आज यहां, खासकर युवाओं में जो एनर्जी है, वह सब कुछ कहती है - 'फिर एक बार, NDA सरकार': नवादा की रैली में पीएम मोदी
कांग्रेस या RJD; दोनों ही परिवार द्वारा चलाई जा रही पार्टियां हैं। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट: पीएम मोदी
RJD ने कांग्रेस से सीएम का पद छीन लिया। अब दोनों आपस में लड़ रहे हैं: महागठबंधन में फूट पर पीएम मोदी

भारत माता की ...

भारत माता की...

भारत माता की...


हंडिया सूर्य मंदिर के ई पवित्र भूमि के हम नमन करइयै!

संकट मोचन तथा गुनियाजी तपोभूमि आ बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बाबू श्रीकृष्ण सिंह जी के...ई वैभवशाली धरती पर अपने सबके अभिनन्दन करी हीयो

साथियों,

ये मगही पान की धरती है...और मैं तो बनारस का सांसद हूं...

मगही पान और बनारस का संबंध…हम लोगों से ज्यादा अच्छा अब कौन जानेगा? नवादा हो, गया जी हो, नालंदा हो...औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल हो...यहां अद्भुत सामर्थ्य है। इस क्षेत्र के नायक… बिहार केसरी श्रीकृष्ण बाबू जी ने बिहार के विकास की जो नींव रखी...वो आज भी हम सबके लिए प्रेरणा देती है। ये धरती...लोकनायक जयप्रकाश नारायण… और भोला सिंह जी जैसे जनसेवकों की कर्मभूमि रही है।

मगध की मिट्टी...ने इतिहास में अनेक महान संतानें देश को दी हैं।

साथियों,

मगध...पुरातन भारत की शान रहा है...अब हमें, मगध को, बिहार को...फिर वही पुराना गौरव लौटाना है। हमें इस क्षेत्र को फिर से वैश्विक ज्ञान-विज्ञान का केंद्र बनाना है....विकसित बिहार बनाना है। इसलिए आज मैं, NDA के सभी उम्मीदवारों के लिए, आप सभी का आशीर्वाद मांगने आया हूं। और यहां जो उत्साह है...जो जोश है... उसका एक ही संदेश है...

फिर एक बार...NDA सरकार!
फिर एक बार... फिर एक बार... फिर एक बार...
बिहार में फिर से...सुशासन सरकार !

साथियों,

यहां बहुत बड़े स्तर पर खेती-किसानी होती है... अनेक परिवार पशुपालन से जुड़े हैं। आजादी के बाद की सरकारों ने छोटे किसानों के हितों को प्राथमिकता नहीं दी। इस वजह से छोटे किसान हमेशा संकटों से घिरे रहे। लेकिन ये मोदी है... जिसे किसी ने नहीं पूछा...मोदी उन्हें पूजता है।

 

साथियों,

बीते 11 वर्षों में हमारी सरकार, छोटे किसानों को कृषि नीति के केंद्र में लाई है। आज़ाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है। छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाज़े तक बंद थे। मोदी ने छोटे किसानों के बैंक खाते खुलवाए। आज किसान के उसी बैंक खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा जमा होता है। यहां बिहार के किसानों को अब तक करीब 30 हजार करोड़ रुपए मिल चुके हैं। ये मैं आंकड़ा सिर्फ बिहार के किसानों का बताता हूं। और इतना ही नहीं हमारे नवादा जिले का भी आंकड़ा हमसब का गौरव बढ़ाने वाला है। यहां के दो लाख किसानों के खाते में 650 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं। और मेरे भाइयों और बहनों.. याद रखिए ये सारा का सारा पैसा बिना कट-कमीशन और करप्शन के किसान के खाते में जमा हुआ है। अगर जंगलराज वाले होते....उनके साथी कांग्रेस वाले होते तो आपके हक का ये सारा का सारा पैसा लूटकर अपनी तिजोरी भर लेते। और ये मैं नहीं कह रहा हूं, कांग्रेस के ही एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगर दिल्ली से एक रूपया निकलता है तो गांव जाते-जाते 15 पैसे रह जाता है। रास्ते में ये कौन सा पंजा था जो रूपये को पिस करके 15 पैसा बना देता था। साथियों, बिहार के लिए NDA का जो घोषणापत्र आया है... उसमें तो किसानों और पशुपालकों को डबल उपहार मिला है। अभी किसानों को केंद्र सरकार, दिल्ली की सरकार पीएम किसान सम्मान निधि के छह हज़ार रुपए उनके खाते में जमा कराती है । अब बिहार NDA ने ये घोषणा की है... कि यहां फिर सरकार बनने के बाद, भारत सरकार जो देती है उसके उपरांत तीन हज़ार रुपए अतिरिक्त... हमारे किसान साथियों को दे दिया जाएगा।

