भारत माता की जय !

भारत माता की जय !

नमस्कार ! केम छो ! वणक्कम ! सत श्री अकाल ! जिन दोबरे !

ये नजारा वाकई अद्भुत है और आपका ये उत्साह भी अद्भुत है। मैंने जब से यहां पैर रखा है, आप थकते ही नहीं हैं। आप सभी पोलैंड के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं, सबकी अलग-अलग भाषाएं हैं, बोलियां हैं, खान-पान हैं। लेकिन सब भारतीयता के भाव से जुड़े हुए हैं। आपने यहां इतना शानदार स्वागत किया है, मैं आप सभी का, पोलैंड की जनता का इस स्वागत के लिए बहुत आभारी हूं।

साथियों,

पिछले एक हफ्ते से, भारत के मीडिया में आप ही लोग छाए हुए हैं, पोलैंड के लोगों की खूब चर्चा हो रही है, और पोलैंड के विषय में भी बहुत कुछ बताया जा रहा है। और एक हेडलाइन और भी चल रही है, और मीडिया में बताया जा रहा है कि 45 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री पोलैंड आया है। बहुत सारे अच्छे काम मेरे नसीब में ही है। कुछ महीने ही पहले मैं ऑस्ट्रिया गया था। वहां भी चार दशक बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री वहां पहुंचा था। ऐसे कई देश हैं, जहां दशकों तक भारत का कोई प्रधानमंत्री पहुंचा नहीं है। लेकिन अब परिस्थितियां दूसरी हैं। दशकों तक भारत की नीति थी कि सारे देशों से समान दूरी बनाए रखो। आज के भारत की नीति है, सारे देशों से समान रूप से नजदीकी बनाओ। आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है, आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया, भारत को विश्वबंधु के रूप में सम्मान दे रही है। आपको भी यहां यही अनुभव आ रहा है ना, मेरी जानकारी सही है ना।

साथियों,

हमारे लिए ये geo-politics का नहीं है, बल्कि संस्कारों का, वैल्यूज़ का विषय है। जिनको कहीं जगह नहीं मिली, उनको भारत ने अपने दिल और अपनी ज़मीन, दोनों जगह स्थान दिया है। ये हमारी विरासत है, जिस पर हर भारतीय गर्व करता है। पोलैंड तो भारत के इस सनातन भाव का साक्षी रहा है। हमारे जाम साहब को आज भी पोलैंड में हर कोई, दोबरे यानि Good महाराजा के नाम से जानता है। वर्ल्ड वॉर-2 के दौरान, जब पोलैंड मुश्किलों से घिरा हुआ था, जब पोलैंड की हजारों महिलाएं और बच्चे शरण के लिए जगह-जगह भटकते थे, तब जामसाहब, दिग्विजय सिंह रंजीत सिंह जाडेजा जी आगे आए। उन्होंने पोलिश महिलाओं और बच्चों के लिए एक विशेष कैंप बनवाया था। जाम साहब ने कैंप के पोलिश बच्चों को कहा था, जैसे नवानगर के लोग मुझे बापू कहते हैं, वैसे ही मैं आपका भी बापू हूं।

साथियों,

मेरा तो जाम साहब के परिवार से काफी मिलना-जुलना रहा है, मुझ पर उनका अपार स्नेह रहा है। कुछ महीने पहले भी मैं वर्तमान जाम साहब से मिलने गया था। उनके कमरे में पोलैंड से जुड़ी एक तस्वीर आज भी है। औऱ मुझे ये देखकर अच्छा लगता है कि जाम साहब के बनाए रास्ते को पोलैंड ने आज भी जीवंत रखा है। दो दशक पहले जब गुजरात में भीषण भूकंप आया था, तो जामनगर भी उसकी चपेट में आ गया था, तब पोलैंड, सबसे पहले मदद के लिए पहुंचने वाले देशों में से एक था। यहां पोलैंड में भी लोगों ने जाम साहब और उनके परिवार को भरपूर सम्मान दिया है। ये प्यार, वॉरसो में गुड महाराजा स्क्वैयर में साफ-साफ दिखता है। कुछ देर पहले मुझे भी दोबरे महाराजा मेमोरियल और कोल्हापुर मेमोरियल के दर्शन का सौभाग्य मिला है। इस अविस्मरणीय घड़ी में, मैं एक जानकारी भी आपको देना चाहता हूं। भारत, जामसाहब मेमोरियल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने जा रहा है। इसके तहत भारत, 20 पोलिश युवाओं को हर साल भारत आने के लिए आमंत्रित करेगा। इससे भारत के बारे में पोलैंड के युवाओं को और ज्यादा जानने का मौका मिलेगा।

