140 करोड़ भारतीयों का भरोसा हमारी सबसे बड़ी ताकत और जिम्मेदारी है: NDA लीडर्स सम्मेलन में पीएम मोदी
'फ्रैजाइल फाइव' से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने तक का सफर: भारत की स्थिरता और बदलाव पर पीएम मोदी
युवाओं, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग की उम्मीदें देश के विकास को आगे बढ़ा रही हैं: NDA लीडर्स सम्मेलन में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली NDA सरकार के दौरान भारत की आर्थिक रफ्तार तेज हुई।

देश में सबसे अधिक दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का अप्रतिम रिकॉर्ड बनाने के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों की यात्रा उपलब्धियों से भरी रही है। आने वाले वर्ष और भी नई और बड़ी सिद्धियों के होंगे।” उन्होंने कहा कि 2014 में देश में जो आशा और विश्वास का उदय हुआ था, वह आज जनभागीदारी, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के व्यापक अभियान में बदल हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार की एक बड़ी सफलता यह भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचारी, बेचारगी और हीनभावना के गर्त में गिरा दिया था। उस समय की कार्यशैली और विफलताएं कांग्रेस की थीं, लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम पर लगाया गया था।

कांग्रेस सरकारों की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने लंबे समय तक ऐसी व्यवस्था देखी, जहां काम को अटकाने-भटकाने की प्रवृत्ति हावी थी। निर्णय लेने में वर्षों लग जाते थे और विकास परियोजनाएं राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव में ठहर जाती थीं। इसके विपरीत आज की व्यवस्था का मंत्र है- समय पर निर्णय, बड़े पैमाने पर क्रियान्वयन और परिणामों की निरंतर निगरानी। यही कारण है कि भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल प्रौद्योगिकी और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

देश की आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत को नए विश्वास के साथ देख रही है। वैश्विक चुनौतियों और अस्थिरताओं के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख इकोनॉमी में शामिल है। यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी भी है। उन्होंने कहा कि देश का बढ़ता आत्मविश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

मध्यम वर्ग की भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक यह वर्ग कई तरह की अनिश्चितताओं और चुनौतियों से घिरा रहा। लेकिन पिछले 12 वर्षों में उठाए गए कदमों ने उसे नई शक्ति और स्थिरता प्रदान की है। हमने मिडिल क्लास की परेशानियों और आकांक्षाओं को समझा। इसलिए आज 12 लाख रुपए तक की आय पूरी तरह से टैक्स फ्री है। आज देश में सरल और फेसलेस टैक्स सिस्टम है। अच्छे इनफ्रास्ट्रक्चर से उनका जीवन आसान हुआ है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी, पारदर्शी व्यवस्था और आर्थिक अवसरों में वृद्धि से मध्यम वर्ग का आत्मविश्वास मजबूत हुआ है। यह वर्ग आज भारत की विकास यात्रा को नई गति देने में अहम योगदान दे रहा है।

गरीब कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैंकिंग सुविधाओं से वंचितों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, गरीबों को पक्का घर देने, स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने जैसे प्रयासों ने करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना के केंद्र में गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग रहा है।

किसानों के कल्याण और ग्रामीण समृद्धि पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का अन्नदाता केवल खाद्यान्न उत्पादन करने वाला नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक और सामाजिक शक्ति का आधारस्तंभ है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास खेती को अधिक लाभकारी, आधुनिक और टिकाऊ बनाना है, ताकि ग्रामीण भारत समृद्धि के नए अध्याय लिख सके।

