प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 16 सितंबर 2014 की शाम को गांधीनगर के पास त्रि मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशाल सभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर गुजरात की मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के अलावा गुजरात सरकार के मंत्री और गुजरात भाजपा के कई नेता मौजूद थे।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने एक बार फिर ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धान्त के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और अभूतपूर्व जन धन योजना सहित भारत के विकास के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस टीम इंडिया को मजबूत बनाने पर है। उन्होंने भारत के संघीय ढांचे के महत्व का उल्लेख भी किया।

उन्होंने जोर देकर कहा, “लोग पूछते हैं कि आपका विजन क्या है, बड़ा और विशाल दृष्टिकोण, लेकिन मुझे इतना ही कहना है कि मैं बेहद छोटा व्यक्ति हूं और छोटे लोगों के लिए जीता हूं।”
भाजपा की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया, “हमारी (भाजपा) शक्ति हमारा संगठन और हमारे कार्यकर्ताओं का कठिन परिश्रम है।” उन्होंने बीते दिनों को याद किया जब भाजपा दो सीटों तक सिमट गई थी और कहा कि क्या किसी ने ऐसे समय के बारे में सोचा था जब भाजपा अपने बल पर बहुमत हासिल करते हुए सत्ता में आएगी।
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए गुजरात के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि चाहें कुछ भी हो जाए, लेकिन गुजरात के लोग हमेशा उनके दिल में रहेंगे। श्रीमती आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व में गुजरात में हुए अद्भत कार्य का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मैंने कहा था कि मेरी सफलता गुजरात में रहते हुए गुजरात के विकास में नहीं है, बल्कि मेरे वहां नहीं रहते हुए गुजरात के विकास में है। चार महीने बाद गुजरात आने पर मैं देख सकता हूं कि विकास तेज गति से हो रहा है।”
गुजरात की मुख्यमंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल कहा कि ये अत्यंत खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री अपने पद की शपथ लेने के बाद पहली बार गुजरात आ रहे हैं। उन्होंने श्री नरेंद्र मोदी के उन बेहतरीन कार्यों का जिक्र किया जो उन्होंने गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए किए। भाजपा के अध्यक्ष श्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें श्री मोदी के साथ संगठन और सरकार, दोनों ही स्तरों पर काम करने का अवसर मिला है।


