INDI alliance aims to play musical chairs with the Prime Minister's seat: PM Modi in Pataliputra, Bihar
The RJD-Congress are conspiring to allocate SC/ST/OBC quotas to their vote bank: PM Modi in Bihar
Congress allowed grains to rot while refusing to feed the poor: PM Modi taking a jibe at the Opposition

महान पाटलिपुत्र के ई ज्ञान-विज्ञान, शौर्य-पराक्रमी, वैभवशाली भूमि के नमन करीत हियो ! रउआ सभन के हमर प्रणाम पहुंचे !

भाइयों और बहनों,

आज छठे चरण का मतदान हो रहा है। मतदाताओं का अभूतपूर्व उत्साह और उमंग हम लगातार देख रहे हैं। मैं देश के हर मतदाता का अभिनंदन करता हूं और भारी संख्या में मतदान का आग्रह करता हूं।

साथियों,

ये भूमि स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र जी की विरासत है। उनकी तपस्या, हर बीजेपी कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है। बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम आज पूरा देश देख रहा है। ऐसा लग रहा है कि आप सब लोग मनेर के लड्डू खाकर आए हो। मनेर के लड्डू मशहूर तो है, लेकिन लग रहा है कि मनेर के लड्डू की ताकत भी बड़ी है। आप लोग भी 4 जून के लिए ये मनेर के लड्डू तैयार रखिए। चुनाव के नतीजे क्या आने वाले हैं, उसका एग्जिट पोल चालू हो गया है। आप समझ लीजिए, जब इंडी गठबंधन वाले सोते-उठते, जागते-बैठते EVM को गाली देना शुरू कर दें, मतलब की NDA की सफलता का एक्जिट पोल आ चुका है। 4 जून को पाटलिपुत्र में नया रिकॉर्ड बनेगा और देश में भी नया रिकॉर्ड बनेगा।

साथियों,

मैं हिंदुस्तान के कोने-कोने में गया हूं। जनता-जनार्दन के दर्शन करने गया हूं। देशवासियों के आशीर्वाद लेने गया हूं। माताओं-बहनों के सामने सर झुकाने के लिए गया हूं और चारो तरफ से एक ही मंत्र सुनाई देता है, एक ही गूंज सुनाई देती है और एक ही विश्वास झलक रहा है। फिर एक बार...मोदी सरकार। फिर एक बार...मोदी सरकार। फिर एक बार...मोदी सरकार।

साथियों,

चौबीस के इस चुनाव में, एक तरफ चौबीस घंटे आपके लिए मेहनत करने वाला मोदी है...तो दूसरी तरफ चौबीस घंटे आपसे झूठ बोलने वाला इंडी गठबंधन है। एक तरफ मोदी है...जो चौबिसो घंटे...सातों दिन 2047 में विकसित भारत बनाने में जुटा है। जो 24x7 आत्मनिर्भर भारत बनाने में जुटा है। जो 24x7 देश की सुरक्षा बढ़ाने में जुटा है। जो 24x7 अच्छी आधुनिक सड़कें, आधुनिक रेलवे देने में जुटा है। वहीं दूसरी तरफ इंडी-गठबंधन है...इंडी गठबंधन के पास काम नहीं है...समय ही समय है...खाली है। देशवासियों ने उनकी छुट्टी कर दी है। वे जेल में विश्राम करते रहते हैं...कभी बाहर रहते हैं और इसलिए ये इंडी गठबंधन...दिन हो या रात मोदी को गालियां देने में जुटा है। दिन हो या रात अपने वोट बैंक को खुश करने में जुटा है।

साथियों,

LED बल्ब के जमाने में...यहां बिहार में एक लालटेन लेकर घूम रहे हैं। ये एक ऐसी लालटेन जो सिर्फ एक ही घर में रोशनी करता है। एक ही घर में रोशनी करता है...30 साल का इतिहास देख लीजिए...सिर्फ एक ही घर में रोशनी करता है। चारो तरफ अंधेरा हो जाए तो हो जाए, उनके घर की रोशनी जलती रहे। इस लालटेन ने बिहार में अंधेरा ही अंधेरा फैलाया है। दूसरे के बेटे-बेटियों को ये लोग पूछते तक नहीं हैं। इंडी गठबंधन वालों का सूत्र है...अपना काम बनता, भाड़ में जाए जनता।

