The INDI Alliance lacks vision and credibility: PM Modi in Nawada

Published By : Admin | April 7, 2024 | 11:01 IST
Modi, the son of the poor, is dedicated to serving the impoverished. I vow to eradicate poverty nationwide: PM Modi in Nawada
Modi promises to uplift three crore village sisters to become 'Lakhpati Didis': PM Modi’s promise to the women in Bihar
The INDI Alliance lacks vision and credibility, with members who contradict each other in different states: PM Modi on opposition
Every vote cast on Lotus symbol on 19th April will strengthen the resolve for a ‘Viksit Bharat’: PM Modi in Nawada

भारत माता की जय।
भारत माता की जय।
भारत माता की जय।
जय छठी मइया।
अपने सबके हम प्रणाम करअ हियई।

मैं बिहार और मगध की धरती को प्रणाम करता हूँ। मगध की इस महान धरती में चन्द्रगुप्त मौर्य का शौर्य है। आचार्य चाणक्य की बौद्धिक क्षमता है। और इसमें देश को दिशा देने का अद्भुत सामर्थ्य है। ये क्षेत्र बिहार के पहले मुख्यमंत्री ‘बिहार केसरी’ श्रीकृष्ण बाबू की जन्मभूमि भी है। नवादा, लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की भी कर्मभूमि है। मैं इन सभी महान विभूतियों को आदरपूर्वक नमन करता हूँ।

साथियों,
नवादा ने हमेशा भाजपा को, एनडीए को अपना भरपूर प्यार और भरपूर आशीर्वाद दिया है। और मैं देख रहा हूं आज भी आपका ये उत्साह, ये प्यार, ये साफ-साफ बता रहा है कि नवादा के साथ-साथ पूरे बिहार में NDA का परचम लहराने जा रहा है। मैं अभी बैठे-बैठे नीतीश जी से, हमारे सम्राट जी से बात कर रहा था, मैंने कहा भई सभा का समय क्या दिया है। क्योंकि हुजूम का हुजूम अभी आ ही रहा है। ये दोनों गेट पे मैं देख रहा हूं, यानी एक प्रकार से पूरा प्रवाह चल रहा है। ये अद्भुत नजारा है।

साथियों,
बीते 10 वर्षों में देश ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है। देश में विकास के जो काम हुए हैं। NDA को मिल रहे विशाल जनसमर्थन में उसकी झलक दिख रही है। इसीलिए, आज पूरा देश कह रहा है- फिर एक बार.., मोदी सरकार! फिर एक बार.., मोदी सरकार! फिर एक बार.., मोदी सरकार! आज पूरा बिहार कह रहा है- फिर एक बार.., मोदी सरकार!

साथियों,
आपको याद होगा, लाल किले से मैंने कहा था- यही समय है, सही समय है। भारत के इतिहास में कई शताब्दियों के इंतजार के बाद ये समय आया है। ये वो समय है, जब हम मिलकर काम करें तो भारत विकसित हो सकता है। भारत अपनी गरीबी दूर कर सकता है। हमें इस मौके को गंवाना नहीं है और इसलिए चौबीस का ये चुनाव बहुत अहम हो गया है। बीते 10 वर्षों में बिहार के लोगों ने देशहित में लिए गए अनेक बड़े निर्णय देखे हैं। आज भारत में, बिहार में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज बिहार में आधुनिक एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण हो रहा है। वंदे भारत जैसी ट्रेनें बढ़ रही हैं। डिजिटल क्रांति ने सरकार की सेवाओं को आपके मोबाइल में पहुंचा दिया है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आप मेरी बात से सहमत हैं। भारत का डंका बज रहा है। यूरोप में डंका बज रहा है। ऑस्ट्रेलिया में डंका बज रहा है। न्यूजीलैंड में डंका बज रहा है। अफ्रीका में डंका बज रहा है। अमेरिका में डंका बज रहा है। कैसे। ये कैसे हो रहा है। कैसे हो रहा है। कैसे हो रहा है। आपने गलत जवाब दे दिया। ये मोदी के कारण नहीं हो रहा है। ये आपके एक वोट के कारण हो रहा है। आपके उस वोट की ताकत है, जिसने देश को मजबूत सरकार दी और उसके कारण देश मजबूत कदम उठा रहा है। मुझे विश्वास है, बिहार की ये महान धरती, विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अपना भरपूर आशीर्वाद देगी।

