प्रधानमंत्री लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन करेंगे और 37,270 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत से निर्मित संपूर्ण मुंबई मेट्रो लाइन-3 को राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के लिए भारत के पहले एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप- "मुंबई वन" की शुरुआत करेंगे
प्रारंभ की जा रही परियोजनाओं का मुख्य केंद्र बिंदु: निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है
भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री से भेंट करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी और विजन 2035 रोडमैप की समीक्षा करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में मुख्य संबोधन देंगे
जीएफएफ 2025 का विषय: एआई, संवर्धित बुद्धिमत्ता, नवाचार और समावेश द्वारा संचालित

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 8-9 अक्टूबर को महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नवी मुंबई पहुंचने के बाद दोपहर लगभग 3 बजे नवनिर्मित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात, लगभग 3:30 बजे प्रधानमंत्री नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और समर्पित भी करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

9 अक्टूबर को सुबह लगभग 10 बजे, प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर की मेज़बानी करेंगे। दोपहर लगभग 1:40 बजे, दोनों देशों के प्रधानमंत्री मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे। इसके बाद, दोपहर लगभग 2:45 बजे, दोनों प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में शामिल होंगे। वे फेस्ट में मुख्य संबोधन भी देंगे।

नवी मुंबई में प्रधानमंत्री

भारत को वैश्विक विमानन केंद्र में परिवर्तित करने के अपने दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रधानमंत्री लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के चरण 1 का उद्घाटन करेंगे।

नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के अंतर्गत विकसित किया गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र के दूसरे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में, एनएमआईए, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के साथ मिलकर कार्य करेगा ताकि भीड़भाड़ कम हो और मुंबई को वैश्विक बहु-हवाई अड्डा प्रणालियों की श्रेणी में शामिल किया जा सके। 1160 हेक्टेयर क्षेत्रफल के साथ, दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक के रूप में डिज़ाइन किया गया यह हवाई अड्डा अंततः वार्षिक 90 मिलियन यात्रियों (एमपीपीए) और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभाल सकेगा।

इसकी अनूठी सुविधाओं में एक स्वचालित पीपल मूवर (एपीएम) शामिल है, जो एक परिवहन प्रणाली है जो सभी चार यात्री टर्मिनलों को सुचारू अंतर-टर्मिनल स्थानांतरण के लिए जोड़ेगी, साथ ही एक लैंडसाइड एपीएम भी है जो शहर के बुनियादी ढांचे को जोड़ेगा। स्थायी प्रथाओं के अनुरूप, इस हवाई अड्डे में स्थायी विमानन ईंधन (एसएएफ) के लिए समर्पित भंडारण, लगभग 47 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और पूरे शहर में सार्वजनिक संपर्क के लिए ईवी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। एनएमआईए देश का पहला हवाई अड्डा भी होगा जो वाटर टैक्सी से जुड़ा होगा।

प्रधानमंत्री आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 12,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से हुआ है। इसके साथ ही, वह 37,270 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत वाली पूरी मुंबई मेट्रो लाइन 3 (एक्वा लाइन) राष्ट्र को समर्पित करेंगे, यह शहरी परिवहन परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

मुंबई की पहली और एकमात्र पूर्णतः भूमिगत मेट्रो लाइन के रूप में, यह परियोजना मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आवागमन को नए सिरे से परिभाषित करेगी, तथा लाखों निवासियों के लिए एक तीव्र, अधिक कुशल और आधुनिक परिवहन समाधान प्रदान करेगी।

कफ परेड से आरे जेवीएलआर तक 33.5 किलोमीटर लंबी, 27 स्टेशनों वाली मुंबई मेट्रो लाइन-3 प्रतिदिन 13 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करेगी। इस परियोजना का अंतिम चरण 2बी, दक्षिण मुंबई के विरासत और सांस्कृतिक जिलों जैसे किला, काला घोड़ा और मरीन ड्राइव तक निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, साथ ही बॉम्बे उच्च न्यायालय, मंत्रालय, भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नरीमन पॉइंट सहित प्रमुख प्रशासनिक और वित्तीय केंद्रों तक सीधी पहुंच प्रदान करेगा।

