मेरे प्रिय वाराणसी वासियों,

प्राचीन नगरी वाराणसी हजारों वर्षों से ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति का प्रतीक रही है. यह शिव की नगरी है. शिव जो विभिन्न संस्कृतियों के बीच समन्वय सेतु हैं. शिव जो संसार को बुराइयों से बचाने के लिए खुद विष पीकर नीलकंठ कहलाते हैं. आज पूरे देश की निगाहें वाराणसी पर टिकी हैं, तो इसकी वजह भी वाराणसी का यही शिव स्वरूप है जो विष भी पी सकता है और देश को निराशा के गर्त में ढकेलने वालों से मुक्त करने का डमरू भी बजा सकता है.

Varanasi shall set in motion the wheels of change that will take India on the path of good governance.

यह माना जाता है कि ये वाराणसी ही है जहां गंगा माँ का सौंदर्य और महत्व उस उच्चतम स्तर को प्राप्त कर लेता है जहाँ गंगा का दर्शन मात्र ही मुक्ति का माध्यम बन जाता है. पर आज यही मोक्षदायिनी गंगा स्वयं अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है. हजारों करोड़ व्यय करने के बाद भी गंगा की स्थिति जस-की-तस है. गंगा वाराणसी का गौरव है, यहाँ के निवासियों की आन है. गंगा को उसका गौरव वापस दिलाने के लिए व्यापक प्रयास की आवश्यकता है.

वाराणसी गंगा-जमुनी संस्कृति का सबसे बड़ा केंद्र भी है. हिंदू धर्म में तो ये सर्वाधिक पवित्र शहर माना ही जाता है, लेकिन ये शहर जैन और बौद्ध धर्म में भी काफी महत्व रखता है. गौतम बुद्ध ने अपना पहला प्रवचन पास ही सारनाथ में दिया था. भारत रत्न बिस्मिल्ला खान की शहनाई की गूंज भी हिंदू- मुस्लिम एकता का ऐलान यहीं पर करती रही है. परिणामतः वाराणसी आज आध्यात्मिक ज्ञान का दुनिया का सबसे बड़ा केंद्र है.

नई दिल्ली देश की राजनीतिक राजधानी है. मुंबई को वित्तीय राजधानी कहा जाता है. इसी कड़ी में मैं चाहता हूँ कि वाराणसी भारत की ‘बौद्धिक राजधानी’ बने. मैं और मेरी पार्टी इस दिशा में भरसक प्रयास करेंगे. हम काशी को ऐसे शहर के रूप में विकसित करना चाहेंगे जो भारत की सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियों का केंद्र हो और जहाँ ज्ञान का निरंतर प्रवाह हो.

यहां बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ जैसे विश्व-स्तरीय शिक्षा संस्थान हैं जिनके संवर्धन और सतत विकास की जरूरत है क्योंकि ये संस्थान न केवल बनारस की पहचान हैं बल्कि भोजपुरी क्षेत्रों सहित पूरे पूर्वांचल में ज्ञान की अलख जलाए रखने के लिए भी ये अपरिहार्य हैं.

बनारस पर्यटन का बहुत बड़ा केंद्र है और साथ ही अपने हस्त-शिल्प और कारीगरी के लिए विश्व-विख्यात है. पर फिर भी यहाँ के नौजवान रोज़गार के लिए भटक रहे हैं. एक समय था कि जब पूरे देश में बनारसी पान और बनारसी साड़ी का वर्चस्व था और जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन आज ये दोनों ही अपनी वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं. इतने वर्षों में हम बनारस के लिए कोई नया ब्रांड तैयार नहीं कर सके, जबकि पुराने ब्रांड अपनी चमक खोते जा रहे हैं.

आज आवश्यकता है कि हम वाराणसी की समृद्ध विरासत का पुनरुद्धार करें. यहाँ के कुटीर उद्योगों और हस्त-शिल्प व् हथ-करघा व्यवसाय को पुनर्जीवित करें. यहीं पर रोज़गार का सृजन करें. ऐसा करके हम हजारों लोगों को न केवल उनके घर के नज़दीक ही रोजगार दे सकेंगे बल्कि वाराणसी को उसका पुराना गौरव भी लौटा सकेंगे.

हालांकि ये सब बेहतर नगरीय सुविधाओं के बिना पूरा नहीं होगा. आज बनारस सड़क, अतिक्रमण, जाम और बिजली-पानी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है. इन समस्याओं की बड़ी वजह केंद्र और राज्य सरकारों की उपेक्षा है, लेकिन साथ ही सरकारी विभागों में ठेकेदारी सहित हर जगह माफियाओं के दखल भी इसका एक कारण हैं. मैं आपसे वादा करता हूं कि दिल्ली से लेकर बनारस तक जनता के धन को लूटने वाले हर माफिया के वर्चस्व को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा.