साथियों,

बिहार की इस मिट्टी ने आर्यभट्ट जैसे महान गणितज्ञ पैदा किए। बिहार की जनता का अंकगणित भी अच्छा है और सामान्य ज्ञान में भी उसका कोई मुकाबला नहीं। ये चारे वाले सोचते हैं कि बिहार की जनता को चरा जाएंगे। जबकि इनकी रग-रग की सच्चाई ये बिहार की जनता भलीभांति जानती है।

साथियों,

आरजेडी हो या कांग्रेस... ये सिर्फ दो परिवारों के ही इर्दगिर्द सिमटी हुई पार्टियां हैं। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार.... दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार... और अब इनके दो परिवारों में ही बड़ा घमासान छिड़ गया है। यहां एक जंगलराज के युवराज है.. उन्हें लगता है कि कांग्रेस के युवराज की पद-यात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है। और सोचिए... जंगलराज के युवराज को पैदल तो किया ही... सीएम पद के नाम पर कांग्रेस ने हामी तक नहीं भरी। इसके बाद RJD ने भी कांग्रेस को सबक सिखाने की ठान ली। फिर पूरे देश ने देखा है कि कैसे RJD ने बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष के खिलाफ ही...अपना उम्मीदवार उतार दिया।

साथियों,

आजकल ये दोनों दल एक-दूसरे के बाल नोचने में लगे हुए हैं। अब तो खबर ये है कि...हर बूथ पर कांग्रेस ने लोगों ने RJD को हराने की ठान ली है। आप देखिएगा... 11 तारीख को दूसरे चरण का मतदान खत्म होते ही... कांग्रेस-आरजेडी....एक-दूसरे का क्या हाल करते हैं। माथा फोड़ना शुरू कर देंगे।

साथियों,

बिहार का तेज विकास...एक-जुट NDA ही कर सकता है। आज बिहार में नीतीश जी का शानदार नेतृत्व है.. साथ में हमारे पूर्व मुख्यमंत्री मांझी जी हैं, उपेंद्र कुशवाहा जी हैं, मेरे युवा साथी चिराग बाबू हैं, दिलीप जायसवालजी हैं, सम्राट चौधरी हैं, विजय सिन्हा हैं... ऐसी एक सशक्त टीम हमारे पास है। NDA सबको अवसर देता है...सबको सम्मान देता है। जबकि जंगलराज वालों के लिए सिर्फ और सिर्फ अपना परिवार सबसे ऊपर है।

साथियों,

जो पिछड़ा है...वो हमारी प्राथमिकता है। NDA सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में ये साफ-साफ दिखता है। हर गरीब को पक्का घर मिले...ये मोदी का संकल्प है। हमारी सरकार ने गरीबों के लिए देश में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनवाए है... ये 4 करोड़ घर ये आंकड़ा छोटा नहीं है। यहां बिहार के भी 60 लाख परिवारों को पक्के घर मिले... ये घर किसको मिले हैं? इन घरों के लाभार्थी गरीब, दलित-महादलित, पिछड़े-अतिपिछड़े परिवार के ही लोग हैं।

