കോൺഗ്രസ് എല്ലായ്പ്പോഴും ഡോ. ബാബാസാഹെബ് അംബേദ്കറെ അപമാനിച്ചു, ഞങ്ങൾ അദ്ദേഹത്തെ ആദരിച്ചു: ഹൊഷങ്കാബാദ് റാലിയിൽ പ്രധാനമന്ത്രി മോദി
ദരിദ്രകുടുംബത്തിലെ മകൻ മോദി പ്രധാനമന്ത്രിയായതോടെ ഭരണഘടനയും ജനാധിപത്യവും അപകടത്തിലാകുമെന്നും കോൺഗ്രസ് പ്രചരിപ്പിക്കാൻ തുടങ്ങിയെന്ന് പ്രധാനമന്ത്രി പറഞ്ഞു
ഹൊഷംഗബാദിൽ ഒരു പൊതു റാലിയെ അഭിസംബോധന ചെയ്ത് പ്രധാനമന്ത്രി നരേന്ദ്ര മോദി പറഞ്ഞു, നിങ്ങൾ ഡിജിറ്റൽ പണമിടപാടുകൾക്കായി ഉപയോഗിക്കുന്ന BHIM UPI, അതിന് ഞങ്ങൾ ബാബാസാഹെബ് അംബേദ്കറുടെ പേരിട്ടിരിക്കുന്നു
എന്ത് സംഭവിക്കും, എന്ത് കുഴപ്പം ഉണ്ടാകും എന്നറിയാതെ ലോകം നടുങ്ങുകയാണ്. അത്തരമൊരു ലോകത്തിന്, ശക്തമായ ഇന്ത്യ വളരെ പ്രധാനമാണെന്ന് പ്രധാനമന്ത്രി മോദി പറഞ്ഞു

नर्मदा मैया की जय !
नर्मदा मैया की जय !
नर्मदा मैया की जय !

ये ऐसा क्षेत्र है जिससे मैं बरसों से बहुत ही निकट परिचय में रहा हूं। अनेक बार इस आदिवासी अंचल से मुझे जुड़ने का सौभाग्य मिला है। मैं जानता हूं कि यहां कितनी दूर दूर तक बस्तियां हैं, गांव हैं। इसके बावजूद आप इतनी विशाल संख्या में हम सभी को आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं।

मुझे कल बताया गया कि इतनी तेज बारिश यहां हुई थी कि लग रहा था कि आज कार्यक्रम कर पाएंगे कि नहीं कर पाएंगे। लेकिन आपका प्यार, आपका उत्साह कि प्राकृतिक तकलिफों को बावजूद भी रात-रात मेहनत करके इतना शानदार भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया, मैं आपका अभिनंदन करता हूं। मैं मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि मुझे आगे जल्दी पहुंचना है। आज मुझे कर्नाटक, केरल एक लंबी यात्रा है। ढ़ेर सारे कार्यक्रम हैं तो उन्होंने अपना भाषण भी छोड़ दिया। और मुझे बोलने के लिए निमंत्रित कर दिया। मैं मुख्यमंत्री जी के जेस्चर के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं।

भाइयों और बहनों,
अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, जब मध्य प्रदेश ने पूरे देश को चौंका दिया था। और होशंगाबाद ने तो कमाल ही कर दिया था। यहां से जो लहर उठी थी, वो लहर पूरे देश में फैल चुकी है। आज देश के कोने-कोने से एक ही आवाज़ आ रही है- फिर एक बार...मोदी सरकार !

साथियों,
आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। आज संविधान निर्माता, बाबा साहेब अम्बेडकर की जन्म-जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू, यहां से ज्यादा दूर नहीं है। महू में उनका घर हो, या देश-विदेश में वे जहां भी रहे, उन सारे स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उनको कभी नहीं दिया। वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबा साहेब को अपमानित करने का ही काम किया है। बाबा साहेब ने जो संविधान बनाया है, उसके कारण ही आज गरीब मां का ये बेटा मोदी आपसे तीसरी बार सेवा का आशीर्वाद मांग रहा है। ये बाबा साहेब का संविधान है, जिसके कारण आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी परिवार की बेटी है। जिस समाज को सबसे अंत में पूछा गया, जिसको वंचित रखा गया, उस समाज की बेटी, आज देश की राष्ट्रपति के रूप में पहली नागरिक हैं। हमने बाबा साहेब को सिर्फ विचारों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आधुनिक भारत में उनके योगदान को नई पहचान दी है। आप फोन से जो डिजिटल पेमेंट करते हैं, वो डिजिटल पेमेंट की योजना है, उसका नाम BHIM UPI है। ये BHIM UPI बाबा साहेब के नाम पर हमने रखा है।

भाइयों और बहनों,
देश की आजादी में और राष्ट्रनिर्माण में आदिवासी समाज का बहुत समृद्ध योगदान रहा है। इस मिट्टी ने तो गोंड वंश के राजा भभूति सिंह के रूप में एक महान स्वतंत्रता सेनानी देश को दिया है।