साथियों,

यहां का कोल्हापुर मेमोरियल भी, कोल्हापुर के महान राजघराने के प्रति पोलैंड की जनता का श्रृद्धाभाव है, एक ट्रिब्यूट है। महाराष्ट्राच्या नागरिकांच्या आणि मराठी संस्कृतीच्या प्रति पोलंडच्या नागरिकांनी व्यक्त केलेला हा सन्मान आहे। मराठी संस्कृतीत मानव धर्म आचरणाला सर्वात अधिक प्राधान्य आहे। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणा से, कोल्हापुर की रॉयल फैमिली ने वलिवडे में पोलैंड की महिलाओं और बच्चों को शरण दी थी। वहां भी एक बहुत बड़ा कैंप बनाया गया था। पोलैंड की महिलाओं और बच्चों को कोई तकलीफ ना हो, इसके लिए महाराष्ट्र के लोगों ने दिन रात एक कर दिया था।

साथियों,

आज ही मुझे मोन्टे कसीनो मेमोरियल पर भी श्रद्धांजलि देने का अवसर मिला है। ये मेमोरियल, हज़ारों भारतीय सैनिकों के बलिदान को भी, उनकी भी याद दिलाता है। ये इस बात का भी प्रमाण है कि कैसे विश्व के हर कोने में भारतीयों ने अपना कर्तव्य निभाया है।

साथियों,

21वीं सदी का आज का भारत, अपनी पुरानी वैल्यूज, अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया, भारत को उन खूबियों के कारण जानती है, जिसे भारतीयों ने सारी दुनिया के सामने साबित करके दिखाया है। हम भारतीयों को efforts, excellence और empathy के लिए जाना जाता है। हम दुनिया में जहां भी जाते हैं, हम भारत के लोग Maximum Efforts करते दिखाई देते हैं। Entrepreneurship हो, Care Givers हों या हमारा सर्विस सेक्टर हो। भारतीय अपने Efforts से अपना और अपने देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ये मैं आपकी बात बता रहा हूं। आपको लगता होगा कि मैं किसी तीसरे देश की बात कर रहा हूं। पूरी दुनिया में भारतीय, Excellence के लिए भी पहचाने जाते हैं। आईटी सेक्टर हो या भारत के डॉक्टर्स हों, सभी अपनी excellence से छाए हुए हैं। और कितना बड़ा ग्रुप तो मेरे सामने ही मौजूद है।

साथियों,

हम भारतीयों की एक पहचान empathy भी है। दुनिया के किसी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। Covid आया, 100 साल की सबसे बड़ी आपदा आई, तो भारत ने कहा- Humanity First. हमने दुनिया के 150 से ज्यादा देशों को दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी भूकंप आता है, कोई प्राकृतिक आपदा आती है, भारत का एक ही मंत्र है- Humanity First. कहीं युद्ध हो तो भारत कहता है- Humanity First और इसी भाव से भारत दुनियाभर के नागरिकों की मदद करता है। भारत हमेशा first responder के रूप में सामने आता है।

साथियों,

भारत, बुद्ध की विरासत वाली धरती है। और जब बुद्ध की बात आती है तो जो युद्ध नहीं, शांति पर विश्वास करती है। इसलिए, भारत इस रीजन में भी स्थाई शांति का एक बड़ा पैरोकार है। भारत का मत एकदम साफ है- ये युद्ध का युग नहीं है। ये उन चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने का समय है, जिनसे मानवता को सबसे बड़े खतरे हैं। इसलिए भारत, diplomacy और dialogue पर बल दे रहा है।

साथियों,

जिस प्रकार आपने यूक्रेन में फंसे हमारे बच्चों की मदद की, वो भी हम सभी ने देखा है। आपने उनकी बहुत सेवा की थी। आपने लंगर लगाए, आपने अपने घर के दरवाज़े खोले, अपने रेस्तरां खोल दिए। पोलैंड की सरकार ने तो वीज़ा जैसे बंधनों को भी हमारे स्टूडेंट्स के लिए हटा दिया था। यानि पोलैंड ने पूरे मन से हमारे बच्चों के लिए दरवाज़े खोल दिए थे। आज भी जब मैं यूक्रेन से लौटे बच्चों से मिलता हूं, तो वे पोलैंड के लोगों की और आपकी खूब प्रशंसा करते हैं। इसलिए आज मैं यहां 140 करोड़ भारतीयों की तरफ से, आप सभी का, पोलैंड के लोगों का अभिनंदन करता हूं, मैं आपको सैल्यूट करता हूं।

