Bihar was once an industrial hub, but Jungle Raj locked its industries and drove away investors, says PM Modi in Begusarai
On one side there is NDA, an alliance with mature leadership and on the other side there is 'Maha lathbandhan': PM Modi in Begusarai

भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की

सिमरिया धाम और माता मंगलादेवी की इस पावन धरती पर मैं बिहार के इस विशाल जनमानस को, प्रणाम करता हूं। हम तोहरा सब क परनाम करय छियो" "की हाल चाल छौ"? बेगूसराय की इस धरती से मैं, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर को नमन करता हूं। मैं बिहार केसरी श्री कृष्ण सिंह…श्री बाबू जी को भी आदरपूर्वक प्रणाम करता हूं।

साथियों,

मेरा सौभाग्य है, कि छठ महापर्व की इस शुभ बेला में आप सभी परिवारजनों के बीच आप सबके दर्शन करने का अवसर मिला है। मेरी कामना है कि छठी मैया का आशीर्वाद बिहार पर, हम सभी पर इसी तरह बना रहे। साथियों, जब छठी मैया की पूजा की बात आती है, तो शारदा सिन्हा जी को याद करना स्वाभाविक है। और शारदा जी तो बेगुसराय की बहू थीं। हमारी सरकार ने तो उन्हें, पहले पद्म भूषण और इस वर्ष पद्म विभूषण से सम्मानित करने का अवसर मिला। शारदा सिन्हा जी अब हमारे बीच नहीं हैं...लेकिन उनके अमर गीत हमेशा गूंजते रहेंगे। मैं शारदा सिन्हा जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

साथियो,

आज बेगूसराय की ये धरती... एक नए उत्साह से भरी हुई है! यहां नौजवानों का जोश है... बहनों-बेटियों का भरपूर आशीर्वाद है... ये सिर्फ जनसभा नहीं है... ये बिहार के सपनों का...नए संकल्पों का मेला है... मेला... और इस जनसभा का पूरे बिहार को संदेश है... फिर एक बार...NDA सरकार... फिर एक बार...सुशासन की सरकार...

साथियों,


आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया है... नीतीश जी पर आशीर्वाद बरसाया है। NDA के लिए आपका यही प्यार... आपका अटल विश्वास... अब विकास को विकास के नए दौर की तरफ ले जा रहा है। कोई कल्पना कर सकता है कि अभी दिवाली को गए दो दिन हुए हैं और छठ मइया का बहुत बड़ा त्योहार कल से शुरू हो रहा है और इस बीच मैं लाखों माताओं और बहनों को यहां देख रहा हूं। ये अपने आप में मेरे लिए तो एक बहुत बड़ा सुखद आश्चर्य है। मैं सोच नहीं सकता हूं कि बिहार हो छठ मैया का पर्व कल हो और आज हमें आशीर्वाद देने के लिए ये महिलाएं माताएं बहनें, बेटियां जहां मेरी नजर जा रही है, माताएं बहने मैं देख रहा हूं। आप हमें आशीर्वाद देने आए हैं। यह हमारी बहुत बड़ी शक्ति है।
बिहार के मेरे भाइयो बहनों हमने जंगलराज को सुशासन में बदला... अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है! मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैं बिहार के नौजवानों से विशेष आग्रह करने आया हूं... वो 2005 का अक्टूबर महीना ही था... जब आपके माता-पिता ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया था, सुशासन को चुना था। अब 2025 का ये अक्टूबर और नवंबर... आपके लिए नए अवसर भी और एक बड़ी जिम्मेवारी लेकर आया है। आपको अपने और बिहार की आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध बिहार बनाना है। आपको अपने एक वोट की ताकत समझनी है... आपके एक वोट से ही... बिहार की समृद्धि तय होगी... विकसित भारत बनाने का संकल्प मज़बूत होगा।

साथियों,

जब से बिहार चुनाव की घोषणा हुई है... तबसे हम एक चीज़ साफ-साफ देख रहे हैं। एक तरफ NDA है... नीतीश जी, मांझी जी, उपेंद्र जी... चिराग पासवान जी... ये सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। इसको भाजपा की हमारी टीम... दिलीप जी, सम्राट चौधरी जी...विजय सिन्हा जी से और मज़बूती मिलती है। वहीं दूसरी तरफ लाठियां भांज रहा- महालठबंधन है। ये लोग कैमरे पर आकर कुछ भी बोलें... लेकिन पीठ पीछे एक-दूसरे की खाल खींच रहे हैं। इस महागठबंधन में महा-लठबंधन में... अटक दल है...लटक दल है... भटक दल है...झटक दल है और पटक दल है.. RJD…बीते दो दशक में कोई चुनाव नहीं जीती... लेकिन अपने अहंकार में अटकी हुई है। इसी अहंकार में, इन्होंने JMM को झटक दिया। कांग्रेस, 35 साल से बिहार में RJD की पिछलग्गु बनी हुई है। इस बार...RJD ने उसको फिर पटक दिया। इन लोगों ने VIP को भी भटका दिया। जो लेफ्ट के दल हैं, उनको लटका दिया।

