कैंपस से निकलकर विद्यार्थियों को नया जीवन ही स्टार्ट नहीं करना है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला एक स्टार्ट अप भी बनना है : प्रधानमंत्री
कोरोना के बाद बनी वैश्विक परिस्थितियों को भारत एक अवसर के रूप में देख रहा है : आईआईटी खड़गपुर के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री ने स्टूडेंट्स को Self-awareness, Self-confidence और Selflessness के तीन मंत्र दिए।

नमस्कार जी,

केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी श्री रमेश पोखरियाल निशंक जी, श्री संजय धोत्रे जी, IIT खड़गपुर के चेयरमैन श्री संजीव गोयनका जी, डायरेक्टर श्री वी. के तिवारी जी, अन्य फैकल्टी मेंबर्स, सभी कर्मचारी साथी, पैरेंट्स और मेरे युवा साथियों !! आज का दिन IIT खड़गपुर के सिर्फ उन Students के लिए अहम नहीं है, जिनको डिग्री मिल रही है। आज का दिन नए भारत के निर्माण के लिए भी उतना ही अहम है। आप सभी से सिर्फ आपके पैरेंट्स और आपके प्रोफेसर्स की ही उम्मीदें नहीं जुड़ीं हैं बल्कि 130 करोड़ भारतवासियों की आकांक्षाओं के भी आप प्रतिनिधि हैं।इसलिए, इस संस्थान से देश को 21वीं सदी के आत्मनिर्भर भारत में बन रहे नए इकोसिस्टम के लिए नई लीडरशिप की भी उम्मीद है। नया इकोसिस्टम, हमारे स्टार्टअप्स की दुनिया में, नया इकोसिस्टम, हमारे इनोवेशन रिसर्च की दुनिया में, नया इकोसिस्टम, हमारे कॉरपोरेट वर्ल्ड में, और नया इकोसिस्टम, देश की प्रशासनिक व्यवस्था में, इस कैंपस से निकलकर आपको सिर्फ अपना नया जीवन ही स्टार्ट नहीं करना है, बल्कि आपको देश के करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाले स्वयं में एक स्टार्ट अप भी बनना हैं। इसलिए ये जो डिग्री, ये जो मेडल आपके हाथ में है, वो एक तरह से करोड़ों आशाओं का आकांक्षा पत्र है, जिन्हें आपको पूरा करना है। आप वर्तमान पर नजर रखते हुए फ्यूचर को भी एंटीसिपेट करें। हमारी आज की ज़रूरतें क्या हैं और 10 साल बाद क्या ज़रूरतें होने वाली हैं, उनके लिए आज काम करेंगे तो, कल के Innovations भारत आज बनाएगा।

साथियों,

इंजीनियर होने के नाते एक क्षमता आपमें सहज रूप विकसित होती है और वो है चीजों को Pattern से Patent तक ले जाने की क्षमता। यानि एक तरह से आपमें विषयों को ज्यादा विस्तार से देखने की, एक नए vision की, आपमें एक क्षमता होती है। इसलिए आज हमारे आसपास information का जो भंडार है उसमें से प्रोबलम्स और उनके पैटर्न को आप बहुत बारीकी से देख पाते हैं। हर problem के साथ patterns जुड़े होते हैं। समस्याओं के Patterns की समझ हमें उनके long term solutions की तरफ ले जाती है। ये समझ भविष्य में नई discoveries, नए breakthroughs उसका एक आधार बनती है। आप सोचिए, आप कितने जीवन में बदलाव ला सकते हैं, कितने जीवन बचा सकते हैं, देश के संसाधनों को बचा सकते हैं, अगर आप पैटर्न को समझें और उसे समझकर समाधान निकालें। और इस बात की भी पूरी संभावना है कि भविष्य में यही समाधान आपको commercial Success भी दें।

