Samrat Samprati Museum showcases the deep-rooted traditions of the Jain culture and its timeless values for humanity: PM
I bow at the feet of Lord Mahavira, From Koba Tirth, I extend greetings of Lord Mahavira Jayanti to all fellow countrymen: PM
Emperor Samprati Museum is the heritage of millions of people in India, heritage of India's glorious past: PM
Emperor Samprati extended Ahimsa after ascending the throne. He propagated Satya, Asteya and Aparigraha: PM
In India, knowledge has always been a free-flowing stream: PM
In every age, Tirthankaras and sages and thinkers have incarnated, the compilation of knowledge continued to grow, over time, much new material was added: PM

जय जिनेन्द्र !

जय जिनेन्द्र !

आचार्य भगवंतश्री पद्मसागर सुरीश्वर जी महाराज साहेब, गुजरात के गवर्नर आचार्य देवव्रत जी, मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र भाई, राज्य के उप-मुख्यमंत्री भाई हर्ष संघवी जी, परम पूज्य आचार्य भगवंत, पूज्य साधुभगवंत, साध्वीजी भगवंत, इस पवित्र सभा में उपस्थित समस्त आचार्यगण और मुनिभगवंत, माननीय दानवीर, विद्वतजन, देवियों और सज्जनों !

आज भगवान महावीर जयंती के पावन पर्व पर मुझे इस पवित्र जैन तीर्थ आने का सौभाग्य मिला है। सर्वप्रथम, मैं भगवान महावीर के चरणों में प्रणाम करता हूँ। मैं कोबातीर्थ से सभी देशवासियों को भगवान महावीर जयंती की शुभकामनाएँ देता हूँ।

साथियों,

मैं आज परम पूज्य आचार्य श्री कैलास सागर सूरीश्वरजी महाराज साहेब की स्मृति को भी वन्दन करता हूँ। उनके स्वप्न ने कोबा की इस धरती पर ज्ञान और श्रद्धा का यह महान केन्द्र स्थापित किया है। कोबातीर्थ की ये स्थली आध्यात्मिक शांति से ओतप्रोत है। जिस स्थान की ऊर्जा ऐसी अलौकिक हो, जिसमें इतने जैन मुनियों की, संतों की तपस्या जुड़ी हो, वहाँ सृजन और सेवा, ये अपने आप प्रस्फुटित और संचालित होते हैं। मैं तो बरसों से देखता आया हूं कि कोबातीर्थ में कैसे अध्ययन, साधना, और संयम की सतत परंपरा चली आ रही है। यहाँ मूल्यों का संरक्षण होता है, संस्कारों को संबल मिलता है और ज्ञान का पोषण होता है। यह त्रिवेणी भारतीय सभ्यता का आधार है। इस त्रिवेणी को अविरल बनाए रखना, ये हम सबका दायित्व है।

साथियों,

मुझे खुशी है कि हजारों वर्षों की भारतीय विरासत, जैन धर्म का समयातीत ज्ञान, हमारी धरोहरें और उनसे मिलने वाली प्रेरणाएँ, उन्हें आने वाली सदियों तक अमर बनाने के लिए, उन्हें नए और आधुनिक रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हमारे संतों ने इस जैन हेरिटेज म्यूज़ियम की संकल्पना की। आज वो संकल्पना एक भव्य रूप में साकार हो रही है। ये सम्राट संप्रति संग्रहालय, जैन दर्शन, भारतीय संस्कृति और हमारी प्राचीन धरोहर का एक पवित्र केंद्र बना है। मैं इस अद्वितीय प्रयास के लिए हमारे सभी जैन मुनियों का, संतों का अभिनंदन करता हूँ। मैं उनके चरणों में प्रणाम करता हूँ। ऐसे हजारों निष्ठावान लोग, जिन्होंने इस कार्य में असीम योगदान दिया, मैं उन सभी की भी सराहना करता हूँ।

