भारत के आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की यात्रा में आने वाले 25 साल बेहद महत्वपूर्ण होंगे: पीएम मोदी
NDA आज N-न्यू इंडिया, D-डेवलप्ड नेशन और A-एस्पिरेशन ऑफ पीपुल एंड रीजन्स का प्रतीक है: पीएम मोदी
जब सरकारें भ्रष्टाचार, वंशवाद और जातिवाद की राजनीति को प्राथमिकता देती हैं तो यह केवल भारत के हितों को नुकसान पहुंचाती है: पीएम मोदी
अतीत में बनी गठबंधन सरकारों ने केवल पॉलिसी पैरालिसिस, अनिश्चितता, सत्ता के केन्द्रों का निर्माण, अविश्वास और भ्रष्टाचार को जन्म दिया है: पीएम मोदी
एनडीए ने हमेशा Coalition of Contributions में विश्वास किया है, कांग्रेसी नेतृत्व वाले ‘Coalition of Compulsions’ में नहीं: पीएम मोदी
मुद्रा लोन हो, स्टार्टअप हो; महिलाएं अब भारत की आर्थिक प्रगति में सबसे आगे हैं: पीएम मोदी
मेरे शरीर का हर कण, मेरे समय का हर पल, देश की सेवा के लिए समर्पित है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि NDA क्षेत्रीय आकांक्षाओं का एक खूबसूरत इंद्रधनुष है और यह सदैव देश और देशवासियों के लिए समर्पित रहा है। ढाई दशक पहले इसका गठन देश में स्थिरता लाने के लिए हुआ। क्योंकि एक स्थिर सरकार ही देश की दिशा बदलने के लिए कालजयी फैसले लेती है। यह पिछले 9 वर्षों में हमने बार-बार देखा है। पीएम मोदी ने कहा कि भले ही आज विपक्ष ने हमें गाली देने और नीचा दिखाने की अपनी एक पहचान बना ली है, लेकिन एनडीए सरकार ने हमेशा देशहित को दलगत राजनीति से ऊपर रखा है। यही वजह है कि देश की जनता अब अच्छी तरह समझ रही है कि विपक्ष के नेताओं की गलबहियां कोई मिशन नहीं है, बल्कि उनकी मजबूरियां हैं। ये लोग पास तो आ सकते हैं, लेकिन कभी साथ नहीं आ सकते।

एनडीए की 25 वर्षों की यात्रा की इस बैठक पर पीएम मोदी ने कहा कि ये वो समय है जब हमारा देश आने वाले 25 वर्षों में एक बड़े लक्ष्य की ओर कदम बढ़ा रहा है। ये लक्ष्य विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का है। इस महत्वपूर्ण कालखंड में NDA की अहम भूमिका है। NDA का निहितार्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि N से New India, D से Developed Nation और A से Aspiration of People and Regions है। एक तरह से ये नई ऊर्जा से भरी त्रिशक्ति है। आज समाजशास्त्री, राजनीतिशास्त्री और अर्थशास्त्री भारत के विकास के लिए NDA को एक पॉजिटिव फोर्स के रूप में देख रहे हैं। हमारी विचारधारा Nation First और Security of Nation First की है। एनडीए Coalition Compulsions का नहीं, बल्कि Coalition Contributions का प्रतीक है। इसमें कोई भी राजनीतिक दल बड़ा या छोटा नहीं है। हम सभी एक लक्ष्य के लिए आगे बढ़ रहे हैं।



