इस 15 साल के सिंडिकेट राज (TMC) की एक्सपायरी डेट है… 4 मई: बनगांव में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने बंगाल के विकास के लिए डबल इंजन सरकार की जरूरत पर जोर दिया।

भारत माता की... दोनों मुट्ठी बंद कर के ऐसे जयकारा बोलिए कि सारे बंगाल को पता चल जाए कि सरकार बन रही है... भारत माता की.... मैं अपना भाषण शुरू करूं उससे पहले मेरे जो ये छोटे-छोटे बाल कलाकार चित्र बनाकर ले आए हैं वो सब आगे आ जाएं। जो-जो चित्र लेकर के आए हैं वो आगे आ जाएं जो भी.. कुछ लोगों ने मेहनत करके बनाकर लाए हैं, मेरे एसपीजी के साथी आएंगे वो प्यार से आपका तोहफा ले लेंगे, ये तोहफा मुझे पहुंच जाएगा और अगर आपने पीछे एड्रेस लिखा होगा तो मेरी तरफ से आपको धन्यवाद की चिट्ठी आएगी। देखिए, जो दूर तक हो वो भी तुरंत दे दीजिए.. वरना फिर सभा में बहुत तकलीफ होती है। जो भी पीछे हैं वो भी दे दीजिए। देखिए वहां दो बड़े-बड़े पोस्टर लेकर बच्चे आए हैं। वो भी ले लीजिए... जरा पीछे से मदद कीजिए... वो उनका पहुंचा दीजिए आगे... जरा एसपीजी के लोग रुपककर के सब लेकर के जाना। दूसरा काम जो यहां चुनाव लड़ रहे हैं उन सभी उम्मीदवारों से मेरा आग्रह है कि जरा आगे आ जाएं, सारे कैंडिडेट आगे आ जाएं... आप सब भारत माता की जय बोलते रहिए.. मैं इन सबको मिलकर के आता हूं। चित्र सब पहुंचा दीजिए... भारत माता की... ये पेंटिंग वाला काम पूरा हो गया... अभी भी कोई पीछे है... बोलिए भारत माता की...उधर से भी आवाज आनी चाहिए... ये जो दूर-दूर है उनको मेरी आवाज सुनाई देती है, इतना दूर भी सुनाई देता है। मैं तो आपका चेहरा भी नहीं देख पाता हूं

जॉय माँ दुर्गा!, जॉय माँ काली! जॉय जलेश्वर शिव ठाकुर!

नमोष्कार ! कैमोन आछेन? आपनारा भालो आछेन ?

साथियों,

आज जब यहां आया हूं...तो अनेक यादें ताज़ा हो गई हैं। 4-5 साल पहले मुझे सीमा पार...ओराकांडी जाने का सौभाग्य मिला था। वहां मतुआ समुदाय से मिलना, आस्था और परंपरा से जुड़ना...एक अद्भुत अनुभव था। भारत के प्रधानमंत्री की ये पहली ऐसी यात्रा थी। वहां मंदिर में पूजा अर्चना का भी अवसर मिला था। मुझे याद है... कि जब मैं यहां बौरो मां का आशीर्वाद लेने गया था...तो उनकी ममता ने मुझे भाव-विभोर कर दिया था। ये अपनत्व, मैं कभी नहीं भूल सकता।

साथियों,

आज जीवन के उन अनमोल पलों को मैंने फिर से जीया है। यहां आने से पहले मुझे... ठाकुरबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना का अवसर मिला है। मैं श्री श्री हरिचांद ठाकुर... श्री श्री गुरुचांद ठाकुर और बोरो मां को नमन करता हूं। ये जो पुण्य अनुभूति है...वो हमेशा मेरे साथ रहने वाली है।

