहावत कहते हैं ना...ना नीमन गितिया गाइब...ना मड़वा में जाइब...आरजेडी-कांग्रेस का हाल यही है। ये लोग विकास के कार्यों से भागते हैं, क्योंकि उसमें मेहनत लगती है...खुद को खपाना होता है। इन लोगों के नकारेपन ने बिहार के कई अमूल्य दशक बर्बाद किए हैं। ऐसे लोगों से हमें बिहार को बचाकर रखना है।

भाइयों और बहनों,

RJD हो, कांग्रेस हो, इन दोनों पार्टियों ने अब तुष्टिकरण को अपना सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बनाया है। आजकल आप देखते होंगे...इंडी-अलायंस का हर दल, राम मंदिर के लिए भद्दी-भद्दी बातें कर रहा है। राम मंदिर को गाली देकर, उसका बहिष्कार करके ये आपको चिढ़ा रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को आप माफ करेंगे? ऐसे लोगों को कोई माफ कर सकता है क्या।

साथियों,

आरजेडी-कांग्रेस की प्राथमिकता, आप लोग नहीं, बल्कि उनका अपना वोट बैंक है। अभी आपने सुना होगा...बिहार में जंगलराज लाने वाले जो व्यक्ति हैं...जो चारा घोटाले में अदालत ने सजा की हुई है...गुनहगार माना है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को आरक्षण दिया जाना चाहिए...वो भी पूरा का पूरा। यानि दलितों-पिछड़ों-आदिवासियों को मिलने वाला पूरा आरक्षण...ये अब सिर्फ मुसलमानों को देना चाहते हैं।

भाइयों-बहनों,

मैं भी आपकी तरह अति पिछड़े समाज से आता हूं। मैं जानता हूं ऐसा सुनकर के उनकी बेचौनी कितनी बढ़ जाती है। उनको लगता है कि हमारा तो भविष्य ही डूब जाएगा। हमारे दलित भाई-बहन, हमारे आदिवासी भाई-बहन, हमारे पिछ़ड़े, हमारे अति पिछड़े, अगर धर्म के आधार पर आरक्षण के नाम पर, उनको बाबासाहेब और संविधान ने जो अधिकार दिया है, अगर वो लूट लिया जाएगा, तो इनकी तो आने वाली सारी पीढ़ियां बर्बाद हो जाएंगी। लेकिन इन्हें ना को बाबासाहेब की परवाह है और ना इन्हें संविधान की परवाह है, क्या बिहार का दलित हो, पिछ़ड़ा हो, आदिवासी हो, ये हमारे समाज के लोग अपना हक आरजेडी-कांग्रेस वालों को छीनने देंगे क्या? छीनने देंगे क्या? मैं आपको गारंटी देता हूं, जब तक मोदी जिंदा है, ये आपके अधिकारों पर डाका नहीं डाल सकते। ये आपके आरक्षण को छीन नहीं सकते। वो समझ लें, वो वक्त चला गया, जब आपने महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण के कागज फाड़ दिए थे। आगे अगर ऐसी कोई कोशिश करेंगे तो लेने के देने पड़ जाएंगे।

साथियों,

ये बीजेपी है, एनडीए है, जो सामाजिक न्याय की पहरेदार है। आज देश में SC/ST/OBC के सबसे अधिक MP/MLA ये बीजेपी-NDA के हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल में 60 परसेंट मंत्री, इन्हीं वर्गों के हैं। इतना ही नहीं, 2014 में जब हमारी सरकार बनी तो हमने एक दलित के बेटे, रामनाथ कोविंद जी को राष्ट्रपति बनाया। और अब आज आदिवासी समाज की बेटी, द्रौपदी मुर्मू जी, हमारे देश की राष्ट्रपति होने के नाते हमारा मार्गदर्शन कर रही है। ये होती है भागीदारी। ये होता है सबका साथ-सबका विकास का मंत्र।

भाइयों और बहनों

कांग्रेस-आरजेडी ने मिलकर बिहार की अनेक पीढ़ियों को उनके सपनों को तबाह किया है। आज जब यहां इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें आशीर्वाद देने आई हैं। 40 साल से लटका हुए एक मामला, आरजेडी वालों ने पार्लियामेंट में जिन कागजों को छीन करके फाड़ दिया था। वो मामला था इस देश की माताओं-बहनों को पार्लियामेंट में असेंबली में अधिकार देने का, आरक्षण देने का। अब इसके कारण, आरजेडी और कांग्रेस की विकृत मानसिकता के कारण महिलाओं को वो अधिकार नहीं मिला। ये आपका भाई, आपका बेटा, आपने जब मुझे वहां सेवा करने के लिए भेजा ना, नई संसद बनते ही महिलाओं के लिए आरक्षण का काम पूरा कर दिया। ये आरजेडी वाले इसके विरोधी हैं। ये दोबारा कोशिश की आने की तो ये भी छीन लेंगे मान के चलिए।

