एम्स, जोधपुर में 'ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक' की आधारशिला रखी और पीएम-एबीएचआईएम के तहत 7 क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स का शिलान्यास किया
जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी
आईआईटी जोधपुर परिसर और राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए बुनियादी ढांचे के उन्नयन के कार्य को राष्ट्र को समर्पित किया
कई सड़क विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी
145 किमी लंबी डेगाना-राय का बाग रेल लाइन और 58 किमी लंबी डेगाना-कुचामन सिटी रेल लाइन के दोहरीकरण के कार्य को समर्पित किया
जैसलमेर को दिल्ली से जोड़ने वाली रुणिचा एक्सप्रेस और मारवाड़ जंक्शन को खम्बली घाट से जोड़ने वाली नई हेरिटेज ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
"राजस्थान एक ऐसा राज्य है जहाँ प्राचीन भारत का गौरव देश की वीरता, समृद्धि और संस्कृति में दिखाई देता है"- प्रधानमंत्री
"यह महत्वपूर्ण है कि राजस्थान जो भारत के अतीत के गौरव का प्रतिनिधित्व करता है, उसे भारत के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करना चाहिए"- प्रधानमंत्री
"मुझे एम्स जोधपुर और आईआईटी जोधपुर का नाम केवल राजस्थान के ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख संस्थानों में देखकर बहुत खुशी होती है"- प्रधानमंत्री
"भारत का विकास केवल राजस्थान के विकास के साथ ही होगा" - प्रधानमंत्री

मंच पर विराजमान राजस्थान के राज्यपाल श्रीमान कलराज मिश्र जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी और इसी धरती के सेवक भाई गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, राजस्थान सरकार के मंत्री भाई भजनलाल, सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्रीमान सी.पी.जोशी जी, अन्य हमारे सांसदगण, सभी जन-प्रतिनिधि, देवियों और सज्जनों!

सर्वप्रथम मैं सूर्यनगरी, मंडोर, वीर दुर्गादास राठौड़ जी की इस वीर भूमि को शत-शत नमन करता हूँ। आज, मारवाड़ की पवित्र धरती जोधपुर में कई बड़े विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। बीते 9 वर्षों में हमने राजस्थान के विकास के लिए जो निरंतर प्रयास किए हैं, उनके परिणाम आज हम सब अनुभव कर रहे हैं, देख रहे हैं। मैं आप सभी को इन विकास कार्यों के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूँ।

साथियों,
राजस्थान वो राज्य है, जहां प्राचीन भारत के गौरव के दर्शन होते हैं। जिसमें भारत के शौर्य, समृद्धि और संस्कृति झलकती है। कुछ समय पहले जोधपुर में G-20 की जो बैठक हुई, उसकी तारीफ दुनियाभर के मेहमानों ने की। चाहे हमारे देश के लोग हों, या विदेशी पर्यटक हों, हर किसी की इच्छा होती है कि वो एक बार Sun City जोधपुर देखने के लिए जरूर आए। हर कोई रेतीले धोरों को, मेहरानगढ़ और जसवंत थड़ा को जरूर देखना चाहता है, यहाँ के हैंडीक्राफ़्ट को लेकर बहुत कुछ उसके लिए उत्कंठा रहती है। इसलिए, ये जरूरी है कि भारत के गौरवशाली अतीत का प्रतिनिधित्व करने वाला राजस्थान, भारत के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करे। ये तभी होगा, जब मेवाड़ से लेकर मारवाड़ तक, पूरा राजस्थान विकास की बुलंदियों को छूए, यहाँ आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो। बीकानेर से बाड़मेर होते हुये जामनगर तक जाने वाला एक्सप्रेसवे कॉरिडोर, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, राजस्थान में आधुनिक और हाइटेक इनफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण है। भारत सरकार, आज राजस्थान में हर दिशा में, चहुं दिशा में रेल और रोड समेत हर क्षेत्र में तेज गति से काम कर रही है।