साथियों,

आप सभी इतनी बड़ी संख्या में हमें आशीर्वाद देने आए हैं...ये हम सभी का बहुत बड़ा सौभाग्य है। पहले चरण की वोटिंग में बंगाल ने कमाल कर दिया है। अब मुझे आपलोग बताएंगे, मैं एक सवाल पूछूं जवाब देंगे, सबके सब देंगे.. ये पहले चरण में इतना भारी मतदान हो गया तो फिर आप सो नहीं जाएंगे ना... जागते रहेंगे... घर-घर जाएंगे ? एक-एक मतदाता से मिलेंगे... पोलिंग बूथ में बराबर ताकत लगाएंगे... पक्का.. पहले चरण का रिकॉर्ड तोड़ेंगे...जरा जोर से बताइए तोड़ेंगे... जरा हाथ ऊपर करके बताइए तोड़ेंगे... यही करके दिखाना है। देखिए, पहले चरण में टीएमसी का अहंकार टूट गया है...अब दूसरे चरण में बीजेपी सरकार की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है।
प्रोथोम चरोने भांगलो टीएमसीर अहोंकार...
द्वितीय चरोने निश्चितो बीजेपी शोरकार

साथियों,

बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है। लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी। 15 साल पहले TMC... मां, माटी और मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी। लेकिन अब इनके मुंह से मां, माटी और मानुष...ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? मैं कारण आपको बताता हूं। साथियों, ये टीएमसी वाले... अगर मां, माटी और मानुष की याद दिलाएंगे... तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। TMC की निर्ममता ने... मां को रुला दिया...माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया...और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।

साथियों,

TMC के महाजंगलराज में...छोटे से छोटा नेता, छोटे से छोटा गुंडा भी खुद को सरकार समझता है। 24 परगना, हुगली नदी के इर्द-गिर्द का इलाका... ये कभी मिलों और फैक्ट्रियों का इलाका हुआ करता था।
लेकिन आज...मिलों पर ताले लगने के नोटिस की ही खबरें आती हैं।

अंग्रेज़ों के जमाने से चले आ रहे कारखाने भी बंद हो रहे हैं। बॉनगांव से बैरकपुर तक...अनेक जूट मिलें, अनेक फैक्ट्रियां 15 साल में बंद हुई हैं... सिर्फ एक ही फैक्ट्री, एक ही दुकान फली-फूली है...और ये दुकान है...सिंडिकेट की, कटमनी और कमीशनखोरी...मिलों की ज़मीन पर कब्जे की...किसानों को बर्बाद और तबाह करने की। ऐसी सरकार को यहां से जाना ही होगा...ऐसी सरकार को हटाना ही होगा इसलिए...बंगाल का एक ही नारा, एक ही निर्णय है... पाल्टानो दोरकार... पाल्टानो दोरकार...पाल्टानो दोरकार... पाल्टानो दोरकार...

साथियों,

बंगाल के पास सबकुछ है...बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भी भरपूर है। इसलिए, बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है। हमें बस...नेताजी सुभाषचंद्र बोस के आह्वान को याद रखना है। याद रखोगे... जोर से बताइए याद रखोगे... नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने कहा था... तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा। साथियों, नेताजी के आह्वान पर देश ने सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज बंगाल को आपके एक वोट की ज़रूरत है। आप हमें आशीर्वाद दीजिए...अपना वोट दीजिए.. हम आपको TMC से आज़ादी दिलाएंगे। आज़ादी...TMC के महा-जंगलराज से आज़ादी...टीएमसी के भॉय से। आज़ादी...टीएमसी के भ्रष्टाचार से। आज़ादी...बेटियों पर अत्याचार से। आज़ादी...बेकारी और बेरोजगारी से। आज़ादी...लुटती भर्ती परीक्षा से। आज़ादी...घुसपैठियों के कब्जे से। आज़ादी...दंगाइयों और मस्तानों से।

साथियों,

बीजेपी के लिए, किसानों का कल्याण भी हमारी प्राथमिकता है। हम जूट किसानों और श्रमिकों की चिंता समझते हैं। इसलिए...केंद्र की बीजेपी सरकार ने...11 साल में जूट का MSP डबल कर दिया डबल। जूट किसानों से जूट खरीद तीन गुना से अधिक कर दी। गेहूं और चावल की पैकिंग में शत-प्रतिशत जूट की पैकिंग भी अनिवार्य कर दी। हमने सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगाया है...ताकि जूट का उपयोग बढ़े...बंगाल की जूट मिलों को ज्यादा से ज्यादा ऑर्डर मिलें... लेकिन TMC का सिंडिकेट...यहां मिलों को चलने ही नहीं देता। यहां के किसानों की भलाई के लिए...आपको टीएमसी सरकार को गाजे-बाजे के साथ विदाई देनी ही होगी।