साथियों,

जब स्वार्थ हावी होता है... लूट-खसोट ही लक्ष्य होता है। तो वही होता है जो RJD-कांग्रेस वाले कर रहे हैं। ये लोग पहले टिकट बेचते हैं... फिर घोटाले करते हैं। आप देखिए तो सही... एक RJD का परिवार है... जो बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है... ज्यादातर लोग अदालत से जमानत पर बाहर हैं... जमानत पर जीने के लिए मजबूर है, दूसरी तरफ, कांग्रेस का एक परिवार है... जो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इस परिवार के भी ज्यादातर लोग जमानत पर बाहर हैं।

साथियों,

बिहार...ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता। इसलिए पूरे बिहार मैं एक ही नारा गूंज रहा है... नई रफ्तार से चलेगा बिहार... जब फिर आएगी NDA सरकार !

साथियों,

मैं जो बातें कहने जा रहा हूं... मैं चाहूंगा कि बिहार का नौजवान उन्हें ध्यान से सुने और उन पर जरा गौर करे। जंगलराज वालों ने… सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया! बिहार के नौजवानों का भविष्य तबाह कर दिया! और ये बात…बेगुसराय का हर घर जानता है, हर कोई महसूस करता है!

साथियों,

हमारे श्री बाबू ने, बेगुसराय को औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए काम किया था। उनके प्रयास से यहां अनेक प्रकार के उद्योग आए। एक समय था, जब ये क्षेत्र, देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक था। बरौनी में सायरन बजता था...तो पूरा बिहार गर्व से भर जाता था। साठ के दशक में यहां रिफाइनरी लगी, फर्टिलाइज़र फैक्ट्री बनी, बिजली का कारखाना लगा... यहां नौकरियाँ बनीं… उम्मीदें जगीं...चहल-पहल होने लगी। लेकिन फिर क्या हुआ? फिर...जंगलराज आ गया। धौंस, धमकी और डर का वो काला दौर... जिसने बिहार के उद्योगों पर ताले लगा दिए। फैक्ट्रियों को बंद कर दिया, निवेशक भाग गए! ये ताले फैक्ट्री पर नहीं आपके भविष्य पर ताले लगा दिए थे। जंगलराज ने सिर्फ कुछ फैक्ट्रियां बंद नहीं की... बल्कि बिहार के नौजवानों के भविष्य को अधर में लटका दिया.. बरौनी, बेगुसराय को एक सदी पीछे धकेल दिया। जिस RJD ने बिहार को पलायन का अभिशाप दिया... उसके नेता आज बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।

साथियों,

NDA सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम जानते हैं कि जब औद्योगीकरण होगा तो नौकरियां भी आएंगी। इसलिए हमने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया। जब बिहार में कानून का राज लौटा...तो उद्योगों के लिए भी माहौल बना। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इसे और गति मिली। आज आप देखिए... हमारा बेगुसराय न सिर्फ अपनी औद्योगिक पहचान वापस पा रहा है... बल्कि देश का एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। बरौनी का खाद कारखाना...जंगलराज में बंद पड़ा था। हमने ठाना कि इसको फिर से चलाना है। इसके लिए गैस की ज़रूरत थी। गैस बिहार में थी नहीं। गैस पहुंचाने के लिए हमने पीएम ऊर्जा गंगा योजना बनाई। हज़ारों करोड़ रुपए लगाए... पश्चिम बंगाल से बिहार के लिए गैस पाइपलाइन बिछाई... ताकि बिहार के नौजवानों को रोजगार मिले और किसानों को पर्याप्त खाद मिल सके। आज इससे हज़ारों परिवारों की रोज़ी-रोटी चल रही है... साथ ही, यहां हज़ारों बहनों की रसोई में पाइप से सस्ती गैस भी पहुंच रही है।

साथियों,

जंगलराज वालों ने बरौनी रिफाइनरी को भी अपने हाल पर छोड़ दिया था। हमने उसमें नया जीवन डाला! हज़ारों करोड़ का निवेश किया। अब यहाँ नया पेट्रो-केमिकल प्लांट बन रहा है। इससे यहां प्लास्टिक उद्योगों को बल मिलेगा। छोटे और लघु उद्योग लगेंगे। युवाओं के लिए हजारों नए रोज़गार बनेंगे। बरौनी डेयरी के विस्तार से हमारे पशुपालकों और किसानों की कमाई बढ़ रही है... अब बेगुसराय, एक टेक्सटाइल हब भी बनता जा रहा है। कई कंपनियां यहां कपड़ा बनाने की फैक्ट्रियां लगा रही हैं। बेगूसराय में एक के बाद एक मल्टी ब्रैंड शो-रूम खुलते जा रहे हैं। बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां आ रही हैं... बड़ी-बड़ी गाड़ियों के शो-रूम यहां खुल गए हैं। अच्छी बिजली सप्लाई ने यहां के उद्योगों को नई ताकत दे दी है। और इतना ही नहीं... मुझे कोई कह रहा था कि मिठाई की इतनी ज्यादा दुकानें खुल गई हैं कि पूछो मत...

