बिहार का विकास ही बिहार को बर्बादी से बचा सकता है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी #परिवर्तनरैली
जनता के वोटों से जीतने वाला प्रधानमंत्री बाहरी कैसे हो सकता है: प्रधानमंत्री मोदी #परिवर्तनरैली
लोकसभा चुनाव की ही तरह अगर बिहार विधानसभा में भी जनता का समर्थन मिला तो मैं यहाँ भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को ख़त्म करके दिखाऊंगा: मोदी
बिहार के विकास के लिए हमारा छह सूत्रीय कार्यक्रम- परिवारों के लिए पढ़ाई, कमाई व दवाई और प्रदेश के विकास के लिए बिजली, सड़क और पानी: मोदी
महास्वार्थबंधन के मंत्री, विधायक अभी से बिहार का सौदा करने के लिए एडवांस ले रहे हैं, इन लोगों को ऐसी घटनाओं पर शर्म भी नहीं आती: मोदी
नीतीश जी कहते थे कि कोई भी नेता भ्रष्टाचार करते पकड़ा जाएगा तो उनकी मिलकियत जब्त कर के उनके घरों में स्कूल खोला जाएगा, क्या हुआ अब: मोदी
महास्वार्थबंधन के नेता बिहार के लोगों को बिकाऊ कहने का पाप कर रहे हैं, बिहार की जनता ऐसे लोगों को कभी माफ़ नहीं करेगी: नरेन्द्र मोदी
नीतीश कुमार को जंगलराज, महिलाओं पर होने वाले उत्पीड़न एवं अत्याचार और अपहरण उद्योग के काले धंधे वाला पुराना दिन चाहिए क्या: प्रधानमंत्री
नीतीश कुमार को अपनी कुर्सी के लिए बिहार में पुराने दिन मंजूर हैं लेकिन बिहार को जंगलराज वाला पुराना दिन नहीं चाहिए: प्रधानमंत्री मोदी
तमाम अपशब्दों के कहने के बावजूद महास्वार्थबंधन के नेता हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाते: प्रधानमंत्री मोदी

मंच पर विराजमान सभी वरिष्ठ महानुभाव, हम पार्टी के उम्मीदवार श्रीमान महाचंद्र प्रसाद सिंह जी, बरौली से भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान राम प्रवेश राय, बैकुंठपुर से भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान मिथिलेश तिवारी जी, भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान इन्द्रदेव मांझी जी, भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान काली प्रसाद पांडेय जी, और विशाल संख्या में पधारे हुए मेरे भाईयों और बहनों

मैं गोपालगंज पिछले लोकसभा के चुनाव में भी आया था और आज दुबारा मैं आपके बीच आया हूँ। भाईयों-बहनों, आजकल आप महास्वार्थबंधन के नेताओं की बयानबाजी सुनते हैं, अनाप-शनाप भाषाएं बोली जा रही हैं। डिक्शनरी खाली हो गई है लेकिन रोज नई-नई गालियां बोली जा रही हैं। मैं सोचता था कि आख़िरकार 25 साल से जो लोग यहाँ सरकार चला रहे हैं, 35 साल तक जिस कांग्रेस ने यहाँ सरकार चलाई है, 60 साल तक सरकार चलाई; सरकार में जितने मुलाज़िम हैं, इनको इन्हीं के कालखंड में कभी-न-कभी नौकरी मिली है, एक प्रकार से ऊपर से नीचे तक सारा उन्हीं का खेल है इसके बावजूद वे चुनाव में इस प्रकार का व्यवहार करने को मजबूर क्यों हुए हैं, सारी मर्यादा तोड़कर निम्न स्तर की भाषा पर क्यों उतर आए हैं। इसका कारण यह नहीं है कि मोदी ने कोई गलती की है, कारण है कि आपके इस प्रेम को वे पचा नहीं पा रहे हैं। जैसे-जैसे आपका प्यार बढ़ता जाता है, उनकी गलियों की संख्या बढ़ती जाती है। एनडीए, भाजपा का चुनाव प्रचार कितना सफ़ल चल रहा है, रैलियां कितनी बड़ी हो रही हैं, ये रैलियों से नहीं पता चलता है बल्कि रैली समाप्त होने के बाद जिस तरह वे गाली-गलौज पर उतर आते हैं, उससे पता चलता है कि रैली कितनी जबर्दस्त हुई है।

