मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 26 अक्टूबर, 2025 को 22वें आसियान (एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशंस) - भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअली शामिल होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और आसियान नेता मिलकर आसियान-भारत संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए पहलों पर चर्चा करेंगे। आसियान के साथ संबंधों को मजबूत करना हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी और हमारे इंडो-पैसिफिक विजन का एक मुख्य स्तंभ है।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 27 अक्टूबर, 2025 को कुआलालंपुर, मलेशिया में 20वें ईस्ट एशिया समिट में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का प्रतिनिधित्व करेंगे। ईस्ट एशिया समिट इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के सामने आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने और क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगा।