इसी साल रेलवे के विकास के लिए करीब-करीब साढ़े नौ हजार करोड़ रुपए का बजट राजस्थान को दिया गया है। ये बजट पिछली सरकार के सालाना औसत बजट से करीब 14 गुना ज्यादा है। और ये कोई मैं पॉलिटिकल स्टेटमेंट नहीं दे रहा हूँ, फैक्चूअल जानकारी दे रहा हूँ, वरना मीडिया वाले लिखेंगे, मोदी का बड़ा हमला। आज़ादी के बाद के इतने दशकों में 2014 तक, राजस्थान में लगभग 600 किलोमीटर रेल लाइनों का ही बिजलीकरण हुआ। बीते 9 वर्षों में 3 हजार 7 सौ किलोमीटर से ज्यादा रेल ट्रैक्स का बिजलीकरण हो चुका है। इन पर डीजल इंजन की जगह इलैक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनें चलेंगी। इससे राजस्थान में प्रदूषण भी कम होगा और हवा भी सुरक्षित रहेगी। अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत हम राजस्थान के 80 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिकता के साथ विकसित कर रहे हैं। हमारे यहाँ शानदार airports बनाने का फैशन तो है, बड़े-बड़े लोग वहाँ जाते हैं, लेकिन मोदी की दुनिया कुछ अलग है, जहां गरीब और मध्यम वर्ग का व्यक्ति जाता है, मैं उस रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट से भी बढ़िया बना दूंगा और इसमें हमारा जोधपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

भाइयों-बहनों,

आज रोड और रेल की जिन परियोजनाओं को शुरू किया गया है, उनसे विकास के इस अभियान को और गति लेगी। रेल लाइनों के इस दोहरीकरण से यात्रा में लगने वाला जो समय है, वो कम होगा, और सुविधा भी बढ़ेगी। मुझे जैसलमेर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन और मारवाड़-खांबली घाट ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का भी सौभाग्य मिला है। और कुछ दिन पहले मुझे वंदे भारत के लिए भी मौका मिला था। आज यहां रोड के तीन प्रोजेक्ट्स का भी शिलान्यास हुआ है। आज जोधपुर औऱ उदयपुर airport के नए passenger terminal building का शिलान्यास हुआ है। इन सभी विकास कार्यों से इस इलाके की लोकल अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ये राजस्थान में टूरिज्म सेक्टर को भी नई ऊर्जा देने में मदद करेंगे।

साथियों,

हमारे राजस्थान की मेडिकल और इंजीनियरिंग एजुकेशन के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान रही है। कोटा ने देश को कितने ही डॉक्टर्स और इंजीनियर्स दिये हैं। हमारा प्रयास है कि राजस्थान एजुकेशन के साथ-साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने वाला एक अच्छे से अच्छा हब बने। इसके लिए एम्स जोधपुर में trauma, Emergency और क्रिटिकल केयर की एडवांस्ड सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत जिला अस्पतालों में भी क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स बनाए जा रहे हैं। मुझे खुशी है कि एम्स जोधपुर और आईआईटी जोधपुर, ये संस्थान आज राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रीमियर इंस्टीट्यूट्स बन रहे हैं।

एम्स और आईआईटी जोधपुर ने मिलकर मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर काम शुरू किया है। रोबोटिक सर्जरी जैसी हाइटेक मेडिकल टेक्नोलॉजी, भारत को रिसर्च के क्षेत्र में, इंडस्ट्री के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई पर ले जाने वाला काम है। इससे मेडिकल टूरिज़्म को भी बढ़ावा मिलेगा।

साथियों,

राजस्थान प्रकृति और पर्यावरण से प्रेम करने वाले लोगों की धरती है। गुरु जम्भेश्वर और बिश्नोई समाज ने यहाँ सदियों से उस जीवनशैली को जिया है, जिसका आज पूरी दुनिया अनुसरण करना चाहती है। हमारी इस विरासत को आधार बनाकर आज भारत पूरे विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। मुझे विश्वास है, हमारे ये प्रयास विकसित भारत का आधार बनेंगे। और भारत विकसित तभी होगा, जब राजस्थान विकसित होगा। हमें मिलकर राजस्थान को विकसित बनाना है, और समृद्ध बनाना है। इसी संकल्प के साथ, इस कार्यक्रम के मंच की कुछ मर्यादाएँ हैं, तो मैं यहाँ ज्यादा समय आपका लेता नहीं हूँ। इसके बाद खुले मैदान में जा रहा हूँ, वहाँ का मिजाज भी अलग होता है, माहौल भी अलग होता है, मकसद भी अलग होता है तो कुछ मिनट के बाद वहाँ खुले मैदान में मिलते हैं। बहुत बहुत धन्यवाद!

