Today's victory is historic and unprecedented. The idea of 'Sabka Saath, Sabka Vikas' has won today: PM Modi at BJP HQ
PM Modi says, "Some people are even saying that today's hat-trick has guaranteed the hat-trick of 2024"
In this election, there were efforts to divide the country based on castes. I kept saying that for me, four castes are important - Nari Shakti, Yuva Shakti, Kisaan aur Gareeb Parivaar: PM Modi
I want to assure women that all promises made to them will be fulfilled 100 per cent; this is Modi's guarantee: PM Modi

भारत माता की…जय..

आवाज तेलंगाना तक पहुचनी चाहिए, भारत माता की...जय...

भारत माता की...जय...


आज की विजय़ ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। आज सबका साथ-सबका विकास की भावना जीती है। आज विकसित भारत के आह्वान की जीत हुई है। आज आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की जीत हुई है। आज वंचितों को वरीयता के विचार की जीत हुई है। आज भारत के विकास के लिए, राज्यों का विकास, इस सोच की जीत हुई है। आज ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन की जीत हुई है। मैं इस मंच से सभी मतदाताओं को आदरपूर्वक नमन करता हूं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लोगों ने भाजपा पर भरपूर स्नेह दिखाया है। तेलंगाना में भी बीजेपी के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है। ये हम सभी का सौभाग्य है। जब अपने परिवारजनों से इतना प्यार मिलता है, विश्वास मिलता है तब मैं व्यक्तिगत रूप से अनुभव करता हूं कि मेरी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। आज भी मेरे मन में यही भाव है। मैं अपनी माताओं-बहनों-बेटियों के सामने, मैं अपने युवा साथियों के सामने, मैं अपने किसान भाई-बहनों के सामने, मैं अपने गरीब परिवारों के सामने, उन्होंने जो निर्णय किया है, जो बढ़-चढकर समर्थन दिया है इसके लिए मैं उनके सामने नतमस्तक हूं।

इस चुनाव में देश को जातियों में बांटने की बहुत कोशिशें हुई। लेकिन मैं लगातार कह रहा था कि मेरे लिए देश में चार जातियां ही सबसे बड़ी जातियां हैं। और मैं जब चार जातियों की बात करता हूं...हमारी नारीशक्ति, हमारी युवा शक्ति, हमारे किसान और हमारे गरीब परिवार, इन चार जातियों को सशक्त करने से ही देश सशक्त होने वाला है। आज बड़ी संख्या में हमारे ओबीसी साथी, इसी वर्ग में आते हैं। आज बड़ी संख्या में हमारे आदिवासी साथी, इसी वर्ग में आते हैं। और इन चुनावों में, इन चारों जातियों ने भाजपा की योजनाओं और भाजपा के रोडमैप को लेकर बहुत उत्साह दिखाया है। आज हर गरीब कह रहा है- वो खुद जीता है। आज हर वंचित के मन में भावना है- कि ये चुनाव वो खुद जीता है। आज हर किसान यही कहता है ये चुनाव हर किसान जीता है। आज हर आदिवासी भाई-बहन ये सोचकर खुश है कि उसने जिसे वोट दिया वो विजय उसकी अपनी है। आज हर फर्स्ट टाइम वोटर बड़े गर्व के साथ कह रहा है मेरा पहला वोट मेरे विजय का कारण बना है। इसी जीत में हर महिला अपनी जीत देख रही है। इसी जीत में बेहतर भविष्य का सपना देखने वाला हर युवा अपनी जीत देख रहा है। हर वो नागरिक इसे अपनी सफलता समझ रहा है, जो 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र देखना चाहता है।