साथियों,
मोदी देश से गरीबी खत्म करने के मिशन में जुटा है। मैं भी आप ही की तरह ही गरीबी को जीकर यहां आया हूं। मैं कभी भूल नहीं सकता कि 2014 के पहले देश में क्या स्थिति थी। करोड़ों देशवासी कच्चे घरों में रहने को मजबूर थे या बेघर थे। देश के गांवों में ज्यादातर लोग खुले में शौच के लिए मजबूर थे। गरीबों के पास ना गैस कनेक्शन था, ना नल से जल आता था। गरीब का राशन बिचौलिए खा जाते थे। अस्पताल में इलाज के लिए गरीब को दर-दर भटकना पड़ता था।

साथियों,
गरीब का बेटा मोदी, गरीब का सेवक है। मैं जब तक देश के हर भाई-बहन की गरीबी दूर नहीं कर लूंगा, चैन से नहीं बैठूंगा। बीते 10 वर्षों में गरीब कल्याण के लिए जो काम हुआ, वो आजादी के बाद के 6 दशकों में भी नहीं हुआ था। इसी का नतीजा है कि 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं, तो नतीजे भी मिलते ही हैं। और साथियों, अगर मैं आपको ही पूछूंगा तो आप इस सरकार के अनगिनत काम बता देंगे। हर इलाके के लोग बोलेंगे, हां, हमारे यहां ये हुआ। हर परिवार कहेगा, हां हमारे यहां ये हुआ। दस साल में इतना काम, इतना तेजी के काम, पहले कभी किसी ने कल्पना नहीं की थी। उतनी तेजी से काम हुआ है। लेकिन भाइयो-बहनो आपको लगता होगा, सारे सर्वे वाले कहते हैं कि इस बार तो चार सौ पार पक्का है। सारे अखबार वाले लिखते हैं, चार सौ पार पक्का है। सब लोग कहते हैं कि एनडीए का जय जयकार है। लोग कहते हैं कि इतना सारा हो रहा है तो मोदी इतना काम क्यों कर रहा है।

भाइयो-बहनों,
चुनाव तो आपने जिताना तय कर लिया है। मैं तो मेहनत इसलिए करता हूं कि मुझे आपके दर्शन करने का सौभाग्य मिल जाता है। अपनों से मिलने का आनंद होता है। अपनों को मिलने से ऊर्जा मिलती है। अपनों को मिलने से प्रेरणा मिलती है। और इसलिए मैं आपके बीच आता रहता हूं। और भाईयो-बहनों इतने सारे काम हुए। कोई ये कहेगा मोदी जी इतिहास में नाम हो गया। अब तो आराम करो। मेरा उनको जवाब है- मोदी मौज करने के लिए नहीं पैदा हुआ है, मोदी मेहनत करने के लिए ही जन्मा है। और वो भी 140 करोड़ देशवासियों के लिए। अब तक बहुत हुआ है बहुत किया है, लेकिन मोदी का मन तो यही कहता है कि ये तो अभी ट्रेलर है। इतने से हमें रुकना नहीं है। अभी तो गाड़ी टॉप गियर में ले जाना है। अभी तो रनवे पर है। नई ऊंचाईयों को पार करना है। अभी तो बहुत कुछ करना है। हमें देश को, बिहार को नई ऊंचाई पर लेकर जाना है।