पिछले 12 साल के आंकड़ों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश का भाग्य तब बदला, जब 2014 में NDA की सरकार बनी। देश ने देखा कि जब नीयत, नीति और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कितनी तेज होती है। 2014 में 74 एयरपोर्ट थे, जो 2026 में 160 से अधिक हो गए। 2014 में एक हजार किलोमीटर एक्सप्रेसवे 2026 में बढ़कर छह हजार सात सौ किलोमीटर हो गए। 2014 में सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो थी, जो 2026 में 20 से ज्यादा शहरों में चलने लगीं। 2014 में 700 करोड़ रुपये डिफेंस एक्सपोर्ट 2026 में बढ़कर 23 हजार करोड़ रुपये हो गया। 2014 में 25 करोड़ इंटरनेट यूजर थे, जो 2026 में 100 करोड़ से अधिक हो गए। बीते 12 सालों में देश ने हर सेक्टर में विकास की लंबी यात्रा तय की है। 2014 से 2026 की कहानी केवल आंकड़े भर नहीं है, बल्कि यह उस भारत की गाथा है, जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ दौड़ना शुरू किया है।

युवा शक्ति की क्षमता और संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का भविष्य उसके युवाओं के हाथों में है। सरकार ने युवाओं को अवसर, कौशल और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का काम किया है। स्टार्टअप, डिजिटल अर्थव्यवस्था, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और नई तकनीकों के क्षेत्र में भारत के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा दुनियाभर में मनवाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा विकसित भारत के निर्माण के सबसे बड़े वाहक बनेंगे।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को एनडीए की मूल पहचान बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गठबंधन सरकारों के बारे में कभी यह धारणा थी कि वे बड़े और साहसिक निर्णय नहीं ले सकतीं। हमने बहुत ही सधे तरीके से बड़े फैसले भी लिए हैं। पहले असंभव माने जाने वाले आर्टिकल 370 को भी हमने खत्म करके पूरे देश में एक संविधान लागू किया। पहले भारत आतंकी हमलों के बाद चुपचाप दर्द सहता रहता था। हमने आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की। ऑपरेशन सिंदूर में दुनियाभर ने भारत का सामर्थ्य देखा।

सरकार और समाज की साझेदारी को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्ष केवल सरकारी योजनाओं की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि जनभागीदारी की शक्ति का भी प्रमाण है। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर डिजिटल इंडिया और जल संरक्षण से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक को जनता-जनार्दन ने अपना अभियान माना है। इसी सामूहिक प्रयास ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक जिस स्पीड और स्केल पर काम हुआ है, उसे और व्यापक तथा प्रभावी बनाना है। हमें सिर्फ दुनिया जैसा नहीं करना, हमें दुनिया से एक कदम आगे रहना है। बीते 12 वर्षों में हमने ऊर्जा और शिपिंग समेत कई सेक्टर में आत्मनिर्भरता के लिए अभूतपूर्व काम किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का साझा संकल्प है। एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सहयोगी दलों की जिम्मेदारी है कि वे इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज के हर वर्ग को इस यात्रा का सहभागी बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनशक्ति, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना के बल पर भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा और दुनिया में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
How PM Modi’s Auckland Address Celebrated Sikh Legacy And Diaspora Strength | Exclusive Details

Media Coverage

How PM Modi’s Auckland Address Celebrated Sikh Legacy And Diaspora Strength | Exclusive Details
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने दिग्गज पार्श्व गायिका एस. जानकी अम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया
July 12, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रख्यात पार्श्व गायिका एस. जानकी अम्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका निधन संगीत और संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि विभिन्न भाषाओं में उनके गीत पीढ़ियों तक लोकप्रिय रहे और उन्होंने अद्वितीय गरिमा और बहुमुखी प्रतिभा के साथ हर भावना को अभिव्यक्त किया।

श्री मोदी ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी उनकी मधुर धुनें श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेंगी।

प्रधानमंत्री ने एक्‍स पर लिखा;

‘‘प्रख्यात पार्श्व गायिका एस. जानकी अम्मा का निधन संगीत और संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। विभिन्न भाषाओं में उनके गीत पीढ़ियों तक लोकप्रिय रहे। उन्होंने अद्वितीय गरिमा और बहुमुखी प्रतिभा के साथ हर भावना को अभिव्यक्त किया। उनकी मधुर धुनें आने वाले वर्षों में भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेंगी। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, अनगिनत प्रशंसकों और संपूर्ण संगीत जगत के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति।’’