भाइयों-बहनों,

जब हम अनादि ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इनोवेशन करते हैं, नयापन लाते हैं, तो इससे हमारी विरासत भी समृद्ध होती है और आने वाले कल को भी प्रेरणा मिलती है। सम्राट संप्रति संग्रहालय, ये भारत के कोटि-कोटि लोगों की धरोहर है, ये भारत के गौरवशाली अतीत की धरोहर है। मैं इसके लिए सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूँ।

साथियों,

सम्राट संप्रति, ये केवल एक ऐतिहासिक राजा का नाम नहीं है। सम्राट संप्रति एक ऐसे सेतु हैं, जो भारत के दर्शन और व्यवहार को जोड़ते हैं। क्योंकि, जब हम इतिहास में झाँकते हैं, तो हम देखते हैं कि दुनिया की कई सभ्यताओं में महान विचारकों और दार्शनिकों ने जन्म लिया। मानवता के आदर्श भी अलग-अलग परिभाषाओं में गढ़े गए। लेकिन, जब सवाल सत्ता और शक्ति का आया, कई शासकों ने आदर्शों और मूल्यों को किनारे कर दिया। इससे विचार और व्यवहार में, विचार और व्यवस्था में, एक खाई पैदा होती चली गई। लेकिन, भारत में सम्राट संप्रति जैसे शासक हुए, जिन्होंने सत्ता को सेवा और साधना मानकर काम किया। जहां एक ओर कुछ शासकों ने हिंसा को हथियार बनाकर शासन किया, वहीं सम्राट संप्रति ने सिंहासन पर बैठकर अहिंसा का विस्तार किया। उन्होंने सत्य, अस्तेय और अपरिग्रह का प्रचार-प्रसार किया। इतनी निःस्पृहता से, इतने निःस्वार्थ भाव से, शासन को सेवा का माध्यम मानकर जीवन जीना, ये सीख हमें भारत के अतीत से ही मिलती है। इसी अतीत को हम इस म्यूज़ियम में सहेज रहे हैं।

साथियों,

मैं ये देख रहा था, इस म्यूज़ियम को डिज़ाइन भी ऐसे किया गया है, इसमें हर कदम पर भव्य भारत की पहचान के दर्शन होते हैं। इसकी सात दीर्घाएँ, हर दीर्घा भारत की विविधता और सांस्कृतिक संपन्नता का उद्घोष करती है। प्रथम दीर्घा में हमें नवपद के दर्शन होते हैं। नवपद यानी- अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय, और साधू। सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान, सम्यक चरित्र और सम्यक तप, अर्थात्, हम उनसे सीखें, जिन्होंने स्वयं तप करके जीवन को जाना है, और जो ज्ञान हम प्राप्त करें, वो सम्यक हो! हमारा चरित्र सम्यक हो! क्योंकि ज्ञान जब सम्यक होता है, तो वो समता और सेवा का आधार बनता है।

साथियों,

तीसरी दीर्घा में हमारे तीर्थंकरों के जीवन को, उनके उपदेशों और प्रसंगों को कलात्मक तरीकों से भी जीवंत किया गया है।

भाइयों-बहनों,

इस म्यूज़ियम में भारत की सबसे बड़ी विशिष्टता के, सबसे बड़ी ताकत के दर्शन होते हैं। जैसा कि मैंने पहले भी ज़िक्र किया, हमारी ये ताकत है- भारत की विविधता और विविधता में एकता। दुनिया ने हमेशा मत, मजहब और आस्था के नाम पर टकराव देखा है, लेकिन, इस म्यूज़ियम में भारत के दूसरे सभी धर्मों के भी गौरवशाली दर्शन होते हैं। वैदिक और बौद्ध परंपरा, वेद, पुराण, आयुर्वेद, योग, दर्शन, विभिन्न परंपराओं के सभी रंग एक साथ इंद्रधनुष की तरह उपस्थित हों, ये भारत में ही हो सकता है।

