हमें दीनदयाल जी के बारे में जो सबसे पहली चीज याद है वो उनकी सादगी है: प्रधानमंत्री
बेहद कम समय में, एक पार्टी ने 'विपक्ष' से 'विकल्प' तक का सफर तय किया और यह दीनदयाल जी द्वारा रखे गए नींव की वजह से था: प्रधानमंत्री
संगठन युक्त राजनीतिक पार्टियां दीनदयाल जी के योगदान की देन हैं: प्रधानमंत्री
दीनदयाल जी ने 'कार्यकर्ता निर्माण' को प्रोत्साहन दिया। उनसे प्रेरित कार्यकर्ता पार्टी केंद्रित रहे हैं और पार्टी राष्ट्र केंद्रित: प्रधानमंत्री

परम आदरणीय भैया जी जोशी, श्री अमित शाह, डॉ महेश चंद्र शर्मा, श्री राम बहादुर राय, श्रीमान जवाहर लाल कौल, श्रीमान अच्युतानंद मिश्र जी, प्रभात जी, अतुल जी और उपस्थित सभी वरिष्ठ महानुभाव, भाईयों और बहनों... पूरा देश नवरात्रि का त्यौहार शक्ति पर्व के रूप में मना रहा है। विचार अपने आप में एक बहुत बड़ी शक्ति होता है और उस विचार यात्रा का संपुट आज हमें प्रसाद के रूप में मिला है। मैं आप सबका हृदय से बहुत आभारी हूं इस प्रसाद के लिए। हम आने वाले दिनों में विजयादशमी मनाने वाले हैं, ये विजयादशमी देश के लिए बहुत ख़ास है। विजयादशमी के लिए मेरी सभी देश वासियों के लिए बहुत-बहुत शुभ कामनाएं हैं। आज हम... सबसे पहले तो मैं महेश जी को बहुत बधाई देना चाहता हूं, उनकी टीम को बधाई देना चाहता हूं। सामान्य रूप से सार्वजनिक जीवन में कोई व्यक्ति हो तो उनके विषय में कुछ लिखना सरल होता है क्योंकि चीज़ें उपलब्ध होती हैं। लेकिन ऐसा व्यक्ति...जिसका जीवन सार्वजनिक रहा हो, लेकिन ट्रेन के डिब्बे में बगल में बैठा हुआ भी पहचानता नहीं था कि ये इंसान कौन है। ऐसा स्वयं को पूर्णतया समर्पित जीवन जीना जिसने अपनी कोई पहचान कहीं छोड़नी नहीं... इस भूमिका से जीना और ऐसे व्यक्ति के संबंध में तीस साल तक लगातार उनके हर साथी से पूछते-पूछते कि भैया कुछ तो बताओ तुम भी तो दीन दयाल जी के साथ थे, कैसे थे, क्या करते थे, क्या बोलते थे, कहीं लिखा हुआ है क्या, चिट्ठी है क्या? मैं मानता हूं एक बड़ा भगीरथ काम किया है आप लोगों ने, भगीरथ काम किया है। और इसलिए और जब ये पंद्रह खंड और जीवन का कालखंड बड़ा नहीं था। बहुत छोटा था पचास साल के आयु का... लेकिन इतने छोटे से कालखंड में हमें इतना बड़ा वैचारिक अधिष्ठान देकर के दीनदयाल जी गये, ये पंद्रह ग्रंथ एक प्रकार से पंडित जी की जीवन यात्रा, पंडित जी की विचार यात्रा, और पंडित जी की संकल्प यात्रा की त्रिवेणी है। और आज का ये पल इस त्रिवेणी यात्रा को चरणामृत लेने का पर्व है, ये अवसर है। पंडित जी के जीवन में सादगी...मैं समझता हूं कि कोई भी पंडित की बात करेगा तो सबसे पहले सादगी की छवि उभर कर के आती है। मुझे तो पंडित जी के दर्शन करने का सौभाग्य नहीं मिला। जब उनकी हत्या हुई तो अख़बार के हेडलाइन पर थी। हम स्कूल में पढ़ते थे उस समय पहली बार ध्यान गया था इस महापुरुष की तरफ। लेकिन यहां बहुत लोग बैठे हैं जिनको पंडित जी को निकट से देखने का, सुनने का, बात करने का साथ में काम करने का सौभाग्य मिला है। अब कल्पना कर सकता है कोई, इतने कम समय में, राजनीतिक जीवन में एक राजनीतिक विचार, एक राजनीतिक व्यवस्था, एक राजनीतिक दल, विपक्ष से लेकर विकल्प तक की यात्रा को पार का ले। ये छोटी सिद्धी नहीं है। और ये विपक्ष से विकल्प तक की यात्रा संभव इसलिए बनी है कि पंडित जी ने जिस विचार ब्रिज से फाउंडेशन तैयार किया था जो नींव डाली थी उसी का परिपाक है कि आज विपक्ष से यात्रा विकल्प तक हम विश्व के सामने प्रस्तुत कर पाए। हमारे देश में राजनीतिक दलों के रूप-रंग भली-भांति हम जानते हैं।

लेकिन ये पंडित जी का एक बहुत बड़ा योगदान रहा है कि उन्होंने...संगठन आधारित राजनीतिक दल का एक पर्याय देश में खड़ा किया है। कुछ ही मुठ्ठी भर लोगों के द्वारा चलने वाला दल नहीं, संगठन के आधार पर चलने वाला राजनीतिक दल और भारत में भारतीय जनसंघ से लेकर के भारतीय जनता पार्टी तक संगठन आधारित राजनीतिक दल...ये उसकी अपनी अलग पहचान देता है। और उसका श्रेय उस समय के मनिषी जिन्होंने इस संरचना को आगे बढ़ाया उसमें प्रमुख भूमिका पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की रही। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को तो देश और दुनिया जानती थी, उनके व्यक्तित्व से परिचित थी, पंडित नेहरू के मंत्रिपरिषद में वे अपनी अहम भूमिका निभा रहे थे लेकिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी कहते थे, दीनदयाल जी को अपने साथ पा करके कि...अगर मेरे पास एक और दीनदयाल (दो दीनदयाल) हों तो मैं हिन्दुस्तान की राजनीति का चरित्र बदल सकता हूं। इस देश में कांग्रेस का शासन ही रहेगा.. कांग्रेस ही चलेगी यहि एक माहौल था...पंडित नेहरू थे तो तब तक तो कोई अलग विचार भी नहीं आता था और आता था तो इतना आता था कि नेहरू के बाद कौन। यही विचार चलता था देश में...नेहरू के बाद क्या...ये विचार नहीं चलता था, नेहरू के बाद कौन यही विचार चलता था देश में। उस समय हम छोटे थे, अखबारों में पढ़ते थे यही आता था कि नेहरू के बाद कौन। हिन्दुस्तान में बाईलाइन कोई राजनीतिक दल पनपे ही नहीं थे। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक एक ही राजनीतिक दल की व्यवस्था थी। अचानक 62 से 67 के बीच एक ऐसा वैक्यूम क्रिएट होने लगा कि देश के सामने सवाल खड़ा हुआ था कि इस वैक्यूम को कौन भरेगा। कांग्रेस बहुत तेज गति से अपनी स्थिति में गिरावट अनुभव कर रही थी, अन्य राजनीतिक दलों का समूह अभी खड़ा नहीं हुआ था, एक ऑल्टरनेट तो था ही नहीं, एक बहुत बड़े वैक्यूम का वो कालखंड था। पंडित जी के राजनीतिक कौशल्य को समझने के लिए 62 से 67 का जो कालखंड है वो भली-भांति बहुत बड़ा मूल्य रखता है। क्योंकि राममनोहर लोहिया जी ने कहा था...राममनोहर लोहिया जी ने कहा था कि जब 67 में कई राज्यों में कांग्रेस ने अपना शासन खोया, जनता कांग्रेस के खिलाफ जो मिले उसे पसंद करना चाहती थी। उस समय लोहिया जी ने कहा है कि ये दीनदयाल उपाध्याय जी की विशाल दृष्टि का परिणाम था कि राजनीकित दलों का समूह एकत्र आया... संयुक्त विधायक दल बना और एक ऑल्टरनेट गवर्मेंट देने का प्रयास इस देश में हुआ। लोहिया जी कहते हैं कि पंडित दीनदयाल जी उपाध्याय की ये विशाल दृष्टिकोण का परिणाम था कि देश में ये हुआ। और उसके बाद हम देख रहे हैं कि राजनीतिक मानचित्र पर अनेक दल उभरे लेकिन फिर भी लंबे अरसे तक दलों के समूह एकत्र हो करके ही देश की भलाई के लिए प्रयास करें...ये चलता रहा।

