Modi isn't here for leisure, his ambitions are vast: PM Modi in Balaghat

Published By : Admin | April 9, 2024 | 22:51 IST
Modi isn't here for leisure; his ambitions are vast: PM Modi at Balaghat rally
When BJP nominated the first female tribal President, Congress vehemently opposed her, disregarding tribal heritage: PM Modi
We aim to grant Waraseoni handloom sarees of Balaghat the prestigious 'GI tag': PM Modi in Balaghat
The land of Balaghat is a witness to the might of India's women power: PM Modi at Balaghat meeting

जय श्री कोटेश्वर महादेव!

जय मां कालीपाठ! 

जय मां गढ़कालिका!!

आज देश के विभिन्न हिस्सों में नव वर्ष मनाया जाता है। आज से नवरात्रि का भी आरंभ हुआ है। मैं आप सभी को नव वर्ष की और  नवरात्रि की अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं।

बालाघाट की धरती भारत की नारीशक्ति के पराक्रम की साक्षी है। मैं वीरांगना रानी दुर्गावती और रानी अवन्तीबाई की इस धरती को प्रणाम करता हूँ। आज जनता-जनार्दन का ये सैलाब, ये जनसैलाब, ऐसा लग रहा है, जैसे केसरिया सागर नजर आ रहा है। और इतनी बड़ी तादाद में माताओं-बहनों का स्नेह, उनके आशीर्वाद ये साफ-साफ दिखा रहा है कि 4 जून को मध्य प्रदेश में क्या परिणाम आने वाले हैं। 4-5 महीने पहले विधानसभा चुनाव में ही यहां आप सब लोगों ने मिलकर के कांग्रेस पूरी तरह साफ कर दिया। अब लोकसभा चुनाव में तो कांग्रेस के लोग, भाजपा से नहीं लड़ रहे हैं, एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। इसलिए एमपी के कोने-कोने से आवाज आ रही है- फिर एक बार, मोदी सरकार! फिर एक बार, मोदी सरकार! फिर एक बार, मोदी सरकार!

साथियों,

2024 का लोकसभा चुनाव 21वीं सदी के भारत का बहुत अहम चुनाव है। ये सिर्फ चुनाव नहीं है, कौन एमपी बने, कौन नहीं बने, इतने भर का ये चुनाव नहीं है। नए भारत के निर्माण का मिशन है। ये विकसित भारत, विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला चुनाव है। जब जी-20 में दुनिया के बड़े-बड़े फैसले, असंभव लगने वाले फैसले भारत में लिए जाते हैं, तो हर देशवासी को लगता है उसकी ताकत बढ़ गई है। जब अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक भारत का डंका बजता है, तो हर देशवासी को लगता है कि उसका अपना सम्मान बढ़ा है। कभी कांग्रेस सरकार अपनी शिकायतें लेकर दूसरे देशों के पास जाती रहती थी। लेकिन, आज वक्त बदल चुका है। दुनिया के बड़े-बड़े देश, आपस में युद्ध कर रहे देश, भारत से अपने मुद्दों पर बात करने के लिए आते हैं। अपने देश का ये रुतबा देखकर हर हिंदुस्तानी का हौसला बुलंद हो जाता है। ये चुनाव देश के इसी बदलाव को नई बुलंदी देने का चुनाव है।

साथियों,

आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस बहुत ही पुरानी सोच पर चली। एक तो उनके मन में आजादी के आंदोलन का अहंकार भरा पड़ा था और सामान्य मानवी ने जो आजादी के आंदोलन में त्याग किया, तपस्या की, बलिदान किया, उसको उन्होंने सत्ता में आते ही नकार दिया। और एक छोटी सी कोटरी, छोटे सा परिवार का कुनबा हावी हो गया। और उसी की सोच देश को पिछड़ेपन की तरफ धकेलती गई। कांग्रेस सोचती थी कि हम तो गरीब देश हैं और गरीब देश को आधुनिक सड़कों की, आधुनिक रेल की, नए एयरपोर्ट की क्या जरूरत है। कांग्रेस के बड़े नेता जिन दो-तीन बड़े शहरों में रहते थे, वहां अपने लिए ये सुविधाएं जुटाकर, ये लोग देश के दूसरे शहरों को भूल जाते थे। सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही बीजेपी सरकार, देश के हर शहर को, देश के हर गांव को प्राथमिकता दे रही है।