१६वीं लोकसभा के लिए मतदान की निर्णायक बेला आ चुकी है. आपको याद होगा कि २०वीं सदी के अंतिम वर्षों में दुनिया भर के विचारक और चिंतक ये घोषणा कर रहे थे कि २१ वीं सदी भारत की होगी. और सदी के शुरुआती वर्षों में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में ये भविष्यवाणी सच होती हुई दिखाई दे रही थी. दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही थी. देश के नौजवानों में गजब का उत्साह था और हर परिवार के पास अपने बच्चों की कामयाबी की कहानियां थीं. लेकिन यूपीए के दस वर्षों के कुशासन ने देश को आगे बढ़ाने के बजाय, दशकों पीछे धकेल दिया है और बढ़ते भारत की कहानी को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया.

मित्रों आज समय आ गया है कि हम इस स्थिति को बदलें. कहते हैं की देश की राजनीति का प्रतिबिम्ब वाराणसी में झलकता है. तो आइये शुरुआत यहीं से करें.

वैसे भी वाराणसी ही ऐसी जगह है जहां गंगा उत्तर वाहिनी हैं. शक्तिशाली गंगा की धारा भी यहाँ आकर अपनी दिशा बदल कर मुड़ जाती है. इसलिए अब वाराणसी से ही बड़े परिवर्तन की शुरुआत होगी. देश फिर से सुशासन के पथ पर अग्रसर होगा और वाराणसी से निकला यह सन्देश पूरे देश में अलख जगाएगा.

इस विश्वास के साथ.

काल हर ! कष्ट हर ! दुख हर ! दरिद्र हर ! हर हर महादेव ! ॐ नमः शिवाय. जय जय बाबा विश्वनाथ जी की.

आपका,

नरेन्द्र मोदी

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
PM Modi apologises to women after Lok Sabha rejects 33% quota bill, vows to ‘remove every obstacle’ to ensure representation

Media Coverage

PM Modi apologises to women after Lok Sabha rejects 33% quota bill, vows to ‘remove every obstacle’ to ensure representation
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
महात्मा ज्योतिराव फुले: भारत के दिव्य पथ-प्रदर्शक
April 11, 2026

आज 11 अप्रैल हम सभी के लिए बहुत विशेष दिन है। आज भारत के महान समाज सुधारकों में से एक और पीढ़ियों को दिशा दिखाने वाले महात्मा ज्योतिराव फुले की जन्म-जयंती है। इस वर्ष यह अवसर और भी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके 200वें जयंती वर्ष का शुभारंभ भी हो रहा है।

महान समाज सुधारक महात्मा फुले का जीवन नैतिक साहस, आत्म चिंतन और समाज के हित के लिए अटूट समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। महात्मा फुले को केवल उनकी संस्थाओं या आंदोलनों के लिए ही याद नहीं किया जाता, बल्कि उन्होंने लोगों के मन में जो आशा और आत्मविश्वास जगाया, उसका व्यापक प्रभाव हम आज भी महसूस करते हैं। उनके विचार देशवासियों के लिए प्रेरणापुंज हैं।

महात्मा फुले का जन्म 1827 में महाराष्ट्र में एक बहुत साधारण परिवार में हुआ। लेकिन शुरुआती चुनौतियां कभी उनकी शिक्षा, साहस और समाज के प्रति समर्पण को नहीं रोक पाईं। उन्होंने हमेशा यह माना कि चाहे कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं, इंसान को मेहनत करनी चाहिए, ज्ञान हासिल करना चाहिए और समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उन्हें अनदेखा करना चाहिए। बचपन से ही महात्मा फुले बहुत जिज्ञासु थे और अपनी उम्र के अन्य बच्चों की अपेक्षा कहीं अधिक पुस्तकें पढ़ते थे। वो कहते भी थे, “हम जितना ज्यादा सवाल करते हैं, उनसे उतना ही अधिक ज्ञान निकलता है।” साफ है कि बचपन से मिली जिज्ञासा उनकी पूरी यात्रा में बनी रही।

महात्मा फुले के जीवन में शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण मिशन बनी। उनका मानना था कि ज्ञान किसी एक वर्ग की संपत्ति नहीं, बल्कि एक ऐसी शक्ति है, जिसे सभी के साथ साझा किया जाना चाहिए। जब समाज के बड़े हिस्से को शिक्षा से वंचित रखा जाता था, तब उन्होंने लड़कियों और वंचित वर्गों के लिए स्कूल खोले। वे कहते थे, “बच्चों में जो सुधार मां के माध्यम से आता है, वह बहुत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए अगर स्कूल खोले जाएं, तो सबसे पहले लड़कियों के लिए खोले जाएं।” उन्होंने शिक्षा को न्याय और समानता का माध्यम बनाया।