साथियों,

भारत और पोलैंड के समाज में अनेक समानताएं हैं। एक बड़ी समानता हमारी डेमोक्रेसी की भी है। भारत, mother of democracy तो है ही, एक participative और vibrant democracy भी है। भारत के लोगों का डेमोक्रेसी पर अटूट भरोसा है। ये भरोसा हमने हाल के चुनावों में भी देखा है। ये इतिहास के सबसे बड़े चुनाव थे। अभी यूरोपियन यूनियन के भी चुनाव हुए हैं। इसमें करीब 180 मिलियन वोटर्स ने वोट डाले। भारत में इससे 3 गुणा से अधिक, करीब 640 मिलियन वोटर्स ने वोटिंग की है। भारत के इन चुनावों में हज़ारों पॉलिटिकल पार्टीज़ ने हिस्सा लिया। करीब 8 हजार कैंडिडेट्स मैदान में थे। 5 मिलियन से ज्यादा वोटिंग मशीन्स, एक मिलियन से ज्यादा पोलिंग स्टेशन्स, 15 मिलियन से ज्यादा कर्मचारी, इस स्केल का मैनेजमेंट, इतनी efficiency, और चुनाव पर इस लेवल का ट्रस्ट, ये भारत की बहुत बड़ी ताकत है। दुनिया के लोग जब ये आंकड़़े सुनते हैं ना तो उनको चक्कर आ जाता है।

साथियों,

हम भारतीय, डायवर्सिटी को जीना भी जानते हैं, सेलिब्रेट करना भी जानते हैं। और इसीलिए, हर सोसायटी में हम आसानी से घुल-मिल जाते हैं। पोलैंड में तो भारत के बारे में जानने, समझने और पढ़ने की एक पुरानी परंपरा रही है। ये हमें यहां की यूनिवर्सिटीज़ में भी देखने को मिलता है। आप में से काफी लोग वॉरसो यूनिवर्सिटी की मेन लाइब्रेरी में गए होंगे। वहां, भगवद्गीता के, उपनिषदों के आदर्श वाक्य हम सबका स्वागत करते हैं। तमिल हो, संस्कृत हो, ऐसी अनेक भारतीय भाषाओं को पढ़ने वाले यहां अनेक लोग हैं। यहां की बेहतरीन यूनिवर्सिटीज़ में India studies से जुड़ी chairs हैं। पोलैंड और भारतीयों का एक कनेक्ट कबड्डी से भी है। आप भी जानते हैं भारत में गांव-गांव में कबड्डी खेली जाती है। भारत से ये खेल पोलैंड पहुंचा है। और पोलैंड के लोगों ने कबड्डी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। पोलैंड, लगातार 2 सालों तक यूरोपियन कबड्डी चैंपियन रहा है। मुझे बताया गया है कि 24 अगस्त से एक बार फिर कबड्डी की चैंपियनशिप होने जा रही है, और पहली बार पोलैंड इसकी मेजबानी कर रहा है। मैं आज आपके माध्यम से पोलैंड की कबड्डी टीम को अपनी शुभकामनाएं भी देता हूं।

