सेशेल्स, भारत के ‘सागर’- ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ के विजन के केन्द्र में है: प्रधानमंत्री मोदी
भारत कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में सेशेल्स के मुख्य भागीदार की भूमिका निभाकर सम्मानित महसूस करता है : प्रधानमंत्री मोदी
भारत सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है: प्रधानमंत्री मोदी

सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति,

माननीय वैवेल रामकलावन जी,

 

विशिष्ट अतिथियों,


नमस्कार,

मैं राष्ट्रपति रामकलावन जी के हार्दिक अभिनंदन के साथ शुरुआत करना चाहूंगा। वह भारत के बेटे हैं, जिनकी जड़ें बिहार के गोपालगंज जिले में हैं। आज, न सिर्फ उनके गांव परसौनी के लोग, बल्कि सभी भारतीयों को उनकी उपलब्धियों पर गर्व महसूस होता है। राष्ट्रपति के रूप में उनके निर्वाचन से सेशेल्स के लोगों का उन पर विश्वास का पता चलता है, जो उन्होंने जन सेवा के प्रति अपने समर्पण से हासिल किया है।

मित्रों,

मुझे 2015 की अपनी सेशेल्स की यात्रा याद है। यह हिंद महासागर क्षेत्र के पड़ोसी देशों के मेरे भ्रमण का पहला गंतव्य था। भारत और सेशेल्स हिंद महासागर में एक मजबूत और महत्वपूर्ण साझेदारी साझा करते हैं।

सेशेल्स, भारत के ‘सागर’- ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ के विजन के केन्द्र में है। भारत को सेशेल्स की सुरक्षा क्षमताओं और उसकी अवसंरचना व विकास जरूरतों को पूरा करने में उसका भागीदार बनने का सम्मान हासिल हुआ है। आज हमारे संबंधों में एक और मील का पत्थर जुड़ गया है। हम हमारी विकास भागीदारी के तहत पूरी हुईं कई परियोजनाओं के संयुक्त रूप से शुभारम्भ के लिए मिल रहे हैं।

मित्रों,

सभी लोकतंत्रों के लिए एक निष्पक्ष, स्वतंत्र और दक्ष न्यायिक प्रणाली महत्वपूर्ण है। हम सेशेल्स में न्यू मजिस्ट्रेट्स कोर्ट बिल्डिंग के निर्माण में अंशदान देकर काफी खुश हैं। इस अत्याधुनिक इमारत का निर्माण कोविड-19 महामारी के इस मुश्किल दौर में पूरा किया गया है। मुझे भरोसा है कि इसे हमारी गहरी और स्थायी दोस्ती के प्रतीक के रूप में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

भारत का हमेशा से विकास सहयोग के मानव केन्द्रित दृष्टिकोण में विश्वास रहा है। इस दर्शन की झलक आज शुरू होने जा रही 10 बेहद प्रभावी सामुदायिक विकास परियोजनाओं में दिखाई देती है। ये परियोजनाएं सेशेल्स में रहने वाले समुदायों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लेकर आएंगी।

मित्रों,

भारत सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आज, हम सेशेल्स तटरक्षक बल को एक नया, अत्याधुनिक, मेड इन इंडिया फास्ट पेट्रोल वीसल्स सौंप रहे हैं। यह वीसल उसके समुद्री संसाधनों की रक्षा में सहायक होगा।

द्वीप देशों के लिए जलवायु परिवर्तन से एक अलग खतरा पैदा हो गया है। इसलिए, मैं खुश हूं कि आज हम भारत की सहायता से सेशेल्स में बने एक मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र को हस्तांतरित कर रहे हैं। इन सभी परियोजनाओं से सेशेल्स की विकास प्राथमिकताओं का पता चलता है, जो प्रकृति का ख्याल रखते हुए विकास करने से जुड़ी हैं।

