भारत माता की।
आज पंजाब दी इस गुरुआं पीरां दी धरती ते त्वाडे सारियां दे विच आ के मैनू मान महसूस हो रया है। पंजाबियों किवें हो? चडदी कला च हो?

साथियों,
कुछ समय पहले मैं यहां श्री गुरू रविदास जी के जन्मोत्सव का हिस्सा बनने आया था। और आज हमारा जालंधर विकास के उत्सव का साक्षी बन रहा है। आज सुबह मुझे जींद से देश की पहली, हाइड्रोजन ट्रेन शुरु करने का अवसर मिला है। आज जींद से ही मुझे कुरुक्षेत्र में एक भव्य सिख म्यूजियम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है। ये म्यूजियम, हमारी महान गुरु परंपरा को, गुरुओं के ज्ञान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। ये गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और सेवा की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला प्रेरणा केंद्र बनेगा। हरियाणा की भाजपा सरकार ने हमारी सिख विरासत को, भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ये पवित्र काम शुरु किया है।
साथियों,
विकास कार्यों को गति देते हुए अब यहां जालंधर से कई नई रेल सेवाएं शुरु की गई हैं। आज अमृतसर से काशी के बीच रेल सेवा भी शुरु हुई है। इससे गुरू रविदास जी के भक्तों के लिए पंजाब से काशी जाना और अधिक आसान हो जाएगा। आज दौलतपुर चौक और करतोली के बीच नई लाइन भी शुरु हुई है। करतोली से अंबाला के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है।
साथियों,
आज ही लुधियाना बायपास का शिलान्यास दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक और सेक्शन का लोकार्पण हुआ है। मैं ऐसे हर प्रोजेक्ट के लिए देशवासियों को और खासतौर पर पंजाब के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज भारत सरकार कनेक्टिविटी के, इंफ्रास्ट्रक्चर के ऐसे अनेक प्रोजेक्ट्स पर पंजाब में काम कर रही है। पंजाब में भाजपा सरकार नहीं है, लेकिन हमारा पंजाब विकसित हो इसके लिए केंद्र की भाजपा-NDA सरकार कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।
साथियों,
आज मैं विशेष रूप से जालंधर के लोगों की भी सराहना करुंगा, जिन्होंने स्वच्छता से स्वागत पहल के माध्यम से, इस कार्यक्रम को और सार्थक बना दिया है। श्री गुरू रविदास जी ने समरसता और सामूहिक प्रयासों का जो संदेश दिया था उसे आप सभी ने अपने व्यवहार से जीवंत किया है। ये अभियान कर्तव्य भावना का भी उत्तम उदाहरण बन रहा है।

साथियों,
आज के दिन मैं इस मंच से पंजाब के महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंदरी जी को भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं। आज उनका सौवां शहादत दिवस है। उन्होंने अंग्रेजी शासनकाल में सिख हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किए। सरदार तेजा सिंह जी ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया। आज से शुरू हो रहे उनके शहादत वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों से हम सभी को प्रेरणा मिलेगी।
साथियों,
केंद्र की भाजपा सरकार की भी प्राथमिकता है भारत के हर नागरिक की सेवा, भारत के हर नागरिक का जीवन आसान बनाना, उसे आगे बढ़ने के लिए नए अवसर देना। और इसलिए हम नागरिक देवो भव के मंत्र पर चल रहे हैं। गरीब हो, मिडिल क्लास हो ऐसे हर परिवार को Best से Best सुविधा मिले, ये हमारा प्रयास है। और नागरिक देवो भव का ये भाव, हमारे काम में दिखता है।
साथियों,
