असम का गौरव बढ़ाते हुए, असम के हर क्षेत्र, हर वर्ग का विकास, भाजपा की प्राथमिकता है: असम के चबुआ में प्रधानमंत्री मोदी
असम की महिलाओं को और सशक्त करने के लिए, असम के किसानों की आय बढ़ाने के लिए, हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है: प्रधानमंत्री मोदी
असम में शांति बनाए रखने के लिए, स्थिरता बनाए रखने के लिए बीजेपी सरकार की, एनडीए सरकार की निरंतर जरूरत है : प्रधानमंत्री मोदी
कांग्रेस ने उन पार्टियों के साथ हाथ मिला लिया है जो असम की संस्कृति और विरासत के लिए खतरा है.: असम में कांग्रेस के गठबंधन पर पीएम मोदी
जिस कांग्रेस पार्टी ने देश पर 50-55 साल तक राज किया, उसने उन लोगों का समर्थन किया जो भारत की चाय की छवि को बर्बाद कर देना चाहते थे : प्रधानमंत्री मोदी

भारत माता की
भारत माता की

मंच पर विराजमान असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्रीमान सर्बानंद सोनोवाल जी, मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ नेतागण, सभी उम्मीदवार बंधु और इतनी बड़ी तादाद में हम सबको आशीर्वाद देने के लिए आए हुए असम के मेरे प्यारे भाइयो और बहनो… नमस्कार!

मइ असमबासीक आगन्तुक फाकुवा उत्सवर आन्तरिक शुभेच्छा जनाइछोँ। फाकुवार रङे सकलोरे जीवन रङीन करि तोलक।

ऐसा अनुभव हो रहा है जैसे पूरा डिब्रुगढ़, पूरा तिनसुकिया आज यहां चबुआ में सिमट आया है। जहां देखो वहां लोग ही लोग नज़र आ रहे हैं। ये दिखाता है कि असम में डबल इंजन की सरकार को मजबूत करने के लिए कितना उत्साह है, एनडीए के प्रति कितना विश्वास है। साथियों आपका ये विश्वास, आपका ये प्यार, आपका ये आशीर्वाद पांच साल तक हमारे काम को आपने कसौटी पर कस कर के ये आप जो हमें आशीर्वाद दे रहे हो ये हमलोगों का सौभाग्य है। इस धरती को अहोम राजा चाओलुग चुकाफा, स्वर्गादेव सर्बानंद सिंगा और बीर राघभ मोरान जैसे हमारे अनेक पूर्वजों ने संवारा है। रुचि दास ताती जैसे असम से निकले अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत की आजादी में अपनी अहम भूमिका निभाई है। साइमोन सिंह होरो और संतोष टोप्नो ऐसी अनेक महान विभूतियों ने असम और भारत को दिशा दिखाने में अपना अहम योगदान दिया है। मैं आप सभी का आभार इसलिए भी व्यक्त करता हूं कि आपने सर्बानंद जी जैसा एक जनसेवक असम को दिया देश को दिया।

भाइयो और बहनो,
चबुआ के तो नाम में ही चाय है। यहां रोपा गया चाय का पौधा आज दुनिया में कहां-कहां अपनी सुगंध फैला रहा है, ये हम सभी जानते हैं। ऐसे में आज जब आपके बीच आया हूं तो एक पीड़ा भी आपसे कहे बिना नहीं रह सकता हूं, मेरे भीतर के उस दर्द को, आपके उस दर्द को जो महसूस करता हूं, इस बात को आज मैं यहां आपके बीच में कहे बिना नहीं रह सकता हूं। मुझे ये देखकर तकलीफ हुई कि इस देश की एक ऐसी पार्टी जो सबसे पुरानी पार्टी, जिसने 50-55 साल तक देश पर राज किया, ऐसी कांग्रेस पार्टी आज भारत की चाय की पहचान को मिटाने वालों का खुलेआम समर्थन कर रही है। क्या ऐसी कांग्रेस को माफ कर सकते हैं, ऐसी कांग्रेस को माफ कर सकते हैं, ऐसी कांग्रेस को सजा देनी चाहिए कि नहीं देनी चाहिए, क्या दुनिया में से चाय को मिटाने देना चाहिए। चाय को मिटाने का षड्यंत्र करने वालों को इस चुनाव में सबक सिखाना चाहिए कि नहीं सिखाना चाहिए। सिखाओगे, पक्का सिखाओगे।