साथियों,

आपने कुछ दिन पहले ही यहां आजादी का उत्सव मनाया है। आजादी के आंदोलन के समय हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने समृद्ध भारत का सपना देखा था। आज हर भारतीय, उस सपने को साकार करने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहा है। भारत ने लक्ष्य तय किया है कि 2047 तक खुद को भारत, विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर के हमारा देश आगे बढ़ रहा है। इसलिए आज का भारत, अभूतपूर्व scale, speed और solutions पर काम कर रहा है। भारत में किस स्केल और स्पीड पर आज परिवर्तन आ रहा है, ये सुनकर आपको भी गर्व होगा। सुनाऊ...? भारत में पिछले 10 साल में 250 मिलियन लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। और 250 मिलियन मतलब ये संख्या फ्रांस, जर्मनी और यूके की टोटल पॉपुलेशन से भी ज़्यादा है। 10 साल में गरीबों के लिए 40 मिलियन पक्के घर बनाए हैं, और हम 30 मिलियन और घर बनाने वाले हैं। और अगर पोलैंड में आज 14 मिलियन हाउसहोल्ड हैं, तो हमने सिर्फ एक दशक में करीब 3 नए पोलैंड बसाए हैं। Financial inclusion को तो हम next level पर ले गए हैं। 10 साल में भारत में 500 मिलियन जनधन बैंक अकाउंट्स खुलवाए हैं। ये संख्या पूरे यूरोपियन यूनियन की पॉपुलेशन से ज़्यादा है। यूरोपियन यूनियन की पॉपुलेशन के बराबर ही, हर रोज़ भारत में UPI से डिजिटल ट्रांजेक्शन होता है। यूरोपियन यूनियन की कुल आबादी से ज़्यादा भारतीयों को सरकार 5 लाख रुपये का फ्री हेल्थ इंश्योरेंस देती है। पिछले एक दशक में भारत में Broadband users की संख्या भी 60 मिलियन से बढ़कर 940 मिलियन से ज्यादा हो चुकी है। यानि यूरोप और USA की population को मिला दें, करीब उतने लोग आज भारत में Broadband का यूज़ करते हैं। बीते दशक में, करीब 7 लाख किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया गया है। ये हमारी पृथ्वी के चारों ओर सत्तर बार चक्कर लगाने जितना है। भारत ने 2 साल के भीतर ही, देश के हर जिले तक 5G नेटवर्क पहुंचाया है। अब हम मेड इन इंडिया 6G नेटवर्क पर काम कर रहे हैं।

साथियों,

भारत की ट्रांसफॉर्मेशन की ये स्केल पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी दिखती है। 2014 में भारत के 5 शहरों में ऑपरेशनल मेट्रो थी। आज 20 शहरों में ऑपरेशनल मेट्रो है। पोलैंड की one third population जितने लोग, आज रोज़ाना मेट्रो ट्रेन से सफर करते हैं।

साथियों,

भारत जो भी करता है, वो नया रिकॉर्ड बन जाता है, इतिहास रच जाता है। आपने देखा है, भारत ने 100 से ज्यादा सैटेलाइट एक साथ लॉन्च किए थे। ये भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है। अभी दो दिन बाद 23 अगस्त को ही National Space Day है। आप भी जानते हैं, याद है ना?, क्या याद है? इसी दिन भारत ने चंद्रमा के साउथ पोल में अपना चंद्रयान उतारा। जहां कोई देश नहीं पहुंच पाया, वहां भारत पहुंचा है। और उस स्थान का नाम है- शिवशक्ति। उस स्थान का नाम है- शिवशक्ति। भारत, दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है।

साथियों,

दुनिया की आबादी में भारत का हिस्सा करीब 16-17 परसेंट रहा है, लेकिन आबादी के लिहाज से ग्लोबल ग्रोथ में भारत की हिस्सेदारी, पहले उतनी नहीं थी। अब स्थितियां तेजी से बदल रही हैं। साल 2023 में ग्लोबल ग्रोथ में भारत की हिस्सेदारी 16 परसेंट से अधिक रही है। आज दुनिया की हर एजेंसी, हर संस्था, भारत के शानदार फ्यूचर की भविष्यवाणी कर रही है, और ये astrologer नहीं है, ये आंकड़ों के हिसाब से हिसाब लगाते हैं, जमीनी हकीकतों के आधार पर हिसाब लगाते हैं। अब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी इकॉनॉमी बनने से ज्यादा दूर नहीं है। मैंने देश की जनता को वादा किया है, मेरे तीसरे टर्म में भारत तीसरे नंबर की इकॉनॉमी बनकर रहेगा। आने वाले वर्षों में दुनिया, भारत का जबरदस्त आर्थिक उभार देखने जा रही है। नैसकॉम का अनुमान है कि अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण भारत इस दशक के अंत तक 8 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनॉमी बन जाएगा। नैस्कॉम और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप का आकलन है कि आने वाले 3-4 साल तक भारत का AI मार्केट करीब 30-35 परसेंट की स्पीड से ग्रो करेगा। यानि, भारत को लेकर एक अभूतपूर्व पॉजिटिविटी चारों तरफ नजर आ रही है। आज भारत Semi-conductor Mission, Deep Ocean Mission, National Green Hydrogen Mission, National Quantum Mission और AI mission पर इसलिए काम कर रहा है, ताकि आने वाले अनेक दशकों तक भारत बहुत आगे रहे। भारत, आने वाले कुछ वर्षों में अपना स्पेस स्टेशन स्थापित करने की भी तैयारी कर रहा है। औऱ वो दिन दूर नहीं, जब आप भारत के एस्ट्रोनॉट्स को मेड इन इंडिया गगनयान से अंतरिक्ष में जाते हुए देखेंगे।

