मुंबई मेट्रो लाइन 3 फेज - 1 के आरे जेवीएलआर से बीकेसी खंड का उद्घाटन किया
ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना और एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन की आधारशिला रखी
नवी मुंबई एयरपोर्ट प्रभाव अधिसूचित क्षेत्र (नैना) परियोजना की आधारशिला रखी
ठाणे नगर निगम की आधारशिला रखी
भारत की प्रगति में महाराष्ट्र की अहम भूमिका अदा करता है, राज्य के विकास को गति देने के लिए, ठाणे से कई परिवर्तनकारी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं: प्रधानमंत्री
हमारी सरकार का हर निर्णय, संकल्प और पहल विकसित भारत के लक्ष्य के लिए समर्पित है: प्रधानमंत्री

भारत माता की जय,

भारत माता की जय,

महाराष्ट्र के गवर्नर सी पी राधाकृष्णन जी, यहां के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्रीमान एकनाथ शिंदे जी, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस जी, अजित पवार जी, राज्य सरकार के अन्य मंत्रीगण, सांसद, विधायक अन्य वरिष्ठ महानुभाव और महाराष्ट्र के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों!

महाराष्ट्राच्या देवीशक्तीचे, साडेतीन शक्तीपीठ, तुलजापूरची आई भवानी, कोल्हापूरची महालक्ष्मी देवी, माहुरगडची आई रेणुका, आणि वणीची, सप्तश्रृंगी देवी, यान्ना कोटी कोटी वंदन करतो। मैं ठाणे की धरती पर श्री कोपिनेश्वर के चरणों में प्रणाम करता हूं। मैं छत्रपति शिवाजी महाराज और बाबा साहेब अंबेडकर को भी नमन करता हूँ।

भाइयों बहनों,

आज एक मोठी आनंदाची बातमी घेऊन मी महाराष्ट्रात आलो आहे। केंद्र सरकार ने आमच्या मराठी भाषेला अभिजात भाषेच दर्जा दिला आहे। ये केवल मराठी और महाराष्ट्र का ही सम्मान ऐसा नहीं है। ये उस परंपरा का सम्मान है, जिसने देश को ज्ञान, दर्शन, अध्यात्म और साहित्य की समृद्ध संस्कृति दी है। मैं इसके लिए देश और दुनिया में मराठी बोलने वाले सभी लोगों को बधाई देता हूँ।

साथियों,

नवरात्रि में मुझे एक के बाद एक अनेक विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का सौभाग्य भी मिल रहा है। ठाणे पहुँचने से पहले मैं वाशिम में था। वहाँ देश के साढ़े 9 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि जारी करने, और कई विकास परियोजनाओं के लोकार्पण का अवसर मुझे मिला। अब, ठाणे में महाराष्ट्र के आधुनिक विकास के कई बड़े कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं। मुंबई-MMR और महाराष्ट्र के विकास की ये सुपरफ़ास्ट स्पीड, आज का दिन महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की झलक दे रहा है। आज महायुति सरकार ने मुंबई-MMR में 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। आज 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की ठाणे इंटिग्रल रिंग मेट्रो का भी शिलान्यास हुआ है। नवी मुंबई एयरपोर्ट इंफ्लुएंस एरिया, यानी नैना प्रोजेक्ट, छेड़ानगर से आनंदनगर तक एलीवेटेड ईस्टर्न फ्री-वे, ठाणे म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन का नया मुख्यालय, ऐसे कई बड़े विकास कार्यों का भी आज शिलान्यास हुआ है। ये विकास कार्य, मुंबई और ठाणे को आधुनिक पहचान देंगे।

साथियों,

आज ही, आरे से BKC, मुंबई की एक्वा लाइन मेट्रो का शुभारंभ भी हो रहा है। इस लाइन का मुंबई के लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे। मैं आज जापान सरकार का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूँ। जापान ने Japanese International Cooperation Agency के जरिए इस प्रोजेक्ट में बहुत सहयोग दिया है। इसलिए, ये मेट्रो एक तरह से भारत-जापान मित्रता का भी प्रतीक है।

