जब मैं गुजरात का सीएम था, मैंने राजस्थान को पानी दिया और कोई किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं था: चित्तौड़गढ़ में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, मैं राजस्थान के युवाओं को गारंटी देना चाहता हूं कि पेपर लीक माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
राजस्थान बड़े विश्वास और भरोसे के साथ कह रहा है- भाजपा आएगी और गुंडागर्दी जाएगी, भाजपा आएगी और दंगे रुकवायेगी, भाजपा आएगी और पथराव रुकवायेगी, भाजपा आएगी और बेईमानी रुकवायेगी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, हर भ्रष्टाचारी, गुंडा, दंगाई, अत्याचारी और कांग्रेस का हर नेता खुद को राजस्थान की सरकार मान बैठा है। कांग्रेस ने प्रदेश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

सांवलिया सेठ महाराज की जय !!
मेवाड़ की रक्षक बायण माता, कालिका माता की… सगरा माता की… आप सबको इस धरती को प्रणाम करते हुए मेरे साथ बोलिए भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की.. !!
महाराणा प्रताप, रानी पद्मिनी, राणा कुंभा के शौर्य और वीरता की भूमि, श्रीनाथजी, नाथद्वारा और सांवलिया सेठ जी की पावन धरती ऐसी मेवाड़ की धरती को मेरा शत-शत नमन!

पूरा राजस्थान, पूरा मेवाड़ क्या सोच रहा है, ये आज यहां चित्तौड़गढ़ में साफ-साफ दिखाई देता है। मैं पार्टी का बहुत आभारी हूं कि मुझे आपके बीच जाने का अवसर दिया और बहुत पुराने-पुराने परिचित चेहरे उनको प्रणाम करने का अवसर मिल गया पुराने साथियों को नमस्कार करने का मौका मिल गया। लेकिन इससे भी बड़ा मेरा अजूबा ये था कि इस पंडाल से बाहर इतनी तादाद में लोग थे, अगर मैं खुली जीप में न आता तो शायद मैं कल्पना नहीं कर सकता कि इतनी बड़ी तादाद में लोग बाहर खड़े हैं। लेकिन जिनको पंडाल में जगह नहीं मिली है उनसे मैं क्षमा याचना भी करता हूं, लेकिन उनको विश्वास दिलाता हूं कि पंडाल भले ही छोटा पड़ गया मोदी का दिल बहुत बड़ा है। आप सब मेरे दिल में बसते हैं। साथियों राजस्थान ने आह्वान कर दिया है- राजस्थान को बचाएंगे, भाजपा सरकार को लाएंगे।

मेरे परिवारजनों,
मेवाड़ की, राजस्थान की पहचान आतिथ्य सत्कार की है। लोक संगीत की है, लोक संस्कृति की है। शौर्य की है, यहां की एक-एक विरासत पर गर्व करने की है। लेकिन 5 साल में कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया तबाह कर। मैं इस मेवाड़ की धरती को करना चाहता हूं जब यहां से खबरें आती है तो बहुत दुखी मन हो जाता है, बहुत तकलीफ अनुभव करता हूं और मैं बहुत दुखी मन से कह रहा हूं.... आज जब अपराध की बात आती है, तो कौन सा राज्य टॉप पर आता है? कौन सा राज्य? ये हमारा राजस्थान। आज जब अराजकता, दंगे, पत्थरबाजी की बातें होती है, तो कौन सा राज्य का नाम बदनाम होता है? ये हमारा राजस्थान। आज जब महिलाओं-दलितों-पिछड़ों पर अत्याचार की बात होती है, तो कौन सा राज्य आज सबसे ज्यादा बदनाम हो रहा है? ये हमारा राजस्थान। क्या आपने.. मैं राजस्थान की जनता को बड़े दर्द के साथ, बड़े दुख के साथ, बड़ी तकलीफ के साथ मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या आपने पांच साल पहले इसके लिए कांग्रेस को वोट दिया था?

साथियों,
राजस्थान के लोगों को भ्रम में डालकर कांग्रेस ने यहां सरकार तो बना ली लेकिन सरकार चला नहीं पाई। यहां गहलोत जी सोते-जागते, उठते-बैठते मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने में लगे थे और आधी कांग्रेस उनकी कुर्सी गिराने में जुटी थी। जनता को अपने हाल पर छोड़कर ये लोग आपसी लड़ाई में ही व्यस्त रहे। अपने बेटों को सेट कैसे करना, दूसरे के बेटे को कैसे उखाड़ देना लेकिन इस सबके बावजूद एक विषय को लेकर कांग्रेस में हमेशा मिलीभगत रही हमेशा सहमति रही। कांग्रेस ने राजस्थान को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी। पांच साल राजस्थान में कांग्रेस ने यही किया है। हर भ्रष्टाचारी, हर गुंडा, हर दंगाई, हर अत्याचारी, कांग्रेस का हर नेता खुद को राजस्थान की सरकार मान बैठा है।

