You left no stone unturned in your blessings and Modi left no stone unturned in his hard work, says PM Modi in Saharanpur
BJP Sthapana Diwas resonates our priority of 'Rashtraneeti' over 'Rajneeti': PM Modi in Saharanpur
In Ayodhya, the magnificent Ram temple is not just an electoral promise, but our mission, says PM Modi
It's misfortune of the country that the people of INDI Alliance are challenging Shakti, says PM Modi in Saharanpur

भारत माता की, भारत माता की, भारत माता की।
शाकुम्भरी मां के आंगन में आप सभी को राम-राम !

हमारा ये स्थान मां की शक्ति का स्थान है। हमारा ये स्थान मां शक्ति की साधना का केंद्र है। और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना ये हमारी स्वाभाविक आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है। हम वो देश हैं जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य है कि इंडी अलायंस के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खतम कर सकता है क्या? शक्ति के सामर्थ्य को चुनौती दे सकता है क्या? और जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है उनका क्या हाल हुआ है वो इतिहास में, पुराणों में अंकित है।

साथियों,
10 वर्ष पहले मैं चुनावी जनसभा के लिए सहारनपुर आया था। और याद कीजिए 2014 के वो दिन उस समय देश घोर निराशा, घोर संकट के दौर से गुज़र रहा था। तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि देश नहीं झुकने दूंगा, देश नहीं रुकने दूंगा। मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर स्थिति को बदलूंगा, हर परिस्थिति को बदलूंगा। निराशा को आशा में बदलूंगा। आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ी। याद कीजिए, तब हमारा भारत दुनिया में 11वें नंबर की आर्थिक ताकत था। मोदी ने सिर्फ 10 साल में भारत को दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बना दिया है। तब कांग्रेस सरकार ने भारत की छवि कमजोर और भ्रष्ट देश की बना दी थी। आज बीजेपी सरकार ने भारत की छवि मजबूत और तेजी से विकसित होते देश की बना दी है। बनी है कि नहीं बनी है। पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है कि नहीं बज रहा है। यूरोप में भी भारत का डंका बज रहा है। अमेरिका में भी भारत का डंका बज रहा है। अफ्रीका में भी देश का डंका बज रहा है। सारी दुनिया में देश का डंका बज रहा है न। कैसे? आपने जवाब गलत दे दिया। दुनिया में डंका मोदी के कारण नहीं, आपके एक वोट के कारण दुनिया में डंका बज रहा है। 140 करोड़ देशवासियों के वोट की ताकत है कि आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। और इसीलिए हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है। महिलाएं भी बोल रही हैं, बुजुर्ग भी बोल रहे हैं, गांव भी बोल रहा है, शहर भी बोल रहा है। एक ही बात कह रहा है...फिर एक बार, मोदी सरकार ! फिर एक बार, मोदी सरकार ! फिर एक बार, मोदी सरकार !

भाइयों और बहनों,
आज एक बहुत शुभ अवसर है। आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं। भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों का दिल जीता है। इसका कारण क्या है? इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा, राजनीति नहीं राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। ये भाजपा का नारा नहीं, भाजपा का आर्टिकल ऑफ फेथ है। ये हमारा विश्वास है। ये हमारी रगों में है, ये हमारे सपनों में है, ये हमारे संकल्प में है- राष्ट्र प्रथम। हमारे लिए देश से बड़ा और कुछ नहीं है। देशहित से बड़ा और कुछ हो भी नहीं सकता। भाजपा से लोग सत्ता के लिए नहीं जुड़ते, बल्कि एक मिशन के लिए जुड़ते हैं। इसलिए, भाजपा ने अपने सिद्धांतों, अपने संकल्पों को हमेशा राजनीतिक स्वार्थ से छोड़ करके राष्ट्रहित की सुप्रमेसी के लिए ऊपर रखा है। गरीब कल्याण हमारे लिए एक चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। इसलिए भाजपा की प्राथमिकता रही- गरीब का पक्का घर, गरीब को शौचालय, इसलिए भाजपा ने गरीब के जीवन से अंधेरा दूर किया, उसे मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया। ये भाजपा है जिसने गरीब को मुफ्त राशन दिया। और आने वाले पांच साल भी मुफ्त राशन की गारंटी दी है। ये भाजपा है जिसने गरीब को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। इन प्रयासों की वजह से पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग, सहारनपुर के मेरे भाई-बहन याद रखिए... 10 वर्ष में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल पाए हैं। कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाईं, वो भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। इसलिए ही पूरा देश कह रहा है- 4 जून...400 पार ! 4 जून...400 पार ! 4 जून...400 पार !