भाईयों-बहनों, आप बताईये कि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी कोई अगर यह कहे कि तुम बिकाऊ हो तो कोई सहन करेगा क्या? फुटपाथ पर भीख मांगने वाले व्यक्ति को भी अगर कोई बिकाऊ कहे हो तो वो इसे मानेगा क्या? नीतीश जी, चुनाव में हार-जीत तो होती रहती है, ऐसा भी क्या गुस्सा। अब मोदी को गालियां देते-देते थक गए तो बिहारियों को गालियां देना शुरू कर दिया; मोदी पर आरोप लगाते-लगाते थक गए तो बिहारियों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया। नीतीश बाबू, बिहारियों का अपमान आपको महंगा पड़ जाएगा, लेने के देने पड़ जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया है कि मोदी की रैली में जो लोग आते हैं, वो पैसों से लाये जाते हैं। आप बताईये कि ये झूठ है कि नहीं; ये आपका और समस्त बिहारियों का अपमान है कि नहीं? बिहारियों को बिकाऊ कहने का पाप उन्हें महंगा पड़ेगा। नीतीश बाबू, मोदी पर जितना जुल्म करना है कर लो लेकिन बिहारियों के स्वाभिमान को चोट मत पहुँचाओ, ये आपको शोभा नहीं देता। कोई कल्पना नहीं कर सकता कि बिहार का क्या मिज़ाज बदला है। बिहार गुस्से में है क्योंकि बिहार आपसे 25 साल का हिसाब मांग रहा है और आप हिसाब देने को तैयार नहीं हैं।

ये गोपालगंज लालू जी का गृह जिला है न, यहाँ के लोगों को क्या मिला। इन्होंने जंगलराज के समय इसे ‘मिनी-चम्बल’ बना दिया था जहाँ रेलवे स्टेशन पर खुले आम गोलियां चलती थीं। यहाँ अपहरण उद्योग बना था कि नहीं? यहाँ एक ही कारोबार हुआ था – अपहरण का कारोबार। गोपालगंज नौजवान जो सम्मान से जीना चाहता था, पसीना बहा करके पैसा कमाना चाहता था, उसे गोपालगंज छोड़कर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। पूरे बिहार में सबसे ज्यादा नौजवानों का पलायन कहीं हुआ है तो या तो सीवान से हुआ है या गोपालगंज से हुआ है।

मैं पिछले दिनों आबुधाबी, दुबई गया था, वहां जो लेबर कॉलोनी बनी है, वहां के शासकों से मैंने प्रार्थना की कि लेबर कॉलोनी में मेरे भारत के लोग काम कर रहे हैं, मैं उनका हाल जानना चाहता हूँ, अपने गरीब भाईयों से मिलना चाहता हूँ। मैं वहां के शासकों का आभारी हूँ कि उन्होंने मुझे जाने दिया। वहां मैं सभी मजदूरों से मिला था। मुझे वहां सबसे ज्यादा लोग बिहार के मिले। ये मजदूरी करने के लिए क्यों मजबूर हुए। हमारी सीधी बात है कि हमें बिहार को ऐसा विकास देना है ताकि बिहार के लोगों को यहीं रोजी-रोटी मिले, यही हमारा मकसद है। इनलोगों को अपने परिवार के बाहर किसी की चिंता नहीं है। उनको अपने किसी नेता पर भरोसा नहीं है। जेल गये तो पत्नी को दे के गए अब जब ज़िन्दगी जेल में गुजारनी है तो कहते हैं कि बेटे तैयार हो जाओ और ये सब पकड़ लो ताकि मैं आराम से जेल में गुजारा कर लूँ; ऐसा खेल चल रहा है।

आज इन सारी समस्याओं का अगर हमें समाधान करना है तो एक ही रास्ता है – बिहार का विकास। बिहार का विकास ही बिहार को बर्बादी से बचा सकता है। इसलिए मैं बिहार के मतदाताओं से एक ही बात कहने आया हूँ कि मुझ पर भरोसा कीजिये। लोकसभा में अपने भरोसा किया है, अब विधानसभा में भी मुझ पर भरोसा कीजिये, मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को मैं ख़त्म करके दिखा दूंगा। दिल्ली दिन-रात भ्रष्टाचार के कारण बदनाम था। रोज लाखों-करोड़ों रुपये के घोटाले सामने आते थे कोयले, 2जी में से रुपये खाए, चारों तरफ लूट मची थी आप बताएं कि हम पर एक भी आरोप लगा है क्या? ये इतनी गालियां मुझे देते हैं लेकिन अभी तक मुझ पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। ये बचा पैसा जनता के ही काम आएगा। ये देश की सेवा है अगर बिहार की भी लूट बच जाए तो ये बिहार के लिए भला होगा।