मेरे परिवारजनों,
आप मुझे बताइए, राजस्थान में ऐसी सरकार को रहना चाहिए क्या? ऐसी सरकार को रहना चाहिए क्या? एक दिन भी रहना चाहिए क्या?
राजस्थान को ऐसी सरकार चलेगी क्या? मेवाड़ की ये आवाज़ पूरे राजस्थान की आवाज़ है। राजस्थान कह रहा है- राजस्थान पूरे विश्वास से कह रहा है, राजस्थान पूरे भरोसे से कह रहा है- भाजपा आएगी, गुंडागर्दी जाएगी। भाजपा आएगी, दंगे रुकवाएगी। भाजपा आएगी, पत्थरबाजी रुकवाएगी। भाजपा आएगी, बेईमानी जाएगी। भाजपा आएगी, महिला सुरक्षा लाएगी। भाजपा आएगी, रोज़गार लाएगी। भाजपा आएगी, समृद्ध राजस्थान बनाएगी।

मेरे परिवारजनों,
राजस्थान की जनता का संदेश, कांग्रेस के नेताओं तक भी पहुंच चुका है। यहां मुख्यमंत्री गहलोत जी को भी पता है कि कांग्रेस सरकार की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इसलिए आपने भी सुना होगा, इसका मेरे पास सबूत है, दिल्ली में बैठे कुछ लोगों को भले ही भरोसा ना हो कि गहलोत जी जा रहे हैं, लेकिन गहलोत जी को खुद पर भरोसा है कि वो जा रहे हैं और इसलिए गहलोत जी ने भी एक प्रकार से भाजपा को बधाई दे दी है। आप देखिए कांग्रेस के मुख्यमंत्री क्या बोल रहे हैं, वो आग्रह कर रहे हैं कि भाजपा सरकार बनने के बाद उनकी योजनाओं को बंद ना किया जाए। ऐसा कह रहे हैं वो उनकी योजनाओं को बंद न किया जाए। तो पहले तो गहलोत जी ने अपनी पराजय स्वीकार कर लिया कि हमारी सरकार बनेगी इस बात को सार्वजनिक कह दिया मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। और आपने जब इतनी ईमानदारी से कह दिया है तो मोदी तो आपसे अनेक गुना ईमानदार है, मैं राजस्थान की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि भले ही गहलोत जी ने योजनाएं चालू की होगी लेकिन जनहित की किसी योजना को भाजपा सरकार बनने के बाद उसको रोकेगी नहीं, उसको अच्छा करने का उसे बेहतर बनाने का प्रयास करेगी। और ये मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब, हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी।

लेकिन राजस्थान के भाइयों और बहनों, मैं एक और बात की गारंटी देना चाहता हूं। जिन-जिन ने यहां भ्रष्टाचार किया है, योजनाएं तो हम चलाए रखेंगे, सुधार भी करेंगे लेकिन जिन-जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है गरीबों के पैसे लूटे हैं, उनके खिलाफ तो कार्रवाई जरूर होगी। ये भी मोदी की गारंटी है। ये लोग मोदी को चाहे जितना गाली देते रहे, चाहे जितना उसकी कब्र खोदने के सपने देखते रहें, करप्शन पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कांग्रेस सरकार का तो हाल ये है - आपणो घोड़ो छाया मे बाँधणों, दूजां को फरबा द्यो! यानि जनता के पैसों से अपनी तिजोरी भरो और जनता को बेहाल छोड़ दो! राजस्थान के युवाओं के साथ जो धोखा किया गया है, भाजपा उसकी तह तक भी जाएगी। यहां के पेपरलीक माफिया को, पेपरलीक माफिया, खदान मापिया तो सुनते थे हम, पेपरलीक माफिया.. मैं राजस्थान के नौजवानो को वादा करता हूं, नौजवानों हम पर भरोसा करना ये पेपरलीक माफिया का पाताल में जाकर भी इसका हिसाब किया जाएगा। मैं आपको भरोसा देता हूं, नौजवानों के भविष्य के साथ जिसने खिलवाड़ किया है ऐसे पेपरलीक माफिया को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी।

साथियों,
कांग्रेस वोट पाने के लिए भांति-भांति के छल-प्रपंच ये करती रहती है है, झूठी घोषणाएं, झूठे वायदे तो इसका स्वाभाव बन गया है। अब आप देखिए, हमारे सैनिकों के साथ भी वन रैंक वन पेंशन को लेकर ऐसा ही छल इन्होंने किया था। दशकों तक कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन का मामला लटकाए रखा। कांग्रेस सिर्फ 500 करोड़ रुपए दिखाकर कहती थी कि वन रैंक वन पेंशन को लागू करेगी। जबकि 500 करोड़ रुपए में ये करना असंभव था, मुश्किल था और ये कांग्रेस को मालूम भी था। लेकिन लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए ये ड्रामा करने से भी बाज नहीं आए। राजस्थान के मेरे वीर भाइयों और बहनों, मोदी ने अपने सैनिक परिवारों को वन रैंक वन पेंशन की गारंटी दी थी। हमने डंके की चोट पर इसे पूरा किया।आपको हैरानी होगी कि अभी तक पूर्व सैनिकों को आप देखिए उन्होंने क्या खेल खेला था 500 करोड़ रुपये का ड्रामा, हमने अब तक 70 हज़ार करोड़ रुपए OROP के तहत हमारे सेना के जवानों को मिल चुके हैं। कहां 500 करोड़ रुपए और कहां 70 हज़ार करोड़ रुपए। याद रखिएगा, कांग्रेस ऐसे ठगी करती है, ऐसे ही झूठ बोलती है।