साथियों,
बिहार और नवादा की हमारी माताओं-बहनों को लंबे समय तक जंगलराज के अंधेरे में अपना जीवन गुजारना पड़ा है। बिहार में एक वो भी समय था, जब हमारी बहन-बेटियों को सड़क पर निकलने में डर लगता था। नीतीश बाबू के प्रयासों से, हमारे सुशील मोदी जी के अथक प्रयासों से बिहार इस जंगलराज से बाहर निकला। अभी नीतीश जी विस्तार से बता रहे थे कि जंगलराज के समय शिक्षा की, स्वास्थ्य की, अन्य सुविधाओं की कैसी हालत थी। नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार उन परिस्थितियों से बाहर निकला है। अब हर बहन के पास उसके इस भाई की, मोदी की गारंटी भी है। आज 12 करोड़ घरों में बने इज्जतघर, महिलाओं के सम्मान की गारंटी हैं। आज बिहार में करीब सवा करोड़ उज्ज्वला सिलेंडर, धुएँ से आजादी की गारंटी हैं। अकेले नवादा में ही 2 लाख से ज्यादा उज्ज्वला कनेक्शन हैं। बिहार के गरीबों को मिले सैंतीस लाख पीएम आवास महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा की गारंटी हैं। बिहार के साढ़े 8 करोड़ लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन इस बात की गारंटी है कि किसी माँ की संतान भूखे पेट नहीं सोएगी। इतना ही नहीं। तीसरे कार्यकाल में अभी तो मोदी की कई और गारंटी आने वाली हैं। अब मोदी की गारंटी है कि गांवों की 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाएंगे। अब मोदी की गारंटी- गांव और गरीब परिवार की बहनों को ड्रोन पायलट बनाने की है। मोदी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना भी शुरू की है, ताकि गरीबों का बिजली का बिल, मध्यम वर्ग का बिजली का बिल जीरो हो जाए, शून्य हो जाए।

लेकिन साथियों, मोदी की ये गारंटियां, कांग्रेस-आरजेडी वाले इंडी गठबंधन वालों को परेशान कर रही हैं। उनको पसंद नहीं आ रहीं हैं। इंडी गठबंधन के एक बहुत बड़े नेता ने कहा है कि मोदी जी आपको जो गारंटी देता है, उस पर बैन लगना चाहिए। अरे इतने डर गए हो क्या। अरे मोदी की गारंटी से घबरा रहे हो क्या। ये लोग कहते हैं, और कानून को जानकर कह रहे हैं कि मोदी का गारंटी देना ही गैर-कानूनी है। मेरे देशवासी, आप इस देश के मालिक हैं। आप मुझे बताइये, क्या मोदी गैर कानूनी काम कर रहा है। क्या गारंटी देना गैर कानूनी है। क्या मैं मेरे देशवासियों को मेहनत करने की गारंटी देता हूं तो क्या मैं गुनाह करता हूं। मैं मेरे देशवासियों को ये कहूं कि मैं 24 घंटे काम करूंगा तो क्या ये गुनाह है। मोदी गारंटी देता है उसको भी उन्होंने गुनाह बना दिया। अरे भाई, मोदी गारंटी इसलिए देता है, क्योंकि उसके पास गारंटी पूरी करने का माद्दा है, मोदी गारंटी इसलिए देता है, मोदी की नीयत है। मोदी गारंटी इसलिए देता है क्योंकि वो गारंटी पूरी करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करता है। अहंकार में डूबे इंडी गठबंधन वालों को, खुद को देश का परमानेंट शासक समझने वाले इंडी गठबंधन वालों को ये समझ नहीं आएगा।

साथियों,
चुनाव में झूठ बोलना, झूठ बोलकर वोट लेना, इंडी गठबंधन वालों की पहचान यही है। इसलिए ये मोदी की गारंटी उसे भी रोकना चाहते हैं। ये भूल रहे हैं कि मोदी की गारंटी यानी, गारंटी पूरा होने की गारंटी! मोदी ने कश्मीर में 370 खत्म करने की गारंटी दी। नतीजा क्या हुआ, नतीजा क्या हुआ- 370 गई की नहीं गई। गई की नहीं गई। ये बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की बातें करते हैं, लेकिन ये इंडी गठबंधन वाले जवाब दें कि कितने साल आपने राज किया। संविधान के नाम पर गीत गाते रहते हो, लेकिन आपने जम्मू कश्मीर में बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान लागू होने नहीं दिया था। ये मोदी है जो बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को जम्मू कश्मीर की धरती भी पर ले गया है। इतने सालों के बाद ले गया है।

