Your every vote will strengthen Modi's resolutions: PM Modi in Davanagere

Published By : Admin | April 28, 2024 | 12:20 IST
PM Modi says this huge public support in Davanagere expresses clearly that you have firmly decided to punish Congress for its sins
The day is not far when the 'civil war' going within the different factions of Congress internally will come on roads: PM Modi in Davanagere

दावणगेरे मत्तू हावेरिया सोदारा सोदारियारिगे नन्ना नमस्कारगुलु
मैं ताई भुवनेश्वरी और इस क्षेत्र के सभी पवित्र मठों को प्रणाम करता हूं।

साथियों,

कर्नाटका ने 26 अप्रैल की वोटिंग से कांग्रेस में कोहराम मचा दिया है। मैं आज हिंदी में बोलूं तो चलेगा न। आज कोई भाषांतर करने वाला नहीं रखा है। क्योंकि मुझे मालूम है, आपका मेरे प्रति इतना प्यार है कि आपको शब्दों को कभी समझने की जरूरत नहीं रही है, भाषा कभी हमारे बीच दीवार नहीं रही है क्यों हमारा दिल का नाता बन गया है। भाइयों-बहनों 26 अप्रैल को जो मतदान हुआ और कर्नाटका यहां की माताओं-बहनों ने, यहां के फर्स्ट टाइम वोटरों ने जो कमाल करके दिखाया है, पूरी कांग्रेस ऊपर से नीचे तक बहुत परेशान हो गई है। अब पूरी कांग्रेस इस कोशिश में लगी है कि 7 मई को कुछ तो ऐसा हो, ताकि कम से कम एक खाता खुल जाए। उनके लिए इस बार दिल्ली में खाता खुलने की संभावना खतम हो गई है। लेकिन, दावणगेरे का ये विशाल जनसमर्थन, ये बता रहा है कि कर्नाटका की जनता कांग्रेस को उसके पापों की सजा देकर रहेगी।

साथियों,

अब वो दिन दूर नहीं, जब कांग्रेस पार्टी के अलग-अलग गुटों में भीतर ही भीतर चल रहा गृहयुद्ध भी सड़क पर आने वाला है। सारे गुट हार का ठीकरा एक दूसरे के सिर पर फोड़ते नज़र आएंगे। और इनकी तो मुसीबत ऐसी है, कि पहले जब भी हार जाते थे तो ईवीएम को टोपी पहना देते थे। क्यों हारे- ईवीएम, डिपोजिट क्यों जब्त हुआ- ईवीएम, मोदी क्यों जीत गया- ईवीएम। वो दिन-रात चुनाव आते ही ईवीएम-ईवीएम की माला जपते रहते थे। अब परसों सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा चांटा मारा, ऐसी थप्पड़ मारी है कि उनके लिए तो परेशानी है कि अब तो ईवीएम का नाम लेकरके अपने कार्यकर्ताओं के मोरल बूस्टिंग का काम कर लेते थे। अब उनकी मुसीबत है कि ये ईवीएम वाला बहाना भी सुप्रीम कोर्ट ने ले लिया, अब हार जाएंगे तो बोलेंगे क्या। आज पूरी कांग्रेस चुनाव हार जाएं तो क्या बयान देना, उसकी ड्राफ्टिंग में लगी हुई है। तैयारी कर रहे हैं।

साथियों,

मैं कर्नाटका में जहां-जहां गया हूं, मुझे तमिलनाडु के चुनाव में जाने का अवसर मिला। मुझे केरल में जाने का अवसर मिला। मैं कश्मीर से कन्याकुमारी तक हिंदुस्तान के हर कोने में गया हूं। मैं 2014 में भी जाता था। 2019 में भी आया था लेकिन 2024 का मिजाज ही कुछ अलग है। क्योंकि देशवासियों ने 10 साल हर पल मोदी को कसौटी से कसा है, तराजू से तौला है। मोदी की वाणी, मोदी का वर्तन, मोदी का समर्पण, 10 साल से देश, 280 करोड़ निगाहें, हर पल मोदी को देख करके सही गलत का फैसला करते हैं। और अनुभव के बाद 10 साल की कठोर कसौटी से निकलकर के आज जब मोदी आया है तो आपका जाना हुआ मोदी है। आपका परखा हुआ मोदी है और आपके लिए जिंदगी खपाने वाला मोदी है। और ये जो मैं आज 2014 में नहीं देखा। जो 2019 में नहीं देखा। वो 24 के चुनाव मैं भरपूर देख रहा हूं। मेरी माताएं बहनें, ऐसा लग रहा है कि मोदी का एक अभेद्य रक्षा कवच बन गई है पूरे देश की माताएं-बहनें। छोटी-छोटी बालिकाएं, मैं यहां देख रहा हूं, कितनी बालिकाएं हाथ ऊपर कर रही हूं। भाइयों-बहनों, एक तो राजनीति, कांग्रेस के अपने कारनामों के कारण, पिछले 70 साल में क्षेत्र बदनाम हो चुका था। उसके बावजूद भी मोदी को इतना प्यार, इतने आशीर्वाद शायद अनेक जन्मों का पुण्य है या परमात्मा ने मुझे भेजा है तब जाकर के ऐसे आशीर्वाद मिलते हैं। मैं किस-किस का आभार व्यक्त करूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। क्या मैं परमात्मा का आभार व्यक्त करूं? क्या मैं जनता जनार्दन का आभार व्यक्त करूं? क्या मैं गांव के गरीब का आभार व्यक्त करूं। क्या मैं देश के अपने नौजवानों का आभार व्यक्त करूं। मेरे पास आपके इस प्यार को व्यक्त करने के लिए, आभार बताने के लिए आज शब्द कम पड़ रहे हैं? सिर्फ और सिर्फ आज मेरे पास है तो एक है जिसमें शब्द नहीं है, संवेदना है। जिसमें पूरी तरह मेरा मौन समर्पण है और मेरे पास एक ही रास्ता बचा है कि देशवासियों को सदा सर्वदा सर झुका करके प्रणाम करता रहूं। नम्रतापूर्वक ये सर झुकाकर हमेशा-हमेशा के लिए मेरे देशवासियों को मैं प्रणाम करता रहूं। उनके आशीर्वाद लेता रहूं और ना कभी थकूंगा, ये मेरी गारंटी है। ना कभी थकूंगा, ना कभी रुकूंगा ना कभी झुकूंगा। और हर पल के लिए जूझता रहूंगा। ये मोदी की गारंटी है, 10 साल आपने मुझे देखा है। भाइयों-बहनों आज मैं जहां जाता हूं, देश के हर कोने से, कर्नाटका के कोने से एक ही आवाज आती है, एक ही सुर सुनाई देता है - फिर एक बार, मोदी सरकार! 4 जून को, पूरे कर्नाटका में सेलिब्रेशन होने जा रहा है। और सेलिब्रेशन ऐसा-वैसा नहीं होगा। ये मेरे दावणगेरे में तो स्पेशल बेण्णे डोसा। अभी से तैयारी कर लो भाई। बेण्णे डोसा की मांग बहुत बढ़ने जा रही है।