साथियों,

TMC के महा-जंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित...हमारी बहनें- हमारी बेटियां हैं। बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है। इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। TMC की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। इतना ही नहीं...यहां तो बहनों को ही गाली दी गई।

मेरे प्यारे बंगाल के भाइयों-बहनों ये कभी भी भूलना नहीं है।

साथियों,

TMC के महाजंगलराज में... यहां से बेटियां लापता हो रही हैं। लेकिन TMC सरकार सोई हुई है। बेटियों की इनको कोई चिंता नहीं है। लेकिन अब और नहीं...जो ये गुंडे हैं, ये जो रेपिस्ट हैं...4 मई के बाद, बीजेपी, बीजेपी की सरकार उनका हिसाब करेगी, चुन-चुन करके उनका हिसाब करेगी। इसलिए मैं सभी बहनों से कहने आया हूं...

अब सहना नहीं है...अत्याचारियों को हटाना है।

आर शज्जो कोरबो ना... अत्ताचारी देरके शोरिए देबो!

साथियों,

बीजेपी, बहनों-बेटियों को सुरक्षा भी देती है...और अवसर भी देती है।

संदेशखाली के बहनों के संघर्ष से जुड़ी एक बहन को... बीजेपी ने टिकट दिया है। आरजी-कार में जिस बेटी की हत्या हुई...उस डॉक्टर बेटी की मां को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। ये बंगाल की बेटियों की सुरक्षा के प्रति बीजेपी के कमिटमेंट का प्रमाण है। साथियों, बंगाल में बनने वाली बीजेपी सरकार...कदम-कदम पर बंगाल की बेटियों को मदद देगी। बहनों को चिंता होती है...कि घर का बजट भी न बढ़े और बच्चे भी भूखे न सोएं। इसलिए, बीजेपी सरकार आपको मुफ्त चावल देती है। इससे हर परिवार को...सात से 10 हज़ार रुपए की बचत हर वर्ष हो रही है। साथियों, जिन बहनों के पास पक्का घर नहीं है...उनको बीजेपी सरकार डेढ़ लाख रुपए देगी...ताकि वे अपना पक्का घर बना सकें।

साथियों,

टीएमसी की निर्मम सरकार ने...आपको आर्सेनिक वाला, ज़हर वाला पानी...पीने को मजबूर कर रखा है। बीजेपी सरकार, हर घर तक नल से शुद्ध जल पहुंचाएगी। आपका बिजली बिल ज़ीरो हो...इसके लिए बीजेपी सरकार करीब 80 हज़ार रुपए देगी। ताकि आप अपने छत पर आप अपना सोलर प्लांट लगा सकें।

साथियों,

बीजेपी की सरकार में, यहां बंगाल की बहनों को अपनी बीमारी का इलाज टालने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। आप देखिए, कल्याणी में एम्स हमने बनाया है। हमारी सरकार 5 लाख रुपए रुपए का मुफ्त इलाज देगी... पांच लाख रुपये का... जन-औषधि केंद्रों पर 80 परसेंट डिस्काउंट में दवा दी जाएगी। ब्रेस्ट कैंसर हो, सर्वाइवकल कैंसर हो, इनकी जांच और टीका मुफ्त लगाया जाएगा। और साथ ही, गर्भावस्था के दौरान 21 हज़ार रुपए की मदद...और ग्रेजुएशन के लिए 50 हज़ार रुपए की मदद...ये भी बीजेपी सरकार देने वाली है। यानि बेटियों की पढ़ाई और दवाई...इसकी चिंता बीजेपी सरकार करेगी।

साथियों,

बीजेपी सरकार... बहनों के रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी सहायता देगी। बहनें, हर साल एक लाख रुपए से अधिक कमाएं... इसके लिए 75 लाख बहनों को मदद दी जाएगी। जो बहन, अपनी कोई दुकान, ढाबा, सैलोन, बुटीक...ये शुरू करना चाहती हैं... तो बैंक से 20 लाख रुपए तक का मुद्रा लोन मिलेगा...और बैंक को गारंटी चाहिए ना ये गारंटी अब बहनों आपको नहीं देनी पड़ेगी ये गारंटी आपका ये भाई मोदी देगा...