जो भारतीय रेल है ये गरीब परिवारों की, मिडिल क्लास परिवारों की सवारी है। लेकिन 2014 से पहले तक रेलवे की क्या स्थिति थी ये आप अच्छे से जानते हैं। कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों की झूठी घोषणा करके आराम से बैठ जाती थी। हमारे जो रेलवे स्टेशन हैं इनको तो कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। यहां तक कि अंग्रेज़ों के जमाने में जो स्टेशन बने थे उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था। साथियों, भारतीय रेल का नेटवर्क इतना विशाल है, हर रोज उसमें जितने यात्री सफर करते हैं उतनी तो कई देशों की आबादी भी नहीं है। रेलवे के विकास के जो काम आज हो रहे हैं ये 30-40 वर्ष पहले हो जाने चाहिए थे। लेकिन पहले की सरकारों की प्राथमिकता में ये था ही नहीं। गरीब और मिडिल क्लास को भी सुविधा चाहिए इनको भी, साफ-सफाई चाहिए, इनके समय की भी एक वैल्यू है। ये पहले की सरकारें चर्चा तक नहीं करती थीं। साथियों, ऐसी सोच से विकसित भारत नहीं बन सकता था। इसलिए बीते वर्षों में भाजपा सरकार ने स्थितियों को बदलना शुरु किया। आज पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत 1300 से ज्यादा रेलवे स्टेशन्स को आधुनिक बनाया जा रहा है। और इनमें से कई स्टेशन्स पर काम पूरा हो चुका है। आज ऐसे ही, 75 स्टेशन्स का लोकार्पण किया गया है।
साथियों,
जब आप यहां जालंधर कैंट स्टेशन में जाएंगे तब ऐहसास होगा कि वाकई हमारा देश विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। ये केवल स्टेशन नहीं हैं, ये एक प्रकार से सिटी सेंटर हैं। जालंधर कैंट स्टेशन आधुनिक भी हुआ है और इसकी कैपेसिटी भी बहुत बढ़ गई है। ऐसे ही, आनंदपुर साहिब, मुक्तसर और साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर स्टेशन का भी कायाकल्प हो गया है।

साथियों,
हमारे ये नए रेलवे स्टेशन्स व्यापार-कारोबार का भी माध्यम बन रहे हैं यहां जो लोकल कारीगर हैं, विश्वकर्मा साथी हैं, महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप्स हैं, उनके उत्पाद, स्टेशन्स पर बिक सकें, ऐसी व्यवस्था बनाई गई हैं। और ये अमृत भारत स्टेशन हमारी विरासत, हमारी धरोहर के दर्शन भी कराते हैं। अब जैसे जालंधर है यहां की पहचान स्पोर्ट्स से है, खेलकूद से है, तो जालंधर कैंट स्टेशन में पंजाब की खेल परंपरा और लोक संस्कृति के दर्शन होते हैं। आप आनंदपुर साहिब स्टेशन में जाएंगे तो वहां, तख्त श्री केशगढ़ साहिब की झलक दिखाई देती है। कालका स्टेशन पर श्री काली मंदिर के दर्शन होंगे। यानि हमारे स्टेशन अब हमारी संस्कृति-सभ्यता के प्रतीक भी हो गए हैं। साथियों, हम अपने पूर्वजों से प्रेरणा लेते हुए उनका मान बढ़ाते हुए ही एक सशक्त राष्ट्र बन सकते हैं। इसी पवित्र भाव से ही आदमपुर एयरपोर्ट का नाम, श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट किया गया और चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाता है। और ये काम भाजपा सरकार ने किया है और हमें इस पर गर्व है।
साथियों,
ये धरती शेर-ए-पंजाब, महाराजा रणजीत सिंह की धरती है। महाराजा रणजीत सिंह के शासन में, खुशहाली भी थी, सुरक्षा की गारंटी भी थी और समाज में सद्भाव भी था। लेकिन पंजाब में आज क्या हो रहा है, ये किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है, कब कहां गैंगवॉर हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगे, कोई कह नहीं सकता। यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है। पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं है, आए दिन थानों पर अटैक होते हैं। और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है। नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।
