यह नए सपनों और नए संकल्पों से भरा पल है: दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय के उद्घाटन पर पीएम मोदी
Next-gen GST रिफॉर्म्स से एक परिवार को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सालाना 1 लाख रुपये के खर्च पर करीब 20,000 रुपये की बचत होगी: पीएम मोदी
भाजपा की स्थापना 45 साल पहले हुई थी और हमारे वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन व आशीर्वाद से हमने उल्लेखनीय प्रगति की है: पीएम
भाजपा का दिल्ली से जुड़ाव जनसंघ के दिनों से है और यह शहर के प्रति विश्वास व प्रतिबद्धता पर आधारित है: पीएम मोदी

प्रधाननमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा के नए कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यालय, किसी देवालय से कम नहीं हैं। हमारे कार्यालय सिर्फ इमारतें नहीं हैं, बल्कि वो मजबूत कड़ियां हैं, जो पार्टी को जमीन से और जन-अपेक्षाओं से जोड़े रखती हैं। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए सरकार में है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं को निरंतर सेवाभाव से प्रयास करते रहना होगा कि हमारी सरकार के हर रिफॉर्म का लाभ हर लाभार्थी तक पहुंचना सुनिश्चित हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा-NDA की सरकारों ने देश में सुशासन का एक नया मॉडल दिया है। हम ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने देश और देशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसके साथ ही बड़े-बड़े घोटालों से देश को मुक्ति दिलाकर, भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक जंग का विश्वास जगाया है।

दिल्ली में पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की स्थापना को 45 वर्ष हो चुके हैं। अनेक व्यक्तित्वों के आशीर्वाद और परिश्रम से हमारी पार्टी आगे बढ़ी है। जिस बीज से भाजपा आज वटवृक्ष बनी है, उसका रोपण अक्टूबर 1951 में हुआ था। तब श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी। उसी दौर में दिल्ली जनसंघ को भी वैद्य गुरूदत्त के रूप में अपना पहला अध्यक्ष मिला। फिर समय-समय पर लालकृष्ण आडवाणी, डॉ.भाई महावीर आदि दिल्ली जनसंघ की कमान संभालते रहे। 1980 में जब भाजपा की स्थापना हुई, तो वीके मल्होत्रा जी को दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। आज दिल्ली भाजपा जिस मजबूती में है, वो बीते दशकों में हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम का परिणाम है। ऐसे कितने ही व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने पार्टी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

दिल्ली और बीजेपी के अटूट संबंधों का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि ये सिर्फ एक शहर और पार्टी के बीच नहीं है। ये संबंध सेवा, संस्कार और सुख-दुख के साथी होने के हैं। पहले जनसंघ के रूप में और फिर भाजपा के रूप में, हमारी पार्टी दिल्ली के दिल से, दिल्ली के हितों से जुड़ी रही है। जनसंघ की स्थापना के बाद से हमने दिल्ली के लोगों की हर तरह से सेवा की। बंटवारे के बाद पाकिस्तान से जान बचाकर दिल्ली आए पीड़ितों के लिए जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने पुनर्वास की व्यवस्थाएं कीं। आपातकाल के दौर में दिल्ली के लोगों के साथ जनसंघ के नेताओं ने सत्ता के दमन के खिलाफ संघर्ष किया। 1984 में सिख दंगों के दौरान दिल्ली की आत्मा और मानवता पर भयंकर आघात हुए, उस संकटकाल में भी दिल्ली बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने हमारे सिख भाई-बहनों की हरसंभव रक्षा की। दिल्ली और बीजेपी का साथ भावना और भरोसे का है।