RJD के राज में यहां सिर्फ अपहरण और फिरौती उद्योग ही फला-फूला। हाजीपुर ने तो देखा है, कैसे उद्योग-धंधे सब चौपट हो गए...आरजेडी-कांग्रेस ने बिहार को सिर्फ पलायन दिया....बिहार को सिर्फ तबाही दी।

साथियों,

मोदी, विकसित बिहार...विकसित भारत के संकल्प को लेकर निकला है। और मोदी का, NDA का ट्रैक रिकॉर्ड क्या है? हमारा ट्रैक रिकॉर्ड भ्रष्टाचारियों को खोजकर सजा देने का है। मैं देश को, आप लोगों को एक आंकड़ा देता हूं...आप लोग ध्यान से सुनेंगे? ये आपको काम आएगा। ये जो टीवी पर आप नोटों के पहाड़ देखते हैं ना, ये राजनेताओं के यहां से पकड़े जाते हैं, ये गरीब का पैसा है और गरीब के पैसों की लूट मुझे सोने नहीं देती है।

जब केंद्र में आरजेडी और कांग्रेस वाले सरकार चलाते थे तो ED ने उस समय 10 साल में कितना रुपया जब्त किया था...पता है आपको? कांग्रेस के 10 साल में ED ने जब्त किया था सिर्फ 35 लाख रुपए नकद...अब ये इतना ही रुपया है जितना आपके बच्चे के स्कूल बैग में आ जाए। स्कूल बैग में भर जाए उतना पैसा जब्त किया था और चोरी करने वाले चारी कर रहे थे। मोदी ने जिन्होंने गरीबों के यहां से पैसा लूटा है, उनके यहां सर्च की और मोदी ने अपने 10 साल में भ्रष्टाचारियों से कितना रुपया जब्त किया? 2200 करोड़ रुपया जब्त किया। इतने पैसे को रखने के लिए करीब-करीब 70 छोटे ट्रकों की जरूरत होती है। सोचिए, स्कूल बैग बराबर पैसा और 70 ट्रक बराबर पैसा...आज चोरों की नींद उड़ गई है इसलिए मोदी को गाली दे रहे हैं।

साथियों,

इन लोगों ने आपको लूट कर...नौकरी के बदले जमीनें लिखवाकर...दिल्ली और देश में जो जायदाद बनाई है...वो सब अब एजेंसियों ने जब्त कर ली है। और मैं आपको भरोसा गारंटी देता हूं- जिसने गरीब से जमीन छीनी है, वो बचकर जा नहीं पाएगा।

साथियों,

मोदी के सेवाकाल में भारत में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।
और जब अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है तो उतने ही रोजगार के भी मौके पैदा होते हैं। पिछले 10 साल में बिहार में 1400 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं। बिहार में 400 से अधिक रेलवे फ्लाईओवर और अंडरपास बने हैं...कोई मुझे बताइए, बिना रोजगार के कोई काम हुआ होगा क्या? छू मंतर करके जैसे रूपये ले जाते हैं, वैसा पुलिया भी बन जाती होगी क्या? किसी को रोजगार मिला होगा, तब जाकर बना होगा ना। पिछले 10 साल में बिहार में 3300 किलोमीटर के नेशनल हाईवे बने हैं। कोई मुझे बताए 3300 किलोमीटर के हाईवे क्या ये बिना रोजगार दिए बन जाते हैं क्या। लगातार चौड़े हो रहे हाईवे हों...एक्सप्रेसवें हों...बिहार में खाद कारखाने का काम हो...थर्मल पावर प्लांट हो, गंगा नदी पर बन रहे अनेकों बड़े पुल हों...पटना मेट्रो में चल रहा कार्य हो, नैचुलर गैस का नेटवर्क हो...गांव-गांव तक उज्ज्वला की गैस पहुंचाने का नेटवर्क हो...ये सब रोजगार की गारंटी होते हैं, रोजगार की गारंटी। लेकिन जो अपने बाप-दादा की कमाई खा कर जीते हैं उनको रोजगार क्या होता है, उसकी समझ तक नहीं है। अभी मोदी ने तय किया है कि बिहार के 90 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जाएगा...क्या ये बिना रोजगार पैदा किए होगा? पिछले 10 साल में मोदी ने देश में 4 करोड़ पक्के घर बनाकर गरीबों को दिए हैं। अकेले बिहार में ही 40 लाख पक्के घर बनवाए गए हैं...इन घरों के लिए जो सीमेंट-सरिया आया है, ईंट-बालू आया है...वो भी मोहल्ले की दुकान से ही गया है। इन सबका लाभ बिहार के नौजवानों को ही तो हुआ है...उन्हें रोजगार के, व्यापार-कारोबार के नए अवसर मिले हैं।