साथियों,
मैं आज विशेष रूप से देश की नारीशक्ति का अभिनंदन करूंगा। रैलियों में, मैं अक्सर कहता था कि इन चुनावों में नारीशक्ति ये ठानकर निकली है कि भाजपा का परचम लहराएगी। और जब देश की नारीशक्ति किसी का सुरक्षा कवच बन जाए, तो कैसी भी ताकत उसे नुकसान नहीं पहुंचा सकती। आज नारीशक्ति वंदन अधिनियम ने, देश की माताओं-बहनों-बेटियों के मन में नया विश्वास जगाया है। आज देश की हर महिला में ये भरोसा जगा है कि भाजपा सरकार में उनकी सक्रिय भागीदारी को नई बुलंदी मिलने वाली है। आज हर बहन-बेटी को साफ-साफ लगता है कि बीजेपी ही नारी गरिमा, नारी सम्मान, नारी सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने देखा है कि बीते 10 वर्षों में भाजपा ने उन तक टॉयलेट, बिजली, गैस, नल से जल, बैंक में खाते, ऐसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कितनी ईमानदारी से काम किया है। आज वो देख रही हैं कि कैसे बीजेपी, घर-परिवार में, समाज में उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए, उन्हें रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर देने के लिए निरंतर काम कर रही है। नारीशक्ति का विकास, बीजेपी के विकास मॉडल का महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। और इसलिए इन चुनावों में महिलाओं ने, बहनों-बेटियों ने एक प्रकार से भाजपा की विजय की पूरी जिम्मेवारी अपने हाथ में उठा ली थी और भरपूर आशीर्वाद दिया है। मैं आज पूरी विनम्रता से देश की हर बहन-बेटी को यही कहूंगा कि आपसे जो वायदे बीजेपी ने किए हैं, वो शत प्रतिशत पूरे किए जाएंगे और ये मोदी की गारंटी है। और मोदी की गारंटी यानि...गारंटी पूरा होने की गारंटी।

साथियों,
चुनाव नतीजों ने एक और बात स्पष्ट की है। देश का युवा सिर्फ और सिर्फ विकास चाहता है। जहां भी सरकारों ने युवाओं के खिलाफ काम किया है, वो सरकारें सत्ता से बाहर हुई हैं। चाहे राजस्थान हो, छत्तीसगढ़ हो, या तेलंगाना हो....ये सारी सरकारें पेपर लीक और भर्ती घोटालों के आरोपों में घिरी हुई थीं। परिणाम ये हुआ, कि इन तीनों ही राज्यों में सत्ता में बैठे दल अब सरकार से बाहर हैं। आज देश के युवा में ये भरोसा लगातार बढ़ रहा है कि बीजेपी ही उसकी आकांक्षाएं समझती है, उसके लिए काम करती है। देश का युवा ये जानता है कि बीजेपी की सरकार युवा हितैषी होती हैं, युवाओं के लिए नए अवसर बनाने वाली होती है।

साथियों,
आज देश का आदिवासी समाज भी अब खुलकर अपनी बात रख रहा है। ये वो आदिवासी समाज है, जो कांग्रेस की नीतियों की वजह से सात दशक तक पीछे रहा, जिसे अवसर नहीं दिए गए। इनकी जनसंख्या आज 10 करोड़ के आसपास है। हमने गुजरात के चुनाव परिणामों में भी ये देखा है। जिस कांग्रेस ने आदिवासी समाज को कभी पूछा तक नहीं, उस आदिवासी समाज ने कांग्रेस का सफाया कर दिया। यही भावना आज हमने एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी देखी है। इन राज्यों की आदिवासी अंचल की सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। आदिवासी समाज आज विकास के लिए आकांक्षी है। और उन्हें भरोसा है कि इस आकांक्षा को सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार ही पूरा कर सकती है।

मेरे परिवारजनों,
मैं आज हर राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करूंगा, भूरि-भूरि प्रशंसा करूंगा। भाजपा और कमल के प्रति आपकी निष्ठा, आपका समर्पण, अतुलनीय है। डबल इंजन सरकार का मैसेज आपने पूरी ईमानदारी से जन-जन तक पहुंचाया। इसी का परिणाम आज हमें मिल रहा है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष, नड्डा जी जिस प्रकार अपनी नीति-रणनीति को अमल में लाए, ये विजय उसका भी परिणाम है। चुनाव के दौरान उनके परिवार में एक दुखद दुर्घटना घटी, उसके बावजूद भी नड्डा जी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में दिन-रात डटे रहे।