साथियों,

जीवन के जिस मार्ग पर अब आप आगे बढ़ रहे हैं, उसमें निश्चित तौर पर आपके सामने कई सवाल भी आएंगे। ये रास्ता सही है, या गलत है, नुकसान तो नहीं हो जाएगा, समय बर्बाद तो नहीं हो जाएगा? ऐसे बहुत से सवाल आपके दिल दिमाग को जकड़ लेंगे। इन सवालों का उत्तर है- Self Three, मैं सेल्फी नहीं कह रहा हूं, Self Three. यानि Self-awareness, Self-confidence और जो सबसे बड़ी ताकत होती है वो है Selfless-ness. आप अपने सामर्थ्य को पहचानकर आगे बढ़ें, पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ें और निःस्वार्थ भाव से आगे बढ़ें। हमारे यहां कहा गया है- शनैः पन्थाः शनैः कन्था शनैः पर्वतलंघनम । शनैर्विद्या शनैर्वित्तं पञ्चतानि शनैः शनैः ॥ यानि जब रास्ता लंबा हो, चादर की सिलाई हो, पहाड़ की चढ़ाई हो, पढ़ाई हो या जीवन के लिए कमाई हो, इन सभी के लिए धैर्य दिखाना होता है, धीरज रखना होता है। विज्ञान ने सैकड़ों साल पहले की इन समस्याओं को आज काफी सरल कर दिया है। लेकिन नॉलेज और साइंस के प्रयोग, इनको लेकर ये कहावत धीरे-धीरे धीरज से, ये कहावत आज भी उतनी ही शाश्वत है। आप सभी, साइंस, टेक्नॉलॉजी और इनोवेशन के जिस मार्ग पर चले हैं, वहां जल्दबाज़ी के लिए कोई स्थान नहीं है। आपने जो सोचा है, आप जिस इनोवेशन पर काम कर रहे हैं, संभव है उसमें आपको पूरी सफलता ना भी मिले। लेकिन आपकी उस असफलता को भी सफलता ही माना जाएगा, क्योंकि आप उससे भी कुछ सीखेंगे। आपको याद रखना है कि हर वैज्ञानिक और टेक्नॉलॉजिकल असफलता से एक नया रास्ता निकलता है, मैं आपको सफलता के रास्ते पर जाते हूए देखना चाहता हूं। ये विफलता ही सफलता का आपका रास्ता बना सकती है।

साथियों,

21वीं सदी के भारत की स्थिति भी बदल गई है, ज़रूरतें भी बदल गई हैं और Aspirations भी बदल गई हैं। अब IITs को इंडियन इंस्टीट्यूट्स ऑफ टेक्नॉलॉजी ही नहीं, Institutes of Indigenous Technologies के मामले में Next Level पर ले जाने की जरूरत है। हमारी IITs जितना ज्यादा भारत की चुनौतियों को दूर करने के लिए रिसर्च करेंगी, भारत के लिए समाधान तैयार करेंगी, उतना ही वो Global Application का भी माध्यम बनेंगी। हमारी इतनी बडी जनसंख्या के बीच आपको जो एक्सपेरिमेंट सफल होकर निकलेगा, वो दुनिया में कहीं पर भी असफल नहीं होगा।

साथियों,

आप ये जानते हैं कि ऐसे समय में जब दुनिया क्लाइमेट चेंज की चुनौतियों से जूझ रही है, भारत ने International Solar Alliance- ISA का विचार दुनिया के सामने रखा और इसे मूर्त रूप दिया। आज दुनिया के अनेकों देश, भारत द्वारा शुरू किए गए अभियान से जुड़ रहे हैं। अब हम पर दायित्व है कि हम इस अभियान को और आगे ले जाएं। क्या हम दुनिया को सस्ती, अफोर्डेबल, इनवायर्नमेंट फ्रेंडली टेक्नोलॉजी दे सकते हैं जो भारत की इस पहल को और आगे ले जाए, भारत की पहचान को और मजबूत करे। आज भारत उन देशों में से है जहां सोलर पावर की कीमत प्रति यूनिट बहुत कम है। लेकिन घर-घर तक सोलर पावर पहुंचाने के लिए अब भी बहुत चुनौतियां हैं। मैंने तो एक बार कहा भी था मैं आईआईटी के स्टूडेंट्स के सामने जरूर कहुंगा कि अगर मान लीजिए हम क्लीन कूकिंग की movement चलाएं और सोलर के आधार पर ही घर में चुल्हा जलता हो और सोलर के आधार पर ही घर के लिए आवश्यक एनर्जी स्टोरेज की बैटरी की व्यवस्था हम बना सकते हैं। आप देखिए हिन्दुस्तान में 25 करोड़ चुल्हे हैं। 25 करोड़ घरों में चुल्हे हैं। 25 करोड़ का मार्केट है। अगर इसमें सफलता मिल गई तो जो इलैक्ट्रानिक व्हीकल के लिए सस्ती बैटरी की जो खोज हो रही है वो उसको क्रॉस सब्सीडाईज कर देगा। अब ये काम आई आई टी के नौजवानों से बढ़कर के कोन कर सकता है। भारत को ऐसी टेक्नोलॉजी चाहिए जो एनवायर्नमेंट को कम से कम नुकसान पहुंचाए, ड्यूरेबल हो और लोग ज्यादा आसानी से उसका इस्तेमाल कर पाएं।

