"भारत को विकसित बनाने के लिए उसकी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विकसित होना उतना ही जरूरी है"
"बीते आठ वर्षों में देश में होलिस्टिक हेल्थकेयर को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा गया है"
"बीते 8 साल में 200 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज देश में बनाए गए हैं"
"एक प्रोग्रेसिव समाज के तौर पर ये हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम मेंटल हेल्थ को लेकर अपनी सोच में बदलाव और खुलापन लाएं"
"मेड इन इंडिया 5जी सेवाएं दूरस्थ स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में क्रांति लाएगी"

पंजाब के राज्यपाल श्री बनवारी लाल पुरोहित जी, मुख्यमंत्री श्रीमान भगवंत मान जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी डॉ. जितेंद्र सिंह जी, संसद में मेरे साथी भाई मनीष तिवारी जी, सभी डॉक्टर्स, रिसर्चर्स, पैरामेडिक्स, अन्य कर्मचारी और पंजाब के कोने –कोने से आए हुए मेरे प्यारे बहनों और भाइयों !

आज़ादी के अमृतकाल में देश नए संकल्पों को प्राप्त करने की तरफ बढ़ रहा है। आज का ये कार्यक्रम भी देश की बेहतर होती स्वास्थ्य सेवाओं का प्रतिबिंब है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर से पंजाब, हरियाणा के साथ ही हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी लाभ होने वाला है। मैं आज इस धरती का एक और वजह से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पंजाब स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिवीरों, राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत परंपरा की ये पवित्र धरती रही है। अपनी इस परंपरा को पंजाब ने हर घर तिरंगा अभियान के दौरान भी समृद्ध रखा है। आज मैं पंजाब की जनता का, विशेष रूप से यहां के युवाओं का, हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।

साथियों,

कुछ दिन पहले ही लाल किले से हम सभी ने अपने देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत को विकसित बनाने के लिए उसकी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विकसित होना उतना ही जरूरी है। जब भारत के लोगों को इलाज के लिए आधुनिक अस्पताल मिलेंगे, आधुनिक सुविधाएं मिलेंगीं, तो वो और जल्दी स्वस्थ होंगे, उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगेगी, अधिक प्रोडक्टिव होगी। आज होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर के तौर पर भी देश को एक आधुनिक अस्पताल मिला है। इस आधुनिक सुविधा के निर्माण में केंद्र सरकार के टाटा मेमोरियल सेंटर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ये सेंटर, देश-विदेश में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराकर, कैंसर के मरीजों का जीवन बचा रहा है। देश में कैंसर की आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में भारत सरकार अग्रणी रोल निभा रहा है। मुझे बताया गया है कि अब टाटा मेमोरियल सेंटर के पास हर साल डेढ़ लाख नए मरीजों के इलाज की सुविधा तैयार हो गई है। ये कैंसर मरीजों को बहुत बड़ी राहत देने वाला काम हुआ है। मुझे याद है, यहां चंडीगढ़ में हिमाचल के दूर-सुदूर के क्षेत्रों से भी लोग कैंसर सहित अनेक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए PGI आते थे। PGI में बहुत भीड़ होने से पेशेंट को भी, उनके परिवारजनों को भी कई परेशानिया रहती थी। अब तो हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर में एम्स बन गया है और यहां कैंसर के इलाज के लिए इतनी बड़ी सुविधा बन गई है। जिसको बिलासपुर नज़दीक पड़ता है, वो वहां जाएगा और जिसको मोहाली नज़दीक पड़ता है वो यहां आएगा।