साथियों,

नीतीश जी के नेतृत्व में बीते सालों में करीब 50 लाख रोजगार बिहार में बने हैं। शिक्षा हो, पुलिस हो, हेल्थ हो...सब जगह रिकॉर्ड भर्तियां की गई हैं। आने वाले पांच सालों में इससे भी अधिक रोजगार बनें... ये संकल्प लेकर हम चल रहे हैं। हम बिहार के जिले-जिले में मेडिकल कॉलेज बना रहे हैं... यहां बेगुसराय मेडिकल कॉलेज पर भी काम चल रहा है। गांव-गांव आयुष्मान आरोग्य केंद्र बन रहे हैं... इससे डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ...ऐसे अनेक रोजगार बनेंगे। साथियों, आपको याद रखना है... RJD-कांग्रेस का नाम सुनते ही निवेशक भाग जाते हैं। जो नौकरी का लालच देकर, गरीब का खेत अपने नाम लिखवाते हैं.... ऐसे लोग, नौजवानों को कभी नौकरी नहीं देंगे।
अच्छा साथियों आप इतनी बड़ी तादाद में यहां हैं आप मेरा एक काम करेंगे? सब के सब बताओ मेरा एक काम करेंगे.. ऐसे नहीं जोर से बताओ। आपके पास मोबाइल तो होगा ही होगा। आप अपना मोबाइल फोन बाहर निकालिए। जरा मोबाइल फोन बाहर निकाल कर के अपने मोबाइल की लाइट जला लीजिए...ये मोबाइल कांग्रेस के समय में बहुत महंगा था...और विदेश से मंगाना पड़ता था। कांग्रेस के समय में देश में मोबाइल बनाने वाली कांग्रेस के समय में सिर्फ 2 फैक्ट्रियां थीं। आपकी लाइट चालू रखो... अब देश में मोबाइल फोन बनाने वाली 200 से ज्यादा फैक्ट्रिया हैं। भाजपा-NDA सरकार की वजह से आज डेटा भी बहुत सस्ता हो गया है। इस वजह से बिहार में युवाओं को कन्टेंट क्रिएशन का नया मार्केट मिला है। आज बिहार में ये मोबाइल...ये प्रकाश...हर कोई देख रहा है। अब मैं आपसे पूछना चाहता हूं आप मुझे बताइए साथियों...बिहार के लोगों के हाथ में जब इतनी रोशनी चमक रही है तो बिहार के लोगों को लालटेन की जरूरत है क्या? अपना मोबाइल अब नीचे रखिए...

साथियों,

किसी भी क्षेत्र का...किसी भी राज्य का विकास तभी हो सकता है... जब सोच दूरगामी हो... इरादा पक्का हो... और नीयत साफ हो! RJD-कांग्रेस तो खुद ही अपने आप में एक समस्या है। इनके पास बिहार की समस्याओं का न कभी समाधान था और न कभी होगा। ये संवेदनहीन लोग हैं... ये वो लोग हैं जो बाढ़ आने पर भी गरीबों का मजाक उड़ाते हैं।

साथियों,

इनकी ऐसी ही सोच ने, दशकों तक बिहार को उत्तर और दक्षिण बिहार में बांटे रखा। गरीब, दलित, पिछड़े-अतिपिछड़े को जान पर खेलकर गंगा जी को पार करना पड़ता था। या फिर कई सौ किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। लेकिन इन्होंने गंगा जी पर नए पुल बनाने के लिए काम नहीं किया।

साथियों, नरेंद्र और नीतीश के लिए तो आप की सुविधा, आपका जीवन ही हमारे लिए सबसे ऊपर है। NDA सरकार ने बिहार की कनेक्टिविटी पर बल दिया है। कहीं हाईवे बन रहा है, कहीं एक्सप्रेसवे बन रहा है.... आप देखिए... बीते 10-11 वर्षों में गंगा जी पर कितने सारे पुल बने हैं। मुंगेर को खगड़िया और बेगुसराय से जोड़ने वाले... श्रीकृष्ण सेतु से इस पूरे क्षेत्र के लोगों को फायदा हुआ है।

साथियों,

सात दशक तक...ये क्षेत्र राजेंद्र सेतु पर निर्भर रहा। हमारी सरकार ने इसके बगल में ही, सिक्स लेन का एक आधुनिक ब्रिज बनाया। इसके लोकार्पण का सौभाग्य मुझे ही मिला। उस समय जनता के चेहरे पर जो खुशी थी... वो मैं कभी भूल नहीं सकता। उनका बरसों पुराना सपना साकार हुआ था।

साथियों,

इस नए पुल ने उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी को करीब सौ किलोमीटर कम कर दिया है। इससे सिमरिया धाम आना जाना भी आसान हुआ है। जो हज़ारों कल्पवासी जो कार्तिक मास में सिमरिया घाट जाते हैं, उनको बहुत बड़ी सुविधा मिली है।