साथियों,

डिजास्टर मैनेजमेंट भी एक ऐसा विषय है जिस पर भारत ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। बड़े डिजास्टर में जीवन के साथ ही सबसे ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचता है। इसे समझते हुए भारत ने दो वर्ष पूर्व, संयुक्त राष्ट्र में, Coalition for Disaster Resilient Infrastructure- CDRI का आह्वान किया था। दुनिया के अनेक देश भी इससे जुड़ रहे हैं, डिजास्टर मैनेजमेंट को लेकर भारत की चिंता, भारत की पहल को समझ रहे हैं, आज दुनिया उसका स्वागत कर रही हैं। ऐसे समय में भारत के टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स उनपर भी नजरें ही स्वाभाविक हैं कि डिजास्टर रिजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में दुनिया को क्या सॉल्यूशन दे सकते हैं। देश में आज जो छोटे-बड़े घरों का निर्माण होता है, इमारतों का निर्माण होता है, उसे हम टेक्नोलॉजी की मदद से डिजास्टर प्रूफ कैसे कर सकते हैं, इस बारे में हमें सोचना होगा। बड़े – बड़े ब्रिज बनते हैं। एक तूफान आ जाए सब तबाह हो जाता है। हमने अभी देखा उत्तराखंड में क्या हुआ। हम ऐसी व्यवस्थाएं कैसे विकसित करें।

साथियों,

गुरुदेव टैगोर ने कहा था- “Getting your nation means realising your own soul in an extended way. When we start recreating our nation through thought, work and service, then only can we see our own soul in our nation”. आज खड़गपुर सहित देश के पूरे IIT नेटवर्क से देश की ये अपेक्षा है कि वो अपनी भूमिका का विस्तार करे। आपके यहां तो पहले से ही इसके लिए एक समृद्ध इकोसिस्टम है। बल्कि इंडस्ट्री 4.0 के लिए भी यहां महत्वपूर्ण इनोवेशन पर बल दिया जा रहा है। AI से जुड़ी एकेडेमिक रिसर्च को इंडस्ट्रियल लेवल पर परिवर्तन करने के लिए आप काफी प्रयास कर रहे हैं। इंटरनेट ऑफ थिंग्स हो या फिर मॉडर्न कंस्ट्रक्शन टेक्नॉलॉजी, IIT खड़गपुर प्रशंसनीय काम कर रहा है। कोरोना से लड़ाई में भी आपके सॉफ्टवेयर समाधान देश के काम आ रहे हैं। अब आपको हेल्थ टेक के फ्यूचरिस्टिक सोल्यूशंस को लेकर भी तेज़ी से काम करना ही है। जब मैं हेल्थ टेक की बात करता हूं तो सिर्फ Data, Software और Hardware यानि गैजेट्स की ही बात नहीं करता, बल्कि एक इकोसिस्टम की बात करता हूं। Prevention से लेकर Cure तक के आधुनिक समाधान हमें देश को देने हैं। कोरोना के इस समय में हमने देखा है कि कैसे पर्सनल हेल्थकेयर Equipments एक बहुत बड़ा मार्केट बनकर उभरे हैं।लोग पहले थर्मामीटर और जरूरी दवाइयां तो घरों में रखते थे, लेकिन अब ब्लड प्रेशर चेक करने के लिए, शुगर चेक करने के लिए, ब्लड ऑक्सीजन चेक करने के लिए Equipments घर में रखते हैं। हेल्थ और फिटनेस से जुड़ी Equipments भी घरों में बढ़ रहे हैं। भारत में पर्सनल हेल्थकेयर Equipments, अफोर्डेबल हों, सटीक जानकारी देने वाले हों, इसके लिए भी हमें टेक्नोलॉजी की मदद से नए समाधान विकसित करने होंगे।