साथियों,
राजनीति के इतने वर्षों में, मैं हमेशा भविष्यवाणियों से दूर रहा हूं। मैं कभी भी वायदे-वायदे या बड़ी-बड़ी घोषणाएं नहीं करता, इतने साल हो गए, कभी नहीं करता। लेकिन इस बार चुनाव में मैंने अपना ये नियम भी तोड़ा था। मैंने राजस्थान में मावजी महाराज को प्रणाम करते हुए उन्ही की धरती पर ये भविष्यवाणी की थी कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार लौटकर नहीं आएगी। मैं भविष्यवेत्ता नही हूं लेकिन मेरा राजस्थान के लोगों पर भरोसा था, वहां की जनता पर भरोसा था और आज हम नतीजे देख रहे हैं। मध्य प्रदेश ने भी हमें फिर दिखाया है कि भाजपा के सेवाभाव का कोई विकल्प नहीं है। दो दशक से वहां भाजपा की सरकार है और इतने वर्षों के बाद भी भाजपा पर भरोसा लगातार मजबूत ही हो रहा है। छत्तीसगढ़ के परिवारजनों को तो मैं, जब वहां चुनाव सभाओं में गया, तो मैं खुद ही पहली सभा में, छत्तीसगढ़ के चुनाव की पहली सभा में मैंने खुद कहा था कि मैं आपसे कुछ मांगने नहीं आया हूं, मैं तो आपको 3 दिसंबर के बाद सरकार बनेगी तो शपथ समारोह में निमंत्रण देने के लिए आया हूं। छत्तीसगढ़ के परिणाम से साफ है कि हर परिजन ने उस बात को स्वीकार किया है। मैं तेलंगाना की जनता और तेलंगाना के भाजपा कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हर चुनाव में तेलंगाना में भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मैं तेलंगाना के लोगों को ये विश्वास दिलाता हूं कि बीजेपी, आपकी सेवा में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
भारतीय जनता पार्टी तेलंगाना अभिवृद्धि कोसम एल्लापुरुपनी चिंतुने उट्टूंदी तेलंगानातो माकोचालामंची अनुवंधमउंडी।

मेरे परिवारजनों,
इन चुनाव परिणामों की गूंज सिर्फ एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगी। इन परिणामों की गूंज दूर तक जाएगी। पूरी दुनिया में इन चुनाव परिणामों की गूंज सुनाई देगी। ये चुनाव परिणाम, भारत के विकास पर भरोसा दुनिया के भरोसे को और मजबूती देगा। ये चुनाव परिणाम, दुनियाभर के निवेशकों को भी नया विश्वास देगा। भरोसा ये कि आज़ादी के अमृतकाल में विकसित भारत का जो संकल्प हमने लिया है, उसे जनता जनार्दन का लगातार आशीर्वाद मिल रहा है। आज दुनिया देख रही है कि भारत का लोकतंत्र और भारत का वोटर, दोनों कितने परिपक्व हैं, कितने मैच्योर हैं। आज दुनिया देख रही है कि भारत की जनता, पूर्ण बहुमत के लिए, स्थिर सरकार के लिए सोच-समझकर वोट कर रही है।

साथियों,
भाजपा ने सेवा और सुशासन की राजनीति का नया मॉडल देश के सामने प्रस्तुत किया है। हमारी नीति और निर्णयों के मूल में सिर्फ और सिर्फ देश है, देशवासी है, भारत माता की जय यही हमारा मंत्र है। इसलिए भाजपा सरकारें सिर्फ नीतियां नहीं बनातीं, बल्कि हर हकदार, हर लाभार्थी तक वो पहुंचे, ये भी सुनिश्चित करती है। भाजपा, परफॉर्मेंस और डिलिवरी की राजनीति देश के सामने हकीकत बनकर के लेकर आई है। भारत का मतदाता जानता है कि स्वार्थ क्या है, जनहित और राष्ट्रहित क्या है। दूध का और पानी का भेद देश जानता है। जैसे-तैसे जीतने के लिए हवा-हवाई बातें करना और लोभ-लालच की घोषणाएं करना, ये मतदाता पसंद नहीं करता। मतदाता को उसका जीवन बेहतर करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप चाहिए, एक विश्वसनीयता चाहिए, एक भरोसा चाहिए। भारत का वोटर ये जानता है कि जब भारत आगे बढ़ता है, तो राज्य आगे बढ़ता है, हर परिवार का जीवन बेहतर होता है। इसलिए वो बीजेपी को चुन रहा है, लगातार चुन रहा है। और कुछ लोग तो कह रहे हैं कि आज की इस हैट्रिक ने 24 की हैट-ट्रिक की गारंटी दे दी है।

