"मुझे एनसीसी में जो ट्रेनिंग मिली, जो जानने सीखने को मिला, आज देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में मुझे उससे असीम ताकत मिलती है"
“हमने देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में 1 लाख नए कैडेट्स बनाए हैं”
“हमारा प्रयास होना चाहिए कि एनसीसी में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियाँ शामिल हों”
"जिस देश का युवा, राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ने लगता है, उसे कोई दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती"
"एनसीसी कैडेट अच्छी डिजिटल आदतों में एक प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं और गलत सूचना और अफवाहों के खिलाफ लोगों को जागरूक कर सकते हैं"
"एनसीसी हो, एनएसएस हो, आप कैडेट के तौर पर खुद ड्रग्स से मुक्त रहें और साथ ही साथ अपने कैंपस को भी ड्रग्स से मुक्त रखें"

कार्यक्रम में उपस्थित देश के रक्षामंत्री श्रीमान राजनाथ सिंह जी, एनसीसी के DG लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह जी, यहां उपस्थित सभी महानुभाव, अधिकारीगण, गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेने वाले कलाकार, NSS-NCC के साथियों!

इस समय देश अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। और जब एक युवा देश, इस तरह के किसी ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनता है, तो उसके उत्सव में एक अलग ही उत्साह दिखता है। यही उत्साह मैं अभी करियप्पा ग्राउंड में भी देख रहा था। ये भारत की उस युवा शक्ति के दर्शन हैं जो हमारे संकल्पों को पूरा करेगी, जो 2047 में जब देश आजादी के सौ साल पूरे करेगा, 2047 के भव्य भारत का निर्माण करेंगी।

मुझे गर्व है कि मैं भी कभी आप ही की तरह एनसीसी का सक्रिय कैडेट रहा हूँ। लेकिन जो सौभाग्‍य आपको मिला है वो मुझे नहीं मिला था। मुझे एनसीसी में जो ट्रेनिंग मिली, जो जानने सीखने को मिला, आज देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में मुझे उन संस्‍कारों से, उस ट्रेनिग से असीम ताकत मिलती है। अभी कुछ ही समय पहले मुझे एनसीसी alumni का कार्ड भी मिला था। आज देश के प्रधानमंत्री के साथ साथ मैं उस नाते भी आपका साथी हूँ, आपसे जुड़ा हूँ। मैं एनसीसी के सभी पदाधिकारियों को, और सभी फ़ेलो कैडेट्स को इस अवसर पर salute करता हूँ। आज जिन कैडेट्स को पुरस्कार मिला है, उन्हें भी मैं अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। आज महान स्वतंत्रता सेनानी, पंजाब केसरी लाला लाजपत राय जी की जयंती भी है। आज ही फील्ड मार्शल करियप्पा की भी जयंती है। राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले देश के इन वीर सपूतों को मैं आदरपूर्वक नमन करता हूं।

साथियों,

आज जब देश नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है, तब देश में एनसीसी को मजबूत करने के लिए भी हमारे प्रयास जारी हैं। इसके लिए देश में एक हाई लेवेल रिव्यू कमेटी की स्थापना की गई है। पिछले दो सालों में हमने देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में 1 लाख नए कैडेट्स बनाए हैं। मुझे खुशी है कि एनसीसी कैडेट्स की ट्रेनिंग में सिमुलेशन जैसी आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। हमारे एजुकेशन सिस्टम को एनसीसी से जोड़ने के लिए भी देश कई कदम उठा रहा है। पूरी तरह से self-financing scheme के तहत 1 लाख कैडेट्स का विस्तार देश के कॉलेजों में किया गया है। 1 लाख कैडेट्स को लेकर यही प्रयास अब स्कूलों में भी शुरू किया गया है।

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत देश की 90 universities ने NCC को elective subject के रूप में भी शुरू किया है। मैं आज यहाँ बड़ी संख्या में girl cadets को देख रहा हूँ। ये देश के बदलते मिजाज का प्रतीक है। देश को आज आपके विशेष योगदान की जरूरत है। देश में आपके लिए आज अपार अवसर मौजूद हैं। अब देश की बेटियाँ सैनिक स्कूलों में एड्मिशन ले रही हैं। सेना में महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारियाँ मिल रही हैं। एयरफोर्स में देश की बेटियाँ फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि एनसीसी में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियाँ शामिल हों। जिन बेटियों ने खुद एनसीसी ज्वाइन किया है, वो इसके लिए एक प्रेरणा बन सकती हैं।

साथियों,

देश के प्रसिद्ध कवि माखनलाल चतुर्वेदी की कविता और उस कविता की पंक्तियों में उन्‍होंने कहा-