असम की चाय से, असम के मान-सम्मान से, यहां के लाखों Tea Workers से उनके जीवन से कांग्रेस का खिलवाड़ करना, यह असम की और हिंदुस्तान की जनता कभी माफ नहीं करेगी। हाल में आपने भी एक टूलकिट की चर्चा सुनी होगी। इस टूलकिट में असम की चाय और हमारे ऋषि मुनियों का दिया हुआ योग इसको पूरी दुनिया में बदनाम करने के लिए प्लान तैयार किया गया है। टूलकिट बनाने वाले चाहते हैं कि हमारे चाय बगानों को भारी नुकसान उठाना पड़े। ऐसी साजिश रचने वालों को कांग्रेस पार्टी सपोर्ट करे और ऐसी कांग्रेस पार्टी असम में वोट मांगने की हिम्मत करे। भाइयों-बहनों क्या कांग्रेस को हम माफ कर सकते हैं क्या? कभी भी माफ कर सकते हैं क्या? अपनी राजनीतिक ज़मीन बचाने के लिए कांग्रेस इस स्तर पर आ जाएगी इसकी उम्मीद देश को कभी नहीं थी। इसलिए, असम की चाय के खिलाफ साजिश रचने वाली कांग्रेस जब असम की अस्मिता की बात करती है, तो उसके सारे नकाब खोखले नजर आते हैं।

भाइयो-बहनो,
सच्चाई ये है कि कांग्रेस अब असम के लोगों से बहुत दूर हो चुकी है। अभी 2-3 दिन पहले इन लोगों ने श्रीलंका की एक फोटो दिखाई और कहा कि ये असम है। कुछ हफ्ते पहले इन्हीं लोगों ने ‘ताइवान’ की फोटो दिखाई और कहा कि ये असम है। भाइयों-बहनों, गलती एक बार हो सकती है लेकिन जब गलती दोहराई जाए तो वो गलती नहीं है, प्रवृत्ति बन जाती है, प्रवृत्ति होती है। ये इतने खूबसूरत असम के साथ अन्याय नहीं तो और क्या है? ये असम का अपमान नहीं है तो और क्या है। क्या असम का अपमान सहन करेंगे? कांग्रेस, असम के लोगों से, यहां की संस्कृति, यहां के तौर तरीकों को भूल चुकी है भैया भूल चुकी है।

साथियो,
मैं असम में, या नॉर्थ ईस्ट के अन्य राज्यों में जाता हूं, बहुत गौरव से वहां की संस्कृति से जुड़ने का मुझे आनंद आता है। अब देखिए अभी मुझे गमछा पहनाया गया मेरे लिए यह बड़ा गर्व और सम्मान का विषय होता है। लेकिन कांग्रेस के लिए, ये इसका भी मजाक उड़ाते हैं। हालत ये है कि कांग्रेस आज उन पार्टी के साथ गठबंधन करके मैदान में उतरी है, जो खुद असम की अस्मिता, असम की संस्कृति के लिए अपने आप में बहुत बड़ा खतरा है, बहुत बड़ा संकट है।

 

भाइयो और बहनो,
असम का गौरव बढ़ाते हुए, असम के हर क्षेत्र, हर वर्ग का विकास, ये भाजपा की प्राथमिकता है। असम की संस्कृति, यहां के गौरव पर आंच ना आए ये हमारी प्रतिबद्धता है। असम के नौजवानों को नए अवसर देने के लिए, असम में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने के लिए, असम की महिलाओं को और सशक्त करने के लिए, असम के किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। यहां की एनडीए सरकार ने चाय कर्मियों को मूल सुविधाएं देने के साथ ही उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए भी दिन-रात काम किया है। एक तरफ जहां, बैंक खातों में सीधी मदद पहुंचाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कमाई, पढ़ाई और दवाई के भी उत्तम प्रबंध किए जा रहे हैं। चाय जनजाति के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए हज़ारों रुपए की ग्रांट भी दी गई है। आज चाय बगानों के पास ही सवा सौ के करीब स्कूल खोले जा चुके हैं, अस्पतालों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। गर्भवती महिलाओं को अपनी और अपने बच्चों की देखरेख के लिए हज़ारों रुपए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी तरह पक्के घर हो, शौचालय हो, गैस कनेक्शन हो, पानी का कनेक्शन हो, ज़मीन के पट्टे हो, ये काम डबल इंजन की सरकार तेज़ी से कर रही है। इस बार के केंद्रीय बजट में 1000 करोड़ रुपए की बहुत बड़ी राशि सिर्फ चाय बगान में काम करने वालों की सुख-सुविधा के लिए ही रखी गई है। ये हमारी प्राथमिकता और प्रतिबद्धता को दिखाता है।

साथियो,
टी गार्डन्स में काम करने वाले हमारे साथियों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने के लिए भी एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। मैं इस बात की सराहना करता हूं कि असम सरकार ने बीते दो-तीन वर्षों में इसमें बढोतरी की है। लेकिन हमारा ये प्रयास अदालत में ले गया। अदालत में जाकर के मामला अटक गया। इसका लाभ उठाकर विपक्षी दल तरह-तरह के भ्रम फैला रहे हैं, तरह-तरह के झूठ बोल रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने टी-गार्डन्स में काम करने वाले हमारे भाई-बहनों पर कभी भी ध्यान नहीं दिया। जैसे ये पहले झूठ बोलते थे, वैसे ही अब भी झूठ बोल रहे हैं। इसलिए असम के लोगों को इन लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