साथियों,

आज दुनिया में जिस तरह के हालात हैं, जिस तरह विश्व अस्थिरता और अशांति की आग में झुलस रहा है, इस म्यूज़ियम की विरासत, इसका संदेश, केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए बहुत अहम है। हमारा प्रयास होना चाहिए, दुनिया के देशों से यहाँ आने वाले जिज्ञासु, स्टूडेंट्स और रिसर्चर्स की संख्या और बढ़े। जो लोग यहाँ आयें, वो भारत की, जैनधर्म की शिक्षाओं को विश्व के कोने-कोने में पहुंचाएं।

साथियों,

भारत में ज्ञान हमेशा से एक मुक्त प्रवाह रहा है। हर युग में तीर्थंकरों और ऋषियों-मनीषियों का अवतार हुआ। ज्ञान का संकलन बढ़ता चला गया, समय के साथ बहुत कुछ नया जुड़ता गया। आप कल्पना करिए, एक समय हमारे तक्षशिला, नालंदा जैसे विश्वविद्यालय लाखों ग्रन्थों और पाण्डुलिपियों से भरे होते थे। लेकिन, विदेशी आक्रमणकारियों ने मजहबी संकीर्णता में ज्ञान को भी अपना दुश्मन मानकर उन्हें जला दिया, मानवता की कितनी बड़ी धरोहरें नष्ट हो गई। उस मुश्किल दौर में, लोगों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी बची हुई पाण्डुलिपियों को सहेजा, उनकी सुरक्षा की।आज़ादी के बाद, उन्हें खोजना, उन्हें सहेजना, ये देश की ज़िम्मेदारी होनी चाहिए थी, लेकिन दुर्भाग्य से गुलामी की मानसिकता के कारण इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। आचार्य भगवंत श्री पद्मसागर सूरीश्वर जी महाराज साहेब जैसे महान व्यक्तित्वों और संतों ने इसका महत्व समझा, उन्होंने अपना पूरा जीवन इसके लिए समर्पित किया। जीवन के 60 साल, गाँव-गाँव, शहर-शहर, देश के कोने-कोने से उन्होंने manuscripts को खोजा। ऐसी तीन लाख से अधिक पांडुलिपियाँ, ताड़पत्र, भोजपत्र पर अंकित सैकड़ों साल पुराना वो ज्ञान, आज कोबा में सुरक्षित और संकलित हुआ है। ये भारत के अतीत की, भारत के वर्तमान की और हमारे भविष्य की बहुत बड़ी सेवा है।

साथियों,

पुरानी सरकारों ने पाण्डुलिपियों की उपेक्षा करके जो गलती की थी, आज हम उसका सुधार कर रहे हैं। हमने इसके लिए ‘ज्ञान भारतम मिशन’ शुरू किया है। इस काम में हम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मिशन के तहत, प्राचीन पाण्डुलिपियों का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है, उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण हो रहा है। स्कैनिंग, केमिकल ट्रीटमेंट और डिजिटल संग्रह जैसे सभी प्रयास इस दिशा में हो रहे हैं। इसी रविवार को ‘मन की बात’ में मैंने विस्तार से जिक्र किया है कि कैसे इस दिशा में एक सर्वे भी शुरू किया गया है। इसमें देशभर से लोग अपने पास संरक्षित पाण्डुलिपियों को अपलोड कर रहे हैं। ये अभियान देश के कोने-कोने में बिखरी पाण्डुलिपियों को एकत्रित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।

 

साथियों,

सरकार के स्तर पर ‘ज्ञान भारतम मिशन’ और कोबातीर्थ का असाधारण योगदान, समाज और सरकार के ये साझा प्रयास भारत के नए सांस्कृतिक अभ्युदय का प्रतीक भी हैं।

