This Election Is About Giving Renewed Strength to Punjab: PM Modi

Published By : Admin | January 27, 2017 | 17:21 IST
This time, election is about giving a renewed strength to Punjab: PM Modi
Congress party can do anything for survival, even become allies against whom they fought for years: PM
Our Govt noted the troubles of ex-servicemen & implemented the #OROP: PM Modi
Our Govt is fighting against corruption and has taken strong measures to tackle it: PM Modi

पंजाब के मुख्यमंत्री आरदरणीय सरदार प्रकाश सिंह बादल जी, केंद्र में मंत्री परिषद के मेरे साथी और पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष श्रीमान विजय सांपला जी, केंद्र में मंत्रिमंडल के मेरे साथी श्रीमान नरेंद्र सिंह, श्री अविनाश राय खन्ना, श्री प्रभात झा, संसद में मेरे साथी श्रीमान नरेश गुजराल जी, जालंधर सेंट्रल से भाजपा के उम्मीदवार हमारे वरिष्ठ साथी श्री मनोरंजन कालिया जी, लुधियाना उत्तर से भाजपा उम्मीदवार श्री प्रवीण बंसल जी, जालंधर कैंट से अकाली दल के उम्मीदवार श्री शरणजीत सिंह मक्कड़, आदमपुर से अकाली दल के उम्मीवार श्रीमान पवन कुमार टीनूजी, जालंधर पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार श्री मोइन्दर भगत जी, दसिया से भाजपा उम्मीदवार श्रीमति सुखबीर कौर शाही, जालंधर उत्तर से उम्मीदवार श्री केडी भंडारी जी, फगवाड़ा के उम्मीदवार श्री सोमप्रकाश जी, लुधियाना पश्चिम के उम्मीदवार श्री कमाल शेट्टी जी, तारकोट से अकाली दल के उम्मीदवार श्री अजीत सिंह कोहार, होशियारपुर से भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान टिकट शानसूद, लुधियाना सेंट्रल से भाजपा के उम्मीदवार श्रीमान गुरदेव शर्मा जी। मंच पर विराजमान सभी वरिष्ठ महानुभाव। श्री अरुणेश शकील जी, श्रीमान सुखदेव सिंह जी। मेरे साथ सब पूरी ताकत से बोलेंगे। भारत माता की जय। भारत माता की जय। भारत माता की जय।

एक तरफ बसंत पंचमी के रंग से रंगने की तैयारियां चल रही है और दूसरी तरफ पंजाब के भाग्य को एक नई ऊर्जा देना, एक नई ताकत देना और उसके लिए पंजाब चुनाव के मैदान में खड़ा है।

भाइयों और बहनों।

ये पंजाब की ये धरती वीरों की धरती है, सूरवीरों की धरती है, ये गुरुओं की धरती है, संतों की धरती है। ये त्याग और बलिदान की धरती है। यहां का किसान पसीना बहाकर के देश का पेट भरता है और यहां का जवान अपना खून बहाकरके मां भारती की रक्षा करता है। हिन्दुस्तान में प्रदेश तो बहुत हैं है लेकिन पंजाब प्रदेशों से भी ज्यादा कुछ और है। पंजाब की आन, बान और शान भारत का माथा ऊंचा करती है। हिन्दुस्तान का कोई बच्चा ऐसा नहीं होगा, हिन्दुस्तान का कोई नागरिक ऐसा नहीं होगा, जिसने पंजाब की धरती से निकले हुए गेहूं से अपना पेट ना भरा हो, ऐसा कोई देश में इंसान नहीं होगा। ये पंजाब की धरती देने वालों की धरती है। ये पंजाब की धरती जब-जब देश को जरूरत पड़ी, सीना तानकर कोई खड़ा रहा तो हमारा पंजाब खड़ा रहा है। देश के लिए कुछ कर दिखलाने का मौका आया तो पंजाब ने करके दिखलाया है।

और इसलिए भाइयों और बहनों।

ये बड़े दुख की बात है कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण राजनीति के अहम मुद्दों पर चर्चा करने का सामर्थ्य न होने के कारण, किसी न किसी कारणवश इस चुनाव में पंजाब की आन बान शान पर दाग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे पंजाब को भला-बुरा कहने पर तुले हुए हैं। पीड़ा तो तब होती है कि जिस देश की सेना पंजाब के वीरों के कारण, त्याग और बलिदान के कारण, डिसिप्लीन के कारण, डेडिकेशन के कारण गर्व अनुभव करती है। उस पंजाब के युवकों को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भला-बुरा कहा जाए, बदनाम किया जाए। न जाने कैसे-कैसे शब्द का प्रयोग किया जाए। क्या राजनीति इतनी नीच स्तर तक चली जाएगी... ? मैं पंजाब के नौजवानों से कहना चाहता हूं, राजनीति अपनी जगह पर है लेकिन देश और दुनिया में पंजाब के नौजवानों की छवि जिन्होंने खराब की है। पंजाब के नौजवानों को दुनिया में जा जाकर पाप किया है। ऐसे लोगों को पंजाब के वास्ते, पंजाब के गौरव के वास्ते, पंजाब की आन बान शान के वास्ते, ऐसी सजा दीजिए कि ताकि कोई पंजाब पर अंगुली उठाकर के देखे नहीं।

 