देश में राजनीतिक गठबंधनों की परंपरा की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि निगेटिविटी के साथ बना कोई भी गठबंधन कभी सफल नहीं रहा। 2014 से पहले की गठबंधन सरकार का उदाहरण सामने है। कांग्रेस ने नब्बे के दशक में देश में अस्थिरता लाने के लिए गठबंधनों का इस्तेमाल किया। लेकिन NDA की विशेषता रही है कि जब हम विपक्ष में थे, तब भी हमेशा सकारात्मक राजनीति की। हमने सरकारों का विरोध करने के लिए कभी विदेशी मदद नहीं मांगी। हम विपक्ष में रहे लेकिन हमने देश के विकास में ना रोड़े अटकाए और ना ही रुकावट बने। लेकिन आजकल तो केंद्र सरकार की योजनाओं को विपक्ष की कई राज्य सरकारें अपने यहां लागू नहीं होने देंती। ये लोग सोचते हैं कि अगर उनके राज्यों में गरीबों को केंद्र की योजना का लाभ मिल गया तो उनकी राजनीति कैसे चलेगी? उनके लिए गठबंधन मजबूरी है, लेकिन हमारे लिए यह मजबूती का माध्यम है।

पीएम मोदी ने कहा NDA के गठन से लेकर ही हमारा संकल्प, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का रहा है। वंचित और शोषित को सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है। हमने गरीब को ये विश्वास दिया कि उनके हर प्रयास के पीछे सरकार एक भरोसेमंद साथी की तरह खड़ी है। नीति आयोग की ताजा स्टडी के मुताबिक 2015-16 के बाद के 5 वर्षों में ही साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। वर्ल्ड बैंक ने भी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि कैसे बहुत कम समय में ही 40-42 करोड़ लोगों ने गरीबी को परास्त किया। IMF के मुताबिक अति गरीबी भारत में खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के गरीब को गरीब रखने के कुचक्र को NDA सरकार की अनेक योजनाओं ने तोड़ दिया है। हमने वोटबैंक की राजनीति को विकासवाद की राजनीति में बदला है। तभी इस शासन में छोटे किसानों, रेहड़ी-पटरी-फुटपाथ वालों को पहली बार मदद मिल रही है।

महिलाओं के कल्याण और उनकी योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारी बहन-बेटियों और माताओं की तकलीफ कम करना एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। घरों में टॉयलेट बनने से जहां बहनों को सम्मान और सुरक्षा मिली, वहीं नल से जल और गैस सिलेंडर मिलने से उनकी परेशानी कम हुई। ये सिर्फ गरीबी से बाहर निकलने का प्रयास नहीं है, बल्कि Women-led Development का रास्ता है। आज एनडीए सरकार ने डिफेंस से लेकर माइनिंग तक हर सेक्टर को बेटियों के लिए खोल दिया है। देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति देने का सौभाग्य भी NDA को मिला है।

एनडीए सरकार के विकास मॉडल को स्पष्ट करते हुए पीएम ने कहा कि हम केवल आज की जरूरतों के लिए काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित बना रहे हैं। आजादी के 75 साल पूरे होने पर कोई स्मारक बनाने की बजाए हम देश के कोने-कोने में एक लाख अमृत सरोवर बना रहे हैं। हमारा स्केल, स्पीड, स्पिरिट और इसकी वजह से हमारे काम का स्कोप अभूतपूर्व है। हम विकास भी कर रहे हैं और विरासत को भी सहेज रहे हैं। हम Make In India पर भी बल दे रहे हैं और पर्यावरण की रक्षा भी कर रहे हैं। हमारी नीयत साफ है, नीति स्पष्ट है और निर्णय ठोस हैं। पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने बीते 9 वर्षों में भ्रष्टाचार के हर रास्ते को बंद करने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। हमने टेक्नोलॉजी की मदद से लीकेज की संभावना को दूर किया है। जनधन, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति से करोड़ों फर्जी लाभार्थियों को गरीबों का हक छीनने से रोका है।