साथियों,

आज देश के कल्चरल हेरिटेज को सहेजने, विश्व के सामने लाने के प्रयास हर स्तर पर हो रहे हैं। पाण्डुलिपियों और ज्ञान धरोहर के संरक्षण का कार्य तो हो ही रहा है। इसके साथ-साथ प्राचीन मंदिरों का पुनरुद्धार, तीर्थक्षेत्रों का विकास, ऐतिहासिक स्थलों का विकास, आयुर्वेद और योग का प्रचार-प्रसार, हर स्तर पर इस दिशा में काम हो रहा है। यहां गुजरात में ही लोथल में विशाल मेरीटाइम म्यूजियम बन रहा है, और ये दुनिया का सबसे बड़ा मेरीटाइम म्यूजियम बनने जा रहा है, यहां से 70-80 किलोमीटर दूरी पर है। उधर वडनगर में एक बहुत बड़ा म्यूजियम बना है, वो दुनिया के अच्छे म्यूजियमों में, उसकी जगह बन चुकी है। दिल्ली में ‘युगे युगीन भारत’ म्यूजियम बनाने की भी तैयारी है। आज पहली बार, आज़ादी की लड़ाई के इतिहास को भी समग्र रूप में सामने लाने के लिए सार्थक कार्य हुये हैं। आपको याद होगा, पहले ये काम राजनैतिक चश्मे से होते थे, एक राजनैतिक परिवार का नैरेटिव कैसे सेट हो, वोटबैंक के हिसाब से बातें कैसे बोली जाएँ, सबकुछ इसी के इर्द-गिर्द घूमता था। हमने इस मानसिकता को समाप्त किया है। हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ चल रहे हैं। यही मंत्र विकसित भारत के विज़न की आत्मा है।

साथियों,

आप सभी संतगण भारत की विरासत को संजोने का इतना महान प्रयास कर रहे हैं। हम व्यक्तिगत आकांक्षा से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लक्ष्यों के लिए काम करते हैं, तो देश के विकास को गति और मिल जाती है। इसी भावना के साथ मैं नवकार महामंत्र दिवस पर दिल्ली में हुए कार्यक्रम में भी शामिल हुआ था। इस आयोजन में चारों फिरके एक साथ जुटे थे। उस ऐतिहासिक अवसर पर मैंने नौ आग्रह किए थे, नौ संकल्पों की बात की थी, और जिसका उल्लेख अभी-अभी हमारे मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई ने भी किया। मैं हर बार आपके सामने वो नौ संकल्प जरूर दोहराता हूं। आज का ये अवसर उन्हें फिर से दोहराने का भी है। पहला संकल्प- पानी बचाने का संकल्प। दूसरा संकल्प- एक पेड़ माँ के नाम। तीसरा संकल्प- स्वच्छता का मिशन। चौथा संकल्प- वोकल फॉर लोकल। पांचवा संकल्प- देश दर्शन। छठा संकल्प- नैचुरल फार्मिंग को अपनाना। सातवां संकल्प- हेल्दी लाइफस्टाइल को अपनाना। आठवां संकल्प है- योग और खेल को जीवन में लाना। नवां संकल्प है- गरीबों की सहायता का संकल्प, और दसवां संकल्प आप सभी ने स्वयं से जोड़ लिया है, और वो है- भारत की विरासत का संरक्षण। आज का ये कार्यक्रम इसी का प्रतिबिंब है।

साथियों,

आने वाले समय में हमारे सामने बड़े लक्ष्य हैं, हमें बड़े संकल्पों को पूरा करना है। हमारी एकता, हमारे ये सांस्कृतिक संबल ही, इसमें हमारी ताकत बनेगा। मुझे विश्वास है कि सम्राट संप्रति म्यूजियम आने वाले समय में इस दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह ज्ञान, साधना और संस्कृति का एक ऐसा केंद्र बनेगा, जहां से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और समाज को एक नई ऊर्जा मिलेगी। इसी विश्वास के साथ, मैं आप सभी को इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए एक बार फिर से बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