भाइयों और बहनों।

हिन्दुस्तान ने आतंकवाद का दौर भी देखा है। पंजाब ने हिन्दू-सिख की एकता को संकट का दिन भी देखा है। निर्दोषों को मरते हुए देखा है लेकिन उसके बावजूद भी हिन्दुस्तान के किसी बेटे ने पंजाब पर शक नहीं किया था। पंजाब की आन बान शान पर दाग लगाने का प्रयास किसी ने नहीं किया था। इतने बुरे हाल आए थे उसके बाद भी पंजाब पर भरोसा पूरे हिन्दुस्तान ने हमेशा हमेशा रखा था। आज उसी पंजाब को कटघरे में खड़ा कर दिया जाए। पंजाब के स्वाभिमान के लिए, पंजाबियों के स्वाभिमान के लिए, पंजाब के नौजवानों के गौरव के लिए, पंजाब को बदनाम करने के लिए सजा करने के लिए ये चुनाव है। ... और इसलिए भाइयों और बहनों। आज जालंधर की इस धरती से मैं पूरे पंजाब से आह्वान करता हूं।

भाइयों और बहनों।

देश में दलों को भी देखा है, और आपने नेताओं को भी देखा है। ये कांग्रेस पार्टी... पता ही नहीं चलता है कि इसका रंग क्या है, रूप क्या है, राह क्या है, कुछ पता ही नहीं चलता है। ... पानी रे पानी तेरा रंग ऐसा ...। आप देखिए वो सत्ता के बिना ऐसे छटपटा रहे हैं, जैसे पानी के बिन मछली छटपटा रही हो। परेशान ... परेशान ... महसूस हो रहे हैं। घर में बैठे-बैठे तय कर लिए थे। दर्जी बुला लिए थे। कपड़ों की सिलाई करवा रहे थे कि शपथ लेना है। और पूरे पंजाब में ऐसा माहौल बना दिया था कि बस अब तो बादल साहब गए। लेकिन ये पंजाब की जनता है, उनकी समझदारी को कम मत आंकिए। पांच साल पहले आपने बादल साहब की सरकार बनाकर सबको चौंका दिया था। बादल साहब की तपस्या ऐसी है। बादल साहब का समर्पण ऐसा है कि फिर एक बार पंजाब बादल साहब को मुख्यमंत्री देखना चाहता है। और मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता ऐसे वरिष्ठ नेता बादल साहब के मार्गदर्शन में और नई ऊंचाइयों का संकल्प करेगा... । ये मेरा पूरा विश्वास है।

भाइयों और बहनों।

ये कांग्रेस पार्टी बड़ी कमाल की पार्टी है। वो बंगाल में चुनाव लड़ने गए। कैसे भी करके अपने आपको बचाना है। पार्टी बच जाए, इज्जत बच जाए। बंगाल में गए, कम्युनिस्ट पार्टी से समझौता कर लिया। जिस कम्युनिष्ट पार्टी के साथ कांग्रेस को 50 साल से लगातार राजनीतिक लड़ाई चलती रही लेकिन सत्ता भूख ऐसी थी कि वहां जाकर बैठ गए उनके साथ। उन्होंने जो टुकड़ा फेंका, ठीक है भई इतना ही सही, हमें बचा लो, हमें बचाओ। अभी उत्तर प्रदेश में आपने देखा होगा। उनकी पार्टी महीनों तक, गांव-गांव रथ लेकर के चलती रही, यात्रा निकाली। और समाजवादी पार्टी को जितना कोस सकते थे कोसा, समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ जितना बोल सकते थे बोला। भीड़ को उत्तेजित करने के लिए जिस भाषा का प्रयोग करना पड़े किया। लेकिन उन्होंने देखा कि जनता तो स्वीकार नहीं कर रही है। ये परिवार में फूट अलग पड़ गई है बीच में अगर घुस सकते हैं तो घुस जाऔ और उन्होंने उसमें मुंडी घुसा ली। कोई वसूल नहीं, कोई नियम नहीं।

भाइयों बहनों।

सिर्फ सत्ता के लिए कांग्रेस पार्टी खुद को बचाने के लिए आज चुनाव के अंदर, कैसे भी करके कुछ दे दो। इस हाल से गुजर रही है। जो नाव डूब चुकी है, जिस नाव में कुछ बचा नहीं है। क्या पंजाब के लोग ऐसी नाव में कदम रखने के लिए सोचेंगे भी क्या... ? क्या ऐसी डूबी नाव पंजाब को पार करा सकती है क्या... ?

 

और इसलिए भाइयों और बहनों।

ये कांग्रेस एक इतिहास है, कांग्रेस एक बीती हुई बात है। कांग्रेस आखिरी सांस पे गुजारा करने वाला दल है। उससे कुछ होने वाला नहीं है। राजनीतिक जीवन में उसूल होते हैं। ये बादल साहब जब पहली बार मुख्यमंत्री बने। तो हिन्दुस्तान में इस बात की चर्चा थी कि सबसे छोटी आयु के मुख्यमंत्री। उनके विषय में बार-बार कहा जाता था, सबसे छोटी आयु के मुख्यमंत्री। और तब से लेकर के अब तक तपस्या करते-करते सबसे वरिष्ठ मुख्यमंत्री ये भी हिन्दुस्तान में उनको कहा जाएगा। आप कल्पना कर सकते हैं। जब हिन्दू-सिख एकता में दरार पड़ गई थी। और उसको चौड़ी करने के लिए राजनीति चल रही थी। तब हिम्मत करके हिन्दू-सिख एकता ये मेरी प्राथमिकता है। उस मुद्दे को लेकर करके सार्वजनिक जीवन में जीने का प्रयास बादल साहब ने किया है। हिन्दु-सिख एकता ये उनका प्राथमिक उसूल रहा है। और आज पंजाब बचा है... , और आज पंजाब आगे बढ़ रहा है तो हिन्दू-सिख एकता के बादल साहब के प्रयासों का परिणाम है। ... ये पंजाब कभी भूल नहीं सकता है।