भाइयों और बहनों,

ये सिर्फ MP चुनने के लिए चुनाव नहीं है, ये देश का PM चुनने के लिए है। अब आपका वोट मामूली नहीं है, अब आपका वोट इतना वजनदार है इतना ताकतवर है कि आपका वोट देश का पीएम चुनने वाला है। भले ही आप पाटलिपुत्र में बैठे हों, लेकिन पीएम का फैसला आप मेरे भाई-बहन करने वाले हो और भारत को कैसा पीएम चाहिए?... भारत को कैसा पीएम चाहिए?... भारत को कैसा पीएम चाहिए? भारत को ऐसा पीएम चाहिए जो इस दमदार देश का दम दुनिया के सामने दमखम के साथ रख सके। वहीं दूसरी ओर ये इंडी वाले हैं। इंडी-गठबंधन की योजना, 5 साल में 5 पीएम देने की है। अब मुझे बताइए 5 साल में 5 पीएम क्या होगा इस देश का। इसके लिए दावेदार कौन-कौन है? गांधी परिवार का बेटा..सपा वाले परिवार का बेटा...नेशनल कॉन्फ्रेंस परिवार का बेटा...NCP वाले परिवार की बेटी...TMC वाले परिवार का भतीजा...आप पार्टी के आका की पत्नी...नकली शिवसेना परिवार का बेटा...और RJD परिवार के बेटे या फिर बेटियां...ये सारे परिवारवादी मिलकर, प्रधानमंत्री की कुर्सी पर म्यूजिकल चेयर खेलना चाहते हैं।

साथियों,

ये इंडी-गठबंधन के लोग...और मैं आग्रह करता हूं..मैं जो बता रहा हूं..आप भी जांच पड़ताल करके देख लेना। मेरा एक शब्द आपको गलत नहीं मिलेगा। ये लोग घोर सांप्रदायिक हैं। इनको संविधान से...बिन सांप्रदायिकता से...सर्वपंथ सम्भाव से कोई लेना देना नहीं है। ये घोर सांप्रदायिक हैं। ये घोर जातिवादी हैं और ये घोर परिवारवादी हैं। सबसे पहले वो अपने परिवार का ही सोचते हैं और बाकियों को पीछे रखते हैं। क्या ऐसे लोग बिहार का भला कर सकते हैं? पाटलिपुत्र का भला कर सकते हैं? आपके परिवार का भला कर सकते हैं?

साथियों,

बिहार की इस धरती ने सामाजिक न्याय को लेकर पूरे देश को दिशा दिखाई है। SC/ST/OBC के आरक्षण के अधिकार के लिए बिहार ने लंबी लड़ाई लड़ी है। लेकिन आज बिहार के जागरूक लोगों के सामने मैं बड़े दुख और पीड़ा के साथ एक कड़वा सच रख रहा हूं। क्योंकि मैं भी आपकी ही तरह अति पिछड़े लोगों के बीच में पल-बढ़ कर आपके बीच पहुंचा हूं। इसलिए मैं उस दर्द को जानता हूं। RJD-कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दल मिलकर SC/ST/OBC के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात कर रहे हैं। हमारा संविधान कहता है कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा...बाबासाहेब अम्बेडकर कहते थे कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा...लेकिन RJD-कांग्रेस SC/ST/OBC का कोटा खत्म करके, अपने वोट बैंक को..जो वोट जिहाद करते हैं...ऐसे लोगों को धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती हैं। चौबीस के इस चुनाव में जब मैंने इन दलों की इस साजिश का पर्दाफास किया है...तो एक के बाद एक इनकी SC/ST/OBC आरक्षण विरोधी करतूतें सामने आ रही हैं। मैं बहुत जिम्मेदारी से बिहार के मेरे परिवारजनों के सामने ये पीड़ा बताना चाहता हूं। RJD-कांग्रेस ने मिलकर मेरे यादव परिवारों को, मेरे कुर्मी परिवारों को, मेरे कुशवाहा परिवारों को, मेरे कलवार परिवारों को, मेरे तेली परिवारों को, मेरे सूरी परिवारों को, मेरे कानू परिवारों को, मेरे निषाद परिवारों को, मेरे पासवान परिवारों को, मेरे रविदास परिवारों को, मेरे मुसहर परिवारों को...ऐसे हरेक का जो आरक्षण था ना उसपर डाका डाल दिया है। आपको अंधेरे में रख कर के जैसे चोर आकर चोरी कर जाए वैसे ही इन लुटेरों ने आपके हक को लूटा है। मैं बात कड़वी बता रहा हूं, लेकिन मेरे जेहन पर बड़े घाव लगे हैं, मेरे भाइयों और इन जातियों के आरक्षण का कोटा कम करके RJD-कांग्रेस-इंडी गठबंधन ने वोट जिहाद वाले अपने वोट बैंक को दे दिया है।