और आप कमाल देखिए, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, छोटा पद नहीं है उन्होंने अभी भाषण किया, उन्होंने ये कहा और वो कहीं शायद राजस्थान में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भई राजस्थान में आकर 370 का क्या लेना-देना। मोदी यहां आकर 370 की बात क्यों करता है। ये सुनकर मुझे बहुत शर्म आई। क्या जम्मू-कश्मीर हमारा है कि नहीं है। जम्मू-कश्मीर हमारा है कि नहीं है। कांग्रेस समझ ले और सुन ले । इसी कश्मीर की रक्षा के लिए मेरे बिहार के अनेक नौजवानों ने मातृभूमि के लिए सबसे बड़ा बलिदान दिया है। कितने ही वीर-जवान तिरंगे में लिपटकर लौटे हैं, कश्मीर को बचाने के लिए। आप ये कहते हो, राजस्थान की धरती पर भी कितने ही वीर परिवार हैं, जिनके बेटे मातृभूमि में कश्मीर की रक्षा करने के लिए शहीद होकर लौटे हैं। आप ये कह रहे हैं कि हिंदुस्तान के उस कौने को क्या लेना-देना। उस कौने को क्या लेना-देना। ये टुकड़े-टुकड़े करने वाली गैंग का प्रताप है। ये लोग ऐसी भाषा बोलने लगे हैं। क्या ऐसी भाषा बोलने वालों को माफ किया जा सकता है। क्या शहीदों का अपमान सहन किया जा सकता है।

भाइयो और बहनों,
मोदी ने तीन तलाक को खत्म करने की गारंटी दी। नतीजा क्या हुआ- तीन तलाक जैसी महिला विरोधी कुप्रथा खत्म हो गई। मोदी ने भारत को आँख दिखाने वालों को सबक सिखाने की गारंटी दी। नतीजा- जो भारत को आँखें दिखाते थे, अब वो आटे के लिए भटक रहे हैं। मोदी ने गारंटी दी थी कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा। आज अयोध्या में भव्य राममंदिर का शिखर आसमान छू रहा है। जो 500 वर्षों में नहीं हो पाया, जिस राम मंदिर के निर्माण को रोकने की काँग्रेस औऱ आरजेडी ने बरसों तक कोशिश की, वो राममंदिर बनकर तैयार हो गया। और ये देखिए, चलो भाई, देशवासियों ने चंदा दिया। एक रूपया, पांच रूपया, पांच सौ रूपया, हजार रूपया। देशवासियों के पैसे से राम मंदिर बना है। सरकारी तिजोरी से राम मंदिर नहीं बना है। देशवासियों ने बनाया है। इनकी क्या दुश्मनी है इस देश के लोगों से। इनकी क्या दुश्मनी है प्रभु राम से। इनकी क्या दुश्मनी है अयोध्या से। उनकी क्या दुश्मनी है हमारी विरासत से। राम मंदिर बन गया तो बोले, हम उसके प्राण-प्रतिष्ठा में नहीं जाएंगे, विरोध किया। क्या ये शोभा देता है क्या। शोभा देता है क्या। इतना ही नहीं, इनके मन में इतना जहर भरा है, इतना जहर भरा है कि उनकी पार्टी के कुछ लोग राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में आ गए तो उनको छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया। राम नवमी आ रही है, ये पाप करने वालों को भूलना मत भाइयो-बहनों। भूलना मत। इसलिए, ये भी जानते हैं कि अगर मोदी की गारंटी ऐसे ही चलती रही तो इनकी वोटबैंक की दुकान ही बंद हो जाएगी। और इसलिए ये लोग मोदी की गारंटी का विरोध कर रहे हैं।