भाइयों और बहनों।

ढेर सारे लोग मिलेंगे। दल बदलना, ये उनका मानो हर चुनावी उत्सव होता है। जहां पर कुछ रौशनी नजर आए, भाग करके जाना। ऐसे बहुत दल और दलों के लोग को देखें हैं आपने। कांग्रेस पार्टी तो पूरी की पूरी बंगाल में कम्युनिस्ट पार्टी के पास भागो, उत्तर प्रदेश में सपा के पास भागो। और ये बादल साहब देखिए। न दल बदला और न दिल बदला। अपने आपको पंजाब को समर्पित कर दिया।

और इसलिए भाइयों और बहनों।

सार्वजनिक जीवन में ऐसी आशक्ति बहुत कम मिलता है जो बादल साहब ने दिखाई है। और मैं जब मुख्यमंत्री था तब भी, जब पंजाब में पार्टी के प्रभारी के रूप में बादल साहब की अंगुली पकड़कर चलता था। आज मैं प्रधानमंत्री बना हूं तब भी मेरी और बादल साहब की कोई मुलाकात ऐसी नहीं हुई है, कोई ऐसा अवसर नहीं आया है जिसमें किसानों के मुद्दों की मेरे से चर्चा न की हो। यानि उनके जेहन में, उनके दिमाग में किसान किसान किसान, गांव गरीब उसका विकास। ये बातें दिन रात उनके दिल में रहती है। और उसके लिए कुछ कर गुजरने के लिए इरादा रहता है।

भाइयों बहनों।

पंजाब, यहां के किसान को अगर पानी मिल जाए तो मिट्टी में से सोना पैदा करके दिखाने वाला मेरा किसान है यहां। और किसानों के विकास को लेकर के दिल्ली में जो सरकार बैठी है। अभी-अभी आपने देखा होगा। ये नोटबंदी के बाद हमने निर्णय किया। किसानों के कर्ज पर जो ब्याज है, सैकड़ों करोड़ रुपए का बोझ दिल्ली की एनडीए सरकार उठाएगी और किसानों का ब्याज माफ कर दिया जाएगा। हमने बीमा पॉलिसी लाई। आज हिन्दुस्तान का किसान पहली बार कृषि बीमा का लाभार्थी हुआ है। कोई भी संकट आ जाए ओले गिर जाए, बारिश आ जाए, बारिश ना आए, कीड़े पड़ जाए। अगर किसान की फसल को नुकसान होता है तो भारत सरकार ने ऐसी बीमा बनाई कि किसान को उसका मुआवजा मिल जाए। मेरे किसान को कोई तकलीफ न हो।

भाइयों बहनों।  

हमारे देश में यूरिया। हम सब जानते हैं, जब यूरिया की जरूरत होती है तो किसान को कालेबाजारी से लेना पड़ता था। यूरिया के लिए कतार लगानी पड़ती थी। और राज्य सरकार और भारत सरकार एक-दूसरे को आरोप-प्रत्यारोप करते रहते थे। दिल्ली में बैठे हुए लोग कहते थे हमने भेज दिया, राज्य वाले कहते थे कि मिला नहीं। यही झगड़े चल रहे थे।

 

भाइयो बहनों।

आज मैं बड़े संतोष के साथ कहता हूं कि पिछले दो साल से हिन्दुस्तान में यूरिया के लिए कहीं किसानों को कतार में खड़ा होने की जरूरत नहीं पड़ी। यूरिया के लिए लाठी चार्ज की नौबत नहीं आई। कालेबाजारी से खरीदने की नौबत नहीं आई। ये कैसे हुआ... । रातोंरात कारखाने नहीं लग गए। ...रातोंरात यूरिया का उत्पादन नहीं बढ़ा है। हमने चोरी को रोका है। भ्रष्टाचार को रोका है। बेईमानी को रोका है। और उसके कारण जो यूरिया कारखानों में चला जाता था। केमिकल फैक्टरियों में रॉ मैटेरियल के रूप में चला जाता था। हमने यूरिया का नीम कोटिंग कर दिया। और नीम कोटिंग करने के कारण अब एक ग्राम यूरिया भी खेती के सिवाय किसी के काम आ नहीं सकता है। और इसलिए यूरिया की चोरी बंद हो गई और किसानों को उसका लाभ हो गया। जब नीम कोटिंग यूरिया किया तो मैंने कमिटी बिठाई और कहा, जरा अध्ययन करो भाई कि क्या फायदा हुआ। मार्केट में तो फायदा हुआ, यूरिया उपलब्ध हुआ। भ्रष्टाचार खत्म हुआ। किसान को भी प्रति एकड़ यूरिया की जरूरत कम हो गई। प्रति एकड़ उसके उत्पादन में वृद्धि हो गई। किसान के तो दोनों हाथ में लड्डू आ गए। ये काम दिल्ली में बैठने के बाद दो साल के भीतर-भीतर करके हमनें दिखाया है।

भाइयों बहनों।

हमारी समस्याओं का समाधान विकास में है। अगर राजनीति करनी है तो विकास की करो। विनाश की राजनीति तो 70 साल तक देश ने देखी है। उस बर्बादी का फल आज देश की युवा पीढ़ी भुगत रही है। और इसलिए आप मुझे बताइए। ...एसवाईएल नहर। ...क्या पंजाब के किसान को पानी नहीं चाहिए। ...क्या पंजाब के किसान को पानी नहीं मिलना चाहिए। जो हिन्दुस्तान को पेट भरता है उस किसान की धरती मां को पानी से भरना नहीं चाहिए।

भाइयों और बहनों।

किसान को पानी मिलना चाहिए। और इसलिए हमने बहुत बड़ी हिम्मत से एक फैसला किया है। सिंधु नदी का पानी जिस पर हमारा हक है। जो पानी पाकिस्तान में चला जाता है, हिन्दुस्तान के हक का पानी हम लाएंगे और पंजाब की धरती को वो पानी देंगे।

