“कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट विश्व भर के बौद्ध समाज की श्रद्धा के प्रति पुष्पांजलि है”
“भगवान बुद्ध से जुड़े स्थानों को विकसित करने के लिए, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के निर्माण पर भारत द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है”
“उड़ान योजना के तहत बीते कुछ सालों में 900 से अधिक नए रूट्स को स्वीकृति दी जा चुकी है, इनमें से 350 से अधिक पर हवाई सेवा शुरू भी हो चुकी है। पचास से अधिक नए एयरपोर्ट या जो पहले सेवा में नहीं थे, उनको चालू किया जा चुका है”
“उत्तर प्रदेश में कुशीनगर एयरपोर्ट से पहले ही आठ एयरपोर्ट चालू हो चुके हैं; लखनऊ, वाराणसी और कुशीनगर के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर काम चल रहा है। इसके अलावा अयोध्या, अलीगढ़, आजमगढ़, चित्रकूट, मुरादाबाद और श्रावस्ती में एयरपोर्ट परियोजनाएं चल रही हैं”
“एयर इंडिया पर निर्णय भारत के एविएशन सेक्टर को नई ऊर्जा देगा”
“हाल में लॉन्च ड्रोन नीति से कृषि से स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन से रक्षा तक के क्षेत्रों में जीवनोपयोगी बदलाव आयेगा”

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी, मुख्यमंत्री श्रीमान योगी आदित्यनाथ जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, श्री किरण रिजिजू जी, श्री जी किशन रेड्डी जी, जनरल वी के सिंह जी,श्री अर्जुन राम मेघवाल जी, श्री श्रीपद नायक जी, श्रीमती मीनाक्षी लेखी जी, यूपी सरकार के मंत्री श्री नंद गोपाल नंदी जी, संसद में मेरे साथी श्री विजय कुमार दुबे जी, विधायक श्री रजनीकांत मणि त्रिपाठी जी, विभिन्न देशों के राजदूत-राजनयिक, अन्य जन प्रतिनिधि गण,

भाइयों और बहनों !

भारत, विश्व भर के बौद्ध समाज की श्रद्धा का, आस्था का, प्रेरणा का केंद्र है। आज कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ये सुविधा, एक प्रकार से उनकी श्रद्धा को अर्पित पुष्पांजलि है। भगवान बुद्ध के ज्ञान से लेकर महापरिनिर्वाण तक की संपूर्ण यात्रा का साक्षी ये क्षेत्र आज सीधे दुनिया से जुड़ गया है। श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट का कुशीनगर में उतरना, इस पुण्य भूमि को नमन करने की तरह है। इस फ्लाइट से श्रीलंका से आए अतिपूजनीय महासंघ और अन्य महानुभाव, आज कुशीनगर बडे गर्व के साथ आपका स्वागत करता है । आज एक सुखद संयोग ये भी है कि आज महर्षि वाल्मिकी जी की जयंती है। भगवान महर्षि वाल्मीकि जी की प्रेरणा से आज देश सबका साथ लेकर, सबके प्रयास से सबका विकास कर रहा है।

साथियों,

कुशीनगर का ये इंटरनेशनल एयरपोर्ट दशकों की आशाओं और अपेक्षाओं का परिणाम है। मेरी खुशी आज दोहरी है। आध्यात्मिक यात्रा के जिज्ञासु के रूप में मन में संतोष का भाव है और पूर्वांचल क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में भी ये एक कमिटमेंट के पूरा होने की घड़ी भी है। कुशीनगर के लोगों को, यूपी के लोगों को, पूर्वांचल-पूर्वी भारत के लोगों को, दुनियाभर में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को, कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई।