साथियों,
इंडी गठबंधन के पास न विज़न है, न विश्वसनीयता है। दिल्ली में जो लोग एक साथ खड़े होते हैं, अलग-अलग राज्यों में वही एक-दूसरे को गाली देते हैं। यहाँ बिहार में तो गजब हाल चल रहा है। यहां इंडी गठबंधन एक उम्मीदवार खड़ा करता है, तो दूसरा नेता कहता है कि असली उम्मीदवार वो है। यहां आपस में ही सिर-फुटव्वल मची है। ये मजबूरी में साथ आए लोग हैं। और इनकी मजबूरी का एक ही नाम है- सत्ता का स्वार्थ! इंडी गठबंधन यानी- भ्रष्टाचारियों का ठिकाना। और इंडी गठबंधन यानी- देशविरोधी नफरती ताकतों का ठिकाना। आप इनके बयान देख लीजिये! इंडी गठबंधन वाले सनातन धर्म को समाप्त करने की बात करते हैं। इंडी गठबंधन वाले भारत के एक और विभाजन करने की बात करते हैं। काँग्रेस पार्टी के नेता खुलेआम बयान दे रहे हैं कि वो दक्षिण भारत को अलग कर देंगे। दो दिन पहले कांग्रेस ने जो अपना घोषणापत्र जारी किया है, उसमें भी मुस्लिम लीग के विचारों की छाप है। कांग्रेस ने ‘घोषणापत्र’ नहीं, ‘तुष्टिकरण पत्र’ जारी किया है।

साथियों,
पूरे देश में चुनाव की हलचल बढ़ रही है। लेकिन ये ऐसा चुनाव है जिसमें विपक्ष के लोग गठबंधन बनाकर भ्रष्टाचारियों को छुड़ाने के लिए रैली तो कर रहे हैं। और हालत देखिए। दो खेमे हैं। दोनों के विचार देख लीजिए। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं-भ्रष्टाचारी बचाओ। आप मुझे बताइये, देश तोड़ने की बात करने वाले, भ्रष्टाचारियों का समर्थन करने वाले, सनातन धर्म को खात्मे की बात करने वाले, इन लोगों को बिहार माफ करेगा क्या? बिहार माफ करेगा क्या? कांग्रेस-आरजेडी वाले आपका एक भी वोट पाने के हकदार नहीं हैं। इन लोगों को सत्ता और भ्रष्टाचार की लत लग चुकी है। सत्ता से दूर जाते ही ये ऐसे छटपटाने लगते हैं जैसे मछली को पानी से बाहर निकाल दिया गया हो। इसलिए, इन्हें सत्ता से दूर रखना बहुत जरूरी है।

साथियों,
कल दिल्ली में कुछ लोग बता रहे थे। क्योंकि मैं देख रहा हूं कि ये इंडी गठबंधन इस चुनाव के मैदान में कहीं नजर नहीं आ रहा। उसके नेता नहीं आ रहे। मैंने जरा पूछताछ की भई मामला क्या है, ठंडे पड़े हो। तो उनके एक नेता ने बयान भी कर दिया कि हमारे लोग बहुत सुस्त हैं। ठंडे हैं। कुछ करना नहीं चाहते। तो उन्होंने कहा इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेतागिरी में पिछले पंद्रह दिन से बहुत तूफान चल रहा है। क्या तूफान चल रहा है। उनके एक नेता ने, हठ पकड़कर बैठे हैं कि जब तक इंडी गठबंधन उन्हें प्रधानमंत्री का उम्मीदवार घोषित नहीं करेगा, वो एक भी चुनाव प्रचार में नहीं जाएंगे। अब ये हाल है उनका। वो बता नहीं पा रहे, उनका नेता कौन है। और वो अंदर-अदंर लड़ रहे हैं। और इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि अभी नहीं, चुनाव नतीजे आने के बात तय करेंगे। अब वो अड़कर बैठ गए हैं। और वे कहते हैं कि जब तक मुझे नेता घोषित नहीं करोगे, मैं कोई रैली करने वाला नहीं। पता नहीं समझ जाएं, नहीं समझ जाएं। लेकिन ये हाल है उनका।

साथियो
मैंने हमेशा कहा है कि 140 देशवासी मेरा परिवार है। और ये सिर्फ शब्द नहीं हैं, मेरी भावना है। आपका सपना ही मेरा संकल्प है। नवादा के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भाजपा ने हमारे साथी मित्र विवेक ठाकुर जी को उम्मीदवार बनाया है। इनको दिया गया एक-एक वोट मोदी को मजबूत बनाएगा। 19 अप्रैल को कमल छाप उसपर दिया गया हर वोट विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा। आप यहाँ से जाकर नवादा के जन-जन तक मेरा प्रणाम भी जरूर पहुंचाइएगा।