साथियो,
कांग्रेस ने आदिवासी समाज के योगदान को कभी स्वीकार नहीं किया। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने का सौभाग्य भी बीजेपी की सरकार को मिला है।

साथियो,
कमाल देखिए, आजादी के अनेक दशक तक कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधे या रिमोट कंट्रोल से देश चलाया। इसी परिवार ने देश में आपातकाल इमरजेंसी लगाई थी। कांग्रेस ने देशभर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्ज़ी उसे पत्ते की तरह गिरा देते थे। कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा मरोड़ा और जो मर्जी लिखवाया और अपना ही महिमामंडन करवाया। कांग्रेस की मानें तो तब लोकतंत्र ठीक चल रहा था, फल-फूल रहा था। ऐसे वो बता रहे हैं। लेकिन जैसे ही गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री बना तो कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है संविधान और लोकतंत्र पर खतरा आ जाएगा। ये कांग्रेस वाले आपको पता नहीं है। ये बाबा साहेब का संविधान है ना उनके कारण तो मोदी यहां पहुंचा है। अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना, तो देश में आग लग जाएगी। ये 2014 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या, ये 2019 में भी बोलते थे . कभी आग लगी क्या, ये राम मंदिर में भी बोलते थे, कभी आग लगा क्या। ये 370 के लिए भी बोलते थे आग लगी क्या। बस देश को डराओ -घबराओ , भ्रम फैलाओ।

भाइयों और बहनों,
आग देश में नहीं, आग-जलन उनके दिलों में लगी है, ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है। कि ये उनको अंदर से जलाती जा रही है। और ये जलन भी मोदी के कारण नहीं है, ये जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रेम के कारण है। वे ये प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं।

भाइयों-बहनों,
ये लोग 10 साल से सत्ता से बाहर हैं। 10 साल में ऐसे छटपटा रहे हैं जैसे उनका सबकुछ लुट गया। उनकी भावी पीढ़ियों का ही जैसे लुट गया। अगर कांग्रेस वाले यही कारनामे करते रहेंगे और उनका तौर तरीका यही रहेगा, तो ये जलन उनको इतनी जला देगी कि देश आगे मौका देने को कभी तैयार नहीं होगा। और इसका कारण साफ है। आप दुनिया की स्थिति देख रहे हैं। युद्ध और अराजकता की स्थिति है...अनिश्चितता की स्थिति है। चारो तरफ एक धुंधला और आशंका का वातावरण बन गया है। हर कोई भय के साए में दुनिया में रह रहा है। कब क्या होगा , कौन सी मुसीबत आएगी, दुनिया थर-थर कांप रही है। ऐसी दुनिया के लिए एक मजबूत और शक्तिशाली भारत ज़रूरी है। आज भारत और मजबूत होना चाहिए की नहीं होना चाहिए। भाजपा-भारत की सेवा में इसलिए लगी है, क्योंकि भारत मजबूत और सशक्त बने। आप मुझे बताइए, ये काम क्या एक अस्थिर, कमज़ोर, भ्रष्ट और स्वार्थी नेताओं का इंडी-गठबंधन मजबूती का काम कर सकता है क्या, देश को मजबूत बना सकता है क्या। अरे जो पार्टी खुद को मजबूत नहीं बना सकती वे देश को क्या मजबूत बनाएगी। आप मुझे बताइए भाइयों, शक्तिशाली भारत कौन बना सकता है?, शक्तिशाली भारत कौन बना सकता है? मजबूत भारत कौन बना सकता है। सामर्थ्यवान भारत कौन बना सकता है, समृद्ध भारत कौन बना सकता है। शक्तिशाली भारत कौन बना सकता है? मैंने इतने सारे सवाल पूछे, मैं सोच रहा था आपलोग सही जवाब देंगे, लेकिन आपने तो हर बार गलत जवाब दे दिया। ये मोदी नहीं आपका एक वोट कर सकता है। आपका एक वोट कर सकता है। आपके वोट की ताकत है जो देश को ताकतवर बनाएगी, आपके वोट की ताकत है, जो देश को शक्तिशाली बनाएगी।