साथियों,

भगवान बुद्ध से जुड़े स्थानों को विकसित करने के लिए, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के निर्माण पर भारत द्वारा आज विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुशीनगर का विकास, यूपी सरकार और केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में है। भगवान बुद्ध की जन्म स्थली लुंबिनी यहां से बहुत दूर नहीं है। अभी ज्योतिरादित्य जी ने इसका काफी वर्णन किया है, लेकिन फिर भी मैं उसका पुनरावर्तन इसलिये करना चाहता हूँ कि देश के हर कोने में इस क्षेत्र का यह सेंटर प्वांइट कैसे है यह हम आसानी से समझ पाए. कपिलवस्तु भी पास में ही है। भगवान बुद्ध ने जहां पहला उपदेश दिया, वो सारनाथ की भूमि भी सौ-ढाई सौ किलोमीटर के दायरे में है। जहां बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ, वो बोधगया भी कुछ ही घंटों की दूरी पर है। ऐसे में ये क्षेत्र सिर्फ भारत के ही बौद्ध अनुयायियों के लिए ही नहीं बल्कि श्रीलंका, थाइलैंड, सिंगापुर, लाओस, कम्बोडिया, जापान, कोरिया जैसे अनेक देशों के नागरिकों के लिए भी एक बहुत बड़ा श्रद्धा का और आकर्षण केंद्र बनने जा रहा है।

भाइयों और बहनों,

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ एयर कनेक्टिविटी का ही एक माध्यम नहीं बनेगा, बल्कि इसके बनने से किसान हों, पशुपालक हों, दुकानदार हों, श्रमिक हों, यहां के उद्यमी हों, सभी को इसका सीधा सीधा लाभ मिलता ही है। इससे व्यापार-कारोबार का एक पूरा इकोसिस्टम यहां विकसित होगा। सबसे ज्यादा लाभ यहां के टूरिज्म को, ट्रैवल-टैक्सी वालो को, होटल-रेस्टोरेंट जैसे छोटे- मोटे बिजनेस वालो को भी होने वाला है। इससे इस क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के भी अनेक नए अवसर बनेंगे।

भाइयों और बहनों,

पर्यटन का कोई भी स्वरूप हो, आस्था के लिए या आनंद के लिए, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर इसके लिए बहुत ज्यादा जरूरी है। ये उसकी पूर्व शर्त है इंफ्रास्ट्रक्चर- रेल, रोड, एयरवेज, वॉटरवेज का, इंफ्रास्ट्रक्चर का ये पूरा स्कट्रचर, उसके साथ- साथ होटल-हॉस्पिटल और इंटरनेट-मोबाइल कनेक्टिविटी का, इंफ्रास्ट्रक्चर- सफाई व्यवस्था का, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का, ये भी अपने आप में वही इंफ्रास्ट्रक्चर है- साफ पर्यावरण सुनिश्चित करने वाली री-न्यूएबल एनर्जी का, ये सभी आपस में एक दूसरे के साथ जुड़े हुए हैं। कहीं भी टूरिज्म बढ़ाने के लिए इन सभी पर एक साथ काम करना जरूरी है और आज 21वीं सदी का भारत इसी अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहा है। टूरिज्म के क्षेत्र में अब एक नया पहलू भी जुड़ गया है, vaccination की भारत की तेज गति से प्रगति दुनिया के लिए एक विश्वास पैदा करेगी, अगर टूरिस्ट के रूप में भारत जाना है, किसी कामकाज से भारत जाना है तो भारत व्यापक रुप से vaccinated है, और इसलिए vaccinated country के नाते भी दुनिया के टूरिस्टों के लिए एक आश्वस्त व्यवस्था, ये भी उनके लिए एक कारण बन सकता है, इसमें भी बीते वर्षों में एयर कनेक्टिविटी को देश के उन लोगो तक, उन क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है, जिन्होंने कभी इसके बारे में सोचा भी नहीं था।

