प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के निमंत्रण पर, स्पेन सरकार के राष्ट्रपति श्री पेड्रो सांचेज़ 18-19 फरवरी 2026 को एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने के लिए भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह उनकी दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है, इससे पहले वे 27-29 अक्टूबर 2024 को द्विपक्षीय यात्रा कर चुके हैं। उनके साथ स्पेन के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सिविल सर्विस मंत्री श्री ऑस्कर लोपेज़ अगुएदा और कृषि, मत्स्य पालन और खाद्य मंत्री श्री लुइस प्लानास पुचाडेस भी हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी और राष्ट्रपति श्री पेड्रो सांचेज़ ने द्विपक्षीय वार्ता की और व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, जलवायु और नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा, अंतरिक्ष, संस्कृति, पर्यटन और लोगों के परस्‍पर आदान-प्रदान सहित भारत-स्पेन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में सकारात्मक गति का स्वागत किया और वडोदरा संयंत्र में सी-295 परिवहन विमान की अंतिम असेंबली लाइन के लिए टाटा-एयरबस सहयोग में हुई प्रगति पर खुशी व्यक्त की, जिसका उद्घाटन दोनों नेताओं ने अक्टूबर 2024 में संयुक्त रूप से किया था। उन्होंने भावी परिदृश्‍य के रूप में सह-विकास और सह-उत्पादन पर आधारित रक्षा औद्योगिक सहयोग के महत्व पर बल दिया।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय प्रौद्योगिकी, नवाचार, व्यापार और लोगों के बीच परस्‍पर संबंधों को और बढ़ावा देने में भारत-स्पेन के संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के द्विवार्षिक वर्ष की अपार संभावनाओं पर बल दिया, जिसे इस वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।

राष्ट्रपति श्री सांचेज़ ने एआई इम्पैक्ट समिट के महत्व को रेखांकित किया और विश्वास व्यक्त किया कि इसके परिणाम वैश्विक एआई शासन को आकार देने में सार्थक योगदान देंगे। दोनों नेताओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता को एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में मान्यता दी और समावेशी विकास और सामाजिक लाभ के लिए इसकी क्षमता का लाभ उठाने हेतु भारत-स्पेन के बीच घनिष्ठ सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने विशेष रूप से भारत की नई शिक्षा नीति के आलोक में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इस संदर्भ में, उन्होंने 19-20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित हो रहे भारतीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और स्पेनिश विश्वविद्यालयों के रेक्‍टर के सम्मेलन का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच पर्यटन में हो रही उल्लेखनीय वृद्धि का उल्लेख किया, जो उनके संबंधित देशों में आर्थिक कार्यकलापों को बढ़ावा देने और लोगों के बीच परस्‍पर संबंधों को मजबूत करने में योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रमुख स्पेनिश विश्वविद्यालयों और संस्थानों, विशेष रूप से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और गणित (एसटीईएम) क्षेत्रों में, नई शिक्षा नीति के तहत भारत में परिसर खोलने के लिए आमंत्रित किया।

दोनों नेताओं ने पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें स्पेन का हिंद-प्रशांत महासागर पहल में शामिल होने का निर्णय भी शामिल था। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) वार्ता के सफल समापन को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया, जिससे भारत और स्पेन के साथ-साथ यूरोप के बीच व्यापार और निवेश की अपार संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा दोहराई और आतंकवाद से निपटने के लिए मजबूत अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार, जो द्विवार्षिक अवधि के माध्यम से मजबूत हुआ है, भारत-स्पेन साझेदारी को नई गति प्रदान करेगा।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India emerges as one of the lowest-cost major solar power markets globally

Media Coverage

India emerges as one of the lowest-cost major solar power markets globally
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री का इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा
July 03, 2026

इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 6 से 8 जुलाई, 2026 तक इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा होगी और मई 2018 में भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किए जाने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। जकार्ता में प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासी समुदाय की एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे। भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। इन विशेष संबंधों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री इंडोनेशिया के एक प्रमुख यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, योग्याकार्ता स्थित प्रंबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे।

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री 8 से 10 जुलाई, 2026 तक ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री माननीय एंथोनी अल्बानीज़ एमपी के निमंत्रण पर मेलबर्न की यात्रा करेंगे। मेलबर्न में प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल माननीय सुश्री सैम मोस्टिन एसी से भी मुलाकात करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे जहां वे दोनों देशों के शीर्ष व्यापारिक नेताओं की सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासी समुदाय की एक विशाल सभा को भी संबोधित करेंगे जो भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का एक मजबूत स्तंभ है।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री माननीय क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मेलबर्न से 10-11 जुलाई, 2026 को ऑकलैंड की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली राजकीय यात्रा होगी। ऑकलैंड में, प्रधानमंत्री लक्सन के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे जिनमें पिछले दो वर्षों में विशेष रूप से व्यापार, वाणिज्य और रक्षा क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री प्रमुख व्यापार और खेल जगत की हस्तियों से भी बातचीत करेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मजबूत जन-संबंधों को दर्शाते हुए प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान भारतीय प्रवासी भारतीयों की एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे।