प्रधानमंत्री ने कहा कि 'डबल इंजन' सरकार उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगी।
आज उत्तराखंड विकास के जिस रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, वो भाजपा और जनता-जनार्दन का एक-दूसरे पर अटूट विश्वास का ही परिणाम है : पीएम मोदी
कांग्रेस के कारण उत्तराखंड से लोग पलायन कर गए, गांव खाली हो गए: वर्चुअल विजय संकल्प सभा में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर और नैनीताल के मतदाताओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस विजय संकल्प सभा में शामिल होने के लिए लोगों की भारी भीड़, उत्तराखंड के दूर-दराज के इलाकों से पहुंची थी। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने नैनीताल की प्राचीन तपोभूमि और सभी उत्तराखंड वासियों के साथ, स्वाधीनता संग्राम के अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह जी को नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र रक्षा के लिए उत्तराखंड के लोगों के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।

उत्तराखंड में चुनाव की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस अमृतकाल में उत्तराखंड और देश को नई ऊंचाई पर ले जाने का अवसर मिला है। इसलिए इस बार का ये चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। ये चुनाव इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। ये चुनाव अगले 25 साल की बुनियाद को मजबूत करेगा। नींव जितनी मजबूत होती है, उतनी ही मजबूत इमारत भी बनती है।”

उत्तराखंड में तेजी से सड़कों और रेल परियोजनाओं के विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज डबल इंजन की सरकार चार धाम को दिव्य और भव्य बना रही है, चार धाम के लिए ऑल वेदर कनेक्टिविटी बना रही है। 2007 से 2014 के दौरान उत्तराखंड में सड़कें बनाने के लिए केवल 28 सौ करोड़ रुपये दिए गए। 2014 के बाद 7 सालों में हमारी सरकार ने उत्तराखंड में सड़कों और हाइवेज के लिए करीब 33 हजार करोड़ से भी ज्यादा रुपये दिये हैं। यानी, 10 गुने से भी ज्यादा! यूपीए की 10 साल की सरकार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3800 किलोमीटर ग्रामीण सडकें बनाईं गईं। जबकि 2014 के बाद सिर्फ सात सालों में 13,500 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा हुआ है। डबल इंजन सरकार 'चार धाम रोड प्रोजेक्ट' के लिए 12 हजार करोड़ रुपए दे चुकी है, 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन पर सैकड़ों करोड़ रुपए सरकार ने खर्च किए हैं।”

उत्तराखंड में पर्यटन बढ़ाने के लिए सरकार की तैयारियों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड के पर्यटन और तीर्थाटन उद्योग को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से बहुत बल मिलेगा। उत्तराखंड से दिल्ली की दूरी बहुत कम हो रही है। इस बजट में भी उत्तराखंड के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को और बल दिया गया है। पर्वतमाला प्रोजेक्ट से उत्तराखंड की सड़कें और आधुनिक होने वाली है। यहां के महत्वपूर्ण तीर्थों, मंदिरों और पर्यटक स्थलों को रोपवे से जोड़ने पर स्थानीय लोगों को सुविधा भी मिलेगी और रोजगार भी मिलेगा। नैनीताल के नजदीक के हनुमान गढ़ी मन्दिर को भी रोपवे से जोड़ने पर विचार चल रहा है। हेमकुंड साहब में भी रोपवे बनेगा। वैली ऑफ फ्लावर्स आने-जाने में भी इससे सुविधा होगी।”

पीएम मोदी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा, “हर वर्ग और संप्रदाय के लिए, देश की पहली राष्ट्रीय डिजिटल यूनिवर्सिटी की घोषणा बजट में की गई है। इस डिजिटल यूनिवर्सिटी का बड़ा लाभ उत्तराखंड जैसे पहाड़ी प्रदेश को होगा। अच्छी पढ़ाई के लिए बड़े शहरों में जाने की मजबूरी इससे कम होगी। यही तो 21वीं सदी की नई सोच और अप्रोच है। यही नहीं मेडिकल सीटों में भी कई गुणा बढ़ोतरी की गई है। उत्तराखंड में भी मेडिकल कॉलेज का विस्तार किया जा रहा है। पहले ऋषिकेश को एम्स की सौगात मिली, अब एम्स जैसा इलाज ऊधमसिंह नगर में भी मिलेगा। कांग्रेस और बीजेपी के काम में इसे स्पष्ट अंतर को आज उत्तराखंड का युवा समझ रहा है। इसलिए वो डबल इंजन की सरकार को भारी समर्थन दे रहा है।“

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा पर अटूट विश्वास की वजह से ही, उत्तराखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड के विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पीएम मोदी ने कहा, “सरकार जल-जीवन मिशन के जरिए हर घर जल पहुंचा रही है। आज प्रदेश के लाखों घरों तक पाइप से पानी पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से गरीबों के लिए घर भी बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना के तहत गरीबों का मुफ्त इलाज हो रहा है। डबल इंजन की सरकार का मंत्र है- 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, और सबका प्रयास'। हम सबको लेकर काम करते हैं और सबके लिए काम करते हैं।“

पीएम मोदी ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर बात करते हुए छोटे किसानों का खास तौर पर जिक्र किया, उन्होंने कहा,” पहले पहाड़ों के छोटे किसानों के बारे में सोचा भी नहीं जाता था। लेकिन आज पीएम-किसान निधि के तहत दिया गया पैसा सीधा हर किसान के खाते में पहुंच रहा है। जब कृषि इनफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होता है और नए क्लस्टर बनाए जाते हैं, तो इस बात का ख्याल रखा जाता है कि उसका लाभ पहाड़ के किसानों को भी मिले। इस बजट में नेचुरल खेती के लिए बहुत बड़ा कदम उठाया गया है। गंगा जी के दोनों किनारों पर 5 किलोमीटर के दायरे में केमिकल फ्री खेती के लिए बड़े स्तर पर नई शुरुआत की जा रही है। इसका लाभ उत्तराखंड के किसानों को विशेष रूप से होने वाला है।”

अपने संबोधन के आखिर में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड वो तपोभूमि है जहां पूरी दुनिया से लोग सिद्धि के लिए आते हैं। जब अच्छे संकल्प से कोई यज्ञ होता है तो कुछ छल-छलावे वाली शक्तियां उसमें बाधा डालने की फिराक में भी रहती हैं। इनके मंसूबों को हमें पूरा नहीं होने देना है। हमें उत्तराखंड के विकास का यज्ञ पूर्ण सिद्धि तक ले जाना है। यही संकल्प लेकर 14 तारीख को घर से निकलना है। पहले मतदान, फिर जलपान, ये मंत्र ध्यान रखना है।



पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
Teachers: The artists of education

Media Coverage

Teachers: The artists of education
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
सोशल मीडिया कॉर्नर 7 सितंबर 2026
September 07, 2026

Vasudhaiva Kutumbakam in Action: Tech Hub, Border Villages, Global Leadership by PM Modi