इसी लक्ष्य के साथ शुरू की गई उड़ान योजना को 4 साल पूरे होने आ रहे हैं। उड़ान योजना के तहत बीते सालों में 900 से अधिक नए रूट्स को स्वीकृति दी जा चुकी है, इनमें से 350 से अधिक पर हवाई सेवा शुरु भी हो चुकी है। 50 से अधिक नए एयरपोर्ट या जो पहले सेवा में नहीं थे, उनको चालू किया जा चुका है। आने वाले 3-4 सालों में कोशिश ये है कि देश में 200 से अधिक एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट्स और सी-प्लेन की सेवा देने वाले वॉटरड्रोम का नेटवर्क देश में तैयार हो। आप और हम इस बात के साक्षी हैं कि बढ़ती हुई इन सुविधाओं के बीच अब एयरपोर्ट्स पर भारत का सामान्य मानवी ज्यादा दिखने लगा है। मध्यम वर्ग के ज्यादा से ज्यादा लोग अब हवाई सेवा का लाभ लेने लगे हैं। उड़ान योजना के तहत यहां उत्तर प्रदेश में भी कनेक्टिविटी लगातार बढ़ रही है। यूपी में 8 एयरपोर्ट्स से फ्लाइट्स चालू हो चुकी हैं। लखनऊ, वाराणसी और कुशीनगर के बाद ज़ेवर में भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तेज़ी से काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त अयोध्या, अलीगढ़, आज़मगढ़, चित्रकूट, मुरादाबाद और श्रावस्ती में भी नए एयरपोर्ट पर काम चल रहा है। यानि एक प्रकार से यूपी के अलग-अलग अंचलों में हवाई मार्ग से कनेक्टिविटी, बहुत जल्द, बहुत मजबूत हो जाएगी। मुझे ये भी जानकारी दी गई है कि अगले कुछ सप्ताह में दिल्ली और कुशीनगर के बीच स्पाइसजेट द्वारा सीधी उड़ान शुरू की जा रही है। और ज्योतिरादित्य जी ने और भी कुछ डेस्टिनेशन बता दिए है, इससे घरेलू यात्रियों को, श्रद्धालुओं को बहुत सुविधा होने जा रही है।

साथियों,

देश का एविएशन सेक्टर प्रोफेशनली चले, सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता मिले, इसके लिए हाल में एयर इंडिया से जुड़ा बड़ा कदम देश ने उठाया है। ये कदम भारत के एविएशन सेक्टर को नई ऊर्जा देगा। ऐसा ही एक बड़ा रिफॉर्म डिफेंस एयरस्पेस को civil use के लिए खोलने से जुड़ा है। इस फैसले से बहुत सारे एयररूट पर हवाई यात्रा की दूरी कम हुई है, समय कम हुआ है। भारत के युवाओं को यहीं बेहतर ट्रेनिंग मिलें, इसके लिए देश के 5 एयरपोर्ट्स में 8 नई फ्लाइंग अकेडमी स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गयी है। ट्रेनिंग के लिए एयरपोर्ट के उपयोग से जुड़े नियमों को भी सरल किया गया है। भारत द्वारा हाल में बनाई गई ड्रोन नीति भी देश में कृषि से लेकर स्वास्थ्य तक, डिज़ास्टर मैनेजमेंट से लेकर डिफेंस तक, जीवन को बदलने वाली है। ड्रोन की मैन्युफेक्चरिंग से लेकर ड्रोन फ्लाइंग से जुड़ा ट्रेन्ड मैनपावर तैयार करने के लिए अब भारत में पूरा एक इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। ये सारी योजनाओं, सारी नीतियां, तेजी से आगे बढ़ें, किसी तरह की कोई रुकावट ना आए, इसके लिए हाल ही में पीएम गतिशक्ति- नेशनल मास्टर प्लान भी लॉन्च किया गया है। इस से गवर्नेंस में तो सुधार आएगा ही ये भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़क हो, रेल हो, हवाई जहाज़ हो, ये एक दूसरे को सपोर्ट करें, एक दूसरे की क्षमता बढ़ाएं। भारत में हो रहे इन निरंतर reforms का ही परिणाम है कि भारतीय सिविल एविएशन सेक्टर में एक हजार नए विमान जुड़ने का अनुमान लगाया गया है।