साथियों,

कोरोना के बाद बनी वैश्विक परिस्थितियों में साइंस, टेक्नॉलॉजी, रिसर्च और इनोवेशन में भारत एक बड़ा ग्लोबल प्लेयर बन सकता है। इसी सोच के साथ इस वर्ष के साइंस और रिसर्च के लिए बजट में भी बड़ी वृद्धि की गई है। पीएम रिसर्च फैलो स्कीम के माध्यम से भी आप जैसे टैलेंटेड साथियों के लिए रिसर्च का नया माध्यम उपलब्ध हुआ है। आपके आइडिया के Incubation के लिए Start up India मिशन से भी आपको मदद मिलेगी। कुछ दिन पहले ही एक और महत्वपूर्ण पॉलिसी रिफॉर्म किया गया है, जिसके बारे में मैं विशेष तौर पर आपको बताना चाहता हूं। सरकार ने मैप और Geospatial Data को कंट्रोल से मुक्त कर दिया है। इस कदम से Tech Startup Ecosystem को बहुत मजबूती मिलेगी। इस कदम से आत्मनिर्भर भारत का अभियान भी और तेज होगा। इस कदम से देश के युवा Start-ups और Innovators को नई आजादी मिलेगी।

साथियों,

मुझे बताया गया है कि जिमखाना में आप लोग कई सामाजिक, सांस्कृतिक, स्पोर्ट्स और दूसरी एक्टिविटीज़ में एक्टिव रूप से पार्टिसिपेट करते हैं। ये बहुत ज़रूरी है। हमारा ध्यान सिर्फ अपनी ही विशेषज्ञता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हमारे ज्ञान और नज़रिए का व्यापक विस्तार होना चाहिए। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी इसके लिए एक मल्टी-डिसिप्लीनरी अप्रोच का विजन रखा गया है। मुझे खुशी है कि IIT खड़गपुर इसमें पहले ही बेहतर काम कर रहा है। मैं IIT खड़गपुर को एक और बात के लिए भी बधाई दूंगा। आप अपने अतीत को, अपने पुरातन ज्ञान-विज्ञान को जिस प्रकार भविष्य के अपने इनोवेशन की ताकत के रूप में एक्स्प्लोर कर रहे हैं, वो वाकई प्रशंसनीय है। अपने वेदों से लेकर उपनिषदों और दूसरी संहिताओं में जो ज्ञान का खजाना है, उस पर आप एमपिरिकल स्टडी को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। मैं इसकी बहुत सराहना करता हूं।

साथियों,

इस साल भारत आज़ादी के 75वें वर्ष में प्रवेश करने वाला है। IIT खड़गपुर के लिए ये वर्ष इसलिए भी विशेष है क्योंकि ये स्थान, जहां आप साधना करते हैं, जहां आप जीवन को नया आयाम देते हैं। ये स्थान स्वतंत्रता आंदोलन के महान अतीत से जुड़ा रहा है। ये भूमि आंदोलन के युवा शहीदों की, टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की नैतिकता की साक्षी रही है। मेरा आपसे आग्रह है कि बीते सालों में जो 75 बड़े इनोवेशन, बड़े समाधान आईआईटी खड़गपुर से निकले हैं, उनका संकलन करें। उनको देश और दुनिया तक पहुंचाएं। अतीत की इन प्रेरणाओं से आने वाले वर्षों के लिए, देश को नया प्रोत्साहन मिलेगा, नौजवानों को नया आत्मविश्वास मिलेगा। आप आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहेंगे, देश की अपेक्षाओं को कभी भुलेंगे नहीं। देश की आकांक्षाएं ही आज का आपका प्रमाणपत्र है। ये प्रमाणपत्र दीवार पर टिकाने के लिए या कैरियर के लिए सिर्फ भेजने के लिए नहीं है। ये जो आपको आज सर्टिफिकेट मिल रहा है। वो 130 करोड़ देश की आकांक्षाओं का एक प्रकार का मांग पत्र है, विश्वास पत्र है, आश्वासन पत्र है। मैं आपको आज के इस शुभ अवसर पर अनेक अनेक शुभकामनाएं देता हूं। आपके माता – पिता की आपके प्रति जो अपेक्षा है, आपके अध्यापकों ने जो आपके लिए मेहनत की है। ये सब कुछ आपके पुरुषार्थ से, आपके सपनों से, आपके संकल्प से, आपकी यात्रा से संतोष प्राप्त करेंगे। इसी अपेक्षा के साथ बहुत – बहुत शुभकामनाएं, बहुत - बहुत धन्यवाद !!

 

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
IIT Delhi tops India in QS Rankings 2027; 52 Indian institutions feature

Media Coverage

IIT Delhi tops India in QS Rankings 2027; 52 Indian institutions feature
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Text of Prime Minister addresses the Indian Community in Paris
June 18, 2026

नमस्ते!

बों जू!