साथियों,

SC/ST/OBC के हमारे बच्चों को दाखिले में आरक्षण से बहुत मदद मिलती है। लेकिन RJD-कांग्रेस ने दलितों-पिछड़ों-आदिवासियों के बच्चों से ये अधिकार छीनकर इसे मुसलमानों को दे दिया है। ये संविधान के खिलाफ है। ये बाबासाहेब अम्बेडकर ने जो संविधान बनाया उसकी पीठ में छुरा भोंकने का पाप किया है। अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए कांग्रेस ने रातों-रात माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन्स से जुड़ा कानून बदल दिया...इसके बाद धड़ा-धड़ हजारों संस्थानों को माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन घोषित कर दिया। इन संस्थानों में पहले एडमिशन के दौरान SC/ST/OBC को पूरा आरक्षण मिलता था। RJD-कांग्रेस के चलते आज SC/ST/OBC को माइनॉरिटी इंस्टीट्यूशन में 1 परसेंट भी आरक्षण नहीं मिलता है। जो पहले मिलता था उसपर ताले लगा दिए, आपका जो हक था उसपर डाका डाल दिया। यानि लाखों SC/ST/OBC युवाओं की शिक्षा के अवसर इंडी गठबंधन वालों ने छीन लिए हैं। आप मुझे बताइए...क्या ये आपसे विश्वासघात है की नहीं है... ये आपसे विश्वासघात है की नहीं है...मैं आपसे पूछता हूं... क्या ये आपसे विश्वासघात है की नहीं है। क्या ये आपके बच्चों से विश्वासघात है की नहीं है।

साथियों,

इंडी-गठबंधन की एक और साजिश उसको अभी कोलकता हाईकोर्ट ने नकाब उतारकर खुला कर दिया है। इंडी वालों ने बंगाल में 77 मुस्लिम जातियों को खटाखट... खटाखट...एक झटके में OBC का दर्जा दे दिया। इसके बाद सरकारी नौकरियों में जो लाभ OBC को मिलना चाहिए था, वो इन 77 मुस्लिम जातियों को मिलने लगा। हक किसका मारा गया? हक मेरे OBC परिवारों का मारा गया, हक मेरे अति पिछड़ों का मारा गया, फायदा किसको हुआ? इंडी वालों के वोट जिहाद करने वालों को मिला। कांग्रेस के राज में कर्नाटक में रातों-रात सभी मुसलमानों को ओबीसी घोषित कर दिया।

साथियों,

RJD-कांग्रेस-इंडी गठबंधन इस सच्चाई से इनकार नहीं कर सकते। ये संविधान बदलकर पूरे देश में धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं। लेकिन मैं भी आज बिहार की इस धरती से..सामाजिक न्याय की पुण्य भूमि से देश को एक गारंटी दे रहा हूं..बिहार को गारंटी देता हूं...SC/ST/OBC परिवारों को गारंटी देता हूं...अति पिछड़े परिवारों को गारंटी देता हूं। जब तक मोदी जिंदा है, मैं SC/ST/OBC और अति पिछड़ों के हकों को छीनने नहीं दूंगा। ये मोदी की गारंटी है। मोदी के लिए संविधान सर्वोपरि है...मोदी के लिए बाबासाहेब अम्बेडकर की भावना सर्वोपरि है...इंडी अलायंस को अपने वोट बैंक की गुलामी करनी है, तो करे...उनको वहां जाकर मुजरा करना है तो भी करें। मैं SC/ST/OBC आरक्षण के साथ डटकर खड़ा हूं...खड़ा रहूंगा, जब तक जान है लड़ता रहूंगा।