मेरे साथ बोलिए
भारत माता की जय
भारत माता की जय
बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
ଶ୍ରୀରାମ ଜନ୍ମଭୂମି ମନ୍ଦିର ଧ୍ଵଜାରୋହଣ ସମାରୋହରେ ପ୍ରଧାନମନ୍ତ୍ରୀଙ୍କ ଅଭିଭାଷଣ

ଲୋକପ୍ରିୟ ଅଭିଭାଷଣ

ଶ୍ରୀରାମ ଜନ୍ମଭୂମି ମନ୍ଦିର ଧ୍ଵଜାରୋହଣ ସମାରୋହରେ ପ୍ରଧାନମନ୍ତ୍ରୀଙ୍କ ଅଭିଭାଷଣ
Auckland's Sky Tower lights up in India's tricolour as PM Modi begins historic New Zealand visit

Media Coverage

Auckland's Sky Tower lights up in India's tricolour as PM Modi begins historic New Zealand visit
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
India-New Zealand friendship has gained new momentum and a new direction: PM Modi during the Gala Lunch
July 11, 2026

Your Excellency, Prime Minister क्रिस्टोफर लक्सन,

दोनों देशों के delegates,

नमस्कार!

किया ओरा!

मेरे और मेरे delegation के ऊष्मा भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए मैं मेरे मित्र प्रधानमंत्री लक्सन का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने स्वागत में इतनी गर्मजोशी दिखाई है, कि ऑकलैंड की सर्दी भी आज कुछ कम लग रही है। इस यात्रा के दौरान न्यूजीलैंड के लोगों से जो स्नेह और अपनापन मिला है, वह हमारे हृदय में हमेशा रहेगा।

पिछले वर्ष प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा से हमारे संबंधों के हर क्षेत्र में नई ऊर्जा आई है। उनके नेतृत्व, स्पष्ट विजन, और मजबूत प्रतिबद्धता से, भारत और New Zealand की मित्रता को नयी गति और नयी दिशा मिली है। आज चालीस वर्षों के बाद भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा हो रही है। और मैं हमेशा कहता हूँ, कि बहुत सारे अच्छे काम है, जो मेरे पहले वाले लोग मेरे लिए छोड़ के गए हैं, जो मैं पूरा कर रहा हूँ। साथियों, यह हमारे संबंधों के एक नए अध्याय का शुभारंभ है।

Friends,

भारत और न्यूजीलैंड का लोकतान्त्रिक मूल्यों में दृढ़ विश्वास हमें मिलकर आगे बढ़ने के लिए natural comfort प्रदान करता है। पिछले कुछ वर्षों में हमने हमारे सबंधों को अभूतपूर्व गति प्रदान की है।

आज आज की बैठक में हमने हमारे सहयोग को नई गहराई और व्यापकता देने पर विस्तार से चर्चा की। हमने भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को Strategic Partnership के स्तर पर ले जाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत हम हर क्षेत्र में स्पष्ट लक्ष्यों और ठोस परिणामों के साथ आगे बढ़ेंगे।

इस वर्ष हमने रिकॉर्ड समय में Free Trade Agreement किया। इस उपलब्धि से दोनों देशों के उद्योगों, किसानों और युवाओं के लिए नए द्वार खुलेंगे। हम trade के साथ साथ trust, technology और talent का blue print तैयार कर रहे हैं।

पिछले तीन वर्षों में हमारे व्यापार में 50 पर्सेन्ट से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। हमें विश्वास है कि FTA अगले पाँच वर्षों में हमारे व्यापार को दोगुना करने का मजबूत आधार बनेगा।

न्यूजीलैंड द्वारा भारत में बीस बिलियन डॉलर के investment commitment का भी हम विशेष स्वागत करते हैं। यह न्यूज़ीलैंड की companies को भारत की growth story में long-term partner बनने का अवसर देगा।