और साथ ही साथ सभी को आग्रह भी करता हूं कि महाराज साहेब ने तो यह सब किया है, लेकिन हम इसको देखने के लिए भी समय नहीं देंगे, तो कैसे चलेगा? ज्यादा से ज्यादा लोग यहाँ आएं और देख के चले जाए, ऐसा नहीं, जानने का प्रयत्न करें, समझने का प्रयत्न करें, ये एक अमूल्य खजाना है। और मैं चाहता हूं कि गुजरात में सभी पीढ़ी के लोग परिवार के साथ यहाँ आएं, इसे मन भरके देखें, ज्ञान और महान विरासत का गौरव करें। और मेरे लिए आज ये महावीर जयंती, कई तरीकों से शुभ है, क्योंकि यहाँ गांधीनगर में आते ही, गुजरात की धरती पर पैर रखते ही पहला कार्यक्रम जड़ों से जुड़ना है, और यहाँ से अभी साणंद जाऊंगा, वहाँ दूसरा कार्यक्रम है, जगत से जुड़ना। यहाँ महान सांस्कृतिक परंपराएं, भव्य भूतकाल, उसके साथ आचमन लिया, और साणंद में जाकर, विश्व की अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी चिप्स के निर्माण का उद्घाटन हो रहा है, सेमीकंडक्टर का उद्घाटन हो रहा है । यहाँ जड़ों से जुड़ना है और वहाँ से जग को जोड़ना है, और यह सब गुजरात की धरती पर हो रहा है, भारत की धरती पर हो रहा है । आप सभी को बहुत-बहुत शुभकानाएं। बहुत-बहुत धन्यवाद।

जय जिनेन्द्र !

जय जिनेन्द्र !

जय जिनेन्द्र !

डिस्क्लेमर: प्रधानमंत्री के भाषण का कुछ अंश गुजराती भाषा में भी है, जिसका यहाँ भावानुवाद किया गया है।

Explore More
శ్రీరామ జన్మభూమి ఆలయ ధ్వజారోహణ ఉత్సవం సందర్భంగా ప్రధానమంత్రి ప్రసంగం

ప్రముఖ ప్రసంగాలు

శ్రీరామ జన్మభూమి ఆలయ ధ్వజారోహణ ఉత్సవం సందర్భంగా ప్రధానమంత్రి ప్రసంగం
99.92% villages in India covered with banking outlets within 5 km radius: Govt

Media Coverage

99.92% villages in India covered with banking outlets within 5 km radius: Govt
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
India is building the capacity to design and manufacture at every level of the semiconductor value chain: PM Modi in Sanand, Gujarat
March 31, 2026
The inauguration of the Kaynes Semicon facility strengthens India’s push towards self-reliance; It marks an landmark step in building a robust semiconductor ecosystem: PM
India is strengthening its role as a reliable semiconductor supplier in the global market: PM
In 2021, India launched the India Semiconductor Mission; This mission is not just an industrial policy but a declaration of India's confidence: PM
This period of the 21st century is not just a time for economic competition, it is the time to shape the future tech landscape: PM
The technology initiatives India is taking in this decade will strengthen its leadership in the decades to come: PM
21st century India is not merely a witness to change, but is moving forward with the resolve to lead that change: PM

गुजरात के मुख्यमंत्री श्रीमान भूपेंद्र भाई पटेल, राज्य के उप मुख्यमंत्री श्री हर्ष भाई संघवी, केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी अश्विनी वैष्णव जी, राज्य के मंत्री भाई अर्जुन मोढवाडिया जी, केन्स और अल्फा ओमेगा सेमीकंडक्टर्स के प्रतिनिधिगण अन्य महानुभाव, देवियों और सज्जनों।