हमारी सरकार देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर लाखों करोड़ रुपए खर्च कर रही है। आधुनिक सुविधाओं पर इतना पैसा देश की किसी सरकार ने आजतक खर्च नहीं किया है। आज चाहे यहाँ सिवनी-नागपुर के बीच फोरलेन हाईवे हो, गोंदिया-बालाघाट-सिवनी हाइवे हो, नर्मदा प्रगतिपथ- विंध्य प्रगतिपथ हो, आधुनिक वंदे भारत ट्रेन हों, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 80 स्टेशनों का विकास हो, बीजेपी सरकार, एमपी का कायाकल्प कर रही है। बालाघाट से गोंडिया वाली जिस ब्रॉडगेज रेलवे लाइन की नींव करीब तीस साल पहले रखी गई थी, उसे भी ये मोदी ने आकर के पूरा किया है। बालाघाट की वारासिवनी हैंडलूम साड़ियों को 'जीआई टैग' मिले, बनारसी साड़ियों की तरह उनकी भी धूम मचे, बीजेपी सरकार इसके लिए भी काम कर रही है। यही विकसित मध्यप्रदेश से विकसित भारत की मोदी की गारंटी है। ये बदलाव केवल 10 वर्षों की मेहनत का परिणाम है। इतना सारा हुआ है, लेकिन मोदी का तो यही कहना है कि ये तो अभी ट्रेलर है। अभी तो बहुत कुछ करना है, देश को बहुत आगे लेकर जाना है। 

भाइयो-बहनों,

आप मेरी जिंदगी को जानते हैं। बहुत बारीकी से आपने मुझे बराबर देखा है, तराशा है। और आपने देखा है कि मोदी मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ है। मोदी मेहनत करता है, क्योंकि उसके लक्ष्य बहुत बड़े हैं। देश के लिए हैं। आपके लिए हैं। आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हैं और ये मेहनत इसलिए कर रहा है। जब इतना सारा काम हुआ तो लोग कहते हैं मोदी जी आप इसको ट्रैलर क्यों कहते हैं। इतना सारा कर लिया। अब मैं गांव की भाषा में अगर समझाना है तो मैं ये ही कहता हूं कि आपने देखा होगा कि गांव में दीवाली के दिनों में बड़ा रॉकेट छोड़ना है, बहुत ऊंचे जाने वाला रॉकेट छोड़ना है तो बच्चे क्या करते हैं। पहले वो फुलझड़ी, फुलझड़ी होती हैं न उसको जलाते हैं। फिर दूर से फुलझड़ी से उस रॉकेट को अग्नि देते हैं। और फिर रॉकेट उड़ता है। होता है ना ऐसा । ऐसा होता है ना। अब फुलझड़ी को देखकर भी लगता तो है वाह-वाह बहुत बढ़िया पटाखे फूट रहे हैं। लेकिन उसका लक्ष्य तो ऱॉकेट को ऊपर ले जाना होता है। वैसे ही मोदी ने अब तक जो काम किया है ना वो तो फुलझड़ी है, फुलझड़ी। अभी तो विकास का रॉकेट और ऊंचे ले जाना है। भारत के पूरे सामर्थ्य से असली दीवाली मननी ये तो अभी बाकी है। और इसके लिए ही मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं।

