पिछले 11 वर्षों में, इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर्स पर हमारे फोकस ने तमिलनाडु के डेवलपमेंट को हमारी high priority के रूप में दर्शाया है: पीएम
आज, दुनिया भारत के विकास में अपना विकास देख रही है: प्रधानमंत्री
भारत सरकार, तमिलनाडु के इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण के लिए काम कर रही है; हम राज्य के पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को high-tech बना रहे हैं, साथ ही एयरपोर्ट्स, हाईवेज और रोडवेज को भी इंटीग्रेट कर रहे हैं: पीएम
आज, देश भर में मेगा और अत्‍याधुनिक बुनियादी ढाँचा विकसित करने का महाअभियान चल रहा है: प्रधानमंत्री

वणक्कम! तमिलनाडु के गवर्नर R. N. Ravi जी, मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी किंजरापु राममोहन नायडू जी, डॉ. एल मुरुगन जी, तमिलनाडु के मंत्री तंगम तेन्नरसु जी, डॉ. T.R.B. राजा जी, पी. गीता जीवन जी, अनीता आर राधाकृष्णन जी, सांसद कनिमोळी जी, तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और हमारे MLA नयनार नागेंद्रन जी, और तमिलनाडु के मेरे भाइयों और बहनों!

आज कारगिल विजय दिवस है। मैं सर्वप्रथम कारगिल के वीरों को नमन करता हूँ, शहीदों को श्रद्धांजलि देता हूँ।

Friends,

मेरा सौभाग्य है कि चार दिन के विदेश प्रवास के बाद मुझे सीधे भगवान रामेश्वर की इस पावन भूमि पर आने का अवसर मिला। विदेश प्रवास के दौरान भारत और इंग्लैंड के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है। ये भारत पर दुनिया के बढ़ते भरोसे और भारत के नए आत्मविश्वास का प्रतीक है। इसी आत्मविश्वास से हम विकसित भारत बनाएंगे., विकसित तमिलनाडु बनाएंगे। आज भी यहां भगवान रामेश्वर और भगवान तिरुचेंदूर मुरुगन के आशीर्वाद से तूत्-कुडी में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। 2014 में तमिलनाडु को development के शिखर पर लेकर जाने का जो मिशन शुरू हुआ था, तूत्-कुडी लगातार उसका साक्षी बन रहा है।

Friends,

पिछले साल फरवरी में मैंने यहाँ ‘वी.ओ. चिदम्बरनार पोर्ट’ के लिए ‘आउटर हार्बर कंटेनर टर्मिनल’ का शिलान्यास किया था। उस समय सैकड़ों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का inauguration भी हुआ था। सितंबर में मैंने नए तूत्-कुडी इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल का लोकार्पण किया था। आज एक बार फिर, यहाँ forty eight hundred करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें एयरपोर्ट, हाइवेज, पोर्ट्स और रेलवेज़ के प्रोजेक्ट्स हैं, और पावर सेक्टर से जुड़े अहम initiative भी हैं। मैं आप सभी को, तमिलनाडु की जनता को इसकी बहुत बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

Infrastructure और Energy ये किसी भी स्टेट के development की बैकबोन होते हैं। इन 11 years में इन्फ्रा और एनर्जी पर हमारा फोकस ये बताता है कि तमिलनाडु का विकास हमारी कितनी बड़ी priority है। आज की सभी परियोजनाएं भी तूत्-कुडी और तमिलनाडु को कनेक्टिविटी, क्लीन एनर्जी और नई opportunities का हब बनाएँगी।

साथियों,

तमिलनाडु और तूत्-कुडी की धरती ने, यहाँ के लोगों ने सदियों से समृद्ध और सशक्त भारत के लिए अपना योगदान दिया है। इसी धरती पर वी.ओ. चिदंबरम पिल्लै जैसे विजनरी पैदा हुए। उन्होंने गुलामी के दौर में भी समुद्र के जरिए व्यापार की ताकत को समझा, उन्होंने समंदर में स्वदेशी जहाज़ चलाकर अंग्रेजों को चुनौती दी। इसी भूमि पर, वीर-पांडिया कट्टा-बोम्मन और अळगु-मुथु कोन जैसे महापुरुषों ने स्वतंत्र और समर्थ भारत का सपना बुना था। सुब्रमण्यम भारती जैसे राष्ट्रकवि का जन्म भी यहीं पास में हुआ था। आप सब जानते हैं, सुब्रमण्यम भारती जी का जितना मजबूत रिश्ता तूत्-कुड़ी से था, उतना ही मजबूत रिश्ता मेरे संसदीय क्षेत्र मेरी काशी से भी है। हम काशी-तमिल संगमम् जैसे आयोजनों के जरिए अपनी सांस्कृतिक धरोहर को लगातार मजबूत कर रहे हैं।