साथियों,
कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही, उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। इंडी अलायंस कमीशन के लिए है। एनडीए मोदी सरकार मिशन के लिए है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। और मेरे प्यारे बहनों-भाइयों इस वर्ष रामनवमी में हमारे प्रभु राम टेंट में नहीं, बल्कि भव्य मंदिर में दर्शन देंगे। ये हमारी पीढ़ी के लिए कितना बड़ा गौरव है। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाना हमारा मिशन रहा है। ये मिशन भी पूरा हो चुका है। कश्मीर में पत्थरबाज़ों ने जो पत्थर फेंके थे, वो सारे पत्थर जुटाकर मोदी उन्हीं से विकसित जम्मू-कश्मीर का निर्माण कर रहा है। भारत को एक मजबूत देश बनाना, भाजपा की प्रतिबद्धता है। यानि जैसी भाजपा की नीयत है, जैसी निष्ठा है, नीतियां भी वैसी ही बनती हैं। इसलिए आज हर हिंदुस्तानी कह रहा है, अनुभव से कहता है- नीयत सही तो नतीजे सही।

साथियों,
बीजेपी सरकार बिना भेदभाव के काम करती है। हमारी सोच यही है कि सरकार की योजनाएं हर वर्ग, हर जाति, हर व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए भाजपा सरकार ने 10 साल पूरी ताकत से काम किया है। हमारा तो मंत्र रहा है सैचुरेशन, शतप्रतिशत योजना लागू हो। जितने भी उसके लाभार्थी लोग हैं सबको मिलना चाहिए, बिना भेदभाव के मिलना चाहिए। इसका मतलब ये हुआ जब लाभार्थी उसके हक की चीज मिलती है, सैचुरेशन का मतलब होता है वही सच्चा सेक्यूलरिज्म है। वही सच्चा सामाजिक न्याय है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही हमारा मंत्र है। भाजपा ने गरीबों को घर दिए तो हर जाति, हर धर्म के लोगों को मिले। हमने गैस कनेक्शन दिए तो इसका लाभ भी हर वर्ग तक पहुंचा। हम नल से जल हर गली-मोहल्ले तक पहुंचा रहे हैं। भाजपा सरकार ने सालों से चली आ रही तीन तलाक की कुप्रथा का भी अंत किया। हमने कड़ा कानून बनाकर करोड़ों मुस्लिम बहनों के हित में काम किया। उनकी गरिमा को पुनर्स्थापित किया। कभी-कभी कुछ लोग उत्साह में कहते हैं कि मोदी ने जो तीन तलाक कानून खत्म किया है इससे मुस्लिम महिलाओं को लाभ हुआ है। मैं समझता हूं उनको पूरी समझ नहीं है। ये सिर्फ मुस्लिम महिलाओं का भला हुआ ऐसा नहीं है। कोई भी मुस्लिम महिला किसी की बेटी होती है, किसी की बहन होती है और जब मां-बाप मुस्लिम बेटी को शादी करवाकर ससुराल भेजते हैं कितने बड़े सपने देखकर भेजते हैं। लेकिन मन में चिंता रहती है कि कहीं दामाद नाराज हो जाए और तीन तलाक बोल दे और अगर बेटी घर वापस आ जाए तो पूरा परिवार तबाह हो जाएगा। भाई को चिंता रहती है कि अगर बहन वापस आएगी तो क्या होगा। मां को चिंता रहती है कि अगर बेटी वापस आ जाए तो मैं उसको कैसे पालूंगी। इसीलिए तीन तलाक का कानून खत्म करके परंपरा खत्म करके हमने सिर्फ मुस्लिम महिलाएं नहीं, पूरे मुस्लिम परिवार को बचा लिया है। उस लटकती तलवार से मुक्ति दिला दी है। ये एक काम मैंने इतना बड़ा किया है कि आने वाली सदियों तक ये मुस्लिम बेटियां मोदी को आशीर्वाद देती रहेगी। भाजपा, देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है, हर किसी के लिए नए अवसर बना रही है।