भाइयों और बहनों,
थोड़ी देर पहले ही भाजपा का संकल्प पत्र देश की जनता के चरणों में रखने का सौभाग्य मिला मैंने वहां मोदी की गारंटी के बारे में बताया है। आप इंडी-गठबंधन की स्थिति देखिए। वो तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणापत्र एक जिम्मेवारी होती है, जनता के लिए एक कमिटमेंट होता है। उनके सभी साथी आपस में उलट-पुलट कर रहे हैं। और ऐसे ऐसे वादे कर रहे हैं कि देश किस दिशा में जाएगा तय नहीं कर सकते। उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है। ये भी उनकी बातों में कहीं नजर नहीं आता है। और इनके घोषणापत्र भी एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी का घोषणापत्र कहता है कि देश को आर्थिक रूप से दीवालिया बनाने वाला घोषणापत्र उनका है। एक-एक लाइन ऐसी है। एक उनके साथी का घोषणापत्र कहता है कि भारत से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। बताइए भईया कोई देश ऐसा सोचेगा क्या। परमाणु हथियार आज के युग में भारत को जरूरी है कि नहीं है। भारत की ताकत के लिए भारत की रक्षा के लिए परमाणु हथियार होना चाहिए की नहीं होना चाहिए हमारे पास। अगर दुश्मनों की इतनी ताकत हो और हम कह दें कि परमाणु हथियार नष्ट कर दंगें। ये किसकी भलाई के लिए बोल रहे हो भाई। ऐसा वादा कर रहे है वो लोग, क्या वो देश की रक्षा कर सकते हैं। जैसी घातक इनकी सोच है, वैसे ही घातक ये अपने घोषणापत्र बना रहे हैं।

साथियों,
भाजपा का संकल्पपत्र, मोदी की गारंटी के रूप में आपके सामने है। गांव हो या शहर, सरकार हर गरीब का पक्के घर का सपना पूरा करेगी- ये मोदी की गारंटी है। अच्छा मेरा एक काम करोगे आप लोग, करोगे, हाथ ऊपर करके बताओ करोगे। देखिए इस पर चुनाव में आप जहां भी जाएं, सभी लाभार्थियों को मिलेंगे। हो सकता है। एक गांव में 30-40 लोगों का घर बन गया। लेकिन अभी भी एक दो लोग छूट गए हैं। उनको जाकर के बताना मोदी के गारंटी हैं कि जिनका काम भी छूट गया है, ये आने वाले दिनों में वो लाभ भी उनको मिलेगा। आने वाले समय में हमने तीन करोड़ घर बनाने का संकल्प लिया। दिव्यांग साथियों को भी आवास योजना का लाभ मिलेगा।

यहां होशंगाबाद के किसानों को करीब 400 करोड़ रुपए पीएम किसान सम्मान निधि के मिले हैं। और आने वाले 5 साल में ये पीएम किसान सम्मान निधि चलती रहेगी। और करीब-करीब 2 हजार करोड़ रूपया यहां के किसानों के यहां आएंगे। गरीब को 5 साल तक मुफ्त राशन ऐसे ही मिलता रहेगा, ताकि गरीब के घर का चूल्हा बुझ ना जाए। गरीब को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलता रहेगा, ये भी मोदी की गारंटी है। ऊपर से एक और गारंटी दी है। हमने कहा है किसी भी समाज का, किसी भी आर्थिक शक्ति वाला, गरीब हो, मध्यम वर्ष हो, उच्च मध्यम वर्ग हो, गरीब हो, मध्यम वर्ष हो, उच्च मध्यम वर्ग हो, सुखी हो समृद्ध हो, 70 साल के ऊपर का कोई भी माता-पिता को अब 5 लाख रुपए तक इलाज की जिम्मेदारी, ये उनका बेटा मोदी उठाएगा। और उनको लाभ होगा इतना नहीं , जो आज 25, 30, 35 साल के युवा हैं ना, उनका बोझ मोदी उठा लेगा। और वो जीवन में सुख चैन से प्रगति के रास्ते पर बढ़ पाएंगे। आप कल्पना कर सकते हैं। कितनी बड़ी सुविधा देश के बुजुर्गों को मिलने जा रही है।

साथियों,
मोदी ने 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गारंटी दी है। इतनी सारी दीदी मुझे दिख रही है सामने, ये मोदी की गारंटी है मुझे आशीर्वाद दीजिए। 3 करोड़ को मैं लखपति बनाना चाहता हूं। इतनी तादाद में माताएं -बहनें यहां आई हैं। ये आपके आशीर्वाद मेरे उस संकल्प को जरूर पूरा करेंगे।

अब बीजेपी ने संकल्प पत्र में ठाना है कि मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी का लोन, 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किया जाएगा। अब हर परिवार का नौजवान, हर परिवार की युवा बेटी कोई कारोबार करना चाहती है तो मोदी आपके साथ खड़ा रहेगा। इससे मध्य प्रदेश के हमारे गरीब, दलित, आदिवासी और ओबीसी समाज के युवाओं को, हमारी बेटियों को बड़ी मदद मिलेगी। इससे यहां पर्यटन आधारित रोजगार की बहुत संभावनाएं हैं, इससे यहां नोजवानों को बहुत बड़ा अवसर मिलेगा। गेस्ट हाउस हो, होम स्टे हो, छोटा ऑटो रखना है, टूरिस्टों के लिए जरूरी चीजें खड़ी करनी है। ऐसे काम के लिए नौजवानों को मदद मिल पाएगी। आप कल्पना कर सकते हैं, नौजवानों के लिए कितने सारे अवसर लेकर के भाजपा का संकल्प पत्र आया है। सरकार होम स्टे के लिए जो आर्थिक मदद देगी, उसका बड़ा लाभ यहां इस क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं को भी मिलेगा। बहुत बड़ी संख्या में हमारे साथी ऑटो, ट्रक, टैक्सी ट्राइवर हैं। ऐसे साथियों को ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर किया जाएगा। मकसद यही है कि उनको भी बीमा और दूसरी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।