साथियों,

गरीब का ये बेटा जानता है कि जब किसी का हक छिनता है...जब किसी को उसका हक नहीं मिलता...तो उस पर क्या बीतती है। इसलिए मोदी ने गरीब को उसका हक दिया है। तभी हिंदुस्तान के हर कोने में ...दुनिया के लोगों को आश्चर्य होता है कि आज हजारों-लाखों की तादाद में माताएं-बहनें आती हैं, बैठ करके आशीर्वाद देती हैं। अपने घर का काम छोड़ कर आती हैं। आप याद कीजिए..देश के गोदामों में आनाज सड़ जाता था, लेकिन कांग्रेस सरकार सुप्रीम कोर्ट में जाकर कहती थी कि वो गरीबों को अनाज नहीं दे सकती और सुप्रीम कोर्ट टांग अड़ाना बंद कर दे, यहां तक चले गए थे वो लोग। मोदी ने हर जरूरतमंद के लिए गोदाम के दरवाजे खोल दिए। आज भी गरीबों को मुफ्त राशन मिलता है और ये मोदी की गारंटी है कि आने वाले पांच साल भी जिन परिवारों को मुफ्त राशन मिलता रहा है, मिलता रहेगा। आज कोई मां इसलिए रात-रात भर नहीं जागती...कि उसके बच्चे के पास खाने को कुछ नहीं है। हर गरीब का पेट भरे, ये मोदी की गारंटी है। कोई बच्चा भूखा सो ना जाए, गरीब के घर का चूल्हा बुझ ना जाए, इसलिए आपने मोदी को बिठाया है।

माताओं-बहनों,

आप में से बहुतों को मोदी ने जो पक्का आवास की योजना बनाई है, वो मिल चुका होगा। मेरा एक काम करोगे आप लोग जरा यहां जो बैठे हैं, जरा हाथ ऊपर करके बताएं, तो मैं बताऊं। मेरा एक काम करेंगे। उधर से आवाज नहीं आई, मेरा एक काम करेंगे। उधर माताओं-बहनों से आवाज नहीं आई, मेरा एक काम करेंगे। उधर पीछे से आवाज नहीं आई मेरा एक काम करेंगे। देखिए अगर आप गांव में जाते हैं, अलग-अलग बस्तियों में जाते हैं...लोगों से मिलते हैं और कहीं पर भी आपकी नजर में आए की कोई झुग्गी-झोंपड़ी में रहता है। कोई मिट्टी के कच्चे घर में रहता है तो आप उसका नाम-पता लिख करके मुझे दे दीजिए। आप उसका नाम-पता लिख करके मुझे भेज दीजिए और उसको कह देना...उसको बिना संकोच कह देना की 4 जून के बाद मोदी की सरकार जब तीसरी बार बनेगी तो तुम्हारे लिए घर भी बनेगा ये बता देना, ये मोदी की गारंटी है...कहना उनको और उस गरीब परिवार को कहना। मेरे लिए तो आप सभी मोदी हैं। 3 करोड़ पक्के घर बनाउंगा, लेकिन एक भी परिवार कच्चे घर या झोंपड़ी में रहने के लिए मजबूर ना हो, ये मैं करके रहूंगा। जिनको नहीं मिला उनको भी पक्का घर मिलेगा। अभी तक इसमें शौचालय, बिजली कनेक्शन, सस्ता सिलेंडर, नल और नल से जल...ये सबकुछ मिलता था। अब मोदी एक और काम करने वाला है, वो सबके लिए है, जितना अमीर हो वो भी फायदा ले सकता है, जितना भी गरीब हो वो भी ले सकता है। गांव वाला भी फायदा ले सकता है, शहर वाला भी ले सकता है। ऐसी योजना है कि आपको जीवन भर तकलीफ ही ना हो। और मोदी ने तय किया है आपका बिजली का बिल जीरो। बिजली का बिल जीरो। हमने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरु की है। छत पर सोलर पैनल लगेगा, उससे बिजली पैदा होगी, ये बिजली आपकी जरूरत के हिसाब से आप मुफ्त में उपयोग करेंगे और जो अतिरिक्त बिजली होगी ना वो सरकार खरीदेगी उसका पैसा देगी आपको। अबतक बिजली का बिल देते थे, अब बिजली का पैसा सरकार आपको देगी और ये काम करने के लिए...आपको लगता होगा कि मोदी बिजली का बिल जीरो तो ले आया..सोलर पैनल की बात तो कर रहा है...लगाएगा कौन..उसके लिए भी मोदी हर परिवार को 75 हजार रूपए देगा। और ये ऑनलाइन जाकर के अभी भी आप रजिस्ट्रेशन करवा सकते हो। योजना शुरू है..ऐसे ही खप्पड़बाजी नहीं है कि ये होगा तो वो होगा...योजना चालू है। आप आपना नाम रजिस्टर करवा दीजिए। जैसे -जैसे आगे बढ़ेगा...आपका नंबर लग जाएगा। बेटा तुम थक जाओगे...आप मुझे देना चाहते हैं, आप मेरे लिए लाए हैं..अच्छा मैं ले लेता हूं। मुझे बहुत दया आती है..तुम कब से खड़े हो भैया...लेकिन मैं देख रहा हूं तुमने बढ़िया बनाया है...तुमने तो मोदी भी बनाया है...पार्लियामेंट भी बनाया है..कमल भी बनाया है। सुंदर बनाया है...जरा कैमरे वाले भी इन बच्चों के फोटो ले लो। अच्छा पीछे अपना नाम लिखा है बेटा...अच्छा अपना नाम लिखना और मैं आपको चिट्ठी जरूर लिखूंगा। ये सबसे जो भी हैं, ले लीजिए भाई..इतने प्यार से बच्चे लेकर आए हैं...मेरा सौभाग्य है...ये बेटी भी कुछ लेकर आई है...ले लीजिए इससे ..ऐसा लग रहा है....बच्चों का इतना प्यार...कभी-कभी सोचता हूं कि ये कर्ज मैं कैसे उतारूंगा। मैं सबका आभारी हूं। साथियों, जितनी बिजली चाहिए मुफ्त उपयोग करो और बाकी सरकार को बेच कर कमाई भी कर लो।