साथियों,
आज के जनादेश ने ये भी साबित किया है कि भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद को लेकर देश के भीतर, देश के हर नागरिक के दिल में जीरो टॉलरेंस बन रही है। आज देश को लगता है कि इन तीनों बुराइयों को खत्म करने में अगर कोई प्रभावी है, तो वो भाजपा ही है। भाजपा की केंद्र सरकार ने देश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जो अभियान छेड़ रखा है, उसको भारी जनसमर्थन मिल रहा है। ये उन दलों, उन नेताओं को वोटर की साफ-साफ चेतावनी है, जो भ्रष्टाचारियों के साथ खड़े होने में जरा भी शर्म अनुभव नहीं करते उन लोगों को देश की जनता ने आज साफ-साफ संदेश दे दिया है। और ऐसे लोग, जो भांति-भांति के तर्कों से भ्रष्टाचारियों को कवच देते हैं, कवर-अप करने की कोशश करते हैं.... ऐसे लोग, जो भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करने वाली जांच एजेंसियों को बदनाम करने में दिन-रात जुटे हुए हैं...वे समझ लें ये चुनाव नतीजे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का भी जनसमर्थन है। ये चुनाव नतीजे, कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए भी बहुत बड़ा सबक है। सबक ये है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के मंच पर एक साथ आ जाने से, फोटो कितनी भी अच्छी क्यों न निकल जाए देश का भरोसा नहीं जीता जाता। देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्रसेवा का जज्बा होना चाहिए, वो घमंडिया गठबंधन में रत्ती भर भी वो नजर नहीं आता है। गाली-गलौज, निराशा, निगेटिविटी, ये घमंडिया गठबंधन को मीडिया की हेडलाइन्स ज़रूर दे सकती हैं, लेकिन जनता के दिल में स्थान नहीं दिला सकती।

साथियों,
आज के ये नतीजे उन ताकतों को भी चेतावनी है, जो प्रगति और जन कल्याण की राजनीति के खिलाफ खड़े रहते हैं। जब भी विकास होता है, कांग्रेस और उसके साथी विरोध करते हैं। जब हम वंदे भारत ट्रेन लॉन्च करते हैं, तो कांग्रेस और उसके साथी उसका मजाक उड़ाते हैं। जब हम आयुष्मान भारत लॉन्च करते हैं, तो कांग्रेस और उसके साथी इसमें रोड़ा अटकाते हैं। जब हम गरीबों के लिए घर बनाते हैं, तब कांग्रेस और उसके साथी रुकावटे डालते हैं। जब हम गरीबों तक नल से जल पहुंचाते हैं, तो कांग्रेस और उसके साथी इसमें भ्रष्टाचार का रास्ता बनाने में लग जाते हैं। जब हम ग्रामीण विकास के लिए फंड भेजते हैं, तो कांग्रेस और उसके साथी इसे गरीबों तक पहुंचने में रुकावटें डालते हैं। ऐसी सभी पार्टियों को आज गरीबों ने चेतावनी दी है - सुधर जाइए, वरना जनता आपको चुन-चुनकर के साफ कर देगी। आज ऐसी पार्टियों के लिए सबक है कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं और उनके लिए भेजे जा रहे फंड के बीच में आने की कोशिश मत करो, ये जनता का आदेश है वरना जो बीच में आएगा उसे जनता हटा देगी। लोकतंत्र के हित में, मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को नम्रतापूर्वक सलाह है। कृपा करके ऐसी राजनीति ना करें जो देश विरोधी ताकतों को बल दे, जो देश को बांटना चाहते हैं ऐसे लोगों को मजबूती दे, जो देश को कमजोर करने वाले विचारों को गति दे।

साथियों,
आज भारत की अर्थव्यवस्था का हर पहिया पूरी गति से घूम रहा है। कुछ लोग कह रहे थे कि विश्व में मंदी का असर भारत पर पड़ेगा। लेकिन भारत ने हर आकलन से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से विकसित होती आर्थिक ताकत है। आज भारत का आत्मविश्वास, भारत के लोगों का आत्म-विश्वास, अभूतपूर्व स्तर पर है। आज भारत में, आज देश में रिकॉर्ड GST कलेक्शन हो रहा है। कृषि उत्पादन में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। भारत के शेयर मार्केट पर भरोसा चरम पर है। आज भारत के निर्यात के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। UPI ट्रांजेक्शन के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। त्योहारों में खरीद के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। गाड़ियों की सेल के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। आज भारत में सीमेंट प्रोडक्शन बढ़ा है, कोयला प्रोडक्शन बढ़ा है। आज भारत में स्टील उत्पादन बढ़ा है, बिजली उत्पादन बढ़ा है। दुनिया भर की कंपनियां भारत में मैन्युफेक्चरिंग करने के लिए आतुर हैं। हवाई यात्रा करने वालों की संख्या उच्चतम स्तर पर है होम लोन के सेक्टर में भी बहुत अधिक वृद्धि दिख रही है।

साथियों,
आज भारत का फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म हो रहा है। आप देखिए, चारों तरफ एक्सप्रेसवे का, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर्स का जाल बिछ रहा है। भारतीय रेल आज अपने ट्रांसफॉर्मेशन के सबसे बड़े दौर से गुजर रही है। आज देश में नए रेलवे स्टेशन बन रहे हैं, आधुनिक ट्रेनें आ रही हैं। गति नई है। संकल्प नए हैं। और मैं देशवासियों को कहना चाहता हूं, हर देशवासी को कहना चाहता हूं, और मैं मेरे ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर कहना चाहता हूं, बड़ी ईमानदारी के साथ कहना चाहता हूं.. बड़ी जिम्मेदारी से कहना चाहता हूं... आपके सपने... आपके सपने मेरे देशवासियों, आपके सपने मेरा संकल्प है। आपके सपनों को पूरा करने का मेरा जो संकल्प है वो मेरी साधना भी है और मेरी तपस्या भी है।