भूखंड बिछा, आकाश ओढ़, नयनोदक ले, मोदक प्रहार,

ब्रह्मांड हथेली पर उछाल, अपने जीवन-धन को निहार।

ये पंक्तियां, सामर्थ्य की पराकाष्ठा का वर्णन करती हैं। शक्ति ऐसी हो कि भूखंड को बिछा सकें, आकाश को ओढ़ सकें, ब्रह्मांड को हथेली पर उछाल सकें। ताकत ऐसी हो कि कठिन से कठिन परिस्थिति का भी हंसकर, डटकर मुकाबला कर सकें। आज मां भारती, भारत के युवाओं से यही आह्वान कर रही है।

भूखंड बिछा, आकाश ओढ़, नयनोदक ले, मोदक प्रहार,

ब्रह्मांड हथेली पर उछाल, अपने जीवन-धन को निहार।

आने वाले 25 साल का अमृतकाल, देशभक्ति के ज्वार का है। और आज चुनौती इस बात की नहीं है कि दुनिया में कोई इसे स्वीकार करेगा या नहीं। आज महत्व इस बात का है कि जब दुनिया भारत को इतनी उम्मीदों के साथ देख रही है, इतने भरोसे के साथ देख रही है, तो भारत अपने प्रयासों में कहीं से भी कमजोर तो नहीं पड़ जाएगा।

आज आजादी के अमृत महोत्सव में भारत ने जो संकल्प लिए हैं, जो अभियान शुरू किए हैं, वो निरंतर नई ऊर्जा पाते रहें, इसका बहुत बड़ा दायित्व हमारे देश के कोटि-कोटि नौजवानों पर है। आज इस समय जितने भी युवक-युवतियां NCC में हैं, NSS में हैं, उसमें से ज्यादातर इस शताब्दी में ही पैदा हुए हैं। आपको ही भारत को 2047 तक बड़े आन-बान-शान के साथ लेकर जाना है। इसलिए आपकी कोशिशें, आपके संकल्प, उन संकल्पों की सिद्धि, भारत की सिद्धि होगी, भारत की सफलता होगी। राष्ट्रभक्ति से बड़ी कोई भक्ति नहीं होती, राष्ट्रहित से बड़ा कोई हित नहीं होता। देश को सर्वोपरि रखते हुए, आप जो भी करेंगे, वो देश के विकास में मदद करेगा। आज हमारे युवाओं ने भारत को स्टार्ट-अप की दुनिया में टॉप तीन में पहुंचा दिया है। कोरोना के इस संकट काल में जितने यूनिकॉर्न बने हैं, वो भारत के युवाओं का शक्ति प्रदर्शन है। आप कल्पना कर सकते हैं- 50 से ज्यादा यूनिकॉर्न कोरोना काल के दौरान अस्तित्व में आए हैं। और आपको तो पता ही होगा, एक-एक यूनिकॉर्न, एक-एक स्टार्ट अप की पूंजी साढ़े सात हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। ये क्षमता, ये सामर्थ्य बहुत बड़ा विश्वास जगाता है। और जानते हैं, इसमें सबसे बड़ी बात क्या है? ये हजारों स्टार्ट-अप्स, देश की किसी ना किसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए बने हैं। कोई कृषि क्षेत्र में नया कर रहा है, कोई सप्लाई चेन सुधारने के लिए नया कर रहा है। कोई शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव के लिए कुछ नया कर रहा है। इनमें देश के लिए कुछ करने का जज्बा है, कुछ कर गुजरने का जज्बा है।

साथियों,

जिस देश का युवा, राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ने लगता है, उसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती है। आज खेल के मैदान में, भारत की सफलता भी इसी का एक बड़ा उदाहरण है। खिलाड़ी की प्रतिभा, खिलाड़ी का संकल्प, उन सारी बातों का अपना महत्‍व तो है ही, खिलाड़ी के परिश्रम का भी बहुत महत्‍व है, लेकिन अब उसकी हार-जीत के साथ 130 करोड़ देशवासी जुड़ जाते हैं। भारत का युवा, किसी भी मैदान में किसी से टक्कर ले रहा है, तो पूरा देश उसके पीछे एकजुट हो जाता है। खिलाड़ियों में भी ये भावना प्रबल है कि मैं पुरस्कार के लिए नहीं, अपने देश के लिए खेल रहा हूं। इसी भावना के साथ हर क्षेत्र में भारत के युवाओं को, देश की भावी पीढ़ी को आगे बढ़ना है।

साथियों,

कोरोना के इस काल ने, पूरी दुनिया को हम भारतीयों के अनुशासन, हम भारतीयों की समाज शक्ति का परिचय दिया है। जब जनता कर्फ्यू के दौरान पूरा देश कोरोना से लड़ने के लिए एकजुट हो गया, तो पूरा विश्व हैरान रह गया था। कुछ लोग हमारे समाज को कोसते हैं लेकिन इसी समाज ने दिखा दिया कि जब बात देश की हो, तो उससे बढ़कर कुछ नहीं। जब सही दिशा मिले, सही उदाहरण मिले, तो हमारा देश कितना कुछ करके दिखा सकता है, ये उसका उदाहरण है।