साथियों,

आज भाजपा सरकार वंचितों को वरीयता देते हुए काम कर रही है। भाजपा ने समाज के उस दलित-पिछड़ा-आदिवासी वर्ग को सम्मान दिया है, जिसे पिछली सरकारों ने पहचान से भी वंचित रखा था। आज बीजेपी सरकार एमपी में साढ़े पांच करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन दे रहा है। ये राशन पाने वाले बहुत बड़ी संख्या में इसी वंचित समाज से आते हैं। एमपी के 44 लाख गरीब और वंचित लोगों को तब तक पक्का घर नहीं मिला, जब तक मोदी ने संकल्प नहीं लिया। 

एक समय था जब मध्य प्रदेश में केवल 10 प्रतिशत घरों में पाइप से पानी पहुंचता था। अधिकांश आदिवासी इलाकों में पानी की सप्लाई की सुविधा तक नहीं थी। हमने इतने कम समय में एमपी के करीब 70 लाख घरों में नल से जल की सुविधा पहुंचा दी है। आज एमपी के 80 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। यहाँ का किसान जो चिन्नोर चावल उगाता है, और जो मुझे भेंट भी दिया गया, उसे अब पूरे देश में पहचान मिली है। यही नहीं, काँग्रेस ने हमारे आदिवासी भाई-बहनों को जड़-जंगल-जमीन के अधिकारों से भी वंचित रखा था। आज एक करोड़ से ज्यादा जनजातीय समाज के लोग पेसा कानून का लाभ ले रहे हैं। लाखों आदिवासी भाइयों-बहनों को वन-अधिकार का पट्टा भी भाजपा सरकार ने ही दिया है। मध्यप्रदेश में हमारे युवा साथी मोहन यादव जी और उनकी सरकार गरीब और आदिवासी समाज के कल्याण के लिए दिन-रात काम कर रही है।

लेकिन साथियों, 

दूसरी ओर काँग्रेस है, जो अभी भी अपनी पुरानी मानसिकता में जकड़ी हुई है। भाजपा जब देश में पहली महिला, आदिवासी महिला आदिवासी राष्ट्रपति के लिए आगे बढ़ी, तब काँग्रेस ने उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। काँग्रेस ने कभी आदिवासी विरासत का सम्मान भी नहीं किया। काँग्रेस ने तो गोविंद गुरु जैसे क्रांतिकारियों को स्वतन्त्रता सेनानी का दर्जा तक नहीं दिया था। काँग्रेस आज़ादी का श्रेय किसी आदिवासी को नहीं अपने शाही परिवार को देना चाहती है। ये हमारी सरकार है जिसने गोविंद गुरु को स्वतन्त्रता सेनानी का दर्जा दिया। ये हमारी सरकार ने टंट्या मामा को सम्मान दिया। ये हमारी ही सरकार ने पहली बार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जन-जातीय गौरव दिवस की शुरुआत की। आप मुझे बताइये, इस काँग्रेस को क्या एक भी सीट पर मौका मिलना चाहिए क्या ? एक पर भी मिलना चाहिए क्या पूरी तरह क्लीन करना चाहिए कि नहीं करना चाहिए।

साथियों,

काँग्रेस ने अब आजकल एक इंडी अलायंस बनाकर देश के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। ये लोग, आपस में एक दूसरे से झगड़ते हैं लेकिन कहते हैं कि मोदी को रोकने के लिए साथ आए हैं। लेकिन, असल में इन्हें मोदी को नहीं रोकना है। इंडी गठबंधन वालों को मोदी को रोकना नहीं है, देश के विकास को रोकना है। इसलिए ये लोग मोदी को गालियां दे रहे हैं, मोदी को धमकियां दे रहे हैं। मैं अपना सब कुछ छोड़कर देशसेवा के मिशन पर चला हूँ। मोदी के लिए, मेरा भारत ही मेरा परिवार है। जो लोग अपनी तिजोरियाँ भरने राजनीति में आए हैं, वो मोदी को धमकी न दें। मोदी तो अपनी कमाई भी देश के काम लगा देने की आदत रखता है। मैं एमपी की धरती से बताना चाहता हूँ, मोदी भक्त है- महाकाल का!  मोदी झुकता है तो या तो जनता जनार्दन के सामने, या महाकाल के सामने! मैंने महाकाल से देशसेवा के लिए गालियां और अपमान को बर्दाश्त करना सीखा है। और मैंने देश विरोधी ताकतों को अंजाम तक पहुंचाना भी सीखा है। मोदी इनकी गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं है।