Friends,

मुझे याद है, पिछले वर्ष ही मैंने तूत्-कुड़ी के प्रसिद्ध पर्ल्स, बिल गेट्स उपहार में दिए थे। वो पर्ल्स उन्हें बहुत पसंद आए थे। यहां के पांड्या पर्ल्स, एक समय पर पूरी दुनिया में भारत की economic power का सिम्बल हुआ करते थे।

साथियों,

आज हम यहां अपने प्रयासों से विकसित तमिलनाडु और विकसित भारत के विज़न को आगे बढ़ा रहे हैं। ब्रिटेन और भारत के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है। FTA भी इसी विजन को गति देता है। आज भारत की ग्रोथ में, दुनिया अपनी ग्रोथ देख रही है। ये एग्रीमेंट भी, भारत की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। इससे, दुनिया की तीसरी बड़ी इकॉनॉमी बनने की हमारी रफ्तार और तेज़ होगी।

साथियों,

इस एफटीए एग्रीमेंट के बाद ब्रिटेन में बिकने वाले 99% भारतीय प्रॉडक्ट्स पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। ब्रिटेन में भारतीय चीजें सस्ती होंगी तो वहां डिमांड बढ़ेगी और यहां भारत में उन चीजों के निर्माण के लिए ज्यादा मौके बनेंगे।

साथियों,

भारत-ब्रिटेन FTA से, तमिलनाडु के युवाओं को, हमारे छोटे उद्योगों, MSME को, स्टार्टअप्स को, सबसे अधिक लाभ होगा। इससे इंडस्ट्री हो, हमारे मछुआरे भाई-बहन हों या फिर रिसर्च और दनोवेशन, सबके लिए यदा ही फायदा है।

साथियों,

आज भारत सरकार का मेक इन इंडिया और मिशन मैन्युफेक्चरिंग पर बहुत जोर है। आप सभी ने अभी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मेक इन इंडिया की ताकत देखी है। आतंक के ठिकानों को मिट्टी में मिलाने में मेड इन इंडिया हथियारों की बड़ी भूमिका रही है। भारत में बने हथियार आज भी आतंक के आकाओं की नींद उड़ाए हुए हैं।

Friends,

तमिलनाडु के potential का पूरा इस्तेमाल करने के लिए भारत सरकार तमिलनाडु के इनफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने का प्रयास कर रही है। तमिलनाडु में हम पोर्ट इनफ्रास्ट्रक्चर को हाइटेक बना रहे हैं। साथ ही, एयरपोर्ट, हाइवेज और रेलवेज को भी आपस में integrate कर रहे हैं। आज तूत्-कुडी एयरपोर्ट के नए एडवांस्ड टर्मिनल का शुभारंभ इसी दिशा में एक और बड़ा कदम है। 450 करोड़ रुपये की कॉस्ट से बना ये टर्मिनल अब हर साल 20 lakhs से ज्यादा पैसेंजर्स को होस्ट करेगा। पहले ये सालाना capacity केवल 3 lakhs पैसेंजर्स की थी।

साथियों,

नए टर्मिनल के बाद देश के कई और रूट्स तक तूत्-कुडी की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। तमिलनाडु में कॉर्पोरेट ट्रैवल, एजुकेशन हब्स, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को इससे ज्यादा फायदा होगा। साथ ही, इस इलाके के टूरिज्म पोटेंशियल को भी नई एनर्जी मिलेगी।

साथियों,

आज हमने तमिलनाडु के दो मेजर रोड प्रोजेक्ट्स को भी जनता को समर्पित किया है। करीब 2500 करोड़ रुपये से बनी ये रोड्स, दो मेजर डेवलपमेंट एरिया को चेन्नई से जोड़ने जा रही हैं। इन रोड्स की वजह से डेल्टा जिलों से चेन्नई की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है।

