जूनागढ़ के कलक्टर द्वारा संपादित पुस्तक में जिले के १६३ प्राचीन मंदिरों का संक्षिप्त इतिहास और मंदिरों के छायाचित्रों का समावेश
मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज गांधीनगर में जूनागढ़ जिले के कलक्टर मनीष भारद्वाज द्वारा संपादित और कलक्टर कार्यालय की ओर से प्रकाशित “गिर गिरनारना मंदिर” नामक पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में जूनागढ़ जिले के गिरनार, जूनागढ़ शहर, गिर इलाके सहित जिले की सभी तहसीलों में स्थित पौराणिक एवं सुप्रसिद्ध १६३ मंदिरों का समावेश किया गया है। सभी मंदिरों की भव्य मूर्ति और मंदिर के रंगीन छायाचित्रों के अलावा करीबन २१ सन्दर्भ ग्रंथों की मदद से इन मंदिरों के महात्म्य और संक्षिप्त इतिहास को प्रस्तुत किया गया है।पुस्तक में गिरनार पर्वत पर मौजूद सभी सुप्रसिद्ध मंदिरों, गिरनार पर्वत इलाके में आयोजित होने वाली लीली परिक्रमा के मार्ग पर स्थित मंदिरों समेत जूनागढ़ शहर व जिले की सभी तहसीलों के प्राचीन एवं सुप्रसिद्ध मंदिरों की ऐतिहासिक और आधुनिक समय की जानकारियों को पेश किया गया है। सोलंकी काल, मध्यकालीन युग और नवाब काल के दौरान मंदिरों में हुए जीर्णोद्धार की जानकारियों के साथ ही जूनागढ़ जिले के प्राचीन कुंड की जानकारी भी इस पुस्तक में दी गई है। यह पुस्तक जूनागढ़ जिले के श्रद्धालुओं, देश-दुनिया से सोरठ क्षेत्र की यात्रा के लिए आने वाले यात्रियों और जिले के मंदिरों के संबंध में जानने को उत्सुक प्रत्येक नागरिक के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।