दीनदयाल जी की और एक विशेषता रही है, उन्होंने कार्यकर्ता के निर्माण पर बल दिया। राजनीतिक कार्यकर्ताओं की एक नई श्रेणी तैयार हो। जिसका कोई राजनीतिक गोत्र न हो...ऐसा एक स्वतंत्र चिंतन वाला, राष्ट्रभक्ति से प्रेरित, समाज को समर्पित, कार्यकर्ताओं का समूह, इससे बना हुआ संगठन और उस संगठन से राजनीति जीवन में पदार्पण। और इसलिए उन्होंने पूरी शक्ति...संगठन को वैचारिक अधिष्ठान देने में, कार्यकर्ता के निर्माण में, संगठन के विस्तार में अपने जीवन का अधिकतम कार्यकाल खपा दिया। और इसलिए ये एक ऐसा राजनीतिक दल जिसका कार्यकर्ता... संगठन केन्द्रीय है और जो संगठन राष्ट्र केन्द्रीय है, ऐसी एक व्यवस्था पंडितजी ने देश को दी है। और आज हम देख रहे हैं की जहां भी हम लोगों को कार्य करने का अवसर मिला है, उसका तुलनात्मक अभ्यास कोई भी कर ले, और मैं तो चाहूंगा हिंदुस्तान के जो विश्लेषक वर्ग है, उसने इस देश में पिछले 50 वर्षों में...जितने-जितने राजनैतिक दलों को शासन में आ कर के सेवा करने का मौका मिला है, उनके कार्यकाल का कोई 25-50 प्वाइंट लेकर के एवल्यूशन, हर एक का निश्चित प्वाइंट पर एवल्यूशन हो, एक कंपरेटिव स्टडी आना चाहिए देश में, कि कौन राजनीतिक दल को सत्ता में आने के बाद क्या-क्या होता है और कौन क्या-क्या करता है?

मैं बड़े विश्वास से कह सकता हूँ कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने अपने पसीने से और जीवन का अंतकाल को देखूं तो मैं कहूंगा अपने खून से...जिस दल को सींचा है, जिस विचार को पनपाया है, वो तपस्या आज भी इस कसौटी पर खरी उतरने के लिए सामर्थ्यवान है, ये विश्वास से हम कह सकते हैं।

भारत इतना बड़ा विशाल देश है। कभी-कभी जब परंपरा की बात करते हैं तो कुछ लोगों को बातें बहुत एक सीमित अर्थ में समझ में आती हैं, तब बड़ी गलती हो जाती है। पंडित जी का एक क्वोट मैं पढ़ना चाहता हूं, उससे समझ में आएगा की किस प्रकार से हम लोगों के चिंतन की धारा रही है। उन्होंने एक जगह पर लिखा है “ज्ञान, विज्ञान और संस्कृति सभी क्षेत्रों में अपने जीवन के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह हम स्वीकार करेंगे। हम नवीनता के विरोधी नहीं और न प्राचीनता के नाम पर रूढ़ियाँ और मृत परंपराओं के हम अंध उपासक हैं।” ये हमारी मूलभूत सोच है, हम नित्य-निरंतर नवीन प्रवाह, विचार प्रवाह को स्वीकार करने वाले लोग हैं। राष्ट्र की आवश्यकता के अनुसार, समाज की आवश्यकता के अनुसार, हम अपने आप को ढालने वाले लोग हैं और तभी तो जाकर के इतने कम समय में, विपक्ष से लेकर के विकल्प तक की यात्रा में, हिंदुस्तान के सवा सौ करोड़ देशवासियों का विश्वास जीत पाए।

हमारे देश में पंडितजी के विचार चिंतन में उन बातों का अर्क है, जो वेद से विवेकानंद तक...हम सुनते आये है। जो सुदर्शन चक्रधारी मोहन से लेकर के चरखाधारी मोहन तक सुनते आये हैं...। उन सारे विचारों का अर्क पंडितजी ने आधुनिक सन्दर्भ में प्रस्तुत करके...नई व्यवस्थाएं क्या हों उसके लिए मार्गदर्शन किया है।