साथियों,
भारत का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर दुनिया में श्रेष्ठता की तरफ बढ़ रहा है। भारत आज दुनिया में 5G नेटवर्क के मामले में अग्रणी देशों में पहुंच चुका है। आज भारत में गांव-गांव तक ऑप्टिकल फाइबर पहुंच रहा है। आज देश के सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी अभूतपूर्व गति से काम हो रहा है। हर गरीब को मुफ्त राशन वाली योजना अगले 5 साल के लिए बढ़ा दी गई है। भाजपा सरकार में 4 करोड़ गरीब परिवारों के पक्के घर बन चुके हैं। हम हर गरीब परिवार को पक्की छत देने के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। घर-घर नल से जल देने का अभियान तेज़ गति से चल रहा है। आज देश में रिकॉर्ड गति से नए अस्पताल बन रहे हैं, मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज़ की संख्या बढ़ रही है।

साथियों,
आज भारत आगे बढ़ रहा है, भारत का नागरिक आगे बढ़ रहा है। भारत के लोग इस momentum को बनाए रखना चाहते हैं। अब इससे पीछे नही हटना है। और पीछे हटना ये तो मोदी को कभी स्वीकार नहीं हो सकता है। भारत के लोग stability चाहते हैं, स्थायित्व चाहते हैं। भारत के लोग विकसित भारत की यात्रा को गति देना चाहते हैं। मैं देश के प्रत्येक युवा का आह्वान करता हूं- वो विकसित भारत का एंबेसडर बने। वो विकसित भारत के संकल्पों का नेतृत्व करे। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा- प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता, नमो एप पर जाएं और कम से कम 10 लोगों को विकसित भारत का एंबेसडर बनाएं। हमें आज एक ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है, जिसका सपना हो विकसित भारत, जिसका संकल्प हो विकसित भारत। जिसकी साधना हो विकसित भारत, जिसका समर्पण हो विकसित भारत।

साथियों,
विकसित भारत के निर्माण के लिए ये बहुत जरूरी है कि कोई भी नागरिक पीछे नहीं छूटे। इन चुनावों में मैंने लगातार कहा है कि हर लाभार्थी तक पहुंचकर भाजपा सरकार उसे सरकारी योजनाओं का लाभ देगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने 14 नवंबर यानि, जनजातीय गौरव दिवस, यानि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की है। योजनाओं से वंचित लोगों को जोड़ने के लिए सरकार खुद लोगों के दरवाज़े पर दस्तक दे रही है। जिन क्षेत्रों में ये यात्रा पहुंच रही है, वहां लोग खुशियां मना रहे हैं कि कि मोदी की गारंटी वाली गाड़ी, हमारे गांव आ रही है। मैं आज विजय के इस समारोह से, हर बीजेपी कार्यकर्ता को सलाह दूंगा, आग्रह करूंगा। अब आज से आपको मोदी की गारंटी वाली इस गाड़ी के आगे-आगे चलना है। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी, देश की सफलता की गारंटी बनेगी, और ये भी मोदी की गारंटी है। और आपको एक और बात याद रखनी है- जहां दूसरों से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है।

मेरे परिवारजनों,
विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पॉजिटिव एनर्जी का एक ऐसा प्रवाह शुरू किया है, जिसे आज पूरा देश महसूस कर रहा है। इस शक्ति ने विकसित भारत के लिए तैयार हुई नींव को और मजबूत कर दिया है। हमें ये ऊर्जा बनाए रखनी है, हमें ये शक्ति बढ़ाते रहना है। हमें 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास को जगाए रखना है। हमें जन-जन को अपने साथ जोड़ना है। हमें हर मन को समझना है। हमें सबको साथ लेकर चलना है। हमें हर एक को अमृत काल की विकास यात्रा का साथी बनाना है। जो हमसे दूर हैं, हमें उनके पास पहुंचना है। जिन्हें संदेह है, हमें उनमें भरोसा जगाना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं पर जिम्मेदारी और बढ़ गई है। क्योंकि नकारात्मक शक्तियां अब तेजी से एकजुट होने का प्रयास करेंगी। देश को बांटने वाली ताकतें अब एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगी। समाज में खाई पैदा करने वाले अब नए मौके तलाशेंगे। हमें उनसे मुकाबला भी करना है, उनके फेक नैरेटिव का जवाब भी देना है। लेकिन उससे बढ़कर, हमें जनता के यकीन को बनाए रखना है।