मेरे परिवारजनों,
जब भी कांग्रेस को पक्का हो जाता है कि वो चुनाव हारने वाली है, वो ऐसे ही झूठी घोषणाएं करने में लग जाती है। अखबारों में और टीबी में छाए रहने के लिए खजाना लुटा देती है। राजस्थान में भी ये ऐसा ही खेल, खेल रहे हैं, जनता को धोखा देने में जुट गए हैं। ये सोच रहे हैं कि जनता इनकी बातों में आ जाएगी, इनके 5 साल के कुशासन को भूल जाएगी। इसलिए इन्होंने फिर धड़ाधड़ घोषणाएं करनी शुरू कीं हैं। लेकिन मेवाड़ की, राजस्थान की जनता तो पूछ रही है, कि इतनी ही चिंता थी तो बीते 4-5 साल कहां थे? कुर्सी बचाने के सिवाए कोई काम किया है क्या? गरीब कल्याण की गारंटी तो मोदी पूरा कर रहा है। कोरोना काल में हर परिवार का चूल्हा जलता रहे, गरीब का बच्चा भी भूखा सो ना जाए मोदी ने उस गारंटी को पूरा कर के दिखाया है।
हर गरीब को कोरोना का मुफ्त टीका लगे, ये गारंटी मोदी ने पूरी की।

हर गरीब का अस्पताल में मुफ्त इलाज हो, ये गारंटी मोदी ने पूरी की। और आप जानते हैं हमारे समाज में परिवार में अगर मां बीमार हो जाए, कितनी ही पीड़ा हो, कितनी ही तकलीफ हो, लेकिन मां परिवार में किसी को पता नहीं चलने देती कि वो बीमार है, दर्द हो रहा है, वो अपना काम करती रहती है। मूसीबत, पीड़ा, दर्द सब सहती रहती है.. क्यों? क्योंकि मां के मन में होता है कि अगर बच्चों को बीमारी का पता चल जाएगा और अस्पताल में जाएंगे तो भाड़ी-भरकम बिल आएगा, ये बच्चे कर्जदार बन जाएंगे। बेटे पर कर्ज नहीं करने देना है, भले दो साल पहले चले जाऊं, भले ही दर्द सहती रहूं, लेकिन बेटे को कर्ज में नहीं डूबनी दूंगी। ये हमारे देश की माताएं सोचती हैं। लेकिन मेरी माताएं-बहनें, अब आपका बेटा दिल्ली में बैठा है। अब आपको बीमारी सहनी नहीं पड़ेगी। ये आपका बेटा पांच लाख रुपये तक आपके इलाज पर खर्चा करने के लिए आपको गारंदी देता रहा है और पूरी कर रहा है। आज मैं राजस्थान के हर गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवारों को एक और गारंटी दे रहा हूं। मोदी हर गरीब को पक्की छत देगा, पक्का घर देगा। अब तक चार करोड़ घर बना दिए हैं और जिनका बाकी रहा है, काम चालू है और आपका घर भी बनेगा। मोदी की गारंटी है कि आपके गांव में कोई भी गरीब परिवार हो जिसका पक्की छत नहीं है उसे जाकर के बता देना कि मोदी आया था सांवलिया सेठ के चरणों में बैठकर के बोल के गया है कि तेरा भी पक्का घर बन जाएगा। मोदी ने राजस्थान के लाखों परिवारों को पाइप से पानी पहुंचाने की गारंटी भी दी है। मोदी आज गारंटी देता है, ऐसा नहीं, जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, नर्मदा का पानी राजस्थान को देना था, आज हिंदुस्तान में देखिए, एक राज्य दूसरे राज्य को पानी देना मना करता है। दो-दो राज्यों के बीच में लड़ाई होती है, लेकिन ये मोदी की गारंटी थी। अगर नर्मदा का पानी गुजरात को मिलता है, राजस्थान को भी जरूरत है, राजस्थान भी मेरा है, मैं राजस्थान को तरसता नहीं रख सकता हूं। और नर्मदा का पानी, कोई झगड़ा नहीं, कोई विवाद नहीं कोई कोर्ट-कचहरी नहीं। आज राजस्थान के कई जिलों में नर्मदा का पानी पहुंच रहा है ये मोदी की गारंटी होती है। राजस्थान की मेरी माताएं-बहने मैं गुजरात से जानता हूं बिना पानी कैसे जिंदगी मुश्किल से गुजरती है। सूखा प्रदेश है बारिश कम होती है उसके बावजूद भी गारंटी दी है। मेरी माताएं-बहने आपके रसोई घर में नल से जल ये मोदी की गारंटी है। राज्य के 45 लाख से अधिक परिवारों तक पिछले 4 साल में नल से जल पहुंच चुका है। और यहां ये कुर्सी बचाओ सरकार नहीं होती न, भाजपा की सरकार होती तो आज हमारा काम पूरा हो गया होता। लेकिन मैं आपको गारंटी देता हूं कि भाजपा सरकार बनते ही जिन घरों में नल से जल नहीं पहुंचा है वहां भी तेज गति से पहुंच जाएगा।

मेरे परिवारजनों,
इस क्षेत्र में सिंचाई के पानी की जो दिक्कत हैं, मैं उसे भी भलीभांति जानता हूं। ये पूरा क्षेत्र, हम गुजरात के लोगों को तो ऐसा लगता है जैसे हमारा ही घर है। भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों की सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।