और इसलिए उनका आग्रह रहता था कि भारत की जड़ों से जुडी हुई राजनीति ही, भारत की जड़ों से जुडी हुई अर्थनीति ही, भारत के जड़ों से जुडी हुई समाजनीति ही, भारत के भाग्य को बदलने का सर्वाधिक सामर्थ्य रखे हुए है। और दुनिया में कोई भी समाज अपनी जड़ें काट कर के बड़ा हुआ हो ऐसा दुनिया में कोई उदाहरण नहीं है। आवश्यकता के अनुसार अपने मूलभूत सामर्थ्य के बीच नयी चीज़ों को स्वीकारना सरल होता है, लेकिन अगर हम दुर्बल हैं तो कितना ही अच्छा हम लेंगे, शायद पचा नहीं पाएंगे। किसी बीमार व्यक्ति को अच्छा खाना दिया जाये तो वो और बीमार हो जाता है। और इसीलिए सबसे पहली शर्त पर वो बल देते थे की हमें अपने आप को समर्थ बनाना पड़ेगा और जब वो सामर्थ्य की बात करते थे तो साफ़-साफ़ कहते थे कि व्यक्ति प्रतिभा-संपन्न हो, सामर्थ्यशाली हो, परिवार एकरस हो, परिवार सामर्थ्यमय हो। वे कहते थे...समाज समान अधिष्ठान पर विविधताओं से भरा हुआ संकल्पबद्ध होना चाहिए। वे कहते थे राष्ट्र में जो सेना है, वो सेना अत्यंत ही अत्यंत सामर्थ्यवान होनी चाहिए और तब जाकर के राष्ट्र सामर्थ्यवान बनता है। व्यक्ति से लेकर के राष्ट्र तक वे सामर्थ्यवान, बलशाली और बलशाली का मतलब किसी के लिए नहीं, किसी के विपक्ष में नहीं, हम अगर सुबह घंटा भर कोई एक्सरसाइज करता है तो पडोसी को डरने की ज़रूरत नहीं है कि भई वो मेरे लिए कर रहा है वो अपनी एक्सरसाइज अपने स्वास्थ्य के लिए करता है जी। तो हमारा यही रहा है कि भई हमारा देश सामर्थ्यवान होना चाहिए, शक्तिवान होना चाहिए। आज विश्व-स्पर्धा का युग है। कोई एक ज़माना था जब विश्व दो हिस्सों में बंटा हुआ था ये कैंप, वो कैंप, या तो आप यहाँ रहिये या वहां रहिये ज्यादा से ज्यादा आप कह सकते थे कि हम न्यूट्रल हैं। लेकिन मामला तो वही था।

आज विश्व इन्टर-डिपेंडेंट हो गया है। किसी के साथ दस मुद्दों पर विवाद होगा तो चार मुद्दों पर सहमति होगी, चार मुद्दों पर चलते होंगे, दस मुद्दों पर चलने के लिए सोचते होंगे... ये स्थिति है। ऐसे समय में भारत ने अपने मूलभूत चिंतन के आधार पर विश्व की अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए अपने आप को सामर्थ्यवान बनाना समय की मांग है और उस मांग को पूरा करने के लिए सवा सौ करोड़ देशवासियों ने कर्तव्यबोध के साथ... संकल्प के साथ उसकी परिपूर्ति के लिए प्रयास अविरत रूप से करना अनिवार्य हो गया है। पंडितजी के पूरे चिंतन में गरीब उनके केंद्र-बिंदु में था। वे किसी आर्थिक व्यवस्था में ऊपर से नीचे की तरफ जाने के प्रस्कार नहीं थे, वे हर दिन कहते थे कि अर्थव्यवस्थाओं की रचना नीचे से ऊपर की ओर होनी चाहिए। गाँव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित हमारी सारी योजनाओं के केंद्र में वही होना चाहिए और उसका कल्याण...यही हमारे केंद्र मंन होना चाहिए और तभी जाकर के हम देश में परिवर्तन ला सकते हैं। ये ठीक है कि ये अंतर्द्वंद चलता रहेगा, जिसको कुछ मिला है उसकी अधिक पाने की आस ज्यादा जगी है, लेकिन जिसको कुछ नहीं मिला है जब तक उसको मिलेगा नहीं, ये मध्यम स्थान पर खड़े हुए लोग जो अधिक पाने की आस करते हैं वहां रुकावट आ जाएगी, ठहराव आ जाएगा। उनको भी आगे जाना है तो नीचे को ऊपर लाना ही पड़ेगा तब जाकर के जो ऊपर हैं वे ज्यादा ऊपर जा पाएँगे और इसलिए हमारे विकास-यात्रा के सारे प्रवाह हमें उस दिशा में ले जाने हैं जहाँ पर हम गरीब को एम्पावर करे, उसका सशक्तिकरण करे और गरीब ही हमारी गरीबी के खिलाफ लड़ाई का एक बहुत बड़ा फौजी बन जाये हम सभी मिलकर गरीबी से मुक्त भारत बनाने की दिशा में काम कर पाएं।