साथियों,

नल से जल हो, गैस कनेक्शन हो, शौचालय हो, बिजली कनेक्शन हो...इसका सबसे बड़ा लाभार्थी भी वंचित समाज ही है। NDA सरकार मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की भी सुविधा दे रही है... ताकि गरीब की, वंचित की...चिंता कम हो। साथियों, यही तो सामाजिक न्याय की सच्ची परिभाषा है...और ये परिभाषा बिहार ने देश को दी थी... लेकिन इन भ्रष्ट परिवारों ने अपने स्वार्थ के लिए ही इसका उपयोग किया। मैं बिहार NDA की टीम को बधाई दूंगा... कि आपने सच्चे सामाजिक न्याय के संकल्प को लगातार मजबूती दी है।

भाइयों और बहनों,

मगध की इस धरती ने हर उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं यहां के सभी नौजवान साथियों को बहुत सतर्क रहने के लिए कहूंगा। मेरे नौजवान साथियों, मेरी बात गौर से सुनिए और अपने परिवार के जो बड़े लोग है जरा उनसे मेरी बात की चर्चा कीजिए, आप सोचिए जब आपके दादा-दादी, नाना-नानी ने...श्री कृष्ण बाबू जी का दौर देखा। उस दौरान, बिहार नई उम्मीदों, नए भविष्य की तरफ आगे बढ़ रहा था... शिक्षण संस्थान बन रहे थे... छोटी बड़ी मिलें, फैक्ट्रियां लग रही थीं। लेकिन अगली पीढ़ी...यानि आपके दादा-दादी, नाना-नानी की बाद वाली पीढ़ी मतलब कि आपके माता-पिता वाली पीढ़ी और जब आपके माता-पिता वाली पीढ़ी के जिम्मेवारी का समय आया, तो आपके दादा-दादी, नाना-नानी ने जो देखा था उनके सारे सपने आपके माता-पिता के आते-आते चूर-चूर हो गए। क्योंकि तब बिहार में जंगलराज ने पैर रख दिए थे।

साथियों,

RJD के जंगलराज की एक ही पहचान थी...और जैसे ही ये बात मैं बोलूंगा आप हरेक को लगेगा कि आपका मोदी सही बोल रहा है। उनकी यहां की पहचान थी कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, कुशासन और करप्शन। यही था कि नहीं भाई, यही उनकी पहचान थी कि नहीं थी... हर गली मोहल्ले में कट्टा चलता था कि नहीं चलता था... आज इन कट्टों का.. नहीं होता था। जंगलराज की इन निशानियों ने मगध के गौरव पर नरसंहार का, समाज में बंटवारे का दाग लगा दिया। हालात तो ये थी कि किसी कर्मचारी का वेतन बढ़ता था तो वो परेशान हो जाता था। दिल्ली में एयरकंडीशन कमरे में बैठने वालों को समझ नहीं आएगा... अगर बिहार में किसा का वेतन बढ़ना था तो वो परेशान हो जाता था... क्योंकि ज्यादा वेतन का मतलब था...RJD को ज्यादा रंगदारी देना। उस दौर में स्कूल वीरान हो गए... क्योंकि अध्यापकों के, उनके परिवारों के अपहरण होने लगे थे। माताएं-बहनें जब तक शाम को स्कूल का समय पूरा होने के बाद दरवाज़े के बाहर टिकटिकी नजर से देख रही थी, इंतज़ार करती थीं... कि मेरा बेटा-बेटी शाम को वापस घर लौट न आए। जंगलराज के उस दौर में 10-20 नहीं...करीब-करीब 37 हजार अपहरण हुए थे।

साथियों,

नीतीश जी ने बहुत मुश्किल से बिहार को उस दौर से बाहर निकाला है। आप बताइए साथियों... क्या आप, मै नौजवानों आप से पूछता हूं... मैं माताओ-बहनों से पूछता हं... आप मुझे बताइए... क्या जंगलराज को फिर से बिहार में लौटने देंगे? क्या आप जंगलराज को बिहार में आने देंगे.. क्या आप...कट्टा, दु-नाली और रंगदारी के उस दौर को लौटने देंगे?