साथियों,

ये इंडी गठबंधन मुझसे कितना चिढ़े हुए हैं, ये पूरा देश देख रहा है। मोदी देश की सुरक्षा की गारंटी देता है, तो ये लोग मोदी को गाली देते हैं। मोदी कश्मीर से 370 को हटाने की गारंटी पूरी करता है, तो ये लोग पाकिस्तान की भाषा बोलने लग जाते हैं। मोदी गरीब कल्याण की गारंटी देता है, माताओं बहनों के लिए इज्जतघर बनाने की बात करता है, तो ये लोग मोदी का मज़ाक उड़ाते हैं। बालाघाट की ये धरती, रामपायली की ये भूमि, जो भगवान राम के वनगमन से जुड़ी है, उन्हीं रामलला की जब प्राण-प्रतिष्ठा होती है, तो ये लोग मोदी को गाली देते हैं। और, केवल मोदी को गाली दें तो समझ आता है। इंडी अलायंस के लोग सनातन धर्म को नष्ट करने की सौगंध खाकर इस चुनाव में उतरे हैं। 

भाइयो और बहनों,

मुझसे इनकी एक और बड़ी दुश्मनी है। बीजेपी सरकार आज भ्रष्टाचार के एक-एक रास्ते को बंद कर रही है। बीजेपी सरकार गरीबों के हक का पैसा सीधे गरीबों के खाते में भेज रही है। जिन्होंने देश का पैसा लूटा है, अब उनके ऊपर कानून का शिकंजा भी कसा जा रहा है। परिवारवादी पार्टियों के नेताओं के पास से खुलेआम सैकड़ों करोड़ रुपये बरामद हो रहे हैं।  नोट गिनने वाली मशीनें थक जाती हैं। बिगड़ जाती हैं। खराब हो जाती हैं। लेकिन, काँग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन के लोग बिना किसी शर्म के खुलेआम भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाई रोकने के लिए रैलियाँ कर रहे हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं-भ्रष्टाचारी बचाओ। इंडी अलायंस में इकट्ठा हुये इन लोगों की मुझसे यही दुश्मनी है। लेकिन मैं आपको गारंटी देता हूँ। भ्रष्टाचार का पैसा जिस-जिस तिजोरी में गया है, उसे मैं बाहर निकाल के रहूंगा। अगले 5 साल ये काम और तेजी से होगा। होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए। सख्ती से होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए।

साथियों,

तीसरे कार्यकाल में देश बड़े और ऐतिहासिक फैसले ले सके, इसके लिए मुझे आपका भरपूर आशीर्वाद चाहिए। बीजेपी ने बालाघाट से श्रीमती भारती पारधी को और मंडला से श्री फगन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी बनाया है। इन्हें आप रिकॉर्ड मतों से विजयी बना करके भेजेंगे, तो मोदी को मजबूती मिलेगी। 19 अप्रैल को गर्मी कितनी ही भयंकर क्यों न हो, हमें मतदान के पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ने हैं। तोड़ेंगे। इस बार हमने हर पोलिंग बूथ जीतना है। जीतोगे। ज्यादा से ज्यादा मतदान कराओगे। अच्छा मेरा एक काम करोगे। करोगे। इधर से तो आवाज नहीं आ रही। करोगे। पीछे के आवाज नहीं आ रही। मेरा काम करोगो। पक्का करोगे। लेकिन ये चुनाव वाला काम नहीं है। करोगे। देखिए, 19 अप्रैल तक आप अनेक परिवारों में जाएंगे। जब उन सबको मिलने जाएं तो उनको कहना कि अपने मोदी जी आए थे और मोदी जी ने आपको प्रणाम भेजा है। मेरा प्रणाम पहुंचा दोगे। हर घर में पहुंचा दोगे। जब मेरा प्रणाम आप पहुंचाओगे ना तो हर घर की माताएं-बहनें मुझे आशीर्वाद देंगी। और उनके आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी ऊर्जा है। देश के लिए दौड़ने की ताकत है।

