प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेजर अभिलाषा बराक को यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने बताया कि मेजर बराक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) में एक एंगेजमेंट टीम कमांडर और जेंडर फोकल प्वाइंट के रूप में कार्यरत है।
श्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान उनकी अनुकरणीय सेवा और संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा प्रयासों में भारत के दीर्घकालिक योगदान का सम्मान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि अनगिनत युवा भारतीयों, विशेष रूप से देश की बेटियों के लिए भी प्रेरणा है जो देश और मानवता की सेवा करना चाहती हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया:
‘‘मेजर अभिलाषा बराक को यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई। मेजर बराक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) में एक एंगेजमेंट टीम कमांडर और जेंडर फोकल प्वाइंट के रूप में कार्यरत है। यह सम्मान उनकी अनुकरणीय सेवा और संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा प्रयासों में भारत के दीर्घकालिक योगदान का सम्मान है। उनकी यह उपलब्धि अनगिनत युवा भारतीयों, विशेष रूप से हमारी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो देश और मानवता की सेवा करना चाहती हैं।’’