साथियों,
उत्साह और उमंग के इस वातावरण के बीच, मेरी आदत छूटती नहीं है, मैं फिर से अनुरोध तो करता ही रहता हूं, क्योंकि मैं मूलतः संगठन से निकला हूं तो स्वभाव मेरा जाता नहीं। मैं आज पूरा दिन टीवी पर क्या चल रहा था, ज्यादा समय नहीं दे पाया, देख नहीं पाया, क्योंकि मैं, हमारे जो भारत के पूर्वी समुद्री तट है, वहां साइक्लोन की संभावनाएं नजर आ रही हैं, जरा तेजी की संभावनाएं नजर आ रही है। और इसलिए विजय के महोत्सव में भी, मैं तो यही कार्य करता हूं इसलिए कहूंगा कि हमें सायक्लोन मिचौंन्ग से भी सतर्क रहना है। बंगाल की खाड़ी से सटे तटीय इलाकों में इसका प्रभाव पड सकता है। केंद्र सरकार लगातार इस पर राज्य सरकारों से संपर्क में है, उनकी हरसंभव मदद कर रही है। मैं तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा और ख़ासतौर से आंध्र प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा कि राज्य सरकार भले ही किसी भी दल की हो, आप पूरी शक्ति से राहत और बचाव के काम में जुट जाना। प्रशासन को पूरा साथ देना और यही एक समर्पित भाजपा कार्यकर्ता के संस्कार होते हैं। हमारे लिए दल से बड़ा देश है, हमारे दिल से भी बड़ा देशवासी है।

साथियों,
सबके प्रयास से ही हम अपने संकल्पों की सिद्धि कर सकते हैं। मुझे देश की अमृत पीढ़ी पर पूरा भरोसा है। हमारा लक्ष्य एक है, साधना एक है, सपना एक है। भारत विकसित होकर रहेगा। इसी विश्वास के साथ मैं फिर एक बार सभी मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं। जो भी विजयी हुए हैं उनको शुभकामनाएं देता हूं। हम सब मिलकर के देश के सामान्य मानवी की आशा अपेक्षाओं को पूरा कर पाएं। मैं आप सब कार्यकर्ताओं को, आपके माध्यम से मैदान में जो लोग मेहनत कर रहे थे उन सबको हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
मेरे साथ बोलिए भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की...
बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
ಶ್ರೀರಾಮ ಜನ್ಮಭೂಮಿ ಮಂದಿರದ ಧ್ವಜಾರೋಹಣ ಉತ್ಸವ ಉದ್ದೇಶಿಸಿ ಪ್ರಧಾನಮಂತ್ರಿ ಅವರ ಭಾಷಣ

ಜನಪ್ರಿಯ ಭಾಷಣಗಳು

ಶ್ರೀರಾಮ ಜನ್ಮಭೂಮಿ ಮಂದಿರದ ಧ್ವಜಾರೋಹಣ ಉತ್ಸವ ಉದ್ದೇಶಿಸಿ ಪ್ರಧಾನಮಂತ್ರಿ ಅವರ ಭಾಷಣ
 PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs

Media Coverage

PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Uttar Pradesh has now emerged as one of the states with the highest number of international airports in India: PM Modi in Jewar
March 28, 2026
The inauguration of Phase-I of Noida International Airport marks a major step in Uttar Pradesh’s growth story and India’s aviation future: PM
UP has now emerged as one of the states with the highest number of international airports in India: PM
Airports are not just basic facilities in any country, they give wings to progress: PM
Our government is making unprecedented investments in modern infrastructure to build a Viksit Bharat: PM

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

उद्धघाटन हो गया? उद्धघाटन हो गया? नहीं, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ वो पर्दा हटाया है, लेकिन मैं आज चाहता हूं इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन यहां जो भी उपस्थित हैं, आप सब करें, और इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिये, अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाईट कीजिए और आपका इसका उद्धघाटन कर रहे हैं। आप दीया जलाकर के यहां उपस्थित हर व्यक्ति, आज इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है, ये आपका भविष्य है, ये आपका पुरूषार्थ है और इसलिए इसका उद्धघाटन भी आपके हाथों से हो रहा है, आप अपने भारत माता की जय बोलकर के, हाथ ऊपर करके, फ्लैश लाईट पूरी तरह से दिखाइये। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। बहुत-बहुत धन्यवाद। अब उद्धघाटन हो गया।

उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी श्री राममोहन नायडू जी, पंकज चौधरी जी, ज्यूरिक एयरपोर्ट के चेयरमैन जोसेफ फेल्डर जी, अन्य मंत्रिगण, सांसद, विधायक, अन्य महानुभाव और मेरे प्यारे भाइयों और बहनों।

मैं देख रहा हूं, आज जहां भी मेरी नजर पड़ रही है, सारे युवा मुझे नजर आ रहे हैं, उत्साह से भरे युवा हैं, जोश से भरे हुए युवा हैं, क्योंकि इन युवाओं को पता है, ये जो काम हो रहा है ना, ये नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम हो रहा है। आज हम विकसित यूपी-विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश, आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। और आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्धघाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों से उद्धघाटन करवा दिया। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।

साथियों,

नोएडा का ये एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिन्दुस्तान को और उत्तर प्रदेश को तो होना ही होना है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए, अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं उत्तर प्रदेश को, विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज का ये कार्यक्रम, भारत के नए मिज़ाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल-डीज़ल-गैस, खाद, ऐसी कई ज़रूरी चीज़ों का चारो तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है, प्रयास कर रहा है। और हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है, देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रह है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता रहा है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई-बहनों पर, इस संकट का बोझ न पड़े।

साथियों,

संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज़ विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही बात करुं, तो पिछले कुछ सप्ताह में ही, ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में, इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ, इसी कालखड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो-भारत ट्रेन ने गति पकड़ी, इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया, और इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्धघाटन भी हो गया।

साथियों,

ये सारे प्रोजेक्ट्स, यूपी के विकास के लिए, डबल इंजन सरकार के प्रयासों का शानदार उदाहरण हैं। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल, तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है। और ये हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। और आपने अभी वीडियो में देखा, ये ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का ATM बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।

साथियों,

जेवर का ये एयरपोर्ट, डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है। अब आप सोचिये, इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में, आपमें से बहुत होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, बहुत वो लोग होंगे जो उस समय 25-30 साल के 35 साल के हुए होंगे और आज रिटायर भी हो गए, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरु के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-NDA की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरु भी हो गया है।

साथियों,

एयरपोर्ट के अलावा ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का भी हब बन रहा है। ये फ्रेट कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं। इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। और दादरी वो स्थान है जहां ये दोनों कॉरिडोर्स आपस में मिलते हैं। यानी यहां किसान जो उगाते हैं, यहां उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से, हवाई मार्ग से, दुनिया के कोने-कोने तक तेज़ी से जा पाएगा। ऐसी मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के कारण, यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है।

साथियों,

जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी डराने की लोगों ने कोशिश की, कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अर्से तक सेवा करने का मौका देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। ये पूरा क्षेत्र, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

साथियों,

इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में, खेती-किसानी का बहुत महत्व है। मैं आज उन मेरे किसान भाई-बहनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी है। उन किसानों के लिए जोरदार तालियां बजाइये दोस्तों, मेरे किसान भाई-बहनों के लिए जोरदार तालियां बजाइये। मेरे किसान भाई-बहन, आपके इस योगदान से ही, इस पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरु होने जा रहा है। आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और बल मिलेगा। अब यहां के कृषि उत्पाद दुनिया के बाज़ारों में और बेहतर तरीके से जा पाएंगे।

साथियों,

यहां मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल, कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। अगर इथेनॉल का उत्पादन ना बढ़ता, पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिंग ना बढ़ती, तो देश को हर वर्ष साढ़े चार करोड़ बैरल, साढ़े चार करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता। किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है।

साथियों,

इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है, किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है। इससे करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा बची है। यानी इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना जय था। बीते वर्षों में इतना सारा पैसा, देश के किसानों को मिला है, गन्ना किसानों को मिला है।

साथियों,

यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई-कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था। लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों की स्थिति बेहतर हुई है।

साथियों,

किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होता। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले, देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे। आज 160 से अधिक एयरपोर्ट्स देश में हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार ने, सामान्य भारतीय के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेज़ी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर सत्रह कर दी है।

साथियों,

भाजपा सरकार का निंरतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे। इसलिए, हमने उड़ान योजना शुरु की थी। इस स्कीम के कारण, बीते कुछ सालों में एक करोड़ साठ लाख से अधिक देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। और मैं आपको एक और जानकारी देना चाहता हूं। हाल में ही केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29 हज़ार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। आने वाले वर्षों में इसके तहत, छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है। यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा।