मेरे परिवारजनों,
गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी को सुविधा देने और सशक्त करने के ऐसे हर काम तो मोदी कर रहा है। कांग्रेस ने क्या किया? या तो मोदी को गाली देती है या फिर भाजपा सरकार की योजनाओं को रोकती है। कांग्रेस जो भी योजनाएं बनाती है, वो बिना भ्रष्टाचार के लागू हो जाएं, ये संभव ही नहीं है। अब आप मुझे बताइए, महात्मा गांधी स्वच्छता के आग्रही थे कि नहीं थे? जरा मुझे जवाब दीजिए महात्मा गांधी स्वच्छता के आग्रही थे कि नहीं थे? महात्मा गांधी हमें स्वच्छता के लिए कह के गए थे कि नहीं गए थे? क्या 75 साल तक कांग्रेस को जितना भी समय काम करने का मौका मिला क्या उन्हें स्वच्छता के लिए काम करना चाहिए था कि नहीं चाहिए था। स्वच्छता होती तो बीमारी जाती कि नहीं जाती? अब मुझे बताइए कल पूरे देश में गांव-गांव स्वच्छता का अभियान हुआ क्या ये स्वच्छता का काम इसमें भी कांग्रेस-भाजपा ज्यादा होता है क्या? कांग्रेस के लोगों को स्वच्छता करने में क्या जाता था, करनी चाहिए थी कि नहीं करनी चाहिए थी, ये तो मोदी का कोई जन्मदिन तो था नहीं। ये महात्मा गांधी के जन्मदिन पर हो रहा है, वो भी कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। मैं तो सभी पोलिटिकल पार्टियों को कहना चाहता हूं, ये सारा घमंडिया गठबंधन को भी कहना चाहता हूं, अरे कम से कम स्वच्छता का काम तो हाथ में लो, चलो भाई गांधी जयंती पर नहीं करना है तो खुद के जन्मदिवस पर करो। खुद के जन्मदिवस पर नहीं करना है तो आपके और नेता के जन्मदिवस पर करो, वो नहीं करना है तो अपने बच्चों के जन्मदिन पर करो, लेकिन स्वच्छात के काम करने में भी राजनीति का खेल खेल रहे हैं। ऐसा काम इनसलिए नहीं करते क्योंकि इसमें कटकी करने की जगह नहीं होती मलाई खाने का मौका नहीं होता है।

मेरे परिवारजनों,
जनता को अपने हक के लिए भी कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों के पीछे लाइऩ में खड़ा रहना पड़ता है। कांग्रेस की ये मनमानी अब राजस्थान की धरती पर नहीं चलेगी। लाभार्थी का जो हक है वो सीधा मिले, वो पूरा मिले, ये भाजपा सरकार सुनिश्चित करती है। भाजपा सरकार ने बीते 9 वर्षों में डायरेक्ट बेनिफिट से लाखों करोड़ रुपए सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचाए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि आज सीधे किसान के बैंक खाते में आती है। कोई बिचौलिया नहीं। कोई कटकी कंपनी नहीं, कोई कमीशन नहीं। किसी दफ्तर में चक्कर काटने की जरूरत नहीं। मोदी का मॉडल ही यही है- हर लाभार्थी तक सीधा लाभ। इसलिए राजस्थान को भरोसा है कि भाजपा आएगी, बेईमानी जाएगी।

मेरे परिवारजनों,
जो कांग्रेस सरकार, जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसको हटाना बहुत ज़रूरी है। आप मुझे बताइए, जो उदयपुर में हुआ, वैसी कभी आपने कल्पना भी की थी? जिस राजस्थान ने दुश्मन पर भी धोखे से वार ना करने की परंपरा को जीया है, उस राजस्थान की धरती पर इतना बड़ा पाप हुआ। कपड़े सिलाने के बहाने लोग आते हैं और बिना डर, बिना खौफ के टेलर का गला काट देते हैं। और वीडियो बनाकर गर्व से वायरल कर देते हैं। कांग्रेस सरकार को इसमें भी वोट बैंक की चिंता सताती है। राजस्थान की वीर धरा की कैसी छवि कांग्रेस ने दुनिया के सामने प्रस्तुत की है? कोई भी तीज-त्यौहार राजस्थान में शांति से मना पाना संभव नहीं है। कब दंगे भड़क जाएं, कब कर्फ्यू लग जाए, कोई नहीं जानता। सामान्य जन को जीवन की चिंता, व्यापारी को व्यापार की चिंता और कामगार को काम की चिंता, ये माहौल कांग्रेस ने राजस्थान में बना दिया है। इस विकास विरोधी माहौल को बदलना ही पड़ेगा। दंगाई हो, अपराधी हो, उसे भाजपा सरकार ही ठीक कर सकती है, ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है। इसलिए लोग कह रहे हैं कि भाजपा आएगी, दंगे रुकवाएगी।

