उन्होंने कर्मयोगी प्रारंभ मॉड्यूल का भी शुभारंभ किया, जो सभी नए भर्ती किए गए उम्मीदवारों के लिए एक ऑनलाइन ओरिएंटेशन कोर्स है
"रोजगार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राष्ट्रीय विकास में उत्प्रेरक बनाने वाला हमारा प्रयास है"
“सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है”
"केंद्र सरकार राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग करने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है"
"'कर्मयोगी भारत' प्रौद्योगिकी मंच कौशल उन्नयन में बहुत मदद करेगा"
"दुनिया भर के विशेषज्ञ भारत के विकास पथ के बारे में आशावादी हैं"
“सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में ही नई नौकरियों की संभावनाएं लगातार बढ़ गई हैं। यह भी महत्वपूर्ण बात यह है कि रोजगार के ये अवसर युवाओं के लिए उनके अपने शहरों और गांवों में ही उभर रहे हैं"
"हम भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के मार्ग के साथी और सह-यात्री हैं"

नमस्‍कार।

रोजगार मेले में जुड़े मेरे युवा साथियों,

आप सबको बहुत-बहुत बधाई। आज देश के 45 शहरों में 71 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। यानी, आज एक साथ हजारों घरों में खुशहाली के नए दौर की शुरुआत हुई है। पिछले महीने आज के ही दिन धनतेरस पर केंद्र सरकार की तरफ से 75 हजार नौजवानों को नियुक्ति पत्र बांटे गए थे। अब आज का ये विशाल रोजगार मेला दिखाता है कि सरकार किस तरह government job देने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।

साथियों,

पिछले महीने जब रोजगार मेले की शुरुआत हुई थी, तो मैंने एक और बात कही थी। मैंने कहा था कि विभिन्न केंद्र शासित प्रदेश, NDA और भाजपा शासित राज्य भी इसी तरह रोजगार मेले का आयोजन करते रहेंगे। मुझे खुशी है कि पिछले एक महीने में ही महाराष्ट्र और गुजरात में भी राज्य सरकारों की तरफ से हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए हैं। कुछ दिन पहले ही यूपी सरकार ने भी अनेकों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं। पिछले एक महीने में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यद्वीप, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव और चंडीगढ़ में भी रोजगार मेले आयोजित करके हजारों युवाओं को नौकरी दी गई है। मुझे बताया गया है कि परसो यानि 24 नवंबर को गोवा सरकार भी इसी तरह के रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है। 28 नवंबर को त्रिपुरा सरकार भी रोजगार मेले का आयोजन कर रही है। यही डबल इंजन की सरकार का डबल फायदा है। देश के युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से नियुक्त पत्र देने का ये अभियान ऐसे ही अनवरत जारी रहेगा।

साथियों,

भारत जैसे युवा देश में, हमारे करोड़ों नौजवान इस राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। अपने युवाओं की प्रतिभा और उनकी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में ज्यादा से ज्यादा उपयोग में आए, इसे केंद्र सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आज राष्ट्र निर्माण के कर्तव्य पथ से जुड़ रहे अपने 71 हजार से ज्यादा नए सहयोगियों का मैं स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं। जिन पदों पर आपकी नियुक्ति होने जा रही है, उसे आपने कठिन परिश्रम से, कड़ी प्रतियोगिता में सफल होकर हासिल किया है। इसके लिए आपको और आपके परिवार को भी उतना ही हक है बधाई प्राप्‍त करने का।