आप NCC और NSS के युवाओं ने भी कोरोना के इस संकट में अपने सेवाभाव से सभी का दिल जीता है। अब आपके ये भी दायित्व है कि जो कुछ आपने NCC में सीखा है, वो सिर्फ जब यूनिफॉर्म पहना हो तभी काम में आए, ऐसा नहीं होता है। वो आपके पूरे जीवन में, इसी तरह कैसे बना रहे, समय-समय पर कैसे प्रकट होता रहे। आपको ये भी सोचना चाहिए कि एक कैडेट के तौर पर जो सीखा है, उसका समाज को कैसे लाभ होगा। जैसे आप अगर किसी गांव में रहते हैं, तो आप पता कर सकते हैं कि कहीं उस गांव में कोई विद्यार्थी स्‍कूल छोड़ करके Dropout तो नहीं है। आप उससे मिलेंगे, उसकी दिक्कत समझेंगे, उसकी पढ़ाई फिर से शुरू हो, इसके लिए प्रयास करेंगे, तो NCC की भावना को आप आगे बढ़ाएंगे।

आप स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए भी अपने गांव-मोहल्ले, अपने शहर-कस्बे में अलग-अलग टीमें बना सकते हैं। क्‍योंकि आपने यहां पर लीडरशिप के गुण सीखे हैं, अब उसको apply करना है समाज में। जिस तरह आपने समुद्री तटों की सफाई के लिए ‘पुनीत सागर अभियान’ चलाया था, बहुत प्रशंसा पाई थी, वो NCC के कार्यकाल के बाद भी जारी रहनी चाहिए। जैसे आजकल देश में Catch the Rain, इसका एक जनआंदोलन चल रहा है। बारिश के पानी को हम कैसे बचाएं, जो हमारे तालाब हैं, जो झीलें हैं, उन्हें कैसे साफ रखें, इस दिशा में भी आप लोगों को जागृत कर सकते हैं।

साथियों,

आजादी की लड़ाई में, महात्मा गांधी ने देश के सामान्य मानवी को ऐसी-ऐसी प्रवृत्तियों से जोड़ा था, जिनसे लोगों की रोजी-रोटी भी चलती थी, लेकिन साथ-साथ देशभक्ति का आंदोलन भी गति पकड़ता था। जैसे कोई सूत कातने का काम करता था, कोई प्रौढ़ शिक्षा से जुड़ा था, कोई गौ-पालन से जुड़ कर काम करता था, कोई स्वच्छता का काम करता था, इन सारे विषयों को गांधी जी ने आजादी के आंदोलन से जोड़ दिया था। इसी तरह आजादी के अमृतकाल में, आज से लेकर अगले 25 वर्ष हम सबको, आपको अपनी प्रवृतियों को, अपने कार्यों को देश के विकास के साथ, देश की अपेक्षाओं के साथ, देश की आकांक्षाओं के साथ जोड़ना है। आज देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ चल रहा है। आप सभी युवा, वोकल फॉर लोकल के अभियान में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

अगर भारत के युवा ठान लें कि जिस चीज के निर्माण में किसी भारतीय का श्रम लगा है, किसी भारतीय का पसीना बहा है, सिर्फ वही चीज इस्तेमाल करेंगे, तो भारत का भाग्य तेज गति से बदल सकता है। वोकल फॉर लोकल का मंत्र सीधे-सीधे देश के युवाओं से भी जुड़ा हुआ है। जब लोग स्थानीय उत्पादों को खरीदेंगे, तो स्थानीय उत्पादन भी बढ़ेगा, उसकी क्‍वालिटी भी improve होती जाएगी। जब स्थानीय उत्पादन बढ़ेगा तो इस वजह से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन भी बढ़ेंगे।

साथियों,

ये समय technology और innovation का है। ये समय डिजिटल क्रांति का है। इस युग का अगर कोई नायक है, तो वो आप मेरे सभी युवा साथी हैं। इसलिए, बदलाव के इस दौर में बतौर कैडेट कई नई जिम्मेदारियाँ आपके पास हैं। आपको इस क्रांति में भारत को लीडर बनाने के लिए देश को अपना नेतृत्व देना है और साथ ही इसकी चुनौतियों का मुक़ाबला भी करना है। आज एक ओर डिजिटल टेक्नोलॉजी और इन्फॉर्मेशन से जुड़ी अच्छी संभावनाएं हैं, तो दूसरी ओर misinformation के खतरे भी हैं। हमारे देश का सामान्य मानवी, किसी अफवाह का शिकार न हो ये भी जरूरी है। NCC कैडेट्स इसके लिए एक जागरूकता अभियान चला सकते हैं। एक और चैलेंज जो आज के युवाओं के सामने है, वो है virtual और real life में बिगड़ता सामंजस्य! NCC अपने कैडेट्स के लिए इस सामंजस्य की ट्रेनिंग के तरीके तैयार कर सकती है, जो बाकी लोगों के लिए भी मददगार हों।

