महिला सशक्तिकरण की दिशा में माझी लाडकी बहिण योजना जैसे कदम कांग्रेस और उसके गठबंधन को बर्दाश्त नहीं हो रहे: धुले, महाराष्ट्र में पीएम मोदी
कांग्रेस कभी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को आगे बढ़ते नहीं देख सकती: धुले, महाराष्ट्र में पीएम मोदी
आदिवासी समाज, बीजेपी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ संकल्प का अहम हिस्सा है: धुले, महाराष्ट्र में पीएम मोदी
कांग्रेस और इसके साथियों को न बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान की परवाह है, ना ही देश की भावना की: नासिक, महाराष्ट्र में पीएम मोदी
कांग्रेस और अघाड़ी वाले लोग देश को कमजोर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते: नासिक, महाराष्ट्र में पीएम मोदी
परजीवी बन चुकी कांग्रेस, अब ज्यादातर राज्यों में दूसरी पार्टियों की बैसाखियों पर ही जिंदा है: नासिक, महाराष्ट्र में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में आयोजित दो जनसभाओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता एक ओर महायुति का जन-विकास का घोषणापत्र तो दूसरी ओर महा-अघाड़ी का घोटालापत्र साफ-साफ देख रही है। ये फिर से घोटाले ना कर पाएं, इसलिए जनता-जनार्दन को अघाड़ी वालों को सरकार से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि परजीवी कांग्रेस अब केवल बैसाखियों पर ही जिंदा है। राजनीति में खुद को बचाने के लिए कांग्रेस के पास अब यही हथियार बचा है- SC-ST-OBC समाज की एकता तोड़ो और सत्ता छीनो! कांग्रेस ने नेहरू जी के समय ओबीसी को अलग-अलग जातियों में बांटकर रखा है। उसका मकसद अब भी समाज को जातियों में बांटना और आपस में लड़ाना ही है। इसीलिए, आपको मेरा एक मंत्र याद रखना है- हम एक हैं, तो सेफ हैं।

पवित्र नगरी नासिक की जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारा महाराष्ट्र हर क्षेत्र में विकास कर रहा है और देश नित-नए नए रिकॉर्ड बना रहा है, क्योंकि अब देश में गरीबों की चिंता करने वाली सरकार है। कांग्रेस और उसके साथियों ने इतने दशकों तक सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया! लेकिन हम 10 वर्षों में ही 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर ले आए। ये इसलिए संभव हो पाया, क्योंकि मोदी की नीयत सही है और वह आपका सेवक बनकर काम करता है। महाराष्ट्र में गरीबों के कल्याण के लिए आगे भी लगातार काम होते रहें, इसलिए यहां फिर से महायुति की सरकार जरूरी है। मैं मेरे किसान साथियों को बताना चाहता हूं कि जब महाराष्ट्र में हमारी सरकार बनेगी, तो उनकी मदद की राशि 12 हजार बढ़कर 15 हजार रुपए हो जाएगी।

प्रगति पथ पर बढ़ रहे भारत की बात करते हुए पीएम ने कहा कि देश के विकास के लिए महाराष्ट्र का तेजी से आगे बढ़ना जरूरी है। महाराष्ट्र बढ़ेगा, तभी भारत विकसित बनेगा। महाराष्ट्र किस स्पीड से आगे बढ़ सकता है, पिछले ढाई वर्षों में महायुति सरकार ने यह दिखाया है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट्स में महाराष्ट्र बहुत आगे हैं। यहां बन रहे हाइवेज और एक्सप्रेसवेज से राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इसका बहुत बड़ा फायदा 2026 के कुंभ में भी मिलेगा। महाराष्ट्र में अटल सेतु हो या वाढवण पोर्ट का निर्माण हो, कांग्रेस अड़ंगा लगाने आ जाती है। उसने मेट्रो परियोजनाओं से लेकर समृद्धि महामार्ग के काम को रोकने का भरपूर प्रयास किया था।

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारा नासिक डिफेंस सेक्टर में भारत की आत्मनिर्भरता का बहुत बड़ा केंद्र बन रहा है। नासिक में लड़ाकू विमान और सुरक्षा उपकरण बनाए जा रहे हैं। यह नासिक के हर व्यक्ति के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ ये महा-अघाड़ी वाले देश को कमजोर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इन लोगों ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में देश को पीछे करने के लिए क्या कुछ नहीं किया! इन्होंने HAL को लेकर तरह-तरह के विवाद खड़े करने की कोशिश की। लेकिन आज वही HAL रिकॉर्ड मुनाफे वाली कंपनी बनकर उभरी है। जब नीतियां स्पष्ट होती है, नीयत साफ होती है तो अच्छे परिणाम आते ही हैं।

