प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मोजाम्बिक के राष्ट्रपति महामहिम फ़िलिप जैसिंटो न्यूसी से फोन पर बात की।

दोनों नेताओं ने अपने-अपने देश में कोविड-19 महामारी से लगातार उत्पन्न चुनौतियों के बारे में चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आवश्‍यक दवाओं और उपकरणों का प्रावधान करने सहित स्वास्थ्य संकट के दौरान मोजाम्बिक के प्रयासों में सहयोग करने का इच्‍छुक है। राष्ट्रपति न्यूसी ने स्वास्थ्य सेवा और दवा आपूर्ति के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग की सराहना की।

दोनों नेताओं ने मोजाम्बिक में भारतीय निवेश और विकास परियोजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री ने मोजाम्बिक के कोयला और प्राकृतिक गैस क्षेत्रों के लिए भारतीय कंपनियों द्वारा की गई बड़ी प्रतिबद्धताओं को ध्यान में रखते हुए, अफ्रीका के साथ भारत की समग्र साझेदारी के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में मोजाम्बिक को मान्यता दी।

दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा में बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग के बारे में संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने उत्तरी मोजाम्बिक में आतंकवाद की घटनाओं के बारे में राष्ट्रपति न्यूसी की चिंता को साझा किया और मोजाम्बिक की पुलिस और सुरक्षा बलों के क्षमता निर्माण के जरिये हर संभव समर्थन की पेशकश की।

प्रधानमंत्री ने मोजाम्बिक में भारतीय और भारतीय मूल के समुदाय की हिफाजत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोजाम्बिक अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए अपना विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि दोनों देशों के अधिकारी वर्तमान महामारी के दौरान सहयोग और समर्थन के अन्य तरीकों का पता लगाने के लिए संपर्क में रहेंगे।

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
On Puri’s Grand Road, a devotee’s submission

Media Coverage

On Puri’s Grand Road, a devotee’s submission
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
प्रधानमंत्री ने क़तर के अमीर से बातचीत की
July 16, 2026
प्रधानमंत्री ने क़तर के फादर अमीर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री ने फादर अमीर के दूरदर्शी नेतृत्व तथा भारत–कतर संबंधों को सुदृढ़ बनाने में उनके योगदान को याद किया
दोनों नेताओं ने फादर अमीर की विरासत को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प की पुनः पुष्टि की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज क़तर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी से टेलीफोन पर बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने क़तर के फादर अमीर (पूर्व अमीर) महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

आधुनिक क़तर के प्रमुख शिल्पकार के रूप में फादर अमीर के महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इन वर्षों के दौरान भारत–क़तर संबंधों को सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा भारत और क़तर में बसे भारतीय समुदाय के प्रति उनके गहरे स्नेह को भी याद किया।

क़तर के अमीर ने प्रधानमंत्री के फोन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और इस कठिन समय में उनके सांत्‍वना एवं संवेदना भरे शब्दों के लिए सराहना व्‍यक्‍त की।

दोनों नेताओं ने फादर अमीर की विरासत को आगे बढ़ाने तथा भारत–क़तर सामरिक साझेदारी और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करने के अपने संकल्प की पुनः पुष्टि की।

उन्होंने निकट संपर्क बनाए रखने पर भी सहमति व्यक्त की।