और पंडितजी के जो सपने हैं और जब ये शताब्दी वर्ष है भारत सरकार ने गरीब कल्याण वर्ष के रूप में उसको मनाना तय किया है। और इसके कारण सरकार के सभी विभाग, सरकार के सभी निर्णय इस बात को भूल नहीं सकते अब कि ये गरीब कल्याण वर्ष है, आपके विचार, काम, कार्यक्रम में गरीब कहाँ है, बताओ? पूरी सरकार की सोच बदलने के लिए ये पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म-शती वर्ष सभी लोगों को गरीब-केन्द्रित योजनाएं बनाने के लिए प्रेरित करने वाला एक शुभ अवसर के रूप में हमने इसको मनाया है। समाज में हर प्रकार का सामर्थ्य पैदा हो, पंडितजी एक सप्त-जाह्नवी की चर्चा करते थे अपनी बातों में और वो कहते थे सप्त गंगा... वो कहते थे भारत के वैभव के लिए सात आदर्श...की वो वकालत करते थे। उन सात आदर्शों में वो कहते थे... एकरसता, कर्मठता, समानता, सम्पन्नता, ज्ञान, सुख और शांति। इन सप्तधाराओं से हम भारत को वैभवी बना सकते हैं। कर्मठता हम छोड़ नहीं सकते। यह देश विविधताओं से भरा हुआ है और यही उसकी खूबसूरती है। हम भाग्यवान हैं कि सौ से ज़्यादा भाषाएं हों, सत्रह सौ से ज़्यादा बोलियां हों... दुनिया का हर सम्प्रदाय यहां मौज़ूद हो... इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है ये इस देश की ये बहुत बड़ी अमानत है और एकरस समाज... यही तो पंडित जी का सपना था, जहां मन-मुटाव न हो, भेद-भाव न हो... शोषण की कल्पना तक न हो। ऐसे समाज की कल्पना लेकर के ही हम सबको अपना राजनीतिक चिंतन और वही राष्ट्र भक्ति है... उसको हमें आगे बढ़ाना होगा।

कोई कल्पना कर सकता है। मैं बहुत छोटा था लेकिन मैंने सुना है गुजरात में... उस समय शायद एक स्वतंत्र पक्ष बना था और पक्ष का तर्क उन्होंने दिया था कि प फॉर ‘पटेल’ और क्ष फॉर ‘क्षत्रिय’...ऐसा करके....और बड़े-बड़े राज परिवार के लोग उसका नेतृत्व करते थे। बसाणी साहेब जैसे बड़े नेता लोग थे तो गुजरात में जनसंघ नाम की एक इकाई चलती थी तो उनके साथ चुनाव समझौते के लिए मीटिंग होती थी... तो पहले तो मीटिंग यानि की कोई पहचानता नहीं था...कि जनसंघ के तो कार्यकर्ताओं का नाम कभी अखबार में नहीं आया...दीवार.. कभी फोटो न छपी हो तो उनको कौन पहचानेगा। लेकिन वो मीटिंग में जाते थे तो उस समय गुजरात में भाई टाटा करके स्वतंत्र पार्टी के नेता थे। तो जनसंघ के लोगों ने कहा कि भई हम चुनाव में आपका साथ देने के लिए तैयार हैं, हमें इतनी सीटें दो... हम लड़ेंगे आपके साथ... तो हंस पड़े उन्होंने जनसंघ के नेताओं के सामने कहा क्या दीवारों पर दीपक पेन्ट करने से चुनाव जीत जाओगे क्या...ऐसा मज़ाक उड़ाया था यानि उस समय हम कुछ नहीं थे... कुछ नहीं थे। लेकिन ये दीनदयाल जी का सामर्थ्य देखिए जब तक विजय का विश्वास न हो और वो एक जमाना था जनसंघ के कार्यकर्ता चुनाव लड़ते थे तो जिसकी जमानत बच जाए उन पैसों से पार्टी करते थे, महफिल बनाते थे।