मेट्रो लाइन-3 को रेलवे, हवाई अड्डों, अन्य मेट्रो लाइनों और मोनोरेल सेवाओं सहित परिवहन के अन्य साधनों के साथ कुशल एकीकरण सुनिश्चित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा और महानगरीय क्षेत्र में भीड़-भाड़ कम होगी।

प्रधानमंत्री मेट्रो, मोनोरेल, उपनगरीय रेलवे और बस पीटीओ के 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों (पीटीओ) के लिए एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप "मुंबई वन" भी शुभारंभ करेंगे। इनमें मुंबई मेट्रो लाइन 2ए और 7, मुंबई मेट्रो लाइन 3, मुंबई मेट्रो लाइन 1, मुंबई मोनोरेल, नवी मुंबई मेट्रो, मुंबई उपनगरीय रेलवे, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट), ठाणे नगर परिवहन, मीरा भयंदर नगर परिवहन, कल्याण डोंबिवली नगर परिवहन और नवी मुंबई नगर परिवहन शामिल हैं।

मुंबई वन ऐप यात्रियों को कई तरह के लाभ प्रदान करता है, जिनमें कई सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के लिए एकीकृत मोबाइल टिकटिंग, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देकर कतारों से मुक्ति, और कई परिवहन साधनों वाली यात्राओं के लिए एक ही डायनामिक टिकट के माध्यम से निर्बाध मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी शामिल है। यह देरी, वैकल्पिक मार्गों और अनुमानित आगमन समय के बारे में वास्तविक समय में यात्रा अपडेट, साथ ही आस-पास के स्टेशनों, आकर्षणों और दर्शनीय स्थलों की मानचित्र-आधारित जानकारी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक एसओएस सुविधा भी प्रदान करता है। ये सभी सुविधाएं मिलकर सुविधा, दक्षता और सुरक्षा को बढ़ाती हैं, जिससे पूरे मुंबई में सार्वजनिक परिवहन का अनुभव बदल जाता है।

प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग की एक अग्रणी पहल, अल्पकालिक रोजगार योग्यता कार्यक्रम (एसटीईपी) का भी उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम 400 सरकारी आईटीआई और 150 सरकारी तकनीकी उच्च विद्यालयों में शुरू किया जाएगा और यह रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कौशल विकास को उद्योग की आवश्यकताओं के साथ जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल होगी। एसटीईपी के तहत 2,500 नए प्रशिक्षण बैच स्थापित किए जाएंगे, जिनमें महिलाओं के लिए 364 विशेष बैच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों में 408 बैच शामिल हैं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की यात्रा और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर 8-9 अक्टूबर 2025 को भारत का दौरा करेंगे। यह प्रधानमंत्री स्टारमर की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

इस यात्रा के दौरान, दोनों प्रधानमंत्री 'विजन 2035' के अनुरूप भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह विजन व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों के प्रमुख स्तंभों में कार्यक्रमों और पहलों का एक केंद्रित और समयबद्ध दस वर्षीय रोडमैप है।

दोनों नेता भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) द्वारा प्रस्तुत अवसरों पर व्यवसायों और उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ चर्चा करेंगे, जो भविष्य की भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी का एक केंद्रीय स्तंभ है। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों के साथ भी वार्तालाप करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टार्मर मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भी भाग लेंगे और इस अवसर पर मुख्य संबोधन भी देंगे।

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 दुनिया भर के नवप्रवर्तकों, नीति निर्माताओं, केंद्रीय बैंकरों, नियामकों, निवेशकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत प्रमुखों को एक साथ लाएगा। सम्मेलन का मुख्य विषय, 'एक बेहतर दुनिया के लिए वित्त का सशक्तिकरण'- एआई, संवर्धित बुद्धिमत्ता, नवाचार और समावेशन द्वारा संचालित, एक नैतिक और स्थायी वित्तीय भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी और मानवीय अंतर्दृष्टि के अभिसरण का उल्लेख करता है।