भाइयो और बहनो,
एक चाय वाला, एक चाय वाला आपके दर्द को नहीं समझेगा तो कौन समझेगा? मैं विश्वास दिलाता हूं कि टी-गार्डन्स में काम करने वाले श्रमिक साथियों का जीवन स्तर सुधारने के लिए एनडीए सरकार का अभियान और तेज किया जाएगा।

साथियो,
आज जब हम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जुटे हैं, तो इस पूरे क्षेत्र की इसमें बहुत बड़ी भूमिका है। चाय के एक्सपोर्ट में ही इतना ही नहीं बल्कि ये क्षेत्र और भी कई ऑर्गेनिक फूड का एक्सपोर्टर हो सकता है। यहां के ऑर्गेनिक संतरों की धूम आज मिडिल ईस्ट और यूरोप तक पहुंच रही है। यहां ऐसे ऑर्गेनिक फलों, सब्जियों और सलाद से जुड़ी फसलों के उत्पादन के लिए बहुत संभावनाएं हैं। इसी सोच के साथ अब आपके खेतों को किसान रेल से सीधे पश्चिम भारत के बाज़ारों से जोड़ा जा रहा है।
तिनसुकिया से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा तक चली किसान रेल से फल, सब्जी, मछली जैसे अनेक उत्पाद अब सीधे बड़े बाज़ारों तक पहुंच पा रहे हैं। यहां जूस सहित दूसरे फूड प्रोसेसिंग उद्योगों के लिए बहुत संभावनाएं हैं। एनडीए सरकार इन उद्योगों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि यहां के युवाओं को यहीं पर बेहतर रोज़गार मिल सके।

भाइयो और बहनो,
जलमार्ग हमेशा से असम की ताकत रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के लंबे शासनकाल में असम की इस ताकत को भुला दिया गया। इस वजह से ग्लोबल एक्स्पोर्ट में भी असम की भागीदारी सीमित हो गई। अब स्थिति को बदला जा रहा है, असम की इस ताकत को फिर मजबूत किया जा रहा है। इनलैंड वॉटरवेज़ से जुड़ा केंद्र सरकार का अभियान हो या फिर असम सरकार का महाबाहो ब्रह्मपुत्र अभियान, इसके पीछे की सोच यही है। जोगीघोपा में ब्रह्मपुत्र पर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क भी बन रहा है।
भाइयो और बहनो,
यहां 5 साल पहले ब्रह्मपुत्र पर पुलों की स्थिति क्या थी, ये आप सब भलीभांति जानते हैं। अरे नए ब्रिज तो छोड़िए जो सालों पहले अटल जी की सरकार ने शुरू किए थे, उन्हें भी कांग्रेस सरकारों ने लटका दिया था। हमने इन प्रोजेक्ट्स को तेज़ी से पूरा किया है। आज ब्रह्मपुत्र पर बोगीबील और डोला सादिया समेत 4 बड़े ब्रिज शुरू हो चुके हैं। अनेक नए सेतुओं पर काम चल रहा है। देश के सबसे बड़े रेलरोड ब्रिज, बोगीबील सेतु का उद्घाटन करने का सौभाग्य मुझे आप लोगों ने दिया था। बरसों से लटके इस सेतु को हमने 4 साल के भीतर आपकी सेवा के लिए समर्पित कर दिया। आज तिनसुकिया सहित इस पूरे क्षेत्र के लोगों को, व्यापारियों-कारोबारियों, किसानों को, स्टूडेंट्स को, मरीज़ों को सैकड़ों किलोमीटर के सफर से मुक्ति मिल चुकी है।

भाइयो और बहनो,
5 साल पहले जिस विकास का वादा आपसे किया था, वो इंफ्रास्ट्रक्चर के ऐसे ही प्रोजेक्ट्स से होकर के आता है। यहां की गैस कनेक्टिविटी को लेकर भी अभूतपूर्व काम किया गया है। बोंगईगांव रिफाइनरी हो, नुमालीगढ़ रिफाइनरी हो, इनका विस्तारीकरण किया जा रहा है।
इनको आज की और भविष्य की ज़रूरतों के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। इसी तरह, असम में भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार ने इस पूरे क्षेत्र को उच्च शिक्षा के बहुत बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अहम कदम उठाए हैं। चबुआ में असम की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, खानिकार मल्टी-परपज़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऐसे संस्थानों से यहां के युवाओं की स्किल को बेहतर बनाने में बहुत मदद मिलेगी। चबुआ में इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्ड लाइफ हेल्थ एंड रिसर्च हो, तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज हो, दिव्यांगों के लिए इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट हो ऐसे सारे संस्थान इस क्षेत्र को उच्च शिक्षा के हब के रूप में विकसित करेंगे।

