पश्चिम बंगाल आज एक ऐसे शासन के लिए लालायित है, जहां सरकार का हर विभाग, अपना काम करे, अपना दायित्व निभाए : प्रधानमंत्री मोदी
भारत में रिकॉर्ड निवेश आ रहा है। हम चाहते हैं कि इसका एक बड़ा हिस्सा उद्योग और रोजगार के हर रूप को बढ़ावा देने के लिए बंगाल में इस्तेमाल किया जाए: पीएम मोदी
रेशम और जूट उद्योग आत्मनिर्भर भारत के महत्वपूर्ण पहलू हैं। उन्हें बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार आने पर पीएम-किसान योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में 18,000 रुपए देने का वादा किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बीरभूम, कोलकाता, मालदा और मुर्शिदाबाद के मतदाताओं को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के ये चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने के लिए नहीं हैं, बल्कि इन चुनावों में, मैं एक आकांक्षी, एक आशावादी पश्चिम बंगाल को उभरते देख रहा हूं। गांव हो या शहर, हर जगह बेहतर जीवन, बेहतर शिक्षा, बेहतर रोज़गार, बेहतर विकल्प के लिए एक तड़प देख रहा हूं।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "पश्चिम बंगाल पक्षपात से मुक्त शासन के लिए मतदान कर रहा है। लोगों को रोजगार के अवसरों, ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की तलाश है। बीजेपी ने ऐसी सभी जरूरतों को पूरा करने का संकल्प लिया है।"

बंगाल के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा," शांति, सुरक्षा और विकास की एक ललक बंगाल में देखने को मिल रही है। पश्चिम बंगाल आज एक ऐसे शासन के लिए लालायित है, जहां सरकार का हर विभाग अपना काम करे, अपना दायित्व निभाए। भेदभाव से मुक्त, सद्भाव से युक्त, व्यवस्था के लिए पश्चिम बंगाल वोट दे रहा है।"

केंद्र सरकार के विकास कार्यों के बारे में बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत में निवेश करने के लिए दुनिया संभावनाएं तलाश कर रही हैं। लगातार रिकॉर्ड निवेश भारत में हो रहा है। इस निवेश का एक बड़ा हिस्सा पश्चिम बंगाल में लगे, यहां हर प्रकार के शिल्प को, हर प्रकार के रोज़गार को बल मिले, इसके लिए बीजेपी सरकार भरपूर प्रयास करेगी। रेशम और जूट उद्योग आत्मनिर्भर भारत के महत्वपूर्ण पहलू हैं। इन्हें बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है। इसी तरह, हम फलों और सब्जियों की बर्बादी को भी कम करेंगे और किसानों की हरसंभव मदद करेंगे।"


प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के विभिन्न विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "स्टूडेंट्स को स्कूल के दिनों से ही उद्योग से जुड़ने की जरूरत है, उन्हें उनकी प्राथमिकताओं और उनकी भाषा के अनुसार शिक्षा दी जानी चाहिए- नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मूल में ये सभी सिद्धांत हैं। गरीब का, आदिवासी का, दलित, वंचित, शोषित का बच्चा भी अपनी भाषा में मेडिकल, इंजीनियरिंग, टेक्नॉलॉजी की पढ़ाई कर पाए, इसके लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को यहां तेज़ी से लागू किया जाएगा।"

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार आने पर पीएम-किसान योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में 18,000 रुपए देने का वादा किया। उन्होंने कहा, "पीएम आवास योजना के तहत देशभर में हमारी सरकार द्वारा गरीबों के लिए दो करोड़ से अधिक घर बनाए गए हैं। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद गरीबों के लिए मकान निर्माण की गति बहुत तेजी से बढ़ेगी।"


अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "अब तक बंगाल की जनता ने उत्तम मतदान किया है। मैं आपसे प्रार्थना करता हूं कि आगे भी आप ऐसा ही करिएगा। भले ही दो चरण बाकी हों, लेकिन आपको एक ही बार मतदान के लिए निकलना है। मतदान के लिए जो दिशा-निर्देश बनाए गए हैं, उनका पालन हो, ये सुनिश्चित करते हुए ही आप मतदान करिएगा।" प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "टीके के दौरान भी, टीके के बाद भी, मास्क ज़रूरी है, पूरे चेहरे को मास्क से ढंकना जरूरी है। दवाई भी, कड़ाई भी, इस मंत्र को हमें याद रखना है।"

 

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India’s contribution to BRICS: Nari Shakti moves from promise to delivery

Media Coverage

India’s contribution to BRICS: Nari Shakti moves from promise to delivery
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से की बातचीत
June 30, 2026
राष्ट्रपति पेज़ेशकियान ने प्रधानमंत्री को पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों से अवगत कराया
प्रधानमंत्री ने बनी सहमति का स्वागत किया और स्थायी शांति एवं स्थिरता के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता को दोहराया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज ईरान के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. मसूद पेज़ेशकियान के साथ टेलीफोन पर वार्ता की।

राष्ट्रपति पेज़ेशकियान ने प्रधानमंत्री को पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रमों और आगे की संभावनाओं के बारे में अवगत कराया।

प्रधानमंत्री ने बनी सहमति का स्वागत किया और भारत के इस सैद्धांतिक दृष्टिकोण को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने तथा समुद्री आवाजाही एवं वाणिज्य की स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने तथा समुद्री आवाजाही एवं आर्थिक गतिविधियों की स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।