साथियों,

एक और विषय को मैं आपके सामने उठाना चाहता हूं। ये विषय है ड्रग्स का, नशे का। नशा हमारी युवा पीढ़ी को कितना बर्बाद करता है, ये आप भली-भांति जानते हैं। तो फिर जिस स्कूल-कॉलेज में NCC हो, NSS हो वहां पर ड्रग्स कैसे पहुंच सकती है। आप कैडेट के तौर पर खुद ड्रग्स से मुक्त रहें और साथ ही साथ अपने कैंपस को भी ड्रग्स से मुक्त रखें। आपके साथी, जो NCC-NSS में नहीं हैं, उन्हें भी इस बुरी आदत को छोड़ने में मदद करिए।

साथियों,

देश के ऐसे ही सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा देने के लिए कुछ वर्ष पहले एक पोर्टल भी शुरू किया गया था। ये पोर्टल है- Self4Society portal. इस पोर्टल पर अलग-अलग व्यक्ति आकर, अलग-अलग कंपनियां आकर, अलग-अलग संगठन आकर, समाज सेवा के जो काम होते हैं, उन कार्यों में वो सहयोग करते हैं। विशेषकर भारत की IT और टेक कंपनियों ने इस दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। आज इससे 7 हजार से ज्यादा संगठन और सवा दो लाख से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं, जो कुछ न कुछ समाज सेवा करते हैं। NCC-NSS के लाखों युवाओं को भी इस पोर्टल से जरूर जुड़ना चाहिए।

भाइयों बहनों,

हमें एक ओर एनसीसी कैडेट्स का विस्तार करना है, तो दूसरी ओर कैडेट स्पिरिट को भी आगे बढ़ाना है। ये स्पिरिट जन-जन तक पहुंचानी है, गांव-गावं तक उसकी गूंज पहुंचानी है, ये हम सबका दायित्‍व है। और मैं समझता हूं, इसमें, एनसीसी alumni की बहुत बड़ी भूमिका है। NCC alumni association इस काम में एक ब्रिज की, एक नेटवर्क की भूमिका निभाएगा। चूंकि मैं खुद इस association का सदस्य हूँ, इसलिए मेरी देश विदेश में फैले सभी alumni साथियों से अपील है कि इस मिशन का सक्रिय हिस्सा बनें। क्योंकि, Once a cadet, always a cadet! हम जहां कहीं भी हैं, जिस किसी क्षेत्र में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, हमारे अनुभव देश और नई पीढ़ी के बहुत काम आ सकते हैं। हमारे अनुभव एक संगठन के रूप में एनसीसी को भी पहले से बेहतर बनाने का माध्यम बन सकते हैं। इससे एनसीसी की स्पिरिट और कर्तव्य की भावना का समाज में भी विस्तार होगा।

मुझे पूरा भरोसा है, आज़ादी के अमृत महोत्सव में हमारे ये प्रयास नए भारत के निर्माण की ऊर्जा बनेंगे, और एनसीसी के कैडेट्स इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभाएंगे। इसी विश्वास के साथ, आप सभी का बहुत बहुत धन्यवाद !

भारत माता की, जय!

भारत माता की, जय!

भारत माता की, जय!

वंदे मातरम, वंदे मातरम!

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
With HPV vaccine rollout, AIIMS oncologist says it’s the beginning of the end for cervical cancer in India

Media Coverage

With HPV vaccine rollout, AIIMS oncologist says it’s the beginning of the end for cervical cancer in India
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
भारत का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर आज दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है: राइजिंग भारत समिट में पीएम मोदी
February 27, 2026
Developed nations are eager to sign trade deals with India because a confident India is rising beyond doubt and despair: PM
In the last 11 years, a new energy has flowed into the nation's consciousness, India is determined to regain its rightful strength: PM
India's Digital Public Infrastructure has today become a subject of global discussion: PM
Today, every move India makes is closely watched and analysed across the world, the AI Summit is a clear example of this: PM
Nation-building never happens through short-term thinking; It is shaped by a long-term vision, patience and timely decisions: PM

इजराइल की हवा यहाँ भी पहुँच गई है।

नमस्कार!

नेटवर्क 18 के सभी पत्रकार, इस व्यवस्था को देखने वाले सभी साथी, यहां उपस्थित सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों!