साथियों,

बिहार के लोगों ने दशकों तक जंगलराज के साथ ही नक्सली हिंसा का डबल अटैक सहा है। आपने 2005 में नीतीश जी की सरकार बनाई... तो पक्का कर दिया था कि बिहार को जंगलराज से मुक्ति मिलेगी। और फिर जब आपने 2014 में मोदी को सेवा का मौका दिया था तो ये पक्का कर दिया कि बिहार को नक्सलवाद-माओवादी आतंक से भी मुक्ति मिलकर रहेगी। और हमने बिहार को माओवादी आतंक से मुक्त कराने के लिए दिन-रात एक कर दिया। आजकल आप देख रहे हैं... सैकड़ों की संख्या में नक्सली लोग हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं। देश का संविधान जीत रहा है... शांतिप्रिय देश जीत रहा है। और शहरो में बैठे हुए ये जो अर्बन नक्सल है ना उनकी रातों की नींद खराब हो गई। क्योंकि वे भी अब इन आतंकियों का कभी माओवादी आतंकी हाथों में हथियार लेकर चलते थे, और आज जब उनके हाथ में संविधान देखते हैं...तो अर्बन-नक्सलियों की नींद उड़ जाती है।

साथियों,

मैं बिहार के युवाओं से, मेरी बहनों-बेटियों से कहूंगा... आपकी जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। आप RJD के लोगों का चुनाव प्रचार देखिए... पूत के पांव पालने में ही दिख रहे हैं... ये RJD वाले अभी से कैसी-कैसी धमकियां दे रहे हैं। चुनाव के मैदान में रंगदारी के रंग से, माओवादी आतंक के लाल रंग से... मेरे भाइयों-बहनो हमें बिहार को बचाना है... और ये हर नौजवान की जिम्मेदारी है। हर मां-बहन की जिम्मेदारी है...

साथियों,

विकसित बिहार...विकसित भारत ये हमारी प्राथमिकता है। NDA के सुशासन का फायदा आप हर तरफ अनुभव कर रहे हैं। 2005 से पहले बिहार में बिजली का भी हाल बेहाल था। लोग बिजली के तार तो लगे थे, लेकिन, लोग सोचते थे कि ये तो कपड़े सुखाने के लिए रस्सी लगी हुई है। और बिहार में ये लोग बिजली के तार पर कपड़ा सुखाते थे, वो हाल था। ये हमारी सरकार है जिसने बिहार के गांव-गांव में बिजली पहुंचाने का इंतजाम किया। मैं आप लोगों से एक आग्रह करूंगा... आपमें से जितने लोगों के पास मोबाइल है...जरा मोबाइल फोन निकालिए... और अपने मोबाइल फोन की लाइट चालू कीजिए.. लाइट ऑन कीजिए ,, सबके सब लोग... अपने मोबाइल फोन की लाइट ऑन कीजिए.. सब लोग हां यहां सब लोग... अब मुझे बताइए भैया... जब आपकी हथेली में इतनी तेज रोशनी है तो लालटेन की जरूरत है क्या? लालटेन की जरूरत है क्या? ये रोशनी है कि नहीं है... आपकी हथेली में है कि नहीं है.. आपका भाग्य आपकी हथेली में है कि नहीं हैं..

साथियों,

छठ पूजा के समय... अब मोबाइल नीचे करिए भैया... आपका प्यार हमें मंजूर है... साथियों छठ पूजा के समय हम प्रकृति की...सूर्य देव की पूजा करते हैं। ये RJD-कांग्रेस के लोग...छठी मैया की पूजा को नौटंकी, ड्रामा बताते हैं ड्रामा। छठी मैया का अपमान करते हैं... इन लोगों को, सूर्यदेव की शक्तियों का भी अंदाजा नहीं है। ये हमारी सरकार है जो सूर्यदेव की ऊर्जा से बिजली बनाने में जुटी है। नवादा जिले में ही बिहार का सबसे बड़ा तैरता हुआ बिजली घर बनकर तैयार है। और जो दिल्ली से बड़े-बड़े शहरों से... ये चुनाव की खुशबू लेने आए हैं ना... उनको भी मैं कहूंगा जरा नवादे का ये तैरता हुआ सोलर प्लांट भी देखते हुए जाइए... लिखिए या ना लिखिए देखकर के तो जाइए... हम बिहार में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी विस्तार करने में जुटे हैं। इसके तहत हर लाभार्थी परिवार को... छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए, पचहत्तर से अस्सी हज़ार रुपए सरकार दे रही है.. एक एक परिवार को 75 से 80 हजार रुपये हर परिवार को दिया जाता