साथियों,

बंगाल बीजेपी ने एक और बहुत बड़ा ऐलान किया है। बंगाल में बीजेपी सरकार...हर साल 36 हज़ार रुपए बहनों के खाते में जमा करेगी। आंगनबाड़ी हो, अन्य महिला हेल्थ वर्कर्स हों...उनके वेतन-भत्ते को लेकर भी बंगाल बीजेपी ने बड़ी घोषणा की है। इतना ही नहीं...बंगाल बीजेपी ने बेटियों को सरकारी नौकरी में तैंतीस परसेंट आरक्षण देने का भी भरोसा दिया है। यानि बीजेपी की डबल इंजन सरकार का... बंगाल की बहनों-बेटियों को डबल फायदा होगा।

 

साथियों,

बंगाल के युवाओं में बहुत सामर्थ्य है...TMC की निर्मम सरकार ने युवाओं को नशे के अंधकार में धकेल दिया है। हमारा ये बंगाल तो क्रिएटिवटी का किंग है...आपने देखा बच्चों ने कितना बढ़िया-बढ़िया पेंटिंग बनाकर ले आए हैं... बीजेपी, बंगाल के युवाओं की क्रिएटिविटी को ताकत देगी, संवारेगी। आजकल बंगाल के बेटे-बेटियों के म्यूजिक वीडियोज़ की..उनकी बनाई रील्स की... सोशल मीडिया पर बहुत तारीफ हो रही है वाहवाही हो रही है। कई रील्स तो मैंने भी देखी हैं। ज़ाहिर है, झालमुड़ी से ही जिनको इतनी झाल लगती है...उनको युवाओं की ये क्रिएटिवटी पसंद नहीं आती है। लेकिन बीजेपी, इस ऑरेंज इकॉनॉमी को, कंटेंट क्रिएशन को...बंगाल की ताकत बनाएगी।

साथियों,

बीजेपी, बंगाल के स्पोर्ट्स कल्चर को नई बुलंदी देगी। अभी टीएमसी के सिंडिकेट ने यहां स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को भी तबाह कर रखा है।

कोलकाता में कुछ महीने पहले जो कुछ हुआ... दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों तक जैसी तस्वीरें पहुंचीं... वो महा-जंगलराज का ही परिणाम था। मैं बंगाल के सभी युवा खिलाड़ियों को भरोसा देता हूं...बंगाल के सभी खिलाड़ियों को भरोसा देता हूं खेलो इंडिया अभियान के तहत, बंगाल में नया स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।

साथियों,

जैसे गंगा जी का उद्गम स्थल गंगोत्री है...वैसे ही, बीजेपी का उदगम स्रोत जनसंघ है...और जनसंघ का उद्गम, बंगाल से हुआ है। पहले लोकसभा चुनाव में...बंगाल ने जनसंघ का खाता खोला था। तब कलकत्ता से डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी भी जीते थे।

साथियों,

उस दौरान 24 परगना हो, नादिया हो, मेदिनीपुर हो...यहां जनसंघ को विधानसभा चुनाव में भी बहुत अधिक समर्थन मिला था। इसके पीछे एक कारण था। जनसंघ ने तब विभाजन का दर्द बांटा था। जनसंघ, पूर्वी बंगाल से बेघर हुए शरणार्थियों के साथ खड़ा हुआ था। जनसंघ की कहीं भी सरकार नहीं थी...लेकिन शरणार्थियों के मुद्दों को, जनसंघ ने ही उठाया।

साथियों,

डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को तो शरणार्थियों का प्रवक्ता माना जाता था। उन्हीं के संस्कार आज भाजपा के भीतर हैं। इसलिए, विभाजन से लेकर आज तक...हर शरणार्थी परिवार को हम अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। आपके सुख-दुख की चिंता करना...ये भारत का ऐतिहासिक दायित्व है। इसलिए, मोदी CAA कानून लेकर आया। वरना दशकों तक ये काम क्यों नहीं हुआ था?