आप सभी राइजिंग भारत की चर्चा कर रहे हैं। और इसमें strength within पर आपका जोर है, यानी साधारण शब्दों में कहूं, तो देश के अपने खुद के सामर्थ्य पर आपका फोकस है। और हमारे यहां तो शास्त्रों में कहा गया है - तत् त्वम असि! यानी जिस ब्रह्म की खोज मे हम निकले हैं, वो हम ही हैं, वो हमारे भीतर ही है। जो सामर्थ्य हमारे भीतर है उसे हमें पहचानना है। बीते 11 वर्षों में भारत ने अपना वही सामर्थ्य पहचाना है, और इस सामर्थ्य को सशक्त करने के लिए आज देश निरंतर प्रयास कर रहा है।

साथियों,

सामर्थ्य किसी देश में अचानक पैदा नहीं होता, सामर्थ्य पीढ़ियों में बनता है। वो ज्ञान से, परंपरा से, परिश्रम से और अनुभव से निखरता है, लेकिन इतिहास के एक लंबे कालखंड में, गुलामी की इतनी शताब्दियों में, हमारे सामर्थ्यवान होने की भावना को ही हीनता से भर दिया गया था। दूसरे देशों से आयातित विचारधारा ने समाज में कूट-कूट कर ये भर दिया था, कि हम अशिक्षित हैं और अनुगामी यानी, फॉलोअर हैं, हमारे यहां ये भी कहा गया है – यादृशी भावना यस्य, सिद्धिर्भवति तादृशी। यानी जैसी जिसकी भावना होती है, उसे वैसी ही सिद्धि प्राप्त होती है। जब भावना में ही हीनता थी, तो सिद्धि भी वैसी ही मिल रही है। हम विदेशी तकनीक की नकल करते थे, विदेशी मुहर का इंतजार करते थे, ये वो गुलामी थी जो राजनीतिक और भौगोलिक से ज्यादा मानसिक गुलामी थी। दुर्भाग्य से आजादी के बाद भी, भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाया। और इसका नुकसान हम आज तक उठा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण, हम ट्रेड डील्स में हो रही चर्चा में देख रहे हैं। कुछ लोग चौंक गए हैं कि अरे ये क्या हो गया, कैसे हो गया, विकसित देश भारत से ट्रेड डील्स करने में इतने उत्सुक क्यों हैं। इसका उत्तर है हताशा, निराशा से बाहर निकल रहा आत्मविश्वासी भारत। अगर देश आज भी 2014 से पहले वाली निराशा में होता, फ्रेजाइल फाइव में गिना जाता, पॉलिसी पैरालिसिस से घिरा होता, अगर ये हाल होते तो कौन हमारे साथ ट्रेड डील्स करता, अरे हमारी तरफ देखता भी नहीं।

लेकिन साथियों,

बीते 11 वर्षों में देश की चेतना में नई ऊर्जा का प्रवाह हुआ है। भारत अब अपने खोये हुए सामर्थ्य को वापस पाने का प्रयास कर रहा है। एक समय में जब भारत का वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे ज्यादा दबदबा था, तो हमारा क्या सामर्थ्य था? भारत की मैन्युफैक्चरिंग, भारत के प्रोडक्टस की क्वालिटी, भारत की अर्थ नीति, अब आज का भारत फिर से इन बातों पर फोकस कर रहा है। इसलिए हमने मैन्युफैक्चरिंग पर काम किया, हमने मेक इन इंडिया पर बल दिया, हमने अपनी बैंकिंग सिस्टम को सशक्त किया, महंगाई जो डबल डिजिट की दर से भाग रही थी, उसका कंट्रोल किया और भारत को दुनिया का ग्रोथ इंजन बनाया। भारत का यही सामर्थ्य है कि दुनिया के विकसित देश सामने से भारत के साथ ट्रेड डील करने के लिए खुद आगे आ रहे हैं।

साथियों,

जब किसी राष्ट्र के भीतर, छिपी हुई उसकी शक्ति जागती है, तो वह नई उपलब्धियां हासिल करता है। मैं आपको कुछ और उदाहरण देता हूं। जैसे मैं जब कभी दूसरी देशों के हेड ऑफ द गर्वमेंट से मिलता हूं, तो वो जनधन, आधार और मोबाइल की इतनी शक्ति के बारे में सुनने के लिए बहुत उत्सुक होते हैं। जिस भारत में एटीएम भी, दुनिया की विकसित देशों की तुलना में काफी समय बाद आया, उस भारत ने डिजिटल पेमेंट सिस्टम में ग्लोबल लीडरशिप कैसे हासिल कर ली? जहां पर सरकारी मदद की लीकेज को कड़वा सच मान लिया गया था, वो भारत डीबीटी के जरिये 24 लाख करोड़ रूपये, यानी Twenty four trillion रुपीज कैसे लाभार्थियों को भेज पा रहा है? भारत का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आज पूरे विश्व के लिए चर्चा का विषय बन चुका है।

साथियों,

दुनिया हैरान होती है, कि जिस भारत में 2014 तक, करीब तीन करोड़ परिवार अंधेरे में थे, वो आज सोलर पावर कैपेसिटी में दुनिया के टॉप के देशों में कैसे आ गया? जिस भारत के शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुधरने की कोई उम्मीद ना थी, वो भारत आज दुनिया का तीसरा बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश कैसे बन गया? जिस भारत के रेलवे की पहचान सिर्फ लेट-लतीफी और धीमी-रफ्तार से होती थी, वहां वंदे भारत, नमो भारत, ऐसी सेमी-हाईस्पीड कनेक्टिविटी कैसे संभव हो पा रही है?