साथियों,

भारत का पूरा फोकस आज क्वालिटी मैन्युफेक्चरिंग और क्वालिटी मैनपावर पर है। ये दो ऐसी चीजें हैं, जो ग्लोबल सप्लाई चेन के लिए बहुत आवश्यक है। हाल में जो बजट आया है, उसमें हमने अपने यूथ की स्किलिंग और जॉब क्रिएशन पर बहुत जोर दिया है। यहां बहुत बड़ी संख्या में हमारे नौजवान पढ़ाई के लिए आए हैं। हम भारत को भी एजुकेशन, रिसर्च और इनोवेशन का एक बहुत बड़ा सेंटर बनाने में जुटे हैं।

साथियों,

टेक्नॉलॉजी हो, मेडिकल केयर हो, एजुकेशन हो, हर सेक्टर में दुनिया के लिए एक स्किल्ड मैनपावर बनाने का बीड़ा भारत ने उठाया है। मैं आपको हेल्थ सेक्टर का एक उदाहरण दूंगा। पिछले 10 सालों में हमने भारत में 300 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनाए हैं। पिछले 10 साल में भारत में मेडिकल सीट्स बढ़कर अब दोगुनी हो चुकी हैं, 10 साल में डबल। इन 10 सालों में हमने अपने मेडिकल सिस्टम में 75 thousand नई सीटें जोड़ी हैं। अब आने वाले 5 सालों में हम, मेडिकल की 75 thousand नई सीटें और जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। इससे क्वालिटी हेल्थ सर्विस प्रोवाइडर के रूप में भारत की भूमिका और मजबूत होगी। और हमारा तो दुनिया को एक ही संदेश है, वो दिन दूर नहीं हम कहेंगे heel in India. अभी हम तैयारी कर रहे हैं।

साथियों,

इनोवेशन और यूथ, भारत और पोलैंड दोनों ही देशों के विकास को ऊर्जा देने वाले हैं। आज मैं एक बड़ी खुशखबरी लेकर आपके बीच आया हूं। भारत और पोलैंड, दोनों देशों ने आपस में एक Social Security Agreement पर सहमति बना ली है। जिसका लाभ आप जैसे सब साथियों को होने वाला है।

साथियों,

भारत का wisdom global है, भारत का vision global है, भारत का culture global है, care और compassion global है। हमारे पूर्वजों ने हमें वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया है। हमने पूरी दुनिया को एक परिवार माना है। औऱ यही आज के भारत की नीति और निर्णयों में नजर आता है। जी-20 के समय भारत ने आह्वान किया- One Earth, One Family और One Future, इसी भावना में 21वीं सदी की दुनिया के बेहतर भविष्य की गारंटी है। भारत, One Sun, One World, One Grid, के कॉन्सेप्ट से दुनिया को जोड़ना चाहता है। ये भारत ही है- जो One Earth, One Health को स्वस्थ दुनिया की गारंटी मानता है। One Health यानि holistic well being पर हमारा फोकस होना चाहिए, जिसमें हमारे animals हों, पेड़-पौधे भी हों, सबकी हेल्थ पर ध्यान दिया जाए। आज जिस तरह की स्थितियां हम देख रहे हैं, उसमें One Health का सिद्धांत, और जरूरी हो गया है। भारत ने मिशन LiFE यानि lifestyle for environment का एक मॉडल पूरी दुनिया को दिया है। आपने भारत में चल रहे एक बड़े अभियान के बारे में भी ज़रूर सुना होगा। ये अभियान है- एक पेड़ मां के नाम। करोड़ों भारतवासी आज, अपनी जन्मदाता मां के नाम पर पेड़ लगा रहे हैं और इससे धरती मां की भी रक्षा हो रही है।