पिछले महीने के अंतिम दिन भी मैं साणंद में था, और इस महीने के अंतिम दिन भी मैं साणंद में हूं। 28 फरवरी को माइक्रोन के प्लांट में प्रोडक्शन की शुरुआत हुई, और आज 31 मार्च को, केन्स टेक्नॉलॉजी के सेमीकंडक्टर प्लांट में प्रोडक्शन शुरु हो रहा है। ये मात्र संयोग नहीं है, ये इस बात का प्रमाण है कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, किस पेस से, किस गति से, किस स्पीड के साथ डेवलप हो रहा है। मैं केन्स टेक्नॉलॉजी की पूरी लीडरशिप को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। रमेश रघु congratulations. गुजरात सरकार को, इस प्लांट में काम कर रहे और सभी साथियों को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज सुबह मैं एक डिवाइन वाले कार्यक्रम में था और अभी मैं डिजिटल वाले कार्यक्रम में हूं।

साथियों,

मुझे इस बात की भी बेहद खुशी है कि भारत की कंपनी ने semiconductor चिप्स बनाने में रुचि दिखाई, और नतीजा हम सबके सामने है। हमारे भारत की अपनी कंपनी केन्स अब ग्लोबल semiconductor सप्लाई चेन का एक मजबूत हिस्सा बन गई है। ये एक बहुत शानदार शुरुआत है, एक गर्व का पल है, हर भारतवासी के लिए गर्व का पल है। आने वाले दिनों में भारत की बहुत सारी कंपनियां, ग्लोबल collaboration के माध्यम से, दुनिया को एक resilient semiconductor सप्लाइ चेन देने जा रही है।

साथियों,

आज का ये दिन, मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड, इस मंत्र को सही मायने में चरितार्थ करता है। इस प्रोजेक्ट में प्रोडक्शन शुरु होने से, भारत ग्लोबल मार्केट में, एक भरोसेमंद सेमीकंडक्टर सप्लायर के रूप में अपना रोल और सशक्त कर रहा है। आज एक प्रकार से साणंद और सिलिकॉन वैली के बीच नया ब्रिज सा बन गया है। कैलिफोर्निया की कंपनी के लिए, साणंद का ये प्लांट Intelligent Power Modules दे रहा है। मुझे बताया गया है कि यहां बनने वाले प्रोडक्ट्स का एक बड़ा हिस्सा, पहले ही एक्सपोर्ट के लिए बुक हो चुका है। साणंद में बनने वाले modules अमेरिका की कंपनियों तक पहुंचेंगे, और वहां से पूरी दुनिया को पावर देंगे। मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड के मंत्र की सफलता की गूंज दुनिया के कोने-कोने में पहुंचेगी।

साथियों,

यहां बनने वाले इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल्स से, भारत और विश्व के इलेक्ट्रिक व्हीकल इकोसिस्टम को, हैवी इंडस्ट्री को बहुत बल मिलेगा। यही ग्लोबल पार्टनरशिप ही दुनिया के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

साथियों,

21वीं सदी का ये दशक आरंभ से दुनिया के लिए अनेक चुनौतियां लेकर आया है। संकट पेंडमिक का रहा है, conflicts का रहा है। इसमें भी सबसे बड़ी भुक्तभोगी, ग्लोबल सप्लाई चेन रही है। चाहे चिप्स हो, रेयर अर्थ मिनरल्स हों, एनर्जी हो, ये conflicts की वजह से बहुत प्रभावित हुए हैं। ये मानवता के तेज विकास से जुड़ी चीज़ें हैं, इनकी सप्लाई चेन में, इनके फ्लो में ब्रेक लगने से, पूरी ह्यूमैनिटी का विकास प्रभावित होता है। इसलिए भारत जैसे डेमोक्रेटिक देश का इस दिशा में आगे बढ़ना, पूरे विश्व के विकास के लिए बहुत अहम है।