ये विचार के प्रति प्रतिबद्धता के बिना संभव नहीं है। पर आज के समय में भी एक-आद की यदि जमानत बच जाए तो उन पैसे से सब मिलकर के महफिल बनाएं, अपने विचार के प्रति कितनी अद्भुत श्रद्धा होगी, तब ये मिज़ाज बनता है और इसका मूल कारण था, पंडित जी कहते थे उन्होंने बहुत अच्छा वाक्य कहा था- “विजय का विश्वास है, तपस्या का निश्चय लेकर के चलें।” आज भी पंडित जी के वो शब्द हमारे लिए उतने ही मायने रखते हैं। विजय में विश्वास है लेकिन तपस्या में कमी नहीं आनी चाहिए। पंडित जी ने कहा था चरैइवेति, चरैइवेति, चरैईवेति... चलते रहो... चलते रहो... चलते रहो... ये जो पंडित जी ने हमें सिखाया है ये आज भी उतना ही सार्थक है। उसे लेकर के हमें चलना है। मैं फिर एक बार पंडित जी के श्री चरणों में प्रणाम करते हुए इस महान विचार यात्रा को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हम सब परिश्रम की पराकाष्ठा करें। मां भारती की सेवा करने का हमें जहां भी जो भी अवसर मिले.. हमारा अपना खुद का सबकुछ इस मां-भारती के गरीब से गरीब के कल्याण के लिए खपा दें। इसी एक संकल्प के द्वारा इस शताब्दी के हम पर्व को मनाएं। मेरी आप सबको शुभकामनाएं। आपके बीच आने का अवसर मिला। मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं।

धन्यवाद

Explore More
आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी

लोकप्रिय भाषण

आज सम्पूर्ण भारत, सम्पूर्ण विश्व राममय है: अयोध्या में ध्वजारोहण उत्सव में पीएम मोदी
 PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs

Media Coverage

PLI schemes attract over Rs 2.16 lakh crore investment, generate 14.39 lakh jobs
NM on the go

Nm on the go

Always be the first to hear from the PM. Get the App Now!
...
उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में शामिल: जेवर में पीएम मोदी
March 28, 2026
नोएडा अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तन के प्रथम चरण का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की विकास गाथा और भारत के विमानन भविष्य में एक महत्वपूर्ण कदम है: प्रधानमंत्री
उत्तर प्रदेश अब भारत में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय विमान पत्तनों वाले राज्यों में से एक बन गया है: प्रधानमंत्री
विमान पत्तन किसी भी देश में केवल बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, वे प्रगति को उड़ान देते हैं: प्रधानमंत्री
हमारी सरकार एक विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश कर रही है: प्रधानमंत्री

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

भारत माता की जय।

उद्धघाटन हो गया? उद्धघाटन हो गया? नहीं, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ वो पर्दा हटाया है, लेकिन मैं आज चाहता हूं इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन यहां जो भी उपस्थित हैं, आप सब करें, और इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिये, अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाईट कीजिए और आपका इसका उद्धघाटन कर रहे हैं। आप दीया जलाकर के यहां उपस्थित हर व्यक्ति, आज इस एयरपोर्ट का उद्धघाटन कर रहा है। ये आपकी अमानत है, ये आपका भविष्य है, ये आपका पुरूषार्थ है और इसलिए इसका उद्धघाटन भी आपके हाथों से हो रहा है, आप अपने भारत माता की जय बोलकर के, हाथ ऊपर करके, फ्लैश लाईट पूरी तरह से दिखाइये। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। भारत माता जी जय। बहुत-बहुत धन्यवाद। अब उद्धघाटन हो गया।

उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्रिमंडल के मेरे सहयोगी श्री राममोहन नायडू जी, पंकज चौधरी जी, ज्यूरिक एयरपोर्ट के चेयरमैन जोसेफ फेल्डर जी, अन्य मंत्रिगण, सांसद, विधायक, अन्य महानुभाव और मेरे प्यारे भाइयों और बहनों।

मैं देख रहा हूं, आज जहां भी मेरी नजर पड़ रही है, सारे युवा मुझे नजर आ रहे हैं, उत्साह से भरे युवा हैं, जोश से भरे हुए युवा हैं, क्योंकि इन युवाओं को पता है, ये जो काम हो रहा है ना, ये नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम हो रहा है। आज हम विकसित यूपी-विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश, आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। और आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्धघाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया, लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों से उद्धघाटन करवा दिया। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।

साथियों,

नोएडा का ये एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद, इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिन्दुस्तान को और उत्तर प्रदेश को तो होना ही होना है। ये एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए, अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही, ये विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं उत्तर प्रदेश को, विशेष रूप से पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

साथियों,

आज का ये कार्यक्रम, भारत के नए मिज़ाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल-डीज़ल-गैस, खाद, ऐसी कई ज़रूरी चीज़ों का चारो तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है, प्रयास कर रहा है। और हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है, देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रह है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता रहा है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई-बहनों पर, इस संकट का बोझ न पड़े।