साथियों,

लंबे समय से देश में ये आकांक्षा रही है कि हमारे देश में हेल्थकेयर का एक ऐसा सिस्टम हो जो गरीब से गरीब की भी चिंता करता हो। एक ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था जो गरीब के स्वास्थ्य की चिंता करे, गरीब को बीमारियों से बचाए, बीमारी हुई तो फिर उसको उत्तम इलाज सुलभ कराए। अच्छे हेल्थकेयर सिस्टम का मतलब सिर्फ चार दीवारें बनाना नहीं होता है। किसी भी देश का हेल्थकेयर सिस्टम तभी मजबूत होता है, जब वो हर तरह से समाधान दे, कदम-कदम पर उसका साथ दे। इसलिए बीते आठ वर्षों में देश में होलिस्टिक हेल्थकेयर को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा गया है। भारत में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जितना काम पिछले 7-8 साल में हुआ है, उतना पिछले 70 साल में भी नहीं हुआ। आज स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए गरीब से गरीब को आरोग्य सुविधा के लिए देश एक नहीं, दो नहीं, छह मोर्चों पर एक साथ काम करके देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारा जा रहा है, मजबूत किया जा रहा है। पहला मोर्चा है, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को बढ़ावा देने का। दूसरा मोर्चा है, गांव-गांव में छोटे और आधुनिक अस्पताल खोलने का। तीसरा मोर्चा है- शहरों में मेडिकल कॉलेज और मेडिकल रीसर्च वाले बड़े संस्थान खोलने का चौथा मोर्चा है- देशभर में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने का। पांचवा मोर्चा है- मरीजों को सस्ती दवाइयां, सस्ते उपकरण उपलब्ध कराने का। और छठा मोर्चा है- टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके मरीजों को होने वाली मुश्किलें कम करने का। इन छह मोर्चों पर केंद्र सरकार आज रिकॉर्ड निवेश कर रही है, इनवेस्टमेंट कर रही है, हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है।

साथियों,

हमारे यहां हमेशा से कहा गया है, बीमारी से बचाव ही सबसे अच्छा इलाज होता है। इसी सोच के साथ देश में प्रिवेंटिव हेल्थकेयर पर इतना जोर दिया जा रहा है। अभी कुछ दिन पहले ही एक रिपोर्ट आई है, जिसमें कहा गया है कि जल जीवन मिशन की वजह से, पानी से होने वाली बीमारियों में बहुत ज्यादा कमी आई है। यानि जब हम बचाव के लिए काम करते हैं, तो बीमारी भी कम होती है। इस तरह की सोच पर पहले की सरकारें काम ही नहीं करती थीं। लेकिन आज हमारी सरकार तमाम अभियान चलाकर, जन जागरूकता में अभियान चलाकर लोगों को जागरूक भी कर रही है और बीमार होने से बचा भी रही है। योग और आयुष को लेकर आज देश में अभूतपूर्व जागरूकता फैली है। दुनिया में योग के लिए आकर्षण बढ़ा है। फिट इंडिया अभियान देश के युवाओं में लोकप्रिय हो रहा है। स्वच्छ भारत अभियान ने बहुत सी बीमारियों के रोकथाम में मदद की है। पोषण अभियान और जल जीवन मिशन से कुपोषण को कंट्रोल करने में मदद मिल रही है। अपनी माताओं-बहनों को एलपीजी कनेक्शन की सुविधा देकर हमने उन्हें धुएं से होने वाली बीमारियां, कैंसर जैसे संकटों से भी बचाया है।

साथियों,

हमारे गांवों में जितने अच्छे अस्पताल होंगे, जांच की जितनी सुविधाए होंगी, उतना ही जल्दी रोगों का भी पता चलता है। हमारी सरकार, इस दूसरे मोर्चे पर भी देशभर में बहुत तेजी से काम कर रही है। हमारी सरकार गांव-गांव को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए डेढ़ लाख से ज्यादा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनवा रही है। मुझे खुशी है कि इनमें से लगभग सवा लाख हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स ने काम करना शुरू भी कर दिया है। यहां पंजाब में भी लगभग 3 हजार हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सेवा दे रहे हैं। देशभर में इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स में अभी तक लगभग 22 करोड़ लोगों की कैंसर से जुड़ी स्क्रीनिंग हो चुकी है जिसमें से करीब 60 लाख स्क्रीनिंग ये मेरे पंजाब में ही हुई है। इसमें जितने भी साथियों में कैंसर की पहचान शुरुआती दौर में हो पाई है, उनको गंभीर खतरों से बचाना संभव हो पाया है।