साथियों,

इन प्रोजेक्ट्स की मदद से तूत्-कुडी पोर्ट की कनेक्टिविटी भी बहुत बेहतर हुई है। ये रोड्स, इस पूरे इलाके लिए ease of living को भी बढ़ाएँगी, साथ ही, ट्रेड और employment के नए रास्ते भी खोलेंगी। -

साथियों,

हमारी सरकार देश की रेलवे को इंडस्ट्रियल ग्रोथ और आत्मनिर्भर भारत की लाइफलाइन मानती है। इसीलिए, बीते इलेवेन ईयर्स में देश के रेलवे इनफ्रास्ट्रक्चर ने modernization का नया दौर देखा है। तमिलनाडु रेलवे इनफ्रास्ट्रक्चर के modernization कैम्पेन का एक प्रमुख सेंटर है। हमारी सरकार अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत तमिलनाडु के 77 स्टेशन्स का re-development कर रही है। आधुनिक वंदे भारत ट्रेनों के जरिए तमिलनाडु के लोगों को नया एक्सपिरियन्स मिल रहा है। देश का पहला और अनूठा वर्टिकल लिफ्ट रेल ब्रिज, पंबन ब्रिज भी तमिलनाडु में बना है। पंबन ब्रिज से Ease of Doing Business और Ease of Travel, दोनों बढ़ा है।

साथियों,

आज देश में मेगा और मॉर्डर्न इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने का महाअभियान चल रहा है। कुछ दिनों पहले शुरू हुआ जम्मू-कश्मीर का चिनाब ब्रिज, इंजीनियरिंग मार्वल है। इस ब्रिज ने पहली बार रेलवे के जरिए जम्मू को श्रीनगर से जोड़ दिया है। इसके अलावा देश का सबसे लंबा सी-ब्रिज अटल सेतु बना है, असम में बोगीबील ब्रिज बना है, 6 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सोनमर्ग टनल बनी है, ऐसे कितने ही प्रोजेक्ट भारत सरकार ने, NDA सरकार ने पूरे किए हैं। इन सभी से हजारों की संख्या में Employment जनरेट हुआ है।

Friends,

आज भी, हमने तमिलनाडु में जिन रेलवे प्रोजेक्ट्स को डेडिकेट किया है, उनसे दक्षिण तमिलनाडु के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। मदुरै से बोडि-नायक्कनूर इस लाइन का इलेक्ट्रिफिकेशन होने के बाद अब यहां वंदे भारत जैसी ट्रेन्स चलाने का रास्ता खुल गया है। ये रेलवे प्रोजेक्ट्स, तमिलनाडु की स्पीड को और इसके डेवलपमेंट स्केल, दोनों को एक नई शक्ति देने जा रहे हैं।

साथियों,

आज यहां 2000 मेगावॉट के कुडानकुलम न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट से जुड़े ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट की नींव भी रखी गई है। करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ये सिस्टम, आने वाले वर्षों में देश को Clean Energy देने में बड़ी भूमिका निभाने वाला है। ये एनर्जी प्रोजेक्ट भारत के ग्लोबल एनर्जी टारगेट्स और एनवायरमेंटल कमिटमेंट्स को पूरा करने का माध्यम बनेगा। जब इलेक्ट्रिसिटी प्रॉडक्शन बढ़ेगा, तो तमिलनाडु की इंडस्ट्री को, डोमेस्टिक यूजर्स को भी इससे बड़ा लाभ होगा।

साथियों,

मुझे खुशी है कि तमिलनाडु में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भी तेज गति से चल रही है। अब तक सरकार को करीब 01 lakhs एप्लीकेशन मिल चुकी हैं और 40000 solar rooftop installations पूरे हो चुके हैं। ये योजना न केवल free और clean बिजली दे रही है बल्कि हजारों की संख्या में green jobs भी पैदा कर रही है।

साथियों,

तमिलनाडु का development, developed तमिलनाडु का सपना ये हमारा core commitment है। हमने तमिलनाडु के development से जुड़ी पॉलिसीज़ को निरंतर प्राथमिकता दी है। पिछले एक दशक में केंद्र सरकार ने devolution के जरिए तमिलनाडु को three lakhs करोड़ रुपये भेजे हैं। ये amount पिछली UPA सरकार द्वारा भेजी गई राशि की तुलना में more than three times है। इन eleven years में तमिलनाडु को eleven new medical colleges मिले हैं। पहली बार कोस्टल एरियाज़ में फिशरीज सेक्टर से जुड़े समुदायों की किसी सरकार ने इतनी चिंता की है। Blue revolution के जरिए हम कोस्टल economy को विस्तार दे रहे हैं।