साथियों,

आज़ादी के अमृतकाल में भारत का एविएशन सेक्टर राष्ट्र की गति और राष्ट्र की प्रगति का प्रतीक बनेगा, उत्तर प्रदेश की ऊर्जा इसमें शामिल होगी, इसी कामना के साथ एक बार फिर से इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए मैं आप सबको, दुनिया भर के बौद्ध धर्म के अनुयायी देशों के नागरिकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूँ, यहां से मैं देश और दुनिया से आए बौद्ध भिक्षुओं से आशीर्वाद लेने जाउंगा और फिर यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर के अनेक और प्रोजेक्ट का लोकार्पण करने का भी सौभाग्य मिलेगा।

फिर एक बार आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद !

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
With HPV vaccine rollout, AIIMS oncologist says it’s the beginning of the end for cervical cancer in India

Media Coverage

With HPV vaccine rollout, AIIMS oncologist says it’s the beginning of the end for cervical cancer in India
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
अजमेर से शुरू किया गया HPV वैक्सीनेशन अभियान, देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम: राजस्थान में पीएम मोदी
February 28, 2026
हमारी सरकार सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है : प्रधानमंत्री
आज मुझे अजमेर से राष्ट्रव्यापी HPV वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने, कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करने और युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ: प्रधानमंत्री
अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ है, यह अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है : प्रधानमंत्री
दो इंजन वाली सरकार राजस्थान की विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है : प्रधानमंत्री
हमारी सरकार का शुरू किया गया नदियों को जोड़ने का अभियान राजस्थान को काफी लाभ पहुंचाएगा : प्रधानमंत्री
राजस्थान में सूर्य की रोशनी की कोई कमी नहीं है, यही धूप आम आदमी के लिए बचत और आय का स्रोत बन रही है : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अहम भूमिका निभा रही है, इस योजना में राजस्थान का भविष्य बदलने की क्षमता है : प्रधानमंत्री

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

तीर्थराज पुष्कर और माता सावित्री की इस पावन भूमि पर, आज मुझे आप सबके बीच आने का, आपके आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला है। इस मंच से मैं सुरसुरा के तेजाजी धाम को, पृथ्वीराज की भूमि अजमेर को प्रणाम करता हूं।

मेरे साथ बोलिए –

तीर्थराज पुष्कर की जय।

तीर्थराज पुष्कर की जय।

वीर तेजाजी महाराज की जय।

वीर तेजाजी महाराज की जय।

भगवान देव नारायण की जय।

भगवान देव नारायण की जय।

वरूण अवतार भगवान झूलेलाल जी की जय।

भगवान झूलेलाल जी की जय।

मंच पर विराजमान राजस्थान के राज्यपाल हरिभाउ बागडे जी, राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी, पूर्व मुख्यमंत्री बहन वसुंधरा जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी भगीरथ चौधरी जी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद भैरवा जी, दिया कुमारी जी, संसद में मेरे साथी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर जी, उपस्थित अन्य मंत्रिगण, अन्य महानुभाव और राजस्थान के मेरे प्यारे भाई और बहनों। मैं पूज्य संतों का बहुत आभारी हूं, कि हमें आशीर्वाद देने के लिए इतनी बड़ी संख्या में पूज्य संतगण यहां मौजूद हैं।

साथियों,

अजमेर आस्था और शौर्य की धरती है। यहां तीर्थ भी है और क्रांतिवीरों के पदचिन्ह भी हैं। अभी कल ही मैं इजराइल की यात्रा को पूरा करके भारत लौटा हूं। राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को इजराइल के लोग आज भी गौरव से याद करते हैं। मुझे भी इजराइल की संसद में, मेजर दलपत सिंह जी के शौर्य को नमन करने का सौभाग्य मिला। राजस्थान के वीर बाकुरों की, इजराइल के हाइफा शहर को आजाद कराने में जो भूमिका थी, मुझे उसका गौरवगान करने का अवसर मिला है।