भाइयों बहनों,

ठाणे से बाला साहब ठाकरे को विशेष लगाव था। ये स्वर्गीय आनंद दिघे जी का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदीबाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। आज हम इन विकास कार्यों के जरिए इन महान विभूतियों के संकल्पों को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए ठाणे-मुंबई के सभी लोगों को, महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूँ।

साथियों,

आज हर देशवासी का एक ही लक्ष्य है- विकसित भारत! इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना विकसित भारत के लिए समर्पित है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें मुंबई-ठाणे जैसे शहरों को फ्यूचर रेडी बनाना है। लेकिन इसके लिए हमें डबल मेहनत करनी पड़ रही है। क्योंकि, हमें विकास भी करना है, और काँग्रेस सरकारों के गड्ढों को भी भरना है। आप याद करिए, काँग्रेस और उसके सहयोगी, मुंबई ठाणे जैसे शहरों को किस तरफ लेकर जा रहे थे? शहर की आबादी बढ़ रही थी, ट्रैफिक बढ़ रहा था। लेकिन, समाधान कोई नहीं था! मुंबई शहर, देश की आर्थिक राजधानी, उसके थमने, ठप्प होने की आशंकाएँ जताई जाने लगी थीं। हमारी सरकार ने इस स्थिति को बदलने का प्रयास किया है। आज मुंबई महानगर में लगभग 300 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क तैयार हो रहा है। आज मरीन ड्राइव से बांद्रा तक का सफर, कोस्टल रोड से 12 मिनट में पूरा हो रहा है। अटल सेतु ने दक्षिण मुंबई और नवी मुंबई के बीच, उस दूरी को भी कम कर दिया है। ऑरेंज गेट से मरीन ड्राइव भूमिगत टनल प्रोजेक्ट में तेजी आई है। ऐसे कितने ही प्रोजेक्ट हैं जो मैं गिनता जाऊं तो लंबा समय निकल जाएगा। वर्सोवा से बांद्रा सी ब्रिज प्रोजेक्ट, ईस्टर्न फ्री-वे, ठाणे-बोरीवली टनल, ठाणे सर्कुलर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, ऐसे प्रोजेक्ट्स से इन शहरों की तस्वीर बदल रही है। इसका बहुत बड़ा फायदा मुंबई के लोगों को होगा। इनसे मुंबई और आसपास के शहरों में मुश्किलें कम होंगी। यहां रोजगार के नए मौके बनेंगे, यहां उद्योग-धंधे बढ़ेंगे।

साथियों,

आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर, काँग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं। उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो विकास के काम को ठप्प कर देते हैं। महाअघाड़ी वालों को विकास के कामों को सिर्फ लटकाना-अटकाना और भटकाना ही आता है। मुंबई मेट्रो खुद इसकी सबसे बड़ी गवाह है! मुंबई में मेट्रोलाइन थ्री की शुरुआत देवेन्द्र फडणवीस जी के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में ही हो गया था। लेकिन, फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया। ढाई साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपए बढ़ गई! ये 14 हजार करोड़ रुपया, ये किसका पैसा था? क्या ये पैसा महाराष्ट्र का नहीं था? क्या ये पैसा महाराष्ट्र के नागरिकों का नहीं था? ये महाराष्ट्र के टैक्सपेयर्स की मेहनत का पैसा था?