साथियों,

मोदी के वारिस, मोदी के वारिस कौन हैं? है आपके पास कोई नाम, मोदी जिसको देकर के जाएगा। कोई नाम नहीं है क्या, मोदी के वारिस आप हैं। मोदी के वारिस आपका परिवार है। मोदी के वारिश आपके बच्चे हैं। और मुझे वारिस में आपको सबकुछ देकर के जाना है। मुझे आपको सुख-चैन की जिंदगी देकर जाना है। मुझे आपको और आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देकर जाना है। मुझे आपको विकसित भारत आपके हाथ में सौंपकर जाना है। इसलिए मैं हर कोशिश कर रहा हूं कि युवाओं के हर सपने पूरे हों...वो हर काम कर सकें। अपने सारे सपनों को सिद्ध कर सकें।

सिर्फ मुद्रा योजना से ही बिहार में ढाई लाख करोड़ रुपए की मदद युवाओं को दी गई है। और वो भी मोदी की गारंटी पर। इन युवाओं से गारंटी नहीं मांगी उनसे उनकी संपत्ति का हिसाब नहीं मांगा। मोदी को बिहार के नौजवानों पर भरोसा है। उनको मैं रुपए दूंगा वो डबल कर देंगे और बैंक का लोन भी वापस कर देंगे, ये मेरा भरोसा है। ये 3 लाख करोड़ रुपए यहां दलित-पिछड़े-अतिपिछड़े युवाओं को मिले हैं, महिलाओं को मिले हैं...इससे यहां लाखों काम शुरु हुए हैं। यहां वैशाली सहित, पूरे बिहार में टूरिज्म आधारित रोजगार की अद्भुत संभावनाएं हैं। यहां बुद्ध सर्किट योजना के तहत काम चल रहा है। इससे भी इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

साथियों,

विकसित बिहार-विकसित भारत के लिए आपको 20 मई को ज्यादा से ज्यादा मतदान करना है। ज्यादा से ज्यादा मतदान करोगे। पुराने रिकॉर्ड तोड़ेंगे। रामविलास को जितने वोट मिले हैं, मुझे चिराग के लिए उससे ज्यादा वोट चाहिए। रामविलास जी की आत्मा को चिराग के जीतने से शांति नहीं होगी। रामविलास जी को मिले वोट से ज्यादा वोट मिलेंगे, तब जाकर के रामविलास जी को शांति होगी। और इसलिए इस बार जब आप वोट देंगे ना तो एक वोट की ताकत है आपके, चिराग का जीतना और उसी वोट की आत्मा है, रामविलास को श्रद्धांजलि।

भाइयों-बहनों,

मैं चिराग के लिए इसलिए नहीं आया कि उसको मुझे जीताना है। वह तो जीतने वाला ही है। मैं यहां आया हूं। रामविलास जी का कर्ज चुकाने के लिए। मेरे साथी रहे हैं रामविलास जी और इसलिए मैं यहां आया हूं। मुझे मालूम है, यहां का परिणाम आप लोगों ने तय कर लिया है। चिराग के प्रति मेरा प्यार इसलिए है। मैं आम तौर पर पब्लिकली बोलता नहीं, लेकिन आज बोल देता हूं। चिराग जब पहली बार पार्लियामेंट में आए, तो मैं तो इतना ही जानता था कि रामविलास जी के बेटे हैं। लेकिन मैं देखता था कि उनके व्यवहार में रामविलास जी के बेटे होने के गुरूर का नामो-निशान नहीं था। ये बहुत बड़ी बात है और मैं इसके लिए मैं उनकी माता जी को सारे क्रेडिट देता हूं। आपने इसको ऐसा संस्कार दिया, गुरूर का नामोनिशान नहीं। दूसरी बात मैंने एक बार हमारी कैबिनेट में कही थी। शायद चिराग को भी पता नहीं होगा। रामविलास जी कैबिनेट में थे। मैंने कहा, मैं देखता हूं कि चिराग जब पार्लियामेंट चलती है। वह पूरे दिन सदन में बैठता था। सॉरी मैं थोड़ा तू-तारी कर देता हूं, क्योंकि मैंने उसको बेटे की तरह देखा है, वरना वो हमारे माननीय सांसद हैं। पूरा समय वह पार्लियामेंट में बैठते थे 2014 से 2019. मैंने कैबिनेट में कहा, इस बच्चे में सीखने की जनने की इतनी लगन है, वह एक एमपी के रूप में इतना कोशिश कर रहा है सीखने की। मैं मानता हूं कि एक सांसद के रूप में चिराग सफल सांसद है। आपके बिहार के सच्चे प्रतिनिधि हैं और इसलिए आप जब चिराग को वोट देंगे ना, तो वो वोट सीधा-सीधा मोदी के खाते में जाएगा।

