भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रतिबद्धता दोहराई
राष्ट्रमंडल, जलवायु कार्रवाई और संवहनीयता पर विचार-विमर्श किया
एक-दूसरे को नववर्ष और क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज ब्रिटेन के राजा महामहिम चार्ल्स तृतीय से बात की।

दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों का स्मरण करते हुए, उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

राष्ट्रमंडल देशों और समोआ में हाल में संपन्न राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों के सम्मेलन के बारे में आपस में उन्होंने विचारों का आदान-प्रदान किया।

बातचीत में जलवायु कार्रवाई और संवहनीयता सहित परस्पर हित के कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने इन मुद्दों पर महामहिम चार्ल्स तृतीय के निरंतर समर्थन और पहल की सराहना की और उन्हें भारत द्वारा की जा रही कई पहल से अवगत कराया।

प्रधामंत्री और महामहिम चार्ल्स तृतीय ने आगामी क्रिसमस और नववर्ष के त्यौहारों के लिए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महामहिम चार्ल्स तृतीय को उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मिले-जुले वार्षिकी आधार पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना उपमार्ग से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक नए सड़क निर्माण के संशोधित परिव्यय की मंजूरी दी
March 10, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने आज उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हाइब्रिड वार्षिकी आधार पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना उपमार्ग से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक नए सड़क निर्माण के लिए 3630.77 करोड़ रुपये के संशोधित परिव्यय को स्वीकृति दे दी।

31.42 किलोमीटर लंबा यह गलियारा दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी और उच्च गति का संपर्क मार्ग होगा जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आर्थिक विकास और प्रचालन दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।

यह गलियारा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ेगा जिससे बहुआयामी परिवहन संभव होगा। यह उच्च गलियारा संरचनात्मक सुधार के साथ ही शहरी अवसंरचना परिवर्तन, क्षेत्रीय संपर्क और राष्ट्रीय परिचालन दक्षता का महत्वपूर्ण साधन होगा। जेवर हवाई अड्डे -दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर की पूरी क्षमता के उपयोग और फरीदाबाद में सतत शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

इस परियोजना का लगभग 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा एलिवेटेड मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा जो डीएनडी-बल्लभगढ़ बाईपास और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच नए संपर्क मार्ग का महत्वपूर्ण खंड है और इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। यह गलियारा फरीदाबाद मास्टर प्लान, 2031 के तहत घनी आबादी वाले शहरी विकास और भविष्य के बुनियादी ढांचे के विस्तार के निर्धारित क्षेत्र से होकर गुजरेगा। प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर की अतिरिक्त लागत 689.24 करोड़ रुपये है। हरियाणा सरकार ने इसमें 450 करोड़ रुपये वहन करने पर सहमति जताई है।

दिल्ली-मुंबई मार्ग के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना उपमार्ग से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक नए संपर्क मार्ग की परियोजना का संरेखण मानचित्र