साथियों,

आप मोदी को भलीभांति जानते हैं। ये आपका मोदी चांदी का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ है। मोदी...गरीबी में रहा है…उसने गरीबी के दुख-दर्द को सहा है। इसलिए आज जब देश के गरीब ने मोदी को सेवा का अवसर दिया है... तो वो पूरी शक्ति पूरी ताकत से देश में गरीबी को मदद पहुंचा कर के गरीबी को इस देश में खत्म करने का पूरा प्रयास कर रहा है। गरीब के लिए पक्का घर सपना होता है... हमारी सरकार ने 11 साल में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर मेरे गरीबों को दिए हैं... और इसमें से 60 लाख पक्के घर...यहां बिहार के मेरे गरीब परिवारों को मिले हैं। हर गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे इसलिए मोदी मुफ्त अनाज देता रहता है। हर गरीब को मुफ्त इलाज... मुफ्त बिजली कनेक्शन... मुफ्त गैस कनेक्शन...सस्ती गैस... ये सिर्फ सुविधाएं नहीं, ये सम्मान भरा जीवन देने वाली ज़रूरतें हैं। और इसका सबसे अधिक फायदा...दलित, महादलित, पिछड़े-अतिपिछड़े परिवारों को हो रहा है। दशकों तक बिहार के लोगों को RJD-कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के नाम पर सिर्फ धोखा दिय़ा... ये NDA सरकार है जो सामाजिक न्याय को सही मायने में सच करके दिखा रही है।

साथियों,

आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी जी की पुण्यतिथि है। देश कभी नहीं भूल सकता कि किस तरह कांग्रेस ने सीताराम केसरी जी का अपमान किया था। आज का दिन...हमें याद दिलाता है कि कांग्रेस...दलितों-पिछड़ों के अधिकार छीनने के लिए क्या कुछ कर सकती है। इन लोगों के लिए सिर्फ अपना परिवार ही सबसे बड़ा है... और आपने टीवी पर भी देखा होगा कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे सीताराम केसरी हमारे बिहार का गर्व थे सीताराम केसरी। इस परिवार ने सीताराम जी को उनके रूप के बाथरूम में बंद कर दिया। इतना ही नहीं उनको उठाकर के फूटपाथ पर फेंक दिया और सीताराम केसरी के पास जो कांग्रेस का अध्यक्ष पद था इस परिवार उस अध्यक्ष पद की चोरी कर ली। साथियों, ये ऐसे लोग है जिनको आपके परिवार की कोई चिंता नहीं है।

साथियों,

बिहार की नारीशक्ति...जंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित रही हैं। आज वे, NDA के सुशासन में बड़ा काम और बड़ा नाम करने के लिए आगे आ रही हैं। बीते वर्षों में, बिहार की बहनें, आत्मनिर्भर हुई हैं। जीविका दीदी के रूप में गांवों में बहनें अपने पैरों पर खड़ी हुई हैं। मेरा लक्ष्य, देश के गांवों में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। इसमें बिहार की बहनें काफी शानदार काम कर रही हैं।

साथियों,

बिहार की NDA सरकार ने जो महिला रोजगार योजना शुरु की है... ये बहुत ही प्रशंसनीय काम हुआ है। एक करोड़ 20 लाख से ज्यादा बहनों में से हर एक को... रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपए देना बहुत बड़ा कदम है। बिहार की बहनें इसको खुले दिल से अपना भी रही हैं। इसलिए आप सभी को इन महिला विरोधी RJD-कांग्रेस वालों से बहुत सावधान रहना है। इनके लिए हर रास्ता बंद करना है... आपको याद रखना है... ये RJD-कांग्रेस वाले महिला रोजगार योजना पर भी ताला लगा सकते हैं। महिलाओं के अधिकार की बात आई तो इनलोगों ने पार्लियामेंट में सारे नियमों को तोड़कर के उस कानून के कागजों को छीनकर के फाड़ दिया था। ऐसे महिला विरोधी लोग हैं।

साथियों,

आज हमारी सरकार की प्राथमिकता आपका खर्च कम करने और बचत बढ़ाने पर है। GST बचत उत्सव के पीछे भी यही सोच है। GST बहुत कम होने से...बिहार के हर परिवार को बचत हो रही है। त्योहारों के इस मौसम में, कोई नया टीवी ले रहा है, कोई नया पंखा, कोई नया फ्रिज ले रहा है। किसी ने नया स्कूटर लिया, नई बाइक ली...इसमें भी हज़ारों रुपए की बचत हो रही है। इससे हर परिवार को कुछ न कुछ बचत हुई है। साथियों, GST बचत उत्सव के दौरान अभी दीवाली में भी खरीद-बिक्री के नए रिकॉर्ड बने हैं। देशवासियों ने बहुत उत्साह दिखाया है। इसमें भी बड़ी बात ये है कि लोगों ने स्वदेशी को चुना है। लोग गर्व से कह रहे हैं- ये स्वदेशी है। एक रिपोर्ट बताती है कि देश में करीब नब्बे प्रतिशत खरीदारी स्वदेशी चीज़ों की हुई है। यानि हमारे दुकानदारों ने स्वदेशी बेचा और देशवासियों ने देश का गौरव बढ़ाने के लिए स्वदेशी खरीदा। जब स्वदेशी बिकता है तो इसका फायदा हमारे किसानों, हमारे विश्वकर्मा साथियों, हमारे कारीगरों, हमारे बुनकरों को ही होता है। बिहार के लोगों को भी इसका बहुत लाभ हुआ है। यानि डबल इंजन सरकार...बचत और कमाई का डबल बेनिफट बिहार के लोगों को दे रही है।