साथियों,

भारत का एविएशन सेक्टर, बहुत तेज़ से गति और विकास कर रहा है। जैसे-जैसे भारत में नए-नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, वैसे-वैसे नए हवाई जहाज़ों की ज़रूरत भी बढ़ती जा रही है। इसलिए देश की अलग-अलग एयरलाइन्स ने सैकड़ों नए जहाजों के ऑर्डर दिए हैं। ये जो नई सुविधाएं हैं, नए जहाज आ रहे हैं, इनको उड़ाने वाले, इनमें सर्विस देने वाले, मेंटनेस से जुड़े, ऐसे हर काम के लिए बहुत बड़ी संख्या में वर्कफोर्स की ज़रूरत रहेगी। ये युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। इसलिए हमारी सरकार, एविएशन सेक्टर में ट्रेनिंग की सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है।

साथियों,

आप जब अपनी कोई गाड़ी खरीदते हैं, तो ये जरूर देखते हैं कि उस गाड़ी बनाने वाली कंपनी का सर्विसिंग सेंटर आसपास है या नहीं है। आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि हमारे देश में हवाई जहाजों की सर्विसिंग, यानी उनके मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल की पुख्ता व्यवस्थाएं ही नहीं थीं। भारत के 85 एयरपोर्ट, 85 परसेंट हवाई जहाजों को आज भी मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल यानी MRO के लिए, इस काम के लिए विदेश भेजना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने ठाना है कि MRO सेक्टर में भी भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। अब भारत में ही, बहुत बड़े पैमाने पर MRO सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आज यहां जेवर में भी MRO सुविधा का शिलान्यास हुआ है। ये सुविधा जब तैयार हो जाएगी, तो ये देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी। इससे देश को कमाई भी होगी, हमारा पैसा भी देश में ही रहेगा, और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे।

साथियों,

आज हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुविधा है। देश के नागरिक का समय बचे और उसकी जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े, ये हमारा लक्ष्य है। मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का इसी भाव से ही विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल, इसका कितना फायदा हो रहा है, ये भी हम सब देख रहे हें। अभी तक नमो भारत, ढाई करोड़ से अधिक लोग सफर कर चुके हैं। दिल्ली-मेरठ के जिस सफर में पहले घंटों लग जाते थे, अब वो सफर मिनटों में ही पूरा हो रहा है।

साथियों,

विकसित भारत के विकसित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमारी सरकार अभूतपूर्व निवेश कर रही है। बीते 11 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट छह गुणा से अधिक बढ़ाया गया है। इन वर्षों में 17 लाख करोड़ रुपये हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए हैं, एक लाख किलोमीटर से अधिक के हाईवे का निर्माण किया गया है। 2014 तक रेलवे में सिर्फ 20 हजार किलोमीटर रूट का बिजलीकरण हुआ था। जबकि 2014 के बाद से 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है। आज ब्रॉडगेज नेटवर्क का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है। आज कश्मीर घाटी हो या नॉर्थ ईस्ट की राजधानियां, ये पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ रही हैं। पोर्ट यानी बंदरगाहों की क्षमता, बीते दशक में दोगुने से अधिक हुई है। देश में नदी जलमार्गों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी हर क्षेत्र में भारत तेज़ी से काम कर रहा है।

साथियों,

विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत ज़रूरी है। ये आवश्यक है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करे, और वैश्विक संकटों का एकजुट होकर सामना करें। अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है। मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से भी लंबी चर्चा हुई है और बड़ी सकारात्मक चर्चा हुई है। मैं आज आप सभी जनता-जनार्दन से फिर कहूंगा, मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा। हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ, मिल जुलकर के, इस संकट का सामना करना है। ये पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है। मैं यूपी के, देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं, विनती पूर्वक कहना चाहता हूं, इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं। जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। राजनीति के लिए गलत बयानबाज़ी करने वाले, राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती। कोरोना के महासंकट के दौरान भी, कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाईं, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले, ताकि सरकार का काम मुश्किल हो, देश को नुकसान हो। परिणाम क्या हुआ? जनता ने चुनावों के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया, ठुकरा दिया। मुझे पूरा भरोसा है, कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे, ताकत देंगे। इसी आग्रह के साथ, एक बार फिर से उत्तर प्रदेश को इस शानदार एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

बहुत-बहुत धन्यवाद।