साथियों,

आज एक ओर बीजेपी सरकार देश को आगे लेकर जा रही है। दूसरी ओर, कांग्रेस कर्नाटका को पीछे धकेल रही है। एक ओर, मोदी का मंत्र है- विकसित भारत के चौबीसों घंटे काम, बिना रुके, बिना थके चौबीसों घंटे काम... Twenty Four By Seven, For, Twenty Forty Seven. दूसरी ओर कांग्रेस का वर्क कल्चर है- ब्रेक करो या तो ब्रेक लगाओ। कांग्रेस देश की एकता को ब्रेक करने में जुटी हुईऔर डवलपमेंट के कामों पर ब्रेक लगाने में जुटी है।

साथियों,

बीते 10 वर्षों में NDA ने कर्नाटका के विकास के लिए जितना काम किया, येदूरप्पा जी और बसवराज बोम्मई जी ने कर्नाटका के लिए जो मेहनत की, कांग्रेस उसे बर्बाद करने पर तुली है। और कर्नाटका में कांग्रेस जनता को एड्रेस नहीं कर रही है वो सुबह-शाम तय करते हैं, कि नंबर टू तय करता है नंबर एक को कैसे मारेगा और नंबर एक तय करता है कि नंबर टू को कैसे मारेगा। ये उसको नीचा दिखाने के लिए क्या करेगा, वो इसको नीचा दिखाने के लिए क्या करेगा, यही खेल चलता है। कर्नाटक को ऊंचा दिखाने के लिए उनके पास कोई विजन ही नहीं है। अपनी इन गुटबंदी के कारण, भाई-भतीजावाद के कारण, अपनी गलत नीतियों के कारण कांग्रेस, कर्नाटका में युवाओं, किसानों और सामान्य नागरिकों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। कर्नाटका कांग्रेस का हाल देखिए, वो जनता को समझा नहीं रही, अंदर-अंदर क्या करती है, अच्छा भाई ढाई ये बैठेगा, बाद में ढाई साल तुम आ जाना। अब ये ढाई साल वाले एक-दूसरे का पैर काटेंगे कि नहीं काटेंगे? मैंने तो सुना है ये इंडी अलायंस वालों ने एक नई फार्मूला खोज निकाली है। क्योंकि मैंने एक पब्लिक मीटिंग में पूछा कि भई इतना बड़ा देश आखिरकार किसको सुपुर्द करे। आज देश पांच साल के लिए जिसके भी हाथ में देना है, तो हम सोच-विचार कर देंगे कि नहीं देंगे। सोच करके देंगे कि नहीं देंगे। ऐसे ही कोई आंख बंद करके आया तो दे देंगे क्या। विचार करेंगे ये देश संभाल पाएगा, नहीं संभाल पाएगा, क्या करेगा, क्या नहीं करेगा, सारा ट्रैक रिकॉर्ड देखेंगे कि नहीं देखेंगे। अब मैं उनको पूछता हूं, बताओं तो सही, आपके पास कौन सा नाम है, जिसको देश सुपुर्द कर सके। कोई नाम है क्या। कोई नाम है क्या उनके पास। आप ऐसे अंधेरे में बिना नाम के, वो कुछ भी करें, आप स्वीकार कर लेंगे क्या। देश स्वीकार करेगा क्या। भाइयों-बहनों, इसलिए उन्होंने फार्मूला निकाली है, अब सबको कैसे संतोष देना, और इसलिए पांच साल अगर उनको मौका मिल जाए, तो उन्होंने अपने सभी साथी पार्टियों को कह दिया है कि हरेक एक-एक साल के लिए पीएमशिप मिलेगा। यानि एक साल एक पीएम, दूसरे साल दूसरा पीएम, तीसरे साल तीसरा पीएम, चौथे साल चौथा पीएम, पांचवें साल पांचवां पीएम। मुझे बताइए भाई क्या होगा आपका। क्या होगा मुझे बताइए। क्या आपको ऐसे चीजों से देश का भला दिखता है। आपका भला दिखता है, आपके बच्चों का भला दिखता है। अब ऐसे लोगों के लिए वोट बिगाड़ सकते हैं हम। वोट बर्बाद कोई कर सकता है क्या। मेहरबानी करके आपका वोट बहुत मूल्यवान है। बर्बाद मत करना भइया, गलती से भी मत करना।