साथियों,
2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्मजयंती है। बीजेपी ने संकल्प लिया है कि 2025 वर्ष को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। आदिवासी कला-संस्कृति से जुड़ी विरासत को समृद्ध करने के लिए फंड बढ़ाया जाएगा। SC/ST/OBC के कल्याण से जुड़ी योजनाएं तेज़ी से ज़मीन पर उतरें, इसके लिए जिला कमेटियां गठित की जाएंगी। उसमें SC/ST/OBC के कोई ना कोई प्रतिनिधि रखे जाएंगे। एकलव्य मॉडल स्कूलों की संख्या साढ़े 700 तक पहुंचाने के लिए तेज़ी से काम किया जाएगा। जनजातियों में भी पिछड़ी जनजातियों के लिए 24 हज़ार करोड़ रुपए की पीएम जनमन योजना पर पहले से ही काम चल रहा है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में इसे भी तेज़ गति से पूरा किया जाएगा। इन प्रयासों से MP के हमारे SC-ST-OBC समाज को आगे बढ़ने में बहुत मदद मिलेगी।

भाइयों और बहनों,
मोदी की गारंटी वहां से शुरु होती है, जहां दूसरों से उम्मीद खत्म होती है। इसलिए हताश कांग्रेस ऐसी घोषणाएं कर रही है, जो खुद कांग्रेस के नेताओं को ही समझ नहीं आ रही। कांग्रेस के शहज़ादे ने घोषणा की आप भी सुन करके हंसोगे। कांग्रेस के शहजादे ने घोषणा की कि एक झटके में देश से गरीबी हटा दूंगा। ये बात सुनकर पूरा देश हैरान है। देश पूछ रहा है कि आखिर ये ‘शाही जादूगर’, इतने बरसों तक कहां छुपा था। 50 साल पहले इनकी दादी ने देश से गरीबी हटाने की घोषणा की थी। 2014 से पहले 10 साल तक इन्होंने रिमोट से सरकार चलाई। और कह रहे हैं कि अब बस इनको एक झटके वाला मंत्र मिल ही गया है। ये झटके वाला मंत्र लाए कहां से, बताइए ये गरीबों का मजाक है कि नहीं है। ये गरीबों का अपमान है कि नहीं है, आप बताइए एक झटके से गरीबी दूर होती है क्या। ये क्या बोल रहे हैं, उनपर कोई भरोसा करेगा क्या। ऐसे दावे करते हैं, तभी ये देशभर में हंसी के पात्र बन जाते हैं, देश उनको गंभीरता से नहीं लेता है।

भाई और बहनों,
आपने मुझे बहुत निकट से देखा है। दिन रात मैं क्या कर रहा हूं, क्यों कर रहा हूं, कैसे कर रहा हूं, किसके लिए कर रहा हूं। सब बराबर देखा है ना मुझे, लगातार आप देख रहे ना, आपको विश्वास हो गया है कि मोदी का अपना कोई सपना नहीं है। मोदी के लिए तो आपका सपना ही यह मोदी का संकल्प है। मैं आपके लिए ही पैदा हुआ हूं। आप सभी मेरा देश ये भारत ही मेरा परिवार है। इसलिए, आज चारों तरफ चौड़ी सड़कें बनाई जा रही हैं। यहां अनेक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण हो रहा है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 साल में दोगुनी हो चुकी है। कोशिश यही है कि आपको मुश्किलें न हों, असुविधा न हो। लेकिन आप कहते हैं मोदी ने बहुत काम किया है। लेकिन मैं कहता हूं ये तो अभी ट्रेलर ही है। अभी तो मुझे बहुत कुछ करना बाकी है। देश को, मध्य प्रदेश को हमें और ऊंचाई पर ले जाना है। हम अन्नदाता को ऊर्जादाता और उर्वरकदाता, दोनों बनाना चाहते हैं। बिजली का बिल जीरो हो और बिजली से कमाई भी हो, इसके लिए पीएम सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना हम घर-घर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। सौर ऊर्जा, जैविक खाद और इथेनॉल उत्पादन में एमपी के, होशंगाबाद के किसान भी अग्रणी हों, इसके लिए हम काम करने वाले हैं। दालों में आत्मनिर्भरता और मोटे अनाज यानि श्री अन्न को दुनिया के बाज़ारों तक पहुंचाना ये मोदी की प्राथमिकता है। मैं मोहन यादव जी और उनकी सरकार की भी प्रशंसा करुंगा। वो ईमानदारी से यहां आपको दी हुई गारंटियां पूरा करने में जुटे हैं।