साथियों,
आज यहां जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं, ये लोग बहुत घमंड से देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे। लेकिन आज इनकी सच्चाई देश देख रहा है। दो-तीन दिन पहले ही, दिल्ली में इनके एक नेता को अदालत ने दोषी करार दिया है। उस पर दोष दंगे कराने का है, दोष एक आईबी अधिकारी की हत्या का है। और इन लोगों की बेशर्मी देखिए, अदालत ने सबूतों के आधार पर फैसला दिया, लेकिन ये लोग कोर्ट के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। ये लोग अदालत के फैसले में भी मत-मज़हब ढूंढ रहे हैं क्योंकि इनके वोटबैंक का सवाल है। साथियों, कुछ दिन पहले ही गुजरात में, इनके एक MLA को कोर्ट ने 7 साल की सज़ा सुनाई है। ये सज़ा सरकारी अधिकारियों पर हमले और वसूली के मामले में सुनाई गई है। वसूली, उगाही, अवैध कब्ज़े ये सब इनकी राजनीति का ट्रेडमार्क बन चुके हैं। ऐसे ही अनेक मामलों में कई सारे लोग तो अभी जमानत पर बाहर चल रहे हैं। यहां पंजाब में ही देखिए, जिसको स्वास्थ्य मंत्री बनाया, उसको घूसखोरी के चलते बर्खास्त करना पड़ा। एक मंत्री पर मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप हैं, इनके MLA, घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़े जा रहे हैं। ऐसे गिनते जाएंगे तो इनकी सरकार और इनकी पार्टी में, कम ही लोग मिलेंगे, जिन पर कोई दाग न हो। साथियों, जनता की सेवा का काम साफ नीयत से होता है, ईमानदारी की भावना से होता है। लेकिन आज जो पार्टी पंजाब में सरकार में है, उसकी ना नीयत साफ है और ना ही वो ईमानदार है। उसकी पहचान ही कट्टर बेईमान पार्टी की है।

साथियों,
केंद्र सरकार अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रही है कि पंजाब की जनता को केंद्र की हर स्कीम का लाभ मिले। लेकिन कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार में यहां लूट का खुला खेल चल रहा है। बीते 12 वर्षों में केंद्र से पंजाब को लाखों करोड़ रुपए भेजे गए हैं। इस पैसे से गांव के रास्ते बनते, नहरें बनतीं, मंडियां बनतीं, लेकिन पंजाब सरकार ने उस पैसे को सही जगह खर्च नहीं किया। और बड़ी बात ये है कि ये लूट, कर्ज़ के पैसे पर भी चल रही है। पंजाब के नाम पर कर्ज़ लिया जा रहा है। पंजाब का बजट, कर्ज़ का ब्याज चुकाने में लग रहा है और यहां राज्य सरकार चला रहे लोग, उस पैसे पर मौज कर रहे हैं। साथियों, आज हालात ये हैं कि पंजाब में विकास का हर काम ठप है। सिर्फ भारत सरकार की योजनाओं पर अपने नाम का स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जो पूरे देश में चल रहे हैं, उनपर यहां अपना स्टीकर चिपका दिया है। पूरे देश में, 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज देने वाली आयुष्मान भारत योजना चल रही है। यहां उसके साथ भी खेल खेले जा रहे हैं।
साथियों,