साथियों,

Economy और ecology में बैलेंस आज भारत की प्राथमिकता है। ये भारत ही है, जो डेवलप्ड नेशन और Net zero नेशन, ये दोनों संकल्प एक साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। भारत, ग्रीन फ्यूचर के लिए 360 डिग्री अप्रोच पर काम कर रहा है। ग्रीन मोबिलिटी इसका एक बड़ा उदाहरण है। हम पेट्रोल में 20 परसेंट इथेनॉल ब्लेंडिंग के बहुत निकट पहुंच चुके हैं। भारत आज तेज गति से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का विस्तार कर रहा है। आज भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल की सेल हर साल तेज़ी से बढ़ रही है। पिछले वर्ष, EVs की बिक्री में 40 परसेंट से ज्यादा की ग्रोथ हुई है। वो दिन दूर नहीं जब भारत, EV मैन्युफेक्चरिंग और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनेगा। आने वाले समय में आप भारत को ग्रीन हाइड्रोजन के भी बड़े ग्लोबल हब के रूप में देखने वाले हैं।

साथियों,

मुझे खुशी है कि new technology और clean energy जैसे क्षेत्रों में भारत और पोलैंड के बीच भी पार्टनरशिप लगातार बढ़ रही है। बहुत सी भारतीय कंपनियों ने यहां इन्वेस्ट किया है, जॉब्स क्रिएट की हैं। पोलैंड की अनेक कंपनियों ने भारत में अवसर बनाए हैं। कल मेरी मुलाकात, राष्ट्रपति डूडा जी और प्रधानमंत्री टुस्क जी से भी होने वाली है। इन मुलाकातों से भारत-पोलैंड की शानदार साझेदारी और मज़बूत होने वाली है। प्रधानमंत्री टुस्क तो भारत के बहुत अच्छे मित्र हैं। जब वे यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष थे, तब भी मेरी कई बार उनसे मुलाकात हो चुकी है।

साथियों,

आज का भारत, एक स्वर, एक भाव से एक विकसित भविष्य लिखने में जुटा है। आज भारत अवसरों की धरती है। आपको भी भारत की ग्रोथ स्टोरी से अधिक से अधिक जुड़ना है। और आपको भारत के टूरिज्म का ब्रैंड एंबेसेडर भी बनना है। मतलब क्या करेंगे? सोशल मीडिया पर खुद की तस्वीर लगाकर के रखेंगे, ताजमहल के सामने बैठेंगे। ब्रैंड एंबेसेडर का मतलब है कि आपको हर वर्ष हर एक को कम से कम पांच पोलिश परिवारों को भारत देखने के लिए भेजना है। करेंगे? इतना तो होमवर्क देना चाहिए ना मुझे। आपका हर प्रयास, आपके भारत को विकसित भारत बनाने में मदद करेगा।

साथियों,

एक बार फिर, यहां आने के लिए, इस शानदार स्वागत के लिए, मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मेरे साथ बोलिए-

भारत माता की जय !

भारत माता की जय !

भारत माता की जय !

बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
 PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs

Media Coverage

PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में शामिल: जेवर में पीएम मोदी
March 28, 2026
नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन के प्रथम चरण का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की विकास गाथा और भारत के विमानन भविष्य में एक महत्वपूर्ण कदम है: प्रधानमंत्री
उत्तर प्रदेश अब भारत में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तनों वाले राज्यों में से एक बन गया है: प्रधानमंत्री
विमान पत्तन किसी भी देश में केवल बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, वे प्रगति को उड़ान देते हैं: प्रधानमंत्री
हमारी सरकार एक विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश कर रही है: प्रधानमंत्री

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

उद्धघाटन हो गया? उद्धघाटन हो गया? नहीं, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ वो पर्दा हटाया है, लेकिन मैं आज चाहता हूं इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन यहां जो भी उपस्थित हैं, आप सब करें, और इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिये, अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाईट कीजिए और आपका इसका उद्धघाटन कर रहे हैं। आप दीया जलाकर के यहां उपस्थित हर व्यक्ति, आज इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है, ये आपका भविष्य है, ये आपका पुरूषार्थ है और इसलिए इसका उद्धघाटन भी आपके हाथों से हो रहा है, आप अपने भारत माता की जय बोलकर के, हाथ ऊपर करके, फ्लैश लाईट पूरी तरह से दिखाइये। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। बहुत-बहुत धन्यवाद। अब उद्धघाटन हो गया।

उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी श्री राममोहन नायडू जी, पंकज चौधरी जी, ज्यूरिक एयरपोर्ट के चेयरमैन जोसेफ फेल्डर जी, अन्य मंत्रिगण, सांसद, विधायक, अन्य महानुभाव और मेरे प्यारे भाइयों और बहनों।

