कांग्रेस और RJD की नजर में छठी मइया की पूजा एक ड्रामा है: मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी
'विकसित भारत' की दिशा में बिहार की अहम भूमिका। राज्य का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी
कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन; बिहार में RJD के 'जंगलराज' की पाँच पहचान हैं: मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी
राजद-कांग्रेस गठबंधन आस्था का अपमान और विकास का विरोध जारी रखे हुए है, यहां तक ​​कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर को लेकर भी असहजता दिखा रहा है: छपरा में पीएम मोदी
नरेन्द्र और नीतीश आपके सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध: छपरा में पीएम मोदी
आज बिहार अपना औद्योगिक गौरव पुनः प्राप्त कर रहा है - अब विदेशों में चलने वाली ट्रेनें मधेपुरा और मढ़ौरा में बने इंजनों से चल रही हैं: छपरा में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि छठ महापर्व मातृशक्ति और समाज की समरसता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष छठ पूजा के बाद यह उनकी पहली सभा है, और इस सभा में उमड़े जनसागर ने यह साबित कर दिया है, “फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ऐसा हुआ तो हर बिहारी को गर्व होगा।

पीएम मोदी ने बताया कि छठ महापर्व की हमारी दिव्य परंपरा गीतों के माध्यम से भी एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक निरंतर प्रवाहित होती रहे, इस दिशा में एक नए अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि इसे देशव्यापी ताकत देने के लिए पूरे देश में विभिन्न कलाकारों द्वारा छठ पूजा के भजनों की एक स्पर्धा होगी। इससे देशभर के हर भाषा के कलाकारों को अपने गीतों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘इसमें जनता ही चुनेगी कि उन्हें कौन-कौन से गीत सबसे ज्यादा अच्छे लगते हैं। जो टॉप के गीत चुने जाएंगे, उन्हें गाने वाले गायकों के साथ ही उस गीत को लिखने वालों का सम्मान किया जाएगा।‘

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इन दलों ने बिहार की आस्था का अपमान किया है। उन्होंने कहा, “जब मैं छठी मइया का जयघोष दुनिया में फैला रहा हूं, तब कांग्रेस और आरजेडी के नेता इस पवित्र पर्व का मज़ाक उड़ा रहे हैं। वोट के लिए कोई छठी मइया का अपमान करे, क्या बिहार इसे बर्दाश्त करेगा?”

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दलों ने छठ को ‘नौटंकी’ कहकर बिहार की आत्मा को ठेस पहुंचाई है। “जो माताएं निर्जला व्रत रखती हैं, जो गंगा में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, उनका अपमान किया गया है। बिहार की धरती स्वाभिमान की धरती है, यह धरती ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार को जंगलराज और भय के दौर से निकालकर विकास के रास्ते पर लाया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार रेलवे इंजन निर्माण, डेयरी, मखाना, और कृषि उद्योगों में नई पहचान बना रहा है।

पीएम ने कहा कि कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन जंगलराज की पहचान है। वहीं एनडीए का संकल्प है कि बिहार में पढ़ाई, कमाई, दवाई और सिंचाई के भरपूर अवसर बनें। बिहार का बेटा-बेटी, अब पलायन नहीं करेगा। बिहार में ही काम करेगा और बिहार का ही नाम करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार की माताओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्हें स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद दी गई है, जिससे वे अपनी आजीविका शुरू कर रही हैं। सुजनी कला और लहठी चूड़ियां सिर्फ कला नहीं हैं, आत्मनिर्भर बिहार का प्रतीक हैं। हमारी सरकार इन उत्पादों को वैश्विक बाज़ार तक पहुंचा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छपरा में आयोजित अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘बिहार के नौजवानों, मैं आपको गारंटी देता हूं कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है।‘ उन्होंने कहा कि नरेन्द्र और नीतीश राज्य के लोगों के सपनों को पूरा करने में निरंतर जुटे हैं।


प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता ने जंगलराज से मुक्ति दिलाई थी, अब वही जनता राज्य को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ा रही है। बारिश के बावजूद लोगों की भारी संख्या को देखकर उन्होंने कहा कि छपरा का जनसैलाब बता रहा है कि बिहार की जनता का फैसला तय है, ‘एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार।‘

पीएम मोदी ने कहा कि आज भोजपुरी का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं त्रिनिदाद और टोबैगो गया, तो लगा जैसे छपरा के घाटों पर आ गया हूं।‘

पीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी बिहारियों का अपमान करने वालों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री कहते हैं कि बिहारियों को पंजाब में नहीं घुसने देंगे और कांग्रेस की नेता उस पर तालियां बजाती हैं। DMK, कांग्रेस और उनके साथी बिहार को गालियां देते हैं, लेकिन आरजेडी चुप रहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार विकास के साथ-साथ विरासत को भी सहेज रही है। उन्होंने बताया कि हरिहरनाथ कॉरिडोर और गंगा घाटों के सुंदरीकरण से श्रद्धालुओं को सुविधा और युवाओं को रोजगार मिल रहा है। ‘गंगा विलास क्रूज’ जैसे प्रोजेक्ट बिहार की संस्कृति को विश्वभर में प्रचारित कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि RJD-कांग्रेस शासन में उद्योग और आस्था दोनों नष्ट हुए उन्होंने कहा “मढौरा की मशहूर मॉर्टन फैक्ट्री गुंडा टैक्स और फिरौती की भेंट चढ़ गई थी। अब NDA सरकार में मढौरा की रेल फैक्ट्री से बने इंजन अफ्रीका तक जा रहे हैं।”