भाइयों और बहनों।

हम उस प्रकार से काम करने वाले लोग हैं। जिसके दिल दिमाग में विकास भरा पड़ा है। हिन्दुस्तान की भावी पीढ़ी का भाग्य बदलने का फैसला ...।

भाइयों और बहनों।

अभी बादल साहब बता रहे हैं। जब सर्जिकल स्ट्राइक हुई। उसके कुछ दिन बाद मुझे लुधियाना आने का अवसर मिला। और मैं देख रहा था, पंजाब का हर परिवार अपने आपमें विजय का अहसास कर रहा था, गर्व कर रहा था। क्योंकि पंजाब वीरों की धरती है। और जब हिन्दुस्तान की सेना ने पराक्रम किया उसकी सबसे से ज्यादा खुशी कहीं अगर नजर आती थी तो पंजाब के हर परिवार में नजर आती थी। निवृत्त सैनानियों में नजर आती थी। पंजाब में कोई गांव ऐसा नहीं होगा जहां पर सेवानिवृत्त फौजी न रहते हों।  मगर मैं फौज के भाइयों से कहना चाहता हूं। क्या आप नहीं चाहते थे कि देश के दुश्मनों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाए। कब तक हमारे सेना के जवान मरते रहेंगे। कब तक हमारे सेना के जवानों को शहीद करते जाएंगे। तब जाकर के भारत की सेना भी पराक्रमी है। भारत की सेना किसी से कुछ लेना नहीं चाहती लेकिन अपने लिए, रक्षा करने के लिए सारे मार्ग उसको मंजूर होते हैं। और सफलतापूर्वक सर्जिकल स्ट्राइक की हमारे सेना के पराक्रमी जवानों ने।

भाइयों बहनों।

फौज के निवृत्त लोग, 40 साल से वन रैंक वन पैंशन, उसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे कि लड़ रहे थे। मांग कर रहे थे कि नहीं कर रहे थे। हर चुनाव में आकर के ये कांग्रेस के नेता झूठी बयानबाजी झूठे वादे करके गए थे कि नहीं गए थे। सेवानिवृत्त जवानों की मीटिंग करके बड़ी-बड़ी बातों बता करके गए कि नहीं गए थे।

भाइयों और बहनों।

ऐसी कैसी पार्टी जो देश के लिए मरने जीने वाले लोगों के सामने सच बोलने की हिम्मत नहीं रखती थी। आंख में आंख मिलाकरके बात नहीं कर पाती थी। झूठे वादे करती थी। और 40 साल तक वन रैंक वन पैंशन को लटकाए रखा। दिल्ली में हमारी सरकार आई। देश की सेना के लिए हमें गर्व है। फौजियों के लिए गर्व है। और इसलिए वन रैंक वन पेंशन का मसला सुलझा दिया। और जब वन रैंक वन पेंशन की बात करते थे। शुरू में लोग मुझे बताते थे साहब 500 करोड़ में हो जाएगा, कोई कहता साहब 1000 करोड़ में हो जाएगा, कोई कहता कि 1200 करोड़ रुपए में हो जाएगा, जब हम बराबर हिसाब लगाने बैठे तो मामला 10 हजार करोड़ से भी ज्यादा हो गया। अब एकमुश्त 10 हजार करोड़ रुपए निकालना किसी भी सरकार के लिए मुश्किल होगा। मैंने सेना के जवानों को बुलाया। फौजियों से बात की। मैंने कहा, भाई। मैंने वादा किया है। मुझे वादा पूरा करना है। आपकी मदद चाहिए। आखिर फौजी लोग है। देश के लिए अगर कुछ कहो, कभी झिझकते नहीं हैं। उन्होंने कहा, मोदी जी बताइए, हम क्या करें। हमने कहा कि भाई। ये वन रैंक वन पैंशन का जो पैसा है, वो देना है। लेकिन एक साथ नहीं दे पाउंगा। चार किश्त में दूंगा, चार टुकड़ों में दूंगा। इतनी आप मेरे लिए सहुलियत कर दीजिए। और मैं मेरे फौजियों को नमन करता हूं। उन्होंने एक मिनट में मेरी बात मान ली। 10 हजार करोड़ में से अब तक 6000 करोड़ रुपए दे चुके हैं और इस बजट के बाद आगे का भी दे दिया जाएगा।

भाइयों और बहनों।

सरकार में विश्वसनीयता होती है। सरकार वादों की पक्की होती है। और सरकार उस काम को करती है।

भाइयों और बहनों।

पंजाब को विकास की नई ऊंचाई पर आज भी हम ले जा सकते हैं।जो लोग रूकावट डालना चाहते हैं, रोड़े अटकना चाहते हैं। उनसे बचने की जरूरत है।

और इसलिए भाइयों और बहनों।

मैं आज पंजाब की धरती पर आया हूं। आप सबके बीच आया हूं। बजट का सत्र है। बजट की तैयारियां चल रही हैं। उसके कारण जितना समय दे पा रहा हूं। लेकिन समय निकालकर आपके पास आया हूं। परसों भी आने का प्रयास करने वाला हूं। लेकिन मुझे विश्वास है। मुझे विश्वास है कि पंजाब इस बार एक नया इतिहास करेगा। पहले कहा जाता था कि पंजाब की आदत ऐसी है कि हर चुनाव में सरकार बदलते रहना लेकिन पंजाब ने पिछली बार वो सारी मान्यताओं को तोड़कर रख दिया। अब पंजाब तीसरी बार सरकार बनाकर के, बादल साहब को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाकर के एक नया इतिहास अंकित करेगा, ये मेरा विश्वास है।

 