मेरे युवा साथियों,

आपको ये नई जिम्मेदारी एक विशेष कालखंड में मिल रही है। देश अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। हम देशवासियों ने मिलकर इस अमृतकाल में भारत को विकसित बनाने का प्रण लिया है। इस प्रण की प्राप्ति में आप सभी देश के सारथी बनने जा रहे हैं। आप सभी जो नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं, उसमें आप, अन्य देशवासियों के सामने केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर नियुक्‍त होंगे एक प्रकार से। ऐसे में आपको एक और बात याद जरूर रखनी चाहिए, अपना कर्तव्य निभाने के लिए आपको अपनी भूमिका अच्छी तरह समझनी होगी। एक जनसेवक के तौर पर अपनी सेवाएं देने के लिए आपको अपनी क्षमता बढ़ाने, Capacity Building पर भी लगातार फोकस करना चाहिए। आज सरकार का प्रयास टेक्नोलॉजी की मदद से हर सरकारी कर्मचारी को बेहतर ट्रेनिंग की सुविधा देने का है। हाल ही में जो 'कर्मयोगी भारत' टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म लॉन्च हुआ है, उसमें कई तरह के ऑनलाइन कोर्सेस उपलब्ध हैं। आज ही, आप जैसे नए सरकारी कर्मचारियों के लिए एक विशेष कोर्स की शुरुआत भी की जा रही है। इसको नाम दिया गया है- कर्मयोगी प्रारंभ। आप 'कर्मयोगी भारत' प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऑनलाइन कोर्सेस का जरूर ज्‍यादा फायदा उठाऐंगे ही। इससे आपकी स्किल भी अपग्रेड होगी और भविष्य में आपको अपने करियर में भी काफी लाभ होगा।

साथियों,

आज आप ये भी देख रहे हैं कि वैश्विक महामारी और युद्ध के संकट के बीच, पूरे विश्व में युवाओं के सामने नए अवसरों का संकट है। बड़े-बड़े एक्सपर्ट्स, विकसित देशों में भी बड़े संकट की आशंका जता रहे हैं। ऐसे समय में economists और experts ये कह रहे हैं कि भारत के पास अपना आर्थिक सामर्थ्य दिखाने और नए अवसरों को बढ़ाने का एक स्‍वर्णीम मौका है। भारत आज service exports के मामले में विश्व की एक बड़ी शक्ति बन गया है। अब एक्सपर्ट भरोसा जता रहे हैं कि भारत विश्व का manufacturing house भी बनने वाला है। इसमें हमारी Production Linked Incentive Scheme, ऐसी योजनाओं की बड़ी भूमिका होगी लेकिन इसका मुख्य आधार भारत का skilled manpower, भारत का skilled युवा ही होगा। आप कल्पना कर सकते हैं, सिर्फ PLI स्कीम में ही देश में 60 लाख नए रोजगार का सृजन होने की उम्मीद है। मेक इन इंडिया अभियान हो, वोकल फॉर लोकल हो, लोकल को ग्लोबल ले जाने का अभियान हो, ये सभी योजनाएं देश में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बना रही हैं। यानि सरकारी और गैर-सरकारी, दोनों ही क्षेत्रों में नई नौकरियों की संभावना लगातार बढ़ रही है। और बड़ी बात ये कि ये कि नए अवसर युवाओं के लिए उनके अपने शहर, अपने गांवों में बन रहे हैं। इससे युवाओं के सामने अब पलायन की मजबूरी कम हुई है और वो अपने क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग भी कर पा रहे हैं।

स्टार्ट-अप्स से लेकर स्वरोजगार तक, स्पेस से लेकर ड्रोन तक, आज भारत में युवाओं के लिए चौतरफा नए अवसरों का निर्माण हो रहा है। आज भारत के 80 हजार से ज्यादा स्टार्ट-अप्स, युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अपना सामर्थ्य दिखाने का मौका दे रहे हैं। दवाइयों की सप्लाई हो या पेस्टिसाइड का छिड़काव, स्वामित्व योजना में ड्रोन से मैपिंग हो या फिर रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल, ड्रोन्स का उपयोग देश में लगातार बढ़ रहा है। और ड्रोन्स का ये बढ़ता हुआ उपयोग, युवाओं को नई नौकरियां दे रहा है। हमारी सरकार ने स्पेस सेक्टर को खोलने का जो निर्णय लिया, उसका भी बड़ा लाभ युवाओं को मिला है। हमने 2-3 दिन पहले ही देखा है कि कैसे भारत के प्राइवेट सेक्टर ने अपना पहला स्पेस रॉकेट सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। आज जो अपना बिजनेस करना चाहते हैं, उन्हें मुद्रा लोन से भी बड़ी मदद मिल रही है। अब तक देश में 35 करोड़ से ज्यादा मुद्रा लोन दिए जा चुके हैं। देश में Innovation को बढ़ावा देने से, Research को बढ़ावा देने से भी रोजगार के मौके बढ़ रहे हैं। मैं देश के सभी युवाओं से आग्रह करूंगा कि इन नए अवसरों का भी पूरा लाभ उठाएं। आज जिन 71 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र मिला है, मैं उन्हें एक बार फिर बधाई देता हूं, अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्‍वास है कि आप अपनी capacity बढ़ाने के लिए प्रयास करने में कभी कोई कमी नहीं रखेंगे आज जो नियुक्‍त पत्र है वो आपका entry point है। इसका मतलब हुआ कि प्रगति का एक नया विश्‍व आपने सामने अब खुल चुका है। आप अपने आप को अधिक से अधिक योग्‍य बनाइए, काम करते- करते योग्‍यता बढ़ाइए, ज्ञान अर्जित करते-करते योग्‍यता बढ़ाइए। अपने seniors से जो अच्‍छी चिजें हैं वो सिखकर के योग्‍यता बढ़ाइए।