साथियों,
19 अप्रैल को छिंदवाड़ा से मेरे नौजवान साथी भाई विवेक बंटी साहू जी को और फिर 26 अप्रैल को होशंगाबाद से हमारे किसान नेता हमारे साथी दर्शन सिंह चौधरी जी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना है।

साथियो,
मुझे पक्का विश्वास है। आप तो जीता ही जीता देने वाले हो, लेकिन मेरी एक अपेक्षा है, पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ने हैं, तोड़ोगे। मेरी अपेक्षा हर बूथ को जीतना है, जीतोगे, हर बूथ जीतोगे। हर बूथ को जीतने के लिए ताकत लगा दोगे। तो नोट कर लीजिए। अगली बार नर्मदापुरम आऊंगा तो मावा-बाटी और गुड़ की जलेबी के साथ विजय उत्सव मनाएंगे। रामनवमी आने वाली है। राम मंदिर निर्माण होने के बाद इस बार की रामनवमी बहुत विशेष है। आपको भी इस रामवनमी की बहुत सारी शुभकामनाएं।

मेरा एक काम करोगे मेरा एक पर्सनल काम करोगे. यह चौधरी जी का भी नहीं है। साहू जी का भी नहीं है। करोगे जरा हाथों पर करके बताओ करोगे, हर कोई करेगा। मेरा एक काम करना जब अपने गांव जाएंगे, मोहल्ले में जाएंगे तो उन्हें बताना कि हमारे मोदी जी होशंगाबाद आए थे। उन्होंने आपको राम-राम कहा है। मेरा राम-राम पहुंचा देंगे। मेरा राम-राम पहुंचा देंगे। बोलिए भारत माता की जय...भारत माता की जय...भारत माता जय।
बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
ശ്രീരാമജന്മഭൂമി ക്ഷേത്രത്തിലെ പതാക ഉയർത്തൽ ഉത്സവത്തിനിടെ പ്രധാനമന്ത്രി നടത്തിയ പ്രസം​ഗം

ജനപ്രിയ പ്രസംഗങ്ങൾ

ശ്രീരാമജന്മഭൂമി ക്ഷേത്രത്തിലെ പതാക ഉയർത്തൽ ഉത്സവത്തിനിടെ പ്രധാനമന്ത്രി നടത്തിയ പ്രസം​ഗം
Govt directs faster processing of city gas projects, hikes commercial LPG allocation to ease supply stress

Media Coverage

Govt directs faster processing of city gas projects, hikes commercial LPG allocation to ease supply stress
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
This is the New India that leaves no stone unturned for development: PM Modi
March 23, 2026
Today, India is moving forward with a new confidence; Now India faces challenges head-on: PM
From the Gulf to the Global West and from the Global South to neighbouring countries, India is a trusted partner for all: PM
What gets measured gets improved and ultimately gets transformed: PM
This is the new India, It is leaving no stone unturned for development: PM

नमस्कार!

पिछले कुछ समय में मुझे एक-दो बार टीवी9 भारतवर्ष देखने का मौका मिला है। नॉर्मली भी युद्धों और मिसाइलों पर आपका बहुत फोकस होता है और आजकल तो आपको कंटेंट की ओवरफीडिंग हो रही है। बड़े-बड़े देश टीवी9 को इतना सारा कंटेंट देने पर तुले हुए हैं, लेकिन On a Serious Note, आज विश्व जिन गंभीर परिस्थितियों से गुजर रहा है, वो अभूतपूर्व है और बेहद गंभीर है। और इन स्थितियों के बीच, आज टीवी-9 नेटवर्क ने विचारों का एक बेहद महत्वपूर्ण मंच बनाया है। आज इस समिट में आप सभी India and the world, इस विषय पर चर्चा कर रहे हैं। मैं आप सबको बधाई देता हूं। इस समिट के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। सभी अतिथियों का अभिनंदन करता हूं।

साथियों,

आज जब दुनिया, conflicts के कारण उलझी हुई है, जब इन conflicts के दुष्प्रभाव पूरी दुनिया पर दिख रहे हैं, तब India and the world की बात करना बहुत ही प्रासंगिक है। भारत आज वो देश है, जिसकी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। 2014 के पहले की स्थितियों को पीछे छोड़कर के आज भारत एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। अब भारत चुनौतियों को टालता नहीं है बल्कि चुनौतियों से टकराता है। आप बीते 5-6 साल में देखिए, कोरोना की महामारी के बाद चुनौतियां एक के बाद एक बढ़ती ही गई हैं। ऐसा कोई साल नहीं है, जिसने भारत की, भारतीयों की परीक्षा न ली हो। लेकिन 140 करोड़ देशवासियों के एकजुट प्रयास से भारत हर आपदा का सामना करते हुए आगे बढ़ रहा है। इस समय युद्ध की परिस्थितियों में भी भारत की नीति और रणनीति देखकर, भारत का सामर्थ्य देखकर दुनिया के अनेकों देश हैरान हैं। हमारे यहां कहावत है, सांच को आंच नहीं। 28 फरवरी से दुनिया में जो उथल-पुथल मची है, इन कठोर विपरीत परिस्थितियों में भी भारत प्रगति के, विकास के, विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इन 23 दिनों में भारत ने अपनी Relationship Building Capacity दिखाई है, Decision Making Capacity दिखाई है और Crisis Management Capacity दिखाई है।