साथियों,

एक समय था, जब भारत नई टेक्नोलॉजी का सिर्फ और सिर्फ कंज्यूमर था। आज भारत नई टेक्नोलॉजी का निर्माता भी है और नए मानक भी स्थापित कर रहा है। और ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि हमने अपने सामर्थ्य को पहचाना है, जिस Strength Within की आप चर्चा कर रहे हैं, ये उसका ही उदाहरण है।

साथियों,

जब हम गर्व से आगे बढ़ते हैं, तो दुनिया हमें जिस नजर से देखती रही है, वो नजर भी बदली है। आप याद कीजिए, कुछ साल पहले तक दुनिया में, ग्लोबल मीडिया में, भारत के किसी इवेंट की कितनी कम चर्चा होती थी। भारत में होने वाले इवेंट्स को उतनी तवज्जो ही नहीं दी जाती थी। और आज देखिए, भारत जो करता है, जो एक्शन यहां होते हैं, उसका वैश्विक विश्लेषण होता है। AI समिट का उदाहरण आपके सामने है, इसी भवन में हुआ है। AI समिट में 100 से ज्यादा देश शामिल हुए, ग्लोबल नॉर्थ हो या फिर ग्लोबल साउथ, सभी एक साथ, एक ही जगह, एक टेबल पर बैठे। दुनिया के बड़े-बड़े कॉर्पोरेशन्स हों या फिर छोटे-छोटे स्टार्ट अप्स, सभी एक साथ जुटे।

साथियों,

अब तक जितनी भी औद्योगिक क्रांतियां आई हैं, उनमें भारत और पूरा ग्लोबल साउथ सिर्फ फॉलोअर रहा है। लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस युग में, भारत निर्णयों में सहभागी भी है और उन्हें शेप भी कर रहा है। आज हमारे पास खुद का AI स्टार्टअप इकोसिस्टम है, डेटा-सेंटर में निवेश करने की ताकत है और AI डेटा को स्टोर करने के लिए, प्रोसेस करने के लिए, जिस पावर की सबसे ज्यादा ज़रूरत है, उस पर भी भारत तेजी से काम कर रहा है। हमने न्यूक्लियर पावर सेक्टर में जो Reform किया है, वो भी भारत के AI इकोसिस्टम को मजबूती देने में मदद करेगा।

साथियों,

AI समिट का आयोजन पूरे भारत के लिए गौरव का पल था। लेकिन दुर्भाग्य से देश की सबसे पुरानी पार्टी ने, देश के इस उत्सव को मैला करने का प्रयास किया। विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस ने सिर्फ कपड़े नहीं उतारे, बल्कि इसने कांग्रेस के वैचारिक दिवालिएपन को भी expose कर दिया है। जब नाकामी की निराशा-हताशा मन में हो, और अहंकार सिर चढ़कर बोलता हो, तब देश को बदनाम करने की ऐसी सोच सामने आती है। ज़ाहिर है, कांग्रेस की इस हरकत से देश में गुस्सा है। इसलिए, इन्होंने अपने पाप को सही ठहराने के लिए महात्मा गांधी जी को आगे कर दिया। कांग्रेस हर बार ऐसा ही करती है। जब अपने पाप को छुपाना हो तो कांग्रेस बापू को आगे कर देती है, और जब अपना गौरवगान करना हो, तो एक ही परिवार को सारा क्रेडिट देती है।

साथियों,

कांग्रेस अब विचारधारा के नाम पर केवल विरोध की टूलकिट बनकर रह गई है। और ये अंध-विरोध की मानसिकता इतनी बढ़ गई है, कि ये देश को हर मंच, हर प्लेटफॉर्म पर नीचा दिखाने से नहीं चूकते। देश कुछ भी अच्छा करे, देश के लिए कुछ भी शुभ हो रहा हो, कांग्रेस को विरोध ही करना है।

साथियों,

मेरे पास एक लंबी सूची है, देश की संसद की नई इमारत बनी, उसका विरोध। संसद के ऊपर अशोक स्तंभ के शेरों का विरोध। अब जिनके बब्बर शेर सामान्य नागरिकों के जूते खाकर के भाग रहे थे, उनके संसद भवन के शेर के दांत देखकर के डर लग गया उनको। कर्तव्य भवन बना, उसका भी विरोध। सेनाओं ने सर्जिकल स्ट्राइक की, उसका भी विरोध। बालाकोट में एयर स्ट्राइक हुई, उसका भी विरोध। ऑपरेशन सिंदूर हुआ, उसका भी विरोध। यानी देश की हर उपलब्धि पर कांग्रेस के टूलकिट से एक ही चीज निकलती है- विरोध।

साथियों,

देश ने आर्टिकल 370 की दीवार गिराई, देश खुश हुआ। लेकिन कांग्रेस ने विरोध किया। हमने CAA का कानून बनाया- उसका विरोध। हम महिला आरक्षण कानून लाए- उसका विरोध। तीन तलाक के विरुद्ध कानून लाए- उसका विरोध। हम UPI लेकर आए, उसका विरोध। स्वच्छ भारत अभियान लेकर आए, उसका विरोध। देश ने कोरोना वैक्सीन बनाई, तो उसका भी विरोध।