साथियों,

जिन घरों में ये सोलर प्लांट लग रहा है.... वहां का बिजली बिल ज़ीरो हो गया है। बिजली का बिल जीरो हुआ है इतना ही नहीं अतिरिक्त बिजली बेचकर के कमाई भी हो रही है... साथियों, बिहार में फिर से NDA सरकार बनने के बाद... इस अभियान को और भी तेज किया जाएगा।

साथियों,

बिहार के नौजवानों को बिहार में ही अच्छी शिक्षा मिले... इस पर हमारा बहुत जोर है। नीतीश जी के नेतृत्व में जो सुशासन आया है... उससे बिहार शिक्षा और कौशल विकास के केंद्र के रूप में उभर रहा है। आज बिहार में बहुत बड़ी संख्या में, स्कूल-कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा फायदा हमारे बिहार के युवाओं को हो रहा है। अब उनके सामने पढ़ने के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं है। साथियों, आने वाले समय में... ये क्षेत्र...अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का महत्वपूर्ण केंद्र होने जा रहा है। हज़ारों करोड़ रुपए का निवेश यहां होने वाला है। आने वाले सालों में यहां सैकड़ों उद्योग लगेंगे। बिहार का नौजवान... मेरे नौजवान साथियों, ये मोदी की गारंटी है लिखकर के रख लीजिए.. आने वाले समय में बिहार के नौजवान बिहार में ही काम करेगा..बिहार का नौजवान बिहार में ही काम करेगा.. बिहार का नाम करेगा। वो दौर दूर नहीं जब बिहार में...मोबाइल फोन बनेंगे, इलेक्ट्रिक वीकल बनेंगे... यहां बने कपड़े दुनियाभर में निर्यात होंगे।


साथियों,

मैं जब भी बिहार की धरती पर आता हूं... तो सबसे ज्यादा ऊर्जा, सबसे ज्यादा उत्साह हमारी बहनों-बेटियों में देखने को मिलता है। आप बहनों की ये विशाल उपस्थिति बताती है... कि अब बिहार की महिलाएं...प्रगति की सच्ची शक्ति बन चुकी हैं। कोई जीविका दीदी बनकर गांव की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही है, कोई लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही है, कोई कृषि सखी, बैंक सखी, या नमो ड्रोन दीदी बनकर...विकसित बिहार की कहानी लिख रही हैं।

साथियों,

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की चर्चा पूरे देश में हो रही है। अभी तक...बिहार की एक करोड़ तीस लाख बहनों के खाते में दस-दस हज़ार रुपया पहुंच चुका है। एक करोड़ तीस लाख बहनों के खाते में.. NDA के घोषणापत्र में...इसको लेकर भी बहुत बड़ी घोषणा की गई है। मैं आप सभी बहनों को भरोसा देता हूं...मैं बिहार की सभी माताओ-बहनों और महिलाओं को भरोसा देता हूं कि हमारी सरकार कदम-कदम पर आपके साथ खड़ी रहेगी।

साथियों,

बिहार के पास संस्कृति की...विरासत की भी बहुत बड़ी शक्ति है। ये क्षेत्र जैन परंपरा, बौद्ध परंपरा के लिए जाना जाता है। ये माता जानकी और लव-कुश की धरती है.. हम रामायण सर्किट के तहत...तीर्थों का विकास कर रहे हैं। हम बौद्ध सर्किट के निर्माण पर निवेश कर रहे हैं। हमारा प्रयास यही है कि बिहार में ज्यादा से ज्यादा तीर्थयात्री आए...विदेशी पर्यटक आएं। साथियों, पर्यटन के साथ-साथ खेल भी रोजगार का एक बहुत बड़ा माध्यम है। बिहार, देश में खेलों का एक बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। बीते सालों में बिहार इंटरनेशनल स्पोर्ट्स मैप पर आया है। राजगीर में भी शानदार स्टेडियम बन चुका है। अब स्पोर्ट्स में भी बिहार के बेटे-बेटी तिरंगे की शान बढ़ाएंगे।