मित्रों,

भारत कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई में सेशेल्स के मुख्य भागीदार की भूमिका निभाकर सम्मानित महसूस करता है। इस दौर में, हम सेशेल्स को आवश्यक दवाएं और टीकों की 50,000 ‘मेड इन इंडिया’ खुराकों की आपूर्ति करने में सक्षम हुए हैं। सेशेल्स ‘मेड इन इंडिया’ कोविड-19 वैक्सीन प्राप्त करने वाला पहला अफ्रीकी देश था। मैं राष्ट्रपति रामकलावन जी को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि भारत कोविड के बाद के आर्थिक सुधार के लिए उनके प्रयासों में सेशेल्स के साथ मजबूती के साथ खड़ा रहेगा।

मित्रों,

भारत-सेशेल्स की दोस्ती वास्तव में खास है। और, भारत को इस रिश्ते पर खासा गर्व है। मैं एक बार फिर से राष्ट्रपति रामकलावन जी और सेशेल्स के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

धन्यवाद

आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

नमस्ते

 

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
From Vajpayee to Modi: India’s growing influence at the G-7 Summit

Media Coverage

From Vajpayee to Modi: India’s growing influence at the G-7 Summit
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
पीएम मोदी ने युवा-नेतृत्व वाले विकास और भारत के मजबूत इनोवेशन इकोसिस्टम को रेखांकित किया
June 13, 2026
प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में युवा शक्ति के उल्लेखनीय योगदान और वैश्विक पटल पर उनके बढ़ते प्रभाव पर जोर दिया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि सरकार युवा नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों की एक प्रमुख विशेषता यह रही है कि भारत के युवाओं ने अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ साकार किया है।

श्री मोदी ने इस बात का उल्‍लेख किया कि स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहलों के माध्यम से एक ऐसा वातावरण विकसित हुआ है जो नवाचार, उद्यमिता और उद्यम को प्रोत्साहित करता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि आज भारत विश्व के अग्रणी स्टार्टअप केंद्रों में से एक है और इन सफलताओं की कई कहानियां छोटे शहरों और गांवों से हमारी युवा शक्ति द्वारा लिखी जा रही हैं।

उन्‍होंने कहा कि भारत के युवा विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन तक विभिन्न क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि युवा भारतीय उन क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं जो राष्ट्र और विश्व के भविष्य को आकार देंगे। श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि हमारे युवाओं ने खेल के क्षेत्र में भी देश का नाम रोशन किया है और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत खेल व्यवस्था, बेहतर बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों को मिलने वाला अधिक समर्थन युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है और उन्हें खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्‍स पर कई पोस्टों की एक श्रृंखला में साझा किया:

"राजग सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। पिछले 12 वर्षों की एक प्रमुख विशेषता यह रही है कि भारत के युवाओं ने आत्मविश्वास के साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा किया है।"

स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहलों के माध्यम से एक ऐसा प्रक्रियागत तंत्र उभरा है जो नवाचार, उद्यमिता और उद्यम को प्रोत्साहित करता है।

आज भारत दुनिया के अग्रणी स्टार्टअप गंतव्यों में से एक है और इन सफलता की कहानियों में से कई हमारी युवा शक्ति द्वारा लिखी जा रही हैं, और वह भी छोटे कस्बों और गांवों से।

#युवाशक्तिके12साल

“भारत के युवा विज्ञान और प्रौद्योगिकी से लेकर विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन तक विभिन्न क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। यह देखकर बेहद खुशी होती है कि युवा भारतीय उन क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं जो हमारे राष्ट्र और दुनिया के भविष्य को आकार देंगे।”

हमारे युवाओं ने खेल के क्षेत्र में भी देश का नाम रोशन किया है। अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने लगातार राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाया है।

इसके साथ ही, एक मजबूत खेल व्यवस्था, बेहतर बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों को मिलने वाला अधिक समर्थन युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है और उन्हें खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

#युवाशक्तिके12साल