साथियों,

बेगूसराय में 6 नवंबर को मतदान होना है। छह नवंबर याद रखना है। समय बहुत कम है। आप मेरा एक काम करेंगे? जरा जोर से बताइए क्या आप मेरा एक काम करेंगे? जरा हाथ ऊपर करके सबलोग बताइए.. मेरा एक काम करेंगे? देखिए, आपको घर-घर जाना है...मोदी है आप मेरे लिए तो मोदी बनकर आपको मेरी बातें घर-घर पहुंचानी है। NDA ने बिहार को नक्सलवाद से, माओवादी आतंक से मुक्त किया है... आज बेखौफ होकर आप अपना काम कर सकते हैं। आप खुलकर के वोट दे सकते हैं। बिहार के लोगों का एक वोट... एक शांत, सुखी और समृद्ध बिहार का निर्माण करेगा... जंगलराज वालों को दूर रखेगा। इस बार बिहार में NDA की विजय का नया रिकॉर्ड बने... इस लक्ष्य को लेकर हमें आगे बढ़ना है।

साथियों,

मेरा एक आग्रह और है.... आप जब घर-घर जाएं...तो हर परिवार में जाकर के बड़े-बुजुर्ग को बताना कि अपने मोदी जी बेगुसराय आए थे। और मोदी जी ने परिवार के सभी छठ महापर्व की शुभकामनाएं भेजी हैं। एक बार फिर, इतनी विशाल संख्या में यहां आकर हमें आशीर्वाद देने के लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं।

मेरे साथ बोलिए... भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की... बहुत-बहुत धन्यवाद

Explore More
Today, the entire country and entire world is filled with the spirit of Bhagwan Shri Ram: PM Modi at Dhwajarohan Utsav in Ayodhya

Popular Speeches

Today, the entire country and entire world is filled with the spirit of Bhagwan Shri Ram: PM Modi at Dhwajarohan Utsav in Ayodhya
India stands tall in shaky world economy as Fitch lifts FY26 growth view to 7.5%

Media Coverage

India stands tall in shaky world economy as Fitch lifts FY26 growth view to 7.5%
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Barak Valley will become a major logistics and trade hub for the North East: PM Modi in Silchar, Assam
March 14, 2026
Today, North-East India is the center of India’s Act East Policy; It is becoming a bridge that connects India with South-East Asia: PM
The farmers of Barak Valley and tea garden workers have made a significant contribution to Assam’s development; the Government is continuously working for farmers’ welfare: PM
We consider border villages as the nation’s first villages; the next phase of the Vibrant Village Programme was launched from Cachar district to boost development in several Barak Valley villages as well: PM

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

प्रानोप्रिय बोराक उपत्यकार, सम्मानित नागरिकवृंद, आपनादेर शोबाई के आमार प्रोणाम जानाई।

राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जी, केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी सर्बानंद सोनोवाल जी, उपस्थित राज्य सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण और मेरे प्यारे भाईयों और बहनों।

संस्कृति, साहस और जीवंतता से भरपूर बराक वैली के आप सभी परिवारजनों के बीच आना बहुत विशेष अनुभव रहता है। सिलचर को तो बराक घाटी का गेटवे कहा जाता है। ये वो जगह है जहां इतिहास, भाषा, संस्कृति और उद्यम ने मिलकर अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। यहां बांग्ला बोली जाती है, असमिया की गूँज सुनाई देती है और अन्य जनजातीय परंपराएं भी फुलती-फलती हैं। यहां इतनी विविधता को अपनी ताकत बनाकर आप सभी भाईचारे के साथ, सद्भाव के साथ, इस पूरे क्षेत्र का विकास कर रहे हैं। ये बराक वैली का बहुत बड़ा सामर्थ्य है

साथियों,

बराक नदी के उपजाऊ मैंदानों ने, यहां के चाय बागानों ने, यहां के किसानों को, यहां के ट्रेड रूट्स को, एजुकेशन सेंटर्स को हमेशा प्रोत्साहित किया है। ये क्षेत्र असम ही नहीं, पूरे नॉर्थ ईस्ट और पश्चिम बंगाल को भी कनेक्ट करता है। बराक घाटी के इसी महत्व को 21वीं सदी में और अधिक सशक्त करने के लिए मैं आज आपके बीच आया हूं, आपके आशीर्वाद लेने आया हूं। थोड़ी देर पहले यहां बराक वैली की कनेक्टिविटी से जुड़े, नॉर्थ ईस्ट की कनेक्टिविटी से जुड़े, हजारों करोड़ रूपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। रोड़ हो, रेल हो, एग्रीकल्चर कॉलेज हो, ऐसे हर प्रोजेक्ट्स से बराक वैली नॉर्थ ईस्ट का एक बड़ा लॉजिस्टिक और ट्रेड हब बनने जा रहा है। इससे यहां के नौजवानों के लिए रोजगार के, स्वरोजगार के अनगिनत, अनगिनत अवसर बनने जा रहे हैं। मैं आप सभी को इन सभी विकास परियोजाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आजादी के अनेक दशकों तक कांग्रेस की सरकारों ने नॉर्थ ईस्ट को दिल्ली से और दिल से, दोनों से ही दूर रखा। कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को एक प्रकार से भुला दिया था। लेकिन बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने नॉर्थ ईस्ट को ऐसे कनेक्ट किया है कि आज हर तरफ इसकी चर्चा है। आज नॉर्थ ईस्ट भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र है, दक्षिण पूर्व एशिया के साथ भारत को जोड़ने वाला सेतु बन रहा है।