साथियों,

आज जब दुनिया इतने सारे खेमों में बंटी हुई है, भारत ने अभूतपूर्व और अकल्पनीय bridges बनाए हैं। Gulf से लेकर Global West तक, Global South से लेकर पड़ोसी देशों तक भारत सभी का trusted partner है। कुछ लोग पूछते हैं, हम किसके साथ हैं? तो उनको मेरा जवाब यही है कि हम भारत के साथ हैं, हम भारत के हितों के साथ हैं, शांति के साथ हैं, संवाद के साथ हैं।

साथियों,

संकट के इसी समय में जब global supply chains डगमगा रही हैं, भारत ने diversification और resilience का मॉडल पेश किया है। Energy हो, fertilizers हों या essential goods अपने नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए भारत ने निरंतर प्रयास किया है और आज भी कर रहे है।

साथियों,

जब राष्ट्रनीति ही राजनीति का मुख्य आधार हो, तब देश का भविष्य सर्वोपरि होता है। लेकिन जब राजनीति में व्यक्तिगत स्वार्थ हावी हो जाता है, तब लोग देश के फ्यूचर के बजाय अपने फ्यूचर के बारे में सोचते हैं। आप ज़रा याद कीजिए 2004 से 2010 के बीच क्या हुआ था? तब कांग्रेस सरकार के समय पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों का संकट आया था और तब कांग्रेस ने देश की नहीं बल्कि अपनी सत्ता की चिंता की। उस वक्त कांग्रेस ने एक लाख अड़तालीस हज़ार करोड़ रुपए के ऑयल बॉन्ड जारी किए थे और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी ने खुद कहा था कि वो आने वाली पीढ़ी पर कर्ज का बोझ डाल रहे हैं। यह जानते हुए भी कि ऑयल बॉन्ड का फैसला गलत है, जो रिमोट कंट्रोल से सरकार चला रहे थे, उन लोगों ने अपनी सत्ता बचाने के लिए यह गलत निर्णय किया क्योंकि जवाबदेही उस समय नहीं होनी थी, उस बॉन्ड पर री-पेमेंट 2020 के बाद होनी थी।

साथियों,

बीते 5-6 वर्षों में हमारी सरकार ने कांग्रेस सरकार के उस पाप को धोने का काम किया है, और इस धुलाई का खर्चा कम नहीं आया है, ऐसी लाँड्री आपने देखी नहीं होगी। 1 लाख 48 हज़ार करोड़ रुपए की जगह, देश को 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक की पेमेंट करनी पड़ी क्योंकि इसमें ब्याज भी जुड़ गया था। यानी हमने करीब-करीब दोगुनी राशि चुकाने के लिए मजबूर हुए। आजकल कांग्रेस के जो नेता बयानों की मिसाइलें दाग रहे हैं, मिसाइल आई तो टीवी9 को मजा आएगा, उनकी इस विषय का जिक्र आते ही बोलती बंद हो जाती है।

साथियों,

पश्चिम एशिया में बनी परिस्थितियों पर मैंने आज लोकसभा में अपना वक्तव्य दिया है। दुनिया में जहां भी युद्ध हो रहे हैं, वो भारत की सीमा से दूर हैं। लेकिन आज की व्यवस्थाओं में कोई भी देश युद्धों से दुष्प्रभाव से दूर रहे, ऐसा संभव नहीं होता। अनेक देशों में तो स्थिति बहुत गंभीर हो चुकी है। और इन हालातों में हम देख रहे हैं कि राजनीतिक स्वार्थ से भरे कुछ लोग, कुछ दल, संकट के इस समय में भी अपने लिए राजनीतिक अवसर खोज रहे हैं। इसलिए मैं टीवी9 के मंच से फिर कहूंगा, यह समय संयम का है, संवेदनशीलता का है। हमने कोरोना महासंकट के दौरान भी देखा है, जब देशवासी एकजुट होकर संकट का सामना करते हैं, तो कितने सार्थक परिणाम आते हैं। इसी भाव के साथ हमें इस युद्ध से बनी परिस्थितियों का सामना करना है।