साथियों,

मैं भी आपकी तरह निरंतर सिखने का प्रयास करता हूं मेरे भीतर के विद्यार्थी को कभी मरने नही देता हूं। हर किसी से मैं सिखता हूं, हर छोटी चीज से सिखने का प्रयास करता हूं और उसका कारण आज मुझे एक साथ अनेक काम करने का मुझे कभी संकोच नहीं होता है, झिझक नहीं होती है, कर पाता हूं। आप भी कर सकते है और इसलिए ये जो नया विषय प्रांरभ हुआ है कर्मयोगी आरंभ का मैं आपसे चाहूंगा दोस्‍तों की आप उससे जुड़िए। क्‍या आप एक महीने के बाद मुझे आपका इस online training का क्‍या अनुभव रहा। इस online training में आपको क्‍या कमीं लग रही है, इसे और अच्‍छा कैसे बनाया जा सकता है। आप स्‍वंय भी उस कर्मयोगी training को upgrade करने में कुछ सुझाव दे सकते है क्‍या? मैं आपके response को इंतजार करूंगा। देखिए हम सब एक साथी है, एक colleague है, हम co-traveller है। भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने के लिए एक राह पर हम चल पड़े है। आइए अनेक-अनेक शुभकामनाओं के साथ हम सब आगे बढ़ने का संकल्‍प करे।

बहुत-बहुत धन्‍यवाद!

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India’s electric PV retail sales jump 44% in February; Tata Motors leads: FADA

Media Coverage

India’s electric PV retail sales jump 44% in February; Tata Motors leads: FADA
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
विकसित राजस्थान की मजबूत नींव, विकसित भारत के संकल्प को और अधिक ताकत दे रही है: पीएम मोदी
March 07, 2026
"आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ समेत पूरे हड़ौती क्षेत्र के लिए नई उम्मीद और नई उपलब्धि का दिन है": प्रधानमंत्री
1,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहा ये आधुनिक एयरपोर्ट, आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला है: प्रधानमंत्री
इस विमान पत्तन के चालू होने पर कोटा समेत पूरे क्षेत्र में यात्रा आसान हो जाएगी और व्यापार में तेजी से वृद्धि होगी": प्रधानमंत्री
कोटा आज संपर्क के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है"
"अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोटा के दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है": प्रधानमंत्री
"कोटा और बूंदी से होकर गुजरने वाला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पूरे क्षेत्र के विकास के लिए एक नया द्वार खोल रहा है": प्रधानमंत्री

कोटा और पूरे हाड़ौती के अंचल के, मेरे सभी साथियों को फिर से एक बार नमस्कार।

अभी पिछले ही हफ्ते मुझे राजस्थान की यात्रा पर आने का अवसर मिला था। अजमेर की पावन धरती से हमने राजस्थान के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया था। उसी कार्यक्रम में राजस्थान के 21 हजार से अधिक नौजवान साथियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए थे। अब अजमेर यात्रा के कुछ ही दिनों बाद, आज मुझे कोटा से जुड़े हुए इस महत्वपूर्ण एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को शुरू करने का अवसर मिल रहा है। एक ही हफ्ते में राजस्थान में विकास के इन दो बड़े कार्यक्रमों का बहुत बड़ा संदेश है। ये बताते हैं कि आज राजस्थान किस गति से आगे बढ़ रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर हो, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, किसानों और माताओं-बहनों के लिए योजनाएं हों, राजस्थान में हर क्षेत्र में तेज़ी से काम हो रहा है।