भाइयों-बहनों,

कर्नाटका में कांग्रेस ने नई एजुकेशन पॉलिसी पर ब्रेक लगा दिया। 30 साल के बाद देश के 20 लाख से ज्यादा लोगों ने मनोमंथन किया। कर्नाटका के ही बहुत बड़े वैज्ञानिक के नेतृत्व में नई एजुकेशन पॉलिसी बनी। लेकिन उन्होंने वोट बैंक की राजनीति को खुश करने के लिए उन्होंने उसको भी रद्द कर दिया। इसका बहुत बड़ा नुकसान हमारे देश के युवा पीढ़ी को हुआ है, आपके बच्चों के भविष्य पर इन्होंने ताला लगा दिया है। मैं बड़े दर्द के साथ बहुत पीड़ा के साथ कह रहा हूं, राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन हम में से किसी को भी जनता-जनार्दन के भविष्य को तबाह करने का अधिकार नहीं है। लेकिन ये लोग, इनको आपसे कोई लेना-देना नहीं है। यहां हेल्थ सेक्टर के काम हों, इरिगेशन के काम हों, सभी पर राज्य सरकार ब्रेक लगा रही है। भगवान बश्वेश्वरा की इस धरती पर इस तरह डेमोक्रेसी के खिलाफ काम करके कांग्रेस बहुत बड़ी गलती कर रही है, बहुत बड़ा पाप कर रही है।

साथियों,

आज कर्नाटका, कांग्रेस के उसी गवर्नेंस मॉडल का शिकार बन चुका है, जिस तरह इन्होंने 6 दशकों तक देश को चलाया था। कांग्रेस ने देश में करप्शन बढ़ाने और लाखों करोड़ के घोटालों का घोर पाप किया है। क्या ऐसे लोग तेजी से विकास कर रहे हमारे भारत की कमान संभाल सकते हैं क्या? जो बर्बाद करते हैं, इसका नेतृत्व कर सकते हैं क्या। इन पर भरोसा कर सकते हैं हम?

साथियों,

एक समय था जब गरीबों, SC-ST-OBC पिछड़ों के हक की योजनाएं कांग्रेस के करप्शन का मुख्य स्रोत हुआ करती थीं। कांग्रेस के पूर्व पीएम कहते थे कि गरीबों के लिए 1 रुपया भेजते थे तो केवल 15 पैसे पहुंचता है। जरा मैं पूछना चाहता हूं, एक रुपया निकलता था, 15 पैसा पहुंचता था तो बीच में कौन सा पंजा था, जो 85 पैसे मार लेता था। यही नहीं, वंचित वर्ग के नाम पर कांग्रेस ने अपने फेक लाभार्थी भी बना रखे थे। करप्शन का तरीका देखिए, जो पैदा नहीं हुआ, जिसका जन्म नहीं हुआ। उसकी शादी भी लिखवा देते थे, फिर उसका वीडियो भी बना देते थे और वीडियो बनाकर वीडियो वाली योजनाएं मार खाते थे ये लोग। ये करप्शन में मास्टरी थी इनकी। हमारी सरकार ने देश से ऐसे 10 करोड़ नाम निकाले। जो पैदा ही नहीं हुए थे लेकिन बेनिफिट ले रहे थे। हमने 10 करोड़ ऐसे झूठे नाम निकाले और इन लोगों की कमाई करने के सारे रास्तों को मैंने ताला लगा दिया है। आप कल्पना कर सकते हैं कि जितनी कर्नाटका की कुल जनसंख्या है, उससे ज्यादा ऐसे लोग कागजों में थे, जिनका जन्म भी नहीं हुआ था। और सरकारी खजाने से पैसा जाता था। कांग्रेस सरकार इन अजन्मे लोगों के नाम पर हजारों करोड़ रुपए भेजकर बीच में मार लेती थी। और ये पैसे जाते थे, ये कांग्रेस की पूरी इकोसिस्टम को, कांग्रेस के बिचौलियों की जेब भरती थी। अब मोदी ने इन योजनाओं को आधार और डाइरेक्ट बेनिफिट ट्रान्सफर से जोड़ दिया है। बीजेपी ने अब गरीब को उसका हक दिया है। अब मोदी जो पैसा आपको भेजता है, वो पूरा का पूरा आपके बैंक अकाउंट में पहुंचता है। मोदी एक रुपया भेजता है तो पूरे के पूरे 100 पैसे पहुंचते हैं।