साथियों,

दुनिया की हर उथल-पुथल के बीच, भारत ने अपनी प्रगति की गति को भी बनाए रखा है। अगर मैं 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद, बीते 23 दिनों का ही ब्यौरा दूं, तो पूरब से पश्चिम तक, उत्तर से दक्षिण तक देश में हजारों करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का काम हुआ है। दिल्ली मेट्रो रेल के महत्वपूर्ण कॉरिडोर्स का लोकार्पण, सिलचर का हाई स्पीड कॉरिडोर का शिलान्यास, कोटा में नए एयरपोर्ट का शिलान्यास, मदुरै एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा देना, ऐसे अनेक काम बीते 23 दिनों में ही हुए हैं। बीते एक महीने के दौरान ही औद्योगिक विकास को गति देने के लिए भव्य स्कीम को मंजूरी दी गई है। इसके तहत देशभर में 100 plug-and-play industrial parks विकसित किए जाएंगे। देश में Small Hydro Power Development Scheme को भी हरी झंडी दी गई है। इससे आने वाले वर्षों में 1,500 मेगावाट नई hydro power capacity जोड़ी जाएगी। इसी दौरान जल जीवन मिशन को साल 2028 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। किसानों के हित में भी अनेक बड़े निर्णय लिए गए हैं। बीते एक महीने में ही पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। और जो हमारे MSMEs हैं, जो हमारे निर्यातक हैं, उनके लिए भी करीब 500 करोड़ रुपए के राहत पैकेज की भी घोषणा की गई है। यह सारे कदम इस बात का प्रमाण हैं कि विकसित भारत बनाने के लिए देश कितनी तेज गति से काम कर रहा है।

साथियों,

Management की दुनिया में एक सिद्धांत कहा जाता है - What gets measured, gets managed. लेकिन मैं इसमें एक बात और जोड़ना चाहता हूं, What gets measured, gets improved और ultimately, gets transformed. क्योंकि आकलन जागरूकता पैदा करता है। आकलन जवाबदेही तय करता है और सबसे महत्वपूर्ण आकलन संभावनाओं को जन्म देता है।

साथियों,

अगर आप 2014 से पहले के 10-11 साल और 2014 के बाद के 10-11 साल का आप आकलन करेंगे, तो यही पाएंगे कि कैसे इसी सिद्धांत पर चलते हुए, भारत ने हर सेक्टर को Transform किया है। जैसे पहले हाईवे बनते थे, करीब 11-12 किलोमीटर प्रति दिन की रफ्तार से, आज भारत करीब 30 किलोमीटर प्रतिदिन की स्पीड से हाईवे बना रहा है। पहले पोर्ट्स पर शिप का Turnaround Time, 5-6 दिन का होता था। आज वही काम, करीब-करीब 2 दिन से भी कम समय में पूरा हो रहा है। पहले Startup Culture के बारे में चर्चा ही नहीं होती थी। 2014 से पहले, हमारे देश में 400-500 स्टार्ट अप्स ही थे। आज भारत में 2 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रर्ड स्टार्ट अप्स हैं। पहले मेडिकल education में सीटें भी सीमित थीं, करीब 50-55 हजार MBBS seats थीं, आज यह बढ़कर सवा लाख से ज्यादा हो चुकी हैं। पहले देश के Banking system से भी करोड़ों लोग बाहर थे। देश में सिर्फ 25 करोड़ के आसपास ही बैंक account थे। वहीं जनधन योजना के माध्यम से 55 करोड़ से ज्यादा बैंक अकाउंट खुले हैं। पहले हमारे देश में airports की संख्या भी 70 से कम थी। आज एयरपोर्ट्स की संख्या भी बढ़कर 160 से ज्यादा हो चुकी है।

साथियों,

पहले भी योजनाएं तो बनती थीं, लेकिन आज फर्क है, आज परिणाम दिखते हैं। पहले गति धीमी थी, आज भारत fastrack पर है। पहले संभावनाएं भी अंधकार में थीं, आज संकल्प सिद्धियों में बदल रहे हैं। इसलिए दुनिया को भी यह संदेश मिल रहा है कि यह नया भारत है। यह अपने विकास के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है।

साथियों,

आज हमारा प्रयास है कि अतीत में विकास का जो असंतुलन पैदा हो गया था, उसको अवसरों में बदला जाए। अब जैसे हमारा पूर्वी भारत है। हमारा पूर्वी भारत संसाधनों से समृद्ध है, दशकों तक वहां जिन्होंने सरकारें चलाई हैं, उनकी उपेक्षा ने पूर्वी भारत के विकास पर ब्रेक लगा दी थी। अब हालात बदल रहे हैं। जिस असम में कभी गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, आज वहां सेमीकंडक्टर यूनिट बन रही है। ओडिशा में सेमीकंडक्टर से लेकर पेट्रोकेमिकल्स तक अनेक नए-नए सेक्टर का विकास हो रहा है। जिस बिहार में 6-7 दशक में गंगा जी पर एक बड़ा पुल बन पाया था एक, उस बिहार में पिछले एक दशक में 5 से ज्यादा नए पुल बनाए गए हैं। यूपी में कभी कट्टा मैन्युफैक्चरिंग की कहानियां कही जाती थीं, आज यूपी, मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग में दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है।