साथियों,

एक बार जब बीमारी का पता चलता है तो ऐसे अस्पतालों की ज़रूरत होती है, जहां गंभीर बीमारियों का ठीक से इलाज हो सके। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य पर काम कर रही है। आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत जिला स्तर पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं बनाने पर 64 हज़ार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। एक समय में देश में सिर्फ 7 एम्स हुआ करते थे। आज इनकी संख्या भी बढ़कर के 21 हो गई है। यहां पंजाब के बठिंडा में भी एम्स बेहतरीन सेवाएं दे रहा है। अगर मैं कैंसर के अस्पतालों की ही बात करूं तो देश के हर कोने में कैंसर से जुड़े इलाज की आधुनिक व्यवस्था की जा रही है। पंजाब में ये इतना बड़ा सेंटर बना है। हरियाणा के झज्जर में भी नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित किया गया है। पूर्वी भारत की तरफ जाएं तो वाराणसी अब कैंसर ट्रीटमेंट का एक हब बन रहा है। कोलकाता में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट का दूसरा कैंपस भी काम शुरु कर चुका है। कुछ दिन पहले ही असम के डिब्रूगढ़ से मुझे एक साथ 7 नए कैंसर अस्पातालों के लोकार्पण का अवसर भी मिला था। हमारी सरकार ने देशभर में कैंसर से जुड़े करीब 40 विशेष संस्थान स्वीकृत किए हैं जिनमें से अनेक अस्पताल सेवा देना शुरु भी कर चुके हैं।

साथियों,

अस्पताल बनाना जितना ज़रूरी है, उतना ही ज़रूरी पर्याप्त संख्या में अच्छे डॉक्टरों का होना, दूसरे पैरामेडिक्स उपलब्ध होना भी है। इसके लिए भी आज देश में मिशन मोड पर काम किया जा रहा है। 2014 से पहले देश में 400 से भी कम मेडिकल कॉलेज थे। यानि 70 साल में 400 से भी कम मेडिकल कॉलेज। वहीं बीते 8 साल में 200 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज देश में बनाए गए हैं। मेडिकल कॉलेजों के विस्तार का मतलब है कि मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ी है। मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अवसर बढ़े हैं। और देश की सेहत का ध्यान रखने वाले हेल्थ प्रोफेशनल्स की संख्या बढ़ी है। यानि हेल्थ सेक्टर में रोज़गार के भी अनेक अवसर इससे तैयार हो रहे हैं। हमारी सरकार ने 5 लाख से ज्यादा

आयुष डॉक्टर्स को भी एलोपैथिक डॉक्टरों की तरह मान्यता दी है। इससे भारत में डॉक्टर और मरीजों के बीच अनुपात में भी सुधार हुआ है।

साथियों,

यहां बैठे हम सभी लोग बहुत सामान्य परिवारों से हैं। हम सभी को अनुभव है कि गरीब के घर जब बीमारी आती थी तो घर-ज़मीन तक बिक जाया करती थी। इसलिए हमारी सरकार ने मरीजों को सस्ती दवाइयां, सस्ता इलाज उपलब्ध कराने पर भी उतना ही जोर दिया है। आयुष्मान भारत ने गरीब को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। इसके तहत अभी तक साढ़े 3 करोड़ मरीज़ों ने अपना इलाज कराया है, और एक रुपये का उनको खर्च नहीं करना पड़ा है। और इसमें बहुत सारे कैंसर के भी मरीज हैं। आयुष्मान भारत की वजह से गरीब के 40 हज़ार करोड़ रुपए अगर ये व्यवस्था न होती तो उसकी जेब से जाने वाले थे। वो 40 हजार करोड़ रुपये आप जैसे परिवारों के बचे हैं। इतना ही नहीं, पंजाब सहित देशभर में जो जनऔषधि केंद्रों का नेटवर्क है, जो अमृत स्टोर हैं, वहां भी कैंसर की दवाएं बहुत कम कीमत पर उपलब्ध हैं। कैंसर की 500 से अधिक दवाएं जो पहले बहुत महंगी हुआ करती थी, उनकी कीमत में लगभग 90 प्रतिशत कमी की गई है। यानि जो दवाई 100 रुपये में आती थी। जन औषधी केंद्र में वही दवाई 10 रुपये में उपलब्ध कराई जाती है। इससे भी मरीज़ों के हर वर्ष औसतन करीब 1 हज़ार करोड़ रुपए बच रहे हैं। देशभर में लगभग 9 हज़ार जनऔषधि केंद्रों पर भी सस्ती दवाएं, गरीब और मध्यम वर्ग की परेशानियों को कम करने में मदद कर रही हैं।