साथियों,

गरीब कल्याण की योजनाओं का सबसे बड़े लाभार्थी गरीब, पिछड़ा, दलित, आदिवासी और हमारी माताएं-बहनें हैं। इसीलिए, कांग्रेस को जहां मौका मिलता है, वो इस वर्ग पर अपना आक्रोश उतारती है। कर्नाटका में कांग्रेस ने SC-ST वेलफ़ेयर फंड के eleven thousand crore रुपए divert कर दिये। जो SC-ST समाज के लिए थे, उनको जहां चोरी करने का मौका मिलता था, वहां भेज दिया। कांग्रेस इस कोशिश में लगी रही कि SC-ST वेलफेयर फंड का पैसा कैसे कांग्रेस करप्शन फंड में ट्रान्सफर किया जाए। साथियों, किसानों को किसान सम्मान निधि में four thousand रुपए बीजेपी सरकार प्रदेश की तरफ से देती थी। कांग्रेस ने जैसे ही यहां सरकार बनाई, उसने किसानों का ये four thousand रुपए पर ताला लगा दिया। अब जो मैं दिल्ली से भेजता हूं वो छह हजार रुपये जाता है। कर्नाटका की बीजेपी सरकार ने जो चार हजार रुपया दिया था, ये कांग्रेस वालों ने मना कर दिया। मैं समझ नहीं पा रहा हूं, उनको देश के किसानों से, कर्नाटका के किसानों से क्या दुश्मनी है, क्या नफरत है यहां किसानों के प्रति इनकी। कांग्रेस अब तो कर्नाटका में OBC समाज का आरक्षण भी तुष्टिकरण के लिए अपने वोटबैंक में बांट रही है।

साथियों,

10 साल से दिल्ली की कुर्सी से बाहर बैठी कांग्रेस ने देशवासियों को लूटने के लिए नई प्लानिंग शुरू कर दी है। अब आपकी संपत्ति को सीधे लूटने के लिए कांग्रेस inheritance tax का आइडिया लेकर आई है। अब ये आइडिया समझने जैसा है, उनके गुरु ने अमेरिका से घोषणा की है। और उनके एक वित्त मंत्री 2011 में भी कह चुके हैं। यानी, ये क्या चीज लाने वाले हैं, आप चौंक जाएंगे। जो भी हिंदी समझते हैं, जो हिंदी नहीं समझते हैं उनको जरूर समझाएं। ये मैं आपकी चिंता करने के लिए बोल रहा हूं भाई। हमारा देश कैसा है, हर मां-बाप जिंदगीभर मेहनत करता है, और मन में एक इच्छा रहती है कि जो कुछ भी कमाया है, उसमें से कुछ बचाएंगे, और मरने के बाद बच्चों के काम आए, इसलिए रखेंगे, ऐसा करते हैं कि नहीं करते हैं। हर कोई पैसा बचाता है कि नहीं बचाता है। बच्चों के लिए कुछ न कुछ रखता है कि नहीं रखता है। अब ये ऐसा नियम लाने वाले हैं, कि आप कितनी ही मेहनत करो, कितनी ही कठिनाई से जो कुछ भी जमा किया है, वो सीधा-सीधा अपने बच्चों को नहीं दे सकते हो। आधे से ज्यादा 55 परसेंट, ये कांग्रेस वाले आए तो ऐसा कानून बनाकर उस पर टैक्स लगा देंगे। आपकी कमाई के पैसों पर वो डाका डालेंगे, और आप अपनी संतानों को आधा भी नहीं दे पाओगे। जिन लोगों ने पूरी की पूरी पार्टी विरासत में अपने बच्चों को सौंप दी, वो आपकी मेहनत की कमाई, आपकी विरासत, आपके बच्चों को नहीं देने देंगे।