साथियों,

लोकतंत्र में विपक्ष का मतलब सिर्फ अंध-विरोध नहीं होता, डेमोक्रेसी में विपक्ष का मतलब वैकल्पिक विजन होता है। इसलिए देश की प्रबुद्ध जनता, कांग्रेस को सबक सिखा रही है, आज से नहीं, बीते चार दशकों से लगातार ये काम देश की जनता कर रही है। मैं जो कहने जा रहा हूं, मीडिया के साथी उसका भी ज़रा एनालिसिस करिएगा। आपको पता लगेगा कि कांग्रेस के वोट चोरी नहीं हो रहे, बल्कि देश के लोग अब कांग्रेस को वोट देने लायक ही नहीं मानते। और इसकी शुरुआत 1984 के बाद ही होनी शुरू हो गई थी। 1984 में कांग्रेस को 39 परसेंट वोट मिले थे, और 400 से अधिक सीटें मिली थीं। इसके बाद हुए चुनावों में कांग्रेस के वोट कम ही होते चले गए। और आज कांग्रेस की हालत ये है कि, देश में सिर्फ, सिर्फ चार राज्य ऐसे बचे हैं, जहां कांग्रेस के पास 50 से ज्यादा विधायक हैं। बीते 40 वर्षों में युवा वोटर्स की संख्या बढ़ती गई और कांग्रेस साफ होती गई। कांग्रेस, परिवार की गुलामी में डूबे लोगों का एक क्लब बनकर रह गई है। इसलिए पहले मिलेनियल्स ने कांग्रेस को सबक सिखाया, और अब जेन जी भी तैयार बैठी है।

साथियों,

कांग्रेस और उसके साथियों की सोच इतनी छोटी है, कि उन्होंने दूरदृष्टि से काम करने को भी गुनाह बना दिया है। आज जब हम विकसित भारत 2047 की बात करते हैं, तो कुछ लोग पूछते हैं— “इतनी दूर की बात अभी क्यों कर रहे हो?” कुछ लोग ये भी कहते हैं कि तब तक मोदी जिंदा थोड़ी रहेगा, सच्चाई यह है कि राष्ट्र निर्माण कभी भी तात्कालिक सोच से नहीं होता। वो एक बड़े विजन, धैर्य और समय पर लिए गए निर्णयों से होता है। मैं कुछ और तथ्य नेटवर्क 18 के दर्शकों के सामने रखना चाहता हूं। भारत हर साल विदेशी समुद्री जहाजों से मालढुलाई पर 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च करता है किराए पर। फर्टिलाइजर के आयात पर हर साल सवा दो लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। पेट्रोलियम आयात पर हर साल 11 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यानी हर वर्ष लाखों करोड़ रुपये देश से बाहर जा रहे हैं। अगर यही निवेश 20–25 वर्ष पहले आत्मनिर्भरता की दिशा में किया गया होता, तो आज ये पूंजी भारत के इंफ्रास्ट्रचर, रिसर्च, इंडस्ट्री, किसान और युवाओं की क्षमताओं को मजबूत कर रही होती। आज हमारी सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है। विदेशी जहाजों को 6 लाख करोड़ रुपए ना देना पड़े इसलिए भारतीय शिपिंग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। फर्टिलाइजर का domestic प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए नए प्लांट लग रहे हैं, नैनो-यूरिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने के लिए एथेनॉल ब्लेंडिंग, ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, सोलर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्राथमिकता दी जा रही है।

और साथियों,

हमें भविष्य की ओर देखते हुए भी आज ही निर्णय लेने हैं। इसलिए आज भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण हो रहा है। रक्षा उत्पादन में, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में, ड्रोन टेक्नोलॉजी में, क्रिटिकल मिनरल्स सेक्टर में, और उसमें निवेश, आने वाले दशकों की आर्थिक सुरक्षा की नींव है। 2047 का लक्ष्य कोई राजनीतिक नारा नहीं है। यह उस ऐतिहासिक भूल को सुधारने का संकल्प भी है, जहाँ कांग्रेस की सरकारों के समय कई क्षेत्रों में समय रहते निवेश नहीं किया। आज अगर हम ख़ुद स्वदेशी जहाज, स्वदेशी शिप्स बनाएँगे, ख़ुद एनर्जी का प्रोडक्शन करेंगे, ख़ुद नई टेक्नोलॉजी डेवलप करेंगे, तो आने वाली पढ़ियाँ इम्पोर्ट के बोझ की नहीं, एक्सपोर्ट की क्षमता पर चर्चा करेंगी। राष्ट्र की प्रगति “आज की सुविधा” से नहीं, “कल की तैयारी” से तय होती है। और दूरदृष्टि से की गई मेहनत ही 2047 के आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत की आधारशिला है। और इसके लिए कांग्रेस अपने कितने ही कपड़े फाड़ ले, हम निरंतर काम करते रहेंगे।