भाइयों बहनों।

कुछ लोग बहुत परेशान हैं। क्योंकि कुछ लोगों की 70 सत्तर साल की कमाई डूब रही है। लूट-लूटकर जो जमा किया, वह खतरे में पड़ गया। अभी तक वो पचा नहीं पा रहे हैं। मौके मिलते ही मुझ पर हमला बोलते हैं। लेकिन ये राजनेता समझ लें। राजनीतिक जीवन में भी भ्रष्टाचार को खत्म करने का बीड़ा मैंने उठाया है। ये भ्रष्टाचार देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करता है। ये भ्रष्टाचार गरीबों के हक को छीन लेता है। ये भ्रष्टाचार मध्यम वर्गीय व्यक्ति को अपने जीवन जीने के लिए जितनी सामान्य आवश्यकता है, उसे भी रोक देता है।

भाइयों बहनों।

ये काला धन, भ्रष्टाचार इसकी लड़ाई रूकने वाली नहीं है। मैं ये बताकर रखता हूं जी। मेरे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं है। मेरे लिए हिन्दुस्तान के भविष्य को निर्माण करने का एक प्रण लेकर निकला हूं, और इसलिए इस काम को कर रहा हूं। हर दिन खबर आती है, इतने पकड़े गए। एक जमाना था, जरा 2014 के अखबार निकाल दीजिए। यूपीए की सरकार थी। 2012, 2013, 2014 मई तक के अखबार को निकाल लीजिए। अखबार की हेडलाइन क्या रहती थी कि इतना गया। कोयले में कितना गया, टूजी में कितना गया, लाखों गए कि करोड़ों गए कि अरबों गए। नोटबंदी के बाद खबर आती है, कितना आया। पहले खबर आती थी कितना गया। हर दिन खबर आती थी। अभी तो कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के मंत्री, मंत्री के घर में से 150 करोड़ से ज्यादा नई नोटें पकड़ी गई।

लेकिन भाइयों बहनों।

ना कांग्रेस उनको मंत्री पद से हटाने की सोच रही है और न टीवी मीडिया में कोई चर्चा हो रही है। 150 करोड़ से ज्यादा रकम, कांग्रेस के कर्नाटक के मंत्री के घर से मिल जाए। और सबकुछ जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। आप मुझे बताइए। लूटने वालों की ताकत कितनी ज्यादा है, इसका अंदाज आ सकता है। उनके रूट कितने गहरे हैं। इसका अंदाज आता है।

और इसलिए भाइयों बहनों।

आप मुझे बताइए। ये लड़ाई कितनी कठिन है। आप मुझे बताइए, ऐसी कठिन लड़ाई आपकी मदद के बिना लड़ सकता हूं...। आपके मदद के बिना लड़ सकता हूं...। आपके मदद के बिना बेईमानों को ठीक नहीं कर सकूंगा।  

इसलिए मेरे भाइयों बहनों।

मुझे आपका साथ चाहिए। मुझे आपका सहयोग चाहिए। इस देश से भ्रष्टाचार को मिटाने करने के लिए आपका सहयोग चाहिए। एक ऐसी सरकार आई है दिल्ली में, जो दम रखती है ऐसी बड़ी-बड़ी ताकतों से लड़ने का दम रखती है। पिछले तीन महीने में क्या-क्या जुल्म हुए हैं मुझ पर। इसलिए मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहा हूं। ये जुल्म करने वाले समझ लें। ये मोदी है जुल्म के सामने झुकता नहीं है। मैं लड़ाई लड़ रहा हूं। देश की ईमानदारी की लड़ाई लड़ रहा हूं। ये गरीबों के हक की लड़ाई लड़ रहा हूं। बेईमानी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा हूं। आप मुझे बताइए। किसी भी बच्चे को नौकरी चाहिए सरकार की तो इंटरव्यू होता था। अब मुझे बताइए ...। एक मिनट के इंटरव्यू में क्या पता चल जाता है ये कौन है, कैसा है और उनको रख लो।

भाइयों बहनों।

ये इंटरव्यू सिर्फ परिचित लोगों को नौकरी दिलाने का, भ्रष्टाचार कराने का खेल था। जान पहचान है, पैसे हैं तो इंटरव्यू पास कर जाओगे, नहीं तो चक्कर काटते रह जाओगे।

भाइयों और बहनों।

दिल्ली में एक ऐसी सरकार आई। हमने आकर के तय कर दिया कि वर्ग 3 और 4 जिसमें सबसे ज्यादा नौकरियां होती है। कोई इंटरव्यू नहीं करेंगे। तुमने पढ़ाई की है, अच्छे मार्क्स होंगे तो नौकरी मिल जाएंगे। गरीब विधवा मां का बेटा घर बैठे नौकरी प्राप्त करने लग गया है।

भाइयों बहनों।

आपको मालूम है हमारे देश में गैस का कनेक्शन, गैस का सिलेंडर लेना हो, सब्सिडी लेना हो तो भी किसी एमपी की जरूरत होती थी। एक जमाना था एमपी को 25 कूपन मिलती थी। अपने कार्यक्षेत्र में 25 परिवारों को गैस का सिलेंडर के कनेक्शन देने के लिए सिफारिश करने की, 25 कूपन। और एमपी साहब के घर में बड़े-बड़े लोग कतार में खड़े जाते थे ..बेटा बड़ा हो गया है, अलग रहने लग गया है। उसको अगर एक गैस कनेक्शन मिल जाए तो अच्छा रहेगा और एमपी साहब कहते थे कि अभी नहीं अगले महीने आना। ये हाल था। और अखबारों में कभी-कभी आता था कि गैस सिलेंडरों के कूपने ब्लैक में बेची जाती है।