भाइयों और बहनों,
सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी, यहां के लोगों के कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। और योगी जी हो या मोदी आपका ध्यान है, इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं वोकल फॉर लोकल। मोदी और योगी आपके उत्पादों की बिक्री बढ़वाना चाहता है, इसलिए हमने एक जिला, एक उत्पाद योजना लेकर आया है। क्या इंडी गठबंधन के नेताओं से ये बातें आपने कभी सुनी हैं? इतना ही नहीं, हमने तो अब हर राज्य में एकता मॉल बनाने की योजना बनाई है। हर राज्य में जो एकता मॉल बनेगा उसमें हिंदुस्तान के हर जिले की चीजें बिकेगी। आप केरल जाओगे तो वहां के एकता मॉल में सहारनपुर की चीजें बिकती मिलेंगी। आप बंगाल जाओगे तो वहां एकता मॉल में सहारनपुर की चीजें मिलेंगी। मतलब हम देश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट को हर जिले में और दुनिया के हर देश में पहुंचाना चाहते हैं। हमने पीएम विश्वकर्मा योजना शुरु की है, ताकि पारंपरिक कला से जुड़े सभी परिवारों की आय बढ़े। इसका लाभ हमारे सहारनपुर के शिल्पियों को बहुत बड़े पैमाने पर होने वाला है। यहां इतनी अच्छी सड़कें बन रही हैं, इतनी बेहतर रेल और एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी हो रही है। भाजपा ने और हमारे योगी जी तो कानून व्यवस्था के विषय में रत्ती भर भी छूट नहीं देने वाले। भाजपा ने अपराधियों को, दंगाइयों को काबू किया, तो इससे सुरक्षा के साथ-साथ निवेश के लिए भी माहौल बना है।

साथियों,
ये क्षेत्र अपने कृषि उत्पादों के लिए भी जाना जाता है। पिछले 10 साल में हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है। किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकर संवेदनशील है। आज देश में छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिए मदद की जा रही है। अकेले यहां सहारनपुर में ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपए सीधे भेजे जा चुके हैं। इसका बड़ा फायदा यहां के गन्ना किसानों को भी हुआ है। हमारे किसानों को यूरिया, खाद की कमी ना हो, इस पर भी हमारा ध्यान है। आप जान करके हैरान हो जाओगे भइया, एक आंकड़ा मैं कहता हूं याद रखोगे आपलोग। मैं एक आंकड़ा बोलता हूं याद रखोगे, सभी किसानों को बताओगे। घर-घर जाके बताओगे। तो आंकड़ा बताऊं। बताऊं। देखिए, दुनिया के कई देशों में यूरिया का एक थैला 3000 रुपये में मिलता है। यूरिया बोरा 3000 रुपये में मिलता है। हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में मिलता है। अब आप मुझे बताइए, ये बात किसानों को बतानी चाहिए कि नहीं बतानी चाहिए? घर-घर जाकर बतानी चाहिए कि नहीं बतानी चाहिए।