जरा सब बताइए मेरा एक काम करेंगे , चिराग की बात करता हूं तो बड़ा उत्साह आ जाता है। मेरी बात करता हूं तो थके पड़ जाते हो। जरा हाथ ऊपर करके बताइए मेरा काम करोगे। देखिए यहां से जाने के बाद ज्यादा से ज्यादा घरों में जाइए, ज्यादा से ज्यादा परिवार में जाइए और जाकर के कहिए कि मोदी जी आए थे। उन्होंने आपको जय श्री राम कहा है। मेरा जय श्री राम पहुंचा दीजिएगा। मेरा जय श्री राम पहुंचा दीजिएगा।

भारत माता की जय

भारत माता की जय

भारत माता की जय

बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
شری رام جنم بھومی مندر دھوجاروہن اتسو کے دوران وزیر اعظم کی تقریر کا متن

Popular Speeches

شری رام جنم بھومی مندر دھوجاروہن اتسو کے دوران وزیر اعظم کی تقریر کا متن
Why India is a promising investment destination for Japanese companies

Media Coverage

Why India is a promising investment destination for Japanese companies
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Rozgar Mela reflects our Government’s commitment to empowering the Yuva Shakti with new opportunities: PM Modi
May 23, 2026
India’s youth are playing a vital role in accelerating the journey towards a Viksit Bharat: PM
Rozgar Mela reflects our Government’s commitment to empowering the Yuva Shakti with new opportunities: PM
The world is excited by India’s youth and technological progress and today the global community wants to partner in India’s development journey: PM
Sectors like clean energy, critical minerals, green hydrogen, and sustainable manufacturing are advancing rapidly and partnerships in these areas are creating new opportunities: PM Modi
Every Indian is moving forward with the resolve of building a Viksit Bharat by 2047: PM Modi at Rozgar Mela
Today, Rapid transformation is clearly visible even in rural areas; Enhanced connectivity has opened new avenues for farmers, small traders, and students: PM
Viksit Bharat will be built by the efforts of such youth who view their work as a means of national service: PM Modi

साथियों,

आज देशभर के हजारों युवाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। आज 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है। आज आप सभी देश की विकास यात्रा में अहम भागीदार बन रहे हैं, जिम्मेदार भागीदार बन रहे हैं। रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजूकेशन और दूसरे कई क्षेत्रों में आप सभी नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में आप सभी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।

साथियों,

यहां तक पहुंचने के लिए आप सभी ने लंबी तैयारी और कड़ा परिश्रम जरूर किया होगा। इस उपलब्धि के लिए मैं आपको भी और आपके परिवारजनों को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आपको यहां तक पहुंचाने में आपके माता-पिता और परिवार का योगदान कम नहीं होता है। लेकिन इतना भी नहीं है, कि जैसे परिवार का योगदान होता है, समाज का भी बहुत बड़ा योगदान होता है, हमें यहां पहुंचाने के लिए। हम सिर्फ अपने कारण नहीं पहुंचते, सिर्फ अपने परिवार के कारण नहीं पहुंचते। इस विशाल देश के 140 करोड़ के नागरिकों के योगदान का भी बहुत बड़ा महत्व होता है। और इसलिए हमारा दायित्व खुद के प्रति, खुद के परिवार के प्रति, वैसे ही संपूर्ण समाज के प्रति भी रहता है। और मुझे विश्वास है कि इन सभी कामों के लिए आप अपने आप को और अधिक योग्य बनाएंगे। मैं आपको बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