Friends,

हमारी Strategic Partnership को सार्थक बनाने के लिए हम दोनों देशों की strengths को practical cooperation में बदल रहे हैं। Fin Tech के क्षेत्र में हम भारत के UPI और न्यूजीलैंड के payment systems को जोड़ने पर आगे बढ़ रहे हैं।

Agriculture, dairy और food processing में हमने सहयोग का एक मजबूत खाका बनाया है। इसका लाभ हमारे किसानों और पशु-पालकों को मिलेगा।

Traditional medicine में न्यूज़ीलैंड और भारत दोनों की समृद्ध और जीवंत परंपराएं हैं। आज हमने हमारे स्वास्थ्य सहयोग में traditional medicines की भूमिका बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

रक्षा और सुरक्षा में हमारा बढ़ता सहयोग हमारे गहरे strategic trust का प्रतीक है। पिछले वर्ष किए गए Defence Cooperation Agreement से हमारे सहयोग का मजबूत ढांचा तैयार हुआ है। आज हमने इंडो-पैसिफिक में maritime cooperation के लिए एक फ्रैम्वर्क पर सहमति बनाई है। Bilateral naval exercises, Logistics support और hydrography में सहयोग से हमारा आपसी तालमेल बढ़ेगा।

Friends,

हमारे संबंधों की सबसे मजबूत ताकत हमारे people-to-people ties हैं। भारतीय समुदाय के लोगों ने अपने परिश्रम और talent से न्यूजीलैंड में विशेष स्थान बनाया है। उनकी देखरेख के लिए मैं प्रधानमंत्री लक्सन और न्यूजीलैंड सरकार और न्यूजीलैंड के लोगों का आभार व्यक्त करता हूँ।

आज हुआ Cultural Cooperation MOU दोनों देशों के art, culture, heritage तथा creative industries में exchanges को गति देगा। न्यूजीलैंड भारतीय students के लिए एक महत्वपूर्ण destination रहा है। हम न्यूजीलैंड की universities को भारत में campus खोलने के लिए आमंत्रित करते हैं।

इस वर्ष हम दोनों देशों के बीच खेल संबंधों की सौवीं वर्षगांठ मना रहे हैं। सौ साल पहले मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में हॉकी टीम ने यहाँ आकर जो इतिहास रचा था, वह हमारी खेल साझेदारी को आज भी प्रेरित कर रहा है। इस उपलक्ष्य पर हम दोनों देशों में कई स्पोर्ट्स इवेंट्स आयोजित कर रहे हैं। क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाने के लिए हम Sports Joint Action Plan बनाया है। हाल ही में भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी और रग्बी इंडिया के कोचिंग प्रोग्राम से अच्छी शुरुवात हुवी है।

Friends,

वैश्विक मंच पर भी भारत और न्यूज़ीलैंड भरोसेमंद साझेदार और करीबी मित्र हैं। हमारा मानना है कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए UN सहित अन्य वैश्विक संस्थानों में reform आवश्यक है।

आतंकवाद के विषय पर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ाने के लिए आज हमने Joint Working Group का गठन किया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच सहयोग इंडो-पेसिफिक में शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Friends, मैं आप सभी को माओरी नव वर्ष “मातरिकी” की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। जिस तारा-समूह को यहाँ “मातरिकी” नाम दिया गया है, जैसे आपने भी बताया, उसे भारत में प्राचीन काल से “कृत्तिका नक्षत्र” के रूप में जाना जाता है। मुझे विश्वास है कि “मातरिकी” का यह पर्व, हमारे संबंधों को इन्हीं सितारों की तरह जगमगाने की प्रेरणा देगा।

Prime Minister लक्सन,

आपकी मित्रता, आपकी प्रतिबद्धता और मेरी न्यूज़ीलैंड यात्रा को यादगार बनाने के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूँ। जैसे रग्बी में टीमवर्क और भरोसा ज़रूरी होता है, वैसे ही हम भी आपसी विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे। हम एक ही टीम में है, इसलिए टैकल केवल चुनौतियों को करेंगे।

बहुत-बहुत धन्यवाद।