भाइयों और बहनों,

सरकार के होलिस्टिक हेल्थकेयर अभियान में नया आयाम जोड़ा है, आधुनिक टेक्नोलॉजी ने। हेल्थ सेक्टर में आधुनिक टेक्नॉलॉजी का भी पहली बार इतनी बड़ी स्केल पर समावेश किया जा रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन ये सुनिश्चित कर रहा है कि हर मरीज़ को क्वालिटी स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, समय पर मिलें, कम से कम परेशानी हो। टेलिमेडिसिन, टेलिकंसल्टेशन की सुविधा के कारण आज दूर-सुदूर, गांव का व्यक्ति भी शहरों के डॉक्टरों से शुरुआती परामर्श ले पा रहा है। संजीवनी ऐप से भी अभी तक करोड़ों लोगों ने इस सुविधा का लाभ लिया है। अब तो देश में मेड इन इंडिया 5G सेवाएं लॉन्च हो रही हैं। इससे रिमोट हेल्थकेयर सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। तब गांव के, गरीब परिवारों के मरीज़ों को बड़े अस्पतालों में बार-बार जाने की मजबूरी भी कम हो जाएगी।

साथियों,

मैं देश के हर कैंसर पीड़ित और उनके परिवार से एक बात ज़रूर कहना चाहूंगा। आपकी पीड़ा मैं भलिभांति समझ सकता हूं। लेकिन कैंसर से डरने की नहीं लड़ने की ज़रूरत है। इसका इलाज संभव है। मैं ऐसे अनेक लोगों को जानता हूं जो कैंसर के सामने लड़ाई जीतकर के आज बड़ी मस्ती से जिंदगी जी रहे हैं। इस लड़ाई में आपको जो भी मदद चाहिए, केंद्र सरकार वो आज उपलब्ध करा रही है। इस अस्पताल से जुड़े आप सभी साथियों से भी मेरा विशेष आग्रह रहेगा कि कैंसर के कारण जो depression की स्थितियां बनती हैं, उनसे लड़ने में भी हमें मरीज़ों की, परिवारों की मदद करनी है। एक प्रोग्रेसिव समाज के तौर पर ये हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम मेंटल हेल्थ को लेकर अपनी सोच में बदलाव और खुलापन लाएं। तभी इस समस्या का सही समाधान निकलेगा। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े अपने साथियों से मैं ये भी कहूंगा कि आप भी जब गांवों में कैंप लगाते हैं तो इस समस्या पर भी ज़रूर फोकस करें। सबका प्रयास से हम कैंसर के विरुद्ध देश की लड़ाई को मज़बूत करेंगे, इसी विश्वास के साथ पंजाब वासियों को और जिसका लाभ हिमाचल को भी मिलने वाला है आज ये बहुत बड़ा तौहफा आपके चरणों में समर्पित करते हुए मैं संतोष की अनुभूति करता हूं, गर्व की अनुभूति करता हूं। आप सबको बहुत बहुत शुभकामनाएं, बहुत बहुत धन्यवाद !

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Central schemes bring in electricity, infra and jobs at Kondagaon in Bastar