साथियों,

राष्ट्र निर्माण की, Nation Building की एक बहुत अहम शर्त होती है- नेक नीयत की। कांग्रेस और उसके साथी दल, इसमें भी फेल रहे हैं। कांग्रेस और उसके साथियों ने कभी नेक नीयत के साथ काम नहीं किया। गरीब का दुख, उसकी तकलीफ से भी इन्हें कोई वास्ता नहीं है। जैसे बंगाल में आज तक आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं हुई। अगर नेक नीयत होती तो क्या गरीबों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज देने वाली इस योजना को बंगाल में रोका जाता क्या? नहीं। आप भी जानते हैं कि देश में पीएम आवास योजना के तहत गरीबों के लिए पक्के घर बनवाए जा रहे हैं। नेटवर्क 18 के दर्शकों को मैं एक और आंकड़ा देता हूं। तमिलनाडु के गरीब परिवारों के लिए, करीब साढ़े नौ लाख पक्के घर एलोकेट किए गए हैं, साढ़े नौ लाख। लेकिन इनमें से तीन लाख घरों का निर्माण अटक गया है, क्यों, क्योंकि DMK सरकार गरीबों के इन घरों के निर्माण में दिलचस्पी नहीं दिखा रही। इसकी वजह क्या है? इसकी वजह है, नीयत नेक नहीं है।

साथियों,

मैं आपको एग्रीकल्चर सेक्टर का भी उदाहरण देता हूं। कांग्रेस के समय में खेती-किसानी को अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। छोटे किसानों को कोई पूछता नहीं था, फसल बीमा का हाल बेहाल था, MSP पर स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट फाइलों में दबा दी गई थी, कांग्रेस बजट में घोषणाएं जरूर करती थी, लेकिन ज़मीन पर कुछ नहीं होता था, क्योंकि उसकी नीयत ही नहीं थी। हमने देश के किसानों के लिए नेक नीयत के साथ काम करना शुरू किया, और आज उसके परिणाम दुनिया देख रही है। आज भारत दुनिया के बड़े एग्रीकल्चर एक्सपोर्टर्स में से एक बन रहा है। हमने हर स्तर पर किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच बनाया है। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खाते में चार लाख करोड़ रुपए से अधिक जमा किए गए हैं। हमने लागत का डेढ़ गुणा MSP तय किया और रिकॉर्ड खरीद भी की है। मैं आपको सिर्फ दाल का ही आंकड़ा देता हूं। UPA सरकार ने 10 साल में सिर्फ 6 लाख मीट्रिक टन दाल, किसानों से MSP पर खरीदी- 6 लाख मीट्रिक टन। और हमारी सरकार अभी तक, करीब 170 लाख मीट्रिक टन, यानी लगभग 30 गुणा अधिक दाल MSP पर खरीद चुकी है। अब आप तय करिये, कौन किसानों के लिए काम करता है।

साथियों,

यूपीए सरकार किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए भी किसानों को मदद देने में कंजूसी करती थी। अपने 10 साल में यूपीए सरकार ने सात लाख करोड़ रुपए का कृषि ऋण किसानों को दिया। 7 lakh crore rupees. जबकि हमारी सरकार इससे चार गुणा अधिक यानी 28 लाख करोड़ रुपए दे चुकी है। यूपीए सरकार के दौरान जहां सिर्फ पांच करोड़ किसानों को इसका लाभ मिलता था, आज ये संख्या दोगुने से भी अधिक करीब-करीब 12 करोड़ किसानों को पहुंची है। यानी देश के छोटे किसान को भी पहली बार मदद मिली है। हमारी सरकार ने पीएम फसल बीमा योजना का सुरक्षा कवच भी किसानों को दिया। इसके तहत करीब 2 लाख करोड़ रुपए किसानों को संकट के समय मिल चुके हैं। हम नेक नीयत से काम कर रहे हैं, इसलिए भारत के किसानों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है, उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ रही है, और आय में भी वृद्धि हो रही है।

साथियों,

21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। अब अगला चरण भारत के विकास का निर्णायक दौर है। वर्तमान में लिए गए निर्णय ही भविष्य की दिशा तय करेंगे। हमें अपने सामर्थ्य को पहचानते हुए, उसे बढ़ाते हुए आगे चलना है। हर व्यक्ति अपने क्षेत्र में श्रेष्ठता को लक्ष्य बनाए, हर संस्था excellence को अपना संस्कार बनाए, हम सिर्फ उत्पाद न बनाएं, best-quality product बनाएं, हम सिर्फ रुटीन काम न करें, world-class काम करें, हम क्षमता को performance में बदलें। मैंने लाल किले से कहा है- यही समय है, सही समय है। यही समय है, भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का। एक बार फिर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं, बहुत-बहुत धन्यवाद। नमस्कार।