कांग्रेस की नीतियों पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि इसको ना बाबासाहेब के संविधान की परवाह है, ना ही कोर्ट की। ये सिर्फ दिखावे के लिए जेब में कोरे पन्ने वाले संविधान की किताब लेकर घूमते हैं। जब संविधान की रक्षा की बात आती है, तो ये उल्टा ही काम करते हैं। कांग्रेस ने 75 साल तक जम्मू-कश्मीर में संविधान को लागू नहीं होने दिया। भाजपा-NDA ने आर्टिकल-370 को हटाया और एक देश एक संविधान लागू किया। यह मेरी बाबासाहेब को सबसे बड़ी श्रद्धाजंलि है। जब भारत का संविधान जम्मू-कश्मीर में लागू हुआ तो पूरा देश खुशी से झूम उठा था। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों के पेट में दर्द होना शुरू हो गया। हाल ही में जम्मू-कश्मीर की विधानसभा में कांग्रेस और इसके साथियों ने 370 फिर से लागू करने के लिए हंगामा किया। ये लोग चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर से बाबासाहेब का संविधान फिर हट जाए।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को झूठ की दुकान बताते हुए कहा कि इन दिनों कांग्रेस और उसके चेलों ने ऐसी ही दुकान महाराष्ट्र में लगाई है। कांग्रेस ने कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल में भी यही दुकान सजाई थी। वहां क्या हाल हुआ? चुनाव खत्म होते ही दुकान का शटर गिरा दिया। वादे पूरे करना तो दूर कांग्रेस शासित राज्यों का यह हाल है कि वहां प्रशासन चलाने के लिए पैसे नहीं हैं। राज्य के कर्मचारियों को तनख्वाह देने और अपनी जेबें भरने के लिए जनता पर टैक्स बढ़ाया जा रहा है। जनता भी इनकी असलियत जान चुकी है। इसलिए इनकी ये धोखेबाजी महाराष्ट्र में चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मराठी संस्कृति और इतिहास में हमारी आस्था है। हमने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों की बात की, उनके सम्मान को आगे बढ़ाया। बीजेपी गर्व से कहती है कि वीर सावरकर हमारे प्रेरणास्रोत हैं। लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस और महा-अघाड़ी के लोग घूम-घूमकर वीर सावरकर को गाली देते हैं। मैं कांग्रेस और महा-अघाड़ी को चुनौती देता हूं कि ये लोग कांग्रेस के युवराज से वीर सावरकर के तप, त्याग और बलिदान की प्रशंसा करवाकर दिखाएं।

इससे पहले महाराष्ट्र के धुले में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि विकसित महाराष्ट्र-विकसित भारत के लिए हमारी बहनों-बेटियों का जीवन आसान और सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो पूरा समाज तेजी से प्रगति करता है। इसीलिए पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने महिलाओं को केंद्र में रखकर बड़े फैसले लिए हैं। हमने महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में काम के अवसर दिए हैं। नारीशक्ति वंदन अधिनियम के जरिए विधानसभाओं और संसद में महिलाओं को आरक्षण का अधिकार दिया। आज हमारी योजनाएं महिला सशक्तिकरण का पर्याय बन गई हैं। मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार भी हमारे विजन को आगे बढ़ा रही है। आप जानते हैं कि महायुति सरकार की माझी लाडकी बहिण योजना की कितनी चर्चा है। लेकिन कांग्रेस और उसके साथी इस योजना को बंद करवाने की साजिश रच रहे हैं। वे इस योजना के खिलाफ कोर्ट तक पहुंच गए। इसलिए महाराष्ट्र की हर महिला को इन अघाड़ी वालों से सतर्क रहना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास की नीयत से काम किया है। इस संकल्प का प्रमुख हिस्सा हमारा आदिवासी समाज भी है। ये वो समाज है, जिनका देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने कभी आदिवासी गौरव और स्वाभिमान पर ध्यान नहीं दिया। जब अटल जी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार आई, तब अलग आदिवासी मंत्रालय बना। तब पहली बार आदिवासियों के हितों और उनकी अपेक्षाओं को महत्व मिला। हमारी सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत की है। इस बार 15 नवंबर से हम भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म-जयंती को पूरे साल मनाएंगे।

धुले का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

नासिक का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
PLI 2.0: India bets big on making more of the smartphone at home

Media Coverage

PLI 2.0: India bets big on making more of the smartphone at home
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 29 मई 2026
May 29, 2026

Every Sector, Every Citizen: How PM Modi’s Vision is Transforming India Across All Fronts