ऐसा लग रहा है, आप सब छुट्टी के मूड में हैं।

साथियों,

ये पेरिस शहर, Lights का शहर है, रंगों का शहर है, यहां Art है, Ideas हैं, और innovation की प्रेरणा भी है। इस शहर को भारत के अलग-अलग राज्यों से आए आप सभी लोग और भी खूबसूरत बना देते हैं। नए नए रंगों से भर देते हैं।

कोई तमिल है, कोई पंजाबी है, कोई गुजराती है, तो कोई मराठी है, और कोई बंगाली है। भारत के हर कोने का प्रतिनिधित्व यहां दिखाई देता है।

साथियों,

मैं जब 14 जून को नीस पहुंचा था तो सबसे पहले भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में शामिल हुआ था। आज जब मैं फ्रांस से वापसी की तैयारी में हूं तो लग रहा है जैसे भारत कनेक्ट्स कार्यक्रम में आ गया हूं।

फ्रांस में रहने वाले आप लोगों ने 21वीं सदी के भारत-फ्रांस रिश्तों को जिस तरह कनेक्ट किया है, वो हमारी Strategic Partnership की बहुत बड़ी ताकत बन रही है। मैं आप सभी के लिए भारत से 140 करोड़ देशवासियों की शुभकामनाएं लेकर आया हूं। इस आत्मीय स्वागत के लिए, मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

साथियों,

आज मैं ऐसे समय में फ्रांस आया हूं जब कुछ ही दिन पहले हमारी सरकार के 12 वर्ष पूरे हुए हैं। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप निरंतर 12 साल तक देश की सेवा करना मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। यह भारत के लोकतंत्र की शक्ति है जिसने एक चायवाले को यहां तक पहुंचा दिया।

साथियों,

बीते 12 वर्ष, 140 करोड़ भारतीयों के अद्भुत सामर्थ्य के रहे हैं। 12 साल के इस कालखंड में भारत का GDP दोगुना हुआ है। Airports की संख्या दोगुनी हुई है। Universities की संख्या भी दोगुनी हो गई है। Highway Construction की स्पीड तीन गुना बढ़ गई। और Metro Network, चार गुणा बड़ा हो गया है।

मैं आपको कुछ और फैक्ट्स दूंगा, उससे आप अंदाजा लगा पाएंगे कि भारत किस स्पीड और कितने बड़े स्केल पर काम कर रहा है। पिछले 12 वर्षों में भारत का Defence Export 35 गुणा यानि Thirty Five Times बढ़ गया है।

औऱ एक फैक्ट सुनिए भारत में मोबाइल मैन्यूफैक्टरिंग यूनिट्स में, 100 गुणा की बढ़ोतरी हुई है। 100 times. भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा mobile phone manufacturer है। इसी गति, इसी प्रगति का नतीजा है कि आज भारत दुनिया की Fastest Growing Major Economy है।

साथियों,

आज भारत की कहानी सिर्फ Economic Progress की कहानी नहीं है। सिर्फ यहाँ अटक नहीं जाती है। ये Social Transformation की भी कहानी है।

पिछले 12 साल में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यानि एक ऐसी प्रगति जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। फ्रांस में जितने घर हैं, उससे भी अधिक पक्के घर बीते 12 वर्ष में हमने जरूरतमंदों के लिए बनाए हैं।

अब हर परिवार के पास, गरीब से गरीब क्यों न हो, Bank Account है। Financial Inclusion एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का अभियान बना है।

साथियों,

इन 12 वर्षों की उपलब्धियों में, एक उपलब्धि ऐसी भी है जिसे किसी आंकड़े से, या अंकों से, नहीं मापा जा सकता। वह है 140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास।

आज का भारत और आज के भारत का युवा बहुत बड़े सपने देख रहा है। भारत का किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। इसलिए ये सिर्फ Achievements के 12 साल नहीं हैं, ये भारत की एस्पिरेशन्स को नई बुलंदी देने का कालखंड रहा है।

साथियों,

एक समय था जब दूर-दराज के गांवों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना वाकई बहुत मुश्किल भरा था। आज उन्हीं गांवों में बिजली भी है, इंटरनेट भी है, और डिजिटल सेवाओं की पूरी दुनिया भी है। आज एक क्लिक पर, कभी भी, कहीं भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हैं।

आज मोबाइल फोन, भारत के नागरिकों को अनेक सुविधाओं से कनेक्ट कर रहा है। हमारे किसान, हमारे मछुआरे, हमारे dairy farmers, हमारी महिलाएं, हमारे स्टूडेंट्स, सभी टेक्नोलॉजी के माध्यम से सशक्त हो रहे हैं, और अपने लिए नए अवसर बना रहे हैं।