मैं देख रहा हूं, आज जहां भी मेरी नजर पड़ रही है, सारे युवा मुझे नजर आ रहे हैं, उत्साह से भरे युवा हैं, जोश से भरे हुए युवा हैं, क्योंकि इन युवाओं को पता है, ये जो काम हो रहा है ना, ये नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम हो रहा है। आज हम विकसित यूपी-विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश, आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। और आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्धघाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों से उद्धघाटन करवा दिया। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।

साथियों,

नोएडा का ये एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिन्दुस्तान को और उत्तर प्रदेश को तो होना ही होना है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए, अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं उत्तर प्रदेश को, विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज का ये कार्यक्रम, भारत के नए मिज़ाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल-डीज़ल-गैस, खाद, ऐसी कई ज़रूरी चीज़ों का चारो तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है, प्रयास कर रहा है। और हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है, देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रह है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता रहा है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई-बहनों पर, इस संकट का बोझ न पड़े।

साथियों,

संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज़ विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही बात करुं, तो पिछले कुछ सप्ताह में ही, ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में, इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ, इसी कालखड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो-भारत ट्रेन ने गति पकड़ी, इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया, और इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्धघाटन भी हो गया।

साथियों,

ये सारे प्रोजेक्ट्स, यूपी के विकास के लिए, डबल इंजन सरकार के प्रयासों का शानदार उदाहरण हैं। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल, तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है। और ये हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। और आपने अभी वीडियो में देखा, ये ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का ATM बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।

साथियों,

जेवर का ये एयरपोर्ट, डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है। अब आप सोचिये, इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में, आपमें से बहुत होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, बहुत वो लोग होंगे जो उस समय 25-30 साल के 35 साल के हुए होंगे और आज रिटायर भी हो गए, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरु के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-NDA की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरु भी हो गया है।

साथियों,

एयरपोर्ट के अलावा ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का भी हब बन रहा है। ये फ्रेट कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं। इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। और दादरी वो स्थान है जहां ये दोनों कॉरिडोर्स आपस में मिलते हैं। यानी यहां किसान जो उगाते हैं, यहां उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से, हवाई मार्ग से, दुनिया के कोने-कोने तक तेज़ी से जा पाएगा। ऐसी मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के कारण, यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है।

साथियों,

जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी डराने की लोगों ने कोशिश की, कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अर्से तक सेवा करने का मौका देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। ये पूरा क्षेत्र, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

साथियों,

इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में, खेती-किसानी का बहुत महत्व है। मैं आज उन मेरे किसान भाई-बहनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी है। उन किसानों के लिए जोरदार तालियां बजाइये दोस्तों, मेरे किसान भाई-बहनों के लिए जोरदार तालियां बजाइये। मेरे किसान भाई-बहन, आपके इस योगदान से ही, इस पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरु होने जा रहा है। आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और बल मिलेगा। अब यहां के कृषि उत्पाद दुनिया के बाज़ारों में और बेहतर तरीके से जा पाएंगे।

साथियों,

यहां मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल, कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। अगर इथेनॉल का उत्पादन ना बढ़ता, पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिंग ना बढ़ती, तो देश को हर वर्ष साढ़े चार करोड़ बैरल, साढ़े चार करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता। किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है।

साथियों,

इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है, किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है। इससे करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा बची है। यानी इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना जय था। बीते वर्षों में इतना सारा पैसा, देश के किसानों को मिला है, गन्ना किसानों को मिला है।

साथियों,

यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई-कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था। लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों की स्थिति बेहतर हुई है।

साथियों,

किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होता। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले, देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे। आज 160 से अधिक एयरपोर्ट्स देश में हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार ने, सामान्य भारतीय के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेज़ी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर सत्रह कर दी है।

साथियों,

भाजपा सरकार का निंरतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे। इसलिए, हमने उड़ान योजना शुरु की थी। इस स्कीम के कारण, बीते कुछ सालों में एक करोड़ साठ लाख से अधिक देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। और मैं आपको एक और जानकारी देना चाहता हूं। हाल में ही केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29 हज़ार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। आने वाले वर्षों में इसके तहत, छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है। यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा।