साथियों,

छह नवंबर के लिए अब कुछ ही समय शेष हैं... इस बार हमने देखा है... छठ महापर्व के लिए पहले से कहीं ज्यादा साथी अपने गांव आए हैं... मैं उनसे आग्रह करुंगा क्योंकि लोकतंत्र में मतदान करना ये हमारा अधिकार भी है और हमारी जिम्मेदारी भी है ... और इसलिए जो लोग बिहार आए हुए हैं और जिनका कि यहां की मतदाता सूची में नाम है... उन्हें अपने इस अधिकार का पूरा उपयोग करना चाहिए... मतदान किए बिना वापस नहीं जाना चाहिए...मतदान करके ही एपने क्षेत्र में जाए...

साथियों,

विकसित बिहार के लिए आपका एक-एक वोट बहुत जरूरी है। साथियों, आप इतनी विशाल संख्या में.. जो उम्मीदवार है उनसे मेरी प्रार्थना है कि आगे आ जाएं... सब खड़े हो जाइए.. मैं आप सबसे मिलना चाहता हूं.. इतनी विशाल संख्या में हमारे साथियों को आशीर्वाद देने आप सब पहुंचे है आप सबका आशीर्वाद इन्हें मिले ये आपके प्रतिनिधि बने और विकसिता बिहार का सपना पूरा करे.. दोनों मुट्ठी बंद करके मेरे साथ बोलिए... भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की... भारत माता की...
वंदे... वंदे... वंदे.. वंदे....

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
 PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs

Media Coverage

PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में शामिल: जेवर में पीएम मोदी
March 28, 2026
नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन के प्रथम चरण का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की विकास गाथा और भारत के विमानन भविष्य में एक महत्वपूर्ण कदम है: प्रधानमंत्री
उत्तर प्रदेश अब भारत में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तनों वाले राज्यों में से एक बन गया है: प्रधानमंत्री
विमान पत्तन किसी भी देश में केवल बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, वे प्रगति को उड़ान देते हैं: प्रधानमंत्री
हमारी सरकार एक विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश कर रही है: प्रधानमंत्री

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

उद्धघाटन हो गया? उद्धघाटन हो गया? नहीं, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ वो पर्दा हटाया है, लेकिन मैं आज चाहता हूं इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन यहां जो भी उपस्थित हैं, आप सब करें, और इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिये, अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाईट कीजिए और आपका इसका उद्धघाटन कर रहे हैं। आप दीया जलाकर के यहां उपस्थित हर व्यक्ति, आज इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है, ये आपका भविष्य है, ये आपका पुरूषार्थ है और इसलिए इसका उद्धघाटन भी आपके हाथों से हो रहा है, आप अपने भारत माता की जय बोलकर के, हाथ ऊपर करके, फ्लैश लाईट पूरी तरह से दिखाइये। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। बहुत-बहुत धन्यवाद। अब उद्धघाटन हो गया।

उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी श्री राममोहन नायडू जी, पंकज चौधरी जी, ज्यूरिक एयरपोर्ट के चेयरमैन जोसेफ फेल्डर जी, अन्य मंत्रिगण, सांसद, विधायक, अन्य महानुभाव और मेरे प्यारे भाइयों और बहनों।

मैं देख रहा हूं, आज जहां भी मेरी नजर पड़ रही है, सारे युवा मुझे नजर आ रहे हैं, उत्साह से भरे युवा हैं, जोश से भरे हुए युवा हैं, क्योंकि इन युवाओं को पता है, ये जो काम हो रहा है ना, ये नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम हो रहा है। आज हम विकसित यूपी-विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश, आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। और आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्धघाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों से उद्धघाटन करवा दिया। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।