दिल्ली की भाजपा सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अपने सपनों और बेहतर भविष्य की उम्मीद भाजपा पर जताई है। इसलिए नए प्रदेश कार्यालय में बैठने वाले प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व बहुत बड़ा है। दिल्ली के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए दिल्ली भाजपा और हमारी सरकार कठोर परिश्रम कर रही है। झुग्गी-बस्तियों में रहने वालों के लिए नए घर बनाना, दिल्ली के सैकड़ों सरकारी स्कूलों-अस्पतालों को बेहतर बनाना, इलेक्ट्रिक बसें चलवाना, यमुनाजी को साफ करवाने के लिए दिन-रात मेहनत करना, मेट्रो-फ्लाईओवर के काम को गति देना, ऐसे कितने ही काम हैं, जिनसे सरकार दिल्ली के नवनिर्माण में लगी है। भाजपा सरकार और दिल्ली भाजपा कार्यालय जब कंधे से कंधा मिलाकर ऐसे ही चलेंगे, तो हम विकसित भारत, विकसित दिल्ली का सपना और तेजी से पूरा कर पाएंगे।

भाजपा के सुशासन की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकारों का फोकस डिलीवरी पर है। सामान्य जन की बचत बढ़ाने पर भी है। उन्होंने कांग्रेस का कच्चा चिठ्ठा खोलते हुए कहा कि 2014 में जब कांग्रेस की सरकार थी, तो हमारे देश में इनकम टैक्स का क्या हाल था। दो लाख रुपए से ज्यादा की आय होने पर टैक्स लग जाता था। आज 12 लाख रुपए तक की आय पर भी टैक्स जीरो है। यही स्थिति Goods और Services पर लगने वाले टैक्स की भी थी। 2014 से पहले अगर एक सामान्य परिवार अपनी रोज की जरूरतों पर साल में एक लाख रुपया खर्च करता है, तो उसे करीब पच्चीस हजार रुपया टैक्स देना पड़ता था। हम 2017 में GST लेकर आए, तो सामान सस्ते हुए, टैक्स भी कम हुआ। अब नेक्स्ट जेनरेशन GST रिफॉर्म्स के बाद एक लाख के खर्च पर उस परिवार को सिर्फ पांच या छह हजार रुपए का ही टैक्स देना पड़ता है। अगर इनकम टैक्स और GST की बचत दोनों को मिला लें, तो हर साल देशवासियों के करीब ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत होने वाली है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि नेक्स्ट जेनरेशन GST रिफॉर्म्स का फायदा सामान्य से सामान्य व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। पीएम ने कहा कि हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाना है और स्वदेशी को अपनाना है। ये भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी है कि हर दुकान पर एक बोर्ड लगा रहना चाहिए। उस पर लिखा हो– गर्व से कहो ये स्वदेशी है।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को मिनी इंडिया बताते हुए कहा कि यहां अलग-अलग राज्यों के लाखों लोग बसे हैं। इसलिए हमें दिल्ली में निरंतर एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को भी मजबूत करना है। बीते वर्षों में हमने यहां सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व बहुत उल्लास से मनाए। यहां असम के वीर योद्धा लाचित बोरफुकन जी की 400वीं जयंती पर बहुत बड़ा आयोजन किया। हम यहां छठ महापर्व मनाते हैं और दुर्गा पूजा में बंगाल के रंगों का आनंद भी लेते हैं। पोंगल और पुथांडु पर प्रकृति का नमन करते हैं। पीएम ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हिंदुस्तान के किसी भी कोने का कोई भी उत्सव ऐसा नहीं हो, जो हम यहां रहने वाले उस राज्य के लोगों के साथ मिलकर धूमधाम से सेलीब्रेट ना करें। दिल्ली में देश का हर उत्सव भारत और भारतीयता के उत्सव जैसा बने, हम सबको इसके लिए प्रयास करना चाहिए।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
The entrepreneurs building a self-reliant India

Media Coverage

The entrepreneurs building a self-reliant India
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 21 जुलाई 2026
July 21, 2026

Self-Reliance Is No Longer a Slogan — It’s Happening Across Engines, UPI, Vaccines & FDI Under the Leadership of PM Modi