साथियों,

आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए, एक नई आशा और नई उपलब्धि का दिन है। करीब डेढ़ हजार करोड़ रुपये से बनने जा रहा ये आधुनिक एयरपोर्ट, आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला है। मैं कोटा और पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लोगों को, एयरपोर्ट के शिलान्यास के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में, अपनी बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।

साथियों,

मुझे याद है, नवंबर 2023 में जब मैं कोटा आया था, तब मैंने कोटा की जनता से एक वादा किया था। मैंने कहा था कि कोटा का एयरपोर्ट केवल एक सपना बनकर नहीं रहेगा, बल्कि उसे साकार करके दिखाया जाएगा। आज मुझे प्रसन्नता है कि वो क्षण आ गया है, जब कोटा एयरपोर्ट के निर्माण का काम शुरू होने जा रहा है। अब तक कोटा के लोगों को जयपुर या जोधपुर जाकर फ्लाइट पकड़नी पड़ती थी। इसमें काफी समय भी लगता था और असुविधा भी होती थीं। अब यह स्थिति बदलने जा रही है। जब यह एयरपोर्ट शुरू होगा, तो कोटा समेत आसपास के पूरे इलाके में यात्रा भी आसान होगी और व्यापार भी तेज़ी से बढ़ेगा।

साथियों,

कोटा केवल शिक्षा का ही नहीं, बल्कि ऊर्जा का भी एक बड़ा केंद्र है। कोटा वह अनूठा क्षेत्र है, जहां न्यूक्लियर हो, कोयला आधारित हो, गैस और पानी हो, ऊर्जा के लगभग सभी स्रोतों से बिजली का उत्पादन होता है। हाड़ौती की यह धरती अपनी धरोहरों के लिए भी उतनी ही प्रसिद्ध है। कोटा कचौरी का जायका, कोटा डोरिया साड़ी, इसके साथ-साथ कोटा स्टोन और सैंड स्टोन की चमक, इन्होंने दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है। यहां का धनिया हो, बून्दी का बासमती चावल हो, इसकी महक अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचती है। ये क्षेत्र अपने परिश्रम, उत्पादन और संभावनाओं के लिए जाना जाता है। अब कोटा का ये नया एयरपोर्ट, यहां की संभावनाओं को कई गुना बढ़ाने का काम करेगा।

साथियों,

कोटा और हाड़ौती की यह धरती उद्यम और आस्था का भी बड़ा केंद्र है। सदियों से देश-दुनिया के श्रद्धालु, यहां श्री मथुराधीश जी की पावन पीठ, केशव-राय-पाटन के तीर्थ, खड़े गणेश जी महाराज और गोदावरी बालाजी धाम के दर्शन के लिए आते रहे हैं। गरड़िया महादेव से दिखने वाला चम्बल का दृश्य, हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देता है। मुकुंदरा हिल्स और रामगढ़ विषधारी जैसे वन्यजीव अभयारण्य, इस पूरे क्षेत्र को वाइल्ड-लाइफ टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनाते है। जब हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी, तो देश और दुनिया से पर्यटक यहाँ आएँगे, और इसका सीधा लाभ यहाँ के युवाओं, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा।

साथियों,

वैसे भी कोटा आज कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से चारो तरफ जुड़ रहा है, बढ़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोटा के दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, जो कोटा और बून्दी से होकर गुजर रहा है, पूरे क्षेत्र के विकास का नया द्वार खोल रहा है। अब दिल्ली, वडोदरा और मुंबई जैसे बड़े शहरों की दूरी महज़ कुछ घंटों की रह गई है। बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी के कारण यहाँ नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। विशेष रूप से एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री के लिए यह क्षेत्र एक बड़ा केंद्र बनेगा। रेल और सड़क के बाद हवाई कनेक्टिविटी का ये नया अध्याय कोटा के विकास को और गति देगा। कोटा एयरपोर्ट पूरे हाड़ौती क्षेत्र और आसपास के जिलों के लिए प्रगति के नए अवसर लेकर आएगा।

