सउदी अरब के ऊर्जा, उद्योग और खनिज संसाधन मंत्री महामहिम श्री खालिद बिन अब्दुलाजीज़ अल फलीह ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
श्री खालिद बिन अब्दुलाजीज़ अल फलीह ने सउदी अरब के सुल्तान और युवराज की ओर से प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने भी मंत्री महोदय से उनकी ओर से सउदी अरब के सुल्तान और युवराज को शुभकामनाएं देने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने में उनके मार्गदर्शन तथा इस वर्ष के जनाद्रिया उत्सव में भारत को ‘सम्मानीय अतिथि’ का दर्जा देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सउदी अरब के लोगों और निजी निवेशकों के लिए भारत में काफी अवसर है। भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है तथा इसके परिणामस्वरूप ऊर्जा, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, औषधीय तथा चिकित्सीय उपकरण, उवर्रक, पेट्रोकैमिकल्स और खनन जैसे क्षेत्रों में कई लाभदायक अवसर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सउदी विजन 2030 के उद्देश्यों और भारत के आर्थिक विकास के लिए सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के बीच काफी समानता है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों को द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने तथा विविधता के तरीकों पर विचार तथा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप आर्थिक सहयोग के सभी पहलुओं का विस्तार किया जाना चाहिए।