मेरे साथ बोलिए

भारत माता की जय

भारत माता की जय

भारत माता की जय

बहुत बहुत धन्यवाद!

 

Explore More
প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা

Popular Speeches

প্রধান মন্ত্রীনা শ্রী রাম জন্মভুমি মন্দির দ্বাজরোহন উৎসবতা পীখিবা ৱারোলগী মৈতৈলোন্দা হন্দোকপা
 World Exclusive | Almost like a miracle: Putin praises India's economic rise since independence

Media Coverage

World Exclusive | Almost like a miracle: Putin praises India's economic rise since independence
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
India–Russia friendship has remained steadfast like the Pole Star: PM Modi during the joint press meet with Russian President Putin
December 05, 2025

Your Excellency, My Friend, राष्ट्रपति पुतिन,
दोनों देशों के delegates,
मीडिया के साथियों,
नमस्कार!
"दोबरी देन"!

आज भारत और रूस के तेईसवें शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। उनकी यात्रा ऐसे समय हो रही है जब हमारे द्विपक्षीय संबंध कई ऐतिहासिक milestones के दौर से गुजर रहे हैं। ठीक 25 वर्ष पहले राष्ट्रपति पुतिन ने हमारी Strategic Partnership की नींव रखी थी। 15 वर्ष पहले 2010 में हमारी साझेदारी को "Special and Privileged Strategic Partnership” का दर्जा मिला।

पिछले ढाई दशक से उन्होंने अपने नेतृत्व और दूरदृष्टि से इन संबंधों को निरंतर सींचा है। हर परिस्थिति में उनके नेतृत्व ने आपसी संबंधों को नई ऊंचाई दी है। भारत के प्रति इस गहरी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता के लिए मैं राष्ट्रपति पुतिन का, मेरे मित्र का, हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

Friends,

पिछले आठ दशकों में विश्व में अनेक उतार चढ़ाव आए हैं। मानवता को अनेक चुनौतियों और संकटों से गुज़रना पड़ा है। और इन सबके बीच भी भारत–रूस मित्रता एक ध्रुव तारे की तरह बनी रही है।परस्पर सम्मान और गहरे विश्वास पर टिके ये संबंध समय की हर कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं। आज हमने इस नींव को और मजबूत करने के लिए सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की। आर्थिक सहयोग को नई ऊँचाइयों पर ले जाना हमारी साझा प्राथमिकता है। इसे साकार करने के लिए आज हमने 2030 तक के लिए एक Economic Cooperation प्रोग्राम पर सहमति बनाई है। इससे हमारा व्यापार और निवेश diversified, balanced, और sustainable बनेगा, और सहयोग के क्षेत्रों में नए आयाम भी जुड़ेंगे।

आज राष्ट्रपति पुतिन और मुझे India–Russia Business Forum में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि ये मंच हमारे business संबंधों को नई ताकत देगा। इससे export, co-production और co-innovation के नए दरवाजे भी खुलेंगे।

दोनों पक्ष यूरेशियन इकॉनॉमिक यूनियन के साथ FTA के शीघ्र समापन के लिए प्रयास कर रहे हैं। कृषि और Fertilisers के क्षेत्र में हमारा करीबी सहयोग,food सिक्युरिटी और किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है। मुझे खुशी है कि इसे आगे बढ़ाते हुए अब दोनों पक्ष साथ मिलकर यूरिया उत्पादन के प्रयास कर रहे हैं।