साथियों,

भारत का एविएशन सेक्टर, बहुत तेज़ से गति और विकास कर रहा है। जैसे-जैसे भारत में नए-नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, वैसे-वैसे नए हवाई जहाज़ों की ज़रूरत भी बढ़ती जा रही है। इसलिए देश की अलग-अलग एयरलाइन्स ने सैकड़ों नए जहाजों के ऑर्डर दिए हैं। ये जो नई सुविधाएं हैं, नए जहाज आ रहे हैं, इनको उड़ाने वाले, इनमें सर्विस देने वाले, मेंटनेस से जुड़े, ऐसे हर काम के लिए बहुत बड़ी संख्या में वर्कफोर्स की ज़रूरत रहेगी। ये युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। इसलिए हमारी सरकार, एविएशन सेक्टर में ट्रेनिंग की सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है।

साथियों,

आप जब अपनी कोई गाड़ी खरीदते हैं, तो ये जरूर देखते हैं कि उस गाड़ी बनाने वाली कंपनी का सर्विसिंग सेंटर आसपास है या नहीं है। आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि हमारे देश में हवाई जहाजों की सर्विसिंग, यानी उनके मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल की पुख्ता व्यवस्थाएं ही नहीं थीं। भारत के 85 एयरपोर्ट, 85 परसेंट हवाई जहाजों को आज भी मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल यानी MRO के लिए, इस काम के लिए विदेश भेजना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने ठाना है कि MRO सेक्टर में भी भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। अब भारत में ही, बहुत बड़े पैमाने पर MRO सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आज यहां जेवर में भी MRO सुविधा का शिलान्यास हुआ है। ये सुविधा जब तैयार हो जाएगी, तो ये देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी। इससे देश को कमाई भी होगी, हमारा पैसा भी देश में ही रहेगा, और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे।

साथियों,

आज हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुविधा है। देश के नागरिक का समय बचे और उसकी जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े, ये हमारा लक्ष्य है। मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का इसी भाव से ही विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल, इसका कितना फायदा हो रहा है, ये भी हम सब देख रहे हें। अभी तक नमो भारत, ढाई करोड़ से अधिक लोग सफर कर चुके हैं। दिल्ली-मेरठ के जिस सफर में पहले घंटों लग जाते थे, अब वो सफर मिनटों में ही पूरा हो रहा है।

साथियों,

विकसित भारत के विकसित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमारी सरकार अभूतपूर्व निवेश कर रही है। बीते 11 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट छह गुणा से अधिक बढ़ाया गया है। इन वर्षों में 17 लाख करोड़ रुपये हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए हैं, एक लाख किलोमीटर से अधिक के हाईवे का निर्माण किया गया है। 2014 तक रेलवे में सिर्फ 20 हजार किलोमीटर रूट का बिजलीकरण हुआ था। जबकि 2014 के बाद से 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है। आज ब्रॉडगेज नेटवर्क का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है। आज कश्मीर घाटी हो या नॉर्थ ईस्ट की राजधानियां, ये पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ रही हैं। पोर्ट यानी बंदरगाहों की क्षमता, बीते दशक में दोगुने से अधिक हुई है। देश में नदी जलमार्गों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी हर क्षेत्र में भारत तेज़ी से काम कर रहा है।

साथियों,

विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत ज़रूरी है। ये आवश्यक है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करे, और वैश्विक संकटों का एकजुट होकर सामना करें। अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है। मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से भी लंबी चर्चा हुई है और बड़ी सकारात्मक चर्चा हुई है। मैं आज आप सभी जनता-जनार्दन से फिर कहूंगा, मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा। हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ, मिल जुलकर के, इस संकट का सामना करना है। ये पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है। मैं यूपी के, देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं, विनती पूर्वक कहना चाहता हूं, इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं। जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। राजनीति के लिए गलत बयानबाज़ी करने वाले, राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती। कोरोना के महासंकट के दौरान भी, कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाईं, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले, ताकि सरकार का काम मुश्किल हो, देश को नुकसान हो। परिणाम क्या हुआ? जनता ने चुनावों के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया, ठुकरा दिया। मुझे पूरा भरोसा है, कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे, ताकत देंगे। इसी आग्रह के साथ, एक बार फिर से उत्तर प्रदेश को इस शानदार एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

बहुत-बहुत धन्यवाद।