साथियों,
अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ जो हमारे विरोधी हैं, वो क्या कर रहे हैं? ये सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं, छटपटा रहे हैं। मैं ये देश का पहला चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है। किसी विपक्ष के नेता से आपने सुना कि भई उनकी सरकार बनेगी, सुना? को बोलता है? बल्कि विपक्ष सिर्फ इसलिए चुनाव लड़ रहा है ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें। और एनडीए की 400 से कम की जा सके। इसके लिए लड़ाई लड़ रहे। और सपा की स्थिति ये है कि यहां हर घंटे उसे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। ये लोग उम्मीदवारों तक का फैसला नहीं ले पा रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और विचित्र है। कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत नहीं हो रही है। मैंने तो देखा कुछ जगह पे जिसको उन्होंने उम्मीदवार घोषित कर दिया टिकट दे दिया, उसने दूसरे दिन इस्तीफा दे दिया। यानि इंडी-गठबंधन- अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है। और मैं उत्तर प्रदेश को तो क्योंकि यहां के लोग जानकार हैं, समझदार हैं आपको याद होगा पुराना, यहां उत्तर प्रदेश में ‘दो लड़कों’ की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उसे इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता...काठ की हांडी को ये इंडी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे?

साथियों,
कभी जिस कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी, कैसे बड़े-बड़े दिग्गज कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे। महात्मा गांधी का नाम जुड़ा था। लेकिन आज देश एक स्वर से कह रहा है, आजादी की लड़ाई लड़ने वाली वो कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है उसके पास ना देशहित में नीतियां हैं और ना ही राष्ट्र निर्माण का विजन। आपने देखा होगा कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणापत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणापत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणापत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है। और इस मुस्लिम लीग वाले घोषणापत्र में बचे-खुचे हिस्से में वामपंथी पूरी तरह से हावी हो चुके हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक नहीं दिखाई देती है। ऐसी कांग्रेस, 21वीं सदी में भारत को आगे नहीं बढ़ा सकती।

साथियों,
आपने मेरा काम देखा है। हर पल देश के नाम। और मैं आपको कहता हूं, 24X7 फॉर 2047, ये मोदी हर पल आपके नाम, हर पल देश के नाम। इसीलिए मोदी कहता है, आपका सपना, मोदी का संकल्प है। मैं अगर भ्रष्टाचार पर आज कड़ा प्रहार कर रहा हूं, तो ये आपके बेहतर भविष्य के लिए ही है। भ्रष्टाचारी, गरीब के सपनों को तोड़ते हैं, आपको लूटते हैं, आपके अधिकारों को लूटते हैं। आपको आगे बढ़ने से रोकते हैं। अगर आपका बेटा या बेटी नौकरी के लिए योग्य है। लेकिन भ्रष्टाचार करके किसी और को नौकरी दे दी जाए तो आपके बेटे-बेटी का भविष्य क्या होगा? और इसलिए मैं आपके बेटे-बेटी के भविष्य को बचाने के लिए इतनी गालियां खा रहा हूं, इतनी लड़ाई लड़ रहा हूं। ये भ्रष्टाचारी एकजुट होकर मोदी को धमकी दे रहे हैं। मेरे देशवासियों आपके सामने चित्र साफ है। हम हैं जिसका मिशन है भ्रष्टाचार हटाओ। और वो हैं, कमीशन कहता है भ्रष्टाचारी बचाओ। लेकिन मेरे प्यारे देशवासियों ये मोदी है, पीछे हटने वाला नहीं है। भ्रष्टाचार पर तेज कार्रवाई जारी रहेगी और ये मोदी की गारंटी है।

भाइयों और बहनों,
10 साल में जो हुआ है इसकी आज चारों तरफ चर्चा है। लोग घंटों-घंटों तक इस काम की सराहना करते हैं। मैंने अभी एक बच्चे का वीडियो देखा, छोटा बच्चा, और वो ए टू जेड मोदी ने क्या-क्या योजनाएं लाई है, बढ़िया तरीके से बोलता है। 8-10 साल का बच्चा था। इसका मतलब काम बहुत हुआ है। लोग इसे पसंद भी करते हैं, लेकिन मोदी का मन क्या कहता है। काम भले बहुत हुआ हो, लेकिन मोदी के मन में जो सपना है न, उस हिसाब से तो ये काम अभी ट्रेलर है ट्रेलर। ये तो शुरुआत है। अभी तो बहुत कुछ करना है, अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