शिक्षा के प्रति उनका दृष्टिकोण हमें आज भी बहुत प्रेरित करता है। पिछले एक दशक में भारत ने युवाओं के लिए रिसर्च और इनोवेशन को बहुत प्राथमिकता दी है। एक ऐसा इकोसिस्टम बनाने का प्रयास किया गया है, जिसमें युवा सवाल पूछने, नई चीजें सीखने और इनोवेशन के लिए प्रेरित हों। ज्ञान, कौशल और अवसरों में निवेश करके भारत अपने युवाओं को देश की प्रगति का आधारस्तंभ बना रहा है।

अपने शैक्षिक ज्ञान और बौद्धिकता से महात्मा फुले ने कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों की गहरी जानकारी हासिल की। वे कहते थे कि किसानों और मजदूरों के साथ अन्याय समाज को कमजोर करता है। उन्होंने देखा कि सामाजिक असमानताएं खेतों और गांवों में लोगों के जीवन को कैसे प्रभावित करती हैं। इसलिए उन्होंने गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों को सम्मान दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए।

महात्मा फुले ने कहा था, “"जोपर्यंत समाजातील सर्वांना समान अधिकार मिळत नाहीत, तोपर्यंत खरे स्वातंत्र्य मिळत नाही” यानी जब तक समाज के सभी लोगों को समान अधिकार नहीं मिलते, तब तक सच्ची आजादी नहीं मिल सकती। इसी विचार को जमीन पर उतारने के लिए उन्होंने कई संस्थाओं की स्थापना की। उनका सत्यशोधक समाज, आधुनिक भारत के सबसे महत्वपूर्ण समाज सुधार आंदोलनों में से एक था। यह आंदोलन सामाजिक सुधार, सामुदायिक सेवा और मानवीय गरिमा को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा था। यह महिलाओं, युवाओं और गांवों में रहने वाले लोगों की पुरजोर आवाज बना। यह आंदोलन उनके इस विश्वास को दर्शाता है कि समाज की मजबूती के लिए न्याय, हर व्यक्ति के प्रति सम्मान और सामूहिक प्रगति जरूरी है।

उनका व्यक्तिगत जीवन भी साहस की मिसाल रहा। लगातार लोगों के बीच रहकर काम करने का असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ा। लेकिन गंभीर बीमारी भी उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकी। एक गंभीर स्ट्रोक के बाद भी उन्होंने अपना काम और समाज के लिए संघर्ष जारी रखा। उनका शरीर कमजोर हुआ, लेकिन समाज के प्रति उनका समर्पण कभी नहीं डगमगाया। आज भी करोड़ों लोग उनके जीवन के इस पहलू से प्रेरणा लेते हैं।

महात्मा फुले का स्मरण, सावित्रीबाई फुले के सम्मानजनक उल्लेख के बिना अधूरा है। वह स्वयं भारत की महान समाज सुधारकों में से एक थीं। भारत की पहली महिला शिक्षिकाओं में शामिल सावित्रीबाई ने लड़कियों की शिक्षा को आगे बढ़ाने में बेहद अहम भूमिका निभाई। महात्मा फुले के निधन के बाद भी उन्होंने इस कार्य को जारी रखा। 1897 में प्लेग महामारी के दौरान उन्होंने मरीजों की इतनी सेवा की कि वह स्वयं भी इस बीमारी की शिकार हो गईं और उनका निधन हो गया।

भारतभूमि बार-बार ऐसी महान विभूतियों से धन्य होती रही है, जिन्होंने अपने विचार, त्याग और कर्म से समाज को मजबूत बनाया है। उन्होंने बदलाव का इंतजार नहीं किया, बल्कि स्वयं बदलाव का माध्यम बने। सदियों से हमारे देश में समाज सुधार की आवाज उन्हीं लोगों से उठी है, जिन्होंने पीड़ा को भाग्य नहीं माना, बल्कि उसे खत्म करने के प्रयासों में जुटे रहे। महात्मा ज्योतिराव फुले भी ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे।

मुझे 2022 में पुणे की अपनी यात्रा याद है, जब मैंने शहर में महात्मा फुले की भव्य प्रतिमा पर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। उनके 200वें जयंती वर्ष की शुरुआत पर हम उनके विचारों को अपनाकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। हमें शिक्षा के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करना होगा। अन्याय के प्रति संवेदनशील बनना होगा और यह विश्वास रखना होगा कि समाज अपने प्रयासों से ही खुद को बेहतर बना सकता है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि समाज की शक्ति को जनहित और नैतिक मूल्यों से जोड़कर भारत में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा सकते हैं। यही कारण है कि आज भी उनके विचार करोड़ों लोगों में नई उम्मीद जगाते हैं। महात्मा ज्योतिराव फुले 200 साल बाद भी केवल इतिहास का नाम नहीं, बल्कि भारत के भविष्य के मार्गदर्शक बने हुए हैं।