Media Coverage

Central schemes bring in electricity, infra and jobs at Kondagaon in Bastar
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
इस साल का केंद्रीय बजट आर्थिक विकास को टिकाऊ और सुदृढ़ बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है: पीएम मोदी
March 03, 2026
इस वर्ष का केंद्रीय बजट आर्थिक विकास बरकरार रखने और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को और पुष्ट करता है: प्रधानमंत्री
हमारी दिशा स्पष्ट है, हमारा संकल्प स्पष्ट है, अधिक निर्माण करें, अधिक उत्पादन करें, अधिक संपर्क स्थापित करें, अधिक निर्यात करें: प्रधानमंत्री
दुनिया विश्वसनीय और सामर्थ्यवान विनिर्माण साझेदारों की तलाश में है और आज भारत के पास इस भूमिका को ठोस तरीके से निभाने का अवसर है: प्रधानमंत्री
भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, हमारे लिए अवसरों के बहुत बड़े द्वार खुल गए हैं और ऐसी स्थिति में गुणवत्ता से कभी समझौता न करना हमारी जिम्मेदारी है: प्रधानमंत्री
कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज मिशन एक महत्वपूर्ण पहल है, स्थिरता को मुख्य व्यावसायिक रणनीति में जोड़ना आवश्यक होगा: प्रधानमंत्री
जो उद्योग समय रहते स्वच्छ प्रौद्योगिकी में निवेश करेंगे, वे आने वाले वर्षों में नए बाजारों तक बेहतर पहुंच बनाने में सक्षम होंगे: प्रधानमंत्री
आज विश्व अर्थव्यवस्था में बड़ा परिवर्तन हो रहा है, क्योंकि बाजार अब न केवल लागत बल्कि स्थिरता पर भी ध्यान दे रहे हैं: प्रधानमंत्र

नमस्कार !

गत् सप्ताह, बजट वेबिनार सीरीज के पहले वेबिनार का आयोजन हुआ, और मुझे ऐसा बताया गया कि वो बहुत सफल रहा, और बजट प्रावधानों के Implementation को लेकर हर किसी ने काफी उत्तम सुझाव दिए, सबकी सक्रिय भागीदारी का मैं स्वागत करता हूं और आज इस सीरीज के दूसरे वेबिनार का आयोजन हो रहा है। और मुझे बताया गया कि आज हजारों की तादाद में, ढेर सारे विषयों पर अनगिनत लोग अपने सुझाव देने वाले हैं। विषय के जो एक्सपर्ट्स हैं, वे भी हमसे जुड़ने वाले हैं। इतनी बड़ी तादाद में बजट पर चर्चा, ये अपने आप में एक बहुत सफल प्रयोग है। आप सब समय निकाल करके इस वेबिनार में जुड़े। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं, आपका स्वागत करता हूं। इस वेबिनार की थीम देश की Economic Growth को निरंतर मजबूती देने से जुड़ी हुई है। आज जब भारत अपनी मजबूत economy से पूरे विश्व की उम्मीद बना हुआ है, आज जब ग्लोबल सप्लाई चैन re-shape हो रही है, तब अर्थव्यवस्था की तेज प्रगति विकसित भारत का भी बहुत बड़ा आधार है। हमारी दिशा स्पष्ट है, हमारा संकल्प स्पष्ट है, Build more, produce more, connect more और अब जरूरत है Export more, और निश्चित तौर पर इसमें आज आपके बीच जो मंथन होगा, इस मंथन से जो सुझाव निकलेंगे, उनकी बड़ी भूमिका होगी।

साथियों,

आप सब जानते हैं, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, हमारे MSME's, लघु उद्योग, कुटीर उद्योग, इतना ही नहीं, हमारे छोटे-बड़े शहर, ये अर्थव्यवस्था के पिलर्स के तौर पर दिखने में तो अलग-अलग लगते हैं, लेकिन वे सभी interconnected हैं। जैसे, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग नए अवसर तैयार करती है, और इससे निर्यात में बढ़ोतरी होती है। Competitive MSMEs से flexibility और इनोवेशन को बढ़ावा मिलता है। बेहतर लॉजिस्टिक्स से लागत कम होती है। Well-planned शहर investment और talent दोनों को अपनी ओर खींचते हैं। इन सभी पिलर्स को इस साल के बजट ने बहुत मजबूती दी है।

लेकिन साथियों,

कोई भी दिशा अपने आप परिणाम नहीं बन जाती, जमीन पर बदलाव तब आता है, जब industry, financial institutions, राज्य सरकारें, मिलकर उसे वास्तविकता बनाते हैं। मेरी अपेक्षा है, इस वेबिनार में आप सभी अपने मंथन में कुछ विषयों को जरूर प्राथमिकता दें, जैसे मैन्युफैक्चरिंग और प्रॉडक्शन, ये कैसे बढ़े, Cost structure को कैसे कंपटीटिव बनाया जा सकता है, निवेश का प्रवाह कैसे तेज हो, और विकास कैसे देश के कोने-कोने तक पहुंचे। इस दिशा में आपके सुझाव बहुत अहम साबित होंगे।

साथियों,

मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आज देश कोर इंडस्ट्रियल क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। और इस मार्ग में जो चुनौतियां हैं, उन्हें भी दूर किया जा रहा है। Dedicated Rare Earth Corridors, कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग, ऐसे सेक्टर्स पर फोकस करके हम अपने ट्रेड इकोसिस्टम को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। बजट में बायोफार्मा शक्ति मिशन की घोषणा भी की गई है। इस मिशन का उद्देश्य है, भारत को biologics और next-generation थेरेपीज के क्षेत्र में ग्लोबल हब बनाना। हम Advanced Biopharma Research और मैन्युफैक्चरिंग में लीडरशिप की ओर बढ़ना चाहते हैं।

साथियों,

आज दुनिया विश्वसनीय और resilient manufacturing partners की तलाश में है। भारत के पास यह अवसर है कि वह इस भूमिका को मजबूती से निभाए। इसके लिए आप सभी स्टेकहोल्डर्स को बहुत आत्मविश्वास के साथ निवेश करना होगा, नई टेक्नोलॉजी अपनानी होगी और रिसर्च में जो कंजूसी करते हैं ना, वो जमाना चला गया, अब हमें रिसर्च में बड़ा इनवेस्टमेंट करना होगा, और ग्लोबल स्टैंडर्ड के अनुरूप क्वालिटी भी सुनिश्चित करनी होगी, और मैं बार-बार कहता हूं कि अब हमें आगे बढ़ने के जब अवसर आए हैं, तो हमारा एक ही मंत्र होना चाहिए, क्वालिटी-क्वालिटी-क्वालिटी।

साथियों,

भारत ने बहुत सारे देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। हमारे लिए अवसरों का, यानि अवसरों का बहुत बड़ा द्वार खुला है। ऐसे में हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम क्वालिटी पर कभी भी समझौता ना करें, अगर किसी एक चीज पर सबसे ज्यादा ताकत, बुद्धि, शक्ति, समझ लगानी है, तो हमें क्वालिटी पर बहुत ज्यादा जोर देना चाहिए। हमारे प्रोडक्ट्स की क्वालिटी ग्लोबल स्टैंडर्ड, इतना ही नहीं, उससे भी बेहतर हो। और इसके लिए हमें दूसरे देशों की जरूरतों को, वहां के लोगों की अपेक्षाओं को भी, उसका अध्ययन करना पड़ेगा, रिसर्च करनी पड़ेगी, उसे समझना होगा। हमें दूसरे देशों के लोगों की पसंद और उनके कंफर्ट को स्टडी करना, ये सबसे बड़ी आवश्यकता है, और रिसर्च करनी चाहिए। मान लीजिए कोई छोटा पुर्जा मांगता है, और वो बहुत बड़ा जहाज बना रहा है, लेकिन हम पुर्जे में चलो भेज दो, क्या है? तो कौन लेगा आपका पुर्जा? भले आपके लिए वह छोटा पुर्जा है, लेकिन उसकी एक बहुत बड़ी जो मैन्युफैक्चरिंग की यूनिट है, उसमें बहुत बड़ा महत्व रखता है। और इसलिए आज दुनिया में हमारे लिए क्वालिटी ही इस कंपिटिटिव वर्ल्ड के अंदर सुनहरा अवसर बना देती है। हमें उनके हिसाब से यूजर फ्रेंडली प्रोडक्ट बनाने होंगे। तभी हम उन अवसरों का लाभ उठा पाएंगे, और जो फ्री ट्रेड एग्रीमेंट तैयार हो चुका है, अब ये विकास का महामार्ग आपके लिए तैयार है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस वेबिनार में इस विषय पर फोकस करते हुए भी आप सब जरूर चर्चा करेंगे।