भाइयों और बहनों,

नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार...बिहार को विकास की पटरी पर ले आई है। आने वाले 5 सालों में हमें बिहार में और तेज विकास करना है। आज उत्तर और दक्षिण बिहार...गंगा जी पर बन रहे दीघा-सोनपुर रेल रोड ब्रिज से जुड़ चुका है। NDA सरकार की पहचान ऐसे ही विकास के लिए है। आने वाले 5 साल भारतीय रेल के आधुनिकीकरण के स्वर्णिम साल होने वाले हैं। इसका सीधा फायदा पाटलीपुत्र को होगा...मेरे बिहार को होगा... यहां नई इंडस्ट्री आएगी...रोजगार के नए अवसर आएंगे। इसलिए...मेरे अनन्य साथी और मैं कहूंगा कुछ लोगों को राम के नाम से ही झगड़ा है। और इसलिए वो रामकृपाल नाम भी सहन नहीं करेंगे, ऐसे लोग जो है जिनको राम से घोर विरोध है, वो रामकृपाल नाम से भी उनके माथे के बाल खड़े हो जाएंगे। ऐसे रामकृपाल बाबू को आप प्रतिनीधि बनाकर दिल्ली भेजिए, ये मेरे हाथ मजबूत करेंगे। इसलिए मैं आपके पास आशीर्वाद मांगने आया हूं। और कमल पर पड़ा आपका हर वोट सीधे-सीधे मोदी के खाते में जाएगा। आप ज्यादा से ज्यादा मतदान कराएंगे। हर पोलिंग बूथ जीत कर दिखाएंगे..घर-घर जाएंगे।

मेरा एक काम करेंगे...ऐसे नहीं...हाथ ऊपर करके बताओ तो बोलूं...आप लोग करेंगे की नहीं करेंगे मालूम नहीं..माताएं-बहनें तो जरूर करेंगी। ये माताएं-बहनें तो पक्का करेंगी। जरा हाथ ऊपर करके बताइए मेरा एक काम करेंगे। ये चुनाव का काम नहीं है...मेरा पर्सनल है करेंगे...करेंगे। आप अपने क्षेत्र में अपने गांव में मंदिर होंगे.. देवीस्थान होंगे...वहां मेरी तरफ से जाकर मत्था टेक देना और ईश्वर से विकसित भारत बनाने के लिए आशीर्वाद ले लेना। हर मंदिर में मेरी तरफ से जाकर के मत्था टेकेंगे....हर तीर्थ क्षेत्र में मेरी तरफ से जाकर मत्था टेकेंगे। मेरे लिए और देश के लिए आशीर्वाद मांगेंगे। विकसित भारत बनाने का काम पक्का करेंगे। बोलिए...
भारत माता की जय !