साथियों,

मैं इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए, कोटा के सांसद, श्रीमान ओम बिरला जी के निरंतर प्रयासों की भी सराहना करना चाहता हूं। उनकी हमेशा यही कोशिश रही है कि कोटा के लोगों का जीवन बेहतर बने, उन्हें नए अवसर मिलें। एयरपोर्ट हो, ट्रिपल आईटी का नया कैंपस हो, सड़कों का विस्तार हो, कोटा के विकास के लिए वे लगातार सेवाभाव से काम कर रहे हैं। उनके प्रयासों के कारण ही कोटा और इस पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है।

साथियों,

ओम बिरला जी, जितने शानदार सांसद हैं, उतने ही बेहतरीन लोकसभा अध्यक्ष भी हैं। वे संविधान को पूरी तरह समर्पित हैं, वे संसदीय प्रणालियों के प्रति पूरी तरह निष्ठा रखते हैं, वे आज किसी पक्ष के सदस्य नहीं हैं, वो पक्ष, प्रतिपक्ष से पूरी तरह ऊपर हैं, और मैं देख रहा हूं, जब उनको सदन में देखता हूं, तब मुझे विचार आता है कि शायद शिक्षा की नगरी से आने का प्रभाव है कि वो लोकतभा अध्यक्ष के तौर पर भी एक अच्छे मुखिया की तरह, सबको साथ लेकर के चलने की भूमिका में रहते हैं और सदन में जितने भी हमारे माननीय सांसदगण हैं, उनको वो अच्छे से संभाल लेते हैं, उनकी भावनाओं को, उनके आग्रहों को बहुत ही आदर करते हैं, और एक एैसे स्पीकर महोदय हैं, जो सांसदों का सर्वाधिक सम्मान करने का स्वभाव रखते हैं। और कभी-कभी कुछ बड़े घरानों के अहंकारी उत्पाती अगर कोई छात्र आ भी जाते हैं, वो अपना हुडदंग करने की आदत तो छोड़ते नहीं हैं, तो भी वो सदन के मुखिया की तरह सबको संभालते हैं, किसी को भी अपमानित नहीं करते हैं, सबके कड़वे बोल भी झेल लेते हैं, और आपने देखा होगा हर बार वो मुस्कुराते हैं, एक मीठी हसी उनके चेहरे पर हमेशा रहती है। शायद वो भी एक कारण है कि सदन में वो सर्वप्रिय हैं।

साथियों,

जब कनेक्टिविटी बढ़ती है तो विकास की संभावनाओं में भी नई तेजी आती है। बीते 11 वर्षों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बने नए एयरपोर्ट्स ने, विकास को नई गति दी है। 2014 से पहले देश में 70 के करीब एयरपोर्ट ही बने थे। आज यह संख्या बढ़कर 160 से ज्यादा हो गई है। इन नए एयरपोर्ट्स ने, हवाई यात्रा को आसान किया है, पर्यटन को बढ़ावा दिया है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं, और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार दी है। हम दिल्ली के आसपास ही देखें तो कई सारे नए एयरपोर्ट्स शुरू हुए हैं। हिसार में एयरपोर्ट बना है, हिंडन में एयरपोर्ट बना है, जेवर में नया एयरपोर्ट बना है, जब ये एयरपोर्ट बनते हैं, नए टर्मिनल बनते हैं, तो छोटे शहरों में भी नए उद्यम पहुंचते हैं,नई कंपनियां पहुंचती हैं। मुझे विश्वास है कि कोटा का यह नया एयरपोर्ट भी, आने वाले समय में इस क्षेत्र के विकास को इसी तरह नई गति देगा।

साथियों,

जब राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर काम करती हैं, जब नीयत साफ होती है और संकल्प मजबूत होता है, तब विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। आज राजस्थान में वही हो रहा है। विकसित राजस्थान की यही मजबूत नींव, विकसित भारत के संकल्प को और ताकत दे रही है। मुझे पूरा विश्वास है, हम सब मिलकर एक ऐसा राजस्थान बनाने में सफल होंगे, जो समृद्ध भी हो, सशक्त भी हो और अवसरों से भरा हुआ भी हो। इसी विश्वास के साथ, आप सभी को इस शिलान्यास के अवसर पर मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं हैं, बहुत-बहुत धन्यवाद। वंदे मातरम।