भाइयो और बहनो,
पिछले 5 सालों में यहां एनडीए सरकार ने असम के विकास के लिए एक मजबूत ठोस नींव रखी है। अब उस नींव पर असम के तेज़ विकास की सशक्त इमारत खड़ी करने का समय है। कांग्रेस और उसके साथी इसी समय का लाभ उठाना चाहते हैं। बीते 5 वर्षों में असम ने जो हासिल किया है, अब वो उसे लूटना चाहते हैं। और इसलिए आपको संभलकर के रहना है, सतर्क रहना है। आपको याद रखना है कि कांग्रेस अपने फायदे के लिए किसी को भी दांव पर लगा सकती है। उसे असम के लोगों की चिंता नहीं, कांग्रेस को सिर्फ कुर्सी की चिंता ज्यादा है। आपको याद रखना है कि ये वही कांग्रेस है, जिसने मूल निवासियों को जमीन का अधिकार देने के लिए कभी भी गंभीर कदम नहीं उठाए।
यहां के मूल निवासियों को जमीन के पट्टे देने का काम सर्बानंद जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने ही शुरू किया है। अब तक सवा तीन लाख से भी ज्यादा जमीन के पट्टे देने का काम भी हमारी सरकार कर चुकी है। मोरान और मोटोक समुदाय के लिए जो ऑटोनोमस काउंसिल बनी है, उसका भी लाभ यहां के स्थानीय लोगों को होने वाला है।

साथियो,
एक तरफ हमारी सरकार, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास इस पवित्र मंत्र पर काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस आज झूठी घोषणाओं का भोंपू बनकर के रह गई है। उसकी ये सच्चाई देश भर के लोग देख भी रहे हैं, समझ भी रहे हैं। कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी रही कांग्रेस, आज सिमटती जा रही है, सिमटती जा रही है। कारण बिल्कुल साफ है। कांग्रेस में प्रतिभा के प्रति सम्मान नहीं, उनके लिए तो सत्ता का लालच सर्वोपरि है। सत्ता के लिए ये किसी का भी साथ ले सकते हैं, किसी का भी साथ दे सकते हैं। चाहे इसके लिए देश से, देशवासियों से झूठ ही क्यों ना बोलना पड़े। आज जिन झूठे वादों का पिटारा लेकर ‘असम भ्रमण’ पर निकले हैं, उससे सावधान रहिए।

साथियो,
असम में शांति बनाए रखने के लिए, स्थिरता बनाए रखने के लिए बीजेपी सरकार की, एनडीए सरकार की निरंतर जरूरत है। ये समय असम के भविष्य के लिए बहुत अहम है। ये समय आत्मविश्वास का है, ये समय आत्मनिर्भरता का है। असम की मिट्टी से लेकर असम के शिल्प तक यहां समृद्धि की अनेक संभावनाएं हैं। इस समृद्धि को हमें यहां की आत्मनिर्भरता का मजबूत स्तंभ बनाना है। हमें लोकल के लिए वोकल होना है। हमें असम को नई बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर आगे बढ़ाना है। ये काम केंद्र और असम में डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है। आइए, एनडीए के हर उम्मीदवार को पूरी ताकत से जिताकर विधानसभा भेजें और आत्मनिर्भर असम की संभावनाओं को मजबूत करें। आप यहां हम सभी को इतनी बड़ी तादाद में आशीर्वाद देने के लिए आए इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं। दोनों मुट्ठी बंद कर के, हाथ ऊपर कर के पूरी ताकत से बोलिए…
भारत माता की…
भारत माता की…
भारत माता की…
भारत माता की…
भारत माता की…
भारत माता की…
भारत माता की…
बहुत-बहुत धन्यवाद।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Engineering goods exports up 10.4% in January,2026, crosses $100 billion mark in April-January Period of FY26

Media Coverage

Engineering goods exports up 10.4% in January,2026, crosses $100 billion mark in April-January Period of FY26
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
Text of PM’s address at the News18 Rising Bharat Summit
February 27, 2026
Developed nations are eager to sign trade deals with India because a confident India is rising beyond doubt and despair: PM
In the last 11 years, a new energy has flowed into the nation's consciousness, India is determined to regain its rightful strength: PM
India's Digital Public Infrastructure has today become a subject of global discussion: PM
Today, every move India makes is closely watched and analysed across the world, the AI Summit is a clear example of this: PM
Nation-building never happens through short-term thinking; It is shaped by a long-term vision, patience and timely decisions: PM

इजराइल की हवा यहाँ भी पहुँच गई है।

नमस्कार!

नेटवर्क 18 के सभी पत्रकार, इस व्यवस्था को देखने वाले सभी साथी, यहां उपस्थित सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों!