लेकिन साथियों,

जैसे कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को अपने हाल पर छोड़ दिया था, ठीक वैसे ही बराक वैली को भी बेहाल करने में कांग्रेस की बहुत बड़ी भूमिका रही है। जब देश आज़ाद हुआ, तो कांग्रेस ने ऐसी बाउंड्री खींचने दी, जिससे बराक घाटी का समंदर से संपर्क ही कट गया। जो बराक वैली कभी ट्रेड रूट के रूप में, एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी, उस बराक वैली से उसकी ताकत ही छीन ली गई। आज़ादी के बाद भी दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कुछ खास नहीं हुआ।

साथियों,

बीजेपी की डबल इंजन सरकार, इस स्थिति को बदल रही है। हम बराक घाटी को फिर से व्यापार कारोबार का बड़ा हब बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। आज इस दिशा में एक बहुत बड़ा और अत्यंत महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। आज करीब 24 हजार करोड़ रुपए के शिलांग-सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर का भूमि पूजन हुआ है, 24 हजार करोड़ रुपए, कितने? कितने? 24 हजार करोड़ रुपए। कितने? कितने? कितने? ये जरा कांग्रेस वालों को पूछना, जरा कागज पेन देना और उनको कहना कि जरा कागज पर 24 हजार करोड़ लिखो तो, कितने, कितने जीरो लगते हैं, आएगा नहीं उनको। ये कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला जहां बंद हो जाता है ना, वहां हमारा काम शुरू हो जाता है। यह नॉर्थ-ईस्ट का पहला Access Controlled High-Speed Corridor होगा।

साथियों,

ये सिर्फ एक हाईवे प्रोजेक्ट नहीं है, ये नॉर्थ ईस्ट के लोगों के दशकों पुराने इंतजार का अंत हो रहा है। इस कॉरिडोर से सिलचर, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा, ये सब राज्य कनेक्ट होने वाले हैं। इन तीनों राज्यों से आगे बांग्लादेश और म्यांमार हैं और फिर आगे दक्षिण-पूर्व एशिया का विशाल बाजार है। यानी बराक घाटी, एक बहुत उज्जवल भविष्य की तरफ जुड़ने का आज शिलान्यास कर रही है। इसका फायदा असम सहित पूरे नॉर्थ ईस्ट के किसानों को होगा, यहां के नौजवानों को होगा। इतनी अच्छी कनेक्टिविटी वाले ये सारा क्षेत्र बनने से, इस पूरे क्षेत्र में इंडस्ट्री को बल मिलेगा, टूरिज्म को फायदा होगा और सबसे बड़ी बात, हिन्दुस्तान का कोना-कोना आसानी से आप लोगों से जुड़ जाने वाला है।

साथियों,

आप सभी यहां सिलचर में ट्रैफिक को लेकर भी काफी परेशान रहे हैं। अब सिलचर फ्लाईओवर से ये समस्या भी कम हो जाएगी। सिल्चर मेडिकल कॉलेज, NIT सिल्चर और असम यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे युवा साथियों के लिए, ये बहुत अच्छी सुविधा हो गई है। इससे आने-जाने में उनका बहुत ही कीमती समय बचने वाला है।

साथियों,

डबल इंजन की बीजेपी सरकार, असम की रेल कनेक्टिविटी पर भी बहुत अधिक काम कर रही है। खासतौर पर रेलवे का बिजलीकरण हमारी बहुत बड़ी प्राथमिकता रहा है। अब असम का ढाई हजार किलोमीटर से अधिक का रेल नेटवर्क, अब इलेक्ट्रिफाई हो चुका है। अब यहां भी तेज़ गति से ट्रेनें चल पाएंगी, इससे बराक वैली के स्वच्छ वातावरण को भी फायदा मिलेगा।