भाईयों-बहनों, इसलिए मुझे बिहार की सेवा करने का मौका दीजिए; ये लूटपाट मुझे बंद करानी है, ये घर भरने और तिजोरी लूटने का खेल मुझे बंद कराना है। हमारे देश में इनकी हालत तो देखिये नीतीश बाबू के भागीदार और उनके मंत्रिपरिषद के मंत्री अभी टीवी पर कैमरा के सामने रुपये लेते पकड़े गए, ये क्या कम अपराध है लेकिन उनको कोई शर्म नहीं है। नीतीश बाबू ने कहा था कि अगर किसी का भ्रष्टाचार पकड़ा गया तो उसकी मिल्कियत जब्त कर ली जाएगी और उसके घर में स्कूल खोला जाएगा। लालू जी को भ्रष्टाचार में जेल हुई और ये मैंने नहीं किया बल्कि अदालत ने किया। अब नीतीश बाबू बताएं कि उनका घर कब्ज़े में किया क्या, उनके घर में स्कूल खोला? लोगों को क्यों मूर्ख बना रहे हैं? जेडीयू के मंत्री कैमरा के सामने घूस लेते पकड़े गए। ये अभी से ऐसा काम कर रहे हैं तो चुनाव के बाद क्या करेंगे। बिहार बेचने का एडवांस लिया जा रहा है। भाईयों-बहनों, क्या हम बिहार को बेचने देंगे, उनका घर भरने देंगे क्या?

मैं नीतीश बाबू से पूछना चाहता हूँ कि जेडीयू के मंत्री कैमरा के सामने घूस लेते पकड़े गए, उन्होंने उनका घर जब्त किया क्या? अभी आपकी सरकार चल रही है, आपको अपने साथियों को भ्रष्टाचार के लिए सजा करने से कौन रोक रहा है। 25 साल में इन्होंने क्या किया, इसकी सूची देखकर मैं हैरान हो गया अपने आपको ईमानदारी से काम करने वाले बताने वाले महाशय ने क्या खेल किया है, मैं आपको बताना चाहता हूँ याद कीजिये, अलकतरा घोटाला, दवाई खरीद घोटाला, ट्रांसफर्मर खरीद घोटाला, एस्टीमेट घोटाला, इंजीनियरिंग कॉलेज नॉमिनेशन घोटाला, फ़र्टिलाइज़र सब्सिडी घोटाला, राशन-किरासन घोटाला, शराब घोटाला, व्याख्याता नियुक्ति घोटाला, सिपाही नियुक्ति घोटाला, नलकूप घोटाला, इंदिरा आवास घोटाला, मनरेगा घोटाला, शौचालय घोटाला, कोसी चैनल निर्माण घोटाला, मिड-डे मिल घोटाला, आंगनवाड़ी घोटाला, मेघा घोटाला, कुलपति नियुक्ति घोटाला, पथ निर्माण घोटाला, पुल निर्माण घोटाला, शिक्षा अभियान घोटाला, टैक्स बुक छपाई घोटाला, कंबल खरीद घोटाला, परिवहन घोटाला, वायरलेस घोटाला, दियारा जमीन घोटाला, बुद्ध स्मृति पार्क निर्माण घोटाला, चावल घोटाला, रोल एंड डबल पे घोटाला, रेलवे में घोटाला और जिस घोटाले में आपके महाशय को सजा हुई है, उस चारे की तो बात करता ही नहीं हूँ

भाईयों-बहनों, ऐसे घोटाले करने वालों को सजा मिलनी चाहिए कि नहीं? इस प्रकार से बिहार को लूटने वालों को बिहार से बर्खास्त करना चाहिए कि नहीं? ये चुनाव सिर्फ़ सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि बिहार को लूटने वालों को बिहार से बर्खास्त करने का चुनाव है। नीतीश जी हिम्मत से कह रहे हैं कि हमें पुराने दिन लौटा दो। आए दिन अपहरण होते थे, दलितों पर जुल्म होता था, हत्याएं होती थीं, विनाश की परिस्थिति बनी हुई थी, वो पुराने दिन वापस चाहिए क्या? नीतीश जी, आपको कुर्सी के लिए पुराने दिन मंजूर है लेकिन बिहार को ये मंजूर नहीं है। जीत-हार तो होती है लेकिन बिहार के लोगों के साथ खिलवाड़ करना बंद कीजिये।