साथियों,

कुछ समय पहले ही, राजस्थान में भाजपा की डबल इंजर सरकार को दो साल पूरे हुए हैं, मुझे संतोष है कि आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है। विकास के जिन वायदों के साथ भाजपा सरकार आपकी सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है। और आज का दिन, विकास के इसी अभियान को तेज करने का दिवस है। थोड़ी देर पहले यहां राजस्थान के विकास से जुड़ी करबी 17 हजार करोड़ रूपयों की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, हर क्षेत्र में नई शक्ति जुड़ रही है। ये सारे प्रोजेक्टस राजस्थान की जनता की सुविधा बढ़ाएंगे और राजस्थान के युवाओं के लिए, रोजगार के भी अवसर पैदा करेंगे।

साथियों,

भाजपा की डबल इंजर सरकार लगातार युवा शक्ति को सशक्त कर रही है। दो साल पहले तक राजस्थान से भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की ही खबरें चमकती रहती थीं, आती रहती थीं। अब राजस्थान में पेपर लीक पर लगाम लगी है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। आज यहां इसी मंच से राजस्थान के 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए हैं। ये बहुत बड़ा बदलाव आया है। मैं इस बदलाव के लिए, नई नौकरियों के लिए, विकास के सभी कामों के लिए, राजस्थान के आप सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज वीरांगनाओं की इस धरती से, मुझे देशभर की बेटियों के लिए एक अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है। यहां अजमेर से HPV वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ है। ये अभियान, देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है।

साथियों,

हम सब जानते हैं कि परिवार में जब मां बीमार होती है, तो घर बिखर सा जाता है। अगर मां स्वस्थ है, तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है। इसी भाव से, भाजपा सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं।

साथियों,

हमने 2014 से पहले का वो दौर देखा है, जिसमें शौचालय के अभाव में बहनों-बेटियों को कितनी पीड़ा, कितना अपमान झेलना पड़ता था। बच्चियां स्कूल छोड़ देती थीं, क्योंकि वहां अलग टॉयलेट की सुविधा नहीं होती थी। गरीब बेटियां सेनिटरी पैड्स नहीं ले पाती थीं। पहले जो सत्ता में रहे, उनके लिए ये छोटी बातें थीं। इसलिए इन समस्याओं की चर्चा तक नहीं होती थी। लेकिन हमारे लिए ये बहनों-बेटियों को बीमार करने वाला, उनके अपमान से जुड़ा संवेदनशील मसला था। इसलिए, हमने इनका मिशन मोड पर समाधान किया।

साथियों,

गर्भावस्था के दौरान कुपोषण माताओं के जीवन के लिए बहुत बड़ा खतरा होता था। हमने सुरक्षित मातृत्व के लिए योजना चलाई, मां को पोषक आहार मिले, इसके लिए पांच हज़ार रुपए बहनों के खाते में जमा करने की योजना शुरु की। मां धुएं में खांसती रहती थी, लेकिन उफ्फ तक नहीं करती थी। हमने कहा ये नहीं चलेगा। और इसलिए उज्जवला गैस योजना बनाई गई। ये सब इसलिए संभव हुआ, क्योंकि भाजपा सरकार, सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता के साथ काम करती है।

साथियों,

21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। आज का समय राजस्थान के विकास के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है। भाजपा की डबल इंजन सरकार, राजस्थान की विरासत और विकास, दोनों को साथ लेकर चल रही है। हम सब जानते हैं, अच्छी सड़क, अच्छी रेल और हवाई सुविधा सिर्फ सफर आसान नहीं करती, वो पूरे इलाके की किस्मत बदल देती है। जब गांव-गांव तक अच्छी सड़क पहुँचती है, तो किसान अपनी फसल सही दाम पर बेच पाता है। व्यापारी आसानी से अपना सामान बाहर भेज पाते हैं। और हमारा अजमेर-पुष्कर तो, उसकी पर्यटन की ताकत कौन नहीं जानता। अच्छी कनेक्टिविटी का पर्यटन पर सबसे अच्छा असर पड़ता है। जब सफर आसान होता है, तो ज्यादा लोग घूमने आते हैं।

