असाधारण प्रतिभा संपन्न श्री वाघेला की नियुक्ति गुजरात का गौरव

गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त गुजरात हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश श्री डी.एच. वाघेला को आज शाम आयोजित समारोह में विदाई दी। मुख्यमंत्री ने श्री डी.एच. वाघेला को न्याय मंदिर में मुख्य न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नती के लिए अंतःकरण से शुभकामनाएं दी।
एक सामान्य गुजराती परिवार का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री वाघेला की पुरुषार्थ के जरिए जीवन के सोपान तय करने की असाधारण प्रतिभा संपन्न व्यक्तित्व की सराहना करते हुए श्री मोदी ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर श्री डी.एच. वाघेला की नियुक्ति को गुजरात का गौरव करार दिया। उन्होंने सामान्य व्यक्ति के लिए प्रेरणारूप श्री वाघेला के तेजस्वी करियर और वकालत में श्रमिकों के हितों तथा न्यायाधीश के रूप में निष्पक्ष न्याय की प्रशंसा की।
न्यायमूर्ति श्री डी.एच. वाघेला ने अपने जीवन निर्माण तथा करियर की सफलता का श्रेय अपने परिवार और समाज की ओर से मिले प्रेम, स्नेह और सद्भावना को दिया। अपने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए श्री वाघेला ने कहा कि न्याय तंत्र के वरिष्ठ पद पर रहते हुए भी वे मानव मूल्यों के जतन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के. कैलाशनाथन ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हाईकोर्ट के न्यायधीशों के अलावा गुजरात विधानसभा अध्यक्ष वजूभाई वाळा, संसदीय, कानून और न्याय मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूड़ास्मा, कानून राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा, मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य राजस्व मंत्री श्रीमती आनंदीबेन पटेल, वित्त मंत्री नितिनभाई पटेल, सामान्य न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रमणलाल वोरा, जल संपदा मंत्री बाबूभाई बोखीरिया, ऊर्जा मंत्री सौरभभाई पटेल, वन मंत्री गणपतभाई वसावा, शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती वसुबेन त्रिवेदी, गृह राज्य मंत्री रजनीकांत पटेल, न्याय तंत्र के वरिष्ठ अधिकारी, ट्रिब्यूनल जज, मुख्य सचिव डॉ. वरेश सिन्हा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त अग्रसचिव जी.सी. मुर्मु, विविध विभागों के अग्रसचिव तथा सचिव और गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश मौजूद थे।