पंजाब का सामर्थ्य अद्भुत है। यहां के किसानों में, यहां के नौजवानों में बहुत क्षमताएं हैं। पंजाब, तेज़ी से विकसित हो सकता है, इसके लिए यहां भाजपा की डबल इंजन सरकार ज़रूरी है। आप सभी के सामने बीजेपी की राज्य सरकारों का उदाहरण है। जबसे दिल्ली में डबल इंजन सरकार बनी है, तबसे दिल्ली के विकास को नई गति मिली है। आपके पड़ोस में हरियाणा है, वहां बीजेपी की डबल इंजन सरकार, किसानों को 24 फसलों पर MSP देती है। पंजाब में, किसानों को सिर्फ धोखा दिया जा रहा है। केंद्र और हरियाणा सरकार कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA दे रही है, यहां 60 प्रतिशत तो छोड़िए जो मिल रहा है, उसकी भी कोई पक्की गारंटी नहीं है। कर्मचारियों को अपना हक पाने के लिए भी धरना देना पड़ता है। और बहनों-बेटियों की पीठ पर तो इन्होंने छुरा घोंपा है। बड़ी-बड़ी बातें करके, वोट तो ले लिया, लेकिन पूरे 50 महीने चुप रहे। वायदे की याद तक नहीं आई। अब तक बहनों के खाते में 50 हजार आ जाने चाहिए थे। लेकिन बहनों को सिर्फ झूठ मिला। और साथियों, पंजाब में जो कांग्रेस पार्टी है, उसका भी अपना ही रोना-धोना चल रहा है। पंजाब में कांग्रेस में कुर्सी का किस्सा ही खत्म नहीं होता। ये इसलिए नहीं लड़ रहे कि पंजाब का हित कैसे होगा, इनकी लड़ाई इसलिए है कि इनकी जो कुर्सी है, वो किसके पास रहेगी। और साथियों, अकाली दल का भी यही हाल है। वो भी अपने ही स्वार्थों में उलझे हुए हैं, उनको भी पंजाब के लोगों की कोई परवाह नहीं है। साथियों, पंजाब में असली बदलाव, भाजपा ही ला सकती है। पंजाब को विकसित बनाने का काम- भाजपा ही करेगी। पंजाब को आत्मनिर्भर बनाने का काम- भाजपा ही करेगी। पंजाब में नया निवेश आए, पंजाब में रोजगार के नए अवसर बनें, पंजाब में बने प्रॉडक्ट्स दुनिया के कोने-कोने में पहुंचें, ये काम, राज्य में बीजेपी की सरकार ही करेगी।
साथियों,
आज जालंधर आया हूं तो पंजाब के युवाओं से और जो खेलकूद की दुनिया में हैं, जो स्पोर्ट्स फील्ड में हैं उनसे विशेषतौर पर अपनी बात कहूंगा। मुझे पंजाब के युवाओं के सामर्थ्य पर बहुत भरोसा है। हमने देखा है कि खेल के मैदान में पंजाब के युवा कैसे, भारत की आन-बान-शान को ऊंचा रखते हैं। आज स्पोर्ट्स के गुड्स के लिए मशहूर इस शहर से मैं पूरे पंजाब के युवा साथियों से कहना चाहता हूं, ये आपके लिए अवसरों का समय है। खेलो इंडिया अभियान आपके लिए चलाया गया है। खेलो इंडिया स्पोर्ट्स पॉलिसी आपके लिए लाई गई है। आज भारत में, नई स्पोर्ट्स इकॉनॉमी विकसित की जा रही है। इस नई इकॉनॉमी के केंद्र में जालंधर का स्पोर्ट्स मैन्युफेक्चरिंग इकोसिस्टम है। इस नई इकॉनॉमी के केंद्र में कोच हैं, स्पोर्ट्स मेडिसिन है, स्पोर्ट्स साइंस है, यूनिवर्सिटीज़ हैं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हैं, स्पोर्ट्स स्टार्ट-अप्स हैं। साथियों, अभी मैं ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड गया था, वहां इस विजन को लेकर काफी सारे समझौते हुए हैं। मैं सभी युवा साथियों से कहूंगा आप स्पोर्ट्स से जुड़िए, स्पोर्ट्स की दुनिया में अपना परचम लहराइए। हमारी सरकार, हर तरह से आपके साथ है।

साथियों,
हमें पंजाब की आन-बान-शान को नई ऊंचाई पर ले जाना है। हमें पंजाब का एक नया भविष्य बनाना है। मोदी हर दम, हर पल पंजाब के लोगों के साथ है। साथियो, फिर एक बार सभी मेरे पंजाब के भाई-बहनों को इन विकास कार्यों की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
मेरे साथ पूरी ताकत से बोलिए, भारत माता की जय ! भारत माता की जय ! भारत माता की जय !
वंदे, वंदे, वंदे, वंदे, वंदे, वंदे।
बहुत-बहुत धन्यवाद।