भाइयों बहनों।

2014 का चुनाव याद करिए। 2014 के लोकसभा का चुनाव याद कीजिए। हिन्दुस्तान की कांग्रेस पार्टी किस मुद्दे पर चुनाव लड़ रही थी। हिन्दुस्तान की कांग्रेस पार्टी ने बड़ा अधिवेशन किया और घोषणा की कि 9 सिलेंडर नहीं हम सालभर में 12 सिलेंडर देंगे। सिलेंडर 9 मिले कि 12 मिले। इसके आधार पर दिल्ली में सरकार बनाने का कांग्रेस ने वादा किया। ये हाल है कांग्रेस का। हम आए। हमने सारा देखा, हमने कहा, ये क्या हो रहा है भाई। काहे का भ्रष्टाचार हो रहा है। मैंने जनता जनार्दन से आग्रह किया कि अगर आपके पास आर्थिक रूप से तकलीफ नहीं है तो आप अपनी सब्सिडी छोड़ दीजिए।

भाइयों बहनों।

मैं मेरे देशवासियों के सामने सर झुकाता हूं। सवा करोड़ लोगों ने, सवा करोड़ लोगों ने सामने से गैस की सब्सिडी छोड़ दी। और मैंने वो सब्सिडी उन गरीब माताओं को दी जो घर में लकड़ी का चूल्हा जलाते थे। उन्हें गैस का कनेक्शन दे दिया। वो लोग 9 सिलेंडर कि 12 सिलेंडर इसी का खेल खेल रहे थे। जबकि ये सरकार तीन साल में पांच करोड़ गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन देने का काम कर रही है।

अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन दे चुके हैं। और  आने वाले तीन साल के भीतर-भीतर पांच करोड़ परिवारों में गैस कनेक्शन देने का काम पूरा कर देंगे।

इसलिए भाइयो बहनों।

मेरी माताओं-बहनों से मैं कहना चाहता हूं। गरीब मां जब लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती है। एक दिन में उस गरीब मां के शरीर में 400 सिगरेट का धुआं जाता है 400 सिगरेट का धुआं। आप मुझे बताइए। क्या गुनाह है उस गरीब मां का। बच्चों का पेट भरने के लिए लकड़ी का चूल्हा जलाना पड़ रहा है। और खुद को हर दिन 400 सिगरेट जितना धुआं अपने शरीर में लेना पड़ता है। क्या ये मां तंदुरुस्त रह सकती है। क्या वो मां तंदुरुस्त बच्चों को जन्म दे सकती है।

भाइयों बहनों।

इन गरीब माताओं की मदद कौन करेगा। इसलिए हमारी सरकार ने निर्णय किया। हम इन गरीब परिवारों को ढूंढ करके 5 करोड़ परिवारों को गैस का सिलेंडर देकर के लकड़ी के चूल्हे से मुक्ति दिलाएंगे। हर दिन के 400 सिगरेट के धुएं से उसे मुक्ति दिलाने के लिए ये गरीबों की सरकार है। आजादी के 70 साल हो गए।

भाइयों बहनों।

क्या मेरे गरीब को रहने के लिए घर होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए... । क्या मेरे गरीब को अपना घर होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए... ।

भाइयों बहनों।

मैंने एक सपना संजोया है। 2022 जब हिन्दुस्तान की आजादी के 75 साल होंगे। हिन्दुस्तान के हर गरीब को अपना मकान हो, उस काम को पूरा करने के लिए मैं आपकी मदद चाहता हूं। मैं आपकी मदद चाहता हूं इन कामों के लिए। मैं आपकी मदद चाहता हूं विकास करने के लिए। मैं आपकी मदद चाहता हूं नौजवानों का भाग्य बदलने के लिए। मैं आपकी मदद चाहता हूं माताओं और बहनों के सम्मान के लिए। मैं आपकी मदद चाहता हूं हमारे पंजाब के किसान को और खुशहाल करने के लिए। और मुझे विश्वास है कि आप भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल का गठबंधन कमल निशान और तिगड़ी निशान। इसका भरपूर समर्थन करके, भारी मतदान करके, गुमराह करने वालों से पंजाब को बचा करके, बादल साहब के नेतृत्व में एक बार फिर पंजाब में सरकार बनाएंगे। इसी एक अपेक्षा के साथ मेरे साथ बोलिए। भारत माता की जय। पूरी ताकत से बोलिए। भारत माता की जय। भारत माता की जय। धन्यवाद।

Explore More
প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা

Popular Speeches

প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা
Indian Railways creates history with first live heart transport on Vande Bharat Express

Media Coverage

Indian Railways creates history with first live heart transport on Vande Bharat Express
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Andhra Pradesh has the potential to become the growth engine of a developed India: PM Modi
August 01, 2026
Today's projects across aviation, clean energy, semiconductors and connectivity will contribute to the development of Andhra Pradesh: PM
On the very land where Alluri Sitarama Raju ji dedicated his life to the welfare of tribal communities, a new airport for Andhra Pradesh is being inaugurated today: PM
This airport serves as the runway for the growth of Andhra and North Andhra and as a launchpad for a brighter future for the youth of Andhra: PM
The foundation stone laying ceremony for the new semiconductor plant in Visakhapatnam marks a significant step towards harnessing the potential of Andhra Pradesh's talented youth through futuristic technology industries: PM
Today, the nation is consistently bolstering its blue economy, with a vision to develop this entire region as a Coastal Economic Corridor by modernizing ports from Visakhapatnam to Krishnapatnam and constructing new ports in Mulapeta and Ramayapatnam: PM

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

आंध्र प्रदेश के गवर्नर अब्दुल नज़ीर जी, गोवा के गवर्नर और इस धरती के संतान अशोक गजपति राजू जी, सीएम, मेरे मित्र चंद्रबाबू नायडू जी, डिप्टी सीएम भाई पवन कल्याण जी, मंत्रिमंडल में मेरे साथी युवा ऊर्जा से भरे हुए भाई राममोहन नायडू जी, चंद्रशेखर पेम्मसानी जी, भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा जी, राज्य सरकार के मंत्री भाई नारा लोकेश जी, उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधिगण, देवियों और सज्जनों।

अंदरिकी नमस्कारम्!