Friends,

दोनों देशों के बीच connectivity बढ़ाना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। हम INSTC, Northern Sea Route, चेन्नई - व्लादिवोस्टोक Corridors पर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे। मुजे खुशी है कि अब हम भारत के seafarersकी polar waters में ट्रेनिंग के लिए सहयोग करेंगे। यह आर्कटिक में हमारे सहयोग को नई ताकत तो देगा ही, साथ ही इससे भारत के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

उसी प्रकार से Shipbuilding में हमारा गहरा सहयोग Make in India को सशक्त बनाने का सामर्थ्य रखता है। यह हमारेwin-win सहयोग का एक और उत्तम उदाहरण है, जिससे jobs, skills और regional connectivity – सभी को बल मिलेगा।

ऊर्जा सुरक्षा भारत–रूस साझेदारी का मजबूत और महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। Civil Nuclear Energy के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना सहयोग, Clean Energy की हमारी साझा प्राथमिकताओं को सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण रहा है। हम इस win-win सहयोग को जारी रखेंगे।

Critical Minerals में हमारा सहयोग पूरे विश्व में secure और diversified supply chains सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे clean energy, high-tech manufacturing और new age industries में हमारी साझेदारी को ठोस समर्थन मिलेगा।

Friends,

भारत और रूस के संबंधों में हमारे सांस्कृतिक सहयोग और people-to-people ties का विशेष महत्व रहा है। दशकों से दोनों देशों के लोगों में एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान, और आत्मीयताका भाव रहा है। इन संबंधों को और मजबूत करने के लिए हमने कई नए कदम उठाए हैं।

हाल ही में रूस में भारत के दो नए Consulates खोले गए हैं। इससे दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और सुगम होगा, और आपसी नज़दीकियाँ बढ़ेंगी। इस वर्ष अक्टूबर में लाखों श्रद्धालुओं को "काल्मिकिया” में International Buddhist Forum मे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का आशीर्वाद मिला।

मुझे खुशी है कि शीघ्र ही हम रूसी नागरिकों के लिए निशुल्क 30 day e-tourist visa और 30-day Group Tourist Visa की शुरुआत करने जा रहे हैं।

Manpower Mobility हमारे लोगों को जोड़ने के साथ-साथ दोनों देशों के लिए नई ताकत और नए अवसर create करेगी। मुझे खुशी है इसे बढ़ावा देने के लिए आज दो समझौतेकिए गए हैं। हम मिलकर vocational education, skilling और training पर भी काम करेंगे। हम दोनों देशों के students, scholars और खिलाड़ियों का आदान-प्रदान भी बढ़ाएंगे।

Friends,

आज हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। यूक्रेन के संबंध में भारत ने शुरुआत से शांति का पक्ष रखा है। हम इस विषय के शांतिपूर्ण और स्थाई समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। भारत सदैव अपना योगदान देने के लिए तैयार रहा है और आगे भी रहेगा।

आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और रूस ने लंबे समय से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस City Hall पर किया गया कायरतापूर्ण आघात — इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरुद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।

भारत और रूस के बीच UN, G20, BRICS, SCO तथा अन्य मंचों पर करीबी सहयोग रहा है। करीबी तालमेल के साथ आगे बढ़ते हुए, हम इन सभी मंचों पर अपना संवाद और सहयोग जारी रखेंगे।

Excellency,

मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी मित्रता हमें global challenges का सामना करने की शक्ति देगी — और यही भरोसा हमारे साझा भविष्य को और समृद्ध करेगा।

मैं एक बार फिर आपको और आपके पूरे delegation को भारत यात्रा के लिए बहुत बहुत धन्यवाद देता हूँ।