बिहार में सिवाय अपराधीकरण क्या हुआ? ये अपराध की ज़िन्दगी बिहार के जीवन को नहीं बदल सकती और रोजी-रोटी नहीं दे सकती। बिहार के परिवारों के लिए मेरा तीन सूत्र है - पढ़ाई, कमाई और बुजुर्गों को दवाई। बिहार के गरीब बच्चों को सस्ती एवं अच्छी शिक्षा मिलनी जरुरी है क्योंकि तब गरीब माँ-बाप को अपनी जमीन गिरवी रखने और अपनी बहू-बेटियों की अमानत गिरवी रखने की नौबत नहीं आएगी। दूसरी बात है, कमाई; बिहार का नौजवान अपनी कमाई कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहता है। 20-25 साल का नौजवान अपने माँ-बाप से 5 रूपया मांगे, उसे दुःख होता होगा कि नहीं। स्वाभिमान से जीने के लिए बिहार का नौजवान को अवसर मिलना चाहिए। नौजवान अपनी कमाई के लिए अवसर तलाश रहा है लेकिन सरकार उसे वो अवसर नहीं दे रही है। उद्योग नहीं लगेंगे तो रोजगार कैसे मिलेगा और उद्योग लगाने के लिए बिजली की आवश्यकता होती है। पिछली बार इन्होंने कहा था कि मेरी सरकार बनाईए, मैं घर-घर बिजली पहुंचाऊंगा और अगर मैं बिजली न पहुंचाऊं तो मैं वोट मांगने नहीं आऊंगा। बिजली तो नहीं आई लेकिन वो वोट मांगने जरुर आये। उन्होंने आपसे धोखा किया तो अब आप उनसे नाता तोड़ोगे?

बिहार को 24 घंटे बिजली चाहिए ताकि यहाँ उद्योग लगे और यहाँ के नौजवानों को रोजगार मिले इसलिए मैं आपसे पढ़ाई, कमाई और बुजुर्गों को दवाई के लिए वोट मांग रहा हूँ। बुजुर्गों के लिए सस्ती दवाई, डॉक्टर और दवाखाना होना चाहिए। बिहार राज्य की भलाई के लिए तीन सूत्र है, बिजली, पानी एवं सड़क। किसान को पानी मिले, वो मिट्टी में से सोना पैदा कर देगा; बिहार को बिजली मिले, कारखाने लग जाएंगे; और बिहार को सड़कें मिलें, बिहार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ जाएगा। मेरे भाईयों-बहनों, बिहार के विकास के लिए एक ऐसी सरकार चुनिये जिसका एकमात्र एजेंडा है- विकास।

पिछले दिनों विकास के नाम पर उनके पास कहने के लिए कुछ था नहीं, 25 साल के शासन में कोई विकास नहीं था तो जब हम सिर्फ़ विकास पर जोर देकर बातें कर रहे थे तो वो आरक्षण की माला जप रहे थे और जब मैंने थोड़े दिन पहले उनके पापों का चिट्ठा खोल दिया तो तिलमिला गए हैं। अब तो मैं खुलेआम कहता हूँ कि 24 अगस्त 2005 को पार्लियामेंट के अन्दर श्रीमान नीतीश बाबू ने अपने इरादे साफ़ कर दिए थे। मैंने आरोप लगाया था कि ये दलितों, आदिवासियों, अति पिछड़ों का 5% आरक्षण चोरी करना चाहते हैं। भारत के संविधान-निर्माता ने मना किया था कि संप्रदाय के आधार पर आरक्षण मत कीजिये लेकिन ये लोग पिछड़ों का आरक्षण चोरी कर संप्रदाय के आधार पर आरक्षण बाँटना चाहते हैं। मैंने कहा तो तिलमिला गए लेकिन 24 अगस्त 2005 को पार्लियामेंट में उन्होंने जो भाषण दिया था, उसका दस्तावेज़ मेरे पास मौजूद है। उनका यही कहना था कि दलितों, आदिवासियों, अति पिछड़ों, पिछड़ों का आरक्षण निकाल कर संप्रदाय के आधार पर आरक्षण दिया जाए। उनको मैं चुनौती देता हूँ कि उनमें हिम्मत है तो इसका जवाब दें। इतना झूठ बोलते हैं और हल्की-फुल्की बात कर के निकल लेते हैं; ये खेल लंबा नहीं चलने वाला है।