भारत माता की जय !

भारत माता की जय !

बहुत-बहुत धन्यवाद!

Explore More
প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা

Popular Speeches

প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা
India trained 85,000 engineers in 4 years under Semicon 2.0: Vaishnaw

Media Coverage

India trained 85,000 engineers in 4 years under Semicon 2.0: Vaishnaw
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Text of PM's address during post-budget webinar on “Sustaining and Strengthening Economic Growth”
March 03, 2026
This year’s Union Budget reinforces our commitment to sustaining and strengthening economic growth: PM
Our direction is clear, our resolve is clear,Build more, produce more, connect more, export more: PM
The world is looking for reliable and resilient manufacturing partners, and today India has the opportunity to firmly fulfill this role: PM
India has signed Free Trade Agreements with many countries, a very large door of opportunities has opened for us, and in such a situation, it is our responsibility to never compromise on quality: PM
The Carbon Capture, Utilisation and Storage Mission is an important initiative, integrating sustainability in core business strategy will be essential: PM
The industries that invest in clean technology in time will be able to build better access to new markets in the coming years: PM
A major transformation is happening in the world economy today, as markets now look not only at cost but also at sustainability: PM

नमस्कार !

गत् सप्ताह, बजट वेबिनार सीरीज के पहले वेबिनार का आयोजन हुआ, और मुझे ऐसा बताया गया कि वो बहुत सफल रहा, और बजट प्रावधानों के Implementation को लेकर हर किसी ने काफी उत्तम सुझाव दिए, सबकी सक्रिय भागीदारी का मैं स्वागत करता हूं और आज इस सीरीज के दूसरे वेबिनार का आयोजन हो रहा है। और मुझे बताया गया कि आज हजारों की तादाद में, ढेर सारे विषयों पर अनगिनत लोग अपने सुझाव देने वाले हैं। विषय के जो एक्सपर्ट्स हैं, वे भी हमसे जुड़ने वाले हैं। इतनी बड़ी तादाद में बजट पर चर्चा, ये अपने आप में एक बहुत सफल प्रयोग है। आप सब समय निकाल करके इस वेबिनार में जुड़े। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं, आपका स्वागत करता हूं। इस वेबिनार की थीम देश की Economic Growth को निरंतर मजबूती देने से जुड़ी हुई है। आज जब भारत अपनी मजबूत economy से पूरे विश्व की उम्मीद बना हुआ है, आज जब ग्लोबल सप्लाई चैन re-shape हो रही है, तब अर्थव्यवस्था की तेज प्रगति विकसित भारत का भी बहुत बड़ा आधार है। हमारी दिशा स्पष्ट है, हमारा संकल्प स्पष्ट है, Build more, produce more, connect more और अब जरूरत है Export more, और निश्चित तौर पर इसमें आज आपके बीच जो मंथन होगा, इस मंथन से जो सुझाव निकलेंगे, उनकी बड़ी भूमिका होगी।

साथियों,

आप सब जानते हैं, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, हमारे MSME's, लघु उद्योग, कुटीर उद्योग, इतना ही नहीं, हमारे छोटे-बड़े शहर, ये अर्थव्यवस्था के पिलर्स के तौर पर दिखने में तो अलग-अलग लगते हैं, लेकिन वे सभी interconnected हैं। जैसे, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग नए अवसर तैयार करती है, और इससे निर्यात में बढ़ोतरी होती है। Competitive MSMEs से flexibility और इनोवेशन को बढ़ावा मिलता है। बेहतर लॉजिस्टिक्स से लागत कम होती है। Well-planned शहर investment और talent दोनों को अपनी ओर खींचते हैं। इन सभी पिलर्स को इस साल के बजट ने बहुत मजबूती दी है।