साथियों,

आपने 125 करोड़ से अधिक Aadhaar IDs के बारे में सुना है। लेकिन आज भारत सिर्फ पहचान को डिजिटल नहीं बना रहा। आज करीब 90 करोड़ भारतीयों की Unique Digital Health IDs बनाई जा चुकी हैं। जिससे मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित और accessible बन गए हैं। इससे हेल्थकेयर डिलीवरी और अधिक आसान और efficient हो रही है।

साथियों,

इन उपलब्धियों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनमें से अधिकांश चीजें कुछ वर्ष पहले तक कल्पना जैसी लगती थीं। कौन सोच सकता था कि गांव-गांव तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचेगा ? कौन सोच सकता था कि दूर-सुदूर के गांवों में भी QR code जीवन का हिस्सा बन जायेगा ? गांव में कोई बहन, ड्रोन से खेती करने में मदद करेगी, ये भी असंभव लगता था।

लेकिन आज यह सब, भारत के करोड़ों लोगों के जीवन का सामान्य हिस्सा बनता जा रहा है। और आपको गर्व होगा साथियों, यही नए भारत की पहचान है।

जो कभी सपना था, वह आज सच्चाई है। जो कभी नामुमकिन लगता था, वो आज मुमकिन हुआ है, औऱ ये करने के पीछे सबसे बड़ी ताकत क्या है? किसकी वजह से ये सब संभव हुआ है? यह मोदी के कारण नहीं, वो ताकत है- भारत का लोकतंत्र, भारत की डेमोक्रेसी। इस डेमोक्रेसी में सबका साथ है, सबका विकास है।

साथियों,

आज से 50 या 100 साल बाद जब भारत के इस कालखंड की समीक्षा होगी, तो ये बात उभरकर सामने आएगी कि इस कालखंड को भारत की Aspirations ने ड्राइव किया। यह भारत के एस्पिरेशन्स का नया युग है।

जहां बिजली पहुंची है, वहां लोग सिर्फ बिजली नहीं चाहते, वे Smart Living चाहते हैं। जहां ट्रेन पहुंची है, वहां लोग High-Speed Connectivity चाहते हैं। जहां हाईवे बने हैं, वहां लोग World-Class Expressways चाहते हैं। जहां इंटरनेट पहुंचा है, वहां लोग AI और Digital Innovation में नेतृत्व चाहते हैं।

यानि आज भारत के लोग अपने जीवन को भी Next Level पर ले जाना चाहते हैं, और भारत को भी Next Level पर ले जाना उनका मकसद है, उनका संकल्प है, उनके सपने है।

और साथियों,

यही Aspirations आज भारत की विकास यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मैं आपको भारत की Space Journey का उदाहरण दूंगा।

भारत ने चंद्रयान को चंद्रमा के South Pole पर उतारा। दुनिया ने इसे एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना। लेकिन भारत इसे अपनी मंजिल मानकर रुका नहीं। आज देश गगनयान की तैयारी कर रहा है। भारत अंतरिक्ष में अपना Space Station बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

हमारे Space Startups Global Space Economy में अपनी जगह बनाने के लिए पुरजोश काम कर रहे हैं, आगे बढ़ रहे हैं।

साथियों,

Green Energy के क्षेत्र में भी भारत की यही एस्पिरेशंस दिखाई देती है। Solar Power में भारत की उपलब्धियों की दुनिया भर में लगातार चर्चा हो रही हैं। लेकिन भारत अगली छलांग की तैयारी कर रहा है।

Green Hydrogen में बड़े निवेश हो रहे हैं। Advanced Nuclear Energy पर तेजी से काम हो रहा है। आपने भारत के Fast Breeder nuclear Reactor से जुड़ी प्रोग्रेस के बारे में भी सुना ज़रूर होगा। ये भारत के न्यूक्लियर एनर्जी लैंडस्केप में क्रांतिकारी परिवर्तन करने का बहुत बड़ा अचीवमेंट हमारे सीसेन्टिस्टों ने किया है।

साथियों,

आज का भारत भविष्य का पूरा Ecosystem बना रहा है। भारत एक साथ हर उस क्षेत्र में निवेश कर रहा है, जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेगा।