साथियों,

आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए, स्वर्ण आंध्र के विजन के लिए ये बहुत अहम है। मुझे आज बहुत शुभ अवसर पर, एक शुभ मास में उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है। मैं सबसे पहले भगवान श्री वराह लक्ष्मी नरसिंह स्वामी के चरणों में प्रणाम करता हूं। मैं श्री-कूर्मनाथ स्वामी और मां पैडितल्ली अम्मवारु को नमन करता हूं।

साथियों,

आज यहां करीब Eighteen Thousand Crore Rupees की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। एयरपोर्ट के साथ साथ ये प्रोजेक्ट्स आंध्र की रोड कनेक्टिविटी से भी जुड़े हैं। इनमें एनर्जी सिक्योरिटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स भी हैं। ये विकास कार्य इस बात के प्रतीक हैं कि इस समय आंध्र किस स्पीड से आगे बढ़ रहा है। मैं आप सभी को इन प्रोजेक्ट्स की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

आज का ये आयोजन नया इतिहास, नए record, इसे रचने का भी है। आज एक ओर विकास के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, तो साथ ही धीमसा डांस का सांस्कृतिक record भी रचा गया है, और ये चंद्रबाबू की विशेषता है कि उन्होंने दो क्षितिजों को छुआ है। एक तरफ ऊंची आसमान को छूने वाली व्यवस्था एयरपोर्ट का निर्माण और दूसरी तरफ मेरे यहां के आदिवासी बहनों के द्वारा धीमसा नृत्य का विश्व रिकॉर्ड बनाना, मैं चंद्रबाबू के इस विजन को विशेषरूप से सराहना करता हूं।

Thirteen Thousand से ज्यादा आदिवासी बहनों और बेटियों की प्रस्तुति, उनका उत्साह, उनका अनुशासन और आदिवासी संस्कृति का गौरव, ये दृश्य वाकई अद्भुत था। इसमें देश की विविधता की झलक भी थी और पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखी गई जनजातीय विरासत भी थी। मैं इस प्रस्तुति के लिए आप सभी का और विशेष रूप से मेरी आदिवासी बहनों और बेटियों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

साथियों,

ये धरती अल्लूरी सीताराम राजू की धरती है। अल्लूरी सीताराम राजू जी ने जिस धरती पर आदिवासी हितों के लिए अपना जीवन समर्पित किया, आज उसी धरती पर आंध्र प्रदेश के एक नए एयरपोर्ट की शुरुआत हो रही है। ये एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रन-वे है। ये आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लॉंन्च पैड है। मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को, देश के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे, हमने इस परंपरा को बदला, हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा, हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा।

और साथियों,

केंद्र की एनडीए सरकार ने ये निर्णय़ किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा। आंध्र प्रदेश का जो भी नागरिक, इस एयरपोर्ट से यात्रा करेगा, देश और दुनिया का जो भी नागरिक इस एयरपोर्ट से यात्रा करेगा, उसे अल्लूरी सीताराम राजू जी के नाम से जनसेवा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।

साथियों,

बीते twelve years में देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की है। 2014 तक देश में केवल Seventy Four एयरपोर्ट ऑपरेशनल थे। आज ये संख्या One Hundred Sixty Six है। एक समय था जब हवाई उड़ानें सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित थीं। NDA सरकार में आज छोटे शहरे के साधारण लोग भी फ्लाइट्स से आ-जा रहे हैं। Twelve years में सिर्फ एयरपोर्ट की संख्या ही नहीं बढ़ी है, हमारी उड़ान योजना के काऱण आज गरीब परिवार के लोगों को भी जहाज में बैठने का अवसर मिल रहा है। इस योजना ने गरीब से गरीब को अपना सपना पूरा करने में मदद की है। कुछ दिन पहले ही सरकार ने उड़ान योजना के दूसरे फेज की शुरुआत की है। इस पर भी Twenty Nine Thousand करोड़ रुपीज खर्च किए जाएंगे।

साथियों,

एविएशन सेक्टर में देश ने एक और बड़ा माइलस्टोन हासिल किया है। कुछ ही दिन पहले काशी में जिस स्पोक एयरपोर्ट मॉडल का शुभारंभ हुआ, आज वही मॉडल पंजाब के अमृतसर तक पहुँच गया है। इससे अमृतसर से Twenty Five से ज्यादा इंटरनेशनल डेस्टिनेशन जुड़ जाएंगे। मैं इस उपलब्धि के लिए आंध्र की इस धरती से पंजाब के लोगों को भी बधाई देता हूँ।

साथियों,

हमारे आंध्र प्रदेश के पास हमेशा से विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनने का सामर्थ्य रहा है। आंध्र प्रदेश के विकास के लिए हमारे प्रयास डबल इंजन की स्पीड से आगे बढ़ें, इसके लिए मैंने आंध्र के लोगों से डबल इंजन सरकार का आशीर्वाद मांगा था और आज चंद्रबाबू नायडू जी के नेतृत्व में, पवन कल्याण जी के नेतृत्व में NDA की पूरी टीम आंध्र प्रदेश के लिए डबल स्पीड से काम कर रही है।

साथियों,

आज देश ब्लू इकोनॉमी को लगातार मजबूत कर रहा है। हमारा विज़न है कि ये पूरा क्षेत्र कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित हो, इसी लक्ष्य के साथ विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक हमारे पुराने पोर्ट्स को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा मुलापेटा और रामायापट्टनम में हम नए पोर्ट्स भी बना रहे हैं।

साथियों,

पोर्ट डेवलपमेंट के साथ-साथ पूरे आंध्र में हाइवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क तैयार हो रहा है। विशाखापट्टनम-रायपुर एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट इस पूरे क्षेत्र को रफ्तार दे रहे हैं।