साथियों,

आज तूत्-कुडी की ये धरती, विकास के नए अध्याय की साक्षी बन रही है। कनेक्टिविटी, पावर ट्रांसमिशन, इंफ्रास्ट्रक्चर के ये सारे प्रोजेक्ट्स विकसित तमिलनाडु-विकसित भारत का सशक्त आधार बनाने वाले हैं। मैं एक बार फिर, तमिलनाडु के अपने सभी परिवारजनों को इन सारे प्रोजेक्ट्स के लिए बहुत- बहुत बधाई देता हूं। बहुत बहुत धन्यवाद। मेरी एक और प्रार्थना है, आज मैं देख रहा हूं कि आप लोगों का उत्साह बहुत ज्यादा ही है, एक काम करिये अपना mobile फोन निकालिये और mobile फोन की flash light से ये नए एयरपोर्ट का गौरव बढ़ाइए।

भारत माता की – जय।

भारत माता की – जय।

भारत माता की – जय।

बहुत-बहुत धन्यवाद।

वणक्कम।

 

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
PM Modi Leads International Yoga Day Event In Kolkata, Says It Has Become 'World's Biggest Festival'

Media Coverage

PM Modi Leads International Yoga Day Event In Kolkata, Says It Has Become 'World's Biggest Festival'
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
योग सबको जोड़ता है और एकता का संदेश देता है: कोलकाता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी
June 21, 2026
Yoga connects us all and brings us together: PM
When yoga becomes a way of life, it becomes the foundation of human unity: PM
Yoga helps us tune our bodies to be flexible; It keeps our energy levels high: PM
Yoga teaches us the art of living a balanced life: PM
Yoga shows the path from mental well-being to physical well-being: PM

मंच पर विराजमान राज्यपाल श्री आर एन रवि जी, ऊर्जावान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी, केंद्र में मेरे सहयोगी प्रतापराव जाधव जी, अन्य सभी महानुभाव, यहां कोलकाता में जुटे सभी प्रतिभागी, देश-विदेश में योग से जुड़ रहे सभी साथी, और मेरे प्यारे देशवासियों! 

21 जून का ये दिन, पृथ्वी के कुछ भूभाग पर साल में सबसे लंबी अवधि का दिन होता है। और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कारण 21 जून का ये दिन विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन भी बन गया है। विश्व के अलग-अलग हिस्सों से योग की एक से एक अद्भुत तस्वीरें आ रहीं हैं। भारत में हिमालय से लेकर हिन्द महासागर तक, पूर्वोत्तर और पूरब में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक, पूरा देश योग की ऊर्जा से चैतन्य से भरा हुआ नज़र आ रहा है। पूरा देश, पूरा विश्व एक दूसरे से जुड़ा हुआ नज़र आ रहा है और यही तो योग की ताकत है। योग सबको जोड़ता है, योग सबको साथ लाता है। मैं इस अवसर पर पूरे विश्व को, संपूर्ण मानव समुदाय को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ।

 

साथियों,

आज योग दिवस पर मैं खासकर के पूरे बंगाल में, कोलकाता में, यहां बने स्वच्छता के योग के लिए भी कोलकाता वासियों की सराहना करूंगा। ये अद्भुत पहल है- स्वच्छता से स्वागत पहल के लिए जिस तरह यहां लगातार श्रम किया गया है, नागरिक कर्तव्य निभाया गया है, वो सभी देशवासियों के लिए आज एक बहुत बड़ी प्रेरणा बन गया है।

साथियों,

योग दिवस के अवसर पर आज बंगाल में होना बहुत ही विशेष है। बंगाल की ये पवित्र भूमि, जहां भगवान रामकृष्ण परमहंस जैसे सिद्ध संतों ने अवतार लिया, जहां से निकलकर स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व को योग से परिचय कराया, जहां महर्षि अरविंद जैसे महान योगी ने जन्म लिया, लाहिड़ी महाशय जैसे महान योगियों ने जहां योग परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, आज उसी धरती पर सामूहिक योग का अनुभव, एक अलग आध्यात्मिक अनुभूति दे रहा है। इसी बंगाल की धरती पर जन्मे गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर का मानना था कि मनुष्य की पहचान अलग-अलग रहने में नहीं, बल्कि अपने आसपास की दुनिया से जुड़ने में है। यही जुड़ाव योग का मूल भाव है। महर्षि अरविंद भी कहते थे- हमारा पूरा जीवन योग है, चाहे हमें इसका बोध हो या ना हो। योग जब स्वभाव में आता है तो वो मानवीय एकता का आधार बन जाता है।