साथियों,

बराक वैली के किसानों और यहां के चाय-बागानों में काम करने वाले श्रमिकों का असम के विकास में बहुत बड़ा योगदान है। डबल इंजन सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कदम उठा रही है। कल ही, गुवाहाटी से मैंने पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किश्त जारी की है। अब तक पीएम किसान सम्मान निधि का देश के किसानों को लाखों करोड़ रूपया, और अकेले हमारे असम के किसानों को 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पैसा असम के किसानों को मिल चुका है। अब आप सोचिये, हमने 10 साल में यहां के किसानों की जेब में, 20 हजार करोड़ रुपया उनकी जेब में दिया है। ये कांग्रेस वालों ने 10 साल राज किया, प्रधानमंत्री तो असम से चुनकर के गए थे, उसके बावजूद भी एक फूटी कौड़ी नहीं दी, एक फूटी कौड़ी किसानों को नहीं दी, हमने 20 हजार करोड़ रूपया दिया है। कल बराक वैली के हज़ारों किसानों के खाते में भी, ये आखिरी किस्त भी पहुंची है, ये वाली किस्त पहुंची है और फिर जब चुनाव के बाद आएगा समय, तब भी पहुंचेगी। ये पैसा खेती से जुड़ी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में, मेरे गांव के छोटे-छोटे किसान भाई-बहनों को बहुत बड़ी मदद कर रहा है।

साथियों,

बराक वैली अब अपनी फसलों के लिए ही नहीं, बल्कि कृषि से जुड़ी पढ़ाई और रिसर्च के लिए भी जानी जाएगी। पत्थरकांडी में बराक घाटी के पहले एग्रीकल्चर कॉलेज का निर्माण कार्य आज से शुरु हो रहा है। इससे किसानों को तो फायदा होगा ही, यहां के नौजवानों को कृषि स्टार्टअप्स के लिए सहयोग, समर्थन और प्रोत्साहन मिलेगा।

साथियों,

भाजपा का मंत्र है- जो विकास की दौड़ में पीछे रह गया, उसे प्राथमिकता देना। कांग्रेस की सरकारें बॉर्डर एरिया को, देश के अंतिम गांव मानती थीं। हम बॉर्डर के गांवों को देश के पहले गांव मानते हैं। और इसलिए, बॉर्डर एरिया के विकास के लिए, कछार जिले से ही वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का अगला चरण शुरु किया था। इससे बराक वैली के अनेक गांवों में भी सुधार होना तय हो गया है।

साथियों,

यहां बड़ी संख्या में चाय-बागानों में कार्य करने वाले साथी भी हैं। असम सरकार ने, चाय-बगानों से जुड़े हजारों परिवारों को, उनकी जमीन का अधिकार देने का ऐतिहासिक काम किया है, वो इन परिवारों के भविष्य को बदलने की एक बड़ी शुरुआत है। जमीन के पट्टे मिलने से, इन परिवारों को सुरक्षा मिली है, उन्हें सम्मान का जीवन मिलना सुनिश्चित हुआ है।

साथियों,

आप जरा वहां से दूर रहिए, अब जगह नहीं है, आगे नहीं आ सकते हैं। देखिए वहां से जरा दूर रखिये उनको, अब आगे नहीं आ सकते भईया, अरे हमारे असम के भाई-बहन तो बड़े समझदार हैं। आपका से प्यार, आपका आशीर्वाद, ये इतनी बड़ी ताकत है, कृपा करके आप।

साथियों,

मैं हेमंता जी की सरकार को बधाई देता हूं, चाय-बागानों में करीब 200 सालों से सेवा दे रही अनेक पीढ़ियों के संघर्ष को आपने आज सम्मान दिया है। देखिए मेरी इस बात पर बादल भी गरजने लग गए। मुझे खुशी है कि जिनको पहले की सरकारों ने अपने हाल पर छोड़ दिया था, उनकी सुध बीजेपी सरकार ने ली है।

साथियों,

ये सिर्फ भूमि पर कानूनी अधिकार का ही मामला नहीं है। इससे ये लाखों परिवार, केंद्र और राज्य सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं से भी तेज़ी से जुड़ेंगे। पक्के घर की योजना हो, बिजली, पानी और गैस की योजनाएं हों, इन सब स्कीम्स का पूरा फायदा अब इन परिवारों को मिलना संभव होगा।

साथियों,

बीते सालों में बीजेपी सरकार ने चाय-बागानों में अनेक स्कूल खोले हैं, बच्चों को स्कॉलरशिप्स दिए हैं। सरकारी नौकरियों के लिए भी रास्ते खोले गए हैं। ऐसे प्रयासों से चाय-बागानों के युवाओं के लिए सुनहरे भविष्य के द्वार खुल रहे हैं।

साथियों,

बीजेपी की डबल इंजन सरकार के लिए शिक्षा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सुविधाएं बहुत बड़ी प्राथमिकताएं रही हैं। असम ने तो शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस की उपेक्षा को बहुत लंबे समय तक भुगता है। आज असम शिक्षा और स्वास्थ्य का बहुत बड़ा हब बनकर सामने आ रहा है। इसका बहुत अधिक फायदा बराक वैली को मिला है। आज यहां शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े अनेक बड़े संस्थान बन चुके हैं।

साथियों,

कांग्रेस ने असम के युवाओं को सिर्फ हिंसा और आतंकवाद के कुचक्र में ही उलझाए रखा था। कांग्रेस ने असम को फूट डालो और राज करो की नीति की प्रयोगशाला बनाया। आज असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है। आज असम भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर का अहम हिस्सा बन रहा है। यहां नेक्स्ट जेनरेशन टेक्नॉलॉजी से जुड़ा इकोसिस्टम और टैलेंट तैयार हो रहा है। यहां IIT और IIM जैसे संस्थान बन रहे हैं। मेडिकल कॉलेज, एम्स और कैंसर अस्पतालों का सशक्त नेटवर्क बन रहा है। शांति और प्रगति का ये नया दौर, अनेक बलिदानों और अनेक प्रयासों से आया है। अब ऐसी हर ताकत को मुंहतोड़ जवाब देना है, जो असम को पुराने दौर में धकेलने की कोशिश करती है।