भाइयों बहनों,

एक ओर काम पूरा करने वाली महायुति सरकार, दूसरी ओर विकास को रोकने वाले महाअघाड़ी के लोग। महाअघाड़ी ने अपने ट्रैक रिकॉर्ड से साबित किया है कि वो महा विकास विरोधी लोग हैं! इन्होंने अटल सेतु का विरोध किया था। इन्होंने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन को ठप्प करने की पूरी साज़िश की। जब तक ये सत्ता में रहे, इन्होंने बुलेट ट्रेन के काम को आगे नहीं बढ़ने दिया। इन्होंने तो महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों में पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स तक को नहीं बख्शा! जो काम महाराष्ट्र के लोगों की प्यास बुझाने के लिए शुरू हुये थे, महाअघाड़ी सरकार ने उन्हें भी रोककर रखा था। ये आपका हर काम रोक देते थे। अब आपको इन्हें रोक देना है। महाराष्ट्र में विकास के इन दुश्मनों को सत्ता के बाहर ही रोक देना है, सैकड़ों मील दूर रखना है।

साथियों,

कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान औऱ भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कॉंग्रेस का चरित्र नहीं बदलता! आप पिछले एक हफ्ते का हाल देख लीजिए। काँग्रेस के एक सीएम का जमीन घोटाले में नाम सामने आया है। उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं, उन्हें अपमानित कर रहे हैं। हरियाणा में कांग्रेस नेता ड्रग्स के साथ पकड़े गए हैं। काँग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है। लेकिन, सरकार बनने पर ये जनता के शोषण के नए-नए तरीके खोजते हैं। आए दिन नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना, यही इनका एजेंडा होता है। हिमाचल में तो काँग्रेस सरकार ने हद ही कर दी है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने एक नया टैक्स लगाया है। आप कल्पना भी नहीं कर सकते। और इन्होंने क्या नया टैक्स लगाया है? उन्होंने नया टैक्स लगाया है - टॉयलेट टैक्स! एक तरफ मोदी कह रहा है टॉयलेट बनाओ, और ये कह रहे हैं हम टॉयलेट में टैक्स लगाएंगे। यानी कांग्रेस लूट और फरेब का एक पूरा पैकेज है। वो आपकी जमीन लूटेंगे। वो युवाओं को ड्रग्स के दलदल में धकेलेंगे। वो आप पर टैक्स का बोझ लादेंगे। और महिलाओं को गालियां देंगे। लूट, झूठ और कुशासन का ये पूरा पैकेज, ये कांग्रेस की पहचान है। औऱ याद रखिए, मैंने तो अभी सिर्फ पिछले कुछ दिनों की तस्वीर आपके सामने रखी है, और वो भी पूरी-पूरी नहीं, क्योंकि समय का अभाव रहता है। कांग्रेस वर्षों से यही करती आई है।

भाइयों और बहनों,

महाराष्ट्र में इन्होंने अभी से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। आप देखिए, महायुति सरकार ने महाराष्ट्र की महिलाओं के लिए ‘लाड़की बहन योजना’ शुरू की। इसमें बहनों को डेढ़ हजार रुपया महीना और 3 LPG सिलिंडर मुफ्त मिल रहे हैं। महा-अघाड़ी वाले इसे हजम नहीं कर पा रहे हैं। वो इंतज़ार में हैं कि उन्हें मौका मिले , महायुति की सरकार को अगर मौका मिला, जो मिलने वाला नहीं है, सबसे पहला काम – ये शिंदे जी पर गुस्सा उतारेंगे, और शिंदे जी ने जितनी योजनाएं बनाई हैं सब पर ताला लगा देंगे। महा अघाड़ी वाले चाहते हैं कि पैसा बहनों के हाथ में न जाए, लेकिन उनके दलालों की जेब में जाए। इसलिए, हमारी माताओं बहनों को काँग्रेस और महा-अघाड़ी वालों से जरा ज्यादा ही सावधान रहने की जरूरत है।