साथियों,

नोएडा का ये एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिन्दुस्तान को और उत्तर प्रदेश को तो होना ही होना है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए, अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं उत्तर प्रदेश को, विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज का ये कार्यक्रम, भारत के नए मिज़ाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल-डीज़ल-गैस, खाद, ऐसी कई ज़रूरी चीज़ों का चारो तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है, प्रयास कर रहा है। और हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है, देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रह है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता रहा है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई-बहनों पर, इस संकट का बोझ न पड़े।

साथियों,

संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज़ विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही बात करुं, तो पिछले कुछ सप्ताह में ही, ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में, इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ, इसी कालखड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो-भारत ट्रेन ने गति पकड़ी, इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया, और इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्धघाटन भी हो गया।

साथियों,

ये सारे प्रोजेक्ट्स, यूपी के विकास के लिए, डबल इंजन सरकार के प्रयासों का शानदार उदाहरण हैं। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल, तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है। और ये हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। और आपने अभी वीडियो में देखा, ये ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का ATM बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।

साथियों,

जेवर का ये एयरपोर्ट, डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है। अब आप सोचिये, इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में, आपमें से बहुत होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, बहुत वो लोग होंगे जो उस समय 25-30 साल के 35 साल के हुए होंगे और आज रिटायर भी हो गए, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरु के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-NDA की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरु भी हो गया है।

साथियों,

एयरपोर्ट के अलावा ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का भी हब बन रहा है। ये फ्रेट कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं। इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। और दादरी वो स्थान है जहां ये दोनों कॉरिडोर्स आपस में मिलते हैं। यानी यहां किसान जो उगाते हैं, यहां उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से, हवाई मार्ग से, दुनिया के कोने-कोने तक तेज़ी से जा पाएगा। ऐसी मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के कारण, यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है।

साथियों,

जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी डराने की लोगों ने कोशिश की, कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अर्से तक सेवा करने का मौका देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। ये पूरा क्षेत्र, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

साथियों,

इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में, खेती-किसानी का बहुत महत्व है। मैं आज उन मेरे किसान भाई-बहनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी है। उन किसानों के लिए जोरदार तालियां बजाइये दोस्तों, मेरे किसान भाई-बहनों के लिए जोरदार तालियां बजाइये। मेरे किसान भाई-बहन, आपके इस योगदान से ही, इस पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरु होने जा रहा है। आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और बल मिलेगा। अब यहां के कृषि उत्पाद दुनिया के बाज़ारों में और बेहतर तरीके से जा पाएंगे।

साथियों,

यहां मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल, कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। अगर इथेनॉल का उत्पादन ना बढ़ता, पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिंग ना बढ़ती, तो देश को हर वर्ष साढ़े चार करोड़ बैरल, साढ़े चार करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता। किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है।

साथियों,

इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है, किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है। इससे करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा बची है। यानी इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना जय था। बीते वर्षों में इतना सारा पैसा, देश के किसानों को मिला है, गन्ना किसानों को मिला है।

साथियों,

यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई-कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था। लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों की स्थिति बेहतर हुई है।

साथियों,

किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होता। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले, देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे। आज 160 से अधिक एयरपोर्ट्स देश में हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार ने, सामान्य भारतीय के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेज़ी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर सत्रह कर दी है।

साथियों,

भाजपा सरकार का निंरतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे। इसलिए, हमने उड़ान योजना शुरु की थी। इस स्कीम के कारण, बीते कुछ सालों में एक करोड़ साठ लाख से अधिक देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। और मैं आपको एक और जानकारी देना चाहता हूं। हाल में ही केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29 हज़ार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। आने वाले वर्षों में इसके तहत, छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है। यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा।