मेरे परिवारजनों,
मुझे बहुत तकलीफ होती है जब मैं देश में कहीं भी बेटियों के साथ हो रहे अन्याय को देखता हूं, उसके बारे में सुनता हूं। लेकिन राजस्थान में तो कांग्रेस सरकार ने बेटियों से अन्याय की परंपरा ही बना दी है। यहां बाड़मेर में दलित महिला से दुष्कर्म कर उस पर एसिड डाल दिया जाता है। सूरतगढ़ में महिला की हत्या कर शव रोड पर फेंक दिया जाता है। भीलवाड़ा में गैंगरेप के बाद बच्ची को भट्टी में जला दिया जाता है। और जमवारामगढ़ में महिला को जिंदा जला दिया जाता है। इसलिए ही आज राजस्थान की माताएं-बहनें-बेटियां कह रही हैं उन्हें भरोसा है- भाजपा आएगी, महिला सुरक्षा लाएगी।

मेरे परिवारजनों,
मेरी माताएं-बहनें-बेटियां भी जानती हैं की मोदी उनको दी हुई हर गारंटी पूरा कर रहा है। बीते 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने ही बेटियों के लिए सैनिक स्कूलों के, सेना के अग्रिम मोर्चों में तैनाती के दरवाजे खोल दिए हैं। केंद्रीय पुलिस बलों में महिलाओं की संख्या दोगुनी की जा चुकी है।देशभर में पुलिस सिस्टम में 33 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती को भाजपा सरकार प्रोत्साहित कर रही है। अब लोकसभा और विधानसभा में भी 33 प्रतिशत सीटों में बहनों को आरक्षण की गारंटी मोदी ने पूरी की है। कांग्रेस कितने दशकों से आरक्षण के नाम पर बहनों से वोट मांगती रही। आपसे वोट मांगती थी और संसद में अपने साथियों से बिल को फड़वाती भी थी। ये तो मोदी है और आपका मोदी पर आशीर्वाद है, जो इस बार इनको समर्थन करना पड़ा।
वरना इनकी मानसिकता क्या है, ये आप देख ही रही हैं। कांग्रेस के घमंडिया गठबंधन के नेता महिलाओं को लेकर कैसी-कैसी अपमानित करने वाली बातें कर रहे हैं, ये आए दिन हम देख रहे हैं। इस कानून से बहुत नाराज़ हैं। ये चाहते ही नहीं कि महिलाओं को उनका हक मिले। इसलिए बहाने बना रहे हैं, जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं। मेवाड़ की, राजस्थान की युवा बेटियों को अपने वोट से कांग्रेस की इस साजिश का जवाब देना है। आपको अपने घर में, अपने परिवार के सदस्यों को भी कांग्रेस की साजिश के बारे में बताना है।

मेरे परिवारजनों,
मेवाड़ का ये पूरा क्षेत्र असीम संभावनाओं का क्षेत्र है। हमारे सीपी जोशी जी तो इसी क्षेत्र के प्रतिनिधि हैं। वे मेवाड़ के, राजस्थान के विकास से जुड़े हर मुद्दे को दिल्ली में ज़ोरशोर से उठाते हैं। आज भी चित्तौड़गढ़ में 7 हज़ार 200 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। आज पाली-हनुमानगढ़ पाइपलाइन का लोकार्पण किया गया है। इससे राजस्थान में इंडस्ट्री का विस्तार होगा, हज़ारों नए रोजगार बनेंगे। भाजपा, राजस्थान को टूरिज्म में नंबर वन बनाना चाहती है। इसके लिए हम कनेक्टिविटी और कल्चर, दोनों पर जोर दे रहे हैं। आज रेलवे, सड़क और शिक्षा से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया गया है। नाथद्वारा टूरिस्ट सेंटर से लोगों की सहूलियत बढ़ने वाली है। हमारे ‘सांवलिया सेठ’ मंदिर में भी भारत सरकार ने बहुत सारी आधुनिक सुविधाओं को जोड़ने का काम किया है। यहां जब भाजपा सरकार आएगी, तो ये काम और भी तेज़ी से पूरे होंगे। इसलिए राजस्थान कह रहा है- भाजपा आएगी, सुविधा और समृद्धि लाएगी।

मेरे परिवारजनों,
आदिवासी हों, दलित हों, पिछड़े हों, हर समाज कांग्रेस के झूठ और वोटबैंक की राजनीति को पहचान चुका है। भाजपा उन वर्गों के लिए काम कर रही है, जिनको किसी ने नहीं पूछा। हमारे कुम्हार, सुथार, माली, सुनार, लोहार, धोबी, दर्ज़ी, जूते बनाने वाले, राजमिस्त्री, बढ़ई, ऐसे लाखों परिवार अपने हाल पर थे। इसलिए हमारी सरकार पीएम विश्वकर्मा योजना लेकर आई। इससे राजस्थान के विश्वकर्मा साथियों को भी आधुनिक ट्रेनिंग और आधुनिक उपकरण मिलेंगे। इसके लिए भाजपा सरकार हज़ारों रुपए विश्वकर्मा साथियों को दे रही है। यही नहीं, बैंकों से लाखों रुपए का कम ब्याज वाला ऋण भी विश्वकर्मा साथियों को मिलेगा। बैंक आपसे गारंटी नहीं मांगेगा, बिना गारंटी पैसा मिलेगा। क्यों? क्योंकि मोदी ने आपकी गारंटी दे के रखी है।