इस वर्ष के आयोजन में 75 से अधिक देशों से 1,00,000 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की आशा है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े फिनटेक सम्मेलनों में से एक बन जाएगा। इस आयोजन में लगभग 7,500 कंपनियां, 800 वक्ता, 400 प्रदर्शक और भारतीय तथा अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्राधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले 70 नियामक भाग लेंगे।

भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में सिंगापुर का मौद्रिक प्राधिकरण, जर्मनी का ड्यूश बुंडेसबैंक, बैंक डी फ्रांस और स्विस वित्तीय बाजार पर्यवेक्षी प्राधिकरण (फिनमा) जैसे प्रतिष्ठित नियामक शामिल हैं। उनकी भागीदारी वित्तीय नीति संवाद और सहयोग के वैश्विक मंच के रूप में जीएफएफ की बढ़ती क्षमता को रेखांकित करती है।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Rashtrapati Bhavan replaces colonial-era texts with Indian literature in 11 classical languages

Media Coverage

Rashtrapati Bhavan replaces colonial-era texts with Indian literature in 11 classical languages
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नागरिकों को बधाई दी
January 25, 2026
प्रधानमंत्री ने मतदाता बनने को उत्सव का अवसर बताया, मेरा-भारत स्वयंसेवकों को पत्र लिखा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नागरिकों को बधाई दी।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन देश के लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को और अधिक गहरा करने का अवसर है। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े सभी लोगों की सराहना की, जो भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए समर्पित प्रयास कर रहे हैं।

मतदाता भागीदारी के महत्व का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाता होना केवल संवैधानिक अधिकार नहीं है, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है, जो हर नागरिक को भारत के भविष्य के निर्माण में अपने विचार रखने का अवसर देता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लें और लोकतंत्र की भावना का सम्मान करें, जिससे विकसित भारत की आधारशिला मजबूत हो।

श्री मोदी ने मतदाता बनने को उत्सव का अवसर बताया और पहली बार मतदाता बने लोगों को प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर दिया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर, प्रधानमंत्री ने मेरा-भारत स्वयंसेवकों को पत्र लिखकर आग्रह किया कि जब भी उनके आसपास कोई, विशेष रूप से कोई युवा, पहली बार मतदाता के रूप में पंजीकृत हो, तो वे खुशी के साथ इसे उत्सव के रूप में मनाएँ।

एक्स पर पोस्ट की एक श्रृंखला में, श्री मोदी ने कहा;

“#राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएँ।

यह दिन हमारे राष्ट्र के लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को और गहरा करने से जुड़ा है।

हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े सभी लोगों को उनके प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएँ।

मतदाता होना केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं है, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है, जो प्रत्येक नागरिक को भारत के भविष्य को आकार देने में अपने विचार रखने का अवसर देता है। हमें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हमेशा भाग लेकर अपनी लोकतंत्र की भावना का सम्मान करना चाहिए और इस प्रकार विकसित भारत की आधारशिला को मजबूत करना चाहिए।

“मतदाता बनना उत्सव मनाने का अवसर है!

आज #राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मैंने मेरा-भारत के स्वयंसेवकों को एक पत्र लिखा, जिसमें मैंने बताया है कि जब हमारे आसपास कोई व्यक्ति मतदाता के रूप में नामांकित होता है, तो हमें उस खुशी के मौके को कैसे साथ मिलकर मनाना चाहिए।”

“मतदाता बनना उत्सव मनाने का एक गौरवशाली अवसर है! आज #NationalVotersDay पर मैंने MY-Bharat के वॉलंटियर्स को एक पत्र लिखा है। इसमें मैंने उनसे आग्रह किया है कि जब हमारे आसपास का कोई युवा साथी पहली बार मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड हो, तो हमें उस खुशी के मौके को मिलकर सेलिब्रेट करना चाहिए।”