भाईयों-बहनों, मैंने गरीबी देखी है इन दिनों ये कह रहे हैं कि मोदी जी ने अपना प्रोफाइल बदल लिया। पहले मोदी विकास की बात करते थे और अब कह रहे हैं कि मैं तो चाय बेचता हूँ, मैं गरीब माँ का बेटा हूँ, मैं पिछड़ा हूँ। मैं नीतीश बाबू से पूछना चाहता हूँ कि क्या इस देश के पिछड़े को विकास की बात करने का हक़ भी नहीं है क्या? अगर मैं पिछड़ा हूँ तो क्या मैं विकास पर बोल नहीं सकता, उस पर चर्चा नहीं कर सकता? क्या विकास की बात करने का ठेका आप लोगों के ही पास है क्या? ये उनका अहंकार ही उनसे ये सब बोलवाता है और वो इतने निराश हैं कि अब उन्हें आपके पास आने की हिम्मत नहीं है और अब वे तांत्रिक के पास जाते हैं। आपको गाली देते हैं कि आप यहाँ पैसों से आते हैं और ख़ुद तांत्रिक के चरणों में जाकर रूपये का ढेर करते हैं। अब वे 100 तांत्रिक ले आएं लेकिन अब वे बचने वाले नहीं हैं।

हमारा भरोसा जनता-जनार्दन में हैं, आप पर है। हमें बदलाव चाहिए विकास के लिए; हमें सरकार चाहिए विकास के लिए। इसलिए मैं आपसे आग्रह करता हूँ कि ज्यादा-से-ज्यादा और भारी संख्या में मतदान कीजिये। अपना आशीर्वाद हमें देते रहिए और दो-तिहाई बहुमत के साथ भाजपा, एनडीए की सरकार बनाईए। सब लोग पूरी ताक़त के साथ बोलिये -    

भारत माता की जय! भारत माता की जय! भारत माता की जय!                     

बहुत-बहुत धन्यवाद!

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
From welfare to opportunity: How DPI 2.0 and AI will unlock India’s productivity

Media Coverage

From welfare to opportunity: How DPI 2.0 and AI will unlock India’s productivity
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...

महामहिम, माननीय मीसेस अजरेल अर्नेस्ता,

नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, माननीय मिसेस सिलवान लेमियाएल,

सरकारी व्यवसाय के प्रतिनिधि,

माननीय नेता प्रतिपक्ष मिस्त्र बाणो जरज,

नेशनल असेंबली के माननीय सदस्य,

और मेरे प्यारे भाइयों और बहनों ,

नमस्कार!

बॉन एप्रेमिडी!

इस नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में आपके सामने उपस्थित होना विशेष सम्मान की बात है। अध्यक्ष महोदया, आपके गर्मजोशी भरे शब्दों के लिए मैं आपका धन्यवाद।

मैं आज पहले ब्लू होराइजन के “गार्जियन के साथ मुझे सम्मानित करने के लिए राष्ट्रपति एर्मिनी और सेशेल्स के लोगों को भी धन्यवाद देता हूं। यह उन सभी को प्रोत्साहित करेगा जो पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। मैं अपने साथ भारत के 1.4 अरब लोगों की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं लेकर आया हूं।

हिंद महासागर क्षेत्र का जो पहला देश है जहां मैंने प्रधानमंत्री के रूप में दौरा किया था, वह 2015 में सेशेल्स था। प्रधानमंत्री के रूप में यह मेरी पहली अफ्रीका यात्रा भी थी। मैं यहां इसलिए आया क्योंकि मेरा मानना था कि सेशेल्स हिंद महासागर के लिए भारत के दृष्टिकोण में एक विशेष स्थान रखता है। आज, जब मैं एक दशक बाद यहां फिर आया हूं, तो वह दृढ़ विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।