साथियों,

विकास के लिए...ये जो खतरे लेकर आ रहे हैं, इन लोगों से चौकन्ना रहने की जरूरत है। भाइयों-बहनों मुझे बताइए, किसी भी प्रदेश में अगर लॉ एंड ऑर्डर ठीक नहीं है, तो कोई इन्वेस्टमेंट करने आएगा क्या। कोई कारखाना खोलेगा क्या, कोई हिम्मत करेगा क्या। कोई नहीं करेगा। अरे आपके पास गाड़ी, बंगला है, सुख-चैन की जिंदगी है, सबकुछ है, लेकिन शाम को घर के बाहर जाएं, और रात को जिंदा लौटेंगे नहीं, तो घर का क्या, उस कारखाने का क्या, उन पैसों का क्या। आज कर्नाटका में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर होती जा रही है। और कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड कानून व्यवस्था के विषय में गंभीर रूप से खराब है। ये कर्नाटका का आज हर नागरिक असुरक्षा महसूस कर रहा है। कैफे में बम ब्लास्ट हो गया, और कांग्रेस घोषणा कर देती है ये तो गैस सिलिंडर ब्लास्ट था। ये कर्नाटका के लोगों को समझते हैं क्या। क्या कर्नाटका के लोगों के दिमाग में ऐसा झूठ भर सकतो हो तुम। सिलिंडर वाला चला नहीं तो फिर उन्होंने क्या कहा, ये तो बिजनेस राइवलरी थी। और इसलिए बिजनेस राइवलरी में ये पटाखा फोड़ा है। आप कल्पना कर सकते हैं, ये तो बम धमाके के ट्रायल शुरू किए हैं। कर्नाटका की जिंदगी को खतरे में डालने का ये खेल शुरू हो चुका है भाइयों। हुबली में दिन-दहाड़े, कॉलेज कैंपस में एक बेटी की हत्या हो जाए और कांग्रेस इसमें भी वोटबैंक ढूंढती रही। इस घटना ने कर्नाटका के सामान्य परिवारों के लिए बहुत बड़ी चिंता खड़ी की है, टेंशन में डाल दिया है। हर मां-बाप सोचते हैं, बेटी को बाहर भेजें या न भेजें। अकेली जाएगी तो पता नहीं क्या होगा। नेहा की हत्या ये कोई सामान्य घटना नहीं है। और सरकार में बैठे हुए लोग, वोट बैंक की चिंता में डूबे हुए हैं। ये एक खतरनाक माइंडसेट है। और ये कांग्रेस, PFI जिस पर प्रतिबंध लगा हुआ है। देशविरोधी कृत्यों के लिए प्रतिबंध लगा है। आए दिन बम धमाके करने की आदी PFI को ये मोदी सरकार ने हिम्मत करके प्रतिबंध लगा दिया। उसके बड़े-बड़े तीसमारखां जेलों में सड़ रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने के लिए ये PFI के पुराने लोगों के साथ गठबंधन करके, उनको बढ़ावा दे रही है।

साथियों,

ऐसी स्थिति में विकास नहीं हो सकती। आज अगर देश में सुरक्षा की कोई गारंटी है तो उसका नाम मोदी है। विकास की कोई गारंटी है तो उसका नाम मोदी है। भाइयों-बहनों ये मोदी है, घर में घुसकर मारता है। मेरे लिए मेरे देशवासियों की सुरक्षा, ये मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इन 10 वर्षों में कर्नाटका ने मोदी के विकास की स्पीड भी देखी है, और स्केल भी देखा है। 2014 में, यानी इतने दशकों तक कांग्रेस सरकार रहने के बाद, कर्नाटका में केवल 25 नेशनल हाइवेज थे। और, आज ये संख्या 47 है। यानी, कर्नाटका में हाइवेज की संख्या करीब-करीब डबल हो रही है। साथियों, हमारी सरकार ने दावणगेरे को कर्नाटका की स्मार्ट सिटी के रूप में सलेक्ट किया है।

आज स्मार्ट सिटी मिशन के तहत Two Thousand Crore Rupees के प्रोजेक्ट्स पर काम पूरा हो चुका है। दावणगेरे और हरिहरा रेलवे स्टेशन्स को भी अपग्रेड किया गया है। तुमकुरू से दावणगेरे तक डाइरेक्ट रेललिंक की परियोजना भी बनाई गई है, जिसका लाभ इस पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा। साथियों, युवा Aspirations को पूरा करना बीजेपी की प्राथमिकता है। हमारी ही सरकार ने दावणगेरे में सॉफ्टवेयर पार्क ऑफ इंडिया के सब-सेंटर की स्थापना भी की है। इससे यहां के युवाओं को, स्टार्टअप्स को नए अवसर मिलेंगे। आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर के विकास से दावणगेरे की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को भी गति मिलेगी।

साथियों,

बीते 10 वर्षों में हमने कर्नाटक के विकास के साथ-साथ कर्नाटक की विरासत को भी नई पहचान दी है। बीजेपी के प्रयासों को अब JDS का भी साथ मिल गया है। 7 मई को आपका वोट देश के विकास के साथ-साथ कर्नाटका की इस विरासत को भी आगे बढ़ाएगा। बीजेपी ने दावणगेरे से श्रीमती गायत्री सिद्धेश्वरा और हावेरी से श्री बसवराज बोम्मई को प्रत्याशी बनाया है। आप इनको जब कमल का बटन दबाकर वोट दोगे न, आप पक्का मानकर चलिए, मोदी की गारंटी, जब आप उनको वोट देंगे, ये वोट सीधा-सीधा मोदी को पहुंचेगा। आपका एक-एक वोट, मोदी के संकल्पों को मजबूत करेगा। आपका एक-एक वोट, भारत की मजबूती का आधार बनेगा। और आज इसीलिए मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं आज आपसे कुछ मांगने आया हूं। मेरा आपसे अनुरोध है, गर्मी कितनी ही क्यों न हो, मतदान पूरा का पूरा कीजिए। पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाला मतदान कीजिए। पूरे देश में नाम हो, इतना मतदान कीजिए। घर-घर जाएंगे, मतदान कराएंगे। पोलिंग बूथ जीतेंगे। अच्छा मेरा एक काम करेंगे। जरा हाथ ऊपर करके बताइए तो मैं बताऊं। मेरा एक काम करेंगे, पक्का करेंगे। एक काम करना, ज्यादा से ज्यादा परिवारों में जाना। मेरी तरफ से जाना है और जाकर के कहना मोदी जी आए थे, मोदी ने आपको प्रणाम भेजा है। मेरा प्रणाम पहुंचा देना, हर परिवार को मेरा प्रणाम कह देना।