साथियों,

काँग्रेस जब सत्ता में थी, तो अक्सर ये सवाल पूछा जाता था कि काँग्रेस को देश के विकास से क्या तकलीफ है? लेकिन, जब से ये लोग सत्ता से बाहर गए हैं, इस सवाल का जवाब इन्होंने खुद दे दिया है। आज काँग्रेस के असली रंग खुलकर सामने आ गए हैं। काँग्रेस को अब अर्बन नक्सल का गैंग चला रहा है। पूरी दुनिया में जो लोग भारत को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, काँग्रेस अब खुलकर उनके साथ खड़ी है। इसलिए, अपनी घोर असफलताओं के बावजूद काँग्रेस सरकार बनाने का सपना देख रही है! कांग्रेस जानती है कि उसका वोटबैंक तो एक रहेगा लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे, टुकड़े हो जाएंगे।। इसलिए कांग्रेस और उसके साथियों का एक ही मिशन है - समाज को बांटो, लोगों को बांटों और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए, हमें अतीत से सबक लेना है। हमें हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है। हमें याद रखना है, अगर हम बंटेंगे, तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और महा-अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है।

साथियों,

जहां-जहां काँग्रेस के कदम पड़ते जाते हैं, वहाँ बंटाधार ही होता है। इन्होंने देश को गरीबी के गर्त में धकेला! इन्होंने महाराष्ट्र को तबाह किया, महाराष्ट्र के किसानों को तबाह किया। इन्होंने जिस किसी राज्य में सरकार बनाई, उसे भी तबाह किया। यही नहीं, इनकी संगत में आकर दूसरी पार्टियां भी बर्बाद हो जाती हैं। जो लोग पहले राष्ट्रवाद की बात करते थे, वो अब तुष्टीकरण की राजनीति करने लग गए हैं। आपको भी पता है हमारी सरकार वक़्फ़ बोर्ड के अवैध कब्ज़ों पर बिल लेकर आई है। लेकिन, तुष्टीकरण की राजनीति में काँग्रेस के नए-नए चेले वक़्फ़ बोर्ड के हमारे बिल का विरोध करने का पाप कर रहे हैं। ये कहते हैं, वक़्फ़ के अवैध कब्ज़ों को हटने नहीं देंगे। यहाँ तक कि, काँग्रेस के लोग वीर सावरकर जी के लिए अपशब्द बोलते हैं, उनका अपमान करते हैं। काँग्रेस के चेले तब भी उनके पीछे खड़े रहते हैं। आज कांग्रेस ऐलान कर रही है कि जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 फिर वापस लागू करेंगे, और कांग्रेस के चेलों की बोलती बंद है। नया वोटबैंक बनाने के लिए विचारधारा का ऐसा पतन, काँग्रेस की ऐसी जी-हुज़ूरी, काँग्रेस का भूत जिसके भी भीतर घुस जाए, उसका यही हाल होता है।

साथियों,

आज देश को, महाराष्ट्र को एक ईमानदार और स्थिर नीतियों वाली सरकार की जरूरत है। ये काम केवल बीजेपी और महायुति सरकार ही कर सकती है, आगे बढ़ा सकती है। ये बीजेपी ही है, जिसने देश में आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर भी खड़ा किया और सामाजिक इनफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत बनाया है। हमने हाइवेज़, एक्सप्रेसवेज, रोडवेज़ और एयरपोर्ट्स के विकास का भी रिकॉर्ड बनाया है, और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी से बाहर भी निकाला है। अभी हमें देश को और बहुत आगे लेकर जाना है। मुझे विश्वास है, महाराष्ट्र का एक-एक नागरिक इस संकल्प के साथ खड़ा है, NDA के साथ खड़ा है। हम साथ मिलकर महाराष्ट्र के सपनों को पूरा करेंगे। इसी विश्वास के साथ, मैं फिर एक बार आप सबको, सभी विकास की परियोजनाओं के लिए, विकास के ढेर सारे कामों के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूँ। मेरे साथ बोलिये –

भारत माता की जय,

भारत माता की जय,

भारत माता की जय,

बहुत-बहुत धन्यवाद!