और साथियों,

जब पर्यटक आते हैं तो स्वाभाविक है होटल चलते हैं, ढाबे चलते हैं, कचौड़ी और दाल बाटी ज्यादा बिकती है, यहां राजस्थान के कारीगरों का बनाया सामान बिकता है, टैक्सी चलती है, गाइड को काम मिलता है। यानी एक पर्यटक कई परिवारों की रोज़ी-रोटी बन जाता है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार, राजस्थान में आधुनिक कनेक्टिविटी पर बहुत बल दे रही है।

साथियों,

जैसे-जैसे राजस्थान में कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे यहां निवेश के लिए भी अवसर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के इर्द-गिर्द उद्योगों के लिए एक बहुत ही शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया जा रहा है। यानी राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए, डबल इंजन सरकार हर संभव, अनेक विध काम कर रही है।

साथियों,

राजस्थान की माताएं अपने बच्चों को पालने में ही, राष्ट्र भक्ति का संस्कार देती हैं। राजस्थान की ये धरा जानती है कि देश का सम्मान क्या होता है, और इसीलिए आज राजस्थान की इस धरा पर, मैं आप लोगों से एक और बात कहने आया हूं।

साथियों,

हाल में ही, दिल्ली में, दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, Artificial Intelligence इसमें दुनिया के अनेक देशों के प्रधानमंत्री, अनेक देशों के राष्ट्रपति, अनेक देशों के मंत्रि, उस कार्यक्रम में आए थे। दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां, उन कंपनियों के कर्ता-धर्ता वो भी एक छत के नीचे इकट्ठे हुए थे। सबने भारत की खुले मन से प्रशंसा की। मैं जरा राजस्थान के मेरे भाई-बहनों से पूछना चाहता हूं। जब दुनिया के इतने सारे लोग, भारत की प्रशंसा करते हैं, ये सुनकर के आपको गर्व होता है की नहीं होता है? आपको गर्व होता है कि नहीं होता है? आपको अभिमान होता है कि नहीं होता है? आपका माथा ऊंचा हुआ या नहीं हुआ? आपका सीना चौड़ा हुआ कि नहीं हुआ?

साथियों,

आपको गर्व हुआ, लेकिन हताशा निराशा में डूबी, लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने क्या किया, ये आपने देखा है। दुनियाभर के मेहमानों के सामने, कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा ड्रामा किया।

साथियों,

कांग्रेस, पूरे देश में ल्रगातार हार रही है, और गुस्से में वो इसका बदला, वो भारत को बदनाम करके ले रही है। कभी कांग्रेस, INC यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी, लेकिन अब INC नहीं बची है, इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है, आज वो INC के बजाय MMC, MMC बन गई है। MMC यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।

राजस्थान के मेरे वीरों,

इतिहास गवाह है, मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी, और इसलिए मुस्लिम लीग ने देश बांट दिया। आज कांग्रेस भी वही कर रही है। माओवादी भी, भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं, ये घात लगाकर हमला करते हैं, कांग्रेस भी घात लगाकर, देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है। कांग्रेस के ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।

साथियों,

देश को बदनाम करना, देश की सेनाओं को कमजोर करना, ये कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। आप याद कीजिए, यही कांग्रेस है, जिसने हमारी सेना के जवानों को हथियारों और वर्दी तक के लिए तरसा कर रखा था। ये वही कांग्रेस है, जिसने सालों तक हमारे सैनिक परिवारों को वन रैंक वन पेंशन से वंचित रखा था। ये वही कांग्रेस है, जिसके जमाने में विदेशों से होने वाले रक्षा सौदों में बड़े-बड़े घोटाले होते थे।