साथियों,

हमने कोरोना की आपदा के समय ही तय कर लिया था, कि भारत सेमीकंडक्टर सेक्टर का नया ग्लोबल हब बनेगा, इस सेक्टर में आत्मनिर्भर बनेगा। और सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भरता, सिर्फ एक चिप तक सीमित नहीं है। इसका मतलब है, AI में, इलेक्ट्रिक व्हीकल में, क्लीन एनर्जी में, डिफेंस में, इलेक्ट्रॉनिक्स में, ऐसे अनेक सेक्टर में भी आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। इसलिए, साल 2021 में भारत ने इंडिया-सेमीकंडक्टर मिशन शुरु किया। यह mission सिर्फ एक industrial policy नहीं है, यह भारत के आत्मविश्वास का ऐलान है। और इसका इंपैक्ट सबके सामने है। इस मिशन के तहत, देश के 6 राज्यों में एक लाख साठ हज़ार करोड़ रुपए के 10 प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। केन्स और माइक्रोन के प्रोजेक्ट्स भी इसी का हिस्सा हैं। सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन और मैन्यूफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता के लिए भारत ने ध्रुव Sixty Four जैसा, आधुनिक माइक्रोप्रोसेसर विकसित किया है। इससे 5G इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स, industrial automation, ऐसे अनेक सेक्टर्स के लिए हमें एक अपना सुरक्षित platform मिला है।

साथियों,

सेमीकंडक्टर मिशन की अब तक की सफलता के बाद, अब भारत ने इसके अगले फेज की तरफ कदम बढ़ाया है। इसी सोच के साथ, इस वर्ष के बजट में इंडिया-सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की घोषणा की गई है। इस फेज का फोकस, भारत में सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट्स और मटीरियल्स के प्रोडक्शन पर है। अब हमारा प्रयास, एक फुल स्टैक भारतीय सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने का है। ताकि हम डोमेस्टिक और ग्लोबल सप्लाई चेन में बड़ी पार्टनरशिप कर सकें।

साथियों,

भारत आज industry led research and training centres को प्रोत्साहित कर रहा है। ताकि technology development भी हो और एक future ready skilled workforce भी तैयार हो। बहुत जल्द ही, देश में 85 हजार से अधिक डिजाइन प्रोफेशनल्स तैयार करने के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया जाएगा। साथ ही, पूरे इकोसिस्टम की जरूरतों को देखते हुए प्रोफेशनल्स की ट्रेनिंग की भी व्यवस्था की जा रही है। सेमीकंडक्टर डिजाइन को बढ़ावा देने के लिए चिप्स टू स्टार्टअप भी कार्यक्रम चल रहा है। आज देश की करीब 400 यूनिवर्सिटीज और स्टार्टअप्स को, आधुनिक डिजाइन टूल्स तक access दी गई है। इससे फिफ्टी फाइव से अधिक चिप्स का डिजाइन और निर्माण किया जा चुका है।

साथियों,

इंडस्ट्री एस्टीमेट्स के अनुसार, आज भारत का सेमीकंडक्टर मार्केट करीब फिफ्टी बिलियन डॉलर, यानी करीब-करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपए का है। ये इस दशक के अंत तक सौ बिलियन डॉलर यानी नौ लाख करोड़ रुपए को पार कर सकता है। ये दिखाता है कि भारत में इस सेक्टर में कितनी ज्यादा संभावनाएं हैं। हमारा टारगेट अपनी ज़रूरतों की अधिक से अधिक चिप्स, भारत में ही बनाने का है। भारत के इस संकल्प को लेकर दुनियाभर के निवेशकों में जो उत्साह है, वो हमारे लिए बहुत बड़ी पूंजी है।

साथियों,

भारत एक सशक्त सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तो बना ही रहा है, साथ ही, रॉ मटीरियल की रिज़ीलियन्ट सप्लाई चेन के लिए भी बड़े प्रयास कर रहा है। पैक्स सिलिका में भारत का शामिल होना इसी प्रयास का ही एक हिस्सा है। दुनियाभर में जो हमारे पार्टनर्स हैं, उनके साथ मिलकर भारत में हम एक सुरक्षित सप्लाई चेन सुनिश्चित करना चाहते हैं।