अभी आपने कुछ दिन पहले ही देखा है नीस में भारत इनोवेट्स का एक आयोजन किया। ये इवेंट भारत के डीप टेक सामर्थ्य को दुनिया तक पहुंचाने का एक और माध्यम था। इसमें भारत के 120 Deep-Tech Startups उपस्थित थे। Bharat Innovates में करीब एक हजार चार सौ B2B Meetings हुईं है। कई Startups के लिए Investment Commitments आगे बढ़ीं, Commercial Orders के लिए रास्ते खुले। French और European Universities तथा Incubators के साथ Engagements बढ़ रही हैं।

Student Exchanges, Joint Research, और Innovation Support के नए रास्ते बने। इसलिए Bharat Innovates सिर्फ एक Summit नहीं रहा। यह Innovation Diplomacy का एक नया मॉडल बना है।

और आज ही पेरिस में VivaTech इवेंट के जरिए, इस यात्रा को हमने और आगे बढ़ाया। नीस में हमने Ideas को Capital से जोड़ा और पेरिस में Indian Innovation को Global Scale से जोड़ा। आज दुनिया देख रही है भारत केवल भविष्य के लिए तैयार नहीं हो रहा है। भारत भविष्य को आकार दे रहा है।

साथियों,

एक समय था, जब देशों के बीच रिश्ते केवल व्यापार से तय होते थे। आज व्यापार के साथ-साथ Trust यानि भरोसा भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है।

हर देश Reliable Supply Chains चाहता है। हर देश Stable Partnerships चाहता है। हर देश ऐसे साथियों की तलाश में है, जिन पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके। और ऐसे समय में, भारत विश्व में एक Trusted Partner के रूप में उभर रहा है।

एवियां में G7 बैठक के दौरान मैंने trust based partnerships बनाने पर ज़ोर दिया। ग्लोबल साउथ के देशों के साथ equal पार्टनर्स के रूप में आगे बढ़ने का आह्वान किया। भारत का G7 समिट में संदेश था Global Governance तभी प्रभावी होगी जब वह Inclusive होगी। Global Growth तभी Sustainable होगी जब वह शेयर्ड होगी। और Global Technology तभी मानवता के लिए उपयोगी होगी जब वह Trusted होगी।

साथियों,

भारत और दुनिया के बीच व्यापारिक रिश्तों में नई ऊर्जा नज़र आ रही है। फ्रांस के साथ भारत का ट्रेड लगतार बढ़ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने दुनिया के अनेक देशों के साथ Free Trade Agreements किए हैं। यूरोपियन यूनियन हो, यूनाइटेड किंगडम हो दुनिया के हर देश, हर रीजन के साथ भारत समझौते कर रहा है।

अगले महीने से भारत और UK के बीच ट्रेड एग्रीमेंट भी लागू हो जाएगा। यह एग्रीमेंट भारत के farmers, workers और innovators को अनेक नए अवसर प्रदान करेगा।

साथियों,

आज दुनिया Uncertainty और Disruption के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत और फ्रांस की साझेदारी विश्वास, स्थिरता और सहयोग का एक मजबूत स्तंभ बन रहा है।

इस वर्ष हमने भारत और फ्रांस के संबंधों को Special Global Strategic Partnership का दर्जा दिया था। नीस में मेरे मित्र President Macron और मैंने हमारे संबंधों को force for global good बनाने पर चर्चा की। Defence से लेकर space और नुक्लियर तक AI और क्रिटीकल मिनरल्स से लेकर high speed railway तक, हर क्षेत्र में हम मिलकर आगे बढ़ेंगे।

साथियों,

Solar energy हो, या AI के क्षेत्र में सहयोग हो, भारत और फ्रांस मिलकर ऐसे समाधान विकसित कर रहे हैं जो पूरी मानवता के हित में हैं। पिछले वर्ष पेरिस में और इस वर्ष दिल्ली में हमने AI Summit को Co-chair किया।

अब हम साथ मिलकर अगले वर्ष “तृष्णा” satellite को लॉन्च करने जा रहें हैं। यह “तृष्णा” satellite जो विश्व में फूड और वाटर सिक्युरिटी सुनिश्चित करने में योगदान देगा।

और साथियों,

यह सभी गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट पहलो में आप सभी का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। ये आप हैं जो भारत और यूरोप के बीच सबसे मजबूत सेतु हैं। आप दोनों समाजों को समझते हैं। दोनों बाजारों को समझते हैं। आने वाले समय में Talent, Trade, Technology, Tourism और Investment के नए अवसरों को आगे बढ़ाने में आपकी भूमिका लगातार बढ़ने वाली हैं।