आप सबको पता है अभी दो दिन पहले ही मैं 5 देशों की यात्रा करके लौटा हूं। कहने को तो ये सिर्फ पांच देशों की यात्रा थी, लेकिन इस दौरान मेरी दर्जनों देशों की बड़ी-बड़ी कंपनियों के लीडर्स से बातें हुईं, विस्तार से चर्चा हुई, मुलाकात हुई, और हर जगह मैंने एक बात समान रूप से महसूस की है। दुनिया, भारत के युवाओं और भारत की टेक्नोलोजिक्ल प्रोग्रेस को लेकर बहुत उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। भारत भी दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है। इसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले, उनका सामर्थ्य खिल उठे। साक्षात मैं चाहता हूं मेरे देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर भी मिले। इस यात्रा के दौरान, अब जैसे नीदरलैंड्स की मैं बात करूं, तो नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर्स, वॉटर, एग्रीकल्चर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग पर चर्चा हुई - स्वीडन के साथ आर्टिफ़िशियल (एआई) और डिजिटल इनोवेशन, उस पर सहयोग की बहुत सारी बातें हुई, - नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नॉलॉजी और मेरिटाइम कोऑपरेशन की बात आगे बढ़ी है, UAE के साथ स्ट्रैटेजिक एनर्जी और टेक्नॉलॉजी पार्टनरशिप्स पर महत्वपूर्ण समझौते हुए, इटली के साथ डिफेंस, क्रिटिकल मिनरल्स, science & technology ऐसे अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पार्टनरशिप्स पर एग्रीमेंट हुए।

साथियों,

इन सारे एग्रीमेंट्स का सीधा लाभ भारत के युवाओं को मिलने वाला है। और आपने देखा होगा, ये सारे विषय एक उज्जवल समर्थ भारत के भविष्य की गारंटी लेकर के आते हैं। क्योंकि हर नया निवेश, हर टेक्नॉलॉजी पार्टनरशिप, हर इंडस्ट्रियल कोलैबोरेशन, भारत के युवाओं के लिए नई अपॉरचुनिटीज तो लेकर के आता ही है, लेकिन अनगिनत नए अवसर तैयार करता है।

मेरे नौजवान साथियों,

हमें याद रखना है, ये वो सेक्टर्स हैं जिनमें आने वाला इंवेस्टमेंट और पार्टनरशिप, आने वाले 3-4 दशक की ग्लोबल ग्रोथ को ये शेप करने वाली इंडस्ट्रीज तैयार करेंगी। और निश्चित तौर पर भारत के युवाओँ की इसमें बहुत बड़ी भूमिका होगी।

साथियों,

भारत किस तरह दुनिया का एक भरोसेमंद सप्लाई चेन पार्टनर बन रहा है, इसका मैं आपको एक उदाहरण देता हूं। जैसे नीदरलैंड्स की सेमीकंडक्टर कंपनी, आपमें से बहुत लोग इस नाम से परिचित होंगे ASML, ASMLके साथ भारत की टाटा कंपनी का एग्रीमेंट है। भारत, दुनिया के कुछ ही देशों में से एक है जिसके साथ इस कंपनी ने समझौता किया है। ASML-टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच ये अकेला समझौता ही भारत में रोजगार के अनगिनत नए मौके बनाएगा, और भारत को एक नेक्स्ट जनरेशन टेक्नोलॉजी में प्रवेश द्वार खोल देगा। ऐसे ही स्वीडन के साथ टेक्नॉलॉजी और AI पार्टनरशिप्स, UAE के साथ सुपरकंप्यूटिंग कोऑपरेशन, भारत की टेक्नॉलॉजी क्षमता को बहुत मजबूत करने वाले हैं। इन एग्रीमेंट्स से युवाओं के लिए नए अवसर तो होंगे ही होंगे।

साथियों,

आज क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन हाइड्रोजन और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े सेक्टर्स भी बहुत तेजी से ग्रो कर रहे हैं, आगे बढ़ रहे हैं। इनसे जुड़ी पार्टनरशिप एक नई इकोनॉमी के, new opportunities के दरवाजे खोल रही हैं। स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ, ग्रीन ट्रांजिशन और सस्टेनेबल टेक्नॉलॉजी में भी सहयोग बढ़ रहा है। ये भारत को क्लीन मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी फ्यूचर इंडस्ट्रीज में मजबूत करेगा। इसके अलावा भारत ने पोर्ट्स, शिपिंग और मेरिटाइम इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े एग्रीमेंट्स पर तेजी से काम किया है। UAE और नॉर्वे के साथ पार्टनरशिप से भारत का शिपबिल्डिंग इकोसिस्टम मजबूत होगा। और आप तो जानते हैं शिपबिल्डिंग यानी, स्किल मेनपावर की बहुत जरूरत पड़ती है। यानी भारत के इंजीनियर्स, टेक्नीशियन्स और स्किल्ड वर्कर्स के लिए इतनी मांग बढ़ने वाली है, जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते हैं, इतने अवसर तैयार होंगे।