और आप जब अपनी स्वतंत्रता के पचास वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं तो मुझे आपके साथ जुड़कर प्रसन्नता हो रही है। इस विशेष अवसर पर आपको और सेशेल्स के लोगों को शुभकामनाएं।

माननीय सदस्यगण,

इस नेशनल असेंबली को संबोधित करना एक दुर्लभ विशेषाधिकार है। इस विशेष सम्मान के लिए आपका धन्यवाद। मैं इस अवसर पर इस आठवीं नेशनल असेंबली के नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देता हूं। अध्यक्ष महोदया, इस प्रतिष्ठित सदन की पहली महिला अध्यक्ष बनने पर मैं आपको भी शुभकामनाएं देता हूं।

माननीय सदस्यगण,

आज यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि हमारी दोस्ती पचास साल पहले हमारे राजनयिक संबंधों की स्थापना के साथ शुरू नहीं हुई थी। इसकी शुरुआत बहुत पहले हो गई थी। अगस्त 1770 में, सेंट ऐनी द्वीप पर थेलेमाक जहाज पर सवार होने वालों में पांच भारतीय थे। उस यात्रा ने कई और लोगों को रास्ता दिखाया जो उसका अनुसरण कर रहे थे। समय के साथ, उनकी कहानियाँ आधुनिक सेशेल्स की कहानी का हिस्सा बन गईं।

यह हमें याद दिलाता है कि हमारे बीच के बंधन सरकारों द्वारा नहीं बनाए गए थे। वे लोगों द्वारा बनाए गए थे, परिवारों द्वारा पोषित किए गए थे और पीढ़ियों तक कायम रहे। हिंद महासागर ने इसे संभव बनाया। हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता है। यह हमें जोड़ता है। इसीलिए हम अजनबी बनकर नहीं मिलते बल्कि हम पुराने दोस्त के रूप में मिलते हैं।

माननीय सदस्यगण,

सेशेल्स की सबसे बड़ी शक्ति वहां के लोग हैं। पीढ़ियों से, दुनिया के सभी हिस्सों से लोग यहां पहुंचे। वे अपने साथ विभिन्न भाषाएँ, रीति-रिवाज, मान्यताएँ और परंपराएँ लेकर आये। और साथ में, उन्होंने एक साझा पहचान बनाई जो गर्व से सेशेलोइस है।

जैसा कि इस नेशनल असेंबली का आदर्श वाक्य है - विविधता में एकता। इसे क्रियोल संगीत की धुनों में सुना जा सकता है। इसे मौत्या नृत्य की लय में देखा जा सकता है। इसे फेस्टिवल क्रेओल के दौरान अनुभव किया जा सकता है।

जब राष्ट्र अपनी विरासत की समृद्धि का उत्सव मनाता है, तो हमारी संस्कृतियों के बीच संबंध रोजमर्रा की जिंदगी में भी दिखाई देते हैं। इन्हें कारी कोको, समोसा और चटनी के स्वाद में महसूस किया जा सकता है। वे नवरात्रि के दौरान गरबा नृत्य, दीपावली और थाई पोंगल के उत्सवों में पाए जा सकते हैं। यह क्रियोल भावना है जो हमें अपनी दोस्ती के भविष्य में बहुत आत्मविश्वास देती है।

माननीय सदस्यगण,

समुद्री पड़ोसियों के रूप में, हम मानते हैं कि एक की सुरक्षा दूसरे की सुरक्षा में वृद्धि करती है। एक की समृद्धि दूसरे की समृद्धि में योगदान करती है और क्षेत्र की स्थिरता से हम सभी को लाभ होता है।

यह वर्ष हमारी साझेदारी की मज़बूती का एक शक्तिशाली अनुस्मारक प्रदान करता है। पचास साल पहले, आपकी आजादी की शुरुआत में, एक भारतीय नौसैनिक जहाज, आईएनएस नीलगिरि, दोस्ती और एकजुटता के प्रतीक के रूप में पोर्ट विक्टोरिया में मौजूद था। और आज, आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक आपके साथ स्वर्ण जयंती का उत्सव मनाने के लिए पोर्ट विक्टोरिया में मौजूद हैं।

