भारत को 29 प्राचीन कलाकृतियां लौटाने के लिए पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन को धन्यवाद दिया
पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री माननीय स्कॉट मॉरिसन ने आज भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरा वर्चुअल शिखर सम्मेलन का आयोजन किया। इस शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों की समीक्षा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक विकास के बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया।

शिखर सम्मेलन की शुरुआत में, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड में भीषण बाढ़ के कारण हुई तबाही और इसके परिणामस्वरूप हुई जानमाल की क्षति पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

दोनों नेताओं ने जून 2020 में पहले वर्चुअल शिखर सम्मेलन के दौरान स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आपसी संबंधों के बढ़ते हुए दायरे पर संतोष व्यक्त किया। संबंधों के इस बढ़ते हुए दायरे में अब व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, शिक्षा एवं नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों, जल प्रबंधन, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी, कोविड-19 से संबंधित अनुसंधान आदि जैसे विविध क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने माननीय स्कॉट मॉरिसन को 29 प्राचीन कलाकृतियों को भारत को लौटाने की विशेष पहल के लिए धन्यवाद दिया। इन कलाकृतियों में सदियों पुरानी मूर्तियां, चित्रकला एवं तस्वीरें शामिल हैं, जिनमें से कई 9वीं-10वीं शताब्दी की हैं और उनका संबंध भारत के विभिन्न हिस्सों से है। इन कलाकृतियों में 12वीं सदी के चोल कांस्य, राजस्थान की 11वीं-12वीं सदी की जैन मूर्तियां, गुजरात की 12वीं-13वीं सदी की बलुआ पत्थर से निर्मित देवी महिषासुरमर्दिनी, 18वीं-19वीं सदी की चित्रकारी और शुरुआती दौर की जिलेटिन चांदी की तस्वीरें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों सहित भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए प्रधानमंत्री मॉरिसन को धन्यवाद दिया।

दोनों नेताओं ने साझे मूल्यों और समान हितों वाले सहयोगी लोकतंत्र के रूप में दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक जुड़ाव की भी सराहना की, जिसमें एक स्वतंत्र, खुला, समावेशी और समृद्ध भारत – प्रशांत क्षेत्र शामिल है।

इस अवसर पर गहन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं को शामिल करते हुए एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया। दोनों पक्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच वार्षिक शिखर बैठक आयोजित करने पर भी सहमत हुए और इस प्रकार द्विपक्षीय संबंधों में एक विशेष आयाम जुड़ गया।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
India is a significant player in Asia Pacific air traffic growth: IATA

Media Coverage

India is a significant player in Asia Pacific air traffic growth: IATA
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने प्रकृति के प्रति आभार और सभी के कल्याण की कामना करते हुए एक संस्कृत सुभाषितम् साझा किया
June 08, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक संस्कृत सुभाषित साझा किया, जिसमें इस बात पर प्रकाश डाला गया कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर सभी जीवों का कल्याण करना हमारी संस्कृति की मूल भावना रही है।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि इसी व्यापक दृष्टि के साथ, भारत आज प्रगति और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा:

"प्रकृति के साथ संतुलन बिठाकर समस्त जीवों का कल्याण हो, यही हमारी संस्कृति की मूल भावना रही है। इसी व्यापक दृष्टि से आज भारतवर्ष प्रगति और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

यावच्चतस्रः प्रदिशश्चक्षुर्यावत् समश्नुते।

तावत् समैत्विन्द्रियं मयि तद्धस्तिवर्चसम्॥"

हम ऐसी समृद्धि प्राप्त करें जो चारों दिशाओं में विस्तृत हो और दूरदर्शिता से परिपूर्ण हो - जहाँ प्रकृति के साथ पूर्ण सामंजस्य में रहते हुए, पर्यावरण संरक्षित हो और सभी जीवों का सतत कल्याण सुनिश्चित हो।