साथियों,

भारत और फ्रांस के रिश्तों को साझा इतिहास, साझा मूल्यों और साझा विश्वास ने आगे बढ़ाया है। विश्व युद्धों के दौरान फ्रांस की धरती पर बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों की स्मृतियां आज भी हमें जोड़ती हैं।

मुझे पहले नव शापेल में श्रद्धांजलि देने का अवसर मिला, पिछले वर्ष प्रेसिडेंट मैक्रों के साथ मार्सेय के वॉर मेमोरियल जाने का अवसर भी मिला। ये हमारी साझा विरासत है।

फ्रांस, भारतीयों के योगदान को संजोता भी है और सराहता भी है। भारतीय मूल की नूर इनायत खान हों, जिन्होंने फ्रांस की Resistance के लिए अपना जीवन बलिदान किया, या महाराजा रणजीत सिंह के साथ काम करने वाले जनरल जां फ्रांस्वा अलार हों ये सभी भारत और फ्रांस की साझा विरासत के प्रतीक हैं।

भारत के राज्य पुडुचेरी में भी फ्रेंच विरासत की झलक दिखाई देती है। वहां का Architecture, वहां की कला-संस्कृति और खान-पान सभी में हमारे संबंधों की महेक है।

साथियों,

इस समय फ्रांस समेत पूरी दुनिया में International Yoga Day की तैयारी भी चल रही है। इस अवसर पर मैं, फ्रांस में योग को आगे बढ़ाने वाले श्रीमान महेश घाट्राड्याल जी को भी आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं। मैं पद्म पुरस्कार से सम्मानित, शार्लोत शोपां जी को भी प्रणाम करता हूं। जिन्होंने सौ वर्ष की आयु में भी, योग के माध्यम से फ़्रांस को भारत की विरासत से जोड़ा है। उनका जीवन यह सिद्ध करता है: Yoga does not add years to life, it adds life to years.

साथियों,

मैं फ्रेद नेग्री जी को भी आदरपूर्वक श्रद्धापूर्वक याद करता हूं। भारतीय विरासत को संरक्षित करने में उनका योगदान अतुल्य रहा है।

साथियों,

भारत और फ्रांस को कनेक्ट करने वाली एक और चीज है, और वो है फुटबॉल। इस वक्त यहां फुटबॉल फीवर पूरे जोर पर है। फ्रांस में इसकी दीवानगी, चप्पे-चप्पे पर दिखती है। लेकिन भारत में भी फुटबॉल का क्रेज़ सिर चढ़कर बोलता है।

खासतौर पर फ्रांस की टीम के फैन्स भारत में बहुत अधिक हैं। फ़्रांस ने इस वर्ल्ड कप की शुरुआत एक जोरदार जीत से शुरू की है। मैं फ्रांस की टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

जाने से पहले, आप सभी के लिए कुछ और अच्छी खबरें भी लेकर के आया हूँ। वो आपके लिए हैं। पिछले वर्ष, मार्सेय में कॉन्सुलेट खोला गया, इससे काफी अधिक सुविधा मिल रही है। कुछ हफ्ते पहले, Indian Nationals के लिए French Airports पर Visa-free Transit की व्यवस्था शुरू हो गई है।

Students और Professionals की Mobility बढ़ाना हो, या Educational Qualifications की Mutual Recognition की बात हो, या फिर French Universities के भारत में Campus खोलना हो, इन सभी पर हम मिलकर आगे बढ़ रहें हैं।

अब फ्रांस में UPI के उपयोग का दायरा भी और बढ़ने जा रहा है। यानि भारत-फ्रांस कनेक्ट भी Instant और आपसी Payment भी Instant!

साथियों,

इन सभी पहलों से, हम भारत और फ़्रांस को और करीब ला रहें हैं। और मैं फिर कहूंगा इस साझेदारी की नींव, इस रिश्ते की असली ताकत आप सभी हैं। आप सब मेरे देशवासी हैं।

आज जब भारत तेज़ी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तो मैं आप सभी से भारत के साथ और गहराई से जुडने का आग्रह करूंगा। इससे भारत की विकास यात्रा को नई शक्ति मिलेगी, और आपको अपनी पुरखों की धरती की सेवा करने का अवसर भी मिलेगा।

इन्हीं शब्दों के साथ आप सभी के प्रेम आपके उत्साह और इस आत्मीय स्वागत के लिए मैं एक बार फिर आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं।

भारत माता की जय!

बहुत बहुत धन्यवाद।