आप सभी राइजिंग भारत की चर्चा कर रहे हैं। और इसमें strength within पर आपका जोर है, यानी साधारण शब्दों में कहूं, तो देश के अपने खुद के सामर्थ्य पर आपका फोकस है। और हमारे यहां तो शास्त्रों में कहा गया है - तत् त्वम असि! यानी जिस ब्रह्म की खोज मे हम निकले हैं, वो हम ही हैं, वो हमारे भीतर ही है। जो सामर्थ्य हमारे भीतर है उसे हमें पहचानना है। बीते 11 वर्षों में भारत ने अपना वही सामर्थ्य पहचाना है, और इस सामर्थ्य को सशक्त करने के लिए आज देश निरंतर प्रयास कर रहा है।

साथियों,

सामर्थ्य किसी देश में अचानक पैदा नहीं होता, सामर्थ्य पीढ़ियों में बनता है। वो ज्ञान से, परंपरा से, परिश्रम से और अनुभव से निखरता है, लेकिन इतिहास के एक लंबे कालखंड में, गुलामी की इतनी शताब्दियों में, हमारे सामर्थ्यवान होने की भावना को ही हीनता से भर दिया गया था। दूसरे देशों से आयातित विचारधारा ने समाज में कूट-कूट कर ये भर दिया था, कि हम अशिक्षित हैं और अनुगामी यानी, फॉलोअर हैं, हमारे यहां ये भी कहा गया है – यादृशी भावना यस्य, सिद्धिर्भवति तादृशी। यानी जैसी जिसकी भावना होती है, उसे वैसी ही सिद्धि प्राप्त होती है। जब भावना में ही हीनता थी, तो सिद्धि भी वैसी ही मिल रही है। हम विदेशी तकनीक की नकल करते थे, विदेशी मुहर का इंतजार करते थे, ये वो गुलामी थी जो राजनीतिक और भौगोलिक से ज्यादा मानसिक गुलामी थी। दुर्भाग्य से आजादी के बाद भी, भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाया। और इसका नुकसान हम आज तक उठा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण, हम ट्रेड डील्स में हो रही चर्चा में देख रहे हैं। कुछ लोग चौंक गए हैं कि अरे ये क्या हो गया, कैसे हो गया, विकसित देश भारत से ट्रेड डील्स करने में इतने उत्सुक क्यों हैं। इसका उत्तर है हताशा, निराशा से बाहर निकल रहा आत्मविश्वासी भारत। अगर देश आज भी 2014 से पहले वाली निराशा में होता, फ्रेजाइल फाइव में गिना जाता, पॉलिसी पैरालिसिस से घिरा होता, अगर ये हाल होते तो कौन हमारे साथ ट्रेड डील्स करता, अरे हमारी तरफ देखता भी नहीं।

लेकिन साथियों,

बीते 11 वर्षों में देश की चेतना में नई ऊर्जा का प्रवाह हुआ है। भारत अब अपने खोये हुए सामर्थ्य को वापस पाने का प्रयास कर रहा है। एक समय में जब भारत का वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे ज्यादा दबदबा था, तो हमारा क्या सामर्थ्य था? भारत की मैन्युफैक्चरिंग, भारत के प्रोडक्टस की क्वालिटी, भारत की अर्थ नीति, अब आज का भारत फिर से इन बातों पर फोकस कर रहा है। इसलिए हमने मैन्युफैक्चरिंग पर काम किया, हमने मेक इन इंडिया पर बल दिया, हमने अपनी बैंकिंग सिस्टम को सशक्त किया, महंगाई जो डबल डिजिट की दर से भाग रही थी, उसका कंट्रोल किया और भारत को दुनिया का ग्रोथ इंजन बनाया। भारत का यही सामर्थ्य है कि दुनिया के विकसित देश सामने से भारत के साथ ट्रेड डील करने के लिए खुद आगे आ रहे हैं।

साथियों,

जब किसी राष्ट्र के भीतर, छिपी हुई उसकी शक्ति जागती है, तो वह नई उपलब्धियां हासिल करता है। मैं आपको कुछ और उदाहरण देता हूं। जैसे मैं जब कभी दूसरी देशों के हेड ऑफ द गर्वमेंट से मिलता हूं, तो वो जनधन, आधार और मोबाइल की इतनी शक्ति के बारे में सुनने के लिए बहुत उत्सुक होते हैं। जिस भारत में एटीएम भी, दुनिया की विकसित देशों की तुलना में काफी समय बाद आया, उस भारत ने डिजिटल पेमेंट सिस्टम में ग्लोबल लीडरशिप कैसे हासिल कर ली? जहां पर सरकारी मदद की लीकेज को कड़वा सच मान लिया गया था, वो भारत डीबीटी के जरिये 24 लाख करोड़ रूपये, यानी Twenty four trillion रुपीज कैसे लाभार्थियों को भेज पा रहा है? भारत का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आज पूरे विश्व के लिए चर्चा का विषय बन चुका है।

साथियों,

दुनिया हैरान होती है, कि जिस भारत में 2014 तक, करीब तीन करोड़ परिवार अंधेरे में थे, वो आज सोलर पावर कैपेसिटी में दुनिया के टॉप के देशों में कैसे आ गया? जिस भारत के शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुधरने की कोई उम्मीद ना थी, वो भारत आज दुनिया का तीसरा बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश कैसे बन गया? जिस भारत के रेलवे की पहचान सिर्फ लेट-लतीफी और धीमी-रफ्तार से होती थी, वहां वंदे भारत, नमो भारत, ऐसी सेमी-हाईस्पीड कनेक्टिविटी कैसे संभव हो पा रही है?