साथियों,

पूर्वी भारत का एक और बड़ा राज्य पश्चिम बंगाल है। पश्चिम बंगाल, एक समय में भारत के कल्चर, एजुकेशन, इंडस्ट्री और ट्रेड का हब होता था। बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए बड़ी मात्रा में निवेश किया है। लेकिन दुर्भाग्य से, आज वहां एक ऐसी निर्मम सरकार है, जो विकास पर ब्रेक लगाकर बैठी है। TV9 बांग्ला के जो दर्शक हैं, वो जानते हैं कि बंगाल में आयुष्मान योजना पर निर्मम सरकार ने ब्रेक लगाया हुआ है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर ब्रेक लगाया हुआ है। पीएम आवास योजना पर ब्रेक लगाया हुआ है। चाय बागान श्रमिकों के लिए शुरू हुई योजना के लिए ब्रेक लगाया हुआ है। यानी विकास और जनकल्याण से ज्यादा प्राथमिकता निर्मम सरकार अपने राजनीतिक स्वार्थ को दे रही है।

साथियों,

देश में इस तरह की राजनीति की शुरुआत जिस दल ने की है, वो अपने गुनाहों से बच नहीं सकती और वो पार्टी है - कांग्रेस। कांग्रेस पार्टी की राजनीति का एक ही लक्ष्य रहा है, किसी भी तरह विकास का विरोध और कांग्रेस यह तब से कर रही है, जब मैं गुजरात में था। गुजरात में वर्षों तक जनता ने हमें आशीर्वाद दिया, तो कांग्रेस ने उस जनादेश को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने गुजरात की छवि पर सवाल उठाए, उसकी प्रगति को कटघरे में खड़ा किया और जब यही विश्वास पूरे देश में दिखाई दिया, तो कांग्रेस का विरोध भी रीजनल से नेशनल हो गया।

साथियों,

जब राजनीति में विरोध, विकास के विरोध में बदल जाए, जब आलोचना देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाने लगे, तब यह सिर्फ सरकार का विरोध नहीं रह जाता, यह देश की प्रगति से असहज होने की मानसिकता बन जाती है। आज कांग्रेस इसी मानसिकता की गुलाम बन चुकी है। आज स्थिति यह है कि देश की हर सफलता पर प्रश्न उठाया जाता है, हर उपलब्धि में कमी खोजी जाती है और हर प्रयास के असफल होने की कामना की जाती है। कोविड के समय, देश ने अपनी वैक्सीन बनाई, तो कांग्रेस ने उस पर भी संदेह जताया। Make in India की बात हुई, तो कहा गया कि यह सफल नहीं होगा, बब्बर शेर कहकर इसका मजाक उड़ाया गया। जब देश में डिजिटल इंडिया अभियान शुरू हुआ, तो उसका मजाक उड़ाया गया। लेकिन हर बार यह कांग्रेस का दुर्भाग्य और देश का सौभाग्य रहा कि भारत ने हर चुनौती को सफलता में बदला। आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीनेशन ड्राइव का उदाहरण है। भारत डिजिटल पेमेंट्स में दुनिया का अग्रणी देश है। भारत मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप्स में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

साथियों,

लोकतंत्र में विरोध जरूरी होता है। लेकिन विरोध और विद्वेष के बीच एक रेखा होती है। सरकार का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन देश को बदनाम करना, यह कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़ा करता है। जब विरोध इस स्तर तक पहुंच जाए कि देश की उपलब्धियां भी असहज करने लगें, तो यह राजनीति नहीं, यह दृष्टिकोण की समस्या है। अभी हमने ग्लोबल AI समिट में भी देखा है। जब पूरी दुनिया भारत में जुटी हुई थी, तो कांग्रेस के लोग कपड़े फाड़ने वहां पहुंच गए थे। इन लोगों को देश की इज्जत की कितनी परवाह है, यह इसी से पता चलता है। इसलिए आज आवश्यकता है कि देशहित को, दलहित से ऊपर रखा जाए क्योंकि अंत में राजनीति से ऊपर, राष्ट्र होता है, राष्ट्र का विकास होता है।

साथियों,

आज का यह दिन भी हमें यही प्रेरणा देता है। आज के ही दिन शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। आज ही, समाजवादी आंदोलन के प्रखर आदर्श डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की जयंती भी है। यह वो प्रेरणाएं हैं, जिन्होंने देश को हमेशा स्व से ऊपर रखा है। देशहित को सबसे ऊपर रखने की यही प्रेरणा, भारत को विकसित भारत बनाएगी। यही प्रेरणा भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी। मुझे पूरा विश्वास है कि टीवी9 की यह समिट भी भारत के आत्मविश्वास और दुनिया के भरोसे पर, भारतीयों पर जो भरोसा है, उस भरोसे को और सशक्त करेगी। आप सभी को मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं हैं और आपके बीच आने का अवसर दिया, आप सबसे मिलने का मौका लिया, इसलिए बहुत-बहुत धन्यवाद!

नमस्‍कार!