साथियों,

आज मैं सिलचर से असम को सावधान-सतर्क भी करना चाहता हूं। आपने कांग्रेस को असम से बाहर किया। आज देश का हर राज्य कांग्रेस को सबक सिखा रहा है। कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। अब निकट भविष्य में, कांग्रेस खुद के पराजय के इतिहास की सेंचूरी मारने वाला है। हार की हताशा से भरी कांग्रेस ने देश के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने में जुट गए हैं, आपने देखा है, दिल्ली में इतनी बड़ी AI समिट हुई। आज पूरी दुनिया जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, AI को लेकर बहुत ही उत्सुक है। दिल्ली में सफलतापूर्वक विश्व की एक नई आशा पैदा करने वाला AI समिट हुआ। दुनियाभर के नेता, दुनियाभर की टेक्नॉलॉजी कंपनियां, टेक्नॉलॉजी के बड़े-बड़े लीडर दिल्ली आए थे। कांग्रेस ने इस समिट को बदनाम करने के लिए कपड़ा फाड़ प्रदर्शन किया। अब कांग्रेस के पास खुद के कपड़े फाड़ने के सिवा कुछ नहीं बचा है। पूरे देश ने कांग्रेस के इस भौंडे और भद्दे प्रदर्शन की आलोचना की। लेकिन दिल्ली में जो कांग्रेस का शाही परिवार है, वो इस कांड को भी अपना मेडल बता रहा है, देश को बदनाम करने वालों की वाहवाही कर रहा है। ऐसी कांग्रेस, जो देश की विरोधी हो, वो किसी राज्य का भला नहीं कर सकती, वो असम के युवाओं का कभी भला नहीं सोच सकती।

साथियों,

आजकल दुनिया में चारों तरफ और हमारे तो अड़ोस पड़ोस में ही युद्ध के हालात और आप सब भलिभांति युद्ध कि क्या भयानकता है, वो रोजमर्रा देख रहे हो। युद्ध से जो स्थितियां बनी हैं, हमारी सरकार उनसे निपटने के लिए, हमारे देश के नागरिकों को कम से कम मुसीबत आए इसलिए हो सके उतने सारे प्रयास कर रही है। हमारा प्रयास है कि देश के नागरिकों पर युद्ध का कम से कम प्रभाव पड़े। इस समय कांग्रेस से उम्मीद थी कि वो एक जिम्मेदार राजनीतिक दल की भूमिका निभाए, लेकिन कांग्रेस देश हित के इस महत्वपूर्ण काम में भी फिर एक बार फेल हो गई। कांग्रेस पूरी कोशिश कर रही है कि देश में पैनिक क्रिएट हो, देश मुश्किल में फंस जाए। और उसके बाद कांग्रेस भर-भर कर मोदी को गाली दे।

साथियों,

कांग्रेस के लिए और कांग्रेस असम के लिए, देश के लिए कांग्रेस का कोई विजन ही नहीं है, इसलिए, इन्होंने अफवाहों को, झूठ-प्रपंच को ही, और जैसे झूठे रील बनाने की इंडस्ट्री खोलकर रखी है, उसी को हथियार बना दिया है। दुनिया में जो ताकतें भारत के तेज़ विकास को नहीं पचा पा रहीं हैं, जिन विदेशी ताकतों को देश की प्रगति रास नहीं आ रही, कांग्रेस देश का दुर्भाग्य देखिए, कांग्रेस उनके हाथ की कठपुतली बनती जा रही है। इसलिए, असम के हर नागरिक को, हर नौजवान को कांग्रेस से सावधान रहना है।

साथियों,

असम हो, बराक वैली हो, अब ये विकास के पथ पर बढ़ चुका है। बराक वैली, अपनी भाषा, अपने साहित्य, अपनी संस्कृति के लिए जानी जाती है। वो दिन दूर नहीं, जब बराक वैली को विकास के नए सेंटर के रूप में पहचान मिलेगी।

साथियों,

आप इतनी बड़ी तादाद में हमें आशीर्वाद देने आए हैं। जो राजनीति के भविष्य की रेखाएं अंकित करने वाले लोग हैं, वो भांति-भांति की जो संभावनाएं तलाशते रहते हैं, वे आज बराक वैली का ये दृश्य, कल बोड़ो समुदाय का वो दृश्य, टी गार्डन वालों के समूह का दृश्य, ये साफ-साफ बता रहा है कि, इस चुनाव का नतीजा भी क्या होने वाला है। और आप इतनी बड़ी तादाद में आशीर्वाद देने के लिए आए हैं, मैं आपका हृदय से आभारत व्यक्त करता हूं और आप सभी को फिर से विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!