देशहित को दलगत राजनीति से ऊपर रखने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पॉलिटिक्स में प्रतिस्पर्धा हो सकती है, लेकिन शत्रुता नहीं होती। भले ही आज विपक्ष ने हमें गाली देने और नीचा दिखाने की पहचान बना ली है। लेकिन NDA ने राजनीतिक सौहार्द और शालीनता को सदा बनाए रखा है। ये एनडीए सरकार ही है, जिसने दलगत राजनीति से हटकर विपक्ष के नेताओं को भी पद्म सम्मान दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ये मूल भावना एनडीए की हर कार्यशैली में है। इस समय भारत में G-20 समिट हो रहा है। हमने इसके आयोजन स्थल तय करते समय ये नहीं सोचा कि किस राज्य में किस पार्टी की सरकार है। कोरोना के समय भी हमने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ संवाद बनाए रखा।



एनडीए और विपक्ष के नेताओं की सोच में बड़े अंतर को स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम देश के लोगों को जोड़ते हैं, वो देश के लोगों को तोड़ते हैं। देश की जनता सब कुछ खुली आंखों से देख भी रही है और समझ भी रही है कि ये विपक्षी पार्टियां क्यों इकट्ठा हो रही हैं। लोग देख रहे हैं कि केरल में लेफ्ट और कांग्रेस एक-दूसरे के खून के प्यासे हैं। लेकिन बेंगलुरु में दोनों पार्टियों के नेता हाथ में हाथ डालकर मुस्कुरा रहे हैं। ऐसा ही और राज्यों में और अन्य विपक्षी दलों में भी है। इसीलिए देश के लोग कह रहे हैं कि ये गलबहियां मिशन नहीं है, बल्कि उनकी मजबूरियां हैं।

पीएम मोदी ने अगले साल होने वाले आम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लोग मन बना चुके हैं कि तीसरी बार फिर NDA को ही अवसर देना है। देश का मन आप जानते हैं, लेकिन विदेश का मन भी ऐसे ही संकेत दे रहा है। सबको पता है कि यहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं। फिर भी कई महत्वपूर्ण देश NDA सरकार के प्रतिनिधियों को Invite कर रहे हैं। भारत के साथ बड़े-बड़े और दूरगामी समझौते कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि वो भी जानते हैं कि भारत के लोगों का भरोसा NDA पर है। देश में NDA के विस्तार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता इसकी हिस्ट्री और केमिस्ट्री दोनों को देख रही है। तभी तो हमारा गणित भी लगातार बढ़ता जा रहा है। 2014 में NDA को करीब 38 प्रतिशत वोट मिले थे। 2019 में हमारे सेवाभाव को देखते हुए देश ने 45 प्रतिशत वोट दिए। NDA के हर सहयोगी की मेहनत से ये तय है कि 2024 में हमारा वोट शेयर 50 प्रतिशत से भी ऊपर जाएगा।



पीएम मोदी ने कहा कि हमें विकास के मुद्दे पर ही जनता के पास जाना है। हमारा एक ही लक्ष्य है- भारत का विकास। पिछले 9 वर्षों में नए भारत की एक मजबूत नींव का निर्माण हो चुका है। इस नींव पर हम सभी को आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश की इकोनॉमी 10वें नंबर पर थी और आज पांचवें नंबर पर पहुंची है। NDA के तीसरे टर्म में इस देश की इकोनॉमी दुनिया में तीसरे नंबर पर होके रहेगी। क्योंकि हर सपना संकल्प है और हर संकल्प की सिद्धि के लिए एनडीए सरकार जी-जान से जुटी है। अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने बहुत ही मार्मिक बात कही, “मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि अपने परिश्रम और प्रयासों में कभी कोई कमी नहीं रहने दूंगा। मेरे शरीर का हर कण और समय का हर क्षण देश को ही समर्पित है।”

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Second consignment of 37.5 tonnes HADR aid reaches flood-hit Nepal; India sends 47.5 tonnes of relief material in total

Media Coverage

Second consignment of 37.5 tonnes HADR aid reaches flood-hit Nepal; India sends 47.5 tonnes of relief material in total
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 28 अगस्त 2026
August 28, 2026

India’s Growth Story, Grounded: Inclusion, Exports, and Infrastructure Under One Vision of PM Modi