साथियों,
वो दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनॉमी बन जाएगा। वो दिन दूर नहीं जब भारत, खाद्य तेल और दालों में भी आत्मनिर्भर हो जाएगा। वो दिन दूर नहीं जब भारत में बने सामान, दुनिया के कोने-कोने में अपनी पहचान बनाएंगे। ऐसे ही विराट संकल्पों के लिए, मोदी को मोदी की गारंटी पूरा करने के लिए आशीर्वाद चाहिए। और इसके लिए सहारनपुर से राघवलखन पाल जी और कैराना से हमारे साथी प्रदीप कुमार जी को भारी मतों से विजय बनाकर संसद में मेरा साथ देने के लिए भेजना है। लेकिन इसके लिए आपको एक काम करना होगा, करेंगे। आपको अपने ही रिकॉर्ड तोड़ने होंगे। तोड़ेंगे। आपके बूथ में पिछले तीन चुनाव में जितना मतदान हुआ है उसको रिकॉर्ड तोड़ के अधिक मतदान करवाएंगे? घर-घर जाएंगे, बूथ जीतकर लाएंगे? मेरी आपसे अपेक्षा है इस बार इन दोनों लोकसभा सीट के सभी बूथों पर हमें जीत करके दिखाना है। दिखाएंगे? और जैसा योगी जी ने कहा, गर्मी बहुत है। इतनी गर्मी में मतदान अधिक हो, ये हम सबकी जिम्मेवारी है। धूप कितनी ही तेज क्यों न हो, हमें सुबह-सुबह ही मतदान करवाना है। करवाओगे।
अच्छा मेरा एक काम है, करोगे? बिलकुल मेरा पर्सनल काम है। ये राघव जी का भी नहीं और प्रदीप जी का भी नहीं है, ये मोदी का काम है करोगे। करोगे। जरा हाथ ऊपर करके बताइए करोगे। मेरा काम बहुत छोटा है। देखिए हर घर जाना और हर घर जाकर कहना कि मोदी जी सहारनपुर आए थे, और मोदी जी ने आपको प्रणाम भेजा है। मेरा प्रणाम पहुंचा दोगे। हर घर में पहुंचा दोगे।

बोलिए
भारत माता की जय ! भारत माता की जय ! भारत माता की जय !
बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা

Popular Speeches

প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা
Apple’s India iPhone output may hit $70 billion in five years on export surge: Report

Media Coverage

Apple’s India iPhone output may hit $70 billion in five years on export surge: Report
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Prime Minister shares Sanskrit Subhashitam highlighting the importance of health and exercise
March 16, 2026

The Prime Minister, Shri Narendra Modi, said that good health is the greatest wealth in life and exercise plays a very important role in maintaining it. He expressed his wishes for a healthy and happy life for all citizens of the country.

The Prime Minister shared a Sanskrit Subhashitam-

“व्यायामाल्लभते स्वास्थ्यं दीर्घायुष्यं बलं सुखम्। आरोग्यं परमं भाग्यं स्वास्थ्यं सर्वार्थसाधनम्॥”

The Subhashitam conveys that Exercise results in good health, long life, strength and happiness. Good health is the greatest blessing. Health is means of everything.

The Prime Minister wrote on X;

“अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है, जिसमें व्यायाम की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मैं सभी देशवासियों के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं।

व्यायामाल्लभते स्वास्थ्यं दीर्घायुष्यं बलं सुखम्।

आरोग्यं परमं भाग्यं स्वास्थ्यं सर्वार्थसाधनम्॥”