साथियों,

क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भरता के लिए, भारत ने नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन भी शुरु किया है। इसके तहत, क्रिटिकल मिनरल्स की माइनिंग और प्रोडक्शन पर बल दिया जा रहा है। मिनरल्स की री-साइकलिंग के लिए भी 1500 करोड़ रुपए की स्कीम शुरु की गई है। इस वर्ष के बजट में, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरलम् जैसे कोस्टल स्टेट्स को मिलाकर रेयर अर्थ कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गई है। ये कॉरिडोर,एक ऐसा Integrated नेटवर्क होगा, जो माइनिंग, रिफाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग की एक सशक्त चेन बनाएगा। हमारा प्रयास है कि देश में क्रिटिकल मिनरल्स का एक राष्ट्रीय भंडार हो। अच्छा होता कि, ये काम 30-40 वर्ष पहले शुरु होता। लेकिन अब भारत इसके लिए मिशन मोड पर काम कर रहा है।

साथियों,

भारत का मानना है, 21वीं सदी का ये कालखंड, सिर्फ economic competition का समय नहीं है। ये फ्यूचर के tech landscape को शेप करने का समय है। इसलिए, मैं इस दशक को, इस डैकेड को, भारत का टैकेड कहता हूं। इस दशक में भारत, टेक्नॉलॉजी से जुड़े जो initiatives ले रहा है, वो आने वाले दशकों में भारत की लीडरशिप को सशक्त करेंगे। आप सभी, हाल में हुई AI impact summit की सफलता से परिचित हैं। अगर AI adoption के मामले में देखें, तो भारत दुनिया में सबसे आगे है। हम भारतीय, टेक को एक्सप्लोर करते हैं। डिजिटल इंडिया की सफलता, फिनटेक में हो रहा शानदार काम, ये technology पर भारतीयों के भरोसे को ही हम देख पाते हैं, उसे दिखाता है। और भारत का जो AI इकोसिस्टम है, उसको हमारे सेमीकंडक्टर सेक्टर के उभार से बहुत मदद मिलेगी।

साथियों,

21वीं सदी का भारत केवल बदलाव का साक्षी नहीं, बल्कि बदलाव का नेतृत्व करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।हमारी नीतियां और हमारे निर्णय, आने वाले दशकों की टेक्नोलॉजी और एनर्जी सेक्टोरिटी की मजबूत नींव रख रहे हैं। इसलिए आज भारत हर क्रिटिकल टेक्नॉलॉजी पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है, रिफॉर्म्स कर रहा है। हमने space sector को private players के लिए खोला है, IN-SPACe जैसी संस्थाएं बनाई गईं हैं। इसका परिणाम आज दिख रहा है। स्पेस से जुड़े हमारे स्टार्ट अप्स बहुत ही शानदार काम कर रहे हैं। इसी तरह, हाल में ही हमने Nuclear sector में SHANTI Bill जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। ये रीन्युएबल एनर्जी मिक्स में, न्यूक्लियर एनर्जी के हिस्से को बहुत अधिक बढ़ाने जा रहा है। ये हमारे AI फ्यूचर के लिए भी बहुत ज़रूरी है।

साथियों,

भारत क्वांटम कंप्यूटिंग को भी एक स्ट्रटीजिक एसेट मानकर, मिशन मोड पर काम कर रहा है। ये भारत के डिजिटल फ्यूचर को सशक्त करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाएगा। यानी भारत, आज टेक्नॉलॉजी के विकास और टेक्नॉलॉजी के यूज, दोनों ही मामलों में बहुत तेज़ी से काम कर रहा है। ये पूरी दुनिया के इन्वेस्टर्स के लिए बहुत बड़ा अवसर है। हम Ease of Doing Business, Ease of Manufacturing, Ease in Logistics, इस पर भी निरंतर काम कर रहे हैं।

साथियों,

मुझे विश्वास है, केन्स के इस प्लांट से निकलने वाले प्रोडक्ट factory of the world के रूप में भारत के सफर को और मज़बूती देंगे। एक बार फिर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। बहुत बहुत धन्यवाद।