प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज राजधानी में नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं से परस्पर बातचीत की। लेह, कश्मीर, आंध्र प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आईं 15 महिला अचीवर ने प्रधानमंत्री के साथ अपनी परेशानियों, संघर्षों को साझा किया और बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने लक्ष्य को प्राप्त किया।

इन अचीवरों में 103 वर्षीया सुश्री मन कौर शामिल है जिन्होंने 93 वर्ष की उम्र में एथलेटिक्स आरम्भ किया और पोलैंड में आयोजित वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में फील्ड एवं ट्रैक स्पर्धाओं में 4 स्वर्ण पदक जीते।

जम्मू एवं कश्मीर की आरिफा जान नुम्धा हैंडीक्राफ्ट्स की संस्थापक हैं और उन्हें नुम्धा हस्तशिल्प के खोए गौरव के पुनरोद्धार का श्रेय हासिल है। उन्होंने कश्मीर में 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित करने और लुप्त हो रहे हस्तशिल्प को फिर से जीवित करने के अपने अनुभव को साझा किया।

भारतीय वायु सेना की पहली महिला लड़ाकू पायलटों मोहना सिंह, भावना कंठ और अवनी चतुर्वेदी ने भी अपने अनुभवों को साझा किया। इन तीनों को भारत सरकार द्वारा प्रायोगिक आधार पर भारतीय वायुसेना में फाइटर क्षेत्र को खोले जाने के फैसले के बाद भारतीय वायुसेना के फाइटर स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था। वे 2018 में मिग-21 में सोलो फ्लाइट करने वाली पहली भारतीय महिला पायलट बन गई।

पडाला भूदेवी आंध्र प्रदेश की एक जनजातीय महिला कृषक और ग्रामीण उद्यमी हैं जबकि बीना देवी मुंगेर, बिहार की हैं जिन्हें मशरूम की खेती को लोकप्रिय बनाने के लिए प्यार से ‘मशरूम महिला’ कहा जाता है। इन दोनों महिलाओं ने भी प्रधानमंत्री के साथ खेती एवं विपणन के अपने अनुभवों को साझा किया।

कलावती देवी उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की एक महिला राजमिस्त्री हैं जो जिले में खुले में शौच में कमी लाने की प्रेरणादायी स्रोत हैं। उन्हें कानपुर एवं आस-पास के क्षेत्रों में 4000 से अधिक शौचालयों के निर्माण का श्रेय हासिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभवों को साझा किया कि किस प्रकार खुले में शौच की बुराईयों के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए वह हर दरवाजे पर गई और किस प्रकार खुले में शौच में कमी लाने के प्रयासों में उन्हें कानपुर के आस-पास गांव में घंटों की यात्रा करनी पड़ी।

30,000 से अधिक महिलाओं के साथ 2800 से अधिक समूहों का गठन करने वाली उत्‍साही पर्यावरणविद् झारखंड की चामी मुर्मू ने बंजर भूमि पर 25 लाख से अधिक पेड़ लगाने का अपना अनुभव साझा किया है।

केरल की 98 वर्षीया कथ्‍यायणी अम्मा ने अगस्त 2018 में चौथी कक्षा के समकक्ष केरल साक्षरता मिशन की अक्षरालक्षम योजना की परीक्षा उत्तीर्ण करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने प्रथम स्‍थान प्राप्‍त किया और 98 प्रतिशत अंक हासिल किए।

उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं ने समाज के निर्माण और राष्ट्र को प्रेरित करने की दिशा में महान योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान के बिना देश खुले में शौच से मुक्‍त का दर्जा हासिल नहीं कर सकता था। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार महिलाओं की व्‍यापक भागीदारी से कुपोषण की समस्‍या को भी हल किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण के बारे में भी बात की और इस बात पर प्रकाश डाला कि जल जीवन मिशन में महिलाओं की व्‍यापक भागीदारी की आवश्यकता है।

उन्होंने उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं (यानी अचीवर्स) को बधाई दी और कहा कि वे पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

 

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India’s electronic hardware exports rise 30% to $38.5 billion in FY 2024-25

Media Coverage

India’s electronic hardware exports rise 30% to $38.5 billion in FY 2024-25
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने नवरात्रि के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं
March 19, 2026
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषितम् और स्तोत्र साझा किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समृद्धि, स्वास्थ्य और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए प्रार्थना की है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषितम् साझा किया, जिसमें नवरात्रि के पावन पर्व के प्रारंभ में देवी शैलपुत्री की दिव्य कृपा का वर्णन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर देवी को समर्पित एक भक्ति गीत साझा करते हुए कहा कि देवी की असीम कृपा से सभी नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित होगा और विकसित भारत के सामूहिक लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्‍स’ पर कई पोस्‍ट करते हुए लिखा:

"देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं। शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नई ऊर्जा मिले। जय अंबे जगदंबे मां!"

"नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप देवी शैलपुत्री की पूजा का विधान है। उनके आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो, यही कामना है।

वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्।

वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्॥"

अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करने वाली देवी शैलपुत्री को मैं प्रणाम करता हूं। अर्धचंद्र-धारिणी, वृषभ पर सवार और त्रिशूलधारी के रूप में वह भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। वे यशस्‍वी और पूजनीय हैं।

 "जगतजननी मां दुर्गा के चरणों में कोटि-कोटि देशवासियों की ओर से मेरा नमन और वंदन! नवरात्रि के पावन पर्व पर देवी मां से विनती है कि वे हर किसी को अपने स्नेह और अनुकंपा का आशीर्वाद प्रदान करें। जय माता दी!"