बिहार की महिलाओं और युवाशक्ति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा हर युवा और नारीशक्ति को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें यही उनकी सरकार का संकल्प है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इस बार बिहार में एनडीए के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह बहुत खास होने वाला है। क्योंकि ये शपथ समारोह मुख्यमंत्री और मंत्रियों को बैठाने का शपथ समारोह नहीं है। ये शपथ समारोह, विकसित बिहार बनाने का शिलान्यास है।‘ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के लोग उनके साथियों की जितनी ताकत बढ़ाएंगे, मोदी-नीतीश की ताकत उतनी ही बढ़ेगी। इसलिए मोदी-नीतीश की ताकत को बढ़ाने के लिए हमारे सभी साथियों को वोट की ताकत देनी है।

मुजफ्फरपुर का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

छपरा का पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Centre's ₹9,585-cr green scheme for NCR may boost CV replacement demand

Media Coverage

Centre's ₹9,585-cr green scheme for NCR may boost CV replacement demand
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री 5 जून को सूरत और दमन के दौरे पर जाएंगे
June 04, 2026
प्रधानमंत्री सूरत में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे
प्रधानमंत्री 8-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के प्रमुख पैकेज राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री एनएच-56 के महत्वपूर्ण खंडों को चार-लेन बनाने की आधारशिला रखेंगे; यह परियोजना जनजातीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाएगी और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच को सुगम बनाएगी
प्रधानमंत्री दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे
प्रधानमंत्री दमन में नमो हवाई अड्डा का नया टर्मिनल भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी 5 जून, 2026 को गुजरात और दमन का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 2:30 बजे, सूरत जिले के हजीरा में चल रहे औद्योगिक कार्यों और अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री शाम लगभग 4:15 बजे, सूरत में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री दमन के लिए रवाना होंगे, जहां शाम लगभग 6:15 बजे वे दमन स्थित नामो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दमन में स्थित नामो अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। फिर सायं लगभग 7:15 बजे प्रधानमंत्री दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, समर्पण और शिलान्यास करेंगे। वे लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।

सूरत में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री सूरत में सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों में फैली 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज VI और VII राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच उच्च गति परिवहन, लॉजिस्टिक्‍स दक्षता और आर्थिक संपर्क में सुधार होगा। प्रधानमंत्री प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें जनजातीय क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए राष्‍ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण खंडों को चार लेन का बनाना शामिल है।

प्रधानमंत्री सूरत में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जो प्रमुख स्‍पेशियलिटिज में आधुनिक माध्यमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। साथ ही, यह एक केंद्रीय प्रयोगशाला और आवश्यक सहायक सेवाओं से भी सुसज्जित होगा। इसमें व्यावसायिक चोटों और चिकित्सा आपात स्थितियों के समय पर प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए 24/7 आपातकालीन और ट्रॉमा देखभाल की सुविधा भी है। प्रधानमंत्री अंतर-राज्यीय ट्रांसमिशन प्रणाली के तहत बिजली निकासी क्षमता बढ़ाने के लिए गुजरात में ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार सहित महत्वपूर्ण उपयोगिता केन्‍द्रों और औद्योगिक अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की कई महत्वपूर्ण पहलों का भी उद्घाटन करेंगे, जिनमें वलसाड में संशोधित सुधार-आधारित वितरण सेक्‍टर स्‍कीम के तहत आधुनिक बिजली वितरण उन्नयन, दहेज पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रोकेमिकल निवेश क्षेत्र (पीसीपीआईआर) और सारिगाम गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) में उन्नत अपशिष्ट निपटान और उपचार अवसंरचना एवं जंबूसर बल्क ड्रग पार्क में आवश्यक लेआउट उपयोगिता केन्‍द्र शामिल हैं।

दमन में प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य सेवा, नागरिक उड्डयन, पर्यटन, अवसंरचना, कनेक्टिविटी और जन कल्याण सहित विभिन्न सेक्‍टरों से संबंधित हैं। इनसे दादरा और नगर हवेली तथा दमन एवं दीव केंद्र शासित प्रदेशों के समग्र विकास को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री दमन में लगभग 1,340 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें नामो हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भवन और नामो अस्पताल शामिल हैं। नया हवाई अड्डा टर्मिनल क्षेत्रीय हवाई संपर्क को अत्‍यधिक सुदृढ़ करेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देगा। दमन जिले का जिला अस्पताल नामो अस्पताल प्रतिदिन लगभग 1,500 ओपीडी रोगियों की देखभाल के लिए विकसित किया गया है। इससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी।

प्रधानमंत्री लगभग 1,630 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रमुख परियोजनाओं में आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और दमन स्थित एनआईएफटी परिसर शामिल हैं। इन परियोजनाओं से आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं में कलपेनी द्वीप और कदमत द्वीप दोनों के पूर्वी और पश्चिमी किनारों पर बंदरगाह सुविधाओं का विकास शामिल है। इन बहुउद्देशीय घाटों के विकास से 300 मीटर तक की लंबाई वाले क्रूज जहाजों सहित बड़े यात्री जहाजों के लिए साल भर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। ये परियोजनाएं यात्रियों और माल की सुरक्षित एवं कुशल आवाजाही को सक्षम बनाएंगी। साथ ही मछली प्रबंधन, ईंधन वितरण, बर्फ आपूर्ति और नाव मरम्मत के लिए एकीकृत सुविधाएं प्रदान करेंगी। ये पहल समुद्री कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेंगी, स्थानीय मछुआरों की आजीविका में सहायता करेंगी, पर्यटन को बढ़ावा देंगी और द्वीपों के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देंगी।