मेरे साथ बोलिए,

भारत माता की।

भारत माता की।

भारत माता की।

Explore More
ശ്രീരാമജന്മഭൂമി ക്ഷേത്രത്തിലെ പതാക ഉയർത്തൽ ഉത്സവത്തിനിടെ പ്രധാനമന്ത്രി നടത്തിയ പ്രസം​ഗം

ജനപ്രിയ പ്രസംഗങ്ങൾ

ശ്രീരാമജന്മഭൂമി ക്ഷേത്രത്തിലെ പതാക ഉയർത്തൽ ഉത്സവത്തിനിടെ പ്രധാനമന്ത്രി നടത്തിയ പ്രസം​ഗം
UP's exports to BRICS nations, partners cross $5.36 billion in FY26: Govt

Media Coverage

UP's exports to BRICS nations, partners cross $5.36 billion in FY26: Govt
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Odisha is emerging as a gateway to growth and prosperity in eastern India: PM Modi in Pahadpur
June 20, 2026
I extend my heartfelt birthday greetings to President Smt. Droupadi Murmu Ji, I wish her long life and excellent health: PM
Pahadpur village will now be rapidly developed as a solar village, that is, solar power will be ensured in every home here: PM
The vision of the Central Government is the development of India through the development of Eastern India: PM
To uplift tribal society, we are connecting tribal youth with opportunities for education and employment: PM
These children should get better facilities for studies; for this, around 500 Eklavya Model Schools have been opened across the country: PM

जॉय जगन्नाथ! जॉय मां किचकेश्वरी! मोर सबू भाई,भौणी,मां,मौसी मानंकु मोर नमोस्कार।

माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी, राज्यपाल श्री हरि बाबु जी, यहां के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी, उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव जी, प्रवती परीदा जी, ओडिशा के मंत्री गणेश सिंह खूंटिया जी, कृष्ण चंद्र महापात्र जी, सांसद नबा चरण माझी जी, मनमोहन सामल जी, बैजयंत पांडा जी, अन्य महानुभाव, भाइयों और बहनों।

हमारा ओडिशा इन दिनों उत्सवों के आनंद में डूबा हुआ है। यहाँ का गणपर्व रज, पिछले हफ्ते ही धूमधाम से मनाया गया है। महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की तैयारियां भी पुरजोश चल रही है। मयूरभंज के बारीपदा रथ यात्रा को लेकर भी उत्साह का माहौल है। और, इस सबके बीच ही लोकतन्त्र का विकास का उत्सव भी चल रहा है। ओडिशा की बीजेपी सरकार ने अपने 2 साल भी पूर्ण किए हैं। इस मौके पर, आप सबके बीच आना, मयूरभंज आने का ये सौभाग्य, और इतनी बड़ी संख्या में आप सबकी उपस्थिति, ये अवसर मेरे लिए बहुत खास है। आपका अपनापन मुझे बार-बार यहां खींच लाता है। मैं आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूँ। और ओडिशा की जनता को डबल इंजन सरकार में विकास यात्रा की भी बधाई देता हूँ, शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही, इस अवसर पर मैं पंडित रघुनाथ मुर्मू जी, डॉ. दमयंती बेश्रा जी, और श्री चरण हेम्ब्रम जी जैसी विभूतियों को भी नमन करता हूँ। रघुनाथ मुर्मू जी ने संथाली भाषा के लिए ओल चिकी लिपि का निर्माण किया था। हमारी सरकार ने संथाली भाषा में भारत के संविधान को प्रस्तुत किया है। ओडिशा की संतानों को पद्म सम्मान देकर सम्मानित किया है। पिछले 2 वर्षों में ओडिशा सरकार भी इन सभी विभूतियों के सपनों को पूरा करने में दिन रात पुरुषार्थ कर रही है।

साथियों,

आज का ये अवसर इसलिए भी विशेष है, क्योंकि मयूरभंज की धरती पर पली-बढ़ीं, ओडिशा की बेटी, माननीय राष्ट्रपति जी हमारे बीच उपस्थित हैं। आज उनका जन्मदिन भी है। मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकमानाएं देता हूं, मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। जनगन्नाथ जी भगवान के श्री चरणों में प्रार्थना करता हूं। ओडिशा की बेटी आज देश के इतने बड़े पद पर पहुंची हैं, हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं, ये हम सभी के लिए बहुत गौरव की बात है। राष्ट्रपति जी का व्यक्तित्व, उनका उदार और सहृदय स्वभाव, राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए उनका अटल समर्पण, उन्होंने मयूरभंज ही नहीं, पूरे ओडिशा की पहचान सशस्त की है। मैं इस अवसर पर, उनका विशेष रूप से अभिनंदन करता हूँ।

साथियों,

ये कार्यक्रम जब बना, तो इसमें मूल कारण तो लॉजिस्टिक था, लंबे अर्से से यहां आने के लिए चर्चा चल रही थी, लेकिन कोई तालमेल नहीं बैठता था। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस कोलकाता में तय हुआ, तो फिर मैंने कहा अच्छा है, आज बंग दिवस भी है, तो क्यों न मैं सुबह मयूरभंज होकर के शाम को फिर कोलकाता के कार्यक्रम में जाऊं। और इसके कारण ये 20 जून तय हुई। लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिसकी मंगल कामनाएं ईश्वरआधीन होती हैं, और इसलिए आज एक शुभ मंगल हो गया, कि राष्ट्रपति का जन्मदिन भी, मुझे आज उनके गांव में जाकर के, उनको शुभकामनाएं देने का अवसर मिला।

