बांग्लादेश की प्रधानमंत्री, Your Excellency शेख हसीना जी,
भारत और बांग्लादेश के मंत्रीगण,
बांग्लादेश से भारत आए युवा सांसद एवं नेता,
और इस सीधे प्रसारण से जुड़े सभी भारत और बांग्लादेश के साथियों,
नमस्कार!
आशा कोरी के बांगलादेशे शोबे भालो आछे!
सबसे पहले तो मैं आम चुनाव के सफ़ल संचालन के लिए बांग्लादेश की जनता का अभिनंदन करता हूँ। साथ ही, बहुत बड़े जनादेश के साथ प्रधानमंत्री शेख हसीना जी की ऐतिहासिक विजय के लिए उन्हें हार्दिक बधाई भी देता हूँ।
Friends,
प्रधानमंत्री शेख हसीना जी के साथ यह मेरी छठी video conference है।इतनी सरलता से, और इतनी बार, किन्हीं दो देशों के नेतृत्व के बीच में संपर्क होना, अपने आप में दर्शाता है कि दोनों देशों के बीच संबंध कितने गहरे और मजबूत हैं।और यह video conference एक बहुत विशेष समय पर हो रही है। इसी महीने, 17 मार्च से बांग्लादेश में बंगबंधु के जन्मशताब्दी समारोह का शुभारम्भ होने जा रहा है।और फ़िर, 26 मार्च को बांग्लादेश की आज़ादी की 48वीं वर्षगाँठ भी मनाई जाएगी।और इन दोनों तारीखों के बीच, दोनों देशों में करोड़ों लोग होली का पवित्र त्यौहार भी मनाएंगे।

Friends,
भारत और बांग्लादेश के बीच connectivity मजबूत करने की बात जब भी होती है, तो उसका सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत मैं प्रधानमंत्री शेख हसीना जी के vision को मानता हूँ।और इसलिए, मुझे बहुत प्रसन्नता है कि आज हमने न सिर्फ़ transport, बल्कि साथ ही knowledge में भी connectivity बढ़ाने के क़दम उठाए हैं।बांग्लादेश से जुड़ कर, भारत का National Knowledge Network अब बांग्लादेश के scholars और research संस्थानों को भारत और पूरे विश्व से जोड़ने वाली एक मजबूत कड़ी बनेगा।बसों और trucks की आपूर्ति बांग्लादेश सरकार द्वारा affordable public transport प्रदान करने के प्रयासों में सहायक भूमिका अदा करेगी।Water Treatment Plants हज़ारों घरों में शुद्ध पेयजल पहुँचाएँगे।और Community Clinics से लगभग 2 लाख लोग लाभान्वित होंगे, जिन्हें अपने घरों के पास स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी।यह सभी projects सीधे रूप से जनता के जीवन से जुड़े हुए हैं। यह projects दर्शाते हैं कि भारत-बांग्लादेश संबंध दोनों देशों की जनता की quality of life सुधारने के लिए महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका अदा कर रहे हैं।
Friends,
भारत और बांग्लादेश के लोगों के संबंध आत्मीयता और पारिवारिक भावनाओं से परिपूर्ण संबंध हैं।बांग्लादेश का विकास भारत के लिए ख़ुशी का विषय तो है ही, हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। प्रधानमंत्री शेख हसीना जी ने बांग्लादेश के विकास के लिए महत्वकांक्षी लक्ष्य तय किये हैं। 2021 तक बांग्लादेश को middle income country बनाने, और 2041 तक developed country बनाने के उनके vision को साकार करने में सहयोग करना हमारे लिए गर्व का विषय है।
Excellency,
आपके साथ मिल कर पिछले पाँच वर्षों में भारत-बांग्लादेश संबंधों के शोनाली अध्याय के लिए काम करने को मैं अपना बहुत बड़ा सौभाग्य मानता हूँ।और मुझे पूरा विश्वास है कि पिछले पांच वर्ष हमारे लिए जितने गौरवशाली रहे हैं, आगामी पाँच वर्षों में हमारे द्विपक्षीय संबंध उससे भी अधिक ऊंचाई हासिल करेंगे। यह मेरा विश्वास भी है, और प्रतिबद्धता भी।और मेरा यह विश्वास आज और भी अधिक मजबूत हुआ है, क्योंकि आज मुझे बांग्लादेश से यहाँ आए कई युवा सांसदों और नेताओं से मिलने का अवसर मिला। उनकी प्रतिभा और कर्मठता में मैं भारत-बांग्लादेश संबंधों का उज्जवल भविष्य देखता हूँ।
भारत बांग्लादेश बोंधुत्वो चिरोजिबी होक!
धन्यवाद। बहुत-बहुत धन्यवाद।