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Procurement from GeM portal crosses Rs 4 lakh crore in FY'26, to surpass last year's level: Official

Media Coverage

Procurement from GeM portal crosses Rs 4 lakh crore in FY'26, to surpass last year's level: Official
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने देवनीमोरी के पवित्र रेलिक्स की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया
February 05, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोलंबो के पवित्र गंगारामया मंदिर में पवित्र देवनीमोरी अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति महामहिम श्री अनुरा कुमारा दिसानायके के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि अप्रैल 2025 में उनकी श्रीलंका यात्रा के दौरान यह निर्णय लिया गया था कि इन पवित्र अवशेषों को श्रीलंका लाया जाएगा, जिससे लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा।

श्री मोदी ने कहा कि भारत और श्रीलंका सदियों से चली आ रही साझा विरासत और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से मजबूत होते गहरे सभ्यतागत और आध्यात्मिक संबंधों से बंधे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत से पवित्र देवनीमोरी अवशेष श्रीलंका में पहुंचना दोनों देशों के बीच अटूट आध्यात्मिक बंधन का प्रमाण है।

प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि भगवान बुद्ध का करुणा, शांति और सद्भाव का शाश्वत संदेश मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा और सीमाओं के पार एकता और समझ को बढ़ावा देगा।

एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा:

“कोलंबो के पवित्र गंगारामया मंदिर में पवित्र देवनीमोरी अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के लिए राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के प्रति आभार।

अप्रैल 2025 में मेरी यात्रा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि ये अवशेष श्रीलंका लाए जाएंगे, जिससे लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिलेगा। हमारे राष्ट्र गहरे सभ्यतागत और आध्यात्मिक बंधनों से जुड़े हुए हैं। भगवान बुद्ध का करुणा, शांति और सद्भाव का शाश्वत संदेश मानवता का मार्गदर्शन करता रहे।

@anuradisanayake

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2222243&reg=3&lang=1”

“කොළඹ, ගංගාරාම විහාරස්ථානයේ දී පූජනීය දෙව්නිමෝරි ධාතු ප්‍රදර්ශනය විවෘත කිරීම සම්බන්ධයෙන් ජනාධිපති අනුර කුමාර දිසානායක මැතිතුමාට කෘතඥතාවය පළ කරමි.

මාගේ 2025 අප්‍රේල් සංචාරය අතරතුරදී මෙම ධාතුන් වහන්සේලා ශ්‍රී ලංකාවට වැඩම කරවන බවට තීරණය කරන ලද අතර ඒ අනුව ජනතාවට ධාතුන් වහන්සේලා වන්දනා කිරීමේ අවස්ථාව හිමි වී තිබේ. අප දෙරට ගැඹුරු ශිෂ්ටාචාරමය සහ ආධ්‍යාත්මික සබඳතාවන්ගෙන් බැඳී පවතී. දයානුකම්පාව, සාමය සහ සමඟිය පිළිබඳ බුදුන් වහන්සේගේ අකාලික පණිවිඩය තවදුරටත් මනුෂ්‍ය වර්ගයාට මඟ පෙන්වනු ලැබේවා!

@anuradisanayake

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2222243&reg=3&lang=1”

“கொழும்பிலுள்ள புனித கங்காராமை விகாரையில் புனித தேவ்னிமோரி சின்னங்களின் தரிசனத்தை ஆரம்பித்துவைத்தமைக்காக ஜனாதிபதி அநுர குமார திசாநாயக்க அவர்களுக்கு நன்றி.

2025 ஏப்ரலில் எனது விஜயத்தின்போது இச்சின்னங்களை இலங்கைக்கு அனுப்புவது குறித்து தீர்மானிக்கப்பட்டதுடன் அதன் அடிப்படையில் மக்கள் வழிபாட்டினை மேற்கொள்வதற்கான வாய்ப்பு கிடைக்கப்பெற்றுள்ளது. நமது நாடுகள் ஆழமான நாகரீக மற்றும் ஆன்மீக பிணைப்புகளினால் இணைக்கப்பட்டுள்ளன. புத்த பெருமானின் கருணை, அமைதி மற்றும் நல்லிணக்கம் குறித்த காலத்தால் அழியாத செய்தியானது தொடர்ந்து மனித குலத்துக்கு வழிகாட்டட்டும்.

@anuradisanayake

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2222243&reg=3&lang=1”