लेकिन साथियों,

कोई भी दिशा अपने आप परिणाम नहीं बन जाती, जमीन पर बदलाव तब आता है, जब industry, financial institutions, राज्य सरकारें, मिलकर उसे वास्तविकता बनाते हैं। मेरी अपेक्षा है, इस वेबिनार में आप सभी अपने मंथन में कुछ विषयों को जरूर प्राथमिकता दें, जैसे मैन्युफैक्चरिंग और प्रॉडक्शन, ये कैसे बढ़े, Cost structure को कैसे कंपटीटिव बनाया जा सकता है, निवेश का प्रवाह कैसे तेज हो, और विकास कैसे देश के कोने-कोने तक पहुंचे। इस दिशा में आपके सुझाव बहुत अहम साबित होंगे।

साथियों,

मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आज देश कोर इंडस्ट्रियल क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। और इस मार्ग में जो चुनौतियां हैं, उन्हें भी दूर किया जा रहा है। Dedicated Rare Earth Corridors, कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग, ऐसे सेक्टर्स पर फोकस करके हम अपने ट्रेड इकोसिस्टम को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। बजट में बायोफार्मा शक्ति मिशन की घोषणा भी की गई है। इस मिशन का उद्देश्य है, भारत को biologics और next-generation थेरेपीज के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनाना। हम Advanced Biopharma Research और मैन्युफैक्चरिंग में लीडरशिप की ओर बढ़ना चाहते हैं।

साथियों,

आज दुनिया विश्वसनीय और resilient manufacturing partners की तलाश में है। भारत के पास यह अवसर है कि वह इस भूमिका को मजबूती से निभाए। इसके लिए आप सभी स्टेकहोल्डर्स को बहुत आत्मविश्वास के साथ निवेश करना होगा, नई टेक्नोलॉजी अपनानी होगी और रिसर्च में जो कंजूसी करते हैं ना, वो जमाना चला गया, अब हमें रिसर्च में बड़ा इनवेस्टमेंट करना होगा, और ग्लोबल स्टैंडर्ड के अनुरूप क्वालिटी भी सुनिश्चित करनी होगी, और मैं बार-बार कहता हूं कि अब हमें आगे बढ़ने के जब अवसर आए हैं, तो हमारा एक ही मंत्र होना चाहिए, क्वालिटी-क्वालिटी-क्वालिटी।

साथियों,

भारत ने बहुत सारे देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। हमारे लिए अवसरों का, यानि अवसरों का बहुत बड़ा द्वार खुला है। ऐसे में हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम क्वालिटी पर कभी भी समझौता ना करें, अगर किसी एक चीज पर सबसे ज्यादा ताकत, बुद्धि, शक्ति, समझ लगानी है, तो हमें क्वालिटी पर बहुत ज्यादा जोर देना चाहिए। हमारे प्रोडक्ट्स की क्वालिटी ग्लोबल स्टैंडर्ड, इतना ही नहीं, उससे भी बेहतर हो। और इसके लिए हमें दूसरे देशों की जरूरतों को, वहां के लोगों की अपेक्षाओं को भी, उसका अध्ययन करना पड़ेगा, रिसर्च करनी पड़ेगी, उसे समझना होगा। हमें दूसरे देशों के लोगों की पसंद और उनके कंफर्ट को स्टडी करना, ये सबसे बड़ी आवश्यकता है, और रिसर्च करनी चाहिए। मान लीजिए कोई छोटा पुर्जा मांगता है, और वो बहुत बड़ा जहाज बना रहा है, लेकिन हम पुर्जे में चलो भेज दो, क्या है? तो कौन लेगा आपका पुर्जा? भले आपके लिए वह छोटा पुर्जा है, लेकिन उसकी एक बहुत बड़ी जो मैन्युफैक्चरिंग की यूनिट है, उसमें बहुत बड़ा महत्व रखता है। और इसलिए आज दुनिया में हमारे लिए क्वालिटी ही इस कंपिटिटिव वर्ल्ड के अंदर सुनहरा अवसर बना देती है। हमें उनके हिसाब से यूजर फ्रेंडली प्रोडक्ट बनाने होंगे। तभी हम उन अवसरों का लाभ उठा पाएंगे, और जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट तैयार हो चुका है, अब ये विकास का महामार्ग आपके लिए तैयार है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस वेबिनार में इस विषय पर फोकस करते हुए भी आप सब जरूर चर्चा करेंगे।