साथियों,

आज मैं राष्ट्रपति जी के साथ पहाड़पुर भी गया था। मैं इस क्षेत्र के बच्चों के लिए उनके द्वारा बनवाए गए स्कूल भी गया। बच्चों के साथ कुछ यादगार समय बिताने का अवसर मुझे मिला। मैं देख रहा था, बच्चों के चेहरों की चमक, राष्ट्रपति जी की उपस्थिति और आत्मीयता, वहां मुझे ऐसा कुछ भी नहीं लगा, किसी बच्चे को ये लगा हो कि राष्ट्रपति जी आई हैं, हर बच्चे को लगता था उनकी मां आई है। वे बच्चे भी बहुत भाग्यवान हैं, कैसे इस क्षेत्र के गरीब, वंचित और आदिवसी समाज के बच्चों को प्रेरणा मिल रही है, उन्हें देश के लिए कुछ बड़ा करने का आत्मविश्वास मिल रहा है। मैं राष्ट्रपति जी का आभारी हूं कि उन्होंने इन अनुभवों से गुजरने का आज मुझे अवसर दिया। ये मेरा दिन, एक प्रकार से मेरी शिक्षा का दिवस था, कुछ सीखने का अवसर था मेरे लिए।

साथियों,

मैं आपको सरकार का ये निर्णय भी बताना चाहता हूं कि पहाड़पुर गांव को, अब तेजी से सुर्यग्राम, सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। यानी यहां हर घर में सोलर बिजली बने, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। और हम तो बड़ा गर्व के साथ कह सकते हैं कि यही ओडिशा है, जहां कोणार्क में सुर्य मंदिर की एक पहचान है, वैसे ही पहाड़पुर सुर्यग्राम की पहचान बन जाएगा। सुर्यग्राम, से पूरा गांव सोलर विलेज के रूप में पहचाना जाए, इस दिशा में काम तुरंत शुरू हो ऐसा मेरा प्रयास रहेगा। इस अभियान से, पहाड़पुर के लोगों को मुफ्त सोलर बिजली भी मिलेगी और जो ज्यादा बिजली होगी, वो उनकी आय भी बढ़ाएगी।

साथियों,

ओडिशा में डबल इंजन सरकार के 2 साल कई मायनों में ऐतिहासिक रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी के नेतृत्व में, आज ओडिशा तेज गति से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आज यहां गरीब कल्याण की योजनाओं से सामान्य मानवी का जीवन बदल रहा है। ओडिशा में आर्थिक गतिविधियाँ निवेश और उद्योगों को आकर्षित करने का सामर्थ्य आज नज़र आ रहा है। यहाँ रोजगार के नए अवसरों के लिए तेजी से काम हो रहा है।

साथियों,

केंद्र सरकार का विज़न है- पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास। इसीलिए, हम पूर्वोदय की नीति पर काम कर रहे हैं। जिस पूर्वी भारत को काँग्रेस के दौर में पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वो प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। आज ओडिशा खुद इस बदलाव का साक्षी बन रहा है।

साथियों,

ओडिशा के पास समुद्र है, खनिज संपदा है, कृषि की शक्ति है और सबसे सामर्थ्यवान यहां युवा प्रतिभा है। इस सामर्थ्य का पूरा उपयोग करने के लिए हम मिलकर काम कर रहे हैं। इसीलिए, आज ओडिशा में रेलवे इनफ्रास्ट्रक्चर में रिकॉर्ड निवेश हो रहा है। नई सड़कें और आर्थिक कॉरिडोर बन रहे हैं। पोर्ट्स का विस्तार हो रहा है। ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक उद्योगों में निवेश आ रहा है। आज भी यहां ओडिशा के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इन परियोजनाओं पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी इन परियोजनाओं से, आप सभी लोगों को बहुत सुविधा होने वाली है। मैं इन परियोजनाओं के लिए ओडिशा के लोगों को बहुत बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

हमारी सरकार ओडिशा के संसाधनों को, ओडिशा की संभावनाओं में बदल रही है। ओडिशा में बड़ा निवेश आए, यहाँ नए उद्योग लगें, इसके लिए उत्कर्ष ओडिशा जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत, अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की अनेक मेगा परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बने, इसके लिए ओडिशा के समग्र विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। पावर सेक्टर में 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश हो रहा है। समृद्ध शहर योजना के तहत शहरी विकास को गति दी जा रही है। आने वाले वर्षों में इन प्रयासों का परिणाम हमें देखने को मिलने वाला है।