साथियों,

हर नई पार्टनरशिप के साथ हम भारतीय स्टार्टअप्स, रिसर्चर्स और यंग प्रोफेशनल्स के लिए दुनिया से जुड़ने के नए रास्ते बना रहे हैं। इससे भारतीय युवाओं को एडवांस्ड एक्सपर्टीज, ग्लोबल मार्केट्स और ग्रोथ के नए मौके भी मिलेंगे। आज दुनिया उन देशों का सम्मान करती है, जो इनोवेट करते हैं, जो बिल्ड करते हैं, और जो बड़े स्तर पर डिलीवरी कर सकते हैं। भारत आज इन तीनों दिशाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत आप सब मेरे नौजवान साथी हैं, भारत का युवा है, और मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, मैं काफी समय चर्चा में भारत की युवाशक्ति की चर्चा करता हूं।

साथियों,

आज हर भारतीय, एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ये संकल्प, 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आज देश अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश कर रहा है। और इस निवेश से देश के युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर बन रहे हैं। जैसे, आज भारत में सेमीकंडक्टर मैन्यूफैक्चरिंग की पूरी सप्लाई चेन तैयार की जा रही है। आने वाले समय में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट्स, दुनिया में अपना परचम लहराएंगी। इनमें बड़ी संख्या में भारत के नौजवानों का सामर्थ्य होगा, भारत के नौजवानों की बुद्धि प्रतिभा होगी, भारत के नौजवानों का कमिटमेंट होगा और स्वाभाविक है रोजगार तो है ही है। भारत आज शिप-बिल्डिंग से लेकर शिप रिपेयरिंग और ओवरहॉलिंग का भी इकोसिस्टम विकसित कर रहा है। इसके लिए करीब 75 हजार करोड़ रुपए, Seventy Five Thousand Crore Rupees का निवेश किया जा रहा है। इसी तरह भारत में ही हम पूरा MRO इकोसिस्टम, यानी मेंटेनेंस, ओवरहॉल और रिपेयर फेसिलिटीज तैयार कर रहे हैं। इससे देश के एविएशन सेक्टर को बहुत मदद मिलने वाली है, और भारत के युवाओं के लिए रोजगार का नया सेक्टर तो खुलना ही खुलना है।

साथियों,

भारत आज एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफेक्चरर है। और हम इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी कंप्लीट वैल्यू चेन, भारत में ही बना रहे हैं। इसके लिए जो PLI स्कीम चल रही है, उससे देश में रिकॉर्ड इलेक्ट्रॉनिक्स प्रॉडक्शन हो रहा है, और युवाओं को लाखों की संख्या में Jobs भी मिल रही हैं।

साथियों,

ऐसे अनेकों अभियानों पर भारत का पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर मिलकर बहुत बड़ा निवेश कर रहा है। ये निवेश देश के युवाओं को देश में ही- Jobs दे रहा है, उनके सपने पूरे कर रहा है। एक सरकारी कर्मचारी होने के नाते, जोकि आज नियुक्ति पत्र के भरने के बाद आपकी पहचान बनने वाली है, कि आप एक सरकारी कर्मचारी हैं। तो उस नाते आपको भी हमेशा ये ध्यान रखना है कि Ease of Doing Business देश की कितनी बड़ी प्राथमिकता है।