साथियों,
मोदी की हर गारंटी को हर बूथ तक पहुंचाना है। और इस चुनाव हमारा एक ही चेहरा है और वो चेहरा है कमल। इस कमल को ही भारी बहुमत से जिताना है। और हम इस कमल के नेतृत्व में कमल के निसान से राजस्थाना का भाग्य भी तेज गति से आगे बढ़ाएंगे। हमारी उम्मीद कमल है, हमारा उम्मीदवार कमल है। हम कमल खिलाएंगे, भाजपा को जिताएंगे, इसी लक्ष्य के साथ हम सबको एकजुटता के साथ आगे निकलना है। मैं एक बार फिर मेवाड़ की इस धरती को प्रणाम करता हूं, इस वीर माताओं को प्रमाण करता हूं,यहां के सभी नागरिकों को प्रणाम करता हूं।

मेरे साथ बोलिए.. भारत माता की... दोनों हाथ ऊपर करके मुट्ठी बंद करके पूरी ताकत से बोलिए भारत माता की.. भारत माता की.. भारत माता की... बहुत-बहुत धन्यवाद!

 

 

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
UP's exports to BRICS nations, partners cross $5.36 billion in FY26: Govt

Media Coverage

UP's exports to BRICS nations, partners cross $5.36 billion in FY26: Govt
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Text of PM’s address on the occasion of completion of two years of the Government of Odisha
June 20, 2026
I extend my heartfelt birthday greetings to President Smt. Droupadi Murmu Ji, I wish her long life and excellent health: PM
Pahadpur village will now be rapidly developed as a solar village, that is, solar power will be ensured in every home here: PM
The vision of the Central Government is the development of India through the development of Eastern India: PM
To uplift tribal society, we are connecting tribal youth with opportunities for education and employment: PM
These children should get better facilities for studies; for this, around 500 Eklavya Model Schools have been opened across the country: PM

जॉय जगन्नाथ! जॉय मां किचकेश्वरी! मोर सबू भाई,भौणी,मां,मौसी मानंकु मोर नमोस्कार।

माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी, राज्यपाल श्री हरि बाबु जी, यहां के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी, उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव जी, प्रवती परीदा जी, ओडिशा के मंत्री गणेश सिंह खूंटिया जी, कृष्ण चंद्र महापात्र जी, सांसद नबा चरण माझी जी, मनमोहन सामल जी, बैजयंत पांडा जी, अन्य महानुभाव, भाइयों और बहनों।

हमारा ओडिशा इन दिनों उत्सवों के आनंद में डूबा हुआ है। यहाँ का गणपर्व रज, पिछले हफ्ते ही धूमधाम से मनाया गया है। महाप्रभु जगन्नाथ जी की रथ यात्रा की तैयारियां भी पुरजोश चल रही है। मयूरभंज के बारीपदा रथ यात्रा को लेकर भी उत्साह का माहौल है। और, इस सबके बीच ही लोकतन्त्र का विकास का उत्सव भी चल रहा है। ओडिशा की बीजेपी सरकार ने अपने 2 साल भी पूर्ण किए हैं। इस मौके पर, आप सबके बीच आना, मयूरभंज आने का ये सौभाग्य, और इतनी बड़ी संख्या में आप सबकी उपस्थिति, ये अवसर मेरे लिए बहुत खास है। आपका अपनापन मुझे बार-बार यहां खींच लाता है। मैं आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूँ। और ओडिशा की जनता को डबल इंजन सरकार में विकास यात्रा की भी बधाई देता हूँ, शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही, इस अवसर पर मैं पंडित रघुनाथ मुर्मू जी, डॉ. दमयंती बेश्रा जी, और श्री चरण हेम्ब्रम जी जैसी विभूतियों को भी नमन करता हूँ। रघुनाथ मुर्मू जी ने संथाली भाषा के लिए ओल चिकी लिपि का निर्माण किया था। हमारी सरकार ने संथाली भाषा में भारत के संविधान को प्रस्तुत किया है। ओडिशा की संतानों को पद्म सम्मान देकर सम्मानित किया है। पिछले 2 वर्षों में ओडिशा सरकार भी इन सभी विभूतियों के सपनों को पूरा करने में दिन रात पुरुषार्थ कर रही है।

साथियों,

आज का ये अवसर इसलिए भी विशेष है, क्योंकि मयूरभंज की धरती पर पली-बढ़ीं, ओडिशा की बेटी, माननीय राष्ट्रपति जी हमारे बीच उपस्थित हैं। आज उनका जन्मदिन भी है। मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकमानाएं देता हूं, मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। जनगन्नाथ जी भगवान के श्री चरणों में प्रार्थना करता हूं। ओडिशा की बेटी आज देश के इतने बड़े पद पर पहुंची हैं, हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं, ये हम सभी के लिए बहुत गौरव की बात है। राष्ट्रपति जी का व्यक्तित्व, उनका उदार और सहृदय स्वभाव, राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए उनका अटल समर्पण, उन्होंने मयूरभंज ही नहीं, पूरे ओडिशा की पहचान सशस्त की है। मैं इस अवसर पर, उनका विशेष रूप से अभिनंदन करता हूँ।