साथियों,

डबल इंजन सरकार की बड़ी विशेषता ये है कि वो खुद जनता तक पहुँचती है। हमारा प्रयास है कि सामान्य नागरिक को किसी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़े। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम लोगों की अपेक्षाएँ आज पूरी हो रही हैं। आप देखिए, धान खरीद में किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने का निर्णय लिया गया। सुभद्रा योजना के माध्यम से एक करोड़ से अधिक माताओं और बहनों तक आर्थिक सहायता पहुंचाई गई। आयुष्मान भारत को लागू करके ओडिशा के परिवारों के लिए देशभर के अस्पतालों में इलाज का रास्ता खोला गया। आदिवासी विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए माधो सिंह हाथ-खर्चा योजना शुरू की गई। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्रीमंदिर के श्रद्धालुओं के लिए सारे द्वार खोल दिए गए, चारों-चार द्वार खोल दिए गए। डबल इंजन की ताकत मिलने से आज यहां चारों दिशाओं में विकास सुनिश्चित हो रहा है।

साथियों,

यहां बीते दिनों स्वच्छता को लेकर जो विशेष अभियान चला है, उसकी भी मुझे जानकारी मिली है। और मैं देख रहा था सोशल मीडिया में तो सफाई अभियान छाया हुआ है, यानी स्वच्छता से स्वागत, मैं ओडिशा की इस पहल के लिए, यहां के नगारिको का, सरकार का, मुख्यमंत्री जी का, इस प्रशंसनीय पहल के लिए बहुत ही प्रशंसा करता हूं, संतोष व्यक्त करता हूं।

साथियों,

स्वच्छता हमारे जीवन शैली का हिस्सा होनी चाहिए, हर रोज की आदत होनी चाहिए। मैं यहां स्वच्छता अभियान से जुड़े सभी लोगों का हृदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

साथियों,

मैंने अपने जीवन का कुछ महत्वपूर्ण कालखंड जनजातीय क्षेत्रों में एक वालंटियर के रूप में काम करते हुए बिताया है। माननीय राष्ट्रपति जी तो बरसों तक ऐसे क्षेत्रों में चुनौतियां का सामना करती रही हैं। आप और हम जानते हैं कि जनजातीय क्षेत्रों में जीवन की सुविधाएं आसानी से नहीं पहुंचती थीं। इसलिए, हमारी सरकार ने जनजातीय विकास को बहुत प्राथमिकता दी है। हमने ऐसे इलाकों को सुविधाओं से जोड़ने के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया। इसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास से जुड़े विभाग मिलकर के सर्वागीण विकास के लिए काम कर रहे हैं। ताकि वहां रहने वाले लोगों की कठिनाइयां दूर हो सकें। इसी तरह, पीएम जनमन अभियान तो राष्ट्रपति जी के साथ हुई चर्चाओं का, उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है। ये विशेष रूप से देश के ऐसे जनजातीय समूहों के लिए है, जो जनजातीय समुदाय में भी सबसे पीछे रह गए हैं। ऐसे जनजातीय समुदायों तक अब सरकार स्वयं चलकर उनके गांव, उनके दरवाजे तक पहुंच रही है।

साथियों,

आदिवासी समाज के उत्थान के लिए हम आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ रहे हैं। इन बच्चों को पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए देश में करीब 500 एकलव्य मॉडल स्कूल खोले गए हैं। करीब साढ़े सात सौ एकलव्य स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। प्री-मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक लेवल पर, डेढ़ करोड़ से अधिक आदिवासी बच्चों को सैकड़ों करोड़ रुपए की स्कॉलर्शिप दी गई है। मुझे ये बताते हुए भी खुशी है कि यहां मयूरभंज में एक और नवोदय विद्यालय बनाने के लिए भी स्वीकृति दे दी गई है।

साथियों,

दूर-दराज इलाकों में रहने के कारण, जनजातीय समाज स्वास्थ्य से जुड़ी कठिनाइयों का भी शिकार रहा है। सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियाँ एक बहुत बड़ी चुनौती रही हैं। हमने इनके खिलाफ देश भर में अभियान चलाया, चार करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बांटे, मुफ्त इलाज के लिए करोड़ों आदिवासी लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिये। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर साफ पानी पहुंचाया जा रहा है। इन प्रयासों का परिणाम आज हमें दिख रहा है। आदिवासी समाज दशकों पुरानी कठिनाइयों से बाहर आ रहा है, और, विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बन रहा है।

साथियों,

आने वाले समय में हमारे सामने दो महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूरे होंगे। और, 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने वाले हैं। यानी, ओडिशा और देश का लक्ष्य एक ही दिशा में है। ओडिशा की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तो भारत मजबूत होगा। मुझे ओडिशा के सामर्थ्य पर भरोसा है। हमें मिलकर ओडिशा को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाना है।

साथियों,

कल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाना है। ज्ञान और योग की धरती ओडिशा, योग यहाँ के संस्कारों का हिस्सा रहा है। मैं ओडिशा की धरती से पूरे देश से, पूरी दुनिया के लोगों से आह्वान करता हूँ, आप सब ज्यादा से ज्यादा संख्या में योग दिवस में हिस्सा लें। मैं एक बार फिर आप सभी को आज के अवसर, और विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं माननीय राष्ट्रपति जी का विशेष रूप से आभार प्रकट करता हूं, कि मुझे उनके साथ उनकी कर्मभूमि को देखने का मौका मिला। एक बार फिर उन्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। बहुत-बहुत धन्यवाद।

जय जगन्नथ।

जय जगन्नथ।

जय जगन्नथ।