पचास साल बीतने से कई चीजें बदल गई हैं। लेकिन इससे एक-दूसरे के लिए हमारी प्रतिबद्धता नहीं बदली है। दशकों से, हमारे रक्षा बलों, तट रक्षकों और समुद्री एजेंसियों ने एक साथ मिलकर प्रशिक्षण के साथ काम किया है। भारत सेशेल्स रक्षा बलों और सेशेल्स तट रक्षक की व्यावसायिकता और समर्पण को गहराई से महत्व देता है। वे आपके अपने विशाल समुद्री क्षेत्र के साथ-साथ व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, हाइड्रोग्राफी और समुद्री क्षेत्र की जागरूकता में हमारा सहयोग एक सुरक्षित और अधिक सुरक्षित क्षेत्र के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मैंने आज सुबह राष्ट्रपति एर्मिनी - टन पैट - से मुलाकात की और हमारी साझेदारी में हासिल की गई उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की। हमने भविष्य के लिए अपने साझा दृष्टिकोण पर भी चर्चा की। हमारा दृष्टिकोण महासागर के विचार - क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति में शामिल है।

यह दृष्टिकोण मानता है कि हमारा भविष्य आपस में जुड़ा हुआ और एक-दूसरे पर निर्भर है। और, हम एक सुरक्षित तथा अधिक सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

माननीय सदस्यगण,

जब लोग मानचित्र को देखते हैं, तो वे सेशेल्स को हिंद महासागर में द्वीपों के एक समूह के रूप में देख सकते हैं। लेकिन हम कुछ ज्यादा ही बड़ा देखते हैं। हम एक ऐसे राष्ट्र को देखते हैं जिसका क्षितिज उसके तटों से कहीं आगे तक फैला हुआ है। आपका समुद्री क्षेत्र लगभग 1.4 मिलियन वर्ग किलोमीटर तक फैला हुआ है।

यह सेशेल्स को एक छोटा द्वीप देश नहीं - बल्कि एक बड़ा महासागरीय देश बनाता है। समुद्री अर्थव्यवस्था के वैश्विक चर्चाओं का हिस्सा बनने से बहुत पहले, सेशेल्स पहले से ही इसका नेतृत्व कर रहा था। चाहे समुद्री इकोसिस्टम की रक्षा करना हो या ब्लू बॉन्ड्स जैसे नवाचारों को आगे बढ़ाना हो, आपके देश ने महत्वपूर्ण वैश्विक वार्तालापों को आकार देने में सहायता की है। साथ मिलकर, हम मत्स्य पालन, समुद्री विज्ञान, तटीय प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और टिकाऊ पर्यटन में साझेदारी कर सकते हैं।

मुझे कल, प्रतिष्ठित कोको डे मेर पेड़ का पौधा लगाने का सम्मान मिला। सेशेल्स की तरह ही - यह अद्वितीय, मूल्यवान है और दुनिया में एक विशेष स्थान रखता है। इस प्राकृतिक आश्चर्य की रक्षा और संरक्षण के लिए आपके द्वारा किए जा रहे प्रयास एक बड़े दर्शन को प्रदर्शित करते हैं - कि मानवता को प्रकृति के साथ सद्भाव में रहना चाहिए।

यह भावना भारत में भी गहराई से प्रतिध्वनित होती है। आइए हम यह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करें कि आने वाली पीढ़ियों को ऐसे महासागर विरासत में मिलें जो उन महासागरों की तुलना में अधिक स्वस्थ, सुरक्षित और प्रचुर मात्रा में हों जिनका हम आज आनंद ले रहे हैं।

माननीय सदस्यगण,

ग्लोबल साउथ और विशेष रूप से द्वीप राष्ट्र, जलवायु परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसका प्रभाव हमारी तटरेखाओं, समुद्री इकोसिस्टम, मौसम के मिजाज और हमारे समुदायों पर पहले से ही दिखाई दे रहा है। हम दोनों का दृढ़ विश्वास है कि जिन लोगों ने जलवायु परिवर्तन में सबसे कम योगदान दिया है, उन्हें इसके परिणामों का सबसे बड़ा बोझ नहीं उठाना चाहिए।

जलवायु कार्रवाई को निष्पक्षता, जिम्मेदारी और समानता द्वारा निर्देशित किया जाना चाहिए। यही जलवायु न्याय का सार है।

भारत ने उदाहरण पेश करके नेतृत्व करने की कोशिश की है। पिछले दशक में, हमने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े विस्तार की दिशा में कार्य किया है। हमने मिशन लाइफ यानी पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली के माध्यम से स्थायी जीवन शैली का समर्थन किया है। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन, वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन और एक पेड माँ के नाम जैसी हमारी पहलों के माध्यम से हमने हरित संक्रमण को बढ़ावा देने के लिए भागीदार देशों के साथ काम किया है।