साथियों,

ये कार्यक्रम जब बना, तो इसमें मूल कारण तो लॉजिस्टिक था, लंबे अर्से से यहां आने के लिए चर्चा चल रही थी, लेकिन कोई तालमेल नहीं बैठता था। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस कोलकाता में तय हुआ, तो फिर मैंने कहा अच्छा है, आज बंग दिवस भी है, तो क्यों न मैं सुबह मयूरभंज होकर के शाम को फिर कोलकाता के कार्यक्रम में जाऊं। और इसके कारण ये 20 जून तय हुई। लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिसकी मंगल कामनाएं ईश्वरआधीन होती हैं, और इसलिए आज एक शुभ मंगल हो गया, कि राष्ट्रपति का जन्मदिन भी, मुझे आज उनके गांव में जाकर के, उनको शुभकामनाएं देने का अवसर मिला।

साथियों,

आज मैं राष्ट्रपति जी के साथ पहाड़पुर भी गया था। मैं इस क्षेत्र के बच्चों के लिए उनके द्वारा बनवाए गए स्कूल भी गया। बच्चों के साथ कुछ यादगार समय बिताने का अवसर मुझे मिला। मैं देख रहा था, बच्चों के चेहरों की चमक, राष्ट्रपति जी की उपस्थिति और आत्मीयता, वहां मुझे ऐसा कुछ भी नहीं लगा, किसी बच्चे को ये लगा हो कि राष्ट्रपति जी आई हैं, हर बच्चे को लगता था उनकी मां आई है। वे बच्चे भी बहुत भाग्यवान हैं, कैसे इस क्षेत्र के गरीब, वंचित और आदिवसी समाज के बच्चों को प्रेरणा मिल रही है, उन्हें देश के लिए कुछ बड़ा करने का आत्मविश्वास मिल रहा है। मैं राष्ट्रपति जी का आभारी हूं कि उन्होंने इन अनुभवों से गुजरने का आज मुझे अवसर दिया। ये मेरा दिन, एक प्रकार से मेरी शिक्षा का दिवस था, कुछ सीखने का अवसर था मेरे लिए।

साथियों,

मैं आपको सरकार का ये निर्णय भी बताना चाहता हूं कि पहाड़पुर गांव को, अब तेजी से सुर्यग्राम, सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। यानी यहां हर घर में सोलर बिजली बने, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। और हम तो बड़ा गर्व के साथ कह सकते हैं कि यही ओडिशा है, जहां कोणार्क में सुर्य मंदिर की एक पहचान है, वैसे ही पहाड़पुर सुर्यग्राम की पहचान बन जाएगा। सुर्यग्राम, से पूरा गांव सोलर विलेज के रूप में पहचाना जाए, इस दिशा में काम तुरंत शुरू हो ऐसा मेरा प्रयास रहेगा। इस अभियान से, पहाड़पुर के लोगों को मुफ्त सोलर बिजली भी मिलेगी और जो ज्यादा बिजली होगी, वो उनकी आय भी बढ़ाएगी।

साथियों,

ओडिशा में डबल इंजन सरकार के 2 साल कई मायनों में ऐतिहासिक रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जी के नेतृत्व में, आज ओडिशा तेज गति से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आज यहां गरीब कल्याण की योजनाओं से सामान्य मानवी का जीवन बदल रहा है। ओडिशा में आर्थिक गतिविधियाँ निवेश और उद्योगों को आकर्षित करने का सामर्थ्य आज नज़र आ रहा है। यहाँ रोजगार के नए अवसरों के लिए तेजी से काम हो रहा है।

साथियों,

केंद्र सरकार का विज़न है- पूर्वी भारत के विकास से भारत का विकास। इसीलिए, हम पूर्वोदय की नीति पर काम कर रहे हैं। जिस पूर्वी भारत को काँग्रेस के दौर में पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वो प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। आज ओडिशा खुद इस बदलाव का साक्षी बन रहा है।

साथियों,

ओडिशा के पास समुद्र है, खनिज संपदा है, कृषि की शक्ति है और सबसे सामर्थ्यवान यहां युवा प्रतिभा है। इस सामर्थ्य का पूरा उपयोग करने के लिए हम मिलकर काम कर रहे हैं। इसीलिए, आज ओडिशा में रेलवे इनफ्रास्ट्रक्चर में रिकॉर्ड निवेश हो रहा है। नई सड़कें और आर्थिक कॉरिडोर बन रहे हैं। पोर्ट्स का विस्तार हो रहा है। ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक उद्योगों में निवेश आ रहा है। आज भी यहां ओडिशा के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इन परियोजनाओं पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी इन परियोजनाओं से, आप सभी लोगों को बहुत सुविधा होने वाली है। मैं इन परियोजनाओं के लिए ओडिशा के लोगों को बहुत बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

हमारी सरकार ओडिशा के संसाधनों को, ओडिशा की संभावनाओं में बदल रही है। ओडिशा में बड़ा निवेश आए, यहाँ नए उद्योग लगें, इसके लिए उत्कर्ष ओडिशा जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत, अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की अनेक मेगा परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बने, इसके लिए ओडिशा के समग्र विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। पावर सेक्टर में 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश हो रहा है। समृद्ध शहर योजना के तहत शहरी विकास को गति दी जा रही है। आने वाले वर्षों में इन प्रयासों का परिणाम हमें देखने को मिलने वाला है।

