प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से हिमाचल प्रदेश की मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश जाकर उन्हें मंडी में इस रैली को संबोधित करना था। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। संबोधन की शुरुआत में हिमाचल आने के प्रति उत्साह और वहां के लोगों से लगाव के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में तय कार्यक्रम के तहत मुझे अब तक मंडी पहुंच जाना था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से ऐसा संभव नहीं हो पाया. इसलिए मैं पहले क्षमाप्रार्थी हूं, और दिल्ली से आप सभी से संवाद कर रहा हूं।“

प्रधानमंत्री मोदी ने युवा विकास संकल्प रैली में युवाशक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल की युवाशक्ति ने हमेशा अलग-अलग मोर्चों पर देश को गौरवान्वित किया है। आजादी के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पर हुए हमले से लेकर कारगिल युद्ध तक हिमाचल के जांबाजों ने सर्वोच्च बलिदान देकर मां भारती का सर हमेशा ऊंचा रखा है। देश की रक्षा के साथ-साथ देश को सम्मान दिलाने वालों में भी हिमाचल के युवा कमाल करते रहे हैं। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ खेलों में हिमाचल के युवाओं के शानदार प्रदर्शन की चर्चा करते हुए कहा कि खेल का मैदान हो या कला जगत, पार्टी हो या सरकार, हिमाचल के युवाओं की ऊर्जा, जोश और नेतृत्व कौशल निरंतर देश के काम आ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश समेत देश के युवाओं के प्रति अपनी सरकार और पार्टी की प्राथमिकता के बारे में बताया कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना, हमेशा से भाजपा और उसकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री हों, सांसद हों, मंत्री हों, भाजपा देश का वो राजनीतिक दल है, जिसमें हर जगह युवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा देश और प्रदेश के युवाओं पर सबसे अधिक भरोसा करती है। अब देश की यही युवाशक्ति मिलकर आजादी के अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा करेगी। मंडी में हो रहा ये आयोजन इसी युवा शक्ति का और युवाओं के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज अगर पूरी दुनिया भारत से जुड़ने के लिए लालायित है तो इसका पूरा श्रेय हिंदुस्तान के मतदाताओं को जाता है।
उन्होंने कहा कि आठ साल पहले 2014 में देश के साथ हिमाचल के मतदाताओं ने दिल्ली में मजबूत और स्थिर सरकार दी। उसी स्थिरता से नीतियों में भी स्थिरता आई, वर्क कल्चर में भी स्थिरता आई और बदलाव का मजबूत फाउंडेशन तैयार हुआ। इससे देश और प्रदेश की जनता को अपनी सरकार पर जैसा भरोसा बढ़ा है, वैसे ही दुनिया भी हम पर ज्यादा भरोसा करने लगी है। सरकार की स्थिरता के महत्व को लोग समझने लगे हैं। पहले उत्तर प्रदेश में और उत्तराखंड में यही कथा थी, कि हर पांच साल में सरकार बदली जाती थी, लेकिन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड ने उस सोच को ही बदल दिया और स्थिर सरकार की दिशा में अपना निर्णय दोहराया है। हिमाचल के लोग भी भाजपा सरकार की वापसी का मन बना चुके हैं। हिमाचल के युवा जानते हैं कि साफ और ईमानदार नीयत के साथ हिमाचल का विकास अगर कोई कर सकता है, तो वह भाजपा ही है।

प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश और उनके नागरिकों में समाहित असीम सामर्थ्य की चर्चा करते हुए कहा कि अमृतकाल में भारत की प्रगति को गति देने का हर आधार, हर सामर्थ्य और हर अवसर हिमाचल में मौजूद है। वर्ल्ड फार्मेसी के रूप में भारत की पहचान तब और मजबूत होगी जब हिमाचल एक वैश्विक फार्मा हब बनेगा। देश में दवाओं के रॉ-मटीरियल में आत्मनिर्भरता के लिए आज जो काम चल रहा है, उसके लिए जिन 3 राज्यों को चुना गया है उसमें हिमाचल प्रदेश भी है। इतना ही नहीं देश के जिन 4 राज्यों में मेडिकल डिवाइस पार्क बनाए जा रहे हैं, उनमें भी हिमाचल शामिल है। मंडी में IIT हो या सिरमौर में IIM, ऊना में IIIT हो या बिलासपुर में AIIMS, हर बड़े सेक्टर से जुड़े देश के जितने प्रीमियम संस्थान हैं, वो सब हिमाचल में है। उन्होंने कहा कि 8-10 साल पहले जो सोचना भी असंभव था, उसे आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार साकार कर रही है।
पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ते टूरिज्म की चर्चा करते हुए कहा कि जिस प्रकार हिमाचल का टूरिज्म सेक्टर बढ़ रहा है, वो उत्साह बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि हमारी विदेश नीति का एक अहम पहलू है ई-वीजा की शुरुआत। ई-वीजा शुरू होने का सबसे बड़ा लाभ टूरिज्म को होता है। पर्यटन हो, खेती हो या फिर मैन्युफैक्चरिंग, इन सारे सेक्टर में सबसे ज्यादा युवा जुड़ते हैं। क्योंकि सबसे ज्यादा अवसर युवाओं के लिए होता है। पीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ये सब युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों में केंद्र सरकार ने हिमाचल में नेशनल हाईवे के रख-रखाव और विस्तार के लिए करीब 14 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। जबकि 2014 से पहले के 8 वर्षों में हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से 2 हजार करोड़ रुपये से भी कम मिले थे। इस वर्ष के केंद्रीय बजट में दो बड़े प्रोग्राम घोषित किए हैं, जिनका हिमाचल प्रदेश को बहुत अधिक लाभ होने वाला है। वर्तमान प्रोजेक्ट के तहत पहाड़ी प्रदेशों के लिए रोप-वे के नेटवर्क को विस्तार देने की योजना है। जिसका लाभ हिमाचल के पर्यटक स्थलों को हो रहा है। इसी प्रकार वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज प्रोग्राम के तहत आखिरी छोर पर सीमा पर जो गांव है उनका विशेष रूप से विकास किया जा रहा है।

अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि शुद्ध पेयजल उत्तम स्वास्थ्य के लिए बहुत आवश्यक है। जल जीवन मिशन के तहत पिछले 3 साल में जहां देश के 7 करोड़ से अधिक नए घरों को नल से जल मिलने लगा है, वहीं हिमाचल के 8 लाख से ज्यादा परिवारों को भी नल से जल की सुविधा मिली है। हिमाचल के हित में हमारी सरकार ने एक और अहम फैसला लिया है। सेंट्रल कैबिनेट ने हिमाचल के हाटी समुदाय को एसटी सूची में जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र में रहने वाले हाटी समुदाय के हजारों युवा साथियों को इस निर्णय से अनेक नए अवसर मिलेंगे। बीजेपी सरकार के ऐसे ही प्रयासों से हिमाचल प्रदेश के लोग भारतीय जनता पार्टी को अपने सर आंखों पर बिठाकर उसके हर कार्यकर्ता को आशीर्वाद दे रहे हैं। उन्होंने मंडी की इस रैली में उपस्थित नहीं होने के लिए एक बार फिर वहां की जनता से क्षमा मांगी और कहा, “ आप सबके बीच आ नहीं पाया, मौसम के कारण रुकावटें आईं, लेकिन हिमाचल का प्यार, हिमाचल का आशीर्वाद, हिमाचल के प्रति मेरा लगाव उसमें तो कभी मौसम भी बीच में नहीं आ सकता, मुसीबतें भी बीच में नहीं आ सकतीं। आपका आशीर्वाद मेरे लिए हमेशा से एक बहुत बड़ी शक्ति है, बहुत बड़ी ऊर्जा है। आप सभी इस कठिन समय में इस रैली में आए इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
हिमाचल की युवाशक्ति ने हमेशा अलग-अलग मोर्चों पर देश को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है।
— narendramodi_in (@narendramodi_in) September 24, 2022
पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम समेत हिमाचल के अनेक सैनानियों ने आज़ादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है: PM @narendramodi
युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना, हमेशा से भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
— narendramodi_in (@narendramodi_in) September 24, 2022
मुख्यमंत्री हों, सांसद हों, मंत्री हों, भाजपा देश का वो राजनीतिक दल है जिसमें हर जगह युवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है: PM @narendramodi
हिमाचल के लोग, हिमाचल के युवा भी, भाजपा सरकार की वापसी का मन बना चुके हैं।
— narendramodi_in (@narendramodi_in) September 24, 2022
हिमाचल के युवा जानते हैं कि, साफ नीयत के साथ, ईमानदार नीयत के साथ हिमाचल का विकास कोई कर सकता है, तो वो भाजपा ही है: PM @narendramodi
अमृतकाल में भारत की अर्थव्यवस्था को, देश में रोज़गार निर्माण को एक बड़ा बल जिस सेक्टर से मिलने वाला है, वो है हमारा टूरिज्म सेक्टर।
— narendramodi_in (@narendramodi_in) September 24, 2022
मैं खुद भी हिमाचल की देव संस्कृति और हिमाचल के हस्तशिल्पियों से बहुत अभिभूत रहता हूं: PM @narendramodi
कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने एक और अहम फैसला लिया है।
— narendramodi_in (@narendramodi_in) September 24, 2022
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हिमाचल के हाटी समुदाय को एसटी सूची में जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र में रहने वाले हाटी समुदाय के हजारों युवा साथियों को इस निर्णय से अनेक अवसर मिलने वाले हैं: PM