 

साथियों,

हमने MSME classification में जो Reforms किए, उसका व्यापक प्रभाव दिख रहा है। इससे enterprises का ये डर खत्म हुआ है कि वो अपना विस्तार करेंगे, तो उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाले फायदे बंद हो जाएंगे। क्रेडिट तक MSME's की आसान पहुंच बनाने, टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन को बढ़ावा देने और कपैसिटी बिल्डिंग की दिशा में लगातार प्रयास हुए हैं।

लेकिन साथियों,

इन प्रयासों का असर तभी दिखाई देगा, जब MSMEs ज्यादा से ज्यादा कंपटीशन में उतरेंगे, और विजयी होने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे। अब समय है कि MSMEs अपनी प्रोडक्टिविटी और बढ़ाएं, क्वालिटी स्टैंडर्ड्स को ऊंचा करें, डिजिटल प्रोसेस और मजबूत वैल्यू चैन से जुड़ें। इस दिशा में, इस वेबिनार में आपके सुझाव बहुत अहम होंगे।

साथियों,

इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स हमारी growth strategy के कोर पिलर्स हैं। इस वर्ष के बजट में रिकॉर्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर का प्रस्ताव है। High-capacity transport systems का निर्माण, रेलवे, हाइवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, वाटरवे के बीच बेहतर तालमेल, अलग-अलग फ्रेट कॉरिडोर और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी का विस्तार, ये सभी कदम खर्च कम करने और efficiency improve करने के लिए आवश्यक है। इसलिए, नए वाटरवेज, शिप रिपेयर फैसिलिटी और Regional Centres of Excellence हमारे लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करेंगे। सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकास के ग्रोथ कनेक्टर बनने वाले हैं। लेकिन आप भी जानते हैं, इस इंफ्रास्ट्रक्चर का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उद्योग और निवेशक अपनी रणनीतियों को इस विजन के अनुरूप में ढालेंगे। ये रणनीतियां क्या होगी, इस पर भी आपको विस्तार से चर्चा करनी चाहिए, और मुझे पूरा विश्वास है कि आप जरूर इन बातों पर ध्यान देंगे।

 

साथियों,

भारत की विकास यात्रा में अर्बनाइजेशन, शहरीकरण का भी बहुत अहम रोल है। भारत की future growth इस बात पर निर्भर करेगी कि हम अपने शहरों को कितना effectively plan और manage करते हैं। हमारे Tier-II और Tier-III शहर, नए growth anchors कैसे बनें, इसके लिए भी इस बजट वेबिनार में आपके सुझाव बहुत अहम होंगे।

साथियों,

आज दुनिया की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा परिवर्तन चल रहा है। बाजार अब केवल लागत नहीं देखते हैं, वे sustainability भी देखते हैं। इस दिशा में Carbon Capture, Utilisation and Storage Mission एक महत्वपूर्ण पहल है। अब sustainability उसको आपको core business strategy का हिस्सा बनाना ही होगा। जो उद्योग समय रहते क्लीन टेक्नोलॉजी में निवेश करेंगे, वे आने वाले वर्षों में नए-नए बाजारों तक बेहतर पहुंच बना पाएंगे। इस साल बजट ने नई दिशा दी है। मेरा आग्रह है कि उद्योग, निवेशक और विभिन्न संस्थान मिलकर इस पर आगे बढ़ें।

साथियों,

विकसित भारत का लक्ष्य collective ownership से ही हासिल किया जा सकता है। ये बजट वेबिनार भी सिर्फ discussion का प्लेटफॉर्म ना बने, सिर्फ अपने ज्ञान को हम बटोरते रहे, ऐसा नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें collective ownership दिखे, ये बहुत जरूरी है। बजट ने framework दिया है, अब आपको मिलकर momentum पैदा करना है। आपको हमारे प्रयासों में सहभागी बनना है। आपका हर सुझाव, हर अनुभव जमीन पर बेहतरीन नतीजें लाने की क्षमता रखता है। आपके सुझाव देश की प्रगति में माइलस्टोन बनें, इसी विश्वास के साथ आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

नमस्कार !