साथियों,

भारत की ग्रोथ स्टोरी और इंप्लॉयमेंट जनरेशन, इसमें ये मानी हुई बात है, आप भी जानते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, इसकी बहुत बड़ी भूमिका होती है। जब गांव, छोटे शहर और दूर-दराज के इलाके विकास से जुड़ते हैं, तभी देश की प्रगति का लाभ ज्यादा लोगों तक पहुंचता है। पिछले 12 वर्षों में रेलवे, हाईवे, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, पोर्ट्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर कल्पनाभर का तेज गति से विस्तार हुआ है, विकास हुआ है, हर स्तर पर काम हुआ है। आज आप अपने क्षेत्र में, किसी की भी दिशा में 100 किलोमीटर अगर जाएंगे, तो भारत सरकार द्वारा कोई न कोई काम चलता हुआ नजर आएगा आपको। आज गांवों में भी बदलाव तेजी से दिखाई दे रहा है। कनेक्टिविटी बढ़ने से किसानों, छोटे व्यापारियों, विद्यार्थियों के लिए नए रास्ते खुले हैं। आज करोड़ों परिवारों को पक्का घर मिला है। यानी दुनिया के कई देश हैं, जिनके पास टोटल घर होते हैं, उससे अनेक गुणा घर हम नए बनाते हैं। इतना ही नहीं, जो मेरा स्वच्छता का अभियान है, उसको तो मैं कभी भी भूलने नहीं देता हूं लोगों को, और न ही मैं भी भूलता हूं, उसमें शौचालय की बहुत बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है, हम उस पर भी बल दे रहे हैं। करोड़ों घरों तक आज बिजली पहुंची है। रूफटॉप सोलर एनर्जी, कितने नए-नए वेंडर्स मैदान में आए हैं। अब देखिए जल जीवन मिशन से, नल से जल पहुंचाना, मैं अभी देख रहा था, कि मैं चाहता था कि शहरों में पीएनजी के कनेक्शन बढ़ें, तो मुझे पलम्बर नहीं मिल रहे थे, कमी पड़ रही थी, क्योंकि जल जीवन के मिशन में कई सारी बड़ी संख्या में पलम्बर वहां लगे हुए थे। अब इधर मुझे एनर्जी के लिए बड़े शहरों में पीएनजी के कनेक्शन तेजी से बढ़ाने थे, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि कभी-कभी लोगों की जरूरत पड़े तो लोग कम पड़ जाते हैं।

साथियों,

इन बदलावों का असर सिर्फ सामान्य नागरिकों की सुविधाओं तक सीमित नहीं रहता। गांव तक सड़क पहुंची, तो मार्केट तक आना-जाना आसान हुआ। बिजली की सुविधा बेहतर हुई, तो छोटे उद्योग-धंधे आगे बढ़ने लगे। गांव में भी एग्रीकल्चर में वेल्यु एडिशन होने लगा। पहले अगर वो लाल मिर्ची बेचते थे, अब बिजली आई तो लाल मिर्ची का पाउडर बनाते हैं, पाउडर बनाकर के पैकेट बनाते हैं, पैकेट बनाकर के बेचते हैं। तो गांव में भी छोटे -छोटे-छोटे-छोटे उद्योग इसके कारण बढ़ते जाते हैं। डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ी, तो गांव के लोग भी पूरे विश्व के साथ जुड़ रहे हैं, आधुनिकता से जुड़ रहे हैं। शहर और गांव का फर्क मिटता चला जा रहा है। और इससे अर्थव्यवस्था की गति तेज हुई है। और इन सबका पॉजिटिव प्रभाव देश के नौजवानों के उज्जवल भविष्य की गारंटी बन जाता है। रोजगार तो निर्माण होते ही होते हैं, लेकिन राष्ट्र भी एक नए स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ जाता है, लाखों लोगों को नए मौके भी मिल जाते हैं।

साथियों,

आज भारत के युवा के पास जिस तरह से आगे बढ़ने के, अपने सपने पूरा करने के मौके हैं, ऐसा अवसर पहले नहीं मिला है, मैं किसी का दोष नहीं कर रहा हूं, लेकिन ये हकीकत है कि आज बहुत तेज गति से सब हो रहा है, विशाल फलक पर हो रहा है, विविधताओं से भरा हो रहा है। आज मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नॉलॉजी, स्टार्टअप, डिजिटल सर्विसेज, रेलवे, डिफेंस, इतना ही नहीं स्पेस, ऐसे अनेक क्षेत्रों में अनगिनत अवसर हमारा इंतजार कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा युवा नए अवसरों का लाभ उठा सकें, और देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका मिले। इसलिए, स्किल डेवलपमेंट, industry-linked education और फ्यूचर टेक्नॉलजी पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ITIs को modern बनाया जा रहा है। National Skill Training Institutes को मजबूत किया जा रहा है। PM SETU जैसे अभियान इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