साथियों,

एक समय था, जब भारत नई टेक्नोलॉजी का सिर्फ और सिर्फ कंज्यूमर था। आज भारत नई टेक्नोलॉजी का निर्माता भी है और नए मानक भी स्थापित कर रहा है। और ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि हमने अपने सामर्थ्य को पहचाना है, जिस Strength Within की आप चर्चा कर रहे हैं, ये उसका ही उदाहरण है।

साथियों,

जब हम गर्व से आगे बढ़ते हैं, तो दुनिया हमें जिस नजर से देखती रही है, वो नजर भी बदली है। आप याद कीजिए, कुछ साल पहले तक दुनिया में, ग्लोबल मीडिया में, भारत के किसी इवेंट की कितनी कम चर्चा होती थी। भारत में होने वाले इवेंट्स को उतनी तवज्जो ही नहीं दी जाती थी। और आज देखिए, भारत जो करता है, जो एक्शन यहां होते हैं, उसका वैश्विक विश्लेषण होता है। AI समिट का उदाहरण आपके सामने है, इसी भवन में हुआ है। AI समिट में 100 से ज्यादा देश शामिल हुए, ग्लोबल नॉर्थ हो या फिर ग्लोबल साउथ, सभी एक साथ, एक ही जगह, एक टेबल पर बैठे। दुनिया के बड़े-बड़े कॉर्पोरेशन्स हों या फिर छोटे-छोटे स्टार्ट अप्स, सभी एक साथ जुटे।

साथियों,

अब तक जितनी भी औद्योगिक क्रांतियां आई हैं, उनमें भारत और पूरा ग्लोबल साउथ सिर्फ फॉलोअर रहा है। लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस युग में, भारत निर्णयों में सहभागी भी है और उन्हें शेप भी कर रहा है। आज हमारे पास खुद का AI स्टार्टअप इकोसिस्टम है, डेटा-सेंटर में निवेश करने की ताकत है और AI डेटा को स्टोर करने के लिए, प्रोसेस करने के लिए, जिस पावर की सबसे ज्यादा ज़रूरत है, उस पर भी भारत तेजी से काम कर रहा है। हमने न्यूक्लियर पावर सेक्टर में जो Reform किया है, वो भी भारत के AI इकोसिस्टम को मजबूती देने में मदद करेगा।

साथियों,

AI समिट का आयोजन पूरे भारत के लिए गौरव का पल था। लेकिन दुर्भाग्य से देश की सबसे पुरानी पार्टी ने, देश के इस उत्सव को मैला करने का प्रयास किया। विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस ने सिर्फ कपड़े नहीं उतारे, बल्कि इसने कांग्रेस के वैचारिक दिवालिएपन को भी expose कर दिया है। जब नाकामी की निराशा-हताशा मन में हो, और अहंकार सिर चढ़कर बोलता हो, तब देश को बदनाम करने की ऐसी सोच सामने आती है। ज़ाहिर है, कांग्रेस की इस हरकत से देश में गुस्सा है। इसलिए, इन्होंने अपने पाप को सही ठहराने के लिए महात्मा गांधी जी को आगे कर दिया। कांग्रेस हर बार ऐसा ही करती है। जब अपने पाप को छुपाना हो तो कांग्रेस बापू को आगे कर देती है, और जब अपना गौरवगान करना हो, तो एक ही परिवार को सारा क्रेडिट देती है।

साथियों,

कांग्रेस अब विचारधारा के नाम पर केवल विरोध की टूलकिट बनकर रह गई है। और ये अंध-विरोध की मानसिकता इतनी बढ़ गई है, कि ये देश को हर मंच, हर प्लेटफॉर्म पर नीचा दिखाने से नहीं चूकते। देश कुछ भी अच्छा करे, देश के लिए कुछ भी शुभ हो रहा हो, कांग्रेस को विरोध ही करना है।

साथियों,

मेरे पास एक लंबी सूची है, देश की संसद की नई इमारत बनी, उसका विरोध। संसद के ऊपर अशोक स्तंभ के शेरों का विरोध। अब जिनके बब्बर शेर सामान्य नागरिकों के जूते खाकर के भाग रहे थे, उनके संसद भवन के शेर के दांत देखकर के डर लग गया उनको। कर्तव्य भवन बना, उसका भी विरोध। सेनाओं ने सर्जिकल स्ट्राइक की, उसका भी विरोध। बालाकोट में एयर स्ट्राइक हुई, उसका भी विरोध। ऑपरेशन सिंदूर हुआ, उसका भी विरोध। यानी देश की हर उपलब्धि पर कांग्रेस के टूलकिट से एक ही चीज निकलती है- विरोध।