साथियों,

ये पूरा रीजन देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों से आसानी से जुड़े इसके लिए आज आंध्र प्रदेश में करीब one lakh crore रुपीज की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। राज्य के पूरे रेल नेटवर्क का electrification हो चुका है। यहां Seventy से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है।

साथियों,

आज इस क्षेत्र के विकास में पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। पीएम गति शक्ति के माध्यम से इस पूरे क्षेत्र में रेल, पोर्ट और एयरपोर्ट को एक साथ जोड़ा जा रहा है। जब यहां ये आधुनिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क तैयार हो जाएगा, तो उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, किसानों को फायदा होगा और Ease of Doing Business भी बढ़ेगा।

साथियों,

आंध्र प्रदेश हमेशा भविष्य की सोच रखने वाला प्रदेश रहा है। सॉफ्टवेयर, IT और टेक सेक्टर में आंध्र के युवाओं ने पूरी दुनिया में अपना डंका बजाया है। और इसीलिए, सरकार यहां के टैलेंट को, आंध्र प्रदेश की डेवलपमेंट पावर से जोड़ना चाहती है। हमारे टैलेंटेड युवाओं की प्रतिभा का लाभ आंध्र प्रदेश और देश को ज्यादा से ज्यादा मिले, ये बहुत आवश्यक है। इसके लिए हमारा फोकस अब सेमीकंडक्टर जैसी futuristic टेक इंडस्ट्री पर है। विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास, इसी दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। चंद्रबाबू के नेतृत्व में हमारा आंध्र अब सॉफ्टवेयर के साथ-साथ manufacturing का भी हब बनेगा। इससे आंध्र में futuristic jobs तैयार होगी, टेक इंडस्ट्रीज़ के लिए नया वातावरण तैयार होगा।

साथियों,

वर्ल्ड इकोनॉमी में कहीं भी, किसी भी ग्रोथ सेंटर का निर्माण सिर्फ एक फैक्ट्री से नहीं हो सकता, उसके लिए एक पूरे इकोसिस्टम की जरूरत होती है। आज आंध्र प्रदेश में हम ग्रोथ का वही इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू जी व्यक्तिगत स्तर पर दिन-रात मेहनत करते हैं। इसी का परिणाम है, आज दुनिया की कई बड़ी-बड़ी कंपनियां यहाँ निवेश करने के लिए आना चाहती हैं।

साथियों,

यहां सेमीकंडक्टर के साथ-साथ AI इन्फ्रा और डेटा सेंटर पर भी काम हो रहा है। Google ने भी यहां Fifteen Billion Dollars के AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर कैंपस की घोषणा की है। और भी कई ग्लोबल कंपनीज यहां नई संभावनाएं देख रही हैं। इसका बहुत बड़ा फायदा आंध्र प्रदेश के साथ-साथ देश के Youth को हो रहा है।

साथियों,

आंध्र की इंडस्ट्रियल ग्रोथ स्टोरी केवल डिजिटल टेक तक ही सीमित नहीं है। नक्कापल्ली में केंद्र सरकार बड़े फार्मा पार्क के लिए भी सहयोग दे रही है। इससे आंध्र प्रदेश, देश के एक बड़े फार्मा हब के रूप में भी विकसित होगा। ग्रीन एनर्जी की फील्ड में भी अकेले रायलसीमा क्षेत्र में Five Lakh Crore Rupees से ज्यादा का इनवेस्टमेंट हुआ है। मैं आज आंध्र प्रदेश के आप सभी लोगों को फिर विश्वास दिलाता हूं, हमारी सरकार ऐसी हर संभावनाओं को साकार करने के लिए दिन-रात, ये डबल इंजन सरकार काम करती रहेगी।

साथियों,

आज आंध्र प्रदेश में हर सेक्टर में किस स्पीड से काम हो रहा है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि पिछली 3 यात्राओं में ही मैंने Two Lakh Crore Rupees के प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ यहाँ किया है। मुझे खुशी है कि आंध्र की इस विकास यात्रा में ‘उत्तर आंध्र’ भी सशक्त हो रहा है। हम Visakhapatnam Economic Region, V.E.R को देश के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है, V.E.R एशिया का प्रमुख economic hub बने। ये एयरपोर्ट से लेकर सेमीकंडक्टर यूनिट तक इसी मिशन का हिस्सा है।

साथियों,

हमारी सरकार का मंत्र है- Investment से Employment, इसलिए सरकार ने अपनी तरफ से भी Investment बढ़ाया है और हम प्राइवेट सेक्टर को भी Investment के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आप भी जानते हैं, जब Investment बढ़ता है, तो मैन्युफैक्चरिंग बढ़ती है, मैन्युफैक्चरिंग बढ़ती है, तो एक्सपोर्ट बढ़ता है, एक्सपोर्ट बढ़ता है, तो रोजगार के नए अवसर बनते हैं और रोजगार बढ़ता है, तो लोगों की आमदनी बढ़ती है, परिवारों की ज़िंदगी बेहतर होती है और आंध्र प्रदेश में हम यही होते देख रहे हैं।

साथियों,

मुझे पूरा विश्वास है, आज यहां जितने भी प्रोजेक्ट्स की शुरुआत हुई हैं, जिनकी नींव रखी गई हैं, वो सारे प्रोजेक्ट्स स्वर्ण आंध्रा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में बहुत बड़ा योगदान देंगे। चंद्रबाबू जी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए एक बहुत बड़ा ऊर्जा स्रोत बन रहा है। मैं एक बार फिर इन सभी परियोजनाओं के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूँ।

बहुत-बहुत धन्यवाद!

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

बहुत-बहुत धन्यवाद!