साथियों,

पिछले कुछ वर्षों में देश में self-employment और entreprenurship की एक नई संस्कृति विकसित हुई है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। देश में 2 लाख 30 हजार से ज्यादा , ये आंकड़ा याद रखिये, 2 लाख 30 हजार से ज्यादा recognised startups हैं। और उसमें भी दो चार-दो चार नौजवान भी जुड़े हुए होते हैं। अहम बात ये है कि ये बदलाव सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है और मुझे इसका सबसे ज्यादा आनंद है। आजकल तो टियर-2 और टियर-3 शहरों के युवा भी, बहुत बड़ी संख्या में स्टार्टअप और इनोवेशन की दुनिया में अपनी ताकत दिखा रहे हैं, उनके सामर्थ्य की note लेनी पड़ रही है। ये परिवर्तन अब देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस बदलाव में हमारी नारीशक्ति की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। आज बड़ी संख्या में women-led start-ups, ये जब सुनते हैं ना मन गर्व से भर जाता है, मैं तो दुनिया के लोगों को बताता हूं कि हमारे यहां स्टार्टअप में महिलाओं की बहुत बड़ी भूमिका बढ़ रही है, बहुत बड़ी मात्रा में महिलाएं आगे आ रही हैं। मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को फाइनेंशियल सपोर्ट मिला है। पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने भी लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। आज गांवों में, छोटे शहरों में, पहले से ज्यादा महिलाएं अपने दम पर नए काम शुरू कर रही हैं।

साथियों,

नीतियों और निर्णयों के इस अभियान के बीच, आपको एक और बात याद रखनी है। किसी भी व्यवस्था की असली ताकत उसके लोग होते हैं। जनता जनार्दन की शक्ति होती है, जन शक्ति होती है और जनशक्ति ही तो राष्ट्रशक्ति बनती है। आप सभी जिस व्यवस्था का हिस्सा बनने जा रहे हैं, उसका सीधा संबंध करोड़ों-करोड़ों देशवासियों के जीवन से है, करोड़ों-करोड़ों देशवासियों की आशा-आकांक्षाओं से है। सरकारी नौकरी लोगों के जीवन को आसान बनाने का माध्यम ही होती है। आप जिस भी विभाग में काम करेंगे, वहां आपके व्यवहार, संवेदनशीलता और काम करने के तरीके का बहुत महत्व होगा। देश ने आप पर भरोसा किया है। अब ये जिम्मेदारी आपकी है कि आप अपने काम से, अपने आचरण से, अपनी वाणी से, अपने व्यवहार से, उस भरोसे को और मजबूती देंगे। देशवासियों के हृदय में एक नया विश्वास भर जाएगा, आपको मिलते ही वो नई आशा के साथ आगे बढ़ेगा, इसलिए हर युवा कर्मयोगी अपने काम को जिम्मेदारी की तरह देखे। और मेरे लिए तो आप बहुत कुछ हैं। पहले जमाने में जब हम सुनते थे ना – सहस्त्रबाहु बाले फलाने, सहस्त्रबाहु बाले ढिकने। आज सरकार के बाहु आप ही हैं, सरकार का सामर्थ्य आप ही हैं, जो पहले से सरकार में हैं वो भी हैं, जो नए आ रहे हैं वो भी हैं। आज भारत के लोगों की आकांक्षाएं बहुत बढ़ रही हैं, और मैं इसे विकास की पोजिटिव साइन मानता हूं। हमें अपने देश के लोगों की Aspirations को समझना भी है और उसके हिसाब से उतनी ही तेज गति से काम भी करना है। ऐसे में पब्लिक सर्विस में आने वाले युवाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। आपको लगातार सीखते रहना होगा। खुद को नई टेक्नॉलजी, नए सिस्टम और नई जरूरतों के हिसाब से तैयार करना होगा। इसमें आपको iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से बहुत मदद मिलेगी। कर्मयोगी प्रारंभ जैसे मॉड्यूल से आपको अपनी जिम्मेदारियां समझने में बहुत सहूलियत होगी। मेरा आपसे आग्रह है कि इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।

साथियों,

आज भारत का युवा दुनिया के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। यही स्पिरिट, यही ऊर्जा public service में भी दिखाई देनी चाहिए। विकसित भारत ऐसे ही युवाओं के प्रयास से बनेगा, जो अपने काम को देशसेवा का माध्यम मानते हैं, जनसेवा का माध्यम मानते हैं, और हमारे यहां तो कहा गया है – जनसेवा ही प्रभुसेवा। मुझे पूरा विश्वास है, आज नियुक्ति पत्र पाने वाले हमारे युवा साथी, भारत की विकास यात्रा को नई गति देंगे। आपके काम, आपके फैसलों से विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि होगी, और आपको वो मंत्र कभी भूलना नहीं है, हमारा मंत्र है – नागरिक देवो भव। नागरिक देवो भव। नागरिक का कल्याण ही हमारा कर्तव्य है। मैं एक बार फिर आज नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवाओं को आगे के जीवन के लिए, देशसेवा के इस अवसर को निभाने के लिए, अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। आप सबको बहुत-बहुत धन्यवाद।