साथियों,

भारत का एविएशन सेक्टर, बहुत तेज़ से गति और विकास कर रहा है। जैसे-जैसे भारत में नए-नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, वैसे-वैसे नए हवाई जहाज़ों की ज़रूरत भी बढ़ती जा रही है। इसलिए देश की अलग-अलग एयरलाइन्स ने सैकड़ों नए जहाजों के ऑर्डर दिए हैं। ये जो नई सुविधाएं हैं, नए जहाज आ रहे हैं, इनको उड़ाने वाले, इनमें सर्विस देने वाले, मेंटनेस से जुड़े, ऐसे हर काम के लिए बहुत बड़ी संख्या में वर्कफोर्स की ज़रूरत रहेगी। ये युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। इसलिए हमारी सरकार, एविएशन सेक्टर में ट्रेनिंग की सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है।

साथियों,

आप जब अपनी कोई गाड़ी खरीदते हैं, तो ये जरूर देखते हैं कि उस गाड़ी बनाने वाली कंपनी का सर्विसिंग सेंटर आसपास है या नहीं है। आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि हमारे देश में हवाई जहाजों की सर्विसिंग, यानी उनके मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल की पुख्ता व्यवस्थाएं ही नहीं थीं। भारत के 85 एयरपोर्ट, 85 परसेंट हवाई जहाजों को आज भी मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल यानी MRO के लिए, इस काम के लिए विदेश भेजना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने ठाना है कि MRO सेक्टर में भी भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। अब भारत में ही, बहुत बड़े पैमाने पर MRO सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आज यहां जेवर में भी MRO सुविधा का शिलान्यास हुआ है। ये सुविधा जब तैयार हो जाएगी, तो ये देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी। इससे देश को कमाई भी होगी, हमारा पैसा भी देश में ही रहेगा, और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे।

साथियों,

आज हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुविधा है। देश के नागरिक का समय बचे और उसकी जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े, ये हमारा लक्ष्य है। मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का इसी भाव से ही विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल, इसका कितना फायदा हो रहा है, ये भी हम सब देख रहे हें। अभी तक नमो भारत, ढाई करोड़ से अधिक लोग सफर कर चुके हैं। दिल्ली-मेरठ के जिस सफर में पहले घंटों लग जाते थे, अब वो सफर मिनटों में ही पूरा हो रहा है।

साथियों,

विकसित भारत के विकसित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमारी सरकार अभूतपूर्व निवेश कर रही है। बीते 11 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट छह गुणा से अधिक बढ़ाया गया है। इन वर्षों में 17 लाख करोड़ रुपये हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए हैं, एक लाख किलोमीटर से अधिक के हाईवे का निर्माण किया गया है। 2014 तक रेलवे में सिर्फ 20 हजार किलोमीटर रूट का बिजलीकरण हुआ था। जबकि 2014 के बाद से 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है। आज ब्रॉडगेज नेटवर्क का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है। आज कश्मीर घाटी हो या नॉर्थ ईस्ट की राजधानियां, ये पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ रही हैं। पोर्ट यानी बंदरगाहों की क्षमता, बीते दशक में दोगुने से अधिक हुई है। देश में नदी जलमार्गों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी हर क्षेत्र में भारत तेज़ी से काम कर रहा है।

साथियों,

विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत ज़रूरी है। ये आवश्यक है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करे, और वैश्विक संकटों का एकजुट होकर सामना करें। अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है। मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से भी लंबी चर्चा हुई है और बड़ी सकारात्मक चर्चा हुई है। मैं आज आप सभी जनता-जनार्दन से फिर कहूंगा, मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा। हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ, मिल जुलकर के, इस संकट का सामना करना है। ये पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है। मैं यूपी के, देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं, विनती पूर्वक कहना चाहता हूं, इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं। जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। राजनीति के लिए गलत बयानबाज़ी करने वाले, राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती। कोरोना के महासंकट के दौरान भी, कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाईं, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले, ताकि सरकार का काम मुश्किल हो, देश को नुकसान हो। परिणाम क्या हुआ? जनता ने चुनावों के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया, ठुकरा दिया। मुझे पूरा भरोसा है, कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे, ताकत देंगे। इसी आग्रह के साथ, एक बार फिर से उत्तर प्रदेश को इस शानदार एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

बहुत-बहुत धन्यवाद।