साथियों,

संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज़ विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ही बात करुं, तो पिछले कुछ सप्ताह में ही, ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में, इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ, इसी कालखड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो-भारत ट्रेन ने गति पकड़ी, इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया, और इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्धघाटन भी हो गया।

साथियों,

ये सारे प्रोजेक्ट्स, यूपी के विकास के लिए, डबल इंजन सरकार के प्रयासों का शानदार उदाहरण हैं। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बना रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल, तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है। और ये हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। और आपने अभी वीडियो में देखा, ये ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा, हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा। पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का ATM बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।

साथियों,

जेवर का ये एयरपोर्ट, डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है। अब आप सोचिये, इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने 2003 में ही फाइल में मंजूरी दे दी थी। 2003 में, आपमें से बहुत होंगे जिसका जन्म नहीं हुआ होगा, बहुत वो लोग होंगे जो उस समय 25-30 साल के 35 साल के हुए होंगे और आज रिटायर भी हो गए, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरु के दो-तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-NDA की सरकार बनी, दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरु भी हो गया है।

साथियों,

एयरपोर्ट के अलावा ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर्स का भी हब बन रहा है। ये फ्रेट कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं। इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। और दादरी वो स्थान है जहां ये दोनों कॉरिडोर्स आपस में मिलते हैं। यानी यहां किसान जो उगाते हैं, यहां उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से, हवाई मार्ग से, दुनिया के कोने-कोने तक तेज़ी से जा पाएगा। ऐसी मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के कारण, यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है।

साथियों,

जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए और मुझे भी डराने की लोगों ने कोशिश की, कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अर्से तक सेवा करने का मौका देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। ये पूरा क्षेत्र, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

साथियों,

इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में, खेती-किसानी का बहुत महत्व है। मैं आज उन मेरे किसान भाई-बहनों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी है। उन किसानों के लिए जोरदार तालियां बजाइये दोस्तों, मेरे किसान भाई-बहनों के लिए जोरदार तालियां बजाइये। मेरे किसान भाई-बहन, आपके इस योगदान से ही, इस पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरु होने जा रहा है। आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और बल मिलेगा। अब यहां के कृषि उत्पाद दुनिया के बाज़ारों में और बेहतर तरीके से जा पाएंगे।

साथियों,

यहां मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल, कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। अगर इथेनॉल का उत्पादन ना बढ़ता, पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिंग ना बढ़ती, तो देश को हर वर्ष साढ़े चार करोड़ बैरल, साढ़े चार करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता। किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है।

साथियों,

इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है, किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है। इससे करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा बची है। यानी इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना जय था। बीते वर्षों में इतना सारा पैसा, देश के किसानों को मिला है, गन्ना किसानों को मिला है।

साथियों,

यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई-कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था। लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों की स्थिति बेहतर हुई है।

साथियों,

किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होता। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले, देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे। आज 160 से अधिक एयरपोर्ट्स देश में हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार ने, सामान्य भारतीय के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेज़ी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर सत्रह कर दी है।

साथियों,

भाजपा सरकार का निंरतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे। इसलिए, हमने उड़ान योजना शुरु की थी। इस स्कीम के कारण, बीते कुछ सालों में एक करोड़ साठ लाख से अधिक देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है। और मैं आपको एक और जानकारी देना चाहता हूं। हाल में ही केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है। इसके लिए लगभग 29 हज़ार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। आने वाले वर्षों में इसके तहत, छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है। यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा।

साथियों,

भारत का एविएशन सेक्टर, बहुत तेज़ से गति और विकास कर रहा है। जैसे-जैसे भारत में नए-नए एयरपोर्ट बन रहे हैं, वैसे-वैसे नए हवाई जहाज़ों की ज़रूरत भी बढ़ती जा रही है। इसलिए देश की अलग-अलग एयरलाइन्स ने सैकड़ों नए जहाजों के ऑर्डर दिए हैं। ये जो नई सुविधाएं हैं, नए जहाज आ रहे हैं, इनको उड़ाने वाले, इनमें सर्विस देने वाले, मेंटनेस से जुड़े, ऐसे हर काम के लिए बहुत बड़ी संख्या में वर्कफोर्स की ज़रूरत रहेगी। ये युवाओं के लिए बहुत बड़ा अवसर है। इसलिए हमारी सरकार, एविएशन सेक्टर में ट्रेनिंग की सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है।