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Rooftop solar, KUSUM account for 40% of Indias solar capacity additions in FY27 till July: Bernstein

Media Coverage

Rooftop solar, KUSUM account for 40% of Indias solar capacity additions in FY27 till July: Bernstein
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री 27 अगस्त को 'खेलो इंडिया डायलॉग' में युवाओं को संबोधित करेंगे
August 26, 2026
'खेलो इंडिया डायलॉग' एक ऐसा साझा मंच होगा, जहां खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक कर्तव्य, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण का एक साथ संगम देखने को मिलेगा 
खेलो इंडिया डायलॉग के तहत 'युवा संवाद' में पांच मुख्य थीमों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा: खेल, ओलंपिक आकांक्षाएं, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और नशामुक्त युवा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'खेलो इंडिया डायलॉग' को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारत की खेल यात्रा से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं को साझा करना और युवा-नेतृत्व वाले विकसित भारत के निर्माण के लिए उनके विचारों का योगदान प्राप्त करना है।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उत्सव के एक हिस्से के रूप में 'मेरा युवा भारत' (MY भारत) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देश भर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो-दो कॉलेजों के युवाओं की भागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें युवाओं की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय विकास के एजेंडे के केंद्र में रखते हुए एक फिट, अनुशासित और खेल-समर्पित राष्ट्र का निर्माण करना शामिल है।

राष्ट्रव्यापी 'खेलो इंडिया डायलॉग' खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण को एक साझा मंच पर एक साथ लाएगा। यह युवाओं को देश की खेल संबंधी आकांक्षाओं से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा, साथ ही यह सुनिश्चित करेगा कि उनके विचार और दृष्टिकोण भारत के युवा व खेल इकोसिस्टम पर चल रही निरंतर चर्चा का हिस्सा बनें।

राष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा प्रतिभागी, MY भारत के स्वयंसेवक, स्थानीय खिलाड़ी और जन प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस पहल की एक प्रमुख विशेषता खेल में रुचि रखने वाले युवाओं और भारत के अग्रणी एथलीटों व पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद होगी। इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र 'युवा संवाद' होगा, जहां युवा प्रतिभागियों को अपने विचारों, दृष्टिकोणों और आकांक्षाओं को व्यक्त करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यह संवाद पांच थीम पर आधारित होगा:

  • बेहतर सुविधाओं, कोचिंग, खेल विज्ञान और समावेशी भागीदारी के माध्यम से भारत के खेल इकोसिस्टम में सुधार करना;
  • वैज्ञानिक तरीकों से प्रतिभा की पहचान, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और एथलीटों के लंबे समय तक विकास के जरिए 2036 ओलंपिक के लिए नए खिलाड़ियों को तैयार करना;
  • गवर्नेंस प्लेटफ़ॉर्म और 'मेरा युवा भारत' (MY भारत) के वॉलंटियरिंग अभियानों के ज़रिए नए युवा लीडर्स तैयार करना;
  • नागरिक कर्तव्य भाव, भविष्य के लिए उपयोगी कौशल और व्यवस्थित स्वयंसेवा के माध्यम से विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाना;
  • 'नशा मुक्त युवा' अभियान को बढ़ावा देने के लिए खेल और साथियों के नेटवर्क का उपयोग किया जा रहा है, ताकि मादक पदार्थों के व्यसन के खिलाफ एक मजबूत लड़ाई लड़ी जा सके। इस पहल को 2 अगस्त 2026 को शुरू किए गए प्रधानमंत्री के 100-सप्ताह के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित साप्ताहिक 'जन भागीदारी' कार्यक्रमों से और अधिक बल मिल रहा है।