साथियों,

योग केवल शारीरिक श्रम का साधन नहीं है। योग किसी एक आयु वर्ग के लिए सीमित भी नहीं है। भारत में हम जानते हैं और देखते आए हैं, योग मानव के जीवन का चेतना के साथ, ऊर्जा के साथ एक प्रकाश भी है। इसीलिए, इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम रखी गई है- Yoga for Healthy Ageing है। उम्र बढ़ने पर भी हम स्वस्थ रह सकते हैं, हम ऊर्जावान और सक्रिय रह सकते हैं, योग हमें इसके लिए मार्ग दिखाता है। Friends, When we speak of "Yoga for Healthy Aging," It means that we can work to ensure that age does not reduce human potential. Yoga can help human life to aspire for constant growth. Our target must be to be more flexible at 40 than we were at 20. Our target must be to be more energetic at 50 than we were at 30. Our target must be to be more resistant to lifestyle diseases at 70 than we were at 50. This is where Yoga can help us. It helps us tune our bodies to be flexible. It keeps our energy levels high, it also helps us maintain a calm stress-free life and helps keep lifestyle diseases away. Moreover, with regular practice, Yoga teaches us to remain lifelong learners of our own bodies and minds. The more we know about ourselves, the better we can manage ourselves. That is why, Yoga for Healthy Aging. This theme must be seen as one for people of all ages, not just for the elderly.

साथियों,

गीता में भगवान कृष्ण ने योग के विषय में कहा है-

युक्त आहार विहारस्य, युक्त चेष्टस्य कर्मसु।

युक्त स्वप्न अव-बोधस्य, योगो भवति दुःखहा॥

अर्थात्, संतुलित आहार विहार से, संतुलित क्रियाओं और कर्मों से संतुलित नींद और जागने से, योग दुःखों का नाश करने वाला हो जाता है। ये संतुलन ही योग का आधार है। यही संतुलन हमारे जीवन का आधार भी है। लेकिन ज्यादातर लोग आज इस आधुनिक समय में जीवन के असंतुलन से ही जूझ रहे हैं, बहुत मशक्कत करनी पड़ रही है उनको, योग हमें जीवन को balanced way में जीने की कला सिखाता है। योग हमें do’s और don’ts सिखाता है। और जब हम हमारे शरीर को सही ढंग से चलाना सीख लेते हैं, तो स्वास्थ्य हमारा स्वभाव बन जाता है।

साथियों,

योग केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य पर ही फोकस नहीं करता, योग मानसिक स्वास्थ्य से शारीरिक स्वास्थ्य का मार्ग दिखाता है। इसीलिए, योग के विषय में “युक्त चेष्टस्य कर्मसु” कहा गया है। यानी, हमें क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए, इसका बोध! ये बोध हमारे जीवन में शांति का स्रोत तो बनता ही है, इससे विश्व शांति का मार्ग भी खुलता है। इसीलिए, योग आज केवल हमारी पर्सनल लाइफ़-स्टाइल के लिए जरूरी नहीं है इतना ही नहीं है, योग दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए एक आवश्यकता भी है।

साथियों,

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर करोड़ों लोग योग से जुड़ते हैं। लेकिन आज का ये दिन हमें अपने साझा संकल्प को फिर दोहराने का अवसर देता है। आइए, हम संकल्प लें, योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखेंगे, योग को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखेंगे। हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएंगे। अपने परिवार का हिस्सा बनाएंगे। अपनी आने वाली पीढ़ियों का हिस्सा बनाएंगे।

साथियों,

इसी दिशा में, इस वर्ष "योग 365" की पहल को भी आगे बढ़ाया गया है। इसके तहत 100 दिन के ऑनलाइन योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अभूतपूर्व जनभागीदारी देखी गई है। 130 देशों के 30 लाख से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया है।

साथियों,

जब समाज स्वस्थ होगा, तब राष्ट्र भी अधिक सक्षम, अधिक समृद्ध और आत्मविश्वासी बनेगा। मैं आप सबके लिए कामना करता हूं, "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।" इसी के साथ आप सभी को एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

बहुत-बहुत धन्यवाद!