साथियों,

मैं मतुआ-नामशूद्र और अन्य सभी शरणार्थी परिवारों से कहूंगा...

आपको नागरिकता भी मिलेगी... आपको पक्का एड्रेस मिलेगा...

आपको हर वो कागज़ मिलेगा, हर वो हक मिलेगा...जो किसी भी देशवासी को, देश के नागरिक को मिलता है। ये मोदी की गारंटी है।

लेकिन साथियों,

आपको टीएमसी के झूठ से बहुत सावधान रहना है। आप अपने ह्रदय पर हाथ रखकर खुद से पूछिए..जो लोग खुलेआम CAA का विरोध करते थे...जो CAA को हटाने का ऐलान करते हैं...क्या वो आपकी भलाई के बारे में कभी भी सोच सकते हैं क्या? अगर कोई साथी गलती से भी, TMC को वोट देने के बारे में सोचता है... तो वो अपने पूर्वजों के दिल को दुखाने का ही काम करेगा।

साथियों,

आज बॉनगांव से मैं, डंके की चोट पर घुसपैठियों को भी चेतावनी देना चाहता हूं। जो भी अवैध तरीके से बंगाल में घुस आया है...जो फर्ज़ी डॉक्यूमेंट लेकर यहां रह रहा है...वो 29 अप्रैल से पहले बंगाल और हिंदुस्तान छोड़ दे। वरना, 4 मई के बाद हर घुसपैठिए को खदेड़ा जाएगा। TMC, किसी भी घुसपैठिए को अब बचा नहीं पाएगी।

साथियों,

विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय जी ने पाथेर पांचाली जैसी कालजयी रचना रची थी। उसमें उन्होंने, पलायन, गरीबी और बहनों के संघर्ष की कहानी बताई है। वो आज भी बंगाल की सच्चाई है। ये चुनाव, इस स्थिति को बदलने का चुनाव है। ये काम हमें मिलकर करना है। इसके लिए हर बूथ पर, आपका एक-एक वोट कमल पर पड़ना चाहिए...आप बीजेपी उम्मीदवारों को MLA बनाइए...ये बीजेपी का पहला सीएम बनाएंगे...फिर पीएम और सीएम मिलकर, आपके सभी सपने पूरे करने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। इसी आग्रह के साथ...आप सभी का बहुत-बहुत आभार। दोनों हाथ ऊपर करके हाथ बंद करके बोलिए भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की... वंदे... वंदे... वंदे... वंदे... वंदे... वंदे... वंदे... वंदे...

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
How India, Australia clinched Uranium deal

Media Coverage

How India, Australia clinched Uranium deal
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Prime Minister expresses grief over loss of lives due to boat capsizing in South 24 Parganas district of West Bengal
July 13, 2026
Prime Minister announces ex-gratia

The Prime Minister, Shri Narendra Modi has expressed deep grief over the loss of lives due to the capsizing of a boat in the South 24 Parganas district of West Bengal.

The Prime Minister conveyed his thoughts to the bereaved families in this hour of grief and prayed for the speedy recovery of the injured.

The Prime Minister announced that an ex-gratia of Rs. 2 lakh from the Prime Minister’s National Relief Fund (PMNRF) would be given to the next of kin of each deceased. The injured would be given Rs. 50,000.

The Prime Minister’s Office posted on X;

“The loss of lives due to the capsizing of a boat in the South 24 Parganas district of West Bengal is deeply painful. My thoughts are with the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest.

An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each deceased. The injured would be given Rs. 50,000: PM @narendramodi”