साथियों,

बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया। हमारी सेना, हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक, वीरता का लोहा मनवाया, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया। देश के लिए जो भी शुभ है, जो भी अच्छा है, जो भी देशवासियों का भला करने वाला है, कांग्रेस उस सबका विरोध करती है। इसलिए, देश आज कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।

साथियों,

राजस्थान में तो आपने कांग्रेस के कुशासन को करीब से अनुभव किया है। यहां जितने दिन कांग्रेस की सरकार रही, वो भ्रष्टाचार करने और आपसी लड़ाई-झगड़े में ही उलझी रही। कांग्रेस ने हमारे किसानों को भी हमेशा धोखा दिया है। आप याद कीजिए, कांग्रेस ने दशकों तक सिंचाई की परियोजनाओं को कैसे लटकाए रखा। इसका राजस्थान के किसानों को बहुत अधिक नुकसान हुआ है। ERCP परियोजना को कांग्रेस की सरकारों ने केवल फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा। हमारी सरकार ने आते ही इस स्कीम को फाइलों से निकालकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।

साथियों,

हमारी सरकार ने नदियों को जोड़ने का जो अभियान शुरु किया है, उसका बहुत अधिक फायदा राजस्थान को मिलना तय है। संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना हो, यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट हो, डबल इंजन सरकार ऐसी अनेक सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज भी झालावाड़, बारां, कोटा और बूंदी जिले के लिए पानी की अनेक परियोजनाओं पर काम शुरु हुआ है। हमारा प्रयास है, कि राजस्थान में भूजल का स्तर भी ऊपर उठे।

साथियों,

भाजपा सरकार, राजस्थान के सामर्थ्य को समझते हुए, योजनाएं बना रही है, उन्हें लागू कर रही है। मुझे खुशी है कि राजस्थान अब, सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन गया है। हम सब जानते हैं, हमारे राजस्थान में धूप की कोई कमी नहीं। अब यही धूप, सामान्य मानवी के घर की बचत और कमाई का साधन बन रही है। और इसमें बहुत बड़ी भूमिका है, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की। इस योजना में राजस्थान का भाग्य बदलने की ताकत है। इस योजना में भाजपा सरकार लोगों को अपनी छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए की सहायता देती है। सरकार सीधे आपके बैंक खाते में पैसे भेजती है। आजादी के बाज सब बजट, सब योजनाएं देख लीजिए, जिसमें मध्यम वर्ग को सबसे ज्यादा लाभ होने वाला है, ऐेसी योजना कभी नजर नहीं आएगी, आज इन परिवारों को सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए सीधा सरकार देती है। सबसे अधिक लाभ मध्यम वर्ग के लोग ले रहे हैं। और जिससे घर पर एक छोटा सा बिजली घर तैयार हो जाता है। दिन में सूरज की रोशनी से बिजली बनती है, घर में वही बिजली काम आती है और जो ज्यादा बिजली बनती है, वो बिजली ग्रिड में जाती है। और जिस घर में बिजली बनी होती है, उसे भी इसका लाभ मिलता है।

साथियों,

आज राजस्थान में सवा लाख से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। और इस योजना की वजह से, कई घरों का बिजली बिल लगभग जीरो आ रहा है। यानी खर्च कम हुआ है, बचत ज़्यादा हुई है।

साथियों,

विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। आज जिन योजनाओं पर काम शुरू हुआ है, वो विकसित राजस्थान की नींव को और अधिक मजबूत करेंगे। जब राजस्थान विकसित होगा, तो यहां के हर परिवार का जीवन समृद्ध होगा। आप सभी को एक बार फिर, विकास परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

भारत माता की जय!

वंदे मातरम के 150 साल देश मना रहा है। मेरे साथ बोलिये-

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

वंदे मातरम।

बहुत-बहुत धन्यवाद।