भारत सेशेल्स के साथ काम करना जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि छोटे द्वीप विकासशील देशों की चिंताओं पर उस प्रकार ध्यान दिया जाए जिसके वे हकदार हैं।

माननीय सदस्यगण,

सेशेल्स और भारत दोनों एक ऐसी दुनिया चाहते हैं जहां विकास अधिक समावेशी हो। हम दोनों एक ऐसी दुनिया की तलाश में हैं जहां अंतरराष्ट्रीय संस्थान समकालीन वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करें। हमारा मानना है कि हमारे साझा भविष्य को सामूहिक, समावेशी और निष्पक्ष रूप से आकार दिया जाना चाहिए।

इस विश्वास ने हमारे जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत के प्रयासों को निर्देशित किया। इसी भावना से हमने ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में रखने के लिए काम किया। इसी भावना से हमने जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ का स्वागत किया। यही वह भावना है जो ग्लोबल साउथ को एकजुट करती है और यही परिकल्पना है कि भारत और सेशल्स एक साथ आगे बढ़ते रहेंगे।

माननीय सदस्यगण,

जैसा कि हम पिछले पचास वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव मना रहे हैं, हमें आगे भी देखना चाहिए। सेशेल्स का भविष्य उसके युवाओं द्वारा आकार लिया जाएगा। हमें गर्व है कि सेशेल्स के विद्यार्थियों, पेशेवरों, अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने दशकों तक भारत में प्रशिक्षण और अध्ययन किया है।

वास्तव में, यह कहा जाता है कि सेशेल्स में हर पचास लोगों में से एक ने भारत में कुछ प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वे कौशल, दोस्ती और अनुभवों के साथ घर लौटे हैं जो आज भी हमारी साझेदारी को मजबूत कर रहे हैं।

मुझे युवाओं के लिए इंटर्नशिप प्रदान करने की आपकी इग्नाइट पहल के बारे में जानकर खुशी हुई। यह एक उत्कृष्ट रूपरेखा है और हम इस क्षेत्र में सहयोग के लिए नए रास्ते तलाश सकते हैं।

इस तरह के सहयोग का मुख्य फोकस क्षेत्र डिजिटल नवाचार हो सकता है। भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) ने प्रदर्शित किया है कि कैसे प्रौद्योगिकी अवसर का विस्तार कर सकती है, शासन में सुधार कर सकती है, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दे सकती है और करोड़ों लोगों के लिए सेवाएं प्रदान कर सकती है।

हमें अपने अनुभवों और विशेषज्ञता को साझा करने में खुशी होगी क्योंकि आप अपने स्वयं के डिजिटल परिवर्तन को आगे बढ़ा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि सेशेल्स के युवा इन अवसरों को उसी दृढ़ संकल्प के साथ अपनाएंगे जिसने स्वतंत्रता के पहले पचास वर्षों का मार्गदर्शन किया था।

माननीय सदस्यगण,

आज, जैसा कि मैं इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती वर्ष में आपके सामने उपस्थित हूं, हमारे लोग ढाई शताब्दियों से भी अधिक पुरानी दोस्ती का उत्सव मना रहे हैं। कुछ साझेदारियाँ इतनी गहरी नींव पर बनी होती हैं। और इतनी गर्मजोशी, विश्वास और सद्भावना के साथ कुछ साझेदारियाँ बढ़ी हैं।

जैसे-जैसे हम भविष्य की ओर देखते हैं, आइए हम इन नींवों पर निर्माण करना जारी रखें। भारत आपका विश्वसनीय भागीदार बना रहेगा। हम आपकी उपलब्धियों का उत्सव मनाएंगे। हम आपकी आकांक्षाओं का समर्थन करेंगे। और हम आपके साथ एक दोस्त के रूप में उपस्थित रहेंगे।

पिछले पचास साल उल्लेखनीय रहे हैं। लेकिन मेरा दृढ़ विश्वास है कि सेशेल्स की कहानी के सबसे अच्छे अध्याय अभी लिखे जाने बाकी हैं। और हमारी सबसे अच्छी दोस्ती अभी होनी शेष है।