साथियों,

देश ने आर्टिकल 370 की दीवार गिराई, देश खुश हुआ। लेकिन कांग्रेस ने विरोध किया। हमने CAA का कानून बनाया- उसका विरोध। हम महिला आरक्षण कानून लाए- उसका विरोध। तीन तलाक के विरुद्ध कानून लाए- उसका विरोध। हम UPI लेकर आए, उसका विरोध। स्वच्छ भारत अभियान लेकर आए, उसका विरोध। देश ने कोरोना वैक्सीन बनाई, तो उसका भी विरोध।

साथियों,

लोकतंत्र में विपक्ष का मतलब सिर्फ अंध-विरोध नहीं होता, डेमोक्रेसी में विपक्ष का मतलब वैकल्पिक विजन होता है। इसलिए देश की प्रबुद्ध जनता, कांग्रेस को सबक सिखा रही है, आज से नहीं, बीते चार दशकों से लगातार ये काम देश की जनता कर रही है। मैं जो कहने जा रहा हूं, मीडिया के साथी उसका भी ज़रा एनालिसिस करिएगा। आपको पता लगेगा कि कांग्रेस के वोट चोरी नहीं हो रहे, बल्कि देश के लोग अब कांग्रेस को वोट देने लायक ही नहीं मानते। और इसकी शुरुआत 1984 के बाद ही होनी शुरू हो गई थी। 1984 में कांग्रेस को 39 परसेंट वोट मिले थे, और 400 से अधिक सीटें मिली थीं। इसके बाद हुए चुनावों में कांग्रेस के वोट कम ही होते चले गए। और आज कांग्रेस की हालत ये है कि, देश में सिर्फ, सिर्फ चार राज्य ऐसे बचे हैं, जहां कांग्रेस के पास 50 से ज्यादा विधायक हैं। बीते 40 वर्षों में युवा वोटर्स की संख्या बढ़ती गई और कांग्रेस साफ होती गई। कांग्रेस, परिवार की गुलामी में डूबे लोगों का एक क्लब बनकर रह गई है। इसलिए पहले मिलेनियल्स ने कांग्रेस को सबक सिखाया, और अब जेन जी भी तैयार बैठी है।

साथियों,

कांग्रेस और उसके साथियों की सोच इतनी छोटी है, कि उन्होंने दूरदृष्टि से काम करने को भी गुनाह बना दिया है। आज जब हम विकसित भारत 2047 की बात करते हैं, तो कुछ लोग पूछते हैं— “इतनी दूर की बात अभी क्यों कर रहे हो?” कुछ लोग ये भी कहते हैं कि तब तक मोदी जिंदा थोड़ी रहेगा, सच्चाई यह है कि राष्ट्र निर्माण कभी भी तात्कालिक सोच से नहीं होता। वो एक बड़े विजन, धैर्य और समय पर लिए गए निर्णयों से होता है। मैं कुछ और तथ्य नेटवर्क 18 के दर्शकों के सामने रखना चाहता हूं। भारत हर साल विदेशी समुद्री जहाजों से मालढुलाई पर 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च करता है किराए पर। फर्टिलाइजर के आयात पर हर साल सवा दो लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। पेट्रोलियम आयात पर हर साल 11 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यानी हर वर्ष लाखों करोड़ रुपये देश से बाहर जा रहे हैं। अगर यही निवेश 20–25 वर्ष पहले आत्मनिर्भरता की दिशा में किया गया होता, तो आज ये पूंजी भारत के इंफ्रास्ट्रचर, रिसर्च, इंडस्ट्री, किसान और युवाओं की क्षमताओं को मजबूत कर रही होती। आज हमारी सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है। विदेशी जहाजों को 6 लाख करोड़ रुपए ना देना पड़े इसलिए भारतीय शिपिंग और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। फर्टिलाइजर का domestic प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए नए प्लांट लग रहे हैं, नैनो-यूरिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने के लिए एथेनॉल ब्लेंडिंग, ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, सोलर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्राथमिकता दी जा रही है।

और साथियों,

हमें भविष्य की ओर देखते हुए भी आज ही निर्णय लेने हैं। इसलिए आज भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण हो रहा है। रक्षा उत्पादन में, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में, ड्रोन टेक्नोलॉजी में, क्रिटिकल मिनरल्स सेक्टर में, और उसमें निवेश, आने वाले दशकों की आर्थिक सुरक्षा की नींव है। 2047 का लक्ष्य कोई राजनीतिक नारा नहीं है। यह उस ऐतिहासिक भूल को सुधारने का संकल्प भी है, जहाँ कांग्रेस की सरकारों के समय कई क्षेत्रों में समय रहते निवेश नहीं किया। आज अगर हम ख़ुद स्वदेशी जहाज, स्वदेशी शिप्स बनाएँगे, ख़ुद एनर्जी का प्रोडक्शन करेंगे, ख़ुद नई टेक्नोलॉजी डेवलप करेंगे, तो आने वाली पढ़ियाँ इम्पोर्ट के बोझ की नहीं, एक्सपोर्ट की क्षमता पर चर्चा करेंगी। राष्ट्र की प्रगति “आज की सुविधा” से नहीं, “कल की तैयारी” से तय होती है। और दूरदृष्टि से की गई मेहनत ही 2047 के आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत की आधारशिला है। और इसके लिए कांग्रेस अपने कितने ही कपड़े फाड़ ले, हम निरंतर काम करते रहेंगे।