साथियों,

डबल इंजन सरकार की बड़ी विशेषता ये है कि वो खुद जनता तक पहुँचती है। हमारा प्रयास है कि सामान्य नागरिक को किसी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़े। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम लोगों की अपेक्षाएँ आज पूरी हो रही हैं। आप देखिए, धान खरीद में किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने का निर्णय लिया गया। सुभद्रा योजना के माध्यम से एक करोड़ से अधिक माताओं और बहनों तक आर्थिक सहायता पहुंचाई गई। आयुष्मान भारत को लागू करके ओडिशा के परिवारों के लिए देशभर के अस्पतालों में इलाज का रास्ता खोला गया। आदिवासी विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए माधो सिंह हाथ-खर्चा योजना शुरू की गई। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्रीमंदिर के श्रद्धालुओं के लिए सारे द्वार खोल दिए गए, चारों-चार द्वार खोल दिए गए। डबल इंजन की ताकत मिलने से आज यहां चारों दिशाओं में विकास सुनिश्चित हो रहा है।

साथियों,

यहां बीते दिनों स्वच्छता को लेकर जो विशेष अभियान चला है, उसकी भी मुझे जानकारी मिली है। और मैं देख रहा था सोशल मीडिया में तो सफाई अभियान छाया हुआ है, यानी स्वच्छता से स्वागत, मैं ओडिशा की इस पहल के लिए, यहां के नगारिको का, सरकार का, मुख्यमंत्री जी का, इस प्रशंसनीय पहल के लिए बहुत ही प्रशंसा करता हूं, संतोष व्यक्त करता हूं।

साथियों,

स्वच्छता हमारे जीवन शैली का हिस्सा होनी चाहिए, हर रोज की आदत होनी चाहिए। मैं यहां स्वच्छता अभियान से जुड़े सभी लोगों का हृदय से बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

साथियों,

मैंने अपने जीवन का कुछ महत्वपूर्ण कालखंड जनजातीय क्षेत्रों में एक वालंटियर के रूप में काम करते हुए बिताया है। माननीय राष्ट्रपति जी तो बरसों तक ऐसे क्षेत्रों में चुनौतियां का सामना करती रही हैं। आप और हम जानते हैं कि जनजातीय क्षेत्रों में जीवन की सुविधाएं आसानी से नहीं पहुंचती थीं। इसलिए, हमारी सरकार ने जनजातीय विकास को बहुत प्राथमिकता दी है। हमने ऐसे इलाकों को सुविधाओं से जोड़ने के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया। इसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास से जुड़े विभाग मिलकर के सर्वागीण विकास के लिए काम कर रहे हैं। ताकि वहां रहने वाले लोगों की कठिनाइयां दूर हो सकें। इसी तरह, पीएम जनमन अभियान तो राष्ट्रपति जी के साथ हुई चर्चाओं का, उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है। ये विशेष रूप से देश के ऐसे जनजातीय समूहों के लिए है, जो जनजातीय समुदाय में भी सबसे पीछे रह गए हैं। ऐसे जनजातीय समुदायों तक अब सरकार स्वयं चलकर उनके गांव, उनके दरवाजे तक पहुंच रही है।

साथियों,

आदिवासी समाज के उत्थान के लिए हम आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ रहे हैं। इन बच्चों को पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए देश में करीब 500 एकलव्य मॉडल स्कूल खोले गए हैं। करीब साढ़े सात सौ एकलव्य स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। प्री-मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक लेवल पर, डेढ़ करोड़ से अधिक आदिवासी बच्चों को सैकड़ों करोड़ रुपए की स्कॉलर्शिप दी गई है। मुझे ये बताते हुए भी खुशी है कि यहां मयूरभंज में एक और नवोदय विद्यालय बनाने के लिए भी स्वीकृति दे दी गई है।

साथियों,

दूर-दराज इलाकों में रहने के कारण, जनजातीय समाज स्वास्थ्य से जुड़ी कठिनाइयों का भी शिकार रहा है। सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियाँ एक बहुत बड़ी चुनौती रही हैं। हमने इनके खिलाफ देश भर में अभियान चलाया, चार करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बांटे, मुफ्त इलाज के लिए करोड़ों आदिवासी लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिये। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर साफ पानी पहुंचाया जा रहा है। इन प्रयासों का परिणाम आज हमें दिख रहा है। आदिवासी समाज दशकों पुरानी कठिनाइयों से बाहर आ रहा है, और, विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बन रहा है।

साथियों,

आने वाले समय में हमारे सामने दो महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूरे होंगे। और, 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने वाले हैं। यानी, ओडिशा और देश का लक्ष्य एक ही दिशा में है। ओडिशा की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तो भारत मजबूत होगा। मुझे ओडिशा के सामर्थ्य पर भरोसा है। हमें मिलकर ओडिशा को विकास की बुलंदियों पर पहुंचाना है।

साथियों,

कल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाना है। ज्ञान और योग की धरती ओडिशा, योग यहाँ के संस्कारों का हिस्सा रहा है। मैं ओडिशा की धरती से पूरे देश से, पूरी दुनिया के लोगों से आह्वान करता हूँ, आप सब ज्यादा से ज्यादा संख्या में योग दिवस में हिस्सा लें। मैं एक बार फिर आप सभी को आज के अवसर, और विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं माननीय राष्ट्रपति जी का विशेष रूप से आभार प्रकट करता हूं, कि मुझे उनके साथ उनकी कर्मभूमि को देखने का मौका मिला। एक बार फिर उन्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। बहुत-बहुत धन्यवाद।

जय जगन्नथ।

जय जगन्नथ।

जय जगन्नथ।