साथियों,

आप जब अपनी कोई गाड़ी खरीदते हैं, तो ये जरूर देखते हैं कि उस गाड़ी बनाने वाली कंपनी का सर्विसिंग सेंटर आसपास है या नहीं है। आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि हमारे देश में हवाई जहाजों की सर्विसिंग, यानी उनके मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल की पुख्ता व्यवस्थाएं ही नहीं थीं। भारत के 85 एयरपोर्ट, 85 परसेंट हवाई जहाजों को आज भी मैंटनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल यानी MRO के लिए, इस काम के लिए विदेश भेजना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने ठाना है कि MRO सेक्टर में भी भारत को आत्मनिर्भर बनाएंगे। अब भारत में ही, बहुत बड़े पैमाने पर MRO सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आज यहां जेवर में भी MRO सुविधा का शिलान्यास हुआ है। ये सुविधा जब तैयार हो जाएगी, तो ये देश-विदेश के विमानों को सेवा देगी। इससे देश को कमाई भी होगी, हमारा पैसा भी देश में ही रहेगा, और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे।

साथियों,

आज हमारी सरकार की प्राथमिकता देश के नागरिकों की सुविधा है। देश के नागरिक का समय बचे और उसकी जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े, ये हमारा लक्ष्य है। मेट्रो और वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का इसी भाव से ही विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल, इसका कितना फायदा हो रहा है, ये भी हम सब देख रहे हें। अभी तक नमो भारत, ढाई करोड़ से अधिक लोग सफर कर चुके हैं। दिल्ली-मेरठ के जिस सफर में पहले घंटों लग जाते थे, अब वो सफर मिनटों में ही पूरा हो रहा है।

साथियों,

विकसित भारत के विकसित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमारी सरकार अभूतपूर्व निवेश कर रही है। बीते 11 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट छह गुणा से अधिक बढ़ाया गया है। इन वर्षों में 17 लाख करोड़ रुपये हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खर्च किए गए हैं, एक लाख किलोमीटर से अधिक के हाईवे का निर्माण किया गया है। 2014 तक रेलवे में सिर्फ 20 हजार किलोमीटर रूट का बिजलीकरण हुआ था। जबकि 2014 के बाद से 40 हजार किलोमीटर से ज्यादा रेलवे ट्रैक का बिजलीकरण किया गया है। आज ब्रॉडगेज नेटवर्क का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण हो चुका है। आज कश्मीर घाटी हो या नॉर्थ ईस्ट की राजधानियां, ये पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ रही हैं। पोर्ट यानी बंदरगाहों की क्षमता, बीते दशक में दोगुने से अधिक हुई है। देश में नदी जलमार्गों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी हर क्षेत्र में भारत तेज़ी से काम कर रहा है।

साथियों,

विकसित भारत बनाने के लिए सबका प्रयास बहुत ज़रूरी है। ये आवश्यक है कि 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करे, और वैश्विक संकटों का एकजुट होकर सामना करें। अभी जो युद्ध चल रहा है, इससे पैदा हुए संकटों का सामना कैसे करना है, इसके बारे में मैंने संसद में भी विस्तार से बताया है। मेरी कल देश के सभी मुख्यमंत्रियों से भी लंबी चर्चा हुई है और बड़ी सकारात्मक चर्चा हुई है। मैं आज आप सभी जनता-जनार्दन से फिर कहूंगा, मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा। हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ, मिल जुलकर के, इस संकट का सामना करना है। ये पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है। और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है। मैं यूपी के, देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं, विनती पूर्वक कहना चाहता हूं, इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं। जो भारतीयों के हक में है, जो भारत के हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। राजनीति के लिए गलत बयानबाज़ी करने वाले, राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे, लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती। कोरोना के महासंकट के दौरान भी, कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाईं, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले, ताकि सरकार का काम मुश्किल हो, देश को नुकसान हो। परिणाम क्या हुआ? जनता ने चुनावों के दौरान ऐसी राजनीति को नकार दिया, ठुकरा दिया। मुझे पूरा भरोसा है, कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे, ताकत देंगे। इसी आग्रह के साथ, एक बार फिर से उत्तर प्रदेश को इस शानदार एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

मेरे साथ बोलिये-

भारत माता की जय!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

वंदे मातरम्!

बहुत-बहुत धन्यवाद।