साथियों,

राष्ट्र निर्माण की, Nation Building की एक बहुत अहम शर्त होती है- नेक नीयत की। कांग्रेस और उसके साथी दल, इसमें भी फेल रहे हैं। कांग्रेस और उसके साथियों ने कभी नेक नीयत के साथ काम नहीं किया। गरीब का दुख, उसकी तकलीफ से भी इन्हें कोई वास्ता नहीं है। जैसे बंगाल में आज तक आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं हुई। अगर नेक नीयत होती तो क्या गरीबों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज देने वाली इस योजना को बंगाल में रोका जाता क्या? नहीं। आप भी जानते हैं कि देश में पीएम आवास योजना के तहत गरीबों के लिए पक्के घर बनवाए जा रहे हैं। नेटवर्क 18 के दर्शकों को मैं एक और आंकड़ा देता हूं। तमिलनाडु के गरीब परिवारों के लिए, करीब साढ़े नौ लाख पक्के घर एलोकेट किए गए हैं, साढ़े नौ लाख। लेकिन इनमें से तीन लाख घरों का निर्माण अटक गया है, क्यों, क्योंकि DMK सरकार गरीबों के इन घरों के निर्माण में दिलचस्पी नहीं दिखा रही। इसकी वजह क्या है? इसकी वजह है, नीयत नेक नहीं है।

साथियों,

मैं आपको एग्रीकल्चर सेक्टर का भी उदाहरण देता हूं। कांग्रेस के समय में खेती-किसानी को अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। छोटे किसानों को कोई पूछता नहीं था, फसल बीमा का हाल बेहाल था, MSP पर स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट फाइलों में दबा दी गई थी, कांग्रेस बजट में घोषणाएं जरूर करती थी, लेकिन ज़मीन पर कुछ नहीं होता था, क्योंकि उसकी नीयत ही नहीं थी। हमने देश के किसानों के लिए नेक नीयत के साथ काम करना शुरू किया, और आज उसके परिणाम दुनिया देख रही है। आज भारत दुनिया के बड़े एग्रीकल्चर एक्सपोर्टर्स में से एक बन रहा है। हमने हर स्तर पर किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच बनाया है। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खाते में चार लाख करोड़ रुपए से अधिक जमा किए गए हैं। हमने लागत का डेढ़ गुणा MSP तय किया और रिकॉर्ड खरीद भी की है। मैं आपको सिर्फ दाल का ही आंकड़ा देता हूं। UPA सरकार ने 10 साल में सिर्फ 6 लाख मीट्रिक टन दाल, किसानों से MSP पर खरीदी- 6 लाख मीट्रिक टन। और हमारी सरकार अभी तक, करीब 170 लाख मीट्रिक टन, यानी लगभग 30 गुणा अधिक दाल MSP पर खरीद चुकी है। अब आप तय करिये, कौन किसानों के लिए काम करता है।

साथियों,

यूपीए सरकार किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए भी किसानों को मदद देने में कंजूसी करती थी। अपने 10 साल में यूपीए सरकार ने सात लाख करोड़ रुपए का कृषि ऋण किसानों को दिया। 7 lakh crore rupees. जबकि हमारी सरकार इससे चार गुणा अधिक यानी 28 लाख करोड़ रुपए दे चुकी है। यूपीए सरकार के दौरान जहां सिर्फ पांच करोड़ किसानों को इसका लाभ मिलता था, आज ये संख्या दोगुने से भी अधिक करीब-करीब 12 करोड़ किसानों को पहुंची है। यानी देश के छोटे किसान को भी पहली बार मदद मिली है। हमारी सरकार ने पीएम फसल बीमा योजना का सुरक्षा कवच भी किसानों को दिया। इसके तहत करीब 2 लाख करोड़ रुपए किसानों को संकट के समय मिल चुके हैं। हम नेक नीयत से काम कर रहे हैं, इसलिए भारत के किसानों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है, उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ रही है, और आय में भी वृद्धि हो रही है।

साथियों,

21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। अब अगला चरण भारत के विकास का निर्णायक दौर है। वर्तमान में लिए गए निर्णय ही भविष्य की दिशा तय करेंगे। हमें अपने सामर्थ्य को पहचानते हुए, उसे बढ़ाते हुए आगे चलना है। हर व्यक्ति अपने क्षेत्र में श्रेष्ठता को लक्ष्य बनाए, हर संस्था excellence को अपना संस्कार बनाए, हम सिर्फ उत्पाद न बनाएं, best-quality product बनाएं, हम सिर्फ रुटीन काम न करें, world-class काम करें, हम क्षमता को performance में बदलें। मैंने लाल किले से कहा है- यही समय है, सही समय है। यही समय है, भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का। एक बार फिर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं, बहुत-बहुत धन्यवाद। नमस्कार।