साथियों,

हमने MSME classification में जो Reforms किए, उसका व्यापक प्रभाव दिख रहा है। इससे enterprises का ये डर खत्म हुआ है कि वो अपना विस्तार करेंगे, तो उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाले फायदे बंद हो जाएंगे। क्रेडिट तक MSME's की आसान पहुंच बनाने, टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन को बढ़ावा देने और कपैसिटी बिल्डिंग की दिशा में लगातार प्रयास हुए हैं।

लेकिन साथियों,

इन प्रयासों का असर तभी दिखाई देगा, जब MSMEs ज्यादा से ज्यादा कंपटीशन में उतरेंगे, और विजयी होने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे। अब समय है कि MSMEs अपनी प्रोडक्टिविटी और बढ़ाएं, क्वालिटी स्टैंडर्ड्स को ऊंचा करें, डिजिटल प्रोसेस और मजबूत वैल्यू चैन से जुड़ें। इस दिशा में, इस वेबिनार में आपके सुझाव बहुत अहम होंगे।

साथियों,

इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स हमारी growth strategy के कोर पिलर्स हैं। इस वर्ष के बजट में रिकॉर्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर का प्रस्ताव है। High-capacity transport systems का निर्माण, रेलवे, हाइवे, पोर्ट, एयरपोर्ट, वाटरवे के बीच बेहतर तालमेल, अलग-अलग फ्रेट कॉरिडोर और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी का विस्तार, ये सभी कदम खर्च कम करने और efficiency improve करने के लिए आवश्यक है। इसलिए, नए वाटरवेज, शिप रिपेयर फैसिलिटी और Regional Centres of Excellence हमारे लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करेंगे। सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकास के ग्रोथ कनेक्टर बनने वाले हैं। लेकिन आप भी जानते हैं, इस इंफ्रास्ट्रक्चर का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उद्योग और निवेशक अपनी रणनीतियों को इस विजन के अनुरूप में ढालेंगे। ये रणनीतियां क्या होगी, इस पर भी आपको विस्तार से चर्चा करनी चाहिए, और मुझे पूरा विश्वास है कि आप जरूर इन बातों पर ध्यान देंगे।

साथियों,

भारत की विकास यात्रा में अर्बनाइजेशन, शहरीकरण का भी बहुत अहम रोल है। भारत की future growth इस बात पर निर्भर करेगी कि हम अपने शहरों को कितना effectively plan और manage करते हैं। हमारे Tier-II और Tier-III शहर, नए growth anchors कैसे बनें, इसके लिए भी इस बजट वेबिनार में आपके सुझाव बहुत अहम होंगे।

साथियों,

आज दुनिया की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा परिवर्तन चल रहा है। बाजार अब केवल लागत नहीं देखते हैं, वे sustainability भी देखते हैं। इस दिशा में Carbon Capture, Utilisation and Storage Mission एक महत्वपूर्ण पहल है। अब sustainability उसको आपको core business strategy का हिस्सा बनाना ही होगा। जो उद्योग समय रहते क्लीन टेक्नोलॉजी में निवेश करेंगे, वे आने वाले वर्षों में नए-नए बाजारों तक बेहतर पहुंच बना पाएंगे। इस साल बजट ने नई दिशा दी है। मेरा आग्रह है कि उद्योग, निवेशक और विभिन्न संस्थान मिलकर इस पर आगे बढ़ें।

साथियों,

विकसित भारत का लक्ष्य collective ownership से ही हासिल किया जा सकता है। ये बजट वेबिनार भी सिर्फ discussion का प्लेटफॉर्म ना बने, सिर्फ अपने ज्ञान को हम बटोरते रहे, ऐसा नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें collective ownership दिखे, ये बहुत जरूरी है। बजट ने framework दिया है, अब आपको मिलकर momentum पैदा करना है। आपको हमारे प्रयासों में सहभागी बनना है। आपका हर सुझाव, हर अनुभव जमीन पर बेहतरीन नतीजें लाने की क्षमता रखता है। आपके सुझाव देश की प